ऑस्ट्रेलियाई चुनाव में लेबर पार्टी के एंथनी अल्बनीज़ की ज़ोरदार जीत

ऑस्ट्रेलिया की स्थानीय मीडिया के मुताबिक़, मौजूदा प्रधानमंत्री एंथनी अल्बनीज़ ने दूसरी बार आम चुनाव जीत लिया है.

सारांश

लाइव कवरेज

कीर्ति रावत और इफ़्तेख़ार अली

  1. पहलगाम हमले पर कांग्रेस नेता उदित राज बोले, "मोदी सरकार अपने वादे निभाए"

    कांग्रेस नेता उदित राज

    इमेज स्रोत, ANI/SCREENSHOT

    इमेज कैप्शन, कांग्रेस नेता उदित राज

    कांग्रेस नेता उदित राज ने पहलगाम हमले को लेकर केंद्र सरकार से सवाल किया है.

    समाचार एजेंसी एएनआई से बातचीत में उन्होंने कहा, "एक के बदले 10 सिर लाने की बात कही थी. लाहौर तक घुसकर मारेंगे, ये सब वादे थे. अब मोदी जी को उन वादों को पूरा करना चाहिए."

    "मैं राजनाथ जी से पूछना चाहता हूं कि रोक कौन रहा है? देश की जनता उस दिन से चाह रही है, उसे पूरा कीजिए. कांग्रेस पार्टी और पूरा विपक्ष आपके साथ है."

    पहलगाम हमले में 26 लोगों की मौत के बाद भारत और पाकिस्तान के बीच तनाव चरम पर है.

    हमले के बाद भारत सरकार ने सिंधु जल संधि को निलंबित कर दिया. वहीं 3 मई को भारत ने पाकिस्तान से आयात होने वाले हर सामान पर पाबंदी लगा दी.

  2. अब इस लाइव पेज को विराम देने का वक़्त आ गया है. बीबीसी संवाददाता इफ़्तेख़ार अली को दीजिए इजाज़त.

    कल हम बीबीसी लाइव पेज के ज़रिए दिन भर की बड़ी ख़बरों को लेकर फिर हाज़िर होंगे.

    फ़िलहाल, हमारे होम पेज पर मौजूद कुछ अहम ख़बरों को पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक्स पर क्लिक करें.

  3. ऑस्ट्रेलियाई चुनाव में लेबर पार्टी के एंथनी अल्बनीज़ की ज़ोरदार जीत

    एंथनी अल्बनीज़

    इमेज स्रोत, EPA

    इमेज कैप्शन, एंथनी अल्बनीज़ दूसरी बार ऑस्ट्रेलिया के प्रधानमंत्री बनेंगे

    ऑस्ट्रेलिया की स्थानीय मीडिया के मुताबिक़, मौजूदा प्रधानमंत्री एंथनी अल्बनीज़ ने दूसरी बार आम चुनाव जीत लिया है.

    लेबर पार्टी के एंथनी अल्बनीज़ ने ऑस्ट्रेलियाई चुनाव में एकतरफा जीत हासिल की है और वो दोबारा देश के प्रधानमंत्री बनेंगे.

    ऑस्ट्रेलिया में आधिकारिक तौर पर वोटों की गिनती अभी कुछ दिनों तक जारी रहेगी. लेकिन कंजर्वेटिव लिबरल-नेशनल गठबंधन को देशभर में मिली करारी हार के बाद लेबर पार्टी के बहुमत में इजाफा हुआ है.

    एंथनी अल्बनीज़ ने कहा, "ऑस्ट्रेलियाई लोगों ने ऑस्ट्रेलियाई मूल्यों के लिए वोट किया है."

    गठबंधन के नेता पीटर डटन खुद अपनी सीट पर चुनाव हार गए हैं. ये सीट बीते 24 साल से उनके पास थी. उन्होंने हार की पूरी जिम्मेदारी ली है.

    एंथनी की जीत के बाद ब्रिटेन और अमेरिका दोनों ने कहा है कि वो ऑस्ट्रेलिया के साथ द्विपक्षीय संबंधों को मजबूत करने की ओर देख रहे हैं.

    ऑस्ट्रेलिया चुनाव

    इमेज स्रोत, Reuters

    इमेज कैप्शन, लेबर पार्टी 85 सीटों पर जीत दर्ज कर सकती है

    पूरे देश में लेबर पार्टी के वोट में इजाफा देखने को मिला है. ऑस्ट्रेलिया में 20 साल में पहला मौका है जब कोई प्रधानमंत्री लगातार दूसरा चुनाव जीतने में कामयाब हुआ है.

    ऑस्ट्रेलियन ब्रॉडकास्टिंग कॉर्पोरेशन के अनुमान के मुताबिक लेबर पार्टी को 85 सीटों पर जीत मिल सकती है. वहीं गठबंधन के हिस्से में 40 सीटें आ सकती हैं. ग्रीन पार्टी एक से दो सीटों पर आगे चल रही है.

    बाकी दूसरे दलों और निर्दलीय नौ सीटों पर बढ़त बनाए हुए हैं.

    इस साल की शुरुआत में हुए कुछ सर्वे में अल्बनीज़ की लोकप्रियता में काफी कमी देखने को मिल रही थी.

    पांच हफ्ते तक चले चुनावी अभियान में हेल्थ केयर, जलवायु परिवर्तन, इंटरनेशनल रिलेशन जैसे मुद्दों का बोलबाला रहा. अल्बनीज़ इनमें से अधिकतर को साधने में कामयाब रहे.

  4. झारखंड: जमशेदपुर के एक सरकारी अस्पताल का कॉरिडोर ढहने से दो मरीज़ों की मौत, सरताज आलम, जमशेदपुर से बीबीसी हिन्दी के लिए

    अस्पताल महात्मा गांधी मेमोरियल हॉस्पिटल

    इमेज स्रोत, Sartaj Alam

    इमेज कैप्शन, महात्मा गांधी मेमोरियल हॉस्पिटल के कॉरिडोर

    जमशेदपुर स्थित सरकारी अस्पताल महात्मा गांधी मेमोरियल हॉस्पिटल के एक भवन के तीनो कॉरिडोर के ढह जाने से दो मरीज़ों की मौत हो गई है.

    इस घटना की पुष्टि करते हुए जमशेदपुर के उपायुक्त अनन्य मित्तल ने बताया कि मलबे में एक मरीज़ की खोज अभी जारी है.

    अनन्य मित्तल ने कहा, "ये सभी मरीज़ लावारिस हैं, जिनके कोई अटेंडेंट नहीं थे. ऐसे मरीज़ों को बीमारी के कारण यहां भर्ती किया गया था."

    अस्पताल के बी ब्लॉक में स्थित भवन में हुए हादसे को लेकर एमजीएम अस्पताल के डिप्टी सुपरिटेंडेंट डॉ नकुल चौधरी ने बीबीसी को बताया कि यह भवन 40 साल से भी ज़्यादा पुराना है.

    नकुल चौधरी ने कहा, "भवन निर्माण विभाग समय-समय पर इस भवन की जांच करता रहा है. लेकिन ऐसी घटना घटेगी इस बात की उम्मीद नहीं थी."

    जबकि प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री डॉ इरफ़ान अंसारी ने सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म एक्स पर एक पोस्ट में कहा कि "जल्द ही इसकी समीक्षा की जायेगी."

  5. सोनू निगम के ख़िलाफ़ बेंगलुरु में एफ़आईआर, जानिए पूरे मामले में गायक ने क्या कहा, इमरान क़ुरैशी, बेंगलुरु से बीबीसी हिन्दी के लिए

    सोनू निगम

    इमेज स्रोत, Getty Images

    मशहूर गायक सोनू निगम ने शनिवार को बेंगलुरु पुलिस की ओर से उनके ख़िलाफ़ एफ़आईआर दर्ज किए जाने के तुरंत बाद स्पष्टीकरण जारी किया है.

    उन पर ये एफ़आईआर एक कन्नड़ गीत गाने की मांग की तुलना पहलगाम हमले से करने के लिए की गई है.

    कन्नड़ रक्षण वेदिका (केआरवी) नाम के एक कन्नड़ संगठन ने सोनू निगम के ख़िलाफ़ पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है.

    शिकायत में आरोप लगाया गया है कि "गायक (सोनू निगम) ने आतंकवादी हमले के साथ तुलना करके कन्नड़ भाषी लोगों की भावनाओं को ठेस पहुंचाई है. इससे न केवल कर्नाटक के विभिन्न भाषाई समुदायों के बीच नफ़रत को बढ़ावा दिया है, बल्कि हिंसा भड़कने की आशंका भी पैदा की है."

    सोनू निगम पिछले हफ़्ते जब एक निजी कॉलेज परिसर में एक संगीत समारोह में गाना गा रहे थे तभी कुछ युवाओं ने उनसे कन्नड़ में एक गीत गाने का आग्रह किया.

    शिकायत में कहा गया है कि इस पर निगम ने जवाब दिया, "पहलगाम में हुई घटना के पीछे यही कारण है. कृपया देखें कि आपके सामने कौन खड़ा है. मैं आप लोगों से प्यार करता हूं."

    केआरवी ने कहा कि निगम का बयान "आपत्तिजनक, विभाजनकारी और सांप्रदायिक सद्भाव के लिए हानिकारक है."

    लेकिन सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म पर पोस्ट किए गए अपने स्पष्टीकरण में निगम ने कहा, "आप उन्हें एक दर्शक के रूप में आपको गाने के लिए धमकाने की अनुमति नहीं दे सकते. लेकिन जो लोगों को उकसाते हैं उनको उसी समय रोकना बहुत ज़रूरी है."

    "प्यार की भूमि में नफ़रत की बीज अगर कोई बो रहा है तो उसको रोकना पड़ेगा."

    इससे पहले, निगम ने कहा था कि कि "मैंने अपने जीवन में सर्वश्रेष्ठ गाने कन्नड़ में गाए हैं. मैं जब भी कर्नाटक में परफॉर्मेंस के लिए आता हूँ, तो बहुत सम्मान के साथ आता हूँ क्योंकि आपने मुझे परिवार की तरह स्वीकार किया है."

  6. नैनीताल में तनाव के बाद अब कैसे हैं हालात? पुलिस अधिकारी ने बताया

    नैनीताल एसएसपी प्रहलाद राय मीणा

    इमेज स्रोत, ANI

    इमेज कैप्शन, नैनीताल एसएसपी प्रहलाद राय मीणा

    उत्तराखंड के नैनीताल में एक नाबालिग बच्ची से कथित दुष्कर्म के बाद सांप्रदायिक तनाव की स्थिति पैदा होने पर नैनीताल एसएसपी प्रहलाद राय मीणा ने लोगों से अपील की है कि वह किसी भड़कावे वाले सोशल मीडिया पोस्ट के झांसे में न आएं.

    साथ ही उन्होंने नैनीताल आने वाले पर्यटकों से भी अपील करते हुए कहा, "दो दिनों से बाज़ार खुले हैं. नैनीताल में स्थिति पूरी तरह से सामान्य है."

    उन्होंने कहा, "पूरे देशभर में जितने भी पर्यटक हैं हम नैनीताल पुलिस उन्हें निमंत्रण देते हैं कि नैनीताल पूरी तरह से सुरक्षित है. आप आइए आपके स्वागत के लिए नैनीताल पुलिस पूरी तरह से तैयार है."

    एसएसपी ने कहा, "कुछ सोशल मीडिया में वीडियो वायरल हुए थे. कुछ लोगों ने धरना प्रदर्शन किया और आस पास के कुछ दुकानों में तोड़फोड़ की गई. इस मामले में पुलिस की ओर से एक एफआईआर की गई है. हम सीसीटीवी जांच कर रहे हैं और जो भी सच सामने आएंगे हम आगे की जांच करेंगे."

    एसएसपी ने सोशल मीडिया के ज़रिए अफ़वाह फ़ैलाने वाले लोगों पर कार्रवाई करने की बात कही है. उन्होंने कहा कि अगर किसी भी सोशल मीडिया पोस्ट पर ऐसा पाया जाता है, जिससे सांप्रदायिक सद्भाव बिगड़ा है, तो ऐसे लोगों के ख़िलाफ़ जो भी ज़रूरी कार्रवाई होगी वह अमल में लाएंगे.

    उन्होंने लोगों से अपील करते हुए कहा, "जनता से हम अनुरोध करते हैं कि ऐसे पोस्ट जो वायरल हो रहे हैं उसके झांसे में नहीं आएं."

    क्या है पूरा मामला?

    उत्तराखंड के नैनीताल में एक नाबालिग बच्ची से कथित दुष्कर्म के बाद सांप्रदायिक तनाव भड़क गया था.

    इस घटना को लेकर बुधवार रात क़रीब 9 बजे गुस्साए लोगों ने मल्लीताल थाने के बाहर प्रदर्शन किया.

    पुलिस अधिकारियों के अनुसार, अभियुक्त को गिरफ़्तार कर लिया गया है.

  7. फ़ारूक़ अब्दुल्लाह क्यों बोले 'हम प्यास से मर रहे हैं?'

    फ़ारूक़ अब्दुल्लाह

    इमेज स्रोत, ANI

    इमेज कैप्शन, फ़ारूक़ अब्दुल्लाह ने पाकिस्तान पर कहा कि हम इतने ज़ालिम नहीं हैं जितने वो हैं

    सिंधु जल संधि पर नेशनल कॉन्फ्रेंस प्रमुख और जम्मू-कश्मीर के पूर्व मुख्यमंत्री फ़ारूक़ अब्दुल्लाह ने भारत सरकार से एक अपील की है.

    उन्होंने न्यूज़ एजेंसी एएनआई से कहा, "जब सिंधु जल संधि पर हस्ताक्षर किए गए थे, तो जम्मू-कश्मीर के लोगों को उसमें नहीं लिया गया था. इस संधि के कारण सबसे ज़्यादा जिसे नुक़सान हुआ, वह जम्मू-कश्मीर को हुआ है."

    फ़ारूक़ अब्दुल्लाह ने दावा करते हुए कहा, "हम कोई भी बिजली घर नहीं बना सकते जब तक उनकी (पाकिस्तान) इजाज़त नहीं आए. हम वहां से एक बाल्टी पानी नहीं निकाल सकते जब तक उनकी इजाज़त न हो."

    पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा, "हमारा विंटर कैपिटल, जिसे जम्मू कहते हैं वह पानी से महरूम है. मैंने अपनी पहली हुकुमत में कोशिश की थी कि वहां का पानी वहां के लिए लाया जाए. 200 करोड़ का हमने प्रोग्राम बनाया था, मगर वह रुक गया."

    "मैं भारत की सरकार से अपील करता हूं कि आज वक़्त आ गया है वो पानी थोड़ा सा जम्मू के लिए लाइए. हम प्यास से मर रहे हैं."

    फ़ारूक़ अब्दुल्लाह ने कहा, "हिंदुस्तान गांधी का देश है. और गांधी के देश में ज़रूर आज हमने उन्हें पानी बंद करने की धमकी दी है , मगर हम उनको मारेंगे नहीं. हम इतने ज़ालिम नहीं हैं जितने वो हैं. वो अपने देश को बचा नहीं सके और अब हमारे देश को ख़त्म करने की कोशिश कर रहे हैं."

  8. ब्रेकिंग न्यूज़, ऑस्ट्रेलिया चुनाव में लेबर पार्टी की जीत, एंथनी अल्बनीज़ ने क्या कहा?

    एंथनी अल्बनीज़

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, ऑस्ट्रेलियाई चुनाव में लेबर पार्टी को जीत मिली है

    ऑस्ट्रेलिया की स्थानीय मीडिया के मुताबिक़, ऑस्ट्रेलिया के मौजूदा प्रधानमंत्री एंथनी अल्बनीज़ ने दूसरी बार आम चुनाव जीत लिया है.

    एंथनी अल्बनीज़ की लेबर पार्टी चुनाव में बहुमत हासिल कर बिना किसी गठबंधन के अगली सरकार बनाएगी.

    इस चुनाव में ऑस्ट्रेलिया के मौजूदा प्रधानमंत्री एंथनी अल्बनीज़ और विपक्ष के नेता पीटर डटन के बीच टक्कर मानी जा रहा थी.

    डटन ने हार स्वीकार की और कहा कि उन्होंने अल्बानीज़ को बधाई देने के लिए फोन किया था.

    लिबरल-नेशनल गठबंधन के पीटर डटन ब्रिसबेन में डिक्सन की अपनी सीट लेबर के अली फ्रांस से हार गए हैं.

    जीत के बाद अल्बनीज़ ने कहा, "आस्ट्रेलियावासियों, आपके प्रधानमंत्री के रूप में सेवा करना मेरे जीवन का सबसे बड़ा सम्मान है."

    उन्होंने कहा, "आज ऑस्ट्रेलियाई लोगों ने ऑस्ट्रेलियाई मूल्यों , निष्पक्षता, आकांक्षा और अवसर के लिए वोट दिया है."

    अल्बनीज़ ने कहा कि कल से ही वो अपने काम पर वापस आ जाएंगे.

    एंथनी अल्बनीज़ लेबर पार्टी से हैं और साल 2022 से ऑस्ट्रलिया के प्रधानमंत्री हैं. वे करीब 30 सालों से सांसद रहे हैं.

    एंथनी अल्बनीज़ को सत्ता में आने के बाद काफ़ी लोकप्रियता मिली, लेकिन हाल के दिनों में आवास की समस्या, जनजातीय मामलों और यहूदी विरोधी व इस्लामोफ़ोबिया जैसे मुद्दों को लेकर उन्हें दबाव का सामना करना पड़ा है.

    ऑस्ट्रेलिया में लोग सीधे प्रधानमंत्री को नहीं चुनते. वे सांसदों को वोट देते हैं और जिस पार्टी को सबसे ज़्यादा सीटें मिलती हैं, उसी पार्टी का नेता प्रधानमंत्री बनता है.

  9. किसान नेता राकेश टिकैत के साथ धक्का-मुक्की पर किसान नाराज़, क्या है पूरा मामला?, शहबाज़ अनवर, बीबीसी हिंदी के लिए

    राकेश टिकैत

    इमेज स्रोत, ANI

    इमेज कैप्शन, भारतीय किसान यूनियन के राष्ट्रीय प्रवक्ता राकेश टिकैत

    उत्तर प्रदेश के मुज़फ़्फ़रनगर में शुक्रवार को भारतीय किसान यूनियन के राष्ट्रीय प्रवक्ता राकेश टिकैत के साथ हुई कथित धक्का मुक्की और पगड़ी गिरने के मामले में किसानों ने नाराज़गी जताई है.

    इसी मामले को लेकर शनिवार को मुज़फ़्फ़रनगर के राजकीय इंटर कॉलेज के मैदान में एक महापंचायत का आयोजन किया गया है.

    भारतीय किसान यूनियन ने इस महापंचायत को आपातकालीन किसान महापंचायत का नाम दिया है.

    भारतीय किसान यूनियन के राष्ट्रीय अध्यक्ष नरेश टिकैत के पुत्र और भाकियू नेता चरण सिंह ने बीबीसी से कहा, "शुक्रवार को मुज़फ़्फ़रनगर में पहलगाम चरमपंथी हमले के विरोध में एक रैली का आयोजन किया गया था. इस रैली में कुछ ऐसे संगठन के लोग शामिल थे जिन्होंने राकेश टिकैत के साथ धक्का-मुक्की की."

    "इसमें उनकी पगड़ी भी उतर गई थी. ये किसानों के सम्मान और प्रतिष्ठा की बात है. इसी को लेकर ये आपातकालीन महापंचायत बैठक बुलाई गई है. तमाम राज्यों से किसान पहुंचे हैं."

    किसान नेताओं ने इस महापंचायत में दिल्ली, यूपी सहित हरियाणा, राजस्थान और कईं अन्य राज्यों से किसानों के पहुंचने का दावा किया है.

    इस मामले में मुज़फ़्फ़रनगर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है.

    मुज़फ़्फ़रनगर के एसपी सिटी सत्यनारायण प्रजापत ने मीडिया से कहा, "2 मई को जनपद मुज़फ्फरनगर में जनाक्रोश रैली का आयोजन किया गया था. इस रैली में किसान नेता राकेश टिकैत जी पहुंचे थे, जहां पर कुछ असामाजिक तत्वों द्वारा नारेबाज़ी, हूटिंग, धक्का-मुक्की की घटना हुई."

    "इस संबंध में थाना कोतवाली नगर पर भाकियू टिकैत के ज़िला अध्यक्ष की तहरीर पर मुकदमा पंजीकृत किया गया है. सीसीटीवी और वीडियो के आधार पर असामाजिक तत्वों की पहचान की जा रही है. राकेश टिकैत को धक्का देने पर उनके सिर से गिरी पगड़ी के मामले में एक शख़्स को पुलिस हिरासत में भी लिया गया है."

    उधर, पकड़े गए सौरभ नाम के व्यक्ति ने मीडिया से बातचीत में कहा कि उससे धक्का-मुक्की के कारण ग़लती से पगड़ी गिरी.

  10. पाकिस्तान को लेकर भारत का एक और फ़ैसला, अब इस चीज़ पर लगाई रोक

    पाकिस्तान को लेकर भारत का एक और फ़ैसला

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, पहलगाम हमले के बाद से ही भारत और पाकिस्तान के बीच तनाव जारी है

    भारत और पाकिस्तान के बीच तनाव चरम पर है. इस बीच भारत ने पाकिस्तान को लेकर एक और फ़ैसला लिया है.

    भारत ने शनिवार को पाकिस्तान से सभी तरह के मेल और पार्सल के आदान-प्रदान को निलंबित कर दिया है.

    सेवाएं निलंबित करने का आदेश डाक विभाग ने जारी किया, जो संचार मंत्रालय के तहत काम करता है.

    डाक विभाग की ओर से जारी बयान के मुताबिक़, "भारत सरकार ने हवाई और ज़मीनी रास्तों के माध्यम से पाकिस्तान से आने वाले सभी तरह के मेल और पार्सल सेवाओं को निलंबित करने का निर्णय लिया है."

    इससे पहले भारत के वाणिज्य एवं उद्योग मंत्रालय के अधीन आने वाले विदेश व्यापार महानिदेशालय ने भी पाकिस्तान से इंपोर्ट बंद करने की अधिसूचना जारी की है.

    अधिसूचना के मुताबिक विदेश व्यापार नीति 2023 में इस संबंध में एक प्रावधान जोड़ा गया है. जिसमें कहा गया है कि तत्काल प्रभाव से अगले आदेश तक पाकिस्तान से आने वाले या निर्यात किए जाने वाले सभी सामानों के प्रत्यक्ष या अप्रत्यक्ष आयात पर प्रतिबंध लगाया जा रहा है.

    कश्मीर के पहलगाम में 22 अप्रैल को हुए चरमपंथी हमले में 26 लोगों की मौत हो गई थी, इनमें से ज़्यादातर पर्यटक थे.

    इस हमले के बाद भारत और पाकिस्तान ने एक-दूसरे के ख़िलाफ़ कई कदम उठाए हैं और दोनों देशों के बीच तनाव लगातार बना हुआ है.

  11. बहराइच के सैयद सालार मसूद गाज़ी की दरगाह पर नहीं लगेगा मेला, सिटी मजिस्ट्रेट ने क्या बताया

    बहराइच में सैयद सालार मसूद ग़ाज़ी की दरग़ाह
    इमेज कैप्शन, बहराइच में सैयद सालार मसूद ग़ाज़ी की दरग़ाह

    उत्तर प्रदेश के बहराइच में इस बार सैयद सालार मसूद गाज़ी की दरगाह पर मेला नहीं लगेगा.

    बहराइच की सिटी मजिस्ट्रेट शालिनी प्रभाकर ने इसकी जानकारी दी है. उनका कहना है कि जिला प्रशासन ने मेले की अनुमति नहीं दी.

    शालिनी प्रभाकर ने कहा, "15 अप्रैल को प्रबंध समिति दरगाह अध्यक्ष की ओर से जिलाधिकारी की अध्यक्षता में वार्षिक जेठ मेला आयोजन की बैठक कराए जाने के लिए एक पत्र पेश किया गया था."

    "जिसके क्रम में किसी भी अधिकारी ने मेले के आयोजन को संस्तुति नहीं दी."

    उधर, दरगाह मेला कमेटी के उपाध्यक्ष मकसूद राईनी ने कहा है कि वे इस मामले को लेकर अब इलाहाबाद हाईकोर्ट का रुख़ करेंगे.

  12. पाकिस्तान का दावा- अब्दाली मिसाइल का किया सफल परीक्षण

    भारत और पाकिस्तान के बीच तनाव

    इमेज स्रोत, ISPR

    इमेज कैप्शन, सांकेतिक तस्वीर

    पाकिस्तान ने दावा किया है कि उसने अब्दाली वेपन सिस्टम का एक सफल ट्रेनिंग टेस्ट किया है.

    यह ज़मीन से ज़मीन पर मार करने वाली मिसाइल है, जो 450 किलोमीटर तक के लक्ष्य को निशाना बना सकती है.

    बीबीसी उर्दू के मुताबिक़, पाकिस्तानी सेना के जनसंपर्क विभाग की ओर से जारी एक बयान में कहा गया कि इस मिसाइल को लॉन्च करने का मक़सद सैनिकों की तैयारी को सुनिश्चित करना और मिसाइल की तकनीकी खूबियों को जांचना था, जिसमें इसका एडवांस नेविगेशन सिस्टम भी शामिल है.

    पाकिस्तान के राष्ट्रपति आसिफ़ अली ज़रदारी, प्रधानमंत्री शहबाज़ शरीफ़ और सेना प्रमुखों ने भाग लेने वाले सैनिकों, वैज्ञानिकों और इंजीनियरों को बधाई दी.

    जम्मू कश्मीर के पहलगाम में चरमपंथी हमले के बाद भारत और पाकिस्तान के बीच तनाव चरम पर है.

    दोनों ही देशों के राजनीतिक नेतृत्व की ओर से एक दूसरे को कड़ी चेतावनी और मुंहतोड़ जवाबी कार्रवाई करने वाले तीखे बयान दिए जा रहे हैं.

  13. पहलगाम हमला: भारत ने पाकिस्तान से आयात पर लगाया पूर्ण प्रतिबंध

    पहलगाम हमला

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, भारत ने पाकिस्तान से किसी भी सामान के आयात पर पूरी तरह प्रतिबंध लगा दिया है (सांकेतिक तस्वीर)

    जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए चरमपंथी हमले के बाद भारत और पाकिस्तान में बढ़ते तनाव के बीच भारत ने पाकिस्तान से आयात होने वाले हर सामान पर पाबंदी लगा दी है.

    ऐसे सामान जिनका पाकिस्तान में उत्पादन होता हो और पाकिस्तान से भारत आ रहा हो, उस पर तत्काल प्रभाव से पाबंदी लगा दी गई है.

    इस संबंध में वाणिज्य एवं उद्योग मंत्रालय के अधीन आने वाले विदेश व्यापार महानिदेशालय ने अधिसूचना जारी की है.

    अधिसूचना के मुताबिक विदेश व्यापार नीति 2023 में इस संबंध में एक प्रावधान जोड़ा गया है. जिसमें कहा गया है कि तत्काल प्रभाव से अगले आदेश तक पाकिस्तान से आने वाले या निर्यात किए जाने वाले सभी सामानों के प्रत्यक्ष या अप्रत्यक्ष आयात पर प्रतिबंध लगाया जा रहा है.

    कश्मीर के पहलगाम में 22 अप्रैल को हुए चरमपंथी हमले में 26 लोगों की मौत हो गई थी, इनमें से ज़्यादातर पर्यटक थे.

    इस हमले के बाद भारत और पाकिस्तान ने एक-दूसरे के ख़िलाफ़ कई कदम उठाए हैं और दोनों देशों के बीच तनाव लगातार बना हुआ है.

  14. अभी तक बीबीसी संवाददाता कीर्ति रावत आप तक ख़बरें पहुंचा रही थीं.

    अब से रात 10 बजे तक बीबीसी संवाददाता इफ़्तेख़ार अली आप तक बड़ी ख़बरें पहुंचाएंगे.

    बीबीसी हिंदी के पन्ने पर लगी कुछ अहम ख़बरें पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक्स पर क्लिक करें.

  15. वैभव सूर्यवंशी को ऑस्ट्रेलिया के पूर्व दिग्गज बल्लेबाज़ ने क्या दी सलाह?

    ऑस्ट्रेलिया क्रिकेट टीम के पूर्व सलामी बल्लेबाज मैथ्यू हेडन

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, ऑस्ट्रेलिया क्रिकेट टीम के पूर्व सलामी बल्लेबाज मैथ्यू हेडन (फ़ाइल फ़ोटो)

    ऑस्ट्रेलिया क्रिकेट टीम के पूर्व सलामी बल्लेबाज़ मैथ्यू हेडन ने आईपीएल 2025 में सबसे तेज़ शतक लगाने वाले राजस्थान रॉयल्स के 14 वर्षीय खिलाड़ी वैभव सूर्यवंशी की तारीफ़ की है.

    उन्होंने कहा, "हां, मैंने देखा, मैं उस वक़्त लाइव कमेंट्री कर रहा था. राजस्थान रॉयल्स की जीत युवाओं की वजह से हुई. ये सिर्फ़ क्रिकेट की बात नहीं है, ये उन बच्चों के सपनों की बात है जो खेल के ज़रिए कुछ बनना चाहते हैं, चाहे वो क्रिकेट हो या कोई और खेल."

    "खेल की ख़ूबसूरती यही है कि इसमें कई मौके होते हैं. वो लड़का अपने क्रिकेट साथियों के बीच ज़रूर सराहा जाएगा. हमें बस यही उम्मीद है कि उसे खेल में मज़ा आ रहा हो, बाकी चीज़ें धीरे-धीरे अपने आप हो जाएंगी."

    मैथ्यू हेडन ने कहा, "मेरी उन्हें सलाह है कि बस खेल से प्यार करते रहो. खेल व्यक्तित्व को निखारने का ज़रिया है. यह एक कठिन खेल है. एक शतक लगाने के बाद ही अगली पारी में वह ज़ीरो पर आउट हो गया. यही खेल की सच्चाई है, हमेशा ख़ुद को बेहतर बनाने की कोशिश करते रहो और सबसे ज़रूरी बात यह है कि खेल आपको चुनौती देता है. इसमें टिके रहना ही सबसे अहम है."

    28 अप्रैल को गुजरात टाइटंस और राजस्थान रॉयल्स के मैच में, राजस्थान की ओर से 14 साल के वैभव सूर्यवंशी ने सिर्फ़ 35 गेंदों में शतक लगाया था.

    अपनी शतकीय पारी से वैभव सूर्यवंशी ने आईपीएल के कई रिकॉर्ड्स तोड़े.

  16. ऑस्ट्रेलिया चुनाव: पीएम अल्बनीज़ ने लोकतंत्र की सराहना की, विपक्षी नेता ने सरकार को बताया नाकाम

    ऑस्ट्रेलिया के मौजूदा प्रधानमंत्री एंथनी अल्बनीज़ (बाएं) और विपक्ष के नेता पीटर डटन (दाएं) (फ़ाइल फ़ोटो)

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, ऑस्ट्रेलिया के मौजूदा प्रधानमंत्री एंथनी अल्बनीज़ (बाएं) और विपक्ष के नेता पीटर डटन (दाएं) (फ़ाइल फ़ोटो)

    ऑस्ट्रेलिया के मौजूदा प्रधानमंत्री एंथनी अल्बनीज़ ने अपनी लेबर पार्टी की चुनाव प्रचार टीम को धन्यवाद कहा है.

    सिडनी मॉर्निंग हेराल्ड के मुताबिक, अपने चुनाव अभियान के आख़िरी दिन उन्होंने ऑस्ट्रेलिया की मतदान प्रणाली की सराहना की.

    उन्होंने कहा, "हम एक जीवंत लोकतंत्र में रहते हैं, जहां हर किसी को अपनी बात कहने का अधिकार है और हर किसी का एक वोट, एक मूल्य है.”

    उन्होंने लोगों से कहा कि वे लोकतंत्र को हल्के में न लें.

    वहीं प्रधानमंत्री पद के दूसरे उम्मीदवार कंज़र्वेटिव लिबरल-नेशनल गठबंधन के नेता पीटर डटन ने मतदान करने के बाद मीडिया से कहा, "मुझे भरोसा है कि लोग इस सरकार की नाकामियों को समझ चुके हैं."

    उन्होंने कहा, "इस वक्त बहुत सारे परिवार मुश्किलों से जूझ रहे हैं और देश लेबर सरकार को तीन साल और नहीं झेल सकता."

    पीटर डटन ने इस बात पर ज़ोर दिया कि गठबंधन के पास अर्थव्यवस्था को सुधारने और लोगों की तुरंत मदद करने की एक "सकारात्मक योजना" है.

  17. बीजेपी बोली- कांग्रेस पार्टी हर समय पाकिस्तान की सेना को ऑक्सीजन देने का काम करती है

    बीजेपी सांसद संबित पात्रा

    इमेज स्रोत, ANI/SCREENSNHOT

    इमेज कैप्शन, बीजेपी सांसद संबित पात्रा ने कहा कि कांग्रेस के ऐसे बयानों से सेना का मनोबल गिरता है

    बीजेपी सांसद संबित पात्रा ने पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस सांसद चरणजीत सिंह चन्नी के सर्जिकल स्ट्राइक पर दिए बयान पर प्रेस कॉन्फ्रेंस की.

    उन्होंने कहा, "कांग्रेस पार्टी आतंकी हमलों को गंभीरता से ना लेती हो. मगर उनको ये छूट बिल्कुल नहीं है कि वो देश की सेना के मनोबल को बार-बार गिराए, देश के लोगों की संवेदनाओं के साथ खिलवाड़ करे."

    “कल कांग्रेस वर्किंग कमिटी की बैठक हुई और कुछ प्रस्ताव पारित किए. कांग्रेस वर्किंग कमिटी में जो प्रस्ताव पारित हुए, उसके बाद कांग्रेस पार्टी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस करवाया. एक महत्वपूर्ण राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी ने ये प्रेस कॉन्फ्रेंस की. उन्होंने प्रेस कॉन्फ्रेंस में 2019 में पुलवामा के समय भारत की सेना और वायु सेना ने जो सर्जिकल स्ट्राइक पाकिस्तान के ऊपर किया था वो गलत था और हुआ ही नहीं था.”

    संबित पात्रा ने आगे कहा, “प्रधानमंत्री के 56 इंच के सीने के ऊपर भी उन्होंने प्रश्नचिन्ह लगाया और उनके ऊपर तंज़ कसा. 2019 के सर्जिकल स्ट्राइक को लेकर पाकिस्तान में खलबली मची. पाकिस्तान के तमाम मंत्रियों ने इस विषय को स्वीकारा.”

    उन्होंने कहा कि ऐसे बयानों से सेना का मनोबल गिरता है और पाकिस्तान को फ़ायदा मिलता है.

    संबित पात्रा ने कहा, "कांग्रेस पार्टी हर समय पाकिस्तान की सेना और आतंकियों को ऑक्सीजन सप्लाई करने का काम करती है."

  18. उत्तरी गोवा के श्री लैराई देवी मंदिर में भगदड़ पर क्या बोले प्रमोद सावंत?

    गोवा के मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत

    इमेज स्रोत, ANI/SCREENSHOT

    इमेज कैप्शन, गोवा के मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत ने बताया है कि इस घटना को लेकर केंद्र सरकार ने हरसंभव मदद का आश्वासन भी दिया है

    उत्तरी गोवा के शिरगांव स्थित श्री लैराई देवी मंदिर में मची भगदड़ को लेकर गोवा के मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत ने समाचार एजेंसी एएनआई से बात की है.

    उन्होंने कहा है, “गोवा के शिरगांव में श्री लैराई जात्रा में आज सुबह 4 से 5 बजे के बीच भगदड़ मची, जिसमें छह लोगों की मौत हो गई है और 50 से अधिक लोग घायल हुए हैं. मुझे सुबह 5 बजे इसकी सूचना मिली, जिसके बाद मैं तुरंत घटनास्थल के लिए रवाना हो गया."

    "घायलों का इलाज कम्युनिटी अस्पताल में किया जा रहा है और कुछ गंभीर घायलों को ज़िला अस्पताल में रेफर किया गया है. ज़िला अस्पताल में दो शव रखे गए हैं और 10 अन्य लोग भर्ती हैं, जिन्हें उचित इलाज मिल रहा है.”

    प्रमोद सावंत ने कहा, “इस घटना को लेकर आज सुबह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मुझे फोन किया और पूरे मामले की जानकारी ली. उन्होंने केंद्र सरकार की ओर से हरसंभव मदद का आश्वासन भी दिया.”

    इस घटना को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने शोक जताया है.

    प्रधानमंत्री मोदी के कार्यालय ने एक्स पर लिखा, "गोवा के शिरगांव में भगदड़ की घटना से हुई मौतों से बहुत दुख हुआ है. जिन लोगों ने अपने परिवार के सदस्यों को खोया है, उनके लिए मेरी संवेदनाएं हैं. मैं दुआ करता हूं कि जो लोग घायल हुए हैं, वे जल्दी ठीक हो जाएं. प्रशासन पीड़ितों की मदद करने की पूरी कोशिश कर रहा है."

    वहीं राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु के कार्यालय ने एक्स पर लिखा, "गोवा के शिरगांव में भगदड़ की दुर्भाग्यपूर्ण घटना के बारे में जानकर दुख हुआ, जिसमें कई लोगों की जान चली गई. मैं उन परिवारों के प्रति संवेदना जताता हूं जिन्होंने अपने प्रियजनों को खोया है और घायलों के जल्दी ठीक होने की दुआ करता हूं."

    इसके अलावा, कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने भी इस घटना पर एक्स (पूर्व में ट्विटर) पर एक पोस्ट किया है.

    उन्होंने लिखा, "गोवा के शिरगांव स्थित लैराई देवी मंदिर में वार्षिक यात्रा के दौरान भगदड़ में कई श्रद्धालुओं की मृत्यु और कई लोगों के घायल होने का समाचार बहुत दुखद है. सभी शोकाकुल परिजनों को अपनी गहरी संवेदनाएं व्यक्त करता हूं. साथ ही, सभी घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की आशा करता हूं."

  19. तेजस्वी यादव ने जाति जनगणना को लेकर पीएम मोदी को लिखा पत्र

    बिहार विधानसभा के नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने अपने पत्र में जाति जनगणना को सामाजिक न्याय की ओर पहला क़दम बताया है

    बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने जाति जनगणना को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पत्र लिखा है, जिसे उन्होंने अपने एक्स (पूर्व ट्विटर) अकाउंट पर साझा किया है.

    इस पत्र में उन्होंने लिखा, "आदरणीय प्रधानमंत्री जी, देशभर में जाति जनगणना कराने की आपकी सरकार की हालिया घोषणा के बाद मैं आपको यह पत्र उम्मीद के साथ लिख रहा हूं. कई सालों तक आपकी सरकार और एनडीए गठबंधन ने जाति जनगणना की मांग को यह कहकर ठुकरा दिया कि यह समाज को बांटने वाली और ग़ैर-ज़रूरी है."

    तेजस्वी यादव ने पत्र में बिहार द्वारा अपने स्तर पर शुरू किए गए जाति सर्वेक्षण पर केंद्र सरकार की ओर किए गए प्रश्नों का ज़िक्र किया.

    तेजस्वी यादव ने लिखा, "जब बिहार ने अपने स्तर पर जाति सर्वेक्षण शुरू किया, तो केंद्र सरकार और उसके वरिष्ठ कानून अधिकारियों ने उसमें कई अड़चनें पैदा कीं. आपकी पार्टी के नेताओं ने तो यह तक पूछ लिया कि ऐसे आंकड़े इकट्ठा करने की ज़रूरत ही क्या है. इस मुद्दे पर कई अपमानजनक और असंवेदनशील टिप्पणियां भी की गईं."

    उन्होंने आगे कहा, "अब आपकी सरकार का यह देर से लिया गया फ़ैसला यह दिखाता है कि आप यह मानने लगे हैं कि हमारे समाज के हाशिये पर रह रहे नागरिकों की आवाज़ को अनसुना नहीं किया जा सकता."

    तेजस्वी यादव ने अपने इस पत्र में जाति जनगणना को सामाजिक न्याय की दिशा में पहला क़दम बताया है.

  20. कांग्रेस सांसद चरणजीत सिंह चन्नी के बयान पर विवाद, क्या बोले हरियाणा के सीएम?

    पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस सांसद चरणजीत सिंह चन्नी

    इमेज स्रोत, ANI/SCREENSHOT

    इमेज कैप्शन, पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस सांसद चरणजीत सिंह चन्नी ने पहलगाम हमले के हमलावरों को सज़ा देने की मांग की है

    पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस सांसद चरणजीत सिंह चन्नी के सर्जिकल स्ट्राइक पर दिए गए बयान को लेकर विवाद खड़ा हो गया है. उनके बयान पर हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने प्रतिक्रिया दी है.

    उन्होंने कहा, "यह दुर्भाग्यपूर्ण है. उन्हें दिखाई नहीं देता कि इतना बड़ा हमला हुआ था. उरी में इतना बड़ा हमला हुआ था, वह भी उनको दिखाई नहीं दिया. ये कहीं और की भाषा बोल रहे हैं, अपनी भाषा नहीं बोल रहे हैं."

    वहीं, जम्मू-कश्मीर से बीजेपी नेता रविंदर रैना ने कांग्रेस सांसद चरणजीत सिंह चन्नी के बयान पर कांग्रेस पार्टी को 'ग़द्दारों की टोली' करार दिया.

    उन्होंने कहा, "पाकिस्तान के कब़्ज़े वाले कश्मीर में आतंकवादी ठिकानों पर जो ज़बरदस्त सर्जिकल स्ट्राइक की गई थी. उस सर्जिकल स्ट्राइक के सबूत मांग कर कांग्रेस पार्टी ने एक बार फिर देश के साथ ग़द्दारी की है."

    "कांग्रेस ने भारतीय सेना के शौर्य और पराक्रम पर सवाल खड़े किए हैं. यह कांग्रेस पार्टी ग़द्दारों का एक ऐसा टोला है, जिसने हमेशा भारत माता की पीठ में खंजर घोंपा है."

    शुक्रवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस सांसद चरणजीत सिंह चन्नी ने सर्जिकल स्ट्राइक पर सवाल खड़ा किया था.

    उन्होंने कहा, "आज तक मुझे तो पता नहीं चला कि कहां स्ट्राइक हुए हैं. उस समय बंदे कहां मारे गए थे. वो उस समय पाकिस्तान में कहां हुई थी. हमारे देश में आकर कोई बम गिरे तो पता नहीं चलेगा? कहते हैं कि पाकिस्तान में हमने सर्जिकल स्ट्राइक की. कुछ नहीं हुआ, कहीं नहीं दिखी सर्जिकल स्ट्राइक. किसी को पता नहीं चला."

    "मैं तो हमेशा से सबूत मांगता रहा हूं. लेकिन आज देश के लोगों को ज़रूरत है कि उनके ज़ख़्मों पर मरहम लगाने की. हम मांग करते हैं कि कुछ करो, देश को बताओ, कौन है आदमी और उनको सज़ा दो."