कोलकाता: ट्रेनी डॉक्टर के रेप और हत्या मामले में बीजेपी करेगी राज्यव्यापी प्रदर्शन
कोलकाता के आरजी कर मेडिकल कॉलेज में ट्रेनी डॉक्टर के साथ हुए बलात्कार और बाद में उनकी हत्या के मामले में अब बीजेपी ने भी बयान दिया है.
पश्चिम बंगाल के बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष और केंद्रीय मंत्री सुकांत मजूमदार ने कहा कि इसे लेकर बीजेपी विरोध प्रदर्शन करेगी.
उन्होंने समाचार एजेंसी पीटीआई से कहा, "बीजेपी चौतरफा आंदोलन शुरू करेगी. बीजेपी शुक्रवार को इस मामले को लेकर प्रदर्शन करेगी और हर ज़िले में दोपहर दो बजे से लेकर चार बजे तक रास्ता रोको किया जाएगा."
"हम लोगों से अपील करेंगे कि वो दो घंटे के लिए अपना काम बंद करें और न्याय के लिए हमारा साथ दें."
उन्होंने कहा, "बीजेपी शुक्रवार से लगातार विरोध प्रदर्शन शुरू करेगी. ज़रूरत पड़ी तो मैं खुद पूरी रात लोगों के साथ धरने पर बैठूंगा.पार्टी की तरफ से हमारे सभी नेताओं से अपील की गई है कि वो इसमें साथ दें."
उन्होंने कहा कि बुधवार रात को आरजी कर अस्पताल के सामने जो हुआ वो पूरी तरह से क़ानून-व्यवस्था के नाकाम होने का सबूत है.
उन्होंने कहा कि शाम में बीजेपी महिला मोर्चा इस मामले पर न्याय के लिए मुख्यमंत्री के आवास तक कैंडल मार्च करेगी और उनका ध्यान इस मुद्दे की तरफ खींचेगी.
इससे पहले गुरुवार को पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने कहा था, ''हमने दोषियों के लिए पहले ही फांसी की मांग की है. लेकिन अब जांच सीबीआई के हाथ में है और इसमें राज्य सरकार ने पूरा सहयोग देने का वादा किया है.''
उन्होंने कहा उनके पास जो जानकारी है उसके हिसाब से छात्र-छात्राओं का कोई दोष नहीं है.
उन्होंने कहा, ''जो अशांति पैदा हुई है, उसमें कुछ बाहरी राजनीतिक तत्वों का हाथ है. यहां ‘वाम और राम’ मिल कर अशांति पैदा करना चाहते हैं.''
पश्चिम बंगाल में आरजी कर मेडिकल कॉलेज की ट्रेनी स्टूडेंट के रेप और मर्डर केस के ख़िलाफ़ छात्रों का प्रदर्शन जारी है.
देश के कई हिस्सों में इस घटना के विरोध में डॉक्टरों ने हड़ताल की है और प्रदर्शन में शामिल हुए हैं. कलकत्ता हाई कोर्ट के आदेश के बाद मामले की सीबीआई जांच शुरू हो गई है.
सीबीआई ने इस मामले में कुछ डॉक्टरों और ट्रेनी डॉक्टर के माता-पिता के बयान दर्ज किए हैं.