You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.

Take me to the main website

दिल्ली के बुराड़ी इलाक़े में चार मंजिला इमारत गिरी, कई मजदूर फंसे

दिल्ली के बुराड़ी इलाक़े में सोमवार शाम चार मंजिला इमारत गिर गई. इसमें कई मजदूर फंस गए. बचावकार्य जारी है.

सारांश

लाइव कवरेज

सौरभ यादव, चंदन कुमार जजवाड़े

  1. कांगो के गोमा शहर पर विद्रोहियों ने किया कब्ज़ा

    डेमोक्रेटिक रिपब्लिक कांगो के दक्षिण में स्थित गोमा शहर पर एम23 विद्रोहियों ने कब्ज़ा कर लिया है.

    स्थानीय लोगों की ओर से जारी किए गए वीडियो में कांगो की सेना पर बढ़त हासिल करने के बाद एम23 विद्रोहियों को गोमा शहर के मुख्य रास्तों पर पेट्रोलिंग करते देखा जा सकता है, इसके बाद से दस हजार से अधिक लोग आस-पास के कस्बों में पलायन कर गए हैं.

    स्थानीय मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक लाखों की आबादी वाले गोमा शहर की सड़कों पर घंटों तक चली गोलीबारी और धमाकों के बाद अब सन्नाटा पसरा हुआ है.

    डेमोक्रेटिक रिपब्लिक कांगो के विदेश मंत्री ने रवांडा पर आरोप लगाया है कि वह एम23 विद्रोहियों के समर्थन के लिए सीमा पर सैनिकों को भेज कर युद्ध भड़का रहा है.

    वहीं, रवांडा का कहना है कि कांगो उन सशस्त्र गुटों का समर्थन करता है जो रवांडा में सत्ता परिवर्तन करना चाहते हैं.

    कीनिया ने युद्धविराम का आह्वान किया है और यह घोषणा की है कि कांगो और रवांडा अगले दो दिनों में एक क्षेत्रीय आपातकाल शिखर सम्मेलन में भाग लेंगे. कीनिया के राष्ट्रपति विलियम रुटो फिलहाल पूर्व अफ्रीका कम्युनिटी के अध्यक्ष हैं.

    साल 2021 के बाद से कांगो के एक बड़े इलाके पर विद्रोही गुट एम23 का नियंत्रण है.

  2. प्रवासियों के मुद्दे पर ट्रंप की चेतावनी के बाद कोलंबिया ने लिया यू-टर्न

    प्रवासियों के मुद्दे पर राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की चेतावनी के बाद कोलंबिया अमेरिका की शर्तें मानने को तैयार हो गया है.

    व्हाइट हाउस ने बयान जारी कर इसकी जानकारी दी है. व्हाइट हाउस ने बयान में कहा है, "कोलंबिया की सरकार राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की सभी शर्ते मानने को तैयार हो गई है, जिसमें अमेरिकी सैन्य विमान से वापस भेजे जा रहे कोलंबिया के अवैध प्रवासियों को स्वीकार करना भी शामिल है."

    व्हाइट हाउस ने कहा है, "इस समझौते के तहत कोलंबिया पर टैरिफ़ और प्रतिबंध लगाने वाले ड्रॉफ्ट को रिजर्व रखा जाएगा.अगर कोलंबिया समझौते का सम्मान करने में कामयाब होता है तो इस पर हस्ताक्षर नहीं किए जाएंगे."

    इससे पहले, कोलंबिया ने निर्वासित प्रवासियों से भरे अमेरिकी विमान को उतरने की अनुमति नहीं दी थी. कोलंबिया का कहना था कि प्रवासियों को लेकर आए विमान सैन्य विमान थे.

    कोलंबिया के इस कदम के बाद अमेरिका ने उस पर 25 प्रतिशत का टैरिफ लगाया था और कोलंबिया के अधिकारियों का वीज़ा रद्द करने की चेतावनी दी थी.

  3. उत्तराखंड में आज से लागू हुआ यूनिफॉर्म सिविल कोड

    सोमवार यानी आज से उत्तराखंड में यूनिफॉर्म सिविल कोड लागू हो गया है. स्वतंत्र भारत में ऐसा करने वाला उत्तराखंड पहला राज्य है.

    साल 2022 में विधानसभा चुनाव के दौरान भारतीय जनता पार्टी ने लोगों से यूनिफॉर्म सिविल कोड लागू करने का वादा किया था.

    उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के मुताबिक़ राज्य ने यूसीसी लागू करने के संबंध में सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं, जिसमें अधिनियम के प्रभावी होने के लिए नियमों की मंजूरी लेना और अधिकारियों को प्रशिक्षण देना भी शामिल है.

    समाचार एजेंसी पीटीआई ने मुख्यमंत्री धामी के हवाले से कहा है, प्रधानमंत्री मोदी की तरफ से देश को विकसित, संगठित और आत्मनिर्भर बनाने के लिए किए जा रहे महान ‘यज्ञ’ में यूसीसी हमारे राज्य की तरफ से किया गया योगदान है.

    उत्तराखंड में आज से लागू हुए यूनिफॉर्म सिविल कोड में क्या क्या प्रवाधान किए गए हैं.

    शादी के बारे में क्या नियम

    • विवाह के समय पुरुष ने 21 वर्ष की आयु और स्त्री ने 18 वर्ष की आयु पूरी कर ली हो
    • अलग-अलग धर्म के लोग अपनी धार्मिक प्रक्रिया से विवाह कर सकते हैं
    • किसी भी धार्मिक विधि से विवाह के बावजूद विवाह का पंजीकरण कराना अनिवार्य होगा
    • विवाह का पंजीकरण न कराने की स्थिति में ये अवैध घोषित नहीं होगा.

    तलाक के संबंध में क्या है नियम

    • जब पति-पत्नी में से किसी ने भी किसी और के साथ मर्ज़ी से शारीरिक संबंध बनाए हों
    • जब किसी ने भी क्रूरता का व्यवहार किया हो
    • विवाह के बाद दोनों पक्ष कम से कम दो साल से अलग रह रहे हों
    • किसी एक पक्ष ने धर्म परिवर्तन कर लिया हो या कोई एक पक्ष मानसिक विकार से पीड़ित हो
    • कोई एक पक्ष यौन रोग से पीड़ित हो या सात साल से किसी एक पक्ष का कोई अत-पता न हो

    लिव-इन रिलेशनशिप में रहने वाले लोगों के लिए भी प्रावधान किया गया है. जो लोग लिव-इन रिलेशनशिप में रह रहे हैं उन्हें इसके बारे में प्रशासन को जानकारी देनी होगी. लिव-इन रिलेशनशिप में पैदा हुए बच्चों को भी वैध माना जाएगा.

    ये भी पढ़ें-

  4. लेबनान ने कहा- इसराइली सैनिकों के हमलों में 22 लोगों की हुई मौत

    लेबनान के स्वास्थ्य मंत्रालय ने कहा है कि दक्षिणी लेबनान में इसराइली सैनिकों के हमलों में 22 लोगों की मौत हुई है और 124 लोग घायल हुए हैं.

    स्वास्थ्य मंत्रालय ने कहा है कि इलाके से हिज़्बुल्लाह के चले जाने और इसराइली सैनिकों की वापसी की समय सीमा पूरा होने के बाद भी इसराइली सैनिक वहां पर मौजूद हैं.

    इसराइली सेना ने कहा है कि उसने ‘चेतावनी के तौर पर कुछ इलाकों में गोलियां चलाई थीं’. फायरिंग में लोग घायल हुए हैं या नहीं इस बारे में इसराइली सेना ने अलग से जानकारी नहीं दी है.

    इसराइल का कहना है, “हिज़्बुल्लाह के साथ हुए युद्धविराम समझौते को अभी पूरी तरह से लागू नहीं किया गया है. अभी यह स्पष्ट नहीं है कि इसराइल के कितने सैनिक अभी भी लेबनान में मौजूद हैं और वह कब तक वहां रहने वाले हैं.”

    लेबनान के स्वास्थ्य मंत्रालय का कहना है कि इसराइल के कब्जें वाले इलाके में जाने की कोशिश कर रहे आम लोगों पर इसराइली सैनिकों ने हमला किया है. मारे जाने वाले लोगों में महिलाएं भी शामिल हैं. वहीं घायल हुए लोगों में महिलाएं, बच्चे और एक स्वास्थ्यकर्मी शामिल है.

    लेबनान की सेना ने कहा है, “इसराइली हमले में उसके एक सैनिक की मौत हुई और एक सैनिक घायल हुआ है.”

  5. डोनाल्ड ट्रंप ने कोलंबिया के नेताओं को क्यों दी चेतावनी

    अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने प्रवासियों को वापस भेजने के मुद्दे पर कोलंबिया के नेताओं को चेतावनी दी है.

    कोलंबिया की सरकार ने निर्वासित प्रवासियों से भरे अमेरिकी विमानों को कोलंबिया में उतरने की इजाज़त नहीं दी थी. उनका कहना था कि जिन विमानों से प्रवासियों को लाया गया था, वे सैन्य विमान थे.

    कोलंबिया सरकार के इस क़दम के बाद डोनाल्ड ट्रंप ने अपनी सोशल मीडिया साइट ट्रूथ सोशल पर एक पोस्ट में कहा, “हम कोलंबिया को उसकी कानूनी ज़िम्मेदारी को अनदेखा करने की इजाजत नहीं देंगे. कोलंबिया को अमेरिका में जबरन भेजे गए अपराधियों को वापस लेना पड़ेगा."

    उन्होंने कहा है, “अमेरिका कोलंबिया के अधिकारियों की यात्रा पर प्रतिबंध लगाएगा और ‘तत्काल उनका वीज़ा रद्द’ किया जाएगा. यह प्रतिबंध कोलंबिया के साथ-साथ उसके सहयोगियों और समर्थकों पर भी लागू होंगे.

    इससे पहले ट्रंप ने कहा था “वह कोलंबिया पर 25 प्रतिशत टैरिफ़ भी लगाएंगे और एक सप्ताह में यह टैरिफ़ बढ़कर 50 प्रतिशत हो सकता है”.

    कोलंबिया के राष्ट्रपति गुस्तावो पेट्रो ने कहा है, “वह भी अमेरिका के 25 प्रतिशत टैरिफ़ लगाए जाने के जवाब में अमेरिका पर 25 प्रतिशत टैरिफ़ लगाएंगे.”

    इससे पहले रविवार को कोलंबिया के राष्ट्रपति पेट्रो ने कहा था, “वह अपने नागरिकों को सिविल विमानों से लाने पर स्वीकार करेंगे. उनके साथ अपराधियों जैसा व्यवहार नहीं किया जाना चाहिए. प्रवासियों को 'सम्मान और गरीमा' के साथ वापस भेजा जाना चाहिए.”

    ये भी पढ़ें-

  6. इसराइल के छह और बंधकों को रिहा करेगा हमास

    उत्तरी ग़ज़ा में लोगों को लौटने देने के बदले हमास इसराइल के छह और बंधकों को रिहा करेगा.

    इसराइल के प्रधानमंत्री बिन्यामिन नेतन्याहू ने कहा है कि इस सप्ताह हमास इसराइल के छह और बंधकों को रिहा करेगा और सोमवार से उत्तरी ग़ज़ा के लोगों को उनके घरों में वापस जाने दिया जाएगा.

    रिहा किए जाने वाले बंधकों में एक आम नागरिक अर्बेल येहुद भी शामिल हैं. आम लोगों की रिहाई न होने के कारण ही इसराइल उत्तरी ग़ज़ा के लोगों को उनके घरों में वापस नहीं लौटने दे रहा था.

    हमास ने शनिवार को भी चार बंधकों को रिहा किया था लेकिन उस वक्त अर्बेल येहुद को रिहा नहीं किया था.

    इसराइल ने हमास पर युद्धविराम समझौते की शर्तों के उल्लंघन का आरोप लगाया था. समझौते के तहत सबसे पहले इसराइल के आम नागरिकों को रिहा किया जाना था.

    ग़ज़ा युद्धविराम समझौता लागू होने के बाद से अब तक हमास ने सात बंधकों को रिहा किया है. इसराइल ने इसके बदले 200 फ़लस्तीनी कैदियों को रिहा किया है.

    ये भी पढ़ें-

  7. नमस्कार!

    बीबीसी हिंदी के लाइव पेज में आपका स्वागत है. मैं बीबीसी संवाददाता सौरभ यादव अब से दोपहर दो बजे तक आप तक अहम ख़बरें पहुंचाऊंगा.

    कल के लाइव पेज की ख़बरें पढ़ने के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं.

    इस समय बीबीसी हिंदी के पन्ने पर मौजूद कुछ बड़ी ख़बरें आप नीचे दिए लिंक्स पर क्लिक कर पढ़ सकते हैं.

    राम मंदिर आंदोलन से जुड़ीं साध्वी ऋतंभरा को पद्म भूषण पुरस्कार मिलने पर उठे सवाल. पूरी ख़बर पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें.

    गूगल क्लाउड ने कैसे सुलझाई हत्या की गुत्थी, जिसने एक प्रेमिका को दिलाई मौत की सज़ा. मामले की पूरी जानकारी के लिए इस लिंक पर क्लिक करें.

    'चीन की लैब' में लीक की वजह से कोविड महामारी फैलने की आशंका, अमेरिकी खुफ़िया एजेंसी सीआईए का दावा. इस ख़बर को पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें.

    भारत का संविधान 75 साल में क्या सही तरीके़ से लागू हो पाया? इस ख़बर को पढ़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें.