You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.

Take me to the main website

भ्रष्टाचार से जुड़ी जांच के बीच ज़ेलेंस्की के नज़दीकी सलाहकार ने दिया इस्तीफ़ा

रूस के साथ जारी जंग के बीच 54 साल के यरमक ज़ेलेंस्की के सबसे नज़दीकी सलाहकार में से एक रहे हैं.

सारांश

लाइव कवरेज

इफ़्तेख़ार अली

  1. ताजिकिस्तान ने कहा- अफ़ग़ानिस्तान के इलाक़े से ड्रोन हमले में चीनी कंपनी के तीन कर्मचारी मारे गए

    ताजिकिस्तान ने दावा किया है कि उसके सीमावर्ती क्षेत्र में अफ़ग़ान क्षेत्र से किए गए ड्रोन हमले में एक चीनी कंपनी के तीन कर्मचारी मारे गए हैं.

    विदेश मंत्रालय ने गुरुवार को एक बयान में दावा किया कि ड्रोन हमला उसके खतलान प्रांत के सीमावर्ती इलाके़ में हुआ.

    ताजिकिस्तान के दावे पर अफ़ग़ानिस्तान ने अभी तक कोई टिप्पणी नहीं की है. हालांकि चीन की ओर से इस पर एक्शन लिया गया है

    ताजिकिस्तान के विदेश मंत्रालय का कहना है कि यह हमला ग्रेनेड और हथियारों से लदे ड्रोन का इस्तेमाल करके किया गया था.

    बयान में कहा गया है कि ताजिकिस्तान अफ़ग़ानिस्तान के साथ सीमावर्ती क्षेत्रों में सुरक्षा और स्थिरता बनाए रखने की कोशिश कर रहा है, लेकिन इसके बावजूद 'अफ़ग़ान धरती पर आपराधिक समूहों की ओर से विनाशकारी चीज़े जारी हैं.

    वहीं चीन के सरकारी अख़बार ग्लोबल टाइम्स ने लिखा, "अफ़ग़ानिस्तान में चीनी दूतावास ने शुक्रवार को बताया कि अफ़ग़ानिस्तान और ताजिकिस्तान की सीमा पर हाल ही में एक और घटना हुई है, जिसमें कुछ चीनी नागरिकों की मौत और घायल होने की ख़बर है."

    दूतावास ने प्रभावित इलाक़े में सोने की खनन गतिविधियों से जुड़े चीनी कंपनियों और कर्मचारियों को चेतावनी देते हुए कहा है कि वे जल्द से जल्द उस क्षेत्र को छोड़ दें.

    दूतावास ने यह भी सलाह दी है कि किसी आपात स्थिति में लोग तुरंत स्थानीय पुलिस से संपर्क करें और मदद के लिए दूतावास से भी जुड़ें.

  2. हांगकांग आग: मरने वालों की संख्या बढ़कर 128 हुई, अब भी कई लोग लापता

    हांगकांग के एक रिहायशी इलाक़े में लगी भीषण आग में कम से कम 128 लोगों की मौत हो गई है और 79 लोग घायल हुए हैं.

    साथ ही बताया जा रहा है कि अब भी कई लोग लापता हैं.

    यह आग बुधवार को ताई पो ज़िले की आठ में से सात इमारतों में फैल गई थी. हांगकांग के नेता का कहना है कि 'आग अब नियंत्रण' में है.

    सुरक्षा खामियों को लेकर लोगों में नाराज़गी है. एक निवासी का कहना है कि 'यह हादसा रोका जा सकता था'.

    अभी तक यह साफ़ नहीं है कि आग जिस समय लगी उस वक़्त उस कॉम्प्लेक्स में कितने लोग मौजूद थे. हालिया आंकड़ों के मुताबिक़, इस कॉम्प्लेक्स में क़रीब 4,600 लोग रहते हैं.

    इमारत में आग कैसे लगी इसे लेकर अभी भी सवाल उठ रहे हैं.

    पुलिस का कहना है कि इमारत के बाहर इस्तेमाल की गई सामग्री फायरप्रूफ नहीं थी.

  3. ट्रंप प्रशासन इन 19 देशों के ग्रीन कार्ड धारकों की फिर से करेगा जांच

    ट्रंप प्रशासन ने कहा है कि 19 देशों से अमेरिका में आए व्यक्तियों को जारी किए गए ग्रीन कार्ड की दोबारा समीक्षा होगी.

    यूएस सिटीजनशिप एंड इमीग्रेशन सर्विसेज के प्रमुख जोसेफ एड्लो ने कहा कि राष्ट्रपति ने उन्हें निर्देश दिया है कि इन 19 देशों के नागरिकों के ग्रीन कार्ड की पूरी और सख़्ती से दोबारा जांच की जाए.

    बीबीसी की ओर से पूछे जाने पर कि किन देशों के नागरिक इस सूची में शामिल हैं, एजेंसी ने व्हाइट हाउस की जून में जारी एक घोषणा का हवाला दिया.

    जिसमें शामिल हैं:-

    • अफ़गानिस्तान
    • क्यूबा
    • हैती
    • ईरान
    • सोमालिया
    • वेनेज़ुएला
    • बर्मा
    • चाड
    • रिपब्लिक ऑफ़ कांगो
    • इक्वेटोरियल गिनी
    • इरिट्रिया
    • लीबिया
    • सूडान
    • यमन
    • बुरुन्डी
    • लाओस
    • सिएरा लियोन
    • तुर्कमेनिस्तान
    • टोगो

    ट्रंप प्रशासन की ओर से यह घोषणा उस घटना के बाद आई है, जिसमें एक अफ़गान नागरिक पर आरोप है कि उसने बुधवार को वॉशिंगटन डीसी में दो नेशनल गार्ड पर फ़ायरिंग की. एक नेशनल गार्ड की मौत हो गई है.

    संदिग्ध रहमानुल्लाह लकनवाल 2021 में उस कार्यक्रम के तहत अमेरिका आए थे, जिसमें अफ़ग़ानिस्तान से अमेरिकी सेना की वापसी के बाद अफ़ग़ानों को विशेष आप्रवासन सुरक्षा दी गई थी.

  4. नमस्कार!

    बीबीसी न्यूज़ हिन्दी के लाइव पेज पर आपका स्वागत है. मैं बीबीसी संवाददाता इफ़्तेख़ार अली अब से दोपहर दो बजे तक आप तक अहम ख़बरें पहुंचाऊंगा.

    कल के लाइव पेज की ख़बरें पढ़ने के लिए क्लिक करें.

    हमारे पेज पर मौजूद कुछ अहम ख़बरों को पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक्स पर क्लिक करें.