You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.

Take me to the main website

बांग्लादेश में आरक्षण के ख़िलाफ़ रोष: देश भर में हिंसक झड़पें, कम से कम 19 लोगों की मौत

बांग्लादेश के राष्ट्रीय चैनल बीटीवी के दफ्तर में बृहस्पतिवार दोपहर को लगी आग के बाद वहां कई लोग फंस गए हैं.

सारांश

  • बांग्लादेश में आरक्षण के ख़िलाफ़ देशव्यापी आंदोलन में अब तक 11 लोगों की मौत.
  • गोंडा में पटरी से उतरे चंडीगढ़ डिब्रूगढ़ एक्सप्रेस के कुछ डिब्बे, दो लोगों की हुई मौत.
  • सूर्यकुमार यादव श्रीलंका के ख़िलाफ़ टी-20 में होंगे भारत के कप्तान, शुभमन गिल उपकप्तान.
  • कांवड़ यात्रा से पहले जारी किए गए आदेश पर मुज़फ़्फरनगर पुलिस ने जारी किया स्पष्टीकरण.
  • राष्ट्रपति की रेस से हटने के लिए बाइडन पर बढ़ता दबाव, कोविड के कारण थमा प्रचार.
  • जर्मनी अगले साल यूक्रेन को दी जाने वाली सैन्य सहायता में कटौती करने की योजना बना रहा है.

लाइव कवरेज

अभिषेक पोद्दार और सौरभ कुमार यादव

  1. कर्नाटक सरकार नौकरी में स्थानीय लोगों के आरक्षण को लेकर बैकफुट पर आई

    कर्नाटक राज्य में नौकरी में स्थानीय लोगों को आरक्षण का प्रावधान करने वाले विधेयक को राज्य सरकार ने फ़िलहाल रोक दिया है.

    अंग्रेज़ी अख़बार ‘द हिन्दू’ के मुताबिक़ सरकार ने कहा है कि इस पर फिर से विचार करने के बाद ही कोई अंतिम फ़ैसला लिया जाएगा.

    दरअसल इस विधेयक का उद्योगों और व्यवसायिक संगठनों ने विरोध कर दिया है. इस विरोध के बाद कर्नाटक सरकार ने विधेयक पर पुनर्विचार करने की बात कही है.

    नैसकॉम ने इसका विरोध करते हुए ट्वीट किया है, ‘‘नैस्कॉम और इसके सदस्य इस विधेयक से निराश हैं और इस पर अपनी गहरी चिंता जताते हैं... ’’

    इससे पहले राज्य मंत्रिमंडल ने इस विधेयक को मंज़ूरी दी थी. विधेयक में राज्य में उद्योगों, फ़ैक्ट्री और अन्य संस्थानों में प्रबंधन के स्तर की नौकरी में स्थानीय लोगों को 50 फ़ीसदी आरक्षण, जबकि गैर प्रबंधन स्तर की नौकरी में स्थानीय लोगों के लिए 75 फ़ीसदी आरक्षण की व्यवस्था है.

    कर्नाटक में स्थानीय उम्मीदवार उन्हें माना जाएगा जो राज्य में पैदा हुए हों और वहाँ कम से कम 15 साल से रह रहे हों. इसके अलावा उसे कन्नड़ भाषा की जानकारी हो.

    माना जा रहा था कि इस विधेयक को राज्य विधानसभा के मौजूदा सत्र में पेश किया जा सकता है.

  2. अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडन कोविड 19 से हुए संक्रमित

    अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडन कोविड-19 से संक्रमित हो गए हैं. बाइडन कोविड संक्रमित तब हुए हैं, जब उन पर डेमोक्रेटिक पार्टी की तरफ़ से ही दबाव बढ़ रहा है कि राष्ट्रपति की रेस से वह बाहर हो जाएं और किसी और को मौक़ा दें. कोविड संक्रमित होने के बाद बाइडन पर यह दबाव और बढ़ सकता है.

    व्हाइट हाउस के प्रेस सेक्रेटरी कैरीन जीन पियरे के मुताबिक़ अमेरिकी राष्ट्रपति को कोविड की वैक्सीन और बूस्टर लगा हुआ है.

    प्रेस सेक्रेटरी के मुताबिक़ इससे पहले भी बाइडन दो बार कोविड-19 से संक्रमित हो चुके हैं.

    कोविड से संक्रमित होने के बाद बाइडन ने भी इसकी जानकारी ट्वीट कर दी है.

    जो बाइडन के मुताबिक़ वो अच्छा महसूस कर रहे हैं और उन्होंने लोगों के उनकी दुआओं के लिए धन्यवाद दिया है.

    बाइडन बुधवार को लास वेगास में अपने समर्थकों से मिल रहे थे और लोगों से बात भी कर रहे थे. बाद में उन्होंने अपना चुनावी भाषण को रद्द कर दिया.

  3. नमस्कार

    बीबीसी हिंदी के लाइव ब्लॉग में आपका स्वागत है.

    17 जुलाई की ख़बरें पढ़ने के लिए यहाँ क्लिक करें