एएफ़पी कर्मचारी संघ ने कहा, 'ग़ज़ा में भूख से मर रहे हैं पत्रकार'
फ्रांस स्थित अंतर्राष्ट्रीय समाचार एजेंसी, 'एजेंसी फ्रांस प्रेस' (एएफ़पी) के पत्रकार संघ का कहना है कि, "यदि तत्काल हस्तक्षेप नहीं किया गया तो ग़ज़ा में मौजूद पत्रकार भूख से मर जाएंगे."
एएफ़पी कर्मचारी संघ ने कहा, 'ग़ज़ा में भूख से मर रहे हैं पत्रकार'
इमेज स्रोत, Reuters
इमेज कैप्शन, संयुक्त राष्ट्र ने कहा है कि नई सहायता प्रणाली शुरू होने के बाद भोजन की तलाश में एक हज़ार से अधिक लोग मारे गए हैं
फ्रांस स्थित अंतर्राष्ट्रीय समाचार एजेंसी, 'एजेंसी फ्रांस प्रेस' (एएफ़पी) के पत्रकार संघ का कहना है कि, "यदि तत्काल हस्तक्षेप नहीं किया गया तो ग़ज़ा में मौजूद पत्रकार भूख से मर जाएंगे."
इसके साथ ही पत्रकार संघ ने चेताया है कि उसके सहयोगियों के सामने भुखमरी का संकट है.
फ्रेंच में जारी किए गए एक पत्र में पत्रकार संघ ने लिखा है कि समाचार एजेंसी इस इलाके में फ्रीलांसर पत्रकारों के साथ काम कर रही है और "हम उन्हें मरते हुए नहीं देखना चाहते हैं."
इस पत्र में लिखा गया है कि, "स्वतंत्र पत्रकार अभाव में जी रहे हैं. भोजन, पानी और स्वच्छता की कमी के बीच घटनाओं की रिपोर्टिंग करने के लिए अपनी जान जोखिम में डाल रहे हैं."
एएफ़पी प्रबंधन ने कहा कि, 'वह महीनों से इस स्थिति को असहाय रूप से देख रहा है. यह स्थिति उनके अदम्य साहस के बावजूद असहनीय है.'
एएफ़पी ने कहा है कि उसने जनवरी से अप्रैल 2024 के बीच ग़ज़ा से अपने आठ कर्मचारियों और उनके परिवारों को निकाल लिया था और अब वह फ्रीलांस कर्मचारियों के लिए भी यही कदम उठा रही है.
हालांकि सख्त नाकेबंदी के बीच यह बहुत ही मुश्किल है.
एएफपी ने इसराइली अधिकारियों से फ्रीलांस पत्रकारों को वहां से निकलने की अनुमति देने का आग्रह किया है.
गौरतलब है कि इसराइल बीबीसी सहित अंतरराष्ट्रीय पत्रकारों को ग़ज़ा में स्वतंत्र रूप से रिपोर्टिंग करने के लिए प्रवेश की अनुमति नहीं देता है.
हरमनप्रीत कौर का एक और कीर्तिमान, वनडे में चार हज़ार रन पूरे
इमेज स्रोत, Getty Images
इमेज कैप्शन, भारतीय महिला क्रिकेट टीम की कप्तान हरमनप्रीत कौर ने इंग्लैंड के ख़िलाफ़ तीसरा वन डे शतक भी लगाया
भारतीय महिला क्रिकेट टीम की कप्तान हरमनप्रीत कौर वन डे क्रिकेट में चार हज़ार रन बनाने वाली भारत की तीसरी बल्लेबाज़ बन गई हैं. उन्होंने इंग्लैंड के ख़िलाफ़ चल रही वनडे सिरीज़ के तीसरे मैच में ये कीर्तिमान बनाया.
इससे पहले भारत के लिए ये कीर्तिमान मिताली राज और स्मृति मंधाना रच चुकी हैं. पूर्व कप्तान मिताली राज वनडे क्रिकेट में सर्वाधिक 7,805 रन बनाने वाली महिला बल्लेबाज़ हैं.
वहीं स्मृति मंधाना भी अपने करियर में 4,500 से अधिक रन बना चुकी हैं.
चेस्टर ली स्ट्रीट में खेले जा रहे इस मैच में हरमनप्रीत कौर ने 84 गेंदों पर 14 चौकों की मदद से शानदार 102 रन बनाए.
हरमनप्रीत कौर उस समय बल्लेबाज़ी के लिए उतरीं जब 81 रन के स्कोर पर भारत ने अपना दूसरा विकेट खो दिया था. इसके बाद उन्होंने बहुत ही संभलकर बल्लेबाज़ी की और 54 गेंदों पर अपना अर्धशतक पूरा किया.
क्रीज़ पर निगाह जमने के बाद हरमनप्रीत ने अपने तूफ़ानी अंदाज़ में खेलना शुरु किया और फिर जेमिमा रोड्रिगेज के साथ मिलकर चौथे विकेट के लिए शतकीय साझेदारी की.
भारत ने निर्धारित 50 ओवरों में पांच विकेट के नुक़सान पर 318 रन बनाए. सिरीज़ में दोनों टीमें 1-1 मैच जीत चुकी हैं.
शुभमन गिल ने बताया क्यों हुई थी ज़ैक क्रॉली से बहस
इमेज स्रोत, Getty Images
इमेज कैप्शन, तीसरे टेस्ट मैच में शुभमन गिल और ज़ैक क्रॉली के बीच 'समय बर्बाद' करने को लेकर बहस हो गई थी.
भारत और इंग्लैंड के बीच लॉर्ड्स टेस्ट मैच में ज़ैक क्रॉली के साथ हुई बहस को लेकर मंगलवार को कप्तान शुभमन गिल ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बयान दिया है.
उन्होंने ज़ैक क्रॉली के साथ हुई बहस को लेकर कहा “बहुत से लोग इसके बारे में बात कर रहे हैं. मैं एक बार और सभी के लिए क्लियर कर दूं. इंग्लिश बल्लेबाजों के पास खेलने के लिए 7 मिनट बचे थे लेकिन वे 90 सेकेंड की देरी से आए.”
उन्होंने कहा कि वह 10-20 सेकेंड नहीं बल्कि वे पूरे 90 सेकेंड देर से मैदान पर पहुंच थे. हां, ज्यादातर टीमें यही (देरी करने की रणनीति) करती हैं.
उन्होंने कहा, “अगर हम इस स्थिति में होते तो हम भी कम ओवर खेलना पसंद करते लेकिन ऐसा करने का एक तरीका होता है. अगर गेंद शरीर पर लगती है तो फिजियो को मैदान पर आने की इजाजत है. यह उचित भी है लेकिन मुझे नहीं लगता कि क्रीज पर 90 सेकेंड देर से आना खेल भावना के अनुरूप है.”
गिल ने कहा, “उस घटना से ठीक पहले, बहुत सी ऐसी चीजें हुईं, जिनके बारे में हमें लगता था कि उन्हें नहीं होना चाहिए था, लेकिन वे हुईं, मैं यह नहीं कहूंगा कि मुझे इस पर बहुत गर्व है.”
उन्होंने कहा, “लेकिन इसकी भूमिका थी, यह अचानक नहीं हुआ और हमारा ऐसा करने का कोई इरादा नहीं था.”
भारतीय कप्तान ने कहा, “लेकिन बात बस इतनी है कि आप एक मैच खेल रहे हैं, आप जीतने के लिए खेल रहे हैं और इसमें बहुत सारी भावनाएं शामिल होती हैं और जब आप देखते हैं कि कुछ ऐसी चीजें हो रही हैं जो नहीं होनी चाहिए तो कभी-कभी भावनाएं अचानक से आ जाती हैं.”
दिनभर : जगदीप धनखड़ ने उपराष्ट्रपति पद से दिया इस्तीफ़ा, विपक्ष ने अचानक इस्तीफ़े पर उठाए सवाल
बिहार एसआईआर: चुनाव आयोग ने कहा, "वोटर लिस्ट में 18 लाख ऐसे लोग जिनकी हो चुकी है मौत"
इमेज स्रोत, SHAHNAWAZ AHMED/BBC
इमेज कैप्शन, अररिया के इस्लाम नगर में अपना फ़ॉर्म ढूँढ़ते मतदाता.
बिहार में चल रहे स्पेशल इंटेंसिव रिवीज़न (एसआईआर) अभियान को लेकर भारतीय चुनाव आयोग ने अपना लिखित बयान जारी किया है.
चुनाव आयोग ने अपने बयान में बताया है कि इस अभियान के तहत मतदाता सूची में 18 लाख ऐसे लोग पाए गए जिनकी मौत हो चुकी है.
इसके साथ ही चुनाव आयोग ने बतया है कि 26 लाख मतदाता ऐसे थे, जो कि अपना निर्वाचन क्षेत्र बदल चुके थे.
आयोग ने बताया है कि इसके साथ सात लाख मतदाता ऐसे पाए गए जो कि दो जगहों पर नामांकित थे.
चुनाव आयोग के मुताबिक़, 22 जुलाई तक आयोग ने 90.67 फ़ीसदी मतदाताओं का गणना प्रपत्र एकत्र कर लिया है. अब तक आयोग 97.30 फ़ीसदी मतदाताओं से संपर्क भी कर चुका है.
इसमें 2.36 फ़ीसदी मतदाता मृत पाए गए, 3.29 फ़ीसदी स्थायी रूप से बिहार से बाहर चले गए और 0.95 फ़ीसदी ऐसे हैं जिनके नाम एक से ज़्यादा जगह दर्ज हैं.
इसमें से 0.01 फ़ीसदी मतदाता ऐसे हैं जिनकी कोई जानकारी सामने नहीं आई है.
यानी कुल 2.70 फ़ीसदी मतदाताओं के नाम वोटर लिस्ट से हटेंगे, जो 21 लाख, 35 हज़ार 228 हैं.
जनवरी 2025 में आयोग ने बिहार में वोटरों की संख्या करीब 7 करोड़ 90 लाख बताई है. चुनाव आयोग गणना प्रपत्र 25 जुलाई तक लेगा.
रणधीर जायसवाल ने बताया- भारत और कनाडा में उच्चायुक्तों की तैनाती पर फ़ैसला जल्द
इमेज स्रोत, @MEAINDIA
इमेज कैप्शन, भारत के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल
भारत के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने बताया है कि कनाडा के कैनेनास्किस में पिछले दिनों दोनों देशों के प्रधानमंत्रियों की मुलाक़ात में रिश्तों को फिर से बेहतर करने पर सहमति बनी थी.
इस बैठक में दोनों नेताओं ने भारत-कनाडा संबंधों के महत्व और इन संबंधों के पुनर्निर्माण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई थी.
उन्होंने कहा कि दोनों पक्ष अब इस दिशा में काम कर रहे हैं.
रणधीर जायसवाल ने बताया कि दोनों देश राजधानियों में उच्चायुक्तों की तैनाती के लिए भी काम कर रहे हैं. ऐसे में हम भारत-कनाडा संबंधों में प्रगति को लेकर सकारात्मक हैं.
विमानों के फ़्यूल कंट्रोल स्विच जाँच पर एयर इंडिया ने दी ये जानकारी
इमेज स्रोत, Getty Images
इमेज कैप्शन, एयर इंडिया का बोइंग 787 विमान 12 जून को गुजरात के अहमदाबाद में क्रैश हो गया था (सांकेतिक तस्वीर)
एयर इंडिया ने अपने बेड़े के सभी बोइंग 787 और 737 विमानों के फ़्यूल कंट्रोल स्विच(एफ़सीएस) के लॉकिंग सिस्टम की जाँच का काम पूरा कर लिया है.
नागरिक उड्डयन महानिदेशालय (डीजीसीए) ने अहमदाबाद विमान दुर्घटना के बाद 14 जुलाई 2025 को सभी एयरलाइंस से अपने बोइंग 787 और 737 विमानों के फ़्यूल कंट्रोल स्विच का निरीक्षण करने का निर्देश दिया था.
एयर इंडिया ने अपने बयान में कहा है कि फ़्यूल कंट्रोल स्विच के लॉकिंग सिस्टम में कोई समस्या नहीं पाई गई है.
एयर इंडिया ने 12 जुलाई को ही फ़्यूल कंट्रोल स्विच के लॉकिंग सिस्टम का निरीक्षण शुरू कर दिया था. एयर इंडिया ने अपनी रिपोर्ट डीजीसीए को सौंप दी है.
निमिषा प्रिया मामले में भारतीय विदेश मंत्रालय ने अब ये कहा
इमेज स्रोत, Getty Images
इमेज कैप्शन, निमिषा प्रिया को 2017 में यमन में अपने बिज़नेस पार्टनर की हत्या के मामले में मौत की सज़ा मिली है
भारतीय विदेश मंत्रालय ने कहा है कि निमिषा प्रिया मामले में भारत यमन के अधिकारियों और निमिषा के परिवार के लगातार संपर्क में है.
विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल से जब निमिषा प्रिया मामले पर अपडेट के बारे में पूछा गया, तो उन्होंने कहा, "यह एक संवेदनशील मामला है और भारत सरकार इस मामले में हर संभव सहायता प्रदान कर रही है. हमने क़ानूनी सहायता उपलब्ध करवाई है और परिवार की सहायता के लिए एक वकील की नियुक्ति की है."
जायसवाल ने कहा, "हमने नियमित कॉन्सुलर मुलाक़ातों की व्यवस्था की है. हम स्थानीय अधिकारियों तथा परिवार के सदस्यों के साथ लगातार संपर्क में हैं ताकि इस मामले का समाधान निकाला जा सके."
उन्होंने कहा, "हाल के दिनों में हमने विशेष प्रयास किए हैं ताकि निमिषा प्रिया के परिवार को दूसरे पक्ष के साथ आपसी सहमति से समाधान निकालने के लिए अधिक समय मिल सके. यमन में स्थानीय अधिकारियों ने उनकी सज़ा को स्थगित कर दिया है. हम इस मामले पर लगातार नज़र बनाए हुए हैं और हर संभव सहायता दे रहे हैं. हम कुछ मित्र देशों के संपर्क में भी हैं."
16 जुलाई को निमिषा प्रिया की मौत की सज़ा देने की तारीख़ तय थी लेकिन ऐन मौक़े पर इसे टाल दिया गया था.
2017 में अपने बिज़नेस पार्टनर की हत्या के मामले में निमिषा प्रिया को यमन की स्थानीय अदालत ने 2020 में मौत की सज़ा सुनाई थी.
निमिषा प्रिया के बिज़नेस पार्टनर यमनी नागरिक तलाल अब्दो महदी थे. निमिषा अब्दो के साथ ही यमन की राजधानी सना में एक क्लिनिक चलाती थीं.अब्दो के शव के कई टुकड़े पानी के टंकी से बरामद हुए थे.
ग़ज़ा में कुपोषण और भूख से 21 बच्चों की मौत
इमेज स्रोत, Anadolu via Getty Images
इमेज कैप्शन, एक अनुमान के मुताबिक ग़ज़ा में करीब नौ लाख बच्चे भूख से पीड़ित हैं
ग़ज़ा स्थित शिफा अस्पताल के निदेशक डॉ. मोहम्मद अबू सलमिया ने बीबीसी को बताया कि पिछले 72 घंटों में इस इलाके में कुपोषण और भूख से 21 बच्चों की मौत हो गई है.
उन्होंने बीबीसी को बताया कि ग़ज़ामें करीब नौ लाख बच्चे भूख से पीड़ित हैं और उनमें से करीब 70 हज़ार कुपोषण का शिकार हैं.
डॉक्टर ने चेतावनी दी है कि उन्हें मौतों के खतरनाक आंकड़ों का सामना करना पड़ रहा है, मधुमेह और गुर्दे के रोगियों को विशेष ख़तरा है.
हमास द्वारा संचालित स्वास्थ्य मंत्रालय ने कुपोषण के कारण होने वाली मौतों की संख्या के बारे में और अधिक आंकड़े जारी किए हैं.
मंत्रालय के प्रवक्ता ने बताया कि पिछले 48 घंटों में 12 बच्चों सहित 33 लोगों की मौत हो गई है.
उन्होंने बताया कि 2023 में युद्ध शुरू होने के बाद से कुपोषण के कारण मरने वालों की कुल संख्या 101 है, इसमें से 80 बच्चे हैं.
वहीं मई के अंत में अमेरिका और इसराइल समर्थित ग़ज़ा ह्यूमैनेटेरियन फ़ाउंडेशन (जीएचएफ़) की ओर से राहत वितरण शुरू होने के बाद से लगभग हर दिन राहत सामग्री पाने की कोशिश में फ़लस्तीनियों के मारे जाने की ख़बरें आ रही हैं.
बांग्लादेश प्लेन क्रैश में अब तक 31 लोगों की मौत, 165 लोग घायल
इमेज स्रोत, Getty Images
इमेज कैप्शन, बांग्लादेश वायु सेना के एफ़-7 बीजीआई ट्रेनर मंगलवार को क्रैश हो गया
बांग्लादेश वायु सेना के एफ़-7 बीजीआई ट्रेनर क्रैश में मरने वालों की संख्या बढ़कर 31 हो गई है.
बांग्लादेश की राजधानी ढाका के उत्तरा में बुधवार को माइलस्टोन स्कूल और कॉलेज की इमारत पर एक एफटी-7 बीजीआई लड़ाकू विमान क्रैश हो गया था.
इंटर-सर्विसेज पब्लिक रिलेशंस ने मंगलवार को दोपहर दो बजे यह जानकारी दी है कि इस घटना में 165 लोग घायल हुए हैं.
मोदी की ब्रिटेन यात्रा कल से, 'भगोड़ों' को वापस लाने के सवाल पर क्या बोले मिसरी
इमेज स्रोत, Getty Images
इमेज कैप्शन, खालिस्तानी चरमपंथियों को विक्रम मिसरी ने भारत सरकार का रुख स्पष्ट किया है.
भारत के विदेश सचिव विक्रम मिसरी ने कहा है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बुधवार को ब्रिटेन की आधिकारिक यात्रा पर जाएंगे.
उन्होंने कहा कि ब्रिटेन यात्रा के दौरान पीएम मोदी किंग चार्ल्स से मुलाक़ात करेंगे. साथ ही उनकी ब्रिटेन के प्रधानमंत्री किएर स्टार्मर से भी मिलने का कार्यक्रम है.
मिसरी ने बताया कि पीएम मोदी की यह चौथी ब्रिटेन यात्रा होगी. मिसरी ने कहा कि ब्रिटेन में रह रहे भारतीय 'भगोड़ों' से जुड़े कई सवाल भी आए हैं.
उन्होंने कहा, "भारतीय कानून में भगोड़ों को वापस लाने और इसके लिए दूसरे देश से अनुरोध करने की एक कानूनी प्रक्रिया है और भारत इस मुद्दे पर ब्रिटेन के साथ बहुत निकटता से काम कर रहा है."
इसी तरह खालिस्तानी चरमपंथियों के सवाल पर मिसरी ने कहा, "खालिस्तानी चरमपंथियों और उनके करीबी लोगों की मौजूदगी का मुद्दा हम पहले भी ब्रिटेन में अपने साझेदारों के ध्यान में लाए हैं और हम ऐसा करते रहेंगे. यह न केवल हमारे लिए चिंता का विषय है, बल्कि हमारे साझेदारों के लिए भी चिंता का विषय होना चाहिए क्योंकि इससे इन अन्य देशों में भी सामाजिक सामंजस्य और सामाजिक व्यवस्था प्रभावित होती है."
अपाचे हेलीकॉप्टर्स का पहला बैच भारतीय सेना में शामिल
इमेज स्रोत, ADGPI/Indian Army
इमेज कैप्शन, भारतीय वायु सेना के पास पहले से ही 22 अपाचे हेलीकॉप्टरों का बेड़ा है.
भारतीय सेना ने मंगलवार को अपाचे हेलीकॉप्टर्स का पहला बैच शामिल कर लिया.
भारतीय सेना ने सोशल मीडिया एक्स पर लिखा है, "अपाचे हेलीकॉप्टर्स का पहला बैच आज भारत पहुंच गया है. यह भारतीय सेना के लिए एक "मील का पत्थर" है. इसके आने से भारतीय सेना की परिचालन क्षमताओं में उल्लेखनीय बढ़ोतरी होगी."
बोइंग कंपनी ने जनवरी, 1984 में अमरीकी फ़ौज को पहला अपाचे हेलीकॉप्टर दिया था. तब इस मॉडल का नाम था AH-64A.
तब से लेकर अब तक बोइंग 2,200 से ज़्यादा अपाचे हेलीकॉप्टर बेच चुकी है.
भारत से पहले इस कंपनी ने अमरीकी फ़ौज के ज़रिए मिस्र, यूनान, भारत, इंडोनेशिया, इसराइल, जापान, क़ुवैत, नीदरलैंड्स, क़तर, सऊदी अरब और सिंगापुर को अपाचे हेलीकॉप्टर बेचे हैं.
इसे दो पायलट मिलकर इसे उड़ाते हैं. मुख्य पायलट पीछे बैठता है. उसकी सीट थोड़ी ऊंची होती है. वो हेलीकॉप्टर को कंट्रोल करता है. आगे बैठा, दूसरा पायलट निशाना लगाता है और फ़ायर करता है.
'अपाचे' में ख़ास क्या है ?
क़रीब 16 फ़ुट ऊंचे और 18 फ़ुट चौड़े अपाचे हेलीकॉप्टर को उड़ाने के लिए दो पायलट होना ज़रूरी है.
अपाचे हेलीकॉप्टर के बड़े विंग को चलाने के लिए दो इंजन होते हैं. इस वजह से इसकी रफ़्तार बहुत ज़्यादा है.
अधिकतम रफ़्तार: 280 किलोमीटर प्रति घंटा.
अपाचे हेलीकॉप्टर का डिज़ाइन ऐसा है कि इसे रडार पर पकड़ना मुश्किल होता है.
बोइंग के अनुसार, बोइंग और अमरीकी फ़ौज के बीच स्पष्ट अनुबंध है कि कंपनी इसके रखरखाव के लिए हमेशा सेवाएं तो देगी पर ये मुफ़्त नहीं होंगी.
सबसे ख़तरनाक हथियार: एक साथ 16 एंटी टैंक मिसाइल छोड़ने की क्षमता.
हेलीकॉप्टर के नीचे लगी राइफ़ल में एक बार में 30एमएम की 1,200 गोलियाँ भरी जा सकती हैं.
फ़्लाइंग रेंज: क़रीब 550 किलोमीटर
ये एक बार में पौने तीन घंटे तक उड़ सकता है.
(इनपुट: बोइंग कंपनी की वेबसाइट से)
धनखड़ के इस्तीफ़े पर बोले कपिल सिब्बल- अटकलें नहीं लगाएंगे कि सही है या नहीं
इमेज स्रोत, Sanjeev Verma/Hindustan Times via Getty Images
इमेज कैप्शन, उपराष्ट्रपति के इस्तीफ़े पर सांसद कपिल सिब्बल ने कहा कि मैं इससे खुश नहीं
राज्यसभा सांसद कपिल सिब्बल ने जगदीप धनखड़ के उप राष्ट्रपति पद से इस्तीफ़े पर प्रतिक्रिया दी है.
समाचार एजेंसी एएनआई से उन्होंने कहा, "हम इस पर अटकलें नहीं लगाएंगे कि यह सही है या नहीं. मैं व्यक्तिगत रूप से उनके इस्तीफ़े से खुश नहीं हूं क्योंकि मैं अब जब संसद जाऊंगा तो उनसे नहीं मिल पाऊंगा."
सिब्बल ने कहा, "मेरे और उन (जगदीप धनखड़) के कई वर्षों से अच्छे, पारिवारिक संबंध रहे हैं... वे सदन में हमेशा कहते थे कि सत्ता पक्ष और विपक्ष को एकमत होकर आगे बढ़ना चाहिए क्योंकि यह देश का सवाल है. हमारे संबंध हमेशा अच्छे रहे, भले ही हमारी विचारधाराएं अलग थी लेकिन कभी कोई कड़वाहट नहीं आई."
बता दें कि जगदीप धनखड़ ने सोमवार को स्वास्थ्य कारणों का हवाला देते हुए उपराष्ट्रपति पद से इस्तीफ़ा दे दिया था.
धनखड़ ने राष्ट्रपति को लिखे अपने पत्र में कहा, ''मैं संविधान के अनुच्छेद 67 (ए) के मुताबिक़, तत्काल प्रभाव से भारत के उपराष्ट्रपति पद से इस्तीफ़ा देता हूँ.''
इसराइली सेना ने हमारे स्टाफ़ के आवास पर हमला किया: विश्व स्वास्थ्य संगठन
इमेज स्रोत, Getty Images
विश्व स्वास्थ्य संगठन का कहना है कि डेर अल-बलाह में इसराइल के पहले बड़े जमीनी अभियान के दौरान उसके प्रतिष्ठानों पर हमला हुआ है.
संगठन ने कहा है कि इसराइली सेना ने सोमवार को शहर में उसके कर्मचारियों और उनके परिवारों के आवास वाली एक इमारत पर हमला किया.
इस हमले में डब्ल्यूएचओ का मुख्य गोदाम भी नष्ट हो गया, लेकिन इसके लिए उसने किसी को ज़िम्मेदार नहीं ठहराया है.
वहीं इसराइली सेना ने घटना को लेकर कोई टिप्पणी नहीं की है.
डब्ल्यूएचओ का कहना है कि स्टाफ के आवास पर तीन बार हमला किया गया और इसके कारण बच्चों सहित वहां रहने वाले लोग काफ़ी डर गए.
संयुक्त राष्ट्र एजेंसी का कहना है कि इसराइली सेना ने परिसर में प्रवेश किया. यहां उन्होंने पुरुष कर्मचारियों को हथकड़ी लगाई और उनके कपड़े उताकर मौके पर ही पूछताछ की.
"डब्ल्यूएचओ के दो कर्मचारियों और उनके परिवार के दो सदस्यों को हिरासत में लिया गया. हालांकि बाद में तीन लोगों को रिहा कर दिया गया, जबकि एक कर्मचारी अभी भी हिरासत में है."
बिहार: एसआईआर के ख़िलाफ़ विधानसभा के बाहर विपक्षी दलों का प्रदर्शन
इमेज स्रोत, ANI
इमेज कैप्शन, बिहार में एसआईआर के ख़िलाफ़ प्रदर्शन
बिहार में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) को लेकर विपक्षी दलों ने बिहार विधानसभा के बाहर विरोध प्रदर्शन किया.
विरोध के तौर पर विपक्षी दल के सदस्य काले कपड़े पहन कर विधानसभा पहुंचे. विपक्षी दलों का आरोप है कि एसआईआर के बहाने बीजेपी ग़रीब और अल्पसंख्यक लोगों को वोटर लिस्ट से हटाना चाहती है.
आरजेडी नेता अब्दुल बारी सिद्दीकी ने कहा कि अगर चुनाव आयोग को मतदाता सूची में सुधार करना ही था, तो पहले क्यों नहीं किया.
उन्होंने कहा, "बिहार के सरकारी आंकड़ों के हिसाब से तीन करोड़ लोग बिहार से बाहर मजदूरी करने जाते हैं. चुनाव के वक्त अपने मताधिकार का इस्तेमाल करने आते हैं. जो गरीब मज़दूरी करने के लिए गया है, उसके लिए चुनाव आयोग ने क्या व्यवस्था की?"
आरजेडी नेता ने कहा, "पुनरीक्षण बहाना है, इसका मक़सद ग़रीब और अल्पसंख्यक को मतदाता सूची से हटाना है."
वहीं बिहार के उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा, "सदन में एसआईआर के बारे में विरोधी दल के लोगों ने काला कपड़ा पहन कर विरोध जताया. मैं केवल इतना बताना चाहता हूं कि निर्वाचन आयोग ने स्पष्ट कहा है कि किसी भी पिछड़े, दलित या कोई सामान्य जो भारत का नागरिक है उसका नाम नहीं कटेगा."
"लगभग 98% लोगों ने अपना फॉर्म जमा कर दिया. 19 लाख लोग ऐसे पाए गए जिसकी मृत्यु हो चुकी है. लगभग 20 लाख लोग ऐसे पाए गए जो बिहार से बाहर गए हुए हैं. लगभग 8 लाख लोग ऐसे हैं जिनका 2 जगहों पर वोटर लिस्ट में नाम है."
अभी तक बीबीसी संवाददाता सुरभि गुप्ता आप तक ख़बरें पहुंचा रही थीं.
अब से रात 10 बजे तक बीबीसी संवाददाता आनंद मणि त्रिपाठी आप तक अहम ख़बरें पहुंचाएंगे.
बीबीसी हिंदी के पन्ने पर लगी कुछ प्रमुख ख़बरें पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक्स पर क्लिक करें.
अमेरिकी सांसद लिंडसे ग्राहम ने दी इकोनॉमी बर्बाद करने की चेतावनी, कहा- ब्लड मनी दे रहा है भारत
इमेज स्रोत, Getty Images
इमेज कैप्शन, अमेरिकी सीनेटर लिंडसे ग्राहम (फ़ाइल फ़ोटो)
अमेरिकी सीनेटर लिंडसे ग्राहम ने चेतावनी दी है कि राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप उन देशों पर भारी टैरिफ़ लगाएंगे जो रूस से तेल आयात करना जारी रखेंगे. लिंडसे ग्राहम ने ख़ासकर भारत, चीन और ब्राजील का नाम लिया.
हाल ही में फॉक्स न्यूज़ को दिए एक इंटरव्यू में ग्राहम ने कहा, "ट्रंप उन देशों पर टैरिफ़ लगाने जा रहे हैं जो रूसी तेल खरीदते हैं - चीन, भारत और ब्राज़ील."
अमेरिकी सीनेटर का कहना है कि रूस से तेल खरीदने वाले देश यूक्रेन के ख़िलाफ़ जंग के लिए पैसे
जुटाने में रूस की मदद कर रहे हैं.
उन्होंने कहा, "राष्ट्रपति ट्रंप इन सभी देशों पर 100 प्रतिशत टैरिफ़ लगाने जा रहे हैं, जिससे उन्हें पुतिन की मदद करने की सज़ा मिलेगी."
लिंडसे ग्राहम ने कहा, "मैं चीन, भारत और ब्राज़ील से यही कहूँगा: अगर आप इस युद्ध को जारी रखने के लिए सस्ता रूसी तेल खरीदते रहे, तो हम आपको पूरी तरह तबाह कर देंगे और आपकी अर्थव्यवस्था को तहस-नहस कर देंगे, क्योंकि आप जो कर रहे हैं वो ब्लड मनी है."
केरल में फंसे ब्रितानी लड़ाकू विमान F-35 बी पर आया बड़ा अपडेट
इमेज कैप्शन, ब्रिटेन का एफ़-35बी लड़ाकू विमान
एक महीने से अधिक समय से केरल के तिरुवनंतपुरम हवाई अड्डे पर फंसे ब्रिटेन के फ़ाइटर जेट ने आख़िरकार मंगलवार को उड़ान भरी.
समाचार एजेंसी पीटीआई के मुताबिक़ ब्रिटेन का ये लड़ाकू विमान ऑस्ट्रेलिया के डार्विन के लिए रवाना हुआ.
इससे पहले, जेट को हैंगर से निकालकर सोमवार को एयरपोर्ट बे में लाया गया था.
फ़ाइटर जेट एफ़-35 बी 14 जून को आपात स्थिति में केरल के तिरुवनंतपुरम एयरपोर्ट पर उतरा था. खराब मौसम की वजह से एफ़-35 बी विमान को तिरुवनंतपुरम एयरपोर्ट पर डायवर्ट किया गया था.
लेकिन इसके बाद तकनीकी गड़बड़ी की वजह से ये विमान ब्रिटेन की रॉयल नेवी के विमानवाहक पोत एचएमएस प्रिंस ऑफ वेल्स पर वापस नहीं लौट पाया.
जुलाई के पहले हफ़्ते में ब्रिटेन के इंजीनियरों की 14 सदस्यों वाली टीम ने केरल के तिरुवनंतपुरम अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर फंसे ब्रितानी लड़ाकू विमान की तकनीकी गड़बड़ी की जाँच शुरू की थी.
भारत में विमान की लंबे समय से मौजूदगी ने सवाल उठाए हैं कि इतना आधुनिक विमान इतने लंबे समय तक किसी विदेशी ज़मीन पर कैसे फंसा रह सकता है.
जगदीप धनखड़ के इस्तीफ़े पर अनुप्रिया पटेल बोलीं- किसी को भी जानकारी नहीं थी
इमेज स्रोत, X/@AnupriyaSPatel
इमेज कैप्शन, स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण राज्य मंत्री अनुप्रिया पटेल (फ़ाइल फ़ोटो)
जगदीप धनखड़ के इस्तीफ़े पर स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण राज्य मंत्री अनुप्रिया पटेल ने कहा है कि इस बारे में सभी को अचानक जानकारी मिली.
अनुप्रिया पटेल ने कहा, "जगदीप धनखड़ का इस्तीफ़ा सरकार और विपक्ष हम सभी के लिए चौंकाने वाला और आश्चर्यजनक है. किसी को भी जानकारी नहीं थी, अचानक ही सबको ऐसी जानकारी मिली क्योंकि कल उन्होंने राज्यसभा की कार्यवाही का पूरा संचालन किया था."
"उन्होंने (धनखड़) जो कारण दिया है, वो सही भी प्रतीत होता है क्योंकि पूर्व में कई बार ऐसी घटनाएं हुईं, जब हमने देखा कि उन्हें स्वास्थ्य की समस्या हुई. मुझे ऐसा लगता है कि स्वास्थ्य के चलते ही उन्होंने ये कदम उठाया है."
बता दें कि कांग्रेस के कई नेताओं ने धनखड़ के इस्तीफ़े की वजह पर सवाल उठाया है.