You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.

Take me to the main website

नेटो महासचिव ने कहा- सिर्फ़ ट्रंप ही ख़त्म कर सकते हैं रूस-यूक्रेन गतिरोध

बेल्जियम की राजधानी ब्रसेल्स में नेटो देशों के विदेश मंत्रियों ने यूक्रेन पर चर्चा के लिए बुधवार को एक बैठक की.

सारांश

लाइव कवरेज

इफ़्तेख़ार अली और सुरभि गुप्ता

  1. दिल्ली एमसीडी उपचुनाव नतीजे पर आम आदमी पार्टी ने लगाया आरोप, बीजेपी ने ये कहा

    दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) उपचुनाव के नतीजे सामने आने के बाद आम आदमी पार्टी (आप) ने चुनाव आयोग पर भारतीय जनता पार्टी के पक्ष में 'नतीजे बदलने' के आरोप लगाया है.

    'आप' ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म एक्स पर लिखा, "भाजपा ने गिरने की सारी हदें पार कर दीं."

    बयान में कहा गया, "लोकतंत्र में सरेआम डकैती चल रही है. न्यूज़ चैनल आम आदमी पार्टी उम्मीदवार की जीत की ख़बर चला चुके थे."

    "चुनाव आयोग की वेबसाइट पर 'आप' की जीत दिखा दी गई थी, फिर भी चुनाव आयोग ने नतीजे भाजपा के पक्ष में बदल दिए."

    हालांकि 'आप' की ओर से जारी बयान में ये साफ़ नहीं है कि वह किन सीटों की बात कर रहे हैं.

    वहीं दिल्ली बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने पार्टी जीत को 'जनादेश का स्पष्ट संदेश' बताया है.

    उन्होंने एक्स पर लिखा, "निकाय उपचुनाव परिणामों ने यह पुनः प्रमाणित कर दिया है कि दिल्ली की जनभावना सार्थक कार्य, विश्वसनीय नेतृत्व और जवाबदेह शासन पर अपना विश्वास प्रकट कर रही है."

  2. ब्रेकिंग न्यूज़, रायपुर वनडे: दक्षिण अफ़्रीका ने जीता टॉस, भारत करेगा पहले बल्लेबाज़ी

    भारत और दक्षिण अफ़्रीका के बीच तीन मैचों की एक दिवसीय अंतरराष्ट्रीय (वनडे) सिरीज़ का दूसरा मुक़ाबला रायपुर में खेला जा रहा है.

    दक्षिण अफ़्रीका ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाज़ी करने का फ़ैसला किया है. भारत की ओर से इस मैच में केएल राहुल कप्तानी कर रहे हैं.

    रांची में खेले गए सिरीज़ के पहले मुक़ाबले में भारतीय टीम ने 17 रन से जीत दर्ज की थी.

    इस दौरान विराट कोहली की दमदार शतकीय पारी ने पूरा माहौल बदल दिया था, जहां उन्होंने 120 गेंदों पर 135 रन बनाए थे.

  3. लापता हुए मलेशियाई विमान की फिर से शुरू होगी खोज

    मलेशिया एयरलाइंस की फ़्लाइट एमएच370 के मलबे की तलाश एक बार फिर शुरू होगी. मलेशियाई अधिकारियों ने बताया कि यह खोज 30 दिसंबर से दोबारा शुरू की जाएगी.

    एमएच370 मार्च 2014 में उड़ान के दौरान रडार से लापता हो गया था. ये उड़ान क्वालालंपुर से उड़ी थी और कभी बीजिंग नहीं पहुंच सकी.

    इस विमान में 227 यात्री और चालक दल के 12 सदस्य सवार थे. उस समय यह बोइंग 777 विमान वियतनामी हवाई क्षेत्र में प्रवेश करने वाला था.

    इसके बाद अचानक विमान की दिशा बदल गई. उसके सभी इलेक्ट्रॉनिक कम्युनिकेशन बंद हो गए. यह वापस मुड़ गया, पहले मलेशिया के ऊपर और फिर सुदूर दक्षिणी हिंद महासागर की ओर. उसके बाद यह मान लिया गया कि विमान का ईंधन खत्म हो गया है.

    55 दिनों तक चलने वाली यह नई खोज मार्च 2025 में होनी थी. लेकिन ख़राब मौसम की वजह से इसे कुछ समय बाद रोकना पड़ा था.

    स्थानीय मीडिया के मुताबिक़ परिवहन मंत्रालय ने कहा कि यह क़दम दिखाता है कि सरकार इस त्रासदी से प्रभावित परिवारों को जवाब देने के लिए प्रतिबद्ध है..

    वर्तमान खोज अभियान का नेतृत्व खोज कंपनी ओशन इन्फिनिटी कर रही है. यह काम "नो फाइंड, नो फ़ी" यानी अगर मलबा नहीं मिला तो कोई भुगतान नहीं होगा, ऐसे समझौते के तहत किया जा रहा है.

    मलबा मिलने पर कंपनी को 70 मिलियन डॉलर दिया जाएगा. यह जानकारी मलेशिया के परिवहन मंत्री लोके सियु फूक ने पहले दी थी.

    ये भी पढ़ें:

  4. दिल्ली एमसीडी उपचुनाव नतीजे: बीजेपी को 7, आप और कांग्रेस को मिली इतनी सीटें

    दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) के 12 वार्डों के उपचुनाव में बीजेपी ने सात सीटें जीत ली हैं. वहीं आम आदमी पार्टी को तीन सीटें मिलीं. कांग्रेस और ऑल इंडिया फ़ॉरवर्ड ब्लॉक ने एक-एक वार्ड पर जीत दर्ज की.

    इन उपचुनावों के वोटों की गिनती सुबह 8 बजे शुरू हुई. दिल्ली के दस केंद्रों पर कड़ी सुरक्षा के बीच मतगणना कराई गई.

    ये चुनाव बीजेपी के लिए अहम माने जा रहे थे क्योंकि फ़रवरी में दिल्ली में एमसीडी में सत्ता में आने के बाद यह उनका पहला चुनाव था.

    आम आदमी पार्टी के दिल्ली अध्यक्ष सौरभ भारद्वाज ने अशोक विहार में 'इलेक्शन चोरी' के आरोप लगाए हैं.

    वहीं भारतीय जनता पार्टी ने अपने उम्मीदवारों को जीत की बधाई दी है.

  5. मणिपुर: 11 उग्रवादी हथियार-विस्फोटकों के साथ गिरफ़्तार, दिलीप कुमार शर्मा, गुवाहाटी से बीबीसी हिन्दी के लिए

    मणिपुर में भारतीय सेना और असम राइफल्स ने स्थानीय पुलिस के साथ मिलकर राज्य के विभिन्न इलाक़ों में सप्ताह भर चलाए गए एक संयुक्त अभियान में 11 उग्रवादी कैडरों को पकड़ लिया है.

    गिरफ़्तार उग्रवादियों के पास से सेना ने भारी तादाद में हथियार और विस्फोटक बरामद किए हैं.

    भारतीय सेना के मणिपुर के जनसंपर्क अधिकारी अमित शुक्ला ने बताया, "एक ख़ुफ़िया जानकारी के आधार पर बीते 23 से 28 नवंबर तक भारतीय सेना और असम राइफल्स ने मणिपुर पुलिस के साथ मिलकर कांचीपुर, सैकुल, थौबल, कांगपोकपी, टेंग्नौपाल, इंफाल ईस्ट और इंफाल वेस्ट ज़िलों में एक सटीक जॉइंट ऑपरेशन शुरू किया था. इस अभियान के दौरान 11 कैडरों को पकड़ा गया है."

    सेना ने इन उग्रवादियों के पास से राइफल और पिस्तौल समेत 14 हथियार, विस्फोटक सामग्री, गै़र-क़ानूनी सामान और कई और सामान बरामद किए है.

  6. भारत-पाकिस्तान संघर्ष पर अब ट्रंप और रूबियो ने क्या कहा?

    अमेरिका के विदेश मंत्री मार्को रूबियो ने कहा है कि राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कई शांति समझौते करवाए हैं, जिनमें 'भारत और पाकिस्तान जैसे बेहद ख़तरनाक' मामले भी शामिल हैं.

    रूबियो के मुताबिक़, ट्रंप को अमेरिका की विदेश नीति को बदलने का 'बहुत बड़ा श्रेय' दिया जाना चाहिए.

    व्हाइट हाउस में मंगलवार को हुई कैबिनेट बैठक में रूबियो ने कहा कि कई दशकों में पहली बार अमेरिकी विदेश नीति इस आधार पर तय की गई कि क्या वह अमेरिका को 'ज्यादा सुरक्षित, मजबूत और समृद्ध' बनाती है.

    उन्होंने कहा, "अगर ऐसा है तो ट्रंप उसके समर्थन में हैं. अगर नहीं है तो उसके ख़िलाफ़. और इस तरह की साफ़ नीति अपने आप में बड़ा बदलाव है."

    रूबियो ने कहा, "और न जाने कितने शांति समझौते, जैसे भारत और पाकिस्तान या कंबोडिया और थाईलैंड जैसे बेहद ख़तरनाक मामले."

    कैबिनेट बैठक में पहले ट्रंप ने दोहराया कि उन्होंने दुनिया के कई बड़े विवाद सुलझा दिए हैं, जिनमें भारत और पाकिस्तान का मामला भी शामिल है.

    उन्होंने कहा कि उन्हें उन 'आठ युद्धों' को ख़त्म करने के लिए नोबेल शांति पुरस्कार मिलना चाहिए.

    ट्रंप रूस-यूक्रेन युद्ध का ज़िक्र कर रहे थे. तभी उन्होंने कहा, "हमने आठ युद्ध खत्म किए हैं. लेकिन मुझे लगता है कि हम एक और ख़त्म करने वाले हैं, उम्मीद है."

  7. दिल्ली की हवा 'बहुत ख़राब' श्रेणी में बरक़रार, इन इलाक़ों में एक्यूआई 400 पार

    राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली बुधवार सुबह घने स्मॉग की चपेट में रही.

    सेंट्रल पॉल्यूशन कंट्रोल बोर्ड (सीपीसीबी) के मुताबिक़, सुबह 7 बजे शहर का एयर क्वॉलिटी इंडेक्स (एक्यूआई) 376 दर्ज किया गया, जो 'बहुत ख़राब' श्रेणी में आता है.

    सीपीसीबी के आंकड़ों के अनुसार, दिल्ली के कई मॉनिटरिंग स्टेशनों पर प्रदूषण का स्तर बेहद ख़तरनाक रहा और कई जगह एक्यूआई 400 के पार पहुंच गया.

    लगभग सभी प्रमुख स्टेशनों पर एयर क्वॉलिटी 'गंभीर' श्रेणी में दर्ज हुई.

    आनंद विहार में एक्यूआई 405, अशोक विहार में 403, चांदनी चौक में 431 और जहांगीरपुरी में एक्यूआई 406 रहा.

    सीपीसीबी के अनुसार, एक्यूआई 0 से 500 के बीच होता है और इसे छह श्रेणियों में बांटा गया है.

    क्या कहते हैं एक्यूआई के नंबर्स

    • 0–50: अच्छा
    • 51–100: संतोषजनक
    • 101–200: मध्यम
    • 201–300: ख़राब
    • 301–400: बहुत ख़राब
    • 401–500: गंभीर
  8. 'रफ़ाल विमान की क्षमता पाकिस्तान के सामने शून्य साबित हुई'- भारत को लेकर पाकिस्तान का दावा

    पाकिस्तान वायु सेना प्रमुख ज़हीर अहमद बाबर सिद्धू ने दावा किया है कि 6 और 7 मई की रात को पाकिस्तान ने भारत के रफ़ाल सहित कई विमानों को मार गिराया था.

    बीबीसी उर्दू के मुताबिक़, रिसालपुर शहर में पीएएफ की असगर ख़ान अकादमी में स्नातक परेड को संबोधित करते हुए उन्होंने यह बात कही.

    हालांकि पाकिस्तान के इस दावे को भारत हमेशा ख़ारिज करता रहा है. साथ ही भारत भी लगातार दावा करता रहा है कि उसने सैन्य संघर्ष के दौरान पाकिस्तान के पांच लड़ाकू विमानों और एक बड़े विमान को मार गिराया था.

    ज़हीर अहमद बाबर ने कहा, "जब 6 और 7 मई की रात को पाकिस्तान की संप्रभुता को चुनौती दी गई, तो पाकिस्तानी वायुसेना ने भारत को मुंहतोड़ जवाब दिया और रफ़ाल समेत उसके सबसे विकसित लड़ाकू विमानों को मार गिराया."

    उन्होंने अपने दावे में कहा, "रफ़ाल विमान की क्षमता पाकिस्तान वायुसेना के सामने शून्य साबित हुई. दुनिया को इसकी उम्मीद नहीं थी, लेकिन जब पाकिस्तान वायुसेना ने ऐसा किया तो दुनिया दंग रह गई."

    वायु सेना प्रमुख ने कहा, "हम भारत को और भी ज़्यादा नुक़सान पहुंचा सकते थे, लेकिन हम एक प्रोफ़ेशनल फ़ोर्स हैं और हमारी कार्रवाई सोची-समझी, संतुलित और प्रभावी है, जिसका एकमात्र उद्देश्य सम्मान के साथ शांति स्थापित करना है."

    पहलगाम हमले के बाद छह-सात मई की रात पाकिस्तान और पाकिस्तान प्रशासित कश्मीर में चरमपंथी कैंपों को भारतीय सेना ने निशाना बनाया था.

    इस अभियान को 'ऑपरेशन सिंदूर' नाम दिया गया. इसके बाद भारत और पाकिस्तान के बीच सैन्य संघर्ष हुआ.

    10 मई को संघर्ष विराम पर सहमति की घोषणा के बाद संघर्ष रुका. उस वक्त पाकिस्तान ने भारत के 'पांच लड़ाकू विमान गिराने' का दावा किया था, जिसे भारत ने सिरे से ख़ारिज कर दिया था.

  9. विराट कोहली ने 15 साल बाद इस टूर्नामेंट में खेलने का किया फ़ैसला

    भारतीय क्रिकेट टीम के बल्लेबाज़ विराट कोहली ने 24 दिसंबर से शुरू होने जा रही विजय हजारे ट्रॉफ़ी में खेलने के लिए अपनी उपलब्धता की पुष्टि कर दी है.

    न्यूज़ एजेंसी पीटीआई के मुताबिक़, यह जानकारी दिल्ली एंड डिस्ट्रिक्ट क्रिकेट एसोसिएशन (डीडीसीए) के अध्यक्ष रोहन जेटली ने दी है.

    कोहली इंटरनेशनल क्रिकेट में अब सिर्फ़ एक फ़ॉर्मेट (वनडे) खेलते हैं. फ़िलहाल वह दक्षिण अफ़्रीका के ख़िलाफ़ वनडे सिरीज़ में व्यस्त हैं.

    पीटीआई के मुताबिक़, कोहली 15 साल बाद विजय हजारे ट्रॉफ़ी में वापसी के लिए तैयार हैं. उन्होंने पिछली बार फरवरी 2010 में यह टूर्नामेंट खेला था.

    37 वर्षीय कोहली ने रांची में दक्षिण अफ्रीका के ख़िलाफ़ सिरीज़ के पहले मैच में अपना 52वां वनडे शतक जमाया था.

  10. सरफ़राज़ ख़ान ने टी20 करियर का पहला शतक लगाया, चयनकर्ताओं को दिया संदेश

    भारतीय क्रिकेट टीम के बल्लेबाज़ सरफ़राज़ ख़ान ने मंगलवार को सैयद मुश्ताक़ अली ट्रॉफ़ी में अपने टी20 करियर का पहला शतक लगाया.

    उनकी इस पारी को चयनकर्ताओं के लिए मज़बूत संदेश माना जा रहा है.

    दाएं हाथ के बल्लेबाज़ ने 47 गेंदों में नाबाद 100 रन बनाए. लखनऊ में खेले गए इस मुक़ाबले में मुंबई ने असम के ख़िलाफ़ 98 रन से जीत हासिल की. इस जीत में सरफ़राज़ की पारी का अहम योगदान रहा.

    उनकी पारी में 8 चौके और 7 छक्के शामिल थे. इस दौरान उनका स्ट्राइक रेट 210 से ऊपर रहा.

    सरफ़राज़ ने आखिरी टेस्ट नवंबर 2024 में खेला था. ऑस्ट्रेलिया दौरे के बाद उन्हें टीम से बाहर रखा गया था.

    अच्छी फॉर्म में होने के बावजूद टीम इंडिया में उनके चयन नहीं होने को लेकर समय-समय पर सोशल मीडिया पर चर्चा होती रही है.

  11. यूक्रेन युद्ध पर पुतिन और विटकॉफ़ की बातचीत का नतीजा क्या रहा?

    यूक्रेन युद्ध पर रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन और अमेरिकी दूत स्टीव विटकॉफ़ के बीच बातचीत हुई.

    बैठक में मौजूद पुतिन के विदेश नीति सलाहकार यूरी उशाकोव ने बताया कि बातचीत 'रचनात्मक' रही, लेकिन 'अब भी और काम किए जाने की ज़रूरत है'.

    उशाकोव ने यह भी कहा कि यूक्रेन जो इलाके वापस मांग रहा है, उस मुद्दे पर 'कोई समझौता' नहीं हुआ है.

    पुतिन, स्टीव विटकॉफ़, अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के दामाद और सलाहकार जारेड कुशनर के बीच रूस में हुई यह बैठक क़रीब पांच घंटे तक चली.

    इससे पहले पुतिन ने कहा था कि यूरोप की शांति से जुड़ी मांगें रूस को 'कबूल नहीं' हैं.

    साथ ही उन्होंने कहा था कि कि रूस यूरोप के साथ जंग नहीं चाहता, लेकिन अगर वह लड़ना चाहता है, तो हम तैयार हैं.

    बीबीसी के रूस संपादक स्टीव रोज़नबर्ग लिखते हैं कि पुतिन अब भी समझौते के मूड में नहीं दिखते, क्योंकि उनका मानना है कि रूस युद्धक्षेत्र में बढ़त बनाए हुए है.

    इस बीच, यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर ज़ेलेस्की ने कहा, "शांति समझौता मसौदे में कुछ मुद्दों पर अभी और काम करना बाकी है, लेकिन युद्ध ख़त्म करने का मौक़ा अब पहले से कहीं ज़्यादा है."

  12. नमस्कार!

    बीबीसी न्यूज़ हिन्दी के लाइव पेज पर आपका स्वागत है. मैं बीबीसी संवाददाता इफ़्तेख़ार अली अब से दोपहर दो बजे तक आप तक अहम ख़बरें पहुंचाऊंगा.

    कल के लाइव पेज की ख़बरें पढ़ने के लिए क्लिक करें.

    हमारे पेज पर मौजूद कुछ अहम ख़बरों को पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक्स पर क्लिक करें.