अमेरिका के साथ ट्रेड डील पर राष्ट्रपति ट्रंप के एलान के बाद पाकिस्तान के पीएम ने कही ये बात

इमेज स्रोत, Getty Images
अमेरिका के साथ व्यापार समझौता होने के बाद पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज़ शरीफ़ ने अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप का शुक्रिया करते हुए इस पर प्रतिक्रिया दी है.
पीएम शहबाज़ शरीफ़ ने सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म एक्स पर लिखा, "मैं राष्ट्रपति ट्रंप का दिल से धन्यवाद देना चाहता हूं कि उन्होंने ऐतिहासिक अमेरिका-पाकिस्तान व्यापार समझौते के अंतिम रूप देने में नेतृत्व की भूमिका निभाई."
शहबाज़ शरीफ़ के मुकाबिक़, दोनों देशों के बीच यह समझौता कल रात (बुधवार) वॉशिंगटन में हुआ.
उन्होंने लिखा, "यह ऐतिहासिक समझौता हमारे बढ़ते सहयोग को और मज़बूती देगा, ताकि आने वाले दिनों में हमारी स्थायी साझेदारी के दायरे को और विस्तार दिया जा सके."
इससे पहले राष्ट्रपति ट्रंप ने पाकिस्तान के साथ ट्रेड डील की जानकारी दी थी.
उन्होंने ट्रुथ सोशल पर लिखा, "हमने पाकिस्तान के साथ एक नया समझौता किया है. इसके तहत अमेरिका और पाकिस्तान मिलकर वहां के विशाल तेल भंडार का विकास करेंगे."
राष्ट्रपति ट्रंप ने लिखा, "हम उस तेल कंपनी को चुनने की प्रक्रिया में हैं जो इस पार्टनरशिप का नेतृत्व करेगी. कौन जानता है, शायद एक दिन पाकिस्तान भारत को तेल बेचे."





