You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.

Take me to the main website

हरिद्वार: खानपुर विधायक के आवास पर फायरिंग करने का मामला, पुलिस ने पूर्व विधायक को किया गिरफ्तार

उत्तराखंड के हरिद्वार जिले की खानपुर विधानसभा के निर्दलीय विधायक उमेश कुमार पर हमला करने के आरोप में पूर्व विधायक कुंवर प्रणव सिंह चैंपियन को गिरफ्तार कर लिया गया है.

सारांश

  • ग़ज़ा को लेकर मिस्र और जॉर्डन से क्या चाहते हैं ट्रंप?
  • भारत आज अपना 76वां गणतंत्र दिवस मना रहा है. पीएम मोदी समेत राजनेताओं ने दी बधाई.
  • गोवा मुक्ति संग्राम में शामिल रहीं लिबिया लोबो सरदेसाई से सीएम सावंत ने की मुलाकात.
  • नीदरलैंड्स के म्यूज़ियम से सोने की कलाकृतियां चोरी. विस्फोटक से चोरों ने बनाया था रास्ता.
  • इसराइल ने हमास पर संघर्षविराम समझौते का उल्लंघन करने का आरोप लगाया है.

लाइव कवरेज

हिमांशु दुबे, इफ़्तेख़ार अली

  1. हरिद्वार: खानपुर विधायक के आवास पर फायरिंग करने का मामला, पुलिस ने पूर्व विधायक को किया गिरफ्तार

    उत्तराखंड के हरिद्वार जिले की खानपुर विधानसभा के निर्दलीय विधायक उमेश कुमार पर हमला करने के आरोप में पूर्व विधायक कुंवर प्रणव सिंह चैंपियन को गिरफ्तार कर लिया गया है.

    न्यूज़ एजेंसी पीटीआई के मुताबिक़ चैंपियन और उनके समर्थकों की ओर से कुमार के आवास पर हमला किया गया.

    हमले का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है.

    गिरफ्तार किए जाने के बाद पूर्व विधायक कुंवर प्रणव सिंह चैंपियन ने कहा, "यह अन्याय है. हमारे घर के ऊपर उसने आकर गोलियां चलाईं. हमें चैलेंज किया. मेरे स्टाफ को मारा...हमने कार्रवाई की तो पुलिस हमें उठाकर ले गई..."

    वहीं दूसरी तरफ पीटीआई से बातचीत करते हुए निर्दलीय खानपुर विधायक उमेश कुमार ने कहा, "कुंवर प्रणव सिंह चैंपियन के उम्मीदवार लंढौरा और ढंडेरा में स्थानीय निकाय चुनावों में हार गए. इसके बाद, उन्होंने एक सोशल मीडिया पोस्ट में मां के खिलाफ अभद्र शब्दों का इस्तेमाल किया.”

    उन्होंने कहा, “अब ज़ाहिर सी बात है कि मां बाप पर बात आती है तो कोई भी बोलता है.”

    उमेश ने कहा, “आज दिन में वह 50 लोगों के साथ आए और इन्होंने जानलेवा हमला किया और 100 राउंड से ज़्यादा गोलियां चलाईं. मैंने एक मौजूदा विधायक पर ऐसा हमला नहीं देखा है.”

    इस पर रुड़की एसएसपी प्रमोद सिंह ने कहा, "सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हो रहा है जिसमें पूर्व विधायक कुंवर प्रणव सिंह चैंपियन खानपुर के निर्दलीय विधायक उमेश कुमार के आवास पर फायरिंग करते नजर आ रहे हैं."

    "पुलिस ने मामले का संज्ञान लिया है और कार्रवाई की जा रही है. हम इसमें शामिल लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करेंगे."

  2. भारत-बांग्लादेश सीमा: भारतीय किसानों पर बांग्लादेशी नागरिकों का कथित हमला, पुलिस ने क्या बताया?, पिनाकी दास, बीबीसी हिंदी के लिए

    त्रिपुरा के उनाकोटी जिले में गणतंत्र दिवस के दिन भारत-बांगलादेश सीमा पर कथित हमले का मामला सामने आया है.

    भारतीय क्षेत्र में सीमा रेखा के पास दो भारतीय किसानों पर बांग्लादेशी नागरिकों ने कथित हमले किया. यह घटना अंतरराष्ट्रीय सीमा के 'जीरो प्वाइंट' पास हुई है.

    घायल किसानों का फ़िलहाल उनाकोटी जिला अस्पताल में इलाज चल रहा है.

    सुरक्षा उपायों को बढ़ाने और आगे की घटनाओं को रोकने के लिए राजनयिक समाधान की मांग करते हुए स्थिति तनावपूर्ण बनी हुई है.

    उनाकोटी जिले के पुलिस अधीक्षक कांता जांगिड़ ने कहा कि घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस की एक टीम ने घायलों से अस्पताल जाकर उनके बयान दर्ज किए हैं.

    उन्होंने बताया कि पुलिस बीएसएफ से औपचारिक शिकायत का इंतजार कर रही है, क्योंकि घटना सीमा बाड़ के दूसरी तरफ हुई थी.

    हालांकि बीबीसी हिंदी के सहयोगी पत्रकार ने प्रतिक्रिया के लिए बीएसएफ पीआरओ से संपर्क करने का कई बार प्रयास किया, लेकिन कोई जवाब नहीं मिला.

  3. ट्रंप ने व्हाइट हाउस में अपने पहले हफ़्ते में क्या फै़सले लिए?

    अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने व्हाइट हाउस में काम करते हुए अपना पहला सप्ताह पूरा कर लिया है. ऐसे में जानते हैं उनकी ओर से लिए गए कुछ प्रमुख निर्णयों के बारे में.

    • आप्रवासन: ट्रंप ने दक्षिणी सीमा पर प्रवासियों के प्रवेश पर रोक लगाने का आदेश दिया है. साथ ही मेक्सिको सीमा पर दीवार बनाने के प्रयासों को फिर से शुरू किया है और अवैध रूप से या अस्थायी वीज़ा पर अमेरिका में रहने वाले प्रवासियों के बच्चों को नागरिकता देने से इनकार कर दिया है.
    • जलवायु और स्वास्थ्य: ट्रंप ने पेरिस जलवायु समझौते से हटने की प्रक्रिया शुरू कर दी है और विश्व स्वास्थ्य संगठन से भी हटने के आदेश पर हस्ताक्षर कर दिए हैं.
    • जेंडर और विविधता: ट्रंप ने घोषणा की है कि अमेरिका केवल दो जेंडर, पुरुष और महिला को मान्यता देगा. ट्रंप प्रशासन ने “जेंडर विचारधारा” या विविधता को बढ़ावा देने वाले सभी सरकारी कार्यक्रमों को ख़त्म कर दिया है.
    • टिकटॉक: ट्रंप ने टिकटॉक पर प्रतिबंध 75 दिनों के लिए टाल दिया है.
    • क्षमादान: ट्रंप ने कैपिटल हिल दंगों में शामिल लगभग 1,600 समर्थकों, अति-दक्षिणपंथी समूह के सदस्यों और 23 गर्भपात विरोधी प्रदर्शनकारियों की सज़ा माफ़ की.
    • गुप्त फ़ाइलें: ट्रंप ने जॉन एफ़ कैनेडी, रॉबर्ट कैनेडी और मार्टिन लूथर किंग जूनियर की हत्याओं से संबंधित वर्गीकृत दस्तावेज़ों को जारी करने के आदेश दिए हैं.
  4. लेबनान ने कहा, इसराइली सेना के हमलों में कम से कम 15 लोगों की मौत, 80 से ज़्यादा घायल

    लेबनान के स्वास्थ्य मंत्रालय का कहना है कि दक्षिणी लेबनान में इसराइली सैनिकों ने कम से कम 15 लोगों की हत्या की है और 80 से ज़्यादा को घायल कर दिया है.

    इसराइली सेना लेबनान के कुछ हिस्सों में अभी भी मौजूद है. हालांकि, उसकी वापसी और इलाके से हिज़्बुल्लाह के लड़ाकों को हटाने की समय सीमा ख़त्म हो गई है.

    लेबनान और इसराइल की सेनाओं और संयुक्त राष्ट्र की ओर से चेतावनी दी गई थी कि यह इलाका अभी भी सुरक्षित नहीं है. इसके बावजूद रविवार की सुबह हजारों निवासी सीमावर्ती कस्बों और गांवों में लौट आए हैं.

    इसराइल का कहना है कि 60 दिन का युद्धविराम समझौता अभी भी हिज़्बुल्लाह के साथ पूरी तरह से लागू नहीं हो पाया है.

    अभी भी ये साफ़ नहीं है कि लेबनान में कितने इसराइली सैनिक मौजूद हैं और वह कब तक वहां रहेंगे.

    लेबनान के स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक़ इसराइली सेना ने उस वक्त यह हमला किया, जब लोग इसराइली सेना के कब्ज़े वाले इलाकों में प्रवेश करने की कोशिश कर रहे थे.

    लेबनान की सेना ने कहा है कि इसराइली गोलीबारी में उनका एक सैनिक मारा गया है और दूसरा घायल हो गया है.

    इस पर इसराइली सेना ने कहा कि उसने दक्षिणी लेबनान के कई क्षेत्रों में "चेतावनी के लिए गोलियां चलाईं,"

    हालांकि उसने यह नहीं बताया कि इसमें लोग घायल हुए हैं या नहीं.

  5. ग़ज़ा को लेकर मिस्र और जॉर्डन से क्या चाहते हैं ट्रंप?

    अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप का कहना है कि मिस्र और जॉर्डन, ग़ज़ा से फ़लस्तीनियों को अपने यहां ले लें.

    इस हफ़्ते के आखिर में एक फोन कॉल में ट्रंप ने कहा कि उन्होंने जॉर्डन के किंग अब्दुल्ला से कहा, "मैं चाहता हूं कि आप और ज़्यादा फ़लस्तीनियों को लें, क्योंकि मैं ग़ज़ा पट्टी को देख रहा हूं और यह बहुत खराब स्थिति में है."

    उन्होंने कहा कि वह रविवार को मिस्र के राष्ट्रपति से भी यही कहने वाले हैं.

    ट्रंप ने कहा कि यह कदम 'अस्थायी' या 'दीर्घकालिक' भी हो सकता है.

    हालांकि हमास ने इस तरह की कोई भी कार्रवाई का विरोध करने का संकल्प लिया है और उसकी टिप्पणियों से ग़ज़ा में रहने वाले फ़लस्तीनियों में गुस्सा पैदा हो सकता है, जो इस जगह को अपना पैतृक घर मानते हैं.

    हमास राजनीतिक ब्यूरो के सदस्य बासेम नईम ने बीबीसी को बताया, "हमारे फ़लस्तीनी लोगों ने 15 महीने तक ग़ज़ा पट्टी में बिना अपनी ज़मीन छोड़े मौत और तबाही सही है. इसलिए वे किसी भी प्रस्ताव या समाधान को स्वीकार नहीं करेंगे."

    उन्होंने कहा कि भले ट्रंप नेक इरादे से इस तरह की बात कह रहे हों, लेकिन वे इसका विरोध करते हैं.

  6. वापसी की समय सीमा खत्म होने के बाद भी लेबनान में मौजूद इसराइली सेना

    रविवार को अपनी वापसी की समय सीमा खत्म होने के बाद भी इसराइली सेना, दक्षिणी लेबनान में मौजूद है.

    उनका कहना है कि हिज़्बुल्लाह के साथ युद्धविराम समझौता पूरी तरह से लागू नहीं किया गया था.

    अमेरिका और फ्रांस की मदद से इसराइल और हिज़्बुल्लाह के बीच समझौता हुआ, जिसने 14 महीने से जारी संघर्ष खत्म को खत्म कर दिया.

    इस समझौते के तहत इसराइली सैनिकों को दक्षिणी लेबनान से वापस बुलाया जाएगा, जबकि हिज़्बुल्लाह के लड़ाकों और हथियारों को उस क्षेत्र से हटाने की शर्तें रखी गई थीं.

    साथ ही, हजारों लेबनानी सैनिकों को उस क्षेत्र में तैनात किया जाएगा, जहां दशकों से हिज़्बुल्लाह प्रमुख शक्ति रहा है.

    रविवार तक यह साफ़ नहीं था कि कितने इसराइली सैनिक लेबनान में बचे हैं और वे कितने समय तक वहां रहने का इरादा रखते हैं.

  7. मुंबई हमला मामला: तहव्वुर राणा के भारत प्रत्यर्पण की मंजूरी पर सुधांशु त्रिवेदी ने क्या कहा?

    अमेरिकी सुप्रीम कोर्ट के मुंबई हमला मामले के दोषी तहव्वुर राणा के भारत प्रत्यर्पण को मंजूरी देने पर बीजेपी के राष्ट्रीय प्रवक्ता सुधांशु त्रिवेदी ने प्रतिक्रिया दी है.

    सुधांशु त्रिवेदी ने कहा, “2008 के मुंबई पर खौफ़नाक आतंकवादी हमला, जिसे हम 26/11 हमले के नाम से जानते हैं.”

    उन्होंने कहा, “उसके गुनाहगार तहव्वुर राणा को अमेरिकी सुप्रीम कोर्ट ने भारत को वापस सौंपने का निर्णय लिया है.”

    त्रिवेदी ने कहा, “आतंकवाद के खिलाफ़ लड़ाई में मोदी सरकार की दृढ़ इच्छाशक्ति के कारण यह संभव हो सका है.”

    26 नवंबर, 2008 की रात को 10 चरमपंथियों ने मुंबई की कई इमारतों पर एक साथ हमला किया था. इस हमले में 164 लोग मारे गए. कार्रवाई में नौ चरमपंथी भी मारे गए थे.

  8. केवल दिल्ली नहीं, ये देश को बचाने का चुनाव- अरविंद केजरीवाल

    पांच फ़रवरी को दिल्ली में होने वाले विधानसभा चुनाव को लेकर सभी पार्टियां एक दूसरे पर हमलावर हैं.

    रविवार को अरविंद केजरीवाल ने कहा, “ये केवल दिल्ली को बचाने का चुनाव नहीं है, ये देश को बचाने का चुनाव है. ये सिर्फ़ आम आदमी पार्टी और बीजेपी के बीच का चुनाव नहीं, बल्कि दो क़िस्म की विचारधाराओं का चुनाव है.”

    उन्होंने कहा, “जनता को ये तय करना है कि देश, राज्य का सरकारी खजाना कहां और किस पर खर्च होना चाहिए. बाज़ार से जब ग़रीब आदमी कुछ भी ख़रीदता है तो उस पर तरह-तरह के टैक्स लगते हैं.”

    अरविंद ने कहा, “इस पैसे को खर्च करने के दो तरीके हैं. पहला शिक्षा, बिजली, स्वास्थ्य, पानी और सामाजिक कल्याण योजनाओं पर खर्च करना. दूसरा तरीका, अपने करीबी दोस्तों के ऊपर ये पैसा खर्च किया जाए.”

    बीजेपी पर आरोप लगाते हुए अरविंद केजरीवाल ने कहा कि बीजेपी अपने करीबी अरबपतियों को कर्ज देती है और उसके कुछ सालों बाद उस कर्ज को माफ़ कर दिया जाता है.

  9. भारत का 76वां गणतंत्र दिवस: देखिए जश्न की ये तस्वीरें

    भारत आज अपना 76वां गणतंत्र दिवस मना रहा है.

    देश संविधान लागू होने के 75 साल पूरे होने का जश्न मना रहा है. इस मौके़ पर देखिए गणतंत्र दिवस की तस्वीरें

  10. नमस्कार!

    दोपहर के दो बज चुके हैं. अभी तक बीबीसी संवाददाता हिमांशु दुबे आप तक ख़बरें पहुंचा रहे थे. अब से रात 10 बजे तक बीबीसी संवाददाता इफ़्तेख़ार अली आप तक अहम ख़बरें पहुंचाएंगे.

    फिलहाल, बीबीसी हिंदी के पन्ने पर लगी कुछ अहम ख़बरें नीचे दिए लिंक्स पर क्लिक करके आप पढ़ सकते हैं.

    - आज़ाद हिंद फ़ौज के मुक़दमे की भारत की आज़ादी में कितनी बड़ी भूमिका थी? – पूरी ख़बर पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें

    - दिल्ली में गुजरात पुलिस की तैनाती पर केजरीवाल और हर्ष संघवी क्यों आए आमने-सामने पूरी ख़बर पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें

    - तिलक वर्मा ने कैसे टी-20 इंटरनेशनल क्रिकेट में नाबाद 318 रन बना डाले? पूरी ख़बर पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें

    - भारत का संविधान 75 साल में क्या सही तरीके़ से लागू हो पाया? पूरी ख़बर पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें

  11. गोवा मुक्ति संग्राम में शामिल रहीं लिबिया लोबो सरदेसाई को पद्म श्री देने पर सीएम सावंत क्या बोले

    गोवा के मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत ने पद्म श्री पुरस्कार से सम्मानित लिबिया लोबो सरदेसाई से गणतंत्र दिवस के मौके पर मुलाक़ात की. समाचार एजेंसी एएनआई ने एक्स पर एक वीडियो पोस्ट किया.

    इसमें मुख्यमंत्री सावंत ने कहा, “लिबिया लोबो सरदेसाई की उम्र 101 साल है. उन्होंने गोवा मुक्ति संग्राम में हिस्सा लिया था. भारत सरकार ने उनको पद्म श्री पुरस्कार से सम्मानित किया है. मैं इसके लिए भारत सरकार, राष्ट्रपति और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का बहुत-बहुत धन्यवाद करता हूं.”

    उन्होंने कहा, “बहुत कम लोग उनके (सरदेसाई) योगदान के बारे में जानते हैं. उन्होंने इस नॉमिनेशन के लिए आवेदन भी नहीं किया था. भारत सरकार ने खुद उनको चुना है. सरदेसाई ने अपने पति के साथ गोवा मुक्ति संग्राम में हिस्सा लिया था. मैं गोवा सरकार की ओर से उनको बधाई देता हूं.”

    दरअसल, भारत के 76वें गणतंत्र दिवस की पूर्व संध्या पर भारत की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने 139 पद्म पुरस्कारों को मंज़ूरी दी, जिनमें सात पद्म विभूषण, 19 पद्म भूषण और 113 पद्म श्री पुरस्कार शामिल हैं.

  12. नीदरलैंड्स के म्यूज़ियम से सोने की कलाकृतियां चोरी, विस्फोटक से चोरों ने बनाया था रास्ता, इयान एकमेन, बीबीसी न्यूज़

    नीदरलैंड्स के एक संग्रहालय में चोरी का मामला सामने आया है. यह घटना शनिवार को तड़के सुबह हुई. रातभर में चोरों ने चार प्राचीन कलाकृतियों को चुरा लिया, जो सोने से बनी हुई थीं.

    चोरों ने एसेन में ड्रेंट्स म्यूज़ियम में घुसने के लिए विस्फोटकों के ज़रिए रास्ता बनाया था. इस संग्रहालय में सोने और चांदी से बने रोमानियाई आभूषणों की एक प्रदर्शनी आयोजित की जा रही थी.

    चोर अपने साथ तीन डैसियन सर्पिल कंगन और कोटोफ़ेनेस्टी का आकर्षक ढंग से सजाया गया एक हेलमेट ले गए, जिसे क़रीब 2500 साल पहले तैयार किया गया था. यह प्रदर्शनी के आकर्षण का केंद्र था.

    रोमानिया के संस्कृति मंत्रालय ने चोरी हुई वस्तुओं को बरामद करने के लिए हर संभव क़दम उठाने का वादा किया है, जो बुख़ारेस्ट से डच संग्रहालय को उधार दी गई थी.

    ड्रेंट्स म्यूज़ियम के निदेशक हैरी टुपन ने कहा कि कर्मचारी इस चोरी से ‘गहरे सदमे’ में थे. उन्होंने कहा कि यह 170 साल के इतिहास में सबसे बड़ी घटना थी.

  13. गणतंत्र दिवस पर राहुल गांधी ने कहा- हमारा संविधान भारतीय गणतंत्र का गौरव है

    भारत आज अपना 76वां गणतंत्र दिवस मना रहा है. इस मौके पर राजनेताओं ने देशवासियों को बधाई दी.

    कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने एक्स पर लिखा, “सभी देशवासियों को गणतंत्र दिवस की हार्दिक शुभकामनाएँ. हमारे महान स्वतंत्रता सेनानियों के न्याय, स्वाधीनता, समानता और भाईचारे के मूल्यों पर आधारित हमारा संविधान भारतीय गणतंत्र का गौरव है. धर्म, जात, क्षेत्र, भाषा से परे हर भारतीय का सुरक्षा कवच है. इसका सम्मान और रक्षा हम सभी का कर्तव्य है. जय हिंद, जय भारत, जय संविधान.”

    कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने भी देशवासियों को गणतंत्र दिवस की बधाई दी.

    उन्होंने एक्स पर लिखा, “भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस की ओर से मैं आपको गणतंत्र दिवस की बधाई देता हूं. इस वर्ष हम भारत के संविधान को अपनाने के 75 वर्ष पूरे कर रहे हैं.”

    आम आदमी पार्टी के नेता अरविंद केजरीवाल ने भी देशवासियों को गणतंत्र दिवस की बधाई दी.

    उन्होंने एक्स पर लिखा, “सभी देशवासियों को गणतंत्र दिवस की हार्दिक शुभकामनाएँ. आज का दिन हमें संविधान, लोकतंत्र और हमारे राष्ट्र की एकता की ताकत का एहसास कराता है.”

    झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने एक्स पर लिखा, “76वें गणतंत्र दिवस के अवसर पर सभी को हार्दिक बधाई, शुभकामनाएं और जोहार.”

  14. ट्रंप ने ग्रीनलैंड को लेकर फिर दिया बयान, अमेरिका के क़ब्ज़े को लेकर कही ये बात, इयान एकमेन, बीबीसी न्यूज़

    अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि उनको भरोसा है कि अमेरिका को ग्रीनलैंड पर नियंत्रण मिल जाएगा. हाल ही के सप्ताह में डेनमार्क के इस स्वायत्त क्षेत्र को हासिल करने में ट्रंप ने नए सिरे से इच्छा जताई है.

    दरअसल, ट्रंप ने शनिवार को एयरफ़ोर्स वन पर पत्रकारों से हुई बातचीत के दौरान कहा, “मुझे लगता है कि हमें वो मिल जाएगा. उस आईलैंड के 56 हज़ार रहवासी ‘हमारे साथ आना चाहते’ हैं.’’

    इस बीच, ट्रंप का बयान आने के बाद ऐसी रिपोर्ट्स भी आईं, जिनमें कहा गया कि डेनमार्क की प्रधानमंत्री मेटे फ्रेडरिकसन ने राष्ट्रपति ट्रंप के साथ पिछले सप्ताह हुई बातचीत में कहा था कि ग्रीनलैंड बेचने के लिए नहीं है.

    ट्रंप ने उनके पहले कार्यकाल के दौरान 2019 में इस आईलैंड को ख़रीदने की संभावना जताई थी. उन्होंने कहा कि अंतरराष्ट्रीय सुरक्षा के लिए ग्रीनलैंड पर अमेरिका का अधिकार ‘बेहद ज़रूरी’ है.

    ट्रंप ने कहा, “मेरा मानना है कि लोग हमारे साथ आना चाहते हैं. मैं वाकई नहीं जानता कि डेनमार्क का इस पर क्या दावा है, अगर वो ऐसा नहीं होने देता है तो यह बहुत ही अमित्रतापूर्ण कदम होगा, क्योंकि यह आज़ाद दुनिया की सुरक्षा के लिए है."

    ट्रंप ने कहा, "मेरा मानना है कि ग्रीनलैंड हमें मिलेगा, क्योंकि इसका संबंध दुनिया की स्वतंत्रता से है. इसका संयुक्त राज्य अमेरिका से कोई लेना-देना नहीं है सिवाए इसके कि हम ही हैं जो स्वतंत्रता प्रदान कर सकते हैं. वो ऐसा नहीं कर सकते हैं."

  15. भारत आज अपना 76वां गणतंत्र दिवस मना रहा है. देखिए, गणतंत्र दिवस की परेड

  16. मेक्सिको के बॉर्डर पर टेंट सिटी क्यों बना रहे हैं मज़दूर?, विल ग्रांट, बीबीसी मेक्सिको संवाददाता

    मेक्सिको की सीमा पर स्थित शहर सियुदाद जुआरेज़ में मज़दूर और निर्माण कर्मचारी खुद के लिए एक छोटा सा शहर बना रहे हैं. यह एक टेंट सिटी है.

    दरअसल, मेक्सिकन सरकार हज़ारों निर्वासित लोगों के लिए तैयारियां करने में जुटी है, जो आने वाले सप्ताहों में अमेरिका से मेक्सिको भेजे जा सकते हैं.

    3 हज़ार किलोमीटर लंबी इस सीमा पर मौजूद आठ सीमावर्ती स्थानों में से एक है जुआरेज़. यहां बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने का अनुमान है इसलिए ये तैयारियां की जा रही हैं.

    पुरुषों और महिलाओं के रहने के लिए अस्थाई आश्रय स्थल बनाए जा रहे हैं. राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ‘अमेरिका के इतिहास में होने वाले सबसे बड़े निर्वासन’ का ज़िक्र कर चुके हैं.

    जिन लोगों को जल्द ही अमेरिका से भेजा जा सकता है, उनमें श्रमिक, घरेलू कामगार, रसोई कर्मचारी और खेतों में काम करने वाले मज़दूरों के शामिल होने का अनुमान है.

  17. ट्रंप ने की ब्रिटेन के पीएम की तारीफ़, कहा- वो ‘बहुत अच्छा काम’ कर रहे हैं, एंथनी ज़र्चर, उत्तरी अमेरिका संवाददाता, बीबीसी न्यूज़

    अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ब्रिटेन के प्रधानमंत्री सर किएर स्टार्मर की प्रशंसा की है. उन्होंने कहा, "पीएम स्टार्मर ने ‘अब तक बहुत अच्छा काम’ किया है और हमारी जोड़ी के बीच ‘बहुत अच्छे संबंध’ हैं."

    ट्रंप ने यह बात एयरफ़ोर्स वन पर बीबीसी की ओर से पूछे गए सवाल के जवाब में कही. उन्होंने कहा कि वो ‘अगले 24 घंटे में’ फ़ोन करेंगे.

    ट्रंप और स्टार्मर के बीच पहले भी कई मौक़ों पर मुलाक़ात हो चुकी है. सर किएर राष्ट्रपति अभियान के दौरान न्यूयॉर्क स्थित ट्रंप टावर भी जा चुके हैं.

    हालांकि, ट्रंप के समर्थक और अरबपति एलन मस्क तो सर किएर के कड़े आलोचक रहे हैं. और कई बार उनको पद से हटाने का आह्वान कर चुके हैं.

    ट्रंप ने कहा, “मैं उनको बहुत पसंद करता हूं. वह लिबरल हैं. मुझसे थोड़े अलग हैं. मगर, मुझे लगता है कि वह एक बहुत अच्छे इंसान हैं. और मुझे लगता है कि उन्होंने अब तक बहुत अच्छा काम किया है.”

  18. भारत आज मना रहा 76वां गणतंत्र दिवस, पीएम मोदी समेत राजनेताओं ने कैसे दी बधाई?

    भारत आज अपना 76वां गणतंत्र दिवस मना रहा है. इस मौके़ पर राजनेताओं ने देशवासियों को बधाई दी है.

    प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने एक्स पर लिखा, “गणतंत्र दिवस की ढेरों शुभकामनाएं. इस अवसर पर, हम उन सभी महान विभूतियों को नमन करते हैं, जिन्होंने हमारा संविधान बनाकर यह सुनिश्चित किया कि हमारी विकास यात्रा लोकतंत्र, गरिमा और एकता पर आधारित हो.”

    रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने एक्स पर लिखा, “देशवासियों को गणतंत्र दिवस की शुभकामनाएं. यह हमारे लोकतंत्र का जश्न मनाने का अवसर है.”

    समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव ने एक्स पर लिखा, “गणतंत्र दिवस के पावन पर्व पर सभी को हार्दिक बधाई और शुभ कामनाएँ.”

    बहुजन समाज पार्टी की प्रमुख मायावती ने एक्स पर लिखा, “भारत के 76वें गणतंत्र दिवस की देश-विदेश में रहने वाले सभी भारतीयों को हार्दिक बधाई व शुभकामनाएं.”

  19. इंडोनेशिया के राष्ट्रपति ने पीएम मोदी के बारे में क्या कहा?

    “मैं यहां (भारत) आकर बेहद गौरवान्वित हूं. मैं पेशेवर राजनेता नहीं हूं. मैं अच्छा राजनयिक भी नहीं हूं. मैं जो मेरे दिल में होता है, वो कहता हूं.”

    समाचार एजेंसी एएनआई के मुताबिक, इंडोनेशिया के राष्ट्रपति प्राबोओ सुबिअंतो ने यह बात शनिवार को नई दिल्ली स्थित राष्ट्रपति भवन में कही. इस मौके पर प्रधानमंत्री मोदी भी मौजूद थे.

    राष्ट्रपति सुबिअंतो ने प्रधानमंत्री मोदी को लेकर कहा, "मैं यहां कुछ दिनों के लिए आया हूं, मगर मैंने प्रधानमंत्री मोदी की लीडरशिप और प्रतिबद्धता से बहुत कुछ सीखा है."

    उन्होंने कहा, "ग़रीबी कम करने और हाशिए पर खड़े लोगों की मदद करने को लेकर आपकी (प्रधानमंत्री मोदी) जो प्रतिबद्धता है, वो हमारे लिए एक प्रेरणा है."

    "मैं भारत के लोगों के लिए आने वाले वर्षों में समृद्धि और शांति की कामना करता हूं. मैं इंडोनेशिया और भारत को क़रीबी सहयोगी और मित्र के रूप में देखना चाहता हूं."

    दरअसल, राष्ट्रपति सुबिअंतो भारत के 76वें गणतंत्र दिवस समारोह के मुख्य अतिथि के तौर पर भारत आए हैं.

    भारत की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने गणतंत्र दिवस की पूर्व संध्या पर राष्ट्रपति भवन में इंडोनेशिया के राष्ट्रपति प्राबोओ सुबिअंतो का स्वागत किया और उनके सम्मान में भोज का आयोजन किया था.

  20. इसराइल ने हमास पर संघर्षविराम समझौते का उल्लंघन करने का आरोप लगाया, रुश्दी अबूअलूफ़, बीबीसी न्यूज़ संवाददाता, ग़ज़ा

    ग़ज़ा पट्टी के उत्तर में फ़लस्तीनियों की वापसी अभी रुकी हुई है. दरअसल, इसराइल ने हमास पर संघर्षविराम समझौते का उल्लंघन करने का आरोप लगाया है.

    इसके बाद, हज़ारों विस्थापित फ़लस्तीनियों को ग़ज़ा पट्टी के उत्तर में अपने घरों पर जाने से रोक दिया गया है. इसराइल ने मुख्य सड़क को ब्लॉक कर दिया है.

    यह विवाद तब शुरू हुआ, जब हमास ने इसराइल की चार महिला सैनिकों को छोड़ा और इसके बदले में इसराइल ने 200 फ़लस्तीनी क़ैदियों को रिहा कर दिया.

    मगर, इसराइल की सरकार ने कहा कि ग़ज़ा के लोगों को उत्तर में जाने की अनुमति तब तक नहीं दी जाएगी, जब तक इसराइली नागरिक अर्बल येहूद को रिहा नहीं किया जाएगा.

    हमास ने कहा है कि वह ज़िंदा हैं और उनको अगले सप्ताह रिहा किया जाएगा.

    समझौते के अनुसार, हमास को सैनिकों से पहले नागरिकों को रिहा करना था.