You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.

Take me to the main website

ज़ेलेंस्की से फोन पर क्या बात हुई, डोनाल्ड ट्रंप ने बताया

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और यूक्रेनी राष्ट्रपति वोलोदिमीर ज़ेलेंस्की के बीच बुधवार को फोन पर लंबी बातचीत हुई है.

सारांश

लाइव कवरेज

इफ़्तेख़ार अली और कीर्ति रावत

  1. ग़ज़ा में हमलों के बाद इसराइल ने हमास को दी चेतावनी- ‘यह बस शुरुआत है’

    इसराइल के प्रधानमंत्री बिन्यामिन नेतन्याहू ने मंगलवार की रात कहा कि इसराइल ने ग़ज़ा पट्टी में हमास के ख़िलाफ़ पूरी ताक़त के साथ दोबारा लड़ाई शुरू कर दी है.

    उन्होंने एक वीडिया जारी करके चेतावनी दी कि यह बस शुरुआत है.

    उनका ये बयान तब आया है जब इसराइल ने ग़ज़ा में कई बड़े हवाई हमले किए हैं, जिसे लेकर इसराइल डिफ़ेंस फ़ोर्स ने एक बयान में कहा था कि वह हमास के ‘आतंकी ठिकानों’ को निशाना बना रही है.

    अपने बयान में नेतन्याहू ने कहा कि इसराइल ने इसराइली बंधकों को रिहा करने के लिए हमास के साथ बातचीत करने की कोशिश की थी. उन्होंने हमास पर हर बार प्रस्तावों को ख़ारिज करने का आरोप लगाया है.

    हमास संचालित स्वास्थ्य मंत्रालय ने बताया कि इसराइली हमलों में 400 से ज़्यादा लोग मारे गए हैं और सैकड़ों लोग घायल हुए हैं.

    19 जनवरी को युद्ध विराम शुरू होने के बाद से ग़ज़ा में यह सबसे बड़ा हवाई हमला है. ग़ज़ा युद्ध विराम को आगे बढ़ाने के लिए बातचीत किसी समझौते पर पहुंचने में नाकाम रही है.

  2. ट्रंप से बातचीत के बाद पुतिन ने यूक्रेन की जंग रोकने के लिए रखीं ये शर्तें

    रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने यूक्रेन में तत्काल और पूर्ण युद्धविराम के अमेरिकी प्रस्ताव को ठुकरा दिया है.

    उन्होंने अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के साथ बातचीत के बाद सिर्फ़ ऊर्जा अवसंरचना पर हमलों को रोकने पर सहमति जताई है.

    पुतिन ने एक महीने तक चलने वाले व्यापक युद्धविराम पर हस्ताक्षर करने से इनकार कर दिया है, जिस पर ट्रंप की टीम ने हाल ही में सऊदी अरब में यूक्रेनियों के साथ काम किया था.

    उन्होंने कहा कि व्यापक युद्धविराम तभी संभव है जब यूक्रेन के साथ विदेशी सैन्य सहायता और खुफ़िया जानकारी का आदान-प्रदान बंद हो जाए.

    हालांकि यूक्रेन के यूरोपीय सहयोगियों ने पहले भी ऐसी शर्तों को ख़ारिज किया है.

    तीन साल से चल रहे इस युद्ध में रूस हाल ही में कुर्स्क क्षेत्र में अपने उस क्षेत्र को वापस ले रहा है जो छह महीने पहले यूक्रेनी आक्रमण के दौरान कब्ज़ा कर लिया गया था.

    पिछले हफ़्ते सऊदी अरब में अमेरिकी प्रतिनिधियों के साथ हुई बातचीत में यूक्रेन ने अमेरिका के 30 तीनों के युद्धविराम के प्रस्ताव पर अपनी सहमति दे दी है.

  3. सुनीता विलियम्स और बुच विलमोर की घर वापसी, देखिए तस्वीरें

    नौ महीने अंतरिक्ष में बिताने के बाद अंतरिक्ष यात्री सुनीता विलियम्स और बुच विलमोर धरती पर पहुंच गए हैं. दोनों ही जब अंतरिक्ष यान से बाहर निकले तो उनके चेहरे पर मुस्कान थी. देखिए उनके इस सफ़र की तस्वीरें.

  4. ब्रेकिंग न्यूज़, सुनीता विलियम्स और बुच विलमोर नौ महीने अंतरिक्ष में बिताने के बाद धरती पर पहुंचे

    अंतरिक्ष यात्री सुनीता विलियम्स और बुच विलमोर नौ महीने अंतरिक्ष में बिताने के बाद धरती पर वापस आ गए हैं.

    भारतीय समयानुसार तड़के 3 बजकर 27 मिनट पर चार अंतरिक्ष यात्रियों को लाने वाला कैप्सूल फ़्लोरिडा के तट के पास समंदर में गिरा.

    दोनों ही जब अंतरिक्ष यान से बाहर निकले तो उनके चेहरे पर मुस्कान थी. उन्हें घरती पर पहुंचने में 17 घंटे लग गए.

    उनके यान ने पृथ्वी के वायुमंडल में तेज़ी से दोबारा प्रवेश किया, जिसके बाद चार पैराशूट खुले और उन्हें फ्लोरिडा के तट पर धीरे से नीचे उतारा गया.

    नासा के वाणिज्यिक क्रू कार्यक्रम के प्रबंधक स्टीव स्टिच ने क्रू मेंबर की तारीफ़ की.

    सुनीता विलियम्स और बुच विलमोर ने 5 जून 2024 को परीक्षण यान स्टारलाइनर से आईएसएस के लिए उड़ान भरी थी.

    वहां आठ दिन गुजारने के बाद उनकी वापसी थी लेकिन यान में ख़राबी के कारण यह अटक गई थी.

  5. नमस्कार!

    बीबीसी हिंदी के लाइव पेज में आपका स्वागत है. मैं बीबीसी संवाददाता इफ़्तेख़ार अली अब से दोपहर दो बजे तक आप तक अहम ख़बरें पहुंचाऊंगा.

    फ़िलहाल, हमारे होम पेज पर मौजूद कुछ अहम ख़बरों को आप नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करके पढ़ सकते हैं.

    कल के लाइव पेज की ख़बरों को पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें.