You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.

Take me to the main website

दिल्ली वायु प्रदूषण: एक्यूआई के 450 पार पहुंचने के बाद जीआरएपी-4 की घोषणा

दिल्ली-एनसीआर में वायु की ख़राब हो रही गुणवत्ता की वजह से कमीशन फ़ॉर एयर क्वालिटी मैनेजमेंट (सीएक्यूएम) ने दिल्ली-एनसीआर में ग्रेडेड रेस्पांस एक्शन प्लान (जीआरएपी) का चौथा चरण लागू कर दिया है.

सारांश

  • मणिपुर में भड़की हिंसा के बाद नेशनल पीपल्स पार्टी ने राज्य में बीजेपी के नेतृत्व वाली गठबंधन सरकार से अपना समर्थन वापस ले लिया है.
  • प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को मिला नाइजीरिया का राष्ट्रीय सम्मान, बोले- ये 140 करोड़ भारतीयों का सम्मान.
  • पीएम मोदी ब्राज़ील, नाइजीरिया और गुयाना की पांच दिवसीय यात्रा के पहले पड़ाव में नाइजीरिया पहुंचे हैं.
  • दिल्ली सरकार में परिवहन मंत्री कैलाश गहलोत ने मंत्री पद और आम आदमी पार्टी से इस्तीफ़ा दे दिया है.
  • बीती रात रूस ने यूक्रेन की कई जगहों पर मिसाइलों और ड्रोन से हमले किए हैं.
  • यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर ज़ेलेंस्की ने कहा है कि यूक्रेन एक आज़ाद देश है और अब यह नहीं चल सकता कि 'हम केवल बैठकर सुनेंगे.'

लाइव कवरेज

अभिषेक पोद्दार, कीर्ति रावत

  1. योगी के ‘बंटेंगे तो कटेंगे’ वाले नारे पर केशव प्रसाद मौर्य ने क्या कहा

    उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य से शनिवार को फूलपुर में योगी आदित्यनाथ के नारे ‘बंटेंगे तो कटेंगे’ पर सवाल पूछा गया.

    इस पर केशव प्रसाद मौर्य ने कहा, “मुख्यमंत्री कुछ भी बोलते हैं तो आप उस पर आप मुझसे टिप्पणी क्यों लेना चाहते हैं. मुख्यमंत्री ने जो भी कहा है अगर उस पर कोई सवाल है तो उनसे ही पूछना चाहिए."

    उन्होंने यह भी भरोसा जताया कि उत्तर प्रदेश में होने वाले उपचुनाव में बीजेपी को ही जीत मिलेगी.

    यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का नारा ‘बंटेंगे तो कटेंगे’ हरियाणा चुनाव के वक़्त भी ख़ासा चर्चा में रहा था. अब महाराष्ट्र चुनाव में भी इस नारे की बहुत चर्चा है.

    लेकिन महाराष्ट्र में महायुति गठबंधन के भीतर ही योगी के इस नारे को लेकर असहजता की स्थिति बनी हुई है.

    महायुति गठबंधन में शिवसेना (शिंदे गुट), एनसीपी (अजित पवार गुट) और बीजेपी सहित दूसरी और पार्टियां भी हैं.

    महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री अजित पवार और बीजेपी की नेता पंकजा मुंडे भी योगी के इस नारे से कन्नी काटते नज़र आ चुके हैं.

  2. ज़ेलेंस्की ने कहा- यूक्रेन एक आज़ाद देश और हम केवल सुनेंगे नहीं

    यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर ज़ेलेंस्की ने कहा है कि यूक्रेन एक आज़ाद देश है और अब यह नहीं चल सकता कि हम केवल बैठकर सुनेंगे.

    शुक्रवार को ज़ेलेंस्की ने यूक्रेन के सरकारी रेडियो को एक इंटरव्यू दिया था. इस इंटरव्यू में ज़ेलेंस्की ने रूस से जारी जंग पर कई सवालों का जवाब दिया.

    ज़ेलेंस्की से कहा गया, "युद्ध को ख़त्म करने की बातचीत में अमेरिका केवल मध्यस्थ के तौर पर नहीं है बल्कि वह एक ऐसा देश है जो यूक्रेन को भारी सहायता दे रहा है और बातचीत के लिए प्रोत्साहित कर रहा है."

    ज़ेलेंस्की से पूछा गया, “डोनाल्ड ट्रंप से बातचीत के दौरान आपको क्या संदेश मिला. जैसा कि वे कहते थे कि मैं राष्ट्रपति बनूंगा और बातचीत करूंगा. यह कैसा है?”

    इस पर ज़ेलेंस्की ने हंसते हुए कहा, “मुझे नहीं लगता कि वह ऐसा कहते हैं. हम एक स्वतंत्र देश हैं. युद्ध के दौरान हमारे लोगों और मैंने अमेरिका, ट्रंप, बाइडन और दूसरे यूरोपीय देशों को यह साबित कर दिया है कि, हमारे साथ बैठो और सुनो की धारणा काम नहीं कर रही है.”

    ज़ेलेंस्की के इस इंटरव्यू के एक हिस्से को एलन मस्क ने भी शेयर करते हुए कहा, "उनका सेंस ऑफ़ ह्यूमर ग़ज़ब का है."

    ज़ेलेंस्की यह भी कह चुके हैं कि डोनाल्ड ट्रंप जब अमेरिका के राष्ट्रपति बन जाएंगे तो रूस के साथ चल रहा युद्ध भी ख़त्म हो जाएगा.

    ज़ेलेंस्की का कहना था, “मुझे यकीन है कि रूस के साथ युद्ध जितनी जल्दी ख़त्म होना चाहिए था, उससे भी जल्दी खत्म होगा, जब डोनाल्ड ट्रंप अमेरिका के राष्ट्रपति बनेंगे."

  3. मणिपुर की इंफ़ाल घाटी में लगा कर्फ़्यू, राज्य की स्थिति पर राहुल गांधी क्या बोले

    मणिपुर और असम की सीमा के पास जिरी नदी में शुक्रवार को एक महिला और दो बच्चों के शव मिलने के बाद एक बार फ़िर से मणिपुर में हिंसा भड़क गई है.

    मणिपुर में शनिवार को भीड़ ने इंफ़ाल घाटी के कई विधायकों और मंत्रियों के घरों पर हमला कर दिया था. भीड़ ने कई गाड़ियों को भी आग के हवाले कर दिया.

    मणिपुर की स्थिति पर लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने एक एक्स पोस्ट के ज़रिए प्रतिक्रिया ज़ाहिर की है.

    उन्होंने लिखा, “हाल ही में मणिपुर में हुई हिंसक झड़पों और लगातार हो रहे खून-ख़राबे ने गहरी चिंताएं पैदा कर दी हैं. एक साल से अधिक समय तक विभाजन और पीड़ा के बाद, हर भारतीय की यह आशा थी कि केंद्र और राज्य सरकारें सुलह के लिए हर संभव प्रयास करेंगी और कोई समाधान निकालेंगी.”

    राहुल गांधी ने कहा, “मैं प्रधानमंत्री से एक बार फिर मणिपुर आने और क्षेत्र में शांति और सुधार की दिशा में काम करने का आग्रह करता हूं.”

    इंफाल वेस्ट के पुलिस अधीक्षक मेघचंद्रा ने भी बताया है कि इंफ़ाल घाटी में भीड़ ने हिंसा की है.

    उन्होंने बीबीसी से कहा, "ज़िले में बिगड़ते माहौल के मद्देनज़र कर्फ़्यू लागू कर दिया गया है. संवेदनशील जगहों पर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है."

  4. नाइजीरिया पहुँचे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का गर्मजोशी से स्वागत

    प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की नाइजीरिया, ब्राज़ील और गुयाना की पांच दिवसीय यात्रा शुरू हो गई है.

    इस यात्रा के अपने पहले पड़ाव में नरेंद्र मोदी शनिवार की रात नाइजीरिया की राजधानी अबूजा पहुंचे.

    अबूजा एयरपोर्ट पर नाइजीरिया के राष्ट्रपति बोला अहमद तिनाबू ने प्रधानमंत्री मोदी का स्वागत किया.

    प्रधानमंत्री ने इस अगवानी के लिए नाइजीरिया के राष्ट्रपति का शुक्रिया अदा किया. उन्होंने इस यात्रा से दोनों देशों के द्विपक्षीय संबंधों के और गहरा होने की उम्मीद भी जताई.

    प्रधानमंत्री ने अपनी एक ‘एक्स’ पोस्ट में लिखा, राष्ट्रपति तिनाबू का शुक्रिया. थोड़ी देर पहले नाइजीरिया पहुंचा. गर्मजोशी से स्वागत के लिए आभारी हूं. उम्मीद है यह यात्रा दोनों देशों के बीच द्विपक्षीय मित्रता और संबंधों को और गहरा करेगी.

    नाइजीरिया की राजधानी अबूजा में भारतीय समुदाय के लोगों ने भी प्रधानमंत्री का गर्मजोशी से स्वागत किया.

    अपनी नाइजीरिया की यात्रा के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ब्राज़ील रवाना होंगे. वहां पर वह जी-20 सम्मेलन में हिस्सा लेंगे.

    पीआईबी की प्रेस रिलीज के अनुसार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी गुयाना के राष्ट्रपति मोहम्मद इरफ़ान अली के बुलावे पर वहां जाएंगे. यह पिछले 50 सालों में किसी भारतीय प्रधानमंत्री की पहली गुयाना यात्रा भी होगी.

  5. नमस्कार,

    आज दोपहर के दो बजे तक बीबीसी संवाददाता अभिषेक पोद्दार आप सभी तक बड़ी ख़बरों को पहुंचाएंगे.

    बीबीसी हिंदी के होम पेज पर जाने के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं.

    कल के लाइव पन्ने की ख़बरों को पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें.

    इस वक़्त हमारे पेज पर मौजूद कुछ बड़ी ख़बरें-

    - अस्पतालों में आग लगने के इतने मामले क्यों सामने आते हैं? इस ख़बर को पढ़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें.

    - चैंपियंस ट्रॉफ़ी टूर के लिए आईसीसी के शेड्यूल में मुज़फ़्फ़राबाद का नाम नहीं, पीसीबी ने किया था दावा- इस ख़बर को पढ़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें.

    - सऊदी अरब और ईरान: आमने-सामने रहने वाले दो देशों के क़रीब आने के क्या हैं मायने? इस ख़बर को पढ़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें.

    - ट्रंप के अमेरिका का राष्ट्रपति चुने जाने के एक हफ़्ते के भीतर हुई पांच बड़ी बातें- इस ख़बर को पढ़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें.