You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.

Take me to the main website

ट्रंप ने हमास को शांति योजना पर प्रतिक्रिया देने के लिए इतना समय दिया

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा है कि ग़ज़ा में शांति की उनकी योजना पर प्रतिक्रिया देने के लिए हमास के पास "तीन से चार दिन" का समय है.

सारांश

लाइव कवरेज

इफ़्तेख़ार अली, सुमंत सिंह

  1. ग़ज़ा में शांति के लिए बनाई गई योजना पर पीएम मोदी ने क्या कहा?

    ग़ज़ा को लेकर नए शांति समझौते के लिए बनाई गई योजना का भारत ने स्वागत किया है. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा है कि उन्हें उम्मीद है कि बाक़ी देश भी इसका समर्थन करेंगे.

    उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म एक्स पर लिखा, "हम राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की ग़ज़ा संघर्ष को ख़त्म करने की व्यापक योजना की घोषणा का स्वागत करते हैं."

    पीएम मोदी ने कहा, "यह योजना फ़लस्तीनी और इसराइली लोगों के साथ-साथ पूरे पश्चिम एशियाई क्षेत्र के लिए भी लंबे समय तक चलने वाली और स्थायी शांति, सुरक्षा और विकास का एक कारगर रास्ता प्रदान करती है."

    उन्होंने कहा, "हमें उम्मीद है कि सभी संबंधित पक्ष राष्ट्रपति ट्रंप की पहल के पीछे एकजुट होंगे और संघर्ष ख़त्म कर शांति सुनिश्चित करने के इस प्रयास का समर्थन करेंगे."

    अमेरिका राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और इसराइली प्रधानमंत्री बिन्यामिन नेतन्याहू ने कहा है कि वो ग़ज़ा में शांति की नई योजना पर राजी हो गए हैं. उन्होंने हमास से इस योजना को स्वीकार करने को कहा है.

    इस प्लान में ग़ज़ा में फौरन सैन्य कार्रवाई रोकने का प्रस्ताव दिया गया है. इसके तहत हमास को 72 घंटे के अंदर 20 जीवित इसराइली बंधकों को रिहा करना है और उन क़रीब 20 बंधकों के शवों को वापस करना है, जिनके बारे में माना जाता है कि उनकी मौत हो चुकी है.

  2. बीजेपी के वरिष्ठ नेता विजय कुमार मल्होत्रा का निधन, पीएम मोदी ने जताया दु:ख

    भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) के वरिष्ठ नेता विजय कुमार मल्होत्रा का मंगलवार सुबह अपने आवास पर निधन हो गया है. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी उनके निधन पर दु:ख जताया है.

    न्यूज़ एजेंसी पीटीआई के मुताबिक़, 94 साल के मल्होत्रा दिल्ली बीजेपी के पहले अध्यक्ष थे.

    दिल्ली बीजेपी ने सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म एक्स पर एक बयान में कहा, "भाजपा के वरिष्ठ नेता, दिल्ली भाजपा के प्रथम अध्यक्ष प्रोफेसर विजय कुमार मल्होत्रा जी के आकस्मिक निधन का समाचार अत्यंत दुःखद है."

    बयान में कहा गया, "दुःख की इस घड़ी में पूरा भाजपा परिवार उनके परिजनों के साथ है."

    पीएम मोदी ने एक्स पर लिखा, "विजय कुमार मल्होत्रा जी एक असाधारण नेता के रूप में खुद को साबित किया, जिन्हें लोगों की समस्याओं की गहरी समझ थी."

    "उन्होंने दिल्ली में हमारी पार्टी को मज़बूत बनाने में अहम भूमिका निभाई. उन्हें उनके संसदीय योगदानों के लिए भी याद किया जाएगा. उनके निधन से दुःख हुआ."

  3. ट्रंप को यूट्यूब देगा क़रीब 2.4 करोड़ डॉलर, 2021 अकाउंट सस्पेंशन पर हुआ समझौता, मैक्स मात्ज़ा, बीबीसी न्यूज़

    वीडियो प्लेटफ़ॉर्म यूट्यूब ने अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की ओर से दायर मुक़दमे को निपटाने के लिए क़रीब 2.4 करोड़ डॉलर चुकाने पर सहमति जताई है.

    यह मुक़दमा 6 जनवरी, 2021 में अमेरिका के कैपिटल हिल में हुए दंगे के बाद किया गया था, जिसमें यूट्यूब ने राष्ट्रपति ट्रंप का अकाउंट निलंबित कर दिया था.

    यूट्यूब की पैरेंट कंपनी अल्फाबेट (जो गूगल की भी मालिक है) ने यह समझौता किया.

    इससे पहले सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म एक्स (पूर्व में ट्विटर) और फेसबुक भी ट्रंप के अकाउंट सस्पेंड करने पर उन्हें भुगतान करने पर राज़ी हो चुकी हैं.

    ट्रंप ने यूट्यूब और दूसरी टेक कंपनियों पर राजनीतिक पक्षपात का आरोप लगाया था. उनका कहना था कि 2021 में कैपिटल दंगे के बाद इन कंपनियों ने कंज़र्वेटिव आवाज़ों को ग़लत तरीके़ से सेंसर किया था.

    उस समय सोशल मीडिया कंपनियों का कहना था कि ट्रंप की गतिविधियां अमेरिका में और हिंसा भड़का सकती थीं.

  4. तालिबान ने अफ़ग़ानिस्तान में बंद किया इंटरनेट, पूरे देश में टेलिकॉम सेवाएं ठप

    अफ़ग़ानिस्तान में तालिबान ने पूरे देश में टेलीकॉम सेवाएं बंद कर दी हैं. कुछ हफ़्ते पहले उन्होंने 'अनैतिकता रोकने' के नाम पर फाइबर-ऑप्टिक इंटरनेट कनेक्शन काटना शुरू किया था.

    इंटरनेट को लेकर निगरानी करने वाली संस्था नेटब्लॉक्स की रिपोर्ट के मुताबिक़, देश में इस समय पूरी तरह से कनेक्टिविटी ब्लैकआउट की स्थिति है.

    समाचार एजेंसी एएफ़पी का कहना है कि उसने राजधानी काबुल स्थित अपने दफ़्तर से संपर्क खो दिया है, जिसमें मोबाइल फ़ोन सेवाएं भी शामिल हैं. मोबाइल इंटरनेट और सैटेलाइट टीवी भी पूरे अफ़ग़ानिस्तान में बुरी तरह प्रभावित हैं.

    2021 में सत्ता पर क़ब्ज़ा करने के बाद से तालिबान ने अपनी इस्लामी शरीयत क़ानून के मुताबिक़ कई तरह की पाबंदियां लगाई हैं.

    फाइबर-ऑप्टिक केबल्स काफ़ी तेज़ी से डेटा ट्रांसफ़र करती हैं और दुनिया के बड़े हिस्से का इंटरनेट इन्हीं पर आधारित है.

    अफ़ग़ान न्यूज़ चैनल 1टीवी के पूर्व संपादक-इन-चीफ़ हामिद हैदरी ने शटडाउन के बाद कहा, "पूरा देश अकेलेपन में घिर गया है."

    उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म एक्स पर लिखा, "अफ़ग़ानिस्तान अब आधिकारिक तौर पर (इंटरनेट) कटऑफ़ में उत्तर कोरिया से आगे निकल गया है."

  5. नमस्कार!

    बीबीसी हिन्दी के लाइव पेज पर आपका स्वागत है. मैं बीबीसी संवाददाता इफ़्तेख़ार अली अब से दोपहर दो बजे तक आप तक अहम ख़बरें पहुंचाऊंगा.

    कल के लाइव पेज की ख़बरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें.

    हमारे पेज पर मौजूद कुछ अहम ख़बरों को पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक्स पर क्लिक करें.