एशिया कप 2025: बांग्लादेश को 41 रन से हराकर फ़ाइनल में पहुंची टीम इंडिया

इमेज स्रोत, SAJJAD HUSSAIN/AFP via Getty Images
दुबई इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम के सुपर-4 के मुकाबले में भारत ने बांग्लादेश को 41 रन से हराया. इस जीत के साथ ही भारत की टीम एशिया कप 2025 के फ़ाइनल में पहुंच गई.
169 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए बांग्लादेश की टीम 19.3 ओवर में 127 रन बनाकर ऑलआउट हो गई.
बांग्लादेश के लिए सैफ हसन ने 69 रन की पारी खेली. वहीं भारत के लिए कुलदीप यादव ने चार ओवर में 18 रन देकर तीन विकेट हासिल किए.
इससे पहले टॉस जीतकर बांग्लादेश ने भारत को पहले बल्लेबाजी के लिए बुलाया. भारत के लिए अभिषेक शर्मा ने 37 गेंद में 75 रन की पारी खेली.
इसके अलावा लगातार गिरते विकेटों के बीच हार्दिक पंड्या ने 29 गेंद में 38 रन बनाकर भारत की पारी को 20 ओवर में आठ विकेट के नुकसान पर 168 रन तक पहुंचाया.
बांग्लादेश के लिए रिशाद हुसैन ने तीन ओवर में 27 रन खर्च कर दो विकेट हासिल किए.
भारत सुपर-4 के अपने पहले मैच में पाकिस्तान को छह विकेट से मात दे चुका है. सुपर-4 में शुक्रवार 26 सितंबर को भारत का मुकाबला श्रीलंका के साथ होगा.
एशिया कप 2025 का फ़ाइनल मुकाबला 28 सितंबर को खेला जाएगा.




















