You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.

Take me to the main website

ऑस्ट्रेलियाई चुनाव में लेबर पार्टी के एंथनी अल्बनीज़ की ज़ोरदार जीत

ऑस्ट्रेलिया की स्थानीय मीडिया के मुताबिक़, मौजूदा प्रधानमंत्री एंथनी अल्बनीज़ ने दूसरी बार आम चुनाव जीत लिया है.

सारांश

लाइव कवरेज

कीर्ति रावत और इफ़्तेख़ार अली

  1. ब्रेकिंग न्यूज़, उत्तरी गोवा के श्री लैराई देवी मंदिर में भगदड़, 6 लोगों की मौत

    समाचार एजेंसी पीटीआई के मुताबिक़, उत्तरी गोवा के शिरगांव में श्री लैराई देवी मंदिर में मची भगदड़ में 6 लोगों की मौत हो गई है और 15 लोग घायल हुए हैं

    गोवा के मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत ने मापुसा में उत्तरी गोवा ज़िला अस्पताल का दौरा किया और घायलों से मुलाकात की.

    एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि यह घटना शनिवार तड़के को शिरगांव गांव स्थित श्री लैराई देवी मंदिर के उत्सव के दौरान हुई.

    उन्होंने बताया कि गोवा, महाराष्ट्र और कर्नाटक से हज़ारों श्रद्धालु मंदिर उत्सव में शामिल होने मंदिर पहुंचे थे.

    अधिकारी ने यह भी कहा कि भगदड़ के कारणों का पता जांच के बाद ही चल पाएगा.

  2. ओवैसी ने पसमांदा मुसलमानों के जाति सर्वेक्षण की क्यों मांग रखी?

    ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (एआईएमआईएम) के अध्यक्ष और हैदराबाद के सांसद असदुद्दीन ओवैसी ने जाति जनगणना पर बयान दिया है.

    उन्होंने कहा, “हमारी पार्टी ने 2021 से इस बात की मांग की थी कि पूरे देश में जाति सर्वेक्षण होना चाहिए. आख़िरी बार जाति सर्वेक्षण 1931 में हुआ था, अगर जाति सर्वेक्षण होगा तो पता चलेगा कि किसे कितना लाभ मिल रहा है और किसे नहीं हो रहा है. किसकी आमदनी क्या है और कौन सी जाति ज़्यादा आगे बढ़ गई, कौन पीछे रह गई, इसलिए यह ज़रूरी है.”

    “हम बीजेपी और एनडीए से सिर्फ़ एक बात कहना चाहेंगे, हमें समयसीमा बता दीजिए कि यह कब शुरू होगा, कब ख़त्म होगा और कब लागू होगा? क्या यह 2029 के संसदीय चुनावों से पहले हो जाएगा या नहीं होगा?”

    उन्होंने पसमांदा मुसलमानों की स्थिति को जानने के लिए पसमांदा मुसलमानों के जाति सर्वेक्षण की मांग रखी.

    ओवैसी ने कहा, “पसमांदा मुसलमानों की स्थिति की ज़मीनी हक़ीक़त सभी को पता चल जाएगी, उन्हें पता चल जाएगा कि गैर-पसमांदा मुसलमानों की स्थिति कितनी ख़राब है, ये सब ज़रूरी है. ताकि यह सुनिश्चित हो कि लाभ हाशिये पर पड़े लोगों को मिले."

  3. ऑस्ट्रेलिया में आम चुनाव के लिए मतदान शुरू, ये है सबसे बड़ा मुद्दा

    ऑस्ट्रेलिया में आम चुनाव के लिए मतदान शुरू हो गया है. इस चुनाव में सबसे बड़ा मुद्दा महंगाई है.

    इस चुनाव में ऑस्ट्रलिया के मौजूदा प्रधानमंत्री एंथनी अल्बनीज़ और विपक्ष के नेता पीटर डटन के बीच टक्कर है.

    एंथनी अल्बनीज़ लेबर पार्टी से हैं और साल 2022 से ऑस्ट्रलिया के प्रधानमंत्री हैं. वे करीब 30 सालों से सांसद रहे हैं.

    एंथनी अल्बनीज़ को सत्ता में आने के बाद काफ़ी लोकप्रियता मिली, लेकिन हाल के दिनों में आवास की समस्या, जनजातीय मामलों और यहूदी विरोधी व इस्लामोफ़ोबिया जैसे मुद्दों को लेकर उन्हें दबाव का सामना करना पड़ा है.

    वहीं प्रधानमंत्री पद के दूसरे उम्मीदवार कंज़र्वेटिव लिबरल-नेशनल गठबंधन के नेता पीटर डटन हैं. यह उनका बतौर विपक्ष के नेता के रूप में पहला चुनाव है.

    पीटर डटन पहले रक्षा और गृह मामलों जैसे बड़े मंत्रालयों का कार्यभार संभाल चुके हैं, लेकिन सामाजिक मुद्दों पर उनकी टिप्पणियां कई बार विवादों में रही हैं.

    ऑस्ट्रेलिया में लोग सीधे प्रधानमंत्री को नहीं चुनते. वे सांसदों को वोट देते हैं और जिस पार्टी को सबसे ज़्यादा सीटें मिलती हैं, उसी पार्टी का नेता प्रधानमंत्री बनता है.

  4. नमस्कार!

    बीबीसी हिंदी के लाइव पेज पर आपका स्वागत है. मैं बीबीसी संवाददाता कीर्ति रावत अब से दोपहर दो बजे तक आप तक अहम ख़बरें पहुंचाऊंगी.

    कल के लाइव पेज की ख़बरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें.

    कल की कुछ अहम ख़बरें पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक्स पर क्लिक करें.