You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.

Take me to the main website

पुतिन ने कहा- अगर यूरोप हमसे लड़ना चाहता है, तो हम भी तैयार हैं

रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने कहा है कि रूस यूरोप के साथ जंग नहीं चाहता, लेकिन अगर यूरोप लड़ना चाहता है, तो वह तैयार हैं.

सारांश

लाइव कवरेज

इफ़्तेख़ार अली और सुरभि गुप्ता

  1. इमरान ख़ान से जुड़ी अफ़वाहों के बीच पूर्व पत्नी जेमाइमा गोल्डस्मिथ ने क्या कहा?

    पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री इमरान ख़ान की पूर्व पत्नी जेमाइमा गोल्डस्मिथ ने अंतरराष्ट्रीय समुदाय पर 'अजीब सी चुप्पी साधे' रहने की बात कही है.

    उन्होंने यह बात तब कही है जब पिछले कुछ दिनों से इमरान ख़ान से जुड़ी अफ़वाहें सोशल मीडिया पर फैल रही हैं.

    जेमाइमा गोल्डस्मिथ ने सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म एक्स पर लिखा, "उनके (इमरान ख़ान) बच्चों को उन्हें चिट्ठी भेजने तक की इजाज़त नहीं दी जा रही है. हैरत की बात है. और अंतरराष्ट्रीय समुदाय अजीब सी चुप्पी साधे है."

    पाकिस्तान में सोशल मीडिया पर पिछले बुधवार से ही पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ़ (पीटीआई) के नेता इमरान ख़ान के बारे में तरह-तरह की खबरें चल रही हैं.

    इमरान ख़ान के बेटे कासिम ख़ान ने भी अपने पिता को लेकर 'प्रूफ़ ऑफ़ लाइफ़' यानी इमरान ख़ान के जीवित होने का सबूत मांगा था.

  2. व्हाइट हाउस ने वेनेज़ुएला नाव हमले को लेकर ये कहा

    अमेरिकी प्रशासन ने पुष्टि की है कि एक शीर्ष नौसैनिक कमांडर ने वेनेज़ुएला की ड्रग बोट पर दूसरा सैन्य हमला करने का आदेश दिया था.

    यह नाव कथित तौर पर ड्रग्स ले जा रही थी.

    सोमवार को व्हाइट हाउस की प्रेस सचिव कैरोलिन लेविट ने कहा कि एडमिरल फ्रैंक ब्रैडली ने यह अतिरिक्त हमला अपने अधिकार और क़ानून के दायरे में रहकर किया.

    उन्होंने यह भी बताया कि रक्षा मंत्री पीट हेगसेथ ने हमलों की अनुमति दी थी, लेकिन उन्होंने 'सबको मार देने' का कोई आदेश नहीं दिया था, जैसा कि अमेरिकी अख़बार 'द वाशिंगटन पोस्ट' ने रिपोर्ट किया था.

    बताया गया है कि पहले धमाके में दो लोग बच गए थे और वे जलती हुई नाव पर थे, इसके बाद दूसरा हमला किया गया.

    इस घटना को लेकर रिपब्लिकन और डेमोक्रेट- दोनों ही दलों के सांसदों ने चिंता जताई है और कहा है कि कांग्रेस (अमेरिकी संसद) स्तर पर इसकी समीक्षा की जाएगी.

  3. उत्तर प्रदेश: दिल्ली जा रही बस ट्रक से टकराई, दो लोगों की मौत, कई घायल, सैयद मोज़िज़ इमाम, बीबीसी संवाददाता

    उत्तर प्रदेश के बलरामपुर में सोमवार देर रात सोनौली से दिल्ली जा रही बस ट्रक से टकरा गई, जिसके बाद बस में आग लग गई.

    बलरामपुर के पुलिस अधीक्षक विकास कुमार ने बताया कि दो शव बस से निकाले गए हैं और 15 लोग घायल हैं, जिनको इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती किया गया है.

    उन्होंने कहा कि आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है. छह यात्रियों की हालत गंभीर होने पर उन्हें लखनऊ रेफर किया गया.

    यह हादसा बलरामपुर के फुलवरिया बाईपास पर हुआ है. यह रात में तकरीबन दो बजे हुआ.

    स्थानीय लोग और पुलिस ने मौके़ पर पहुंचकर राहत कार्य शुरू किया. पुलिस के मुताबिक़ बाक़ी यात्रियों को सुरक्षित निकाल लिया गया है.

  4. रूस-यूक्रेन युद्ध ख़त्म करने को लेकर ज़ेलेंस्की ने अब क्या कहा?

    यूक्रेन में युद्ध ख़त्म करने के लिए रूस के साथ होने वाली शांति वार्ताओं पर बात करते हुए यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर ज़ेलेंस्की ने कहा है कि उनके देश की प्राथमिकताएं उसकी संप्रभुता को बनाए रखना और मज़बूत सुरक्षा गारंटी हासिल करना है.

    ज़ेलेंस्की ने कहा, "भौगोलिक सीमा का मुद्दा सबसे कठिन है."

    रूस पूर्वी डोनबास के उन इलाक़ों को छोड़ने की मांग कर रहा है, जिन पर अभी भी यूक्रेन का नियंत्रण है.

    यूक्रेन का कहना है वह अपने इन इलाक़ों को कभी नहीं छोड़ेगा.

    ज़ेलेंस्की ने यह बयान पेरिस में फ़्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों से मुलाक़ात के बाद दिया, जहां उन्होंने ब्रिटेन, जर्मनी, पोलैंड और इटली समेत कई यूरोपीय नेताओं के साथ एक बातचीत में हिस्सा लिया.

    इधर, यूक्रेन और अमेरिका के प्रतिनिधियों ने फ़्लोरिडा में दो दिन की बैठकें पूरी कर ली हैं, जिनमें वे उस शांति योजना में संशोधन पर काम कर रहे हैं जिसे कई लोग रूस के पक्ष में झुकी हुई मानते हैं.

  5. क्रिकेटर एंजेलो मैथ्यूज़ ने श्रीलंका में मदद के लिए भारत-पाकिस्तान को कहा शुक्रिया

    श्रीलंका क्रिकेट टीम के खिलाड़ी एंजेलो मैथ्यूज़ ने भारत और पाकिस्तान को श्रीलंका की मदद करने के लिए शुक्रिया कहा है.

    दरअसल, श्रीलंका में बाढ़ और भूस्खलन से मरने वालों की संख्या 330 से ज़्यादा हो गई है.

    डिजास्टर मैनेजमेंट सेंटर ने बताया कि बाढ़ के कारण 200 से ज़्यादा लोग लापता हैं और लगभग 20 हज़ार घर तबाह हो गए हैं.

    श्रीलंका में चक्रवाती तूफ़ान दित्वाह की वजह से कई हिस्सों में बढ़ते बाढ़ के पानी से लोग जूझ रहे हैं. भारत 'ऑपरेशन सागर बंधु' के ज़रिए वहां राहत सामग्री पहुंचा रहा है और वहां के लोगों की मदद कर रहा है.

    खिलाड़ी एंजेलो मैथ्यूज़ ने सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म एक्स पर लिखा, "हम अपने सभी सुरक्षाबलों का विशेष धन्यवाद करते हैं, जो अपनी जान जोखिम में डालकर प्रभावित और कठिन परिस्थितियों में फंसे हर श्रीलंकाई को बचाने में जुटे हैं."

    उन्होंने लिखा, "भारतीय, पाकिस्तानी और अन्य सेनाओं का भी बहुत धन्यवाद, जो श्रीलंका में लोगों की ज़िंदगी बचाने के लिए जोखिम उठा रही हैं. सभी श्रीलंकाई आपके इन प्रयासों की दिल से सराहना करते हैं."

  6. इमरान ख़ान की पार्टी की इस अपील के बाद पाकिस्तान के दो ज़िलों में धारा 144 लागू

    पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री इमरान ख़ान की पार्टी पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ़ (पीटीआई) के विरोध प्रदर्शन से पहले इस्लामाबाद और रावलपिंडी में धारा 144 लागू कर दी गई है.

    दोनों शहरों के प्रशासन का कहना है कि धारा 144 के तहत किसी भी तरह के विरोध प्रदर्शन या सभा की अनुमति नहीं है.

    बीबीसी उर्दू के मुताबिक़, पीटीआई से संबंधित सभी सांसदों ने मंगलवार को इस्लामाबाद उच्च न्यायालय और अदियाला जेल के बाहर शांतिपूर्ण विरोध प्रदर्शन का आह्वान किया है.

    ख़ैबर पख़्तूनख़्वाह के मुख्यमंत्री सोहेल अफ़रीदी ने रविवार को इस विरोध प्रदर्शन की घोषणा की. उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि केवल विधानसभा के सदस्य ही इस विरोध प्रदर्शन में भाग लेंगे और कोई भी कार्यकर्ता इसमें शामिल नहीं होगा.

    सोहेल अफ़रीदी के अनुसार, इस्लामाबाद उच्च न्यायालय के बाहर विरोध प्रदर्शन का उद्देश्य इमरान ख़ान और उनकी पत्नी बुशरा बीबी के ख़िलाफ़ दर्ज मामलों की जल्द सुनवाई सुनिश्चित करना है.

    पिछले दो साल से अधिक समय से पूर्व प्रधानमंत्री इमरान ख़ान रावलपिंडी की अदियाला जेल में बंद हैं.

    इमरान ख़ान को 19 करोड़ पाउंड (लगभग 2 हज़ार करोड़ रुपए) के भ्रष्टाचार के एक मामले में अदालत ने सज़ा सुनाई है.

  7. ट्रंप की सेहत को लेकर व्हाइट हाउस ने दी ये जानकारी

    अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की स्वास्थ्य रिपोर्ट एक बार फिर सामान्य बताई गई है.

    व्हाइट हाउस के डॉक्टर कैप्टन सीन बारबाबेला ने सोमवार को जारी एक मेमो में कहा कि 79 वर्षीय ट्रंप के दिल और पेट की एमआरआई 'बिल्कुल सामान्य' आई है.

    डॉक्टर के मुताबिक़, ट्रंप ने यह एमआरआई अक्तूबर में अपने नियमित मेडिकल चेकअप के दौरान कराई थी, क्योंकि इस उम्र के पुरुषों के लिए दिल और पेट से जुड़े स्वास्थ्य की विस्तृत जांच फ़ायदेमंद मानी जाती है.

    यह रिपोर्ट ऐसे समय में सामने आई है जब कुछ डेमोक्रेट नेता ट्रंप की उम्र को लेकर दूसरे कार्यकाल में उनकी सेहत पर सवाल उठा रहे थे और स्कैन की जानकारी सार्वजनिक करने की मांग कर रहे थे.

    जारी मेमो में बारबाबेला ने लिखा कि ट्रंप की धमनियों में किसी तरह का संकुचन या ख़ून के प्रवाह में रुकावट का कोई सबूत नहीं मिला है. उनके दिल या बड़ी रक्त वाहिकाओं में भी कोई गड़बड़ी नहीं पाई गई.

    डॉक्टर ने यह भी बताया कि कुल मिलाकर ट्रंप का हृदय संबंधी सिस्टम 'बेहद स्वस्थ' दिखाई देता है.

  8. नमस्कार!

    बीबीसी न्यूज़ हिन्दी के लाइव पेज पर आपका स्वागत है. मैं बीबीसी संवाददाता इफ़्तेख़ार अली अब से दोपहर दो बजे तक आप तक अहम ख़बरें पहुंचाऊंगा.

    कल के लाइव पेज की ख़बरें पढ़ने के लिए क्लिक करें.

    हमारे पेज पर मौजूद कुछ अहम ख़बरों को पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक्स पर क्लिक करें.