You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.

Take me to the main website

चीन में 21 साल के युवक ने किया चाकू से हमला, आठ की मौत और 17 घायल

चीन के वूशी शहर में एक कॉलेज में हुई चाकूबाज़ी की घटना में 8 लोगों की मौत हो गई है, वहीं 17 लोग घायल हैं.

सारांश

  • उत्तर प्रदेश में झांसी के महारानी लक्ष्मीबाई मेडिकल कॉलेज में लगी आग से 10 बच्चों की मौत पर राज्य सरकार ने सहायता राशि देने का एलान कर दिया है.
  • उत्तर प्रदेश के झांसी में महारानी लक्ष्मीबाई मेडिकल कॉलेज में आग लगने के मामले में जिला मैजिस्ट्रेट अविनाश कुमार ने कहा है कि सात नवजातों के शवों की पहचान कर ली गई है.
  • असम-मणिपुर सीमा के निकट जिरी नदी में शुक्रवार को एक महिला और दो बच्चों के शव बरामद होने की ख़बर आई थी.
  • बिहार के राजगीर में हो रही महिला एशियन चैंपियंस ट्रॉफी के एक मैच में शनिवार को भारतीय महिला हॉकी टीम ने चीन को 3-0 से हरा दिया.
  • शिरोमणि अकाली दल के अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल ने पार्टी की वर्किंग कमेटी को अपना इस्तीफ़ा दे दिया है.
  • झांसी के अस्पताल में आग लगने से 10 बच्चों की मौत पर योगी आदित्यनाथ, केशव प्रसाद मौर्य और ब्रजेश पाठक ने जताया दुख.
  • झांसी मेडिकल कॉलेज: प्रधानमंत्री कार्यालय की तरफ़ से भी सहायता राशि का एलान कर दिया गया है.

लाइव कवरेज

अभिषेक पोद्दार, कीर्ति रावत

  1. मणिपुर हिंसाः जिरीबाम में एक महिला और 2 बच्चों के शव बरामद, दिलीप कुमार शर्मा, गुवाहाटी से बीबीसी हिंदी के लिए

    असम सीमा के पास मणिपुर के हिंसाग्रस्त जिरीबाम ज़िले में शुक्रवार की शाम एक महिला और दो बच्चों के शव बरामद किए गए हैं. ये शव ज़िले के जिरीमुक गांव के पास जिरी नदी में तैरते हुए मिले.

    पिछले सोमवार, 11 नवंबर को जिरीबाम के बोरोबेकरा थाना क्षेत्र में सीआरपीएफ़ के साथ हुई कथित मुठभेड़ में 10 आदिवासी युवाओं की मौत हो गई थी. सुरक्षाबलों के अनुसार मारे संदिग्ध चरमपंथी थे.

    इसी दिन शाम को पता चला कि बोरोबेकरा थाने के पास स्थित एक राहत शिविर से एक ही परिवार के छह सदस्य लापता हो गए थे. इनमें एक 60 साल की एक बुज़ुर्ग महिला समेत तीन महिलाएं और तीन बच्चे शामिल थे.

    इसके पांच दिन बाद शुक्रवार को एक महिला और दो बच्चों के शव बरामद हुए.

    प्रशासन ने क्या कहा

    स्थानीय मीडिया रिपोर्टों में कहा गया है कि ये शव लापता लोगों के ही हैं, लेकिन पुलिस ने कहा है कि शवों की अभी पहचान नहीं हुई है.

    शव बरामद होने वाली जगह राहत शिविर से करीब 20 किलोमीटर दूर बताई जा रही है. स्थानीय लोगों के अनुसार, “नदी में मिले शव सड़ी-गली हालत में थे.”

    कछार ज़िले के पुलिस अधीक्षक नुमुल महत्ता ने कहा, "यह शव मणिपुर की तरफ मिले हैं."

    असम पुलिस की एक दूसरी जानकारी के अनुसार, तीनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए सिलचर मेडिकल कॉलेज और अस्पताल लाया गया है और अभी उनकी पहचान का पता लगाया जा रहा है.

    पुलिस का कहना कि जब तक शवों की शिनाख़्त नहीं हो जाती, तब तक यह नहीं कहा जा सकता कि ये तीनों शव लापता हुए लोगों के ही हैं.

    जब स्थानीय लोगों ने नदी में शवों को तैरता देखा तो इसकी सूचना पुलिस को दी. इस बीच मौके पर पहुंचे असम राइफ़ल्स के जवानों ने शवों को बरामद किया.

    मैतेई समुदाय के कई प्रमुख संगठनों का आरोप है कि मुठभेड़ की घटना वाले दिन संदिग्ध चरमपंथियों ने एक परिवार के छह सदस्यों का अपहरण कर लिया था.

    लापता लोगों की तलाश में व्यापक अभियान

    मैतेई समुदाय के संगठनों के मुताबिक़, ये सभी छह लोग मैतेई समुदाय से हैं और जून में इलाके में हुई हिंसा के बाद से बोरोबेकरा पुलिस स्टेशन में स्थापित एक राहत शिविर में रह रहे थे.

    इन लापता लोगों को बचाने के लिए पुलिस और केंद्रीय सुरक्षाबलों की टीमों ने इलाके में व्यापक तलाशी अभियान चला रखा है.

    महिलाओं और बच्चों के लापता होने को लेकर इंफाल और जिरीबाम में लगातार विरोध प्रदर्शन हो रहे हैं.

    मणिपुर में मैतेई समुदाय के प्रमुख संगठन कोऑर्डिनेटिंग कमेटी ऑन मणिपुर इंटीग्रिटी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को एक चिट्ठी भेजकर उनके हस्तक्षेप की अपील भी की थी.

    जिरीबाम में 7 नवंबर को हथियारबंद चरमपंथियों ने एक कुकी कबीले की महिला को गोली मारने के बाद उनको कथित तौर पर मकान समेत जला दिया था. इस घटना के बाद से मणिपुर के जिरीबाम में लगातार हिंसा हो रही है.

  2. झांसी मेडिकल कॉलेज के चीफ़ सुपरिंटेंडेंट ने घायल नवजात की स्थिति पर क्या कहा

    उत्तर प्रदेश के झांसी के महारानी लक्ष्मीबाई मेडिकल कॉलेज के चीफ़ मेडिकल सुपरिंटेंडेंट (मुख्य चिकित्सा अधीक्षक) का बयान सामने आया है.

    कॉलेज के मुख्य चिकित्सा अधीक्षक सचिन महोर ने समाचार एजेंसी एएनआई को दिए बयान में कहा, “कल रात साढ़े 10 से पौने 11 के बीच एनआईसीयू वार्ड में शॉर्ट सर्किट से आग लग गई. उस समय वहां पर 49 बच्चे भर्ती थे. जैसे ही आग लगी हमारे स्टाफ़ उनके रेस्क्यू में लगे. बाद में फ़ायर ब्रिगेड आई. हमने 39 बच्चों को रेस्क्यू कर लिया. 10 बच्चों की मृत्यु हो गई.”

    घायल बच्चों की स्थिति पर उन्होंने बताया, “अभी सुबह लगभग साढ़े नौ बजे की स्थिति के अनुसार सभी बच्चे सुरक्षित हैं. जिनकी मृत्यु हुई है उसमें तीन बच्चे पहचान में नहीं आ रहे हैं. लेकिन हम उनके पहचान की कोशिश कर रहे हैं. उस रूम में ज़्यादातर बच्चे ऑक्सीजन सपोर्ट पर ही रहते हैं. जिस वजह से स्पार्क भी फ़ैल गया.”

    लापरवाही के सवाल पर उन्होंने कहा, “ऐसा नहीं कहा जा सकता है कि लापरवाही की वजह से ऐसी घटना हुई है.”

  3. झांसी मेडिकल कॉलेज: कांग्रेस की प्रतिक्रिया आई सामने, प्रियंका गांधी ने घटना पर क्या कहा

    उत्तर प्रदेश के झांसी में सरकारी मेडिकल कॉलेज और अस्पताल में आग लगने से 10 नवजात की मौत पर कांग्रेस की प्रतिक्रिया सामने आ गई है.

    कांग्रेस की महासचिव प्रियंका गांधी ने एक्स पर पोस्ट करते हुए घटना पर प्रतिक्रिया दी है.

    प्रियंका गांधी ने अपनी पोस्ट में लिखा, “झांसी के महारानी लक्ष्मीबाई मेडिकल कॉलेज से दहला देने वाली ख़बर आई है, जहां नवजात शिशुओं के सघन चिकित्सा कक्ष में आग लग जाने की वजह से दस बच्चों की मौत हो गई है.”

    प्रियंका ने लिखा, “शोक और सांत्वना के शब्द इस महाविपत्ति के समय व्यर्थ हैं. हम लोग इस मुश्किल परिस्थिति में परिजनों और अभिभावकों के साथ खड़े हैं.”

    इस घटना पर यूपी सरकार ने मृतकों के परिजनों को पांच-पांच लाख रुपये और घायलों के लिए 50-50 हज़ार रुपये की सहायता राशि देने का एलान भी कर दिया है.

  4. झांसी मेडिकल कॉलेज घटना पर पूर्व सीएम मायावती ने कहा, ‘भरपाई है असंभव’

    उत्तर प्रदेश के झांसी के सरकारी मेडिकल कॉलेज में आग लगने से 10 नवजात बच्चों की मौत पर बसपा प्रमुख और पूर्व मुख्यमंत्री मायावती ने प्रतिक्रिया दी है.

    मायावती ने अपने एक्स हैंडल से एक पोस्ट में लिखा, "यूपी, झांसी के महारानी लक्ष्मीबाई मेडिकल कालेज में आग लगने से 10 नवजात बच्चों की मौत की अति-दुखद घटना से कोहराम व आक्रोश स्वाभाविक है."

    “ऐसी घातक लापरवाही के लिए दोषियों को सख़्त क़ानूनी सज़ा ज़रूरी है. ऐसी घटनाओं की भरपाई असंभव है फिर भी सरकार पीड़ित परिवारों की हर प्रकार से मदद जरूर करे.”

    शुक्रवार की रात झांसी महारानी लक्ष्मीबाई मेडिकल कॉलेज में आग लगने की घटना से 10 नवजात की मौत हो गई थी.

    सरकार ने प्रधानमंत्री राहत कोष से मृतक बच्चों के परिजनों को दो लाख रुपये और घायल बच्चों के लिए 50 हज़ार रुपये की आर्थिक मदद की घोषणा की है.

  5. झांसी मेडिकल कॉलेज: प्रधानमंत्री कार्यालय ने सहायता राशि का किया एलान

    उत्तर प्रदेश के झांसी के सरकारी मेडिकल कॉलेज और अस्पताल में आग लगने से 10 बच्चों की मौतों के मामले में प्रधानमंत्री कार्यालय की तरफ़ से भी सहायता राशि का एलान कर दिया गया है.

    प्रधानमंत्री ऑफ़िस (पीएमओ) के आधिकारिक एक्स हैंडल से एक पोस्ट में सहायता राशि का एलान किया गया है.

    पीएमओ की पोस्ट के मुताबिक़, “घटना में मृतक नवजात के परिजन को प्रधानमंत्री राहत कोष से दो लाख रुपये की सहायता राशि दी जाएगी. जबकि घायल हुए बच्चों को 50 हज़ार रुपये की सहायता राशि मिलेगी.”

    उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री ऑफ़िस (सीएमओ) ने भी घटना में सहायता राशि का एलान किया है.

    यूपी सीएमओ ने घोषणा की है कि, “मृतक नवजात के परिजनों को पांच-पांच लाख रुपये और घायल नवजात को 50-50 हज़ार रुपये की सहायता राशि देने का निर्देश दिया गया है.”

  6. झांसी मेडिकल कॉलेज: अखिलेश यादव ने कहा- 'मृतक बच्चों के परिजनों को 1-1 करोड़ रुपये की सहायता राशि दे सरकार'

    झांसी मेडिकल कॉलेज में आग लगने से 10 बच्चों की मौत पर यूपी की मुख्य विपक्षी पार्टी समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव की प्रतिक्रिया सामने आई है.

    अखिलेश ने एक्स पर एक पोस्ट में लिखा, “झांसी मेडिकल कॉलेज में आग लगने से 10 बच्चों की मृत्यु एवं कई बच्चों के घायल होने का समाचार बेहद दुखद एवं चिंताजनक है. सबके प्रति संवेदनात्मक श्रद्धांजलि. आग का कारण ‘ऑक्सीजन कॉन्संट्रेटर’ में आग लगना बताया जा रहा है.”

    अखिलेश ने कहा, “ये सीधे-सीधे चिकत्सीय प्रबंधन व प्रशासन की लापरवाही का मामला है या फिर ख़राब क्वॉलिटी के ऑक्सीजन कॉन्संट्रेटर का. इस मामले में सभी ज़िम्मेदार लोगों पर दंडात्मक कार्रवाई हो.”

    यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ पर निशाना साधते हुए अखिलेश ने कहा, “मुख्यमंत्री जी चुनावी प्रचार छोड़कर, ‘सब ठीक होने के झूठे दावे’ छोड़कर स्वास्थ्य और चिकित्सा की बदहाली पर ध्यान देना चाहिए. जिन्होंने अपने बच्चे गंवाएं हैं, वो परिवारवाले ही इसका दुख-दर्द समझ सकते हैं. ये सरकारी ही नहीं, नैतिक ज़िम्मेदारी भी है. आशा है चुनावी राजनीति करने वाले पारिवारिक विपदा की इस घड़ी में इसकी सच्ची जाँच करवाएंगे.”

    अखिलेश ने मांग करते हुए कहा, “सबसे पहले यूपी भाजपा सरकार समस्त झुलसे बच्चों के लिए विश्वस्तरीय चिकित्सा व्यवस्था उपलब्ध कराए और जिन्होंने अपने बच्चों को खोया है, उन समस्त शोक संतप्त परिवारों को 1-1 करोड़ संवेदना राशि दे.”

    इससे पहले सामजवादी पार्टी की मीडिया सेल ने अपनी पोस्ट में घटना के लिए सीधे तौर पर यूपी की बीजेपी सरकार को ज़िम्मेदार बताया था.

  7. झांसी मेडिकल कॉलेज: यूपी सरकार ने किया सहायता राशि का एलान, पीएमओ ने घटना पर क्या कहा?

    उत्तर प्रदेश में झांसी के महारानी लक्ष्मीबाई मेडिकल कॉलेज में लगी आग से 10 बच्चों की मौत पर राज्य सरकार ने सहायता राशि देने का एलान कर दिया है.

    उत्तर प्रदेश मुख्यमंत्री ऑफ़िस की एक्स पोस्ट के मुताबिक़, "मृतक बच्चों के परिजनों को पांच-पांच लाख रुपये और घायलों के परिजनों को 50-50 हज़ार की सहायता राशि मुख्यमंत्री राहत कोष से तुरंत दिए जाने का निर्देश दिया गया है. सीएम ने झांसी के कमीश्नर और डीआईजी को भी 12 घंटे में घटना के संबंध में रिपोर्ट देने का निर्देश दिया है."

    प्रधानमंत्री के ऑफ़िस (पीएमओ) ने भी इस घटना पर प्रतिक्रिया ज़ाहिर की है. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ऑफ़िस ने अपनी एक्स पोस्ट में घटना पर दुख ज़ाहिर किया है.

    पीएमओ ने अपनी पोस्ट में लिखा, “हृदय विदारक! उत्तर प्रदेश में झांसी के मेडिकल कॉलेज में आग लगने से हुआ हादसा मन को व्यथित करने वाला है”

    पीएमओ की पोस्ट के मुताबिक़, “इसमें जिन्होंने अपने मासूम बच्चों को खो दिया है, उनके प्रति मेरी गहरी शोक-संवेदनाएं हैं. ईश्वर से प्रार्थना है कि उन्हें इस अपार दुख को सहने की शक्ति दे. राज्य सरकार की देख-रेख में स्थानीय प्रशासन राहत और बचाव के हरसंभव प्रयास में जुटा है.”

  8. झांसी मेडिकल कॉलेज: राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने घटना पर क्या प्रतिक्रिया दी

    उत्तर प्रदेश के झांसी में महारानी लक्ष्मीबाई मेडिकल कॉलेज में आग लगने से 10 नवजात की मौत पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने भी दुख व्यक्त किया है.

    राष्ट्रपति मुर्मू ने अपने एक्स हैंडल पर एक पोस्ट में लिखा, “उत्तर प्रदेश में महारानी लक्ष्मीबाई मेडिकल कॉलेज, झांसी में हुई दुर्घटना में कई नवजात शिशुओं की मृत्यु का समाचार अत्यंत हृदय विदारक है. ईश्वर, शोक संतप्त माता-पिता और परिवारजनों को, यह क्रूर आघात सहन करने की शक्ति प्रदान करें. मैं घायल हुए शिशुओं के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करती हूं.”

    इससे पहले उत्तर प्रदेश के डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक झांसी के अस्पताल पहुंचे. मीडिया को दिए बयान में उन्होंने बताया कि घटना के उच्चस्तरीय जांच के आदेश दे दिए गए हैं. अगर किसी की लापरवाही से यह हुआ है तो उस पर सख़्त से सख़्त कार्रवाई की जाएगी.

    यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ ने भी एक्स पर पोस्ट करते हुए दुख व्यक्त किया था. उन्होंने अधिकारियों को राहत और बचाव कार्य चलाने का निर्देश भी दे दिया है.

    शुक्रवार की रात झांसी के महारानी लक्ष्मीबाई मेडिकल कॉलेज में आग लगने से 10 नवजात की मौत हो गई थी.

  9. झांसी मेडिकल कॉलेज: डिप्टी सीएम ने घटनास्थल पर पहुंचकर घटना की जांच पर क्या दिया बयान

    झांसी के महारानी लक्ष्मीबाई मेडिकल कॉलेज में आग लगने से 10 नवजात की मौत की घटना के बाद यूपी के उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक झांसी पहुंचे हैं.

    उन्होंने सरकारी सहायता, आगे की कार्रवाई और घटना के कारणों पर मीडिया के सवालों का जवाब दिया.

    ब्रजेश पाठक ने कहा, "हम परिजनों के साथ मिलकर बच्चों की पहचान कर रहे हैं. घटना के उच्च स्तरीय जांच के आदेश दे दिए गए हैं. पहली जांच शासन स्तर पर होगी, जो कि स्वास्थ्य विभाग करेगा. दूसरी जांच पुलिस प्रशासन की तरफ से की जाएगी. जिसमें फायर विभाग की टीम भी शामिल होगी. तीसरी जांच मजिस्ट्रेट के स्तर पर होगी. हर हाल में घटना की जांच की जाएगी. जो भी कारण होंगे वे प्रदेश की जनता के सामने रखे जाएंगे."

    आगे की सरकारी कार्रवाई पर उन्होंने कहा, “घटना कैसे हुई, किन कारणों से हुई, हम इस बात का पता लगाएंगे और अगर किसी स्तर पर लापरवाही पाई गई तो उसकी ज़िम्मेदारी तय करेंगे और सख़्त कार्रवाई करेंगे. किसी को छोड़ा नहीं जाएगा."

    उपमुख्यमंत्री ने कहा, "हम यह ज़रूर तय करेंगे कि क्या किसी लापरवाही से आग लगी है. अगर लापरवाही नहीं है, हादसा है तो उसकी भी जांच रिपोर्ट सामने रखी जाएगी. हमने शुरुआती तौर पर, डॉक्टरों, नर्सों और पैरामेडिकल स्टाफ़ से बात की है. सबने बहुत बहादुरी के साथ बच्चों को बचाया है. बड़ी संख्या में बच्चों को रेस्क्यू किया गया है. जो महिलाएं भर्ती थीं उनको भी रेस्क्यू किया गया है."

    ब्रजेश पाठक ने अस्पताल के फ़ायर सेफ़्टी ऑडिट से जुड़े सवाल पर कहा, “फ़रवरी में अस्पताल का फ़ायर सेफ़्टी ऑडिट हुआ था. जून में मॉक ड्रिल भी किया गया था. लेकिन यह घटना क्यों और कैसे हुई, यह जांच रिपोर्ट आने के बाद ही पता चलेगा.”

  10. झांसी की घटना पर यूपी के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और ब्रजेश पाठक ने क्या कहा

    शुक्रवार की रात उत्तर प्रदेश के झांसी में महारानी लक्ष्मीबाई मेडिकल कॉलेज में भीषण आग लगने से 10 बच्चों की मौत हो गई है.

    झांसी के ज़िलाअधिकारी ने 10 बच्चों के मृत्यु की सूचना दी थी.

    झांसी की इस घटना पर उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और ब्रजेश पाठक का बयान सामने आया है. ब्रजेश पाठक झांसी के महारानी लक्ष्मीबाई अस्पताल पहुंच भी चुके हैं.

    उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने अपने एक्स अकाउंट पर एक पोस्ट करते हुए लिखा, “जनपद झांसी स्थित मेडिकल कॉलेज के शिशु वार्ड (एसएनसीयू) में शॉर्ट सर्किट से आग लगने की दुर्घटना में कई शिशुओं के निधन की सूचना बहुत दुखद है.”

    केशव प्रसाद मौर्य ने अपने ट्वीट में घायल बच्चों के जल्द से जल्द स्वस्थ होने की कामना भी की.

    यूपी के दूसरे उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने एक्स हैंडल पर लिखा, “झांसी के महारानी लक्ष्मीबाई मेडिकल कॉलेज के नवजात शिशु गहन चिकित्सा कक्ष (एसएनसीयू वार्ड) में आग लगने की दुर्घटना में कई नवजात बच्चों की मृत्यु बेहद दुखद है.”

    उन्होंने लिखा, “ज़िला प्रशासन और संबंधित अधिकारियों को युद्ध स्तर पर राहत और बचाव कार्यों को चलाने का निर्देश दे दिया गया है. मैं खुद दुर्घटनास्थल पर पहुंच रहा हूं.”

  11. नमस्कार,

    आज दोपहर के दो बजे तक बीबीसी संवाददाता अभिषेक पोद्दार आप सभी तक बड़ी ख़बरों को पहुंचाएंगे.

    बीबीसी हिंदी के होम पेज पर जाने के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं.

    कल के लाइव पन्ने की ख़बरों को पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें.

    इस वक़्त हमारे पेज पर मौजूद कुछ बड़ी ख़बरें-

    - ट्रंप प्रशासन में मंत्री बनने जा रहे लोग भारत-पाकिस्तान और चीन के बारे में क्या सोचते हैं? इस ख़बर को पढ़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें.

    - इसराइल और हमास के बीच क़तर क्यों नहीं करा पाया शांति समझौता? इस ख़बर को पढ़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें.

    - झारखंड का वो इलाका, जहां औरतें खुले में नहाने और शौच करने को मजबूर हैं- इस ख़बर को पढ़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें.

    - चैंपियंस ट्रॉफ़ी खेलने भारतीय टीम नहीं गई तो पाकिस्तान को कितना नुक़सान हो सकता है? इस ख़बर को पढ़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें.