एएफ़पी कर्मचारी संघ ने कहा, 'ग़ज़ा में भूख से मर रहे हैं पत्रकार'
फ्रांस स्थित अंतर्राष्ट्रीय समाचार एजेंसी, 'एजेंसी फ्रांस प्रेस' (एएफ़पी) के पत्रकार संघ का कहना है कि, "यदि तत्काल हस्तक्षेप नहीं किया गया तो ग़ज़ा में मौजूद पत्रकार भूख से मर जाएंगे."
भारतीय सेना ने मंगलवार को अपाचे हेलीकॉप्टर्स का पहला बैच शामिल कर लिया. बोइंग कंपनी ने जनवरी, 1984 में अमरीकी फ़ौज को पहला अपाचे हेलीकॉप्टर दिया था.
एक महीने से अधिक समय से केरल के तिरुवनंतपुरम हवाई अड्डे पर फंसे ब्रिटेन के फ़ाइटर जेट ने आख़िरकार मंगलवार को उड़ान भरी.
लाइव कवरेज
सुरभि गुप्ता और आनंद मणि त्रिपाठी
जगदीप धनखड़ के इस्तीफ़े पर पीएम मोदी का पोस्ट
इमेज स्रोत, Getty Images
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जगदीप धनखड़ के इस्तीफ़े के बाद मंगलवार की दोपहर एक्स पर एक पोस्ट किया है.
पीएम मोदी ने लिखा, "जगदीप धनखड़ जी को भारत के उपराष्ट्रपति पद सहित कई भूमिकाओं में देश की सेवा करने का अवसर मिला है. मैं उनके उत्तम स्वास्थ्य की कामना करता हूं."
बता दें कि जगदीप धनखड़ ने सोमवार को स्वास्थ्य कारणों का हवाला देते हुए उपराष्ट्रपति पद से इस्तीफ़ा दे दिया था.
धनखड़ ने राष्ट्रपति को लिखे अपने पत्र में कहा, ''मैं संविधान के अनुच्छेद 67 (ए) के मुताबिक़, तत्काल प्रभाव से भारत के उपराष्ट्रपति पद से इस्तीफ़ा देता हूँ.''
मुंबई सीरियल ब्लास्ट के अभियुक्तों को बरी किए जाने के फ़ैसले के ख़िलाफ़ महाराष्ट्र सरकार सुप्रीम कोर्ट पहुँची
इमेज स्रोत, Getty Images
इमेज कैप्शन, बॉम्बे हाई कोर्ट के फ़ैसले के ख़िलाफ़ महाराष्ट्र सरकार सुप्रीम कोर्ट पहुँची है
मुंबई सीरियल ब्लास्ट में बॉम्बे हाई कोर्ट के सभी 12 अभियुक्तों को बरी किए जाने के फ़ैसले के ख़िलाफ़ महाराष्ट्र सरकार सुप्रीम कोर्ट पहुँची है.
राज्य सरकार की स्पेशल लीव पिटीशन पर सुप्रीम कोर्ट में 24 जुलाई को सुनवाई होगी. सुप्रीम कोर्ट ने मंगलवार को इस पर सहमति जताई.
मुंबई सीरियल ब्लास्ट के 19 साल बाद और ट्रायल कोर्ट के फ़ैसले के 10 साल बाद बॉम्बे हाई कोर्ट ने सभी 12 दोषियों को बरी कर दिया था.
राज्य की ओर से पेश हुए सॉलिसिटर जनरल तुषार मेहता ने मुख्य न्यायाधीश जस्टिस बीआर गवई, न्यायमूर्ति के विनोद चंद्रन और न्यायमूर्ति एन वी अंजारिया की पीठ से कहा कि यह मामला बेहद गंभीर है और तत्काल सुनवाई की ज़रूरत है.
उन्होंने बताया कि महाराष्ट्र सरकार ने पहले ही हाई कोर्ट के फ़ैसले के ख़िलाफ़ अपील दाखिल कर दी है, जिसमें अभियुक्तों को दोषी क़रार देने और पाँच अभियुक्तों को मौत की सज़ा देने के ट्रायल कोर्ट के फ़ैसले को पलट दिया गया था.
पीठ ने कहा कि मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, बरी किए गए 12 में से आठ लोगों को जेल से रिहा कर दिया गया है. मेहता ने इसकी पुष्टि करते हुए कहा, "हां, उन्हें रिहा कर दिया गया है. फिर भी, इस मामले पर तत्काल सुनवाई आवश्यक है."
सोमवार को महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने बॉम्बे हाई कोर्ट के फ़ैसले पर हैरानी जताई थी. उन्होंने कहा, “बॉम्बे हाई कोर्ट का फ़ैसला बेहद चौंकाने वाला है और हम इसे सुप्रीम कोर्ट में चुनौती देंगे.”
मुंबई ट्रेन सीरियल ब्लास्ट में गई थी 189 लोगों की जान
11 जुलाई 2006 को मुंबई की लोकल ट्रेनों की कई बोगियों में सात धमाके हुए थे. ये धमाके मुंबई की पश्चिमी रेलवे लाइन पर सात अलग-अलग ट्रेनों में हुए थे.
इन धमाकों में 189 लोगों की जान गई थी और 824 लोग घायल हुए थे.
यह मुंबई पर हुए सबसे बड़े हमलों में से एक माना जाता है, जिसे आम तौर पर '7/11 ब्लास्ट' कहा जाता है.
इस मामले में 2015 में एक विशेष अदालत ने पांच अभियुक्तों को फांसी और सात को उम्र क़ैद की सज़ा सुनाई थी.
बॉम्बे हाई कोर्ट ने निचली अदालत के उस फ़ैसले को पलटते हुए सभी 12 अभियुक्तों को बरी कर दिया है. इनमें से एक अभियुक्त कमाल अंसारी की 2021 में मौत हो गई थी.
मानसून सत्र का दूसरा दिन: दोनों सदनों की कार्यवाही दोपहर 12 बजे तक के लिए स्थगित
इमेज स्रोत, @sansad_tv
इमेज कैप्शन, लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला (बाएं) और राज्य सभा के उपसभापति हरिवंश (दाएं)
मानसून सत्र के दूसरे दिन लोक सभा और राज्य सभा की कार्यवाही शुरू होने के कुछ देर बाद ही स्थगित कर दी गई.
दोनों सदनों की कार्यवाही शुरू होने के बाद विपक्ष ने नारेबाज़ी की, जिसके बाद दोनों सदनों को दोपहर 12 बजे तक के लिए स्थगित कर दिया गया.
लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने कहा, "आज प्रश्नकाल में देश के किसानों से जुड़े मुद्दों, विशेषकर आपदा संकट पर चर्चा होनी है. लेकिन अगर आप चर्चा की बजाए हंगामा करेंगे, तख़्तियां लेकर आएंगे, यह सदन की परंपराओं के अनुरूप नहीं है."
"ये सदन चर्चा-संवाद के लिए है, नारेबाज़ी के लिए नहीं है. सदन की कार्यवाही आज 12 बजे तक स्थगित की जाती है."
जगदीप धनखड़ के इस्तीफ़े पर क्या बोले कांग्रेस अध्यक्ष खड़गे?
इमेज स्रोत, Getty Images
इमेज कैप्शन, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे (फ़ाइल फ़ोटो)
जगदीप धनखड़ के उपराष्ट्रपति पद से इस्तीफ़े की वजह को लेकर विपक्ष तमाम तरह के सवाल उठा रहा है. इस पर अब कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की भी प्रतिक्रिया आई है.
धनखड़ के इस्तीफ़े को लेकर किए गए सवाल के जवाब में खड़गे ने कहा, "इससे हमारा कुछ लेना-देना नहीं है...सरकार जाने और वो (जगदीप धनखड़) ही जाने...क्योंकि ये उनकी और सरकार की इच्छा है. हमारा इससे कोई वास्ता नहीं है."
वहीं, कांग्रेस नेता जयराम रमेश ने धनखड़ के इस्तीफ़े पर सवाल उठाया है. उन्होंने एक्स पर पोस्ट किया कि धनखड़ ने इस्तीफ़े की वजह अपनी सेहत बताई है, जिसका मान रखना चाहिए, लेकिन सच्चाई ये भी है कि उनके इस्तीफ़े के पीछे और गहरे कारण हैं.
बता दें कि जगदीप धनखड़ ने सोमवार को स्वास्थ्य कारणों का हवाला देते हुए उपराष्ट्रपति पद से इस्तीफ़ा दे दिया था.
धनखड़ ने राष्ट्रपति को लिखे अपने पत्र में कहा, ''मैं संविधान के अनुच्छेद 67 (ए) के मुताबिक़, तत्काल प्रभाव से भारत के उपराष्ट्रपति पद से इस्तीफ़ा देता हूँ.''
बांग्लादेश विमान दुर्घटना: मृतकों की संख्या बढ़कर 27 हुई, सरकार ने और क्या बताया?
इमेज स्रोत, MUNIR UZ ZAMAN/AFP via Getty Images
इमेज कैप्शन, विमान हादसे के बाद बांग्लादेश में एक दिन का शोक मनाया जा रहा है
बांग्लादेश की वायुसेना के विमान दुर्घटना में मृतकों की संख्या बढ़कर 27 हो गई है.
बीबीसी बांग्ला के मुताबिक़ बांग्लादेश में स्वास्थ्य मामलों के मुख्य सलाहकार के विशेष सहायक सईदुर रहमान ने बताया कि 27 मृतकों में 25 बच्चे, एक पायलट और एक शिक्षक शामिल हैं.
इसके अलावा 78 लोगों का अलग-अलग अस्पतालों में इलाज चल रहा है.
बांग्लादेश वायु सेना का एक एफ़-7 बीजीआई ट्रेनर विमान सोमवार दोपहर राजधानी ढाका के दियाबारी क्षेत्र में स्थित माइलस्टोन स्कूल और कॉलेज परिसर में दुर्घटनाग्रस्त हो गया था.
हादसे के कुछ घंटे बाद इंटर-सर्विसेज पब्लिक रिलेशंस (आईएसपीआर) ने आधिकारिक बयान जारी किया.
बयान के मुताबिक़, ''उड़ान भरने के कुछ देर बाद ही विमान में तकनीकी ख़राबी आ गई. जांच पूरी होने के बाद विस्तृत जानकारी साझा की जाएगी.''
इस विमान हादसे के बाद बांग्लादेश की अंतरिम सरकार ने एक दिन के शोक की घोषणा की है.
धनखड़ के इस्तीफ़े पर जयराम रमेश ने फिर उठाए सवाल, क्या कहा?
इमेज स्रोत, ANI
इमेज कैप्शन, कांग्रेस नेता जयराम रमेश (फ़ाइल फ़ोटो)
कांग्रेस नेता जयराम रमेश ने जगदीप धनखड़ के इस्तीफ़े को लेकर मंगलवार को एक्स पर एक लंबा पोस्ट किया है. इसमें उन्होंने राज्यसभा की बिज़नेस एडवाइज़री कमिटी की बैठक का ज़िक्र किया है.
जयराम रमेश ने लिखा, "कल दोपहर 12:30 बजे जगदीप धनखड़ की अध्यक्षता में राज्यसभा की बिज़नेस एडवाइज़री कमिटी (बीएसी) की बैठक हुई. इसमें सदन के नेता जेपी नड्डा और संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू सहित ज़्यादातर सदस्यों ने हिस्सा लिया. कुछ चर्चा के बाद, कमिटी ने शाम 4:30 बजे फिर से बैठक करने का निर्णय लिया."
जयराम रमेश का कहना है कि शाम को दोबारा हुई बैठक में नड्डा और रिजिजू नहीं आए और इस बारे में जगदीप धनखड़ को सूचित भी नहीं किया गया था.
जयराम रमेश ने लिखा, "इससे साफ़ है कि कल दोपहर 1 बजे से लेकर शाम 4:30 बजे के बीच ज़रूर कुछ गंभीर बात हुई है, जिसकी वजह से जेपी नड्डा और किरेन रिजिजू ने जानबूझकर शाम की बैठक में हिस्सा नहीं लिया."
जयराम रमेश ने लिखा है कि धनखड़ ने इस्तीफ़े की वजह अपनी सेहत बताई है, जिसका मान रखना चाहिए, लेकिन सच्चाई ये भी है कि उनके इस्तीफ़े के पीछे और गहरे कारण हैं.
उन्होंने पोस्ट किया, "जगदीप धनखड़ का इस्तीफ़ा उनके बारे में बहुत कुछ कहता है. साथ ही, यह उन लोगों की नीयत पर भी गंभीर सवाल खड़े करता है, जिन्होंने उन्हें उपराष्ट्रपति पद तक पहुंचाया था."
कांग्रेस नेता हरीश रावत बोले- जगदीप धनखड़ के इस्तीफ़े के पीछे कोई सामान्य कारण नहीं
इमेज स्रोत, @harishrawatcmuk
इमेज कैप्शन, कांग्रेस नेता हरीश रावत (फ़ाइल फ़ोटो)
जगदीप धनखड़ के उपराष्ट्रपति पद से इस्तीफ़े पर उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस नेता हरीश रावत ने प्रतिक्रिया दी है.
हरीश रावत ने कहा कि धनखड़ के इस्तीफ़े का समाचार बहुत चौंकाने वाला है. उन्होंने कहा कि जगदीप धनखड़ के इस्तीफ़े के पीछे कोई सामान्य कारण नहीं हो सकता.
हरीश रावत ने कहा, "मुझे लगता है कि कहीं न कहीं सरकार में कुछ ऐसा चल रहा था, जिसकी जानकारी मिलने के बाद उन्होंने ये निर्णय लिया अपने सम्मान को बचाने के लिए."
हरीश रावत ने कहा कि उन्हें लगता है कि इसके पीछे कुछ राजनीतिक कारण भी है.
विश्व स्वास्थ्य संगठन का आरोप- इसराइली सेना ने उसके कर्मचारियों के घर पर हमला किया
इमेज स्रोत, Getty Images
इमेज कैप्शन, विश्व स्वास्थ्य संगठन के डायरेक्टर जनरल डॉ. टेड्रोस एडहनॉम गिब्रयेसॉस (फ़ाइल फ़ोटो)
विश्व स्वास्थ्य संगठन (डब्ल्यूएचओ) का कहना है कि इसराइली सेना ने सोमवार को ग़ज़ा के देर अल-बलाह शहर में उसके कर्मचारियों के घर और मुख्य गोदाम पर हमला किया.
विश्व स्वास्थ्य संगठन ने कहा है कि इसराइली हवाई हमलों के कारण आग लग गई, जिससे कर्मचारियों और उनके परिवारों के लिए ख़तरा हो गया.
संगठन का आरोप है कि उसके पुरुष कर्मचारियों के कपड़े उतरवाकर बंदूक की नोक पर उनसे पूछताछ की गई.
विश्व स्वास्थ्य संगठन के इस आरोप पर अब तक इसराइल की ओर से कोई बयान नहीं आया है.
सोमवार को, इसराइली टैंक पहली बार देर अल-बलाह शहर के दक्षिणी और पूर्वी ज़िलों में घुसे थे.
इससे पहले, रविवार को इसराइल डिफ़ेंस फोर्स (आईडीएफ़) ने देर अल-बलाह में रह रहे लोगों को वहां से तुरंत निकलने का आदेश दिया था.
नमस्कार!
बीबीसी हिंदी के लाइव पेज पर आपका स्वागत है.
मैं बीबीसी संवाददाता सुरभि गुप्ता अब से दोपहर दो बजे तक आप तक अहम ख़बरें पहुंचाऊंगी.
कल के लाइव पेज की ख़बरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें.
हमारे होम पेज पर मौजूद कुछ अहम ख़बरों को पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक्स पर क्लिक करें.