कोलकाता: ट्रेनी डॉक्टर के रेप और हत्या मामले में बीजेपी करेगी राज्यव्यापी प्रदर्शन

पश्चिम बंगाल के बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष और केंद्रीय मंत्री सुकांत मजूमदार ने कहा कि इसे लेकर बीजेपी विरोध प्रदर्शन करेगी.

सारांश

  • कोलकाता बलात्कार मामले पर सीबीआई की जांच जारी, ट्रेनी डॉक्टर के माता-पिता का बयान दर्ज
  • स्वंतत्रता दिवस समारोह में राहुल गांधी को पीछे बिठाने पर विवाद,कांग्रेस हुई हमलावर
  • बांग्लादेश की यूनिवर्सिटी में लगी शेख़ मुजीबुर्रहमान की तस्वीर के साथ हुई छेड़खानी
  • उत्तर कोरिया सालों बाद पर्यटकों को लिए खोलेगा अपने देश की सीमा
  • प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बांग्लादेश में हिंदुओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने की अपील की

लाइव कवरेज

अभिषेक पोद्दार और दीपक मंडल

  1. कोलकाता: ट्रेनी डॉक्टर के रेप और हत्या मामले में बीजेपी करेगी राज्यव्यापी प्रदर्शन

    सुकांत मजूमदार

    इमेज स्रोत, ANI

    इमेज कैप्शन, सुकांत मजूमदार (फ़ाइल फ़ोटो)

    कोलकाता के आरजी कर मेडिकल कॉलेज में ट्रेनी डॉक्टर के साथ हुए बलात्कार और बाद में उनकी हत्या के मामले में अब बीजेपी ने भी बयान दिया है.

    पश्चिम बंगाल के बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष और केंद्रीय मंत्री सुकांत मजूमदार ने कहा कि इसे लेकर बीजेपी विरोध प्रदर्शन करेगी.

    उन्होंने समाचार एजेंसी पीटीआई से कहा, "बीजेपी चौतरफा आंदोलन शुरू करेगी. बीजेपी शुक्रवार को इस मामले को लेकर प्रदर्शन करेगी और हर ज़िले में दोपहर दो बजे से लेकर चार बजे तक रास्ता रोको किया जाएगा."

    "हम लोगों से अपील करेंगे कि वो दो घंटे के लिए अपना काम बंद करें और न्याय के लिए हमारा साथ दें."

    उन्होंने कहा, "बीजेपी शुक्रवार से लगातार विरोध प्रदर्शन शुरू करेगी. ज़रूरत पड़ी तो मैं खुद पूरी रात लोगों के साथ धरने पर बैठूंगा.पार्टी की तरफ से हमारे सभी नेताओं से अपील की गई है कि वो इसमें साथ दें."

    उन्होंने कहा कि बुधवार रात को आरजी कर अस्पताल के सामने जो हुआ वो पूरी तरह से क़ानून-व्यवस्था के नाकाम होने का सबूत है.

    उन्होंने कहा कि शाम में बीजेपी महिला मोर्चा इस मामले पर न्याय के लिए मुख्यमंत्री के आवास तक कैंडल मार्च करेगी और उनका ध्यान इस मुद्दे की तरफ खींचेगी.

    बुधवार रात महिलाओं ने आरजी कर मेडिकल कॉलेज के सामने न्याय की मांग के लिए केंडिल मार्च किया

    इमेज स्रोत, ANI

    इमेज कैप्शन, बुधवार रात महिलाओं ने आरजी कर मेडिकल कॉलेज के सामने न्याय की मांग के लिए केंडिल मार्च किया

    इससे पहले गुरुवार को पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने कहा था, ''हमने दोषियों के लिए पहले ही फांसी की मांग की है. लेकिन अब जांच सीबीआई के हाथ में है और इसमें राज्य सरकार ने पूरा सहयोग देने का वादा किया है.''

    उन्होंने कहा उनके पास जो जानकारी है उसके हिसाब से छात्र-छात्राओं का कोई दोष नहीं है.

    उन्होंने कहा, ''जो अशांति पैदा हुई है, उसमें कुछ बाहरी राजनीतिक तत्वों का हाथ है. यहां ‘वाम और राम’ मिल कर अशांति पैदा करना चाहते हैं.''

    पश्चिम बंगाल में आरजी कर मेडिकल कॉलेज की ट्रेनी स्टूडेंट के रेप और मर्डर केस के ख़िलाफ़ छात्रों का प्रदर्शन जारी है.

    देश के कई हिस्सों में इस घटना के विरोध में डॉक्टरों ने हड़ताल की है और प्रदर्शन में शामिल हुए हैं. कलकत्ता हाई कोर्ट के आदेश के बाद मामले की सीबीआई जांच शुरू हो गई है.

    सीबीआई ने इस मामले में कुछ डॉक्टरों और ट्रेनी डॉक्टर के माता-पिता के बयान दर्ज किए हैं.

  2. अमेरिकी टीवी शो ‘फ्रेंड्स’ के अभिनेता मैथ्यू पैरी की मौत के मामले में एक व्यक्ति गिरफ़्तार

    मैथ्यू पैरी

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, मैथ्यू पैरी (फ़ाइल फ़ोटो)

    अमेरिकी टीवी शो ‘फ्रेंड्स’ के अभिनेता मैथ्यू पैरी की मौत के मामले में कम से कम एक व्यक्ति को गिरफ़्तार किया गया है.

    एबीसी न्यूज़ ने कहा है कि इस मामले में कई लोगों की गिरफ़्तारी हुई है, जबकि एनबीसी न्यूज़ ने कहा है कि इस मामले में कम से कम एक व्यक्ति की गिरफ़्तारी हुई है.

    54 साल कै पैरी 2023 के अक्टूबर में लॉस एजेंलिस के अपने घर में बेहोश मिले थे. पोस्टमार्टम रिपोर्ट में पैरी के शरीर में कैटामाइन का असर पाया गया था.

    लॉस एजेंलिस पुलिस ने इस साल मई में ये पता करने के लिए जांच शुरू की थी उनके शरीर के अंदर इतनी अधिक मात्रा में कैटामाइन कैसे पहुंचा.

    पैरी जब प्रसिद्धि के शिखर पर थे तो पेनकिलर्स और अल्कोहल के आदी हो चुके थे. इसके इलाज के लिए वो कई बार रिहैबिलिटेशन क्लीनिक में भी भर्ती हुए थे.

    कैटामाइन का इस्तेमाल अवसाद, एंज़ाइटी और दर्द के इलाज में होता है.

    2016 में पैरी ने बीबीसी रेडियो 2 से एक बातचीत में कहा था कि शराब पीने और ड्रग्स लेने की वजह से उन्हें ‘फ्रेंड्स’ के फिल्मांकन के बारे में कुछ भी याद नहीं है.

  3. गज़ा युद्ध पर प्रदर्शन के चार महीने बाद अमेरिका की कोलंबिया यूनिवर्सिटी के प्रेसिडेंट का इस्तीफ़ा

    मिनोश श़फ़ीक

    इमेज स्रोत, AFP

    इमेज कैप्शन, मिनोश श़फ़ीक (फ़ाइल फ़ोटो)

    अमेरिका की कोलंबिया यूनिवर्सिटी की प्रेसिडेंट मिनोश शफ़ीक़ ने अपने पद से इस्तीफ़ा दे दिया है.

    गज़ा में इसराइल और फ़लस्तीन युद्ध पर यूनिवर्सिटी कैंपस में छात्रों के प्रदर्शन के चार महीने बाद शफ़ीक़ ने अपने पद से इस्तीफा दिया है.

    शफ़ीक़ एक साल पहले ही कोलंबिया यूनिवर्सिटी की अध्यक्ष बनी थीं.

    इस साल अप्रैल में छात्रों के प्रदर्शन के दौरान शफ़ीक़ ने न्यूयॉर्क पुलिस को कैंपस में घुसने की इज़ाज़त दे दी थी.

    इसके बाद यूनिवर्सिटी बिल्डिंग में धरना पर बैठे 100 छात्रों को गिरफ़्तार कर लिया गया था.

    कोलंबिया यूनिवर्सिटी कैंपस में हाल के दिनों में पहली बार इतनी बड़ी संख्या में छात्रों की गिरफ़्तारी हुई थी.

    पांच दशक पहले वियतनाम युद्ध के दौरान कैंपस में बड़ी संख्या में छात्रों की गिरफ़्तारी हुई थी.

  4. ममता बनर्जी ने कोलकाता रेप-मर्डर की सीबीआई जांच पर क्या कहा

    ममता बनर्जी

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, ममता बनर्जी (फ़ाइल फ़ोटो)

    पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने कोलकाता में ट्रेनी डॉक्टर के रेप और मर्डर केस पर एक बार फिर बयान दिया है.

    उन्होंने कहा है,’’मेरे पास जो जानकारी है उसके हिसाब से छात्र-छात्राओं का कोई दोष नहीं है. जो अशांति पैदा हुई है, उसमें कुछ बाहरी राजनीतिक तत्वों का हाथ है. यहां ‘वाम और राम’ मिल कर अशांति पैदा करना चाहते हैं. हमने दोषियों के लिए पहले ही फांसी की मांग की है. लेकिन अब जांच सीबीआई के हाथ में है और इसमें राज्य सरकार ने पूरा सहयोग देने का वादा किया है’’

    उन्होंने कहा,'' हमारी पुलिस जब तक जांच कर रही थी तब तक कोई दस्तावेज लीक नहीं हो रहा था. जबकि सुप्रीम कोर्ट का निर्देश है इस तरह हादसे के शिकार के लोगों के नाम, उनकी तस्वीर नहीं छापी जा सकती और न ही मीडिया ट्रायल हो सकता है.''

    कोलकाता

    इमेज स्रोत, Getty Images

    ममता बनर्जी ने कहा,''ये बेहद दुखदायी घटना है. मेरी और पश्चिम बंगाल के सभी लोगों की पीड़ित परिवार के प्रति पूरी संवेदना है. यह बहुत बड़ा अपराध है. इस अपराध का एक ही दंड हो सकता है और वे है अभियुक्तों की फांसी. अगर ऐसे लोगों को फांसी दी जाएगी तभी लोगों को सबक मिलेगा. हालांकि किसी निर्दोष को सजा नहीं मिलनी चाहिए.''

    पश्चिम बंगाल में आरजी कर मेडिकल कॉलेज की ट्रेनी स्टूडेंट के रेप और मर्डर केस के ख़िलाफ़ छात्रों का प्रदर्शन जारी है.

    देश के कई हिस्सों में इस घटना के विरोध में डॉक्टरों ने हड़ताल की है और प्रदर्शन में शामिल हुए हैं. कलकत्ता हाई कोर्ट के आदेश के बाद मामले की सीबीआई जांच शुरू हो गई है. सीबीआई ने इस मामले में कुछ डॉक्टरों से बयान लिए हैं. ट्रेनी डॉक्टर के माता-पिता से भी बयान लिए गए हैं..

  5. रूस ने क्यों दी एक बैले डांसर को 12 साल की सज़ा?

    केन्सिया कैरेलिना

    इमेज स्रोत, Sverdlovsk regional court press service

    इमेज कैप्शन, केन्सिया कैरेलिना

    रूस की एक अदालत ने बैले डांसर कैरेलिना को यूक्रेन का समर्थन करने वाली एक चैरिटी को 51 डॉलर दान देने के मामले में 12 साल की सज़ा सुनाई है.

    उन्हें ये सज़ा देशद्रोह के मामले में दी गई है.

    कैरेलिना लॉस एंजेलिस में रहती थीं और उन्हें 2021 में अमेरिका ने नागरिकता दी थी.

    कैरेलिना को जनवरी में मॉस्को से 1,600 किलोमीटर दूर पूर्व की ओर स्थित येकातेरिनबर्ग में पारिवारिक यात्रा के दौरान गिरफ्तार किया गया था.

    रूस की फेडरल सिक्योरिटी सर्विस ने कहा कि केन्सिया कैरेलिना ने उस यूक्रेनी संगठन के लिए फंड जुटाया है जो कि यूक्रेनी सेना को हथियार मुहैया करा रही है.

  6. स्वंतत्रता दिवस समारोह में राहुल गांधी को पीछे बिठाने पर क्या बोली कांग्रेस?

    कांग्रेस नेता सुप्रिया श्रीनेत (फाइल फोटो)

    इमेज स्रोत, ANI

    इमेज कैप्शन, कांग्रेस नेता सुप्रिया श्रीनेत (फाइल फोटो)

    कांग्रेस ने गुरुवार को कहा कि लाल किले पर आयोजित स्वतंत्रता दिवस समारोह के दौरान नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी और कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे को 5वीं पंक्ति में बैठने की जगह देकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने छोटा मन दिखाया है.

    कांग्रेस की नेता सुप्रिया श्रीनेत ने कहा, "नरेंद्र मोदी एक छोटी मानसिकता और छोटे दिल के आदमी हैं. इसका प्रमाण वो बार-बार खुद देते हैं. एक बात और भी है कि छोटे मन के लोगों से बड़ी बात की उम्मीद नहीं करनी चाहिए."

    उन्होंने आगे कहा, "नरेंद्र मोदी आपने कुंठा तो दिखा दी है, लेकिन इससे राहुल गांधी को कोई फर्क नहीं पड़ता. कोई फर्क नहीं पड़ता कि वो 5वीं लाइन में बैठें या 50वीं लाइन में बैठें. वो जनता के मुद्दे को उठाते रहेंगे. राहुल गांधी को ही नहीं मल्लिकार्जुन खड़गे को भी 5वीं लाइन में बिठाया गया.''

    सुप्रिया श्रीनेत ने कहा, ''सच यह है कि राहुल गांधी से मोदी और उनके मंत्री आँखें चुराते हैं.''

    वहीं, इससे पहले कांग्रेस सांसद विवेक तन्खा ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर लिखा था कि एमओडी (रक्षा मंत्रालय) इतना तुच्छ व्यवहार क्यों कर रहा है?

    उन्होंने कहा कि नेता प्रतिपक्ष (एलओपी) राहुल गांधी चौथी पंक्ति में बैठे. एलओपी का पद किसी भी कैबिनेट मंत्री से ऊपर का है. राजनाथ सिंह आप रक्षा मंत्रालय को किसी राष्ट्रीय समारोह का राजनीतिकरण करने की अनुमति नहीं दे सकते. आपसे ये उम्मीद नहीं थी.

  7. कोलकाता रेप-मर्डर केस: छात्रों के सवाल पर मेडिकल कॉलेज की नई प्रिंसिपल ने क्या कहा?

    कोलकाता

    इमेज स्रोत, SOCIAL MEDIA

    कोलकाता के आरजी कर मेडिकल कॉलेज की ट्रेनी स्टूडेंट के रेप और मर्डर के ख़िलाफ़ छात्रों का प्रदर्शन जारी है.

    गुरुवार को प्रदर्शनकारी छात्रों ने कॉलेज की प्रिंसिपल सुहृता पाल का घेराव किया और उनसे पूछा कि इस बारे में कॉलेज प्रशासन आगे क्या कर रहा है.

    इस पर उन्होंने कहा, ''छात्रों को किसी न किसी पर तो भरोसा करना होगा, आपको कम से कम मुझ पर विश्वास करना होगा. आपको मुझे कम से कम एक घंटा तो देना होगा. तभी मैं कुछ बता पाऊंगी.''

    इससे पहले सीबीआई ने ट्रेनी डॉक्टर के रेप और हत्या के मामले की जांच शुरू कर दी. अभी तक सीबीआई ने कुछ डॉक्टरों से पूछताछ की है.

    गुरुवार को जांच के सिलसिले में पीड़िता के घर पहुंचने के बाद सीबीआई अधिकारी ने कहा, "जांच चल रही है. हमने लड़की के माता-पिता का बयान लिया है.''

  8. स्पेन के फ़ुटबॉल खिलाड़ी लमीन यमाल के पिता पर चाकुओं से हमला

    लमीन यमाल

    इमेज स्रोत, EPA-EFE/REX/Shutterstock

    इमेज कैप्शन, म्यूनिख़ में हुए यूरो कप फ़ुटबॉल के सेमीफ़ाइनल में फ़्रांस के ख़िलाफ़ गोल करने के बाद स्पेन के फ़ुटबॉल स्टार लमीन यमाल

    स्पेन के 17 वर्षीय फ़ुटबॉल स्टार लमीन यमाल के पिता पर चाकुओं से हमला किया गया है.

    उन पर एक कार पार्किंग में चाकुओं से कई हमला किए जाने की ख़बर है.

    स्पेन के मीडिया के मुताबिक़ लमीन यामल के पिता मोउनिर नसराओई पर तटीय शहर मतारो में बुधवार को हमला किया गया.

    उन्हें गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है. फिलहाल उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है.

    जिन लोगों ने उन पर हमला किया उनसे उन्होंने एक रात पहले बात की थी.

    पुलिस ने इस मामले में तीन लोगों को गिरफ़्तार किया है.

    इस साल म्यूनिख़ में हुए यूरो कप फु़टबॉल के सेमीफ़ाइनल में जब स्पेन फ़्रांस से 1-0 से पिछड़ रहा था, तब यमाल ने बॉक्स के बाहर से गोलपोस्ट के टॉप कॉर्नर से शानदार गोल दाग दिया. इस गोल ने यमाल का नाम इतिहास की किताबों में शामिल करा दिया है.

    16 साल और 362 दिन की उम्र में वह टूर्नामेंट के इतिहास में स्कोर करने वाले सबसे कम उम्र के व्यक्ति बन गए.

    लेकिन इससे भी बड़ी उपलब्धि शायद ये थी कि जिस शख़्स ने भी ये गोल देखा वो आश्चर्यचकित रह गया.

    इंग्लैंड के पूर्व स्ट्राइकर गेरी लिनेकर ने बीबीसी से कहा था, "एक सुपरस्टार पैदा हो गया है. ये केवल इस मैच का ही नहीं बल्कि लगता है कि पूरे टूर्नामेंट का सबसे यादगार लम्हा है."

  9. बांग्लादेश की यूनिवर्सिटी में लगी शेख़ मुजीबुर्रहमान की तस्वीर के साथ हुई छेड़खानी

    बांग्लादेश की राजशाही यूनिवर्सिटी में लगी शेख़ मुजीबुर्रहमान की फोटो

    इमेज स्रोत, Mir Qadir

    इमेज कैप्शन, बांग्लादेश की राजशाही यूनिवर्सिटी में लगी शेख़ मुजीबुर्रहमान की फोटो

    बांग्लादेश में स्थित राजशाही यूनिवर्सिटी में लगे शेख़ मुजीबुर्रहमान की फोटो के साथ छेड़खानी की गई है. ये तस्वीर यूनिवर्सिटी के बंगबंधु शेख़ मुजीबुर्रहमान रहमान हॉल में लगी हुई थी.

    हॉल के गार्ड फ़ैज़ अहमद और यूनिवर्सिटी छात्रों के प्रतिनिधि मीर क़ादिर ने बीबीसी बांग्ला से कहा, ''बुधवार की रात क़रीब नौ बजे 20 से 30 लोग आए और शेख़ मुजीबुर्रहमान की फोटो को ख़राब कर दिया."

    इससे पहले भी ऐसा हो चुका है. बांग्लादेश में शेख़ हसीना के प्रधानमंत्री पद से इस्तीफ़ा देकर देश से बाहर चले जाने के बाद हज़ारों प्रदर्शकारियों ने जश्न बनाया था.

    इस दौरान ढाका के गणभवन में कुछ प्रदर्शकारी शेख़ मुजीबुर्रहमान की मूर्ति पर भी चढ़ गए थे और इसे तोड़ने की कोशिश की थी.

    बांग्लादेश में शेख़ हसीना के इस्तीफ़े के बाद देश में अंतरिम सरकार बनाई गई है और इसके मुख्य सलाहाकार का ज़िम्मा मोहम्मद यूनुस ने संभाला है.

  10. उत्तर कोरिया सालों बाद पर्यटकों को लिए खोलेगा अपनी सीमा

    उत्तर कोरिया

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, सेमिजियोन के हवाईअड्डे पर खड़े एयर कोरयो के विमान

    उत्तर कोरिया लगभग चार साल बाद अपनी सीमा विदेशी पर्यटकों के लिए खोलने जा रहा है.

    2020 की शुरुआत में कोविड महामारी के दौरान उत्तर कोरिया ने अपनी सीमाएं सील कर दी थी.

    उसके बाद अब जाकर उसने अपने एक शहर को पर्यटकों के लिए खोलने का फै़सला किया है.

    चीन के दो टूर ऑपरेटरों ने बताया है कि पर्यटकों को जल्द ही उत्तर कोरिया के पहाड़ी शहर सामजियोन में आने की इज़ाज़त दी जा सकती है.

    उत्तर कोरिया

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, उत्तर कोरिया का पहाड़ी शहर सामजियोन जो पर्यटकों के लिए खासा आकर्षण का केंद्र है

    उत्तर कोरिया ने अपने यहां कोविड महामारी के दौरान जो प्रतिबंध लगाए थे उनमें पिछले साल से थोड़ी ढील देने की शुरुआत की गई थी.

    उत्तर कोरिया में सीमाएं सील किए जाने के बाद देश में खाद्यान्न संकट पैदा हो गया था.

    उत्तर कोरिया को अपने परमाणु कार्यक्रमों की वजह से अंतरराष्ट्रीय प्रतिबंधों का सामना करना पड़ रहा है. इस वजह से वहां की अर्थव्यवस्था पर काफी दबाव है.

  11. कोलकाता बलात्कार मामले पर सीबीआई बोली- जांच चल रही है

    कोलकाता के आरजी कर मेडिकल में ट्रेनी डॉक्टर के रेप के बाद हत्या के मामले में विरोध प्रदर्शन

    इमेज स्रोत, ANI

    इमेज कैप्शन, कोलकाता के आरजी कर मेडिकल में ट्रेनी डॉक्टर के रेप के बाद हत्या के मामले में विरोध प्रदर्शन

    पश्चिम बंगाल के कोलकाता के आरजी कर मेडिकल कॉलेज में ट्रेनी डॉक्टर के रेप और हत्या के मामले की सीबीआई जांच कर रही है.

    गुरुवार को जांच के सिलसिले में पीड़िता के घर पहुंचने के बाद सीबीआई अधिकारी ने कहा, "जांच चल रही है. हमने लड़की के माता-पिता का बयान लिया है.''

    दरअसल, ट्रेनी डॉक्टर से बलात्कार और फिर उसकी हत्या की घटना को लेकर विरोध प्रदर्शनों के बीच कलकत्ता हाई कोर्ट ने 13 अगस्त को मामले की जांच कोलकाता पुलिस से तत्काल सीबीआई को हस्तांतरित करने का आदेश दिया था.

    वहीं, मामले को लेकर देश के कई हिस्सों में ट्रेनी डॉक्टरों का विरोध प्रदर्शन जारी है.

  12. कोलकाता में प्रदर्शनकारी छात्रों से मुलाकात के बाद राज्यपाल बोले- आपको इंसाफ़ मिलेगा

    पश्चिम बंगाल के गर्वनर सीवी आनंद बोस

    इमेज स्रोत, ANI

    इमेज कैप्शन, पश्चिम बंगाल के गवर्नर सीवी आनंद बोस (फ़ाइल फ़ोटो)

    कोलकाता के आरजी कर मेडिकल कॉलेज की ट्रेनी डॉक्टर के रेप और मर्डर के ख़िलाफ़ प्रदर्शन कर रहे छात्रों ने गुरुवार को राज्यपाल सीवी आनंद बोस से मुलाकात की.

    राज्यपाल ने उन्हें इस मामले में पूरा इंसाफ़ दिलाने का वादा किया.

    उन्होंने छात्रों से कहा "आपको न्याय मिलेगा. मैं आपको यहां सुनने आया हूं. मैं आपके साथ हूं. हम इससे लड़ेंगे और जीतेंगे. हम साथ मिलकर काम करेंगे.''

    दरअसल, कोलकाता के आरजी कर मेडिकल कॉलेज की ट्रेनी डॉक्टर के रेप और हत्या के मामले में छात्रों का विरोध प्रदर्शन जारी है.

    यहां बुधवार की आधी रात को हालात उस समय बिगड़ गए जब उग्र भीड़ ने अस्पताल परिसर में प्रवेश कर वाहनों और सार्वजनिक संपत्ति को नुक़सान पहुंचाया.

  13. मोहम्मद मुइज़्ज़ू ने स्वतंत्रता दिवस की बधाई दी तो पीएम मोदी ने दिया ये जवाब

    मालदीव के राष्ट्रपति मोहम्मद मुइज़्ज़ू (फ़ाइल फ़ोटो)

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, मालदीव के राष्ट्रपति मोहम्मद मुइज़्ज़ू (फ़ाइल फ़ोटो)

    मालदीव के राष्ट्रपति मोहम्मद मुइज़्ज़ू ने भारतीय स्वतंत्रता दिवस की बधाई दी है.

    एक पोस्ट के माध्यम से उन्होंने लिखा, “भारतीय स्वतंत्रता दिवस के इस मौक़े पर मैं राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भारत के लोगों को दिल से बधाई देता हूं.''

    मुइज़्ज़ू ने लिखा- हमारी ऐतिहासिक दोस्ती मालदीव समेत इस पूरे इलाक़े में समृद्धि और विकास को बढ़ावा देगी. मुझे विश्वास है कि भविष्य में हमारी साझेदारी और भी मज़बूत होती रहेगी.

    प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने स्वतंत्रता दिवस की बधाई देने के लिए मोहम्मद मुइज़्ज़ू का शुक्रिया अदा करते हुए लिखा- भारत मालदीव को दोस्त मानता है और हम हमारे नागरिकों की भलाई के लिए साथ काम करना जारी रखेंगे.

    फ़्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों ने भी भारत को 78वें स्वतंत्रता दिवस की बधाई दी.

    उन्होंने लिखा, “मुझे भारत दौरे पर किया गया मेरा स्वागत अभी तक याद है. मैं अपने दोस्त नरेंद्र मोदी के साथ हमारे तय किए लक्ष्यों को हासिल करने के लिए काम करूंगा."

    इमैनुएल मैक्रों के इस ट्वीट पर प्रधानमंत्री मोदी ने उनको शुक्रिया कहते हुए लिखा, “मुझे भी ना केवल आपकी भारत यात्रा याद है बल्कि हमारे बीच हुई कई मुलाक़ातें भी याद हैं, जिन्होंने भारत और फ़्रांस के रिश्ते को और भी मज़बूती दी है.”

    पीएम मोदी ने लिखा कि हम भविष्य में दुनिया की भलाई के लिए साथ काम करते रहेंगे.

  14. भागवत बोले- पड़ोसी देश में उत्पात की गर्मी हिंदू बंधुओं को झेलनी पड़ रही है

    राष्ट्रीय स्वंयसेवक संघ के सरसंघाचलक मोहन भागवत (फाइल फोटो)

    इमेज स्रोत, ANI

    इमेज कैप्शन, आरएसएस प्रमुख मोहन भागवत (फाइल फोटो)

    स्वतंत्रता दिवस के मौक़े पर आरएसएस प्रमुख मोहन भागवत ने नागपुर में स्थित संघ मुख्यालय में कहा कि दुनिया में हमेशा से ऐसे लोग रहते हैं जो अन्य देशों पर वर्चस्व चाहते हैं, ऐसे में इनसे रक्षा करनी पड़ती है.

    भागवत ने कहा, ''हमने देश के लिए जिस प्रकार का रास्ता तय किया, उस पर चलना पड़ता है. परिस्थिति के उतार-चढ़ाव चलते रहते हैं. हमें स्वतंत्र देश के नागरिक होने के कारण इसकी रक्षा करनी है.''

    वो बोले, ''स्वतंत्र के स्व को प्रकट करना है. ये बातें मन में रखकर चलने से जो वातावरण बनता है, उसमें स्वतंत्रता सुरक्षित रहती है. स्थिति आज हम देख रहे हैं. पड़ोसी देश में बहुत उत्पात हो रहे हैं और वहां रहने वाले हिंदू बंधुओं को बिना कारण ही उसकी गर्मी झेलनी पड़ रही है.''

    भागवत बोले- ''भारतवर्ष ऐसा है कि स्वयं की रक्षा और स्वतंत्रता का तो दायित्व है ही, जो कि हर देश की होती है. भारतवर्ष की परंपरा रही है कि वो अपने आपको दुनिया के उपकार के लिए बड़ा करता है. इसलिए आपने पिछले सालों में देखा होगा कि हमने कभी किसी पर आक्रमण नहीं किया है. जो संकट में था उसकी मदद की और ये नहीं देखा कि वो हमारे साथ कैसा व्यवहार करता है."

    मोहन भागवत ने कहा, ''दुनियाभर के पीड़ितों के लिए हम और हमारी सरकार भी मदद करती है. ऐसी परिस्थिति में अपना देश ठीक रहे. अन्य देशों को ठीक होना है और उनको हमारी मदद की जरूरत हो. उन देशों में जो अस्थिरता और अराजकता की गर्मी झेलने वाले लोगों को कष्ट ना हो जैसी कितनी ही जिम्मेदारी हमारे सिर पर है."

  15. महावीर फोगाट ने विनेश पर कहा- अब जो फ़ैसला आया, उससे ऊपर कोई गुंजाइश नहीं

    विनेश फोगाट (फ़ाइल फ़ोटो)

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, विनेश फोगाट (फ़ाइल फ़ोटो)

    कोर्ट ऑफ़ आर्बिट्रेशन फ़ॉर स्पोर्ट्स (सीएएस) ने विनेश फोगाट को पेरिस ओलंपिक में कुश्ती के फ़ाइनल मुक़ाबले के लिए अयोग्य ठहराए जाने के ख़िलाफ़ की गई अपील को ख़ारिज कर दिया है.

    सीएएस का यह फ़ैसला 14 अगस्त की रात को आया था. इस फ़ैसले पर अब विनेश फोगाट के ताऊ महावीर फोगाट की प्रतिक्रिया भी सामने आई है.

    उन्होंने कहा, “हमें पूरी उम्मीद थी कि फ़ैसला हमारे हक़ में आएगा. लेकिन जो सीएएस ने फ़ैसला कर दिया तो अब उससे ऊपर कोई गुंजाइश नहीं रही.”

    महावीर फोगाट ने कहा, “जब विनेश 17 अगस्त को वापस आएगी तो हम उसका स्वागत वैसे ही करेंगे जैसे गोल्ड मेडल मिलने पर किया जाता है. परिवार के सभी सदस्य उसे मिलकर समझाएंगे और हमारी कोशिश होगी कि उसे 2028 ओलंपिक के लिए भी तैयार किया जाए.”

    पेरिस ओलंपिक में विनेश फोगाट ने महिला एकल कुश्ती में फ़ाइनल तक का सफ़र तय किया था. इसी के साथ उनका रजत पदक भी पक्का हो गया था.

    विनेश कुश्ती के फ़ाइनल के लिए क्वालिफ़ाई करने वाली पहली भारतीय पहलवान भी थीं.

    लेकिन फ़ाइनल से ठीक पहले विनेश का वज़न तय मानक से 100 ग्राम ज़्यादा पाया गया, जिसके बाद उनको अयोग्य ठहरा दिया गया था.

  16. अरविंद केजरीवाल की पत्नी ने स्वतंत्रता दिवस पर जताया ये अफसोस

    सुनीता केजरीवाल (फ़ाइल फ़ोटो)

    इमेज स्रोत, ANI

    इमेज कैप्शन, सुनीता केजरीवाल (फ़ाइल फ़ोटो)

    दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की पत्नी सुनीता केजरीवाल ने स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर एक पोस्ट के माध्यम से केंद्र सरकार पर तानाशाही का आरोप लगाया.

    सुनीता केजरीवाल ने लिखा, “आज सीएम आवास पर तिरंगा नहीं फहराया गया. बहुत अफ़सोस रहा. यह तानाशाही एक चुने हुए मुख्यमंत्री को जेल में रख सकती है, लेकिन दिल में देशप्रेम को कैसे रोक पाएगी…”

    अरविंद केजरीवाल दिल्ली की शराब नीति से जुड़े कथित घोटाले मामले में तिहाड़ जेल में बंद हैं. केजरीवाल को 21 मार्च को ईडी ने गिरफ़्तार किया था. जेल में रहते हुए ही भ्रष्टाचार से जुड़े मामले में उन्हें सीबीआई ने भी गिरफ़्तार किया था.

    सुप्रीम कोर्ट ने 14 अगस्त को दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को अंतरिम ज़मानत देने से इनकार कर दिया था. इस मामले में अब अगली सुनवाई 23 अगस्त को होनी है.

    समाचार एजेंसी पीटीआई के अनुसार, सुप्रीम कोर्ट ने इस मामले में सीबीआई को भी नोटिस जारी किया है.

    इस मामले में दिल्ली के पूर्व उप-मुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया को भी जेल जाना पड़ा था. लेकिन फ़िलहाल वो ज़मानत पर बाहर हैं.

  17. कांग्रेस अध्यक्ष खड़गे बोले- 'वो नफ़रत फ़ैलाने की मंशा से विभाजन विभीषिका दिवस मनाते हैं'

    कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे (फाइल फोटो)

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे (फाइल फोटो)

    स्वतंत्रता दिवस के मौक़े पर कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने कांग्रेस मुख्यालय में तिरंगा फहराया.

    इस अवसर पर पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा, “सभी प्रांत, भाषा और प्रदेश के लोग मिलकर एक सशक्त भारत राष्ट्र का निर्माण करते हैं. अनेकता में एकता हमारी ताक़त है ना कि कमज़ोरी.”

    कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा, “कुछ लोग आज ये प्रचार करते हैं कि आज़ादी आसानी से मिल गई थी. बल्कि सच्चाई ये है कि लाखों लोगों ने क़ुर्बानी दी. अपना घर बार छोड़कर भटकते रहे. संपन्न घरों के लोगों ने भी आज़ादी के लिए अपनी ज़िंदगी का अधिकतर हिस्सा जेलों में काटा.”

    खड़गे ने कहा- क्रांतिकारियों को याद करने और उनके दिखाए रास्ते पर चलने की जगह आज के हुक्मरान विभाजनकारी सोच को बढ़ावा दे रहे हैं. वे केवल नफ़रत फ़ैलाने की मंशा से विभाजन विभीषिका दिवस मनाते हैं.

  18. आतिशी बोलीं- 'स्वतंत्रता सेनानियों के सपनों में भी ऐसा विचार नहीं आया होगा...'

    दिल्ली सरकार की मंत्री आतिशी (फ़ाइल फ़ोटो)

    इमेज स्रोत, ANI

    इमेज कैप्शन, दिल्ली सरकार की मंत्री आतिशी (फ़ाइल फ़ोटो)

    आम आदमी पार्टी की नेता और दिल्ली सरकार में मंत्री आतिशी ने स्वतंत्रता दिवस के मौके पर केंद्र सरकार पर निशाना साधा.

    आतिशी ने दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के जेल में होने का ज़िक्र किया.

    एक्स पोस्ट के माध्यम से आतिशी ने कहा, “आज स्वतंत्रता दिवस है, जब 1947 में भारत को अंग्रेजों की तानाशाही से आज़ादी मिली. सैकड़ों स्वतंत्रता सेनानियों ने लाठियाँ खायीं, जेल गये और अपनी जान की क़ुर्बानी दी - हमें यह आज़ादी दिलवाने के लिए.”

    आतिशी ने कहा, “स्वतंत्रता सेनानियों के सपनों में भी ऐसा विचार नहीं आया होगा कि एक दिन, आज़ाद भारत में, एक चुने हुए मुख्यमंत्री को झूठे मुक़दमे में फँसाकर महीनों तक जेल में रखा जाएगा…आइए इस स्वतंत्रता दिवस पर हम ये प्रण लेते हैं कि आख़िरी साँस तक तानाशाही के ख़िलाफ़ लड़ते रहेंगे.”

  19. पीएम मोदी के भाषण पर प्रतिक्रिया देते हुए कांग्रेस ने वाजपेयी का ज़िक्र क्यों किया?

    कांग्रेस प्रवक्ता पवन खेड़ा (फ़ाइल फ़ोटो)

    इमेज स्रोत, ANI

    इमेज कैप्शन, कांग्रेस प्रवक्ता पवन खेड़ा (फ़ाइल फ़ोटो)

    स्वतंत्रता दिवस के अपने भाषण में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सेना की ओर से सर्जिकल स्ट्राइक किए जाने का ज़िक्र किया.

    पीएम मोदी ने कहा, “एक वक़्त था जब आतंकवादी देश में हमले करते थे. लेकिन अब सेना सर्जिकल स्ट्राइक करती है.”

    प्रधानमंत्री के इस भाषण पर कांग्रेस के नेता और प्रवक्ता पवन खेड़ा ने अपनी प्रतिक्रिया दी है.

    पवन खेड़ा ने एक्स पर एक पोस्ट के माध्यम से कहा, “यह साहिब कितने ही साल इस पद पर रहें, इनका कद बढ़ ही नहीं सकता. ना इनके वैचारिक पूर्वजों को स्वतंत्रता दिवस से कोई मतलब था, ना इनके मन में आज के दिन की पवित्रता की समझ है.”

    पवन खेड़ा ने बीजेपी और पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के कार्यकाल को निशाने पर लेते हुए कहा, “हाँ, संसद में हुआ हमला दुखदाई था; हाँ, कंधार विमान अपहरण ने देश को दहला दिया था, लेकिन स्वर्गीय वाजपेयी जी के ख़िलाफ़ बोलने का यह भी कोई मौक़ा है?”

    पवन खेड़ा ने लिखा कि वाजपेयी जी ने कम से कम पठानकोट हमले के बाद आईएसआई को निरीक्षण के लिए तो नहीं बुलाया था; आईएसआई को क्लीन चिट तो नहीं दी थी.

  20. पीएम मोदी ने यूनिफ़ॉर्म सिविल कोड और एक देश एक चुनाव पर क्या कहा

    प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी

    इमेज स्रोत, Narendra Modi Youtube

    इमेज कैप्शन, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी

    स्वतंत्रता दिवस के अपने भाषण में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने यूनिफ़ॉर्म सिविल कोड और एक देश एक चुनाव पर भी चर्चा की.

    उन्होंने कहा, “हमारे देश में सुप्रीम कोर्ट ने बार-बार यूनिफ़ॉर्म सिविल कोड पर चर्चा की है. इसे लेकर कई बार आदेश दिए हैं.”

    प्रधानमंत्री ने कहा, “देश का एक बहुत बड़ा वर्ग मानता है और इसमें सच्चाई भी है कि जिस सिविल कोड को लेकर हम जी रहे हैं वो एक तरह से कम्युनल सिविल कोड है. भेदभाव करने वाला सिविल कोड है.”

    प्रधानमंत्री ने कहा, “इस गंभीर विषय पर व्यापक चर्चा होनी चाहिए. ऐसे क़ानून जो धर्म के आधार पर देश को बाँटते हों, जो ऊंच-नीच का कारण बनते हों. ऐसे कानूनों का आधुनिक समाज में कोई स्थान नहीं हो सकता.”

    पीएम मोदी ने कहा कि समय की मांग है कि देश में एक सेक्युलर सिविल कोड हो. हमने कम्युनल सिविल कोड में 75 साल बिताए हैं. अब हमें सेक्युलर सिविल कोड की ओर जाना होगा.

    इसके अलावा पीएम मोदी ने देश में एक समय पर चुनाव कराने की भी वकालत की.

    उन्होंने कहा, "देश में बार-बार चुनाव गतिरोध पैदा कर रहे हैं. हर छह महीने में कहीं न कहीं चुनाव हो रहे हैं. इसलिए देश में व्यापक चर्चा हुई है. सभी राजनीतिक दलों ने अपने विचार रखे हैं. वन नेशन, वन इलेक्शन के लिए देश को आगे आना होगा."