अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप बोले- 'ईरान बहादुरी के साथ लड़ा'
इमेज स्रोत, Getty Images
इमेज कैप्शन, अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप
अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप
ने कहा है कि ईरान 'बहादुरी के साथ लड़ा.'
नेटो मीटिंग के दौरान राष्ट्रपति
ट्रंप से सवाल किया गया कि क्या वो ईरान से प्रतिबंध हटाने पर विचार कर रहे हैं.
इसके जवाब में उन्होंने कहा,
"उन्होंने (ईरान ने) अभी जंग का सामना किया है और वो
बहादुरी के साथ लड़े."
"अगर वो तेल बेचना चाहते हैं तो
वो तेल बेच सकते हैं. उन्हें देश को दोबारा खड़ा करने के लिए पैसे चाहिए."
ट्रंप ने ये भी कहा कि चीन ईरान से
तेल खरीद सकता है.
ट्रंप ने कहा है कि ईरान और अमेरिका
के बीच अगले हफ्ते बात होगी.
उन्होंने कहा, "हम कोई समझौता कर सकते हैं. मैं अभी नहीं जानता. ये जरूरी भी
नहीं है. उन्होंने अभी जंग लड़ी है और वो (ईरान) अपनी दुनिया में वापस चले गए
हैं."
"मैंने कहा था ईरान के पास
परमाणु हथियार नहीं हो सकते हैं. ये नष्ट हो चुके हैं. हमने इन्हें नष्ट कर दिया
है."
इसराइल का दावा- ईरान का फोर्दो परमाणु परिसर निष्क्रिय हो गया है
इमेज स्रोत, Maxar
इमेज कैप्शन, ईरान के फोर्दो परमाणु परिसर पर अमेरिका ने हाल में हमले किए
इसराइल ने दावा किया है कि हाल के अमेरिकी हमलों के बाद ईरान का फोर्दो परमाणु परिसर निष्क्रिय हो गया है.
इसराइल सरकार की परमाणु संस्था ने
कहा है कि अमेरिका और इसराइल के हमलों की वजह से फोर्दो परमाणु परिसर पूरी तरह से
निष्क्रिय हो गया है.
इसराइल एटॉमिक एनर्जी कमीशन (आईएईसी)
ने कहा, "हमलों ने परिसर के बुनियादी ढांचे को
बर्बाद कर दिया है."
"हमारा आकलन है कि ईरान के
परमाणु परिसरों पर अमेरिकी और इसराइली हमलों के कारण ईरान की परमाणु हथियार विकसित
करने की क्षमता कई वर्षों तक पीछे चली गई है."
आईएईसी ने कहा, "अगर ईरान की परमाणु सामग्री तक पहुंच नहीं होती है तो यह
उपलब्धि अनिश्चित काल तक जारी रह सकती है."
हालांकि ईरान के परमाणु प्रतिष्ठानों
पर हमले के बारे में पेंटागन की लीक हुई शुरुआती ख़ुफ़िया मूल्यांकन रिपोर्ट में
दावा किया गया है कि ईरान का परमाणु कार्यक्रम नष्ट नहीं हुआ और संभवतः यह 'अधिकतम कुछ महीने' ही पीछे
चला गया.
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड
ट्रंप ने इस पर कहा, "सीएनएन और
न्यूयॉर्क टाइम्स फ़ेक न्यूज़ फैला रहे हैं."
राष्ट्रपति ट्रंप का दावा- 'यूक्रेन के साथ जंग खत्म करना चाहते हैं पुतिन'
इमेज स्रोत, Getty Images
इमेज कैप्शन, अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप
अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप
ने नेटो की मीटिंग के दौरान दावा किया कि रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन
यूक्रेन के साथ जंग खत्म करना चाहते हैं.
ट्रंप ने इस बात से भी इनकार नहीं
किया कि इस साल अमेरिका यूक्रेन की और मदद नहीं करेगा.
ट्रंप ने कहा, "हम देखेंगे क्या होता है. पुतिन इस जंग को खत्म करना चाहते
हैं. हर स्तर पर लोगों की मौत हो रही है. ऐसा पहले नहीं हुआ."
ऑस्ट्रेलिया के सरकारी टीवी के एक
रिपोर्टर ने ट्रंप से सवाल किया कि वो यूक्रेन और रूस की जंग खत्म क्यों नहीं करवा
पा रहे हैं?
ट्रंप ने इसके जवाब में कहा,
"लोग जैसा सोचते हैं ये उससे कहीं मुश्किल
है. ये काफी मुश्किल है."
"जेलेंस्की के साथ मेरी कुछ
समस्याएं हैं. आपने इसके बारे में पढ़ा भी होगा."
ट्रंप ने हालांकि दावा किया कि
उन्होंने ईरान-इसराइल और भारत-पाकिस्तान के बीच संघर्ष को खत्म करवाया है.
भारत-पाकिस्तान के संघर्ष पर ट्रंप
ने दोहराया, "मैंने कई फोन कॉल्स के साथ इसे खत्म
करवाया."
ईरान पर अमेरिकी हमले के बाद रूस ने उठाया ये कदम
इमेज स्रोत, Getty Images
इमेज कैप्शन, रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन (फ़ाइल फोटो)
ईरान के परमाणु कार्यक्रम पर हुए
अमेरिकी हमलों के बाद रूस ने अंतरराष्ट्रीय परमाणु ऊर्जा एजेंसी (आईएईए) के साथ सहयोग खत्म कर लिया है.
आईएईए विभिन्न देशों के परमाणु कार्यक्रमों की निगरानी करने वाली संयुक्त राष्ट्र की संस्था है.
रूस के राष्ट्रपति भवन के प्रवक्ता
दिमित्री पेस्कोव ने कहा, "ये फ़ैसला ईरान के न्यूक्लियर ठिकानों पर बिना वजह किए गए
हमलों का नतीजा है."
"मौजूदा हालात के चलते आईएईए की साख
को भारी नुकसान पहुंचा है. ये स्थिति चिंता का विषय है."
रूस को ईरान के सहयोगी के तौर पर
देखा जाता है. रूस ने हाल में ईरान पर हुए हमलों की निंदा भी की थी.
हालांकि इस हफ्ते की शुरुआत में
दिमित्री पेस्कोव ने ईरान पर हमलों की वजह से अमेरिका-रूस के द्विपक्षीय संबंधों
पर असर पड़ने की आशंका को नकारा था.
ईरान के परमाणु ठिकानों पर अमेरिकी हमलों के बाद चीन ने जताई ये आशंका
इमेज स्रोत, Getty Images
इमेज कैप्शन, चीन के विदेश मंत्री वांग यी
ईरान के परमाणु ठिकानों पर हुए अमेरिका के हालिया हमलों
के बाद चीन के विदेश मंत्री वांग यी ने ईरानी विदेश मंत्री अब्बास अराग़ची से
बात की है.
चीन के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता
लिन जियान ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर कहा, "इंटरनेशनल एटॉमिक एनर्जी एजेंसी (आईएईए) के सेफगार्ड के बावजूद परमाणु सुविधाओं पर हमले संयुक्त
राष्ट्र के चार्टर और अंतरराष्ट्रीय कानून के उद्देश्यों का गंभीर उल्लंघन
हैं."
"ये परमाणु रिसाव या आपदा का
कारण बन सकते हैं. अंतरराष्ट्रीय समुदाय को इसका विरोध करना चाहिए."
चीन के विदेश मंत्रालय की ओर से जारी
बयान में कहा गया है, "संप्रभुता और
सुरक्षा के लिए उठाए जा रहे ईरान के कदमों का चीन समर्थन करता है."
"इसी मकसद से चीन एक वास्तविक
युद्धविराम हासिल करने और मध्य पूर्व हालात को सामान्य करने में मदद की पहल करता
है."
दिनभर-पूरा दिन, पूरी ख़बर - मोहन लाल शर्मा और संदीप राय से..
इस लेख में Google YouTube से मिली सामग्री शामिल है. कुछ भी लोड होने से पहले हम आपकी इजाज़त मांगते हैं क्योंकि उनमें कुकीज़ और दूसरी तकनीकों का इस्तेमाल किया गया हो सकता है. आप स्वीकार करने से पहले Google YouTube cookie policy और को पढ़ना चाहेंगे. इस सामग्री को देखने के लिए 'अनुमति देंऔर जारी रखें' को चुनें.
चेतावनी: बीबीसी दूसरी वेबसाइट्स की सामग्री के लिए ज़िम्मेदार नहीं है. YouTube सामग्री में विज्ञापन हो सकते हैं.
पोस्ट YouTube समाप्त
गुजरात: विसावदर सीट की जीत पर आम आदमी पार्टी ने क्या कहा?
इमेज स्रोत, Getty Images
इमेज कैप्शन, आम आदमी पार्टी के नेता गोपाल राय (फाइल फोटो)
आम आदमी पार्टी ने गुजरात में
विसावदर सीट और पंजाब की लुधियाना पश्चिम सीट पर हुए उपचुनाव में जीत दर्ज की है.
आम आदमी पार्टी के नेता गोपाल राय ने
इस जीत पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा, "ये दो उपचुनाव थे, लेकिन इसका मैसेज
बहुत बड़ा है. पंजाब के अंदर सरकार ने काम किया और लुधियाना के लोगों ने सरकार के काम पर मुहर लगाई."
"गुजरात में भारतीय जनता पार्टी की
सत्ता ने सारी ताकत लगाई लेकिन विसावदर ने बदलाव पर मुहर लगाई."
गोपाल राय ने कहा, "भविष्य के लिए इन दोनों चुनावों का बहुत महत्व है और हमें यकीन है कि जिस तरह से आम आदमी पार्टी और अरविंद केजरीवाल पर जनता ने भरोसा किया है ये आगे
बढ़ेगा."
हालांकि गुजरात की कड़ी सीट पर
भारतीय जनता पार्टी के राजेंद्र चावड़ा ने जीत दर्ज की है.
वहीं, पश्चिम बंगाल की कालीगंज सीट पर तृणमूल कांग्रेस की अलीफ़ा अहमद और केरल
की निलंबूर सीट पर कांग्रेस के आर्यदान शौकत ने चुनाव जीता है.
ईरान के परमाणु कार्यक्रम पर राष्ट्रपति ट्रंप ने अब किया ये दावा
इमेज स्रोत, Reuters
इमेज कैप्शन, अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप
अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप
ने कहा है कि अमेरिकी हमलों से ईरान के परमाणु कार्यक्रम को दशकों पीछे धकेल
दिया गया है.
डोनाल्ड ट्रंप से सवाल किया गया कि
अमेरिकी हमलों से ईरान के न्यूक्लियर प्रोग्राम को कितना नुकसान पहुंचा है?
जिसके जवाब में डोनाल्ड ट्रंप ने कहा,
"मुझे लगता है इसे दशकों पीछे धकेल दिया गया
है. वो इसे बर्दाश्त कर चुके हैं और काफी मुश्किल से गुजरे हैं. आखिरी चीज़ अब जो वो चाहते हैं वो है समृद्ध होना. उस हमले ने युद्ध को खत्म कर दिया है."
ईरान और इसराइल के बीच अभी चल रहे
संघर्ष को ट्रंप ने "स्कूल के मैदान में दो बच्चों के लड़ने जैसा
बताया."
उन्होंने कहा, "अभी कुछ देर तक उन्हें लड़ने दें फिर उन्हें रोकना आसान हो
जाएगा."
ट्रंप ने कहा है कि उन्होंने इसराइल
और ईरान के संघर्ष के मद्देनजर रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन से भी बात की थी.
ट्रंप ने कहा, "मैंने उन (पुतिन) से कहा था कि हमारी मदद करो, ईरान की नहीं."
कांग्रेस नेता शशि थरूर के इस सोशल मीडिया पोस्ट की चर्चा क्यों?
इमेज स्रोत, Getty Images
इमेज कैप्शन, शशि थरूर तिरुवनंतपुरम से कांग्रेस सांसद हैं (फाइल फोटो)
कांग्रेस नेता और सांसद शशि थरूर ने सोशल मीडिया
प्लेटफ़ॉर्म एक्स पर एक पोस्ट किया है.
शशि थरूर की इस पोस्ट को कांग्रेस
अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे को प्रतिक्रिया देने के तौर पर देखा जा रहा है.
शशि थरूर ने एक्स पर एक तस्वीर शेयर
की है जिसमें लिखा है, "उड़ने के लिए
अनुमति लेने की ज़रूरत नहीं. पंख तुम्हारे हैं और आसमान किसी एक का नहीं है."
इमेज स्रोत, X/ @ShashiTharoor
इमेज कैप्शन, शशि थरूर ने ये पोस्ट एक्स पर किया है
इससे पहले एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान मल्लिकार्जुन खड़गे से शशि थरूर के संबंध में एक सवाल किया गया था.
उनसे पूछा गया था कि शशि थरूर पीएम मोदी की तारीफ़ कर रहे हैं और कह रहे हैं कि पीएम मोदी को 'ऑपरेशन सिंदूर' पर घर में बैकअप नहीं मिल रहा है? क्या थरूर का इशारा कांग्रेस की ओर है?
खड़गे ने इस सवाल का जवाब देते हुए कहा, "अंग्रेज़ी मुझे पढ़नी नहीं आती है. उनकी भाषा बहुत अच्छी है. इसलिए तो हमने उन्हें वर्किंग कमेटी में मेंबर बनाया है."
"विपक्ष के सभी लोगों ने कहा कि हम देश की सेना के साथ हैं. पार्टी बाद में और देश फ़र्स्ट, ये हमने कहा है. लेकिन कुछ लोग कहते हैं मोदी फ़र्स्ट, देश बाद में."
बीजेपी ने कहा- '50 साल पहले इमरजेंसी लगाकर देश पर हमला किया गया था'
भारतीय जनता पार्टी ने इमरजेंसी के
50 साल होने पर कांग्रेस पार्टी पर पलटवार किया है.
बीजेपी सांसद संबित पात्रा ने कहा,
"लोकतंत्र पर इमरजेंसी के रूप में 50 साल
पहले हमला हुआ था. ये 50वां साल है जब देश पर इंदिरा गांधी की सरकार ने इमरजेंसी
लगाई थी. इतिहास को कभी भूलना नहीं चाहिए. इतिहास से सबक लेना चाहिए."
"इस विषय को ध्यान में रखते हुए
भारतीय जनता पार्टी पूरे भारत में काला दिवस मना रही है. इस पर कांग्रेस पार्टी की
बौखलाहट हमें दिखाई दे रही है. कांग्रेस पार्टी के अध्यक्ष ने जिस भाषा में पीएम
मोदी के लिए शब्द कहे हैं वो निंदनीय हैं."
बीजेपी सांसद ने कहा, "कांग्रेस पार्टी को ये मालूम नहीं है कि इमरजेंसी के दौरान आम
लोगों ने किस तरह के कष्ट झेले थे. करीब 1.5 लाख लोगों को जेल में डाल दिया गया
था."
"बिना कैबिनेट के फैसले के देश
पर इमरजेंसी थोप दी गई थी. अखबारों से जुड़े मीडिया हाउस की बिजली काट दी गई थी
ताकि अखबारों में ये खबर ना छप पाए. हमारी जिम्मेदारी है कि हम आने वाली पीढ़ी को
इसके बारे में बताएं."
इससे पहले कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और जयराम रमेश ने बीजेपी सरकार को घेरा. उन्होंने आरोप लगाया कि देश में बीते 11 साल से अघोषित आपातकाल चल रहा है.
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे बोले- बीजेपी इस बात से घबरा गई है
इमेज स्रोत, Getty Images
इमेज कैप्शन, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे (फ़ाइल फोटो)
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे
ने बीजेपी को निशाने पर लिया है.
मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा,
"एक साल से चल रही हमारी संविधान यात्रा से
बीजेपी घबरा गई है. घबराने के बाद इन्हें कुछ ना कुछ करना है. इसलिए वो 50 साल पुरानी इमरजेंसी की बात अब कर रहे हैं."
"मैं सिर्फ ये कहना चाहता हूं
जो लोग अपने गर्वनेंस में नाकामयाब रहे, कुछ नहीं
कर पाए और उनकी विफलता इतनी है कि लोग महंगाई को लेकर सवाल कर रहे हैं. इस सवाल का
जवाब नहीं है. बेरोजगारी का जवाब नहीं है. भ्रष्टाचार पर जवाब नहीं है."
कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा,
"जो बातें ये करते आए हैं. उन झूठ को छुपाने
के लिए आज ये नाटक रचा जा रहा है. मैं ये सवाल करना चाहता हूं आप एक तरफ गरीब को
और गरीब बना रहे हैं. अमीर को और अमीर बना रहे हैं. इस खाई को वो खत्म नहीं कर
सकते हैं."
"इमरजेंसी तो अब आप लेकर आए
हैं. ये अघोषित इमरजेंसी है. वो इमरजेंसी तो चली गई और संविधान में बदलाव भी हो
गया. अब वो इमरजेंसी नहीं है."
शुभांशु शुक्ला के अंतरिक्ष के लिए रवाना होने पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु और पीएम मोदी ने क्या कहा?
इमेज स्रोत, Getty Images
इमेज कैप्शन, भारत की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु (फाइल फोटो)
भारत के शुभांशु शुक्ला और तीन अन्य
अंतरिक्ष यात्री इंटरेशनल स्पेस स्टेशन (आईएसएस) के लिए रवाना हो गए हैं.
एक्सियम-4 मिशन के तहत ये चारों
अंतरिक्ष यात्री 14 दिनों तक आईएसएस में रहेंगे.
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने सोशल
मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, "ग्रुप
कैप्टन शुभांशु शुक्ला ने भारत के लिए अंतरिक्ष में एक नया मील का पत्थर स्थापित
किया है. पूरा देश एक भारतीय की सितारों की यात्रा पर उत्साहित और गर्वित
है."
"इस मिशन की सफलता के लिए मेरी
शुभकामनाएं. ये नासा और इसरो के बीच स्थायी साझेदारी को दर्शाता है."
वहीं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने
कहा, "हम भारत, हंगरी, पोलैंड और अमेरिका के अंतरिक्ष
यात्रियों के मिशन का स्वागत करते हैं."
"भारतीय अंतरिक्ष यात्री ग्रुप
कैप्टन शुभांशु शुक्ला अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन पर जाने वाले पहले भारतीय
बनने की राह पर हैं. वे अपने साथ 1 अरब 40 करोड़ भारतीयों की उम्मीदें लेकर आए
हैं."
पीएम मोदी ने कहा, "उन्हें और अन्य अंतरिक्ष यात्रियों को सफलता की
शुभकामनाएँ!"
पंजाब: पूर्व मंत्री बिक्रम मजीठिया के चंडीगढ़ और अमृतसर स्थित घरों पर विजिलेंस ब्यूरो की छापेमारी
इमेज स्रोत, X@BikramMajithia
इमेज कैप्शन, पंजाब सरकार के पूर्व मंत्री बिक्रम सिंह मजीठिया (फ़ाइल फोटो)
पंजाब विजिलेंस ब्यूरो ने बुधवार को
शिरोमणि अकाली दल के वरिष्ठ नेता और पूर्व मंत्री बिक्रम सिंह मजीठिया के अमृतसर
और चंडीगढ़ स्थित घरों पर छापेमारी की.
बीबीसी के सहयोगी पत्रकार रविंदर सिंह रॉबिन
के अनुसार पंजाब पुलिस की विजिलेंस ब्यूरो की एक टीम बिक्रम सिंह
मजीठिया को अपने साथ ले गई है.
हालाँकि विजिलेंस टीम के किसी भी अधिकारी ने ये पुष्टि नहीं की है कि उन्हें (बिक्रम सिंह मजीठिया को) हिरासत में लिया गया है या किसी मामले में गिरफ्तार किया गया है.
पंजाब सरकार में मंत्री कुलदीप सिंह
धालीवाल ने समाचार एजेंसी एएनआई से कहा, "आज हमारी पुलिस ने अमृतसर में नौ और पूरे पंजाब में 25 जगहों पर रेड की है, जिसमें
मजीठिया के ठिकाने भी थे."
"ड्रग का जो मामला है ये बीजेपी-अकाली
की सरकार के दौरान शुरू हुआ था. उनके समय में कई ड्रग तस्कर गिरफ्तार हुए
उन्होंने मजीठिया के ख़िलाफ़ बयान दिए. लेकिन बीजेपी-अकाली सरकार ने कोई कार्रवाई
नहीं की. हमने पंजाब के लोगों से वादा किया था कि हम ड्रग तस्करों के ख़िलाफ़ कार्रवाई करेंगे."
इस छापेमारी को लेकर बिक्रम मजीठिया
ने एक वीडियो भी जारी किया जिसमें वह विजिलेंस अधिकारियों से बहस करते नजर आ रहे
हैं.
मजीठिया की पत्नी गनीव कौर ने भी
आरोप लगाया कि सतर्कता अधिकारी जबरन उनके घर में घुस आए और उन्हें धक्का भी दिया.
बुधवार की छापेमारी के बारे में बात
करते हुए मजीठिया ने सोशल मीडिया एक्स पर पोस्ट किया, जिसमें उन्होंने कहा, "मैंने आपको बहुत
पहले ही बता दिया था कि जब भगवंत मान सरकार को झूठे ड्रग मामले में मेरे ख़िलाफ़ कुछ
नहीं मिला, तो अब वह मेरे ख़िलाफ़ एक नया झूठा
मामला दर्ज करने की तैयारी कर रही है."
कांग्रेस बोली- 'देश में 11 साल से अघोषित आपातकाल'
इमेज स्रोत, Getty Images
इमेज कैप्शन, कांग्रेस नेता जयराम रमेश ने कहा है कि केंद्र सरकार गंभीर मुद्दों पर चर्चा से इनकार कर रही है (फ़ाइल फ़ोटो)
कांग्रेस के वरिष्ठ नेता जयराम रमेश ने कहा है कि '11 साल से देश में अघोषित आपातकाल है.'
जयराम रमेश ने कांग्रेस की ओर से एक बयान जारी किया है. इसमें उन्होंने आरोप लगाया है कि पिछले 11 सालों में केंद्र सरकार ने संविधान पर हमले, मीडिया पर नियंत्रण और जांच एजेंसियों का दुरुपयोग किया.
जयराम रमेश ने दावा किया, "संविधान पर हमले हो रहे हैं. प्रधानमंत्री ने 2024 के लोकसभा चुनाव के दौरान डॉ. भीमराव आंबेडकर की विरासत को धोखा देने के इरादे से ‘चार सौ पार’’ का जनादेश भारत की जनता से मांगा था ताकि संविधान बदल सकें. लेकिन भारत की जनता ने उन्हें यह जनादेश देने से मना कर दिया."
"सरकार ने राष्ट्रीय महत्व के गंभीर मुद्दों पर चर्चा से इनकार किया है. महत्वपूर्ण विधेयकों को बग़ैर बहस के जबरन पारित कराया गया. संसदीय समितियों की भूमिका को दरकिनार कर दिया गया है."
आपातकाल के 50 साल पूरे होने पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा है कि कोई भी भारतीय यह कभी नहीं भूलेगा कि आपातकाल के दौरान संविधान की भावना का कैसे उल्लंघन किया गया.
इंटरनेशनल स्पेस स्टेशन के लिए उड़ान भरने के बाद शुभांशु शुक्ला ने क्या कहा?
इमेज स्रोत, Getty Images
इमेज कैप्शन, शुभांशु शुक्ला
इंटरनेशनल स्पेस स्टेशन (आईएसएस) के लिए उड़ान भरने के बाद शुभांशु शुक्ला ने कहा है कि 'मैं चाहता हूं कि आप सभी मेरी यात्रा का हिस्सा बनें. आइए, हम सब मिलकर भारत के मानव अंतरिक्ष कार्यक्रम को आगे बढ़ाएं.'
शुभांशु शुक्ला ने कहा है कि 40 साल बाद हम वापस अंतरिक्ष में पहुंच गए हैं और कमाल का सफर था. इस समय हम साढ़े सात किलोमीटर प्रति सेकंड की रफ़्तार से पृथ्वी के चारों तरफ़ घूम रहे हैं. मेरे कंधे पर मेरे साथ मेरा तिरंगा है, जो मुझे बता रहा है कि मैं आप सबके साथ हूं.
उन्होंने कहा, "ये मेरी इंटरनेशनल स्पेस स्टेशन तक की सफर की शुरुआत नहीं है. ये भारत के मानव अंतरिक्ष कार्यक्रम की शुरुआत है. मैं चाहता हूं कि आप सब देशवासी इस यात्रा का हिस्सा बनें."
शुभांशु शुक्ला ने कहा, "आपका भी सीना गर्व से चौड़ा होना चाहिए. आप भी उतनी उत्सुकता दिखाइए.
आइए हम सब मिलकर भारत के इस मानव अंतरिक्ष कार्यक्रम की शुरुआत करें. धन्यवाद. जय हिंद, जय भारत."
पीएम मोदी ने आपातकाल के 50 साल पूरे होने पर क्या कहा?
इमेज स्रोत, Getty Images
आपातकाल के 50 साल पूरे होने पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा है कि भारतीय यह कभी नहीं भूलेगा कि आपातकाल के दौरान संविधान की भावना का कैसे उल्लंघन किया गया था.
पीएम मोदी ने एक्स पर आपातकाल को लेकर पोस्ट करते हुए कहा, "यह भारतीय लोकतंत्र के इतिहास के सबसे अंधकारमय अध्याय में से एक है."
उन्होंने कहा, "आपातकाल में संविधान में निहित मूल्यों को दरकिनार कर दिया गया, मौलिक अधिकारों को निलंबित कर दिया गया, प्रेस की स्वतंत्रता को दबा दिया गया और बड़ी संख्या में राजनीतिक दलों के नेताओं, सामाजिक कार्यकर्ताओं, छात्रों और आम नागरिकों को जेल में डाल दिया गया."
पीएम मोदी ने कहा, "ऐसा लग रहा था जैसे उस समय सत्ता में बैठी कांग्रेस सरकार ने लोकतंत्र को बंधक बना लिया था."
25 जून 1975 से 21 मार्च 1977 तक आपातकाल लागू था. तत्कालीन राष्ट्रपति फखरुद्दीन अली अहमद ने तत्कालीन प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी के नेतृत्व वाली सरकार की सिफारिश पर देश में आपातकाल की घोषणा की थी.
ब्रेकिंग न्यूज़, भारत के शुभांशु शुक्ला समेत चार अंतरिक्ष यात्रियों ने इंटरनेशनल स्पेस स्टेशन के लिए भरी उड़ान
इमेज स्रोत, NASA YouTube
इमेज कैप्शन, शुभांशु शुक्ला और अन्य अंतरिक्ष यात्री
भारत के शुभांशु शुक्ला और तीन अन्य अंतरिक्ष यात्रियों को इंटनरेशनल स्पेस स्टेशन(आईएसएस) ले जाने वाला एक्सियम-4 मिशन 25 जून को भारतीय समयानुसार दोपहर करीब 12 बजे लॉन्च हो गया.
इस मिशन को तकनीकी खामियां और अन्य समस्याओं की वजह से इससे पहले कई बार टाला जा चुका था.
एक्सियम-4 मिशन एक कमर्शियल स्पेस फ़्लाइट है. ह्यूस्टन की कंपनी एक्सियम स्पेस इस अभियान को चला रही है.
नासा के अनुसार, "इंटरनेशनल स्पेस स्टेशन जाने वालों में शुभांशु शुक्ला के साथ पौलेंड के स्लावोस्ज़ अज़नान्स्की विज़नियेवस्की, हंगरी के टीबोर कापू और अमेरिका की पेगी व्हिट्सन हैं."
अंतरिक्ष यात्री वहां दो हफ़्ते तक रहेंगे.
इससे पहले राकेश शर्मा पहले भारतीय थे, जो साल 1984 में रूसी मिशन के तहत स्पेस में गए थे.
इंग्लैंड से मिली हार पर भारतीय टीम के हेड कोच गौतम गंभीर ने क्या कहा?
इमेज स्रोत, Getty Images
इमेज कैप्शन, कप्तान शुभमन गिल और हेड कोच गौतम गंभीर
इंग्लैंड कीभारतीय क्रिकेट टीम के ख़िलाफ़ पहले टेस्ट मैच में जीत पर मुख्य कोच गौतम गंभीर ने प्रतिक्रिया दी है.
गौतम गंभीर ने भारतीय खिलाड़ियों के कैच छूटने के सवाल पर कहा, "पहली बात तो यह है कि कैच छूटते हैं. दुनिया के बेस्ट फ़ील्डरों ने कैच छोड़े हैं. कोई जानबूझकर कैच नहीं छोड़ता."
उन्होंने कहा है कि बल्लेबाज़ी के स्तर पर प्रदर्शन निराशाजनक ज़रूर था. पहली पारी में आख़िरी 40 रन के अंदर सात विकेट खोए और दूसरी इनिंग में आख़िरी 30 रन पर छह विकेट खोए. पहली इनिंग में हम 600 रन बनाते तो मज़बूत स्थिति में होते. लेकिन उम्मीद है कि इस मैच से हम दूसरे टेस्ट के लिए सीख लेंगे.
इंग्लैंड ने भारत के साथ पांच मैचों की टेस्ट सिरीज़ का पहला मैच पांच विकेट से जीता है.
चौथी पारी में बेन डकेट के शतक और जैक क्रावली, जो रूट के अर्द्धशतकों की मदद से इंग्लैंड ने भारत को पहले टेस्ट मैच के पांचवें दिन पांच विकेट से हराया.
इंग्लैंड ने पांच मैचों की टेस्ट सिरीज़ में 1-0 की बढ़त हासिल कर ली है.
भारतीय टीम ने पहली पारी में 471 रन बनाए थे. जवाब में इंग्लैंड ने 465 रन बनाए. भारतीय टीम दूसरी पारी में 364 रन बनाने में सफल रही थी.
भारत के लिए पहली पारी में यशस्वी जायसवाल, शुभमन गिल और ऋषभ पंत ने शतक जड़े. जबकि, दूसरी पारी में केएल राहुल और ऋषभ पंत ने शतकीय पारी खेली थी.
'ईरानी परमाणु कार्यक्रम नष्ट नहीं हुआ' वाली रिपोर्ट पर ट्रंप के विशेष दूत ने क्या कहा?
इमेज स्रोत, Getty Images
इमेज कैप्शन, स्टीव विटकॉफ़
अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के मध्य पूर्व के लिए विशेष दूत स्टीव विटकॉफ़ ने ईरान के परमाणु ठिकानों पर अमेरिकी हमले के बारे में लीक हुई रिपोर्ट पर प्रतिक्रिया दी है.
उन्होंने लीक हुए ख़ुफ़िया आकलन को 'देशद्रोह' बताया है.
स्टीव विटकॉफ़ ने फ़ॉक्स न्यूज़ से कहा, "यह अपमानजनक है, यह देशद्रोह है और इसकी जांच होनी चाहिए. जो भी इसके लिए ज़िम्मेदार है, उसे जवाबदेह ठहराया जाना चाहिए."
दरअसल पेंटागन की शुरुआती ख़ुफ़िया मूल्यांकन रिपोर्ट के अनुसार, परमाणु ठिकानों पर अमेरिकी हमलों से ईरान का परमाणु कार्यक्रम नष्ट नहीं हुआ है, बल्कि हमले से इसमें कुछ महीने की देरी ही हुई है.
ट्रंप ने स्टीव विटकॉफ़ की फ़ॉक्स न्यूज़ से हुई बातचीत का वीडियो शेयर करते हुए ट्रुथ सोशल पर लिखा, "स्टीव विटकॉफ़ का कहना है: हमने फ़ोर्दो ठिकाने पर 12 बंकर बस्टर बम गिराए. इसमें कोई शक नहीं कि बमों ने उसकी सुरक्षा परत को भेद दिया और कोई शक नहीं कि वह ठिकाना पूरी तरह तबाह हो गया. इसलिए जो रिपोर्ट ये कह रही हैं कि हम अपना उद्देश्य पूरा नहीं कर पाए, वो बिल्कुल बेबुनियाद हैं."