बाल विवाह रोकने के लिए सुप्रीम कोर्ट ने जारी किए दिशानिर्देश

सुप्रीम कोर्ट के तीन सदस्यीय जजों की बेंच ने शुक्रवार को बाल विवाह की रोकथाम को लेकर कई दिशानिर्देश जारी किए.

सारांश

लाइव कवरेज

अभिषेक पोद्दार, अश्वनी पासवान और कीर्ति रावत

  1. बेंगलुरु टेस्ट के तीसरे दिन न्यूज़ीलैंड ने लंच तक बनाए 345 रन, रचिन रविंद्र का शतक

    शतक लगाने के बाद रचिन रविंद्र

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, शतक लगाने के बाद रचिन रविंद्र

    बेंगलुरु के चिन्नास्वामी स्टेडियम में भारत और न्यूज़ीलैंड के बीच खेले जा रहे पहले टेस्ट मैच के तीसरे दिन मेहमान टीम मज़बूत स्थिति में दिख रही है.

    तीसरे दिन लंच तक के खेल में न्यूज़ीलैंड ने सात विकेट खोकर 345 रन बना लिए हैं और भारत पर 299 रनों की बढ़त भी हासिल कर ली है.

    न्यूज़ीलैंड के लिए रचिन रविंद्र ने शतक लगाया है और वे 104 रन बना कर क्रीज़ पर मौजूद हैं. टिम साउदी भी अपने अर्धशतक से केवल एक रन दूर हैं.

    भारत के लिए रविंद्र जडेजा ने अभी तक सबसे ज़्यादा तीन विकेट लिए हैं. वहीं जसप्रीत बुमराह, मोहम्मद सिराज, रविचंद्रन अश्विन और कुलदीप यादव को एक-एक विकेट मिला है.

    इससे पहले अपनी पहली पारी में भारतीय टीम महज़ 46 रनों पर ऑलआउट हो गई थी. यह टेस्ट क्रिकेट में भारत का तीसरा सबसे न्यूनतम स्कोर भी है. बेंगलुरु टेस्ट का पहला दिन बारिश की वजह से रद्द करना पड़ा था.

    दूसरे दिन रोहित शर्मा ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाज़ी चुनी थी.

    भारत की ख़राब बैटिंग के बाद रोहित शर्मा का बयान
    इमेज कैप्शन, भारत की ख़राब बैटिंग के बाद रोहित शर्मा का बयान
  2. सिवान और सारण ज़िले में ज़हरीली शराब से हुई मौतों पर बिहार के उपमुख्यमंत्री विजय कुमार ने क्या कहा

    बिहार के उपमुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा (फ़ाइल फ़ोटो)

    इमेज स्रोत, ANI

    इमेज कैप्शन, बिहार के उपमुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा (फ़ाइल फ़ोटो)

    बिहार के सारण और सिवान ज़िले में ज़हरीली शराब से हुई मौतों पर अब राज्य के उपमुख्यमंत्री और भाजपा नेता विजय कुमार सिन्हा ने बयान दिया है.

    उन्होंने कहा, “सरकार मामले को पूरी गंभीरता से ले रही है. ऐसा वातावरण बनाने वाले बख्शे नहीं जाएंगे. उस ज़िले में पहले भी ऐसी घटनाएं हुई हैं. सरकार मामले की तहकीकात कर रही है.”

    उममुख्यमंत्री ने यह भी कहा, “बिहार में पूरी तरह से शराबबंदी लागू है. यह सरकार और सबकी सहमति से लागू हुई है. यह सबकी ज़िम्मेदारी है कि बिहार में शराबबंदी को लागू करवाने में सहयोग करे और अपराधियों को बचाने की कोशिश बंद करें.”

    राज्य की मुख्य विपक्षी पार्टी आरजेडी पर आरोप लगाते हुए उन्होंने कहा, “जब राज्य में शराबबंदी लागू हुई थी उस वक़्त आरजेडी और बीजेपी सभी के लोगों ने समर्थन किया था. ऐसे में हम सभी की ज़िम्मेदारी बनती है कि शराब माफ़ियाओं के ख़िलाफ़ दबिश बढ़े और उनको संरक्षण देने का खेल बंद हो.”

    बिहार के सिवान और सारण ज़िले में ज़हरीली शराब से अभी तक 33 लोगों की मौत हुई है. इनमें से 28 मामले सिवान के हैं. इस पूरे मामले में राज्य के सीएम नीतीश कुमार ने चल रही उच्चस्तरीय जांच की समीक्षा की है.

    बिहार में सीएम नीतीश कुमार ने साल 2016 में ही शराबबंदी क़ानून को लागू किया था.

  3. कांग्रेस छोड़ने के बाद कैप्टन यादव ने कहा जल्द बताऊंगा किसने खड़ी की बाधाएं

    कैप्टन अजय सिंह यादव (फाइल फोटो)

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, कैप्टन अजय सिंह यादव (फाइल फोटो)

    कांग्रेस के ओबीसी मोर्चे के प्रमुख और हरियाणा के रेवाड़ी से आने वाले नेता कैप्टन अजय सिंह यादव ने गुरुवार को कांग्रेस पार्टी से इस्तीफ़ा दे दिया था.

    उन्होंने शुक्रवार को एक्स पर कहा कि जैसे ही पार्टी अध्यक्ष उनका इस्तीफ़ा स्वीकार करते हैं वो पार्टी छोड़ने पर विस्तार से बात करेंगे.

    उन्होंने कहा, “मैं कोई संत नहीं हूं. मैं एक राजनेता हूं और जैसे ही कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे जी मेरा इस्तीफ़ा स्वीकार कर लेंगे, मैं अपने भविष्य की रणनीति तय करुंगा और कुछ नेताओं की ओर से मेरे राजनीतिक करियर को नुकसान पहुंचाने के लिए की गई कार्यप्रणाली और बाधाओं का विस्तृत विवरण दूंगा.”

    उन्होंने बताया कि उनके लिए इस्तीफा देने का फैसला बहुत कठिन था. उनका परिवार कांग्रेस पार्टी से साल 1952 से जुड़ा हुआ है जब उनके पिता रॉव अभय सिंह विधायक बने थे.

    कैप्टन अजय सिंह यादव कांग्रेस के बड़े ओबीसी नेता थे. वह हरियाणा के रेवाड़ी से पांच बार के मंत्री और विधायक रह चुके हैं.

  4. डोनाल्ड ट्रंप पर हुए हमले की जांच कर रहे पैनल ने कहा, सीक्रेट सर्विस में सुधार की जरूरत

    डोनाल्ड ट्रंप (फ़ाइल फ़ोटो)

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, डोनाल्ड ट्रंप (फ़ाइल फ़ोटो)

    अमेरिकी सीक्रेट सर्विस पर जारी की गई एक रिपोर्ट में कहा गया है कि इसमें कई ख़ामियां हैं और उनको तुरंत ठीक करने की ज़रूरत है.

    रिपोर्ट में कहा गया है कि अगर इन ख़ामियों को जल्द ठीक नहीं किया गया तो पूर्व अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप पर हमले जैसी घटनाएं आगे भी जारी रह सकती हैं.

    एक स्वतंत्र पैनल पूर्व अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप पर जुलाई में हुई गोली चलाए जाने की जांच कर रहा था.

    इस पैनल ने गुरुवार को अपनी जांच से जुड़े नतीजों को जारी किया है. इस जांच नतीजे में कहा गया है कि अमेरिकी सीक्रेट सर्विस में नौकरशाही बढ़ गई है और इस संस्था में कोई भी सुधार नहीं हो रहा है.

    पैनल ने 52 पन्ने की अपनी रिपोर्ट में कहा है,''सीक्रेट सर्विस में आमूल-चूल बदलाव की ज़रूरत है. इस संस्था की नाक़ामियों की वजह से डोनाल्ड ट्रंप पर हमला हुआ था.''

    डोनाल्ड ट्रंप पर हुई गोलीबारी की घटना के मामले में सीक्रेट सर्विस ने अपनी गलतियों को स्वीकार किया था.

    संस्था के निदेशक ने भी घटना के कुछ दिनों के बाद ही अपना इस्तीफ़ा भी दे दिया था.

  5. महिला टी-20 विश्व कप 2024: वेस्टइंडीज़ और न्यूज़ीलैंड के बीच आज शारजाह में होगा दूसरा सेमीफ़ाइनल

    वेस्टइंडीज़ महिला क्रिकेट टीम

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, वेस्टइंडीज़ महिला क्रिकेट टीम

    महिला टी-20 विश्व कप का दूसरा सेमीफ़ाइनल मैच शुक्रवार को खेला जाएगा. यह मैच वेस्टइंडीज़ और न्यूज़ीलैंड के बीच शारजाह क्रिकेट स्टेडियम में होगा.

    इस दूसरे सेमीफ़ाइनल में जीतने वाली टीम 20 अक्तूबर को दुबई में होने वाले फ़ाइनल मैच में साउथ अफ़्रीका से भिड़ेगी.

    साउथ अफ़्रीका ने इस टूर्नामेंट के पहले सेमीफ़ाइनल मुक़ाबले में ऑस्ट्रेलिया को हराते हुए फ़ाइनल में प्रवेश किया है. 2023 के महिला विश्व कप के फाइनल में ऑस्ट्रेलिया ने साउथ अफ़्रीका हरा कर ही ख़िताब जीता था.

    दिलचस्प बात यह है कि इस साल खेले गए पुरुष टी-20 वर्ल्ड कप के फ़ाइनल में भी साउथ अफ़्रीका ने अपनी जगह बनाई थी. हालांकि फ़ाइनल में उसे भारत के हाथों हार का सामना करना पड़ा.

    अगर 20 अक्तूबर को ख़ेले जाने वाले फाइनल मुक़ाबले को साउथ अफ़्रीका की टीम जीत जाती है तो यह उस देश का पहला आईसीसी ख़िताब होगा.

    ऑस्ट्रेलियाई टीम ने सबसे ज़्यादा छह बार आईसीसी महिला टी-20 विश्व कप की ट्रॉफ़ी को जीता है. वहीं इस टूर्नामेंट में भारतीय टीम का सफ़र सेमीफ़ाइनल में पहुंचने से पहले ही ख़त्म हो गया.

    सेमीफ़ाइनल में पहुंचने के लिए भारत को अपने आखिरी ग्रुप मुक़ाबले में हर हाल में जीतना ज़रूरी था. लेकिन उसे ऑस्ट्रेलिया के हाथों हार का सामना करना पड़ा था.

    वहीं वेस्टइंडीज़ की टीम ने इंग्लैंड को तो न्यूज़ीलैंड की टीम ने पाकिस्तान को हराते हुए सेमीफ़ाइनल में अपनी जगह पक्की की है. वेस्टइंडीज़ की टीम एक बार महिला टी-20 विश्व कप की ट्रॉफ़ी को जीत भी चुकी है.

  6. अमेरिकी नागरिक की हत्या की साज़िश में भारतीय सरकारी अधिकारी पर आरोप तय

    अमेरिका के अटॉर्नी जनरल मेरिक बी. गारलैंड

    इमेज स्रोत, Reuters

    इमेज कैप्शन, अमेरिका के अटॉर्नी जनरल मेरिक बी. गारलैंड ने कहा है कि अमेरिकी न्याय विभाग मामले से जुड़े किसी भी व्यक्ति को ज़िम्मेदार ठहराने की पूरी कोशिश करेगा.

    अमेरिका के न्याय मंत्रालय ने हत्या की साजिश के एक मामले में भारतीय सरकारी कर्मचारी के ऊपर आरोप तय किए हैं. हालांकि, गुरुवार को भारत के विदेश मंत्रालय की साप्ताहिक प्रेस ब्रीफ़िंग के दौरान प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने ये कहा था कि जिस शख्स पर आरोप तय हुए हैं, वो अब भारत सरकार के कर्मचारी नहीं हैं.

    यह पूरा मामला अमेरिका के न्यूयॉर्क शहर में एक अमेरिकी नागरिक की हत्या की साजिश करने से जुड़ा हुआ है.

    अमेरिका के न्याय मंत्रालय ने भारतीय सरकारी कर्मचारी 39 वर्षीय विकास यादव के ख़िलाफ़ 'भाड़े पर हत्या की साज़िश रचने' और 'मनी लॉन्ड्रिंग' के आरोप भी तय किये हैं.

    अमेरिका के न्याय मंत्रालय ने एक बयान में बताया है कि विकास यादव को अमानत के नाम से भी जाना जाता है. अमेरिकी न्याय मंत्रालय ने इस शख्स को अदालत में दिए आरोप पत्र में 'सीसी-1' नाम दिया है.

    विभाग ने बताया कि विकास यादव के साथ कथित तौर हत्या की साजिश में शामिल एक और व्यक्ति 53 वर्षीय निखिल गुप्ता को पहले ही अमेरिका को प्रत्यार्पित किया जा चुका है.

    अमेरिका का कहना है कि विकास यादव फ़रार हैं.

    अमेरिका के अटॉर्नी जनरल मेरिक बी. गारलैंड ने कहा है, “अमेरिकी न्याय विभाग इस पूरे मामले से जुड़े किसी भी व्यक्ति को ज़िम्मेदार ठहराने की पूरी कोशिश करेगा. हमने पिछले साल भारतीय कर्मचारी विकास यादव और उसके साथी निखिल गुप्ता के एक अमेरिकी नागरिक की हत्या की साजिशों को नाकाम कर दिया था.”

    अमेरिकी संघीय जांच एजेंसी एफ़बीआई का कहना है, “भारतीय सरकारी कर्मचारी ने कथित तौर पर अपने साथी के साथ मिलकर एक अमेरिकी नागरिक के हत्या की साजिश का प्रयास किया है. एफ़बीआई किसी भी अमेरिकी नागरिक के ख़िलाफ़ हिंसा की कोशिशों को कभी भी बर्दाश्त नहीं करेगा.”

    भारत ने क्या कहा था?

    इससे पहले भारतीय विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने कहा था, "अमेरिकी न्याय मंत्रालय ने हमें ये सूचित किया है कि उन्होंने जिस शख्स पर आरोप तय किए हैं वो अब भारत सरकार के कर्मचारी नहीं हैं. मैं इसकी पुष्टि करता हूं कि वो शख्स अब भारत सरकार के कर्मचारी नहीं हैं."

  7. भारत और न्यूज़ीलैंड के बीच टेस्ट मैच का आज तीसरा दिन, क्या वापसी कर पाएगी टीम इंडिया?

    विराट कोहली और रोहित शर्मा

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, विराट कोहली और रोहित शर्मा

    भारत और न्यूज़ीलैंड के बीच खेले जा रहे पहले टेस्ट मैच का शुक्रवार को तीसरा दिन है. बेंगलुरु के चिन्नास्वामी स्टेडियम में खेले जा रहे टेस्ट मैच का पहला दिन बारिश की वजह से रद्द हो गया था.

    जिस वजह से दूसरे दिन टॉस के बाद खेल शुरू हुआ. भारतीय कप्तान रोहित शर्मा ने टॉस जीत कर पहले बल्लेबाज़ी करने का फ़ैसला किया.

    हालांकि पहली पारी में भारतीय टीम का प्रदर्शन बेहद ही ख़राब रहा. पूरी भारतीय टीम महज़ 46 रनों के स्कोर पर ऑलआउट हो गई.

    यह टेस्ट मैचों में भारत का तीसरा सबसे कम स्कोर है. साल 2020 में भारतीय टीम ने ऑस्ट्रेलिया के ख़िलाफ़ टेस्ट मैच में सबसे कम 36 रन बनाए थे.

    न्यूज़ीलैंड के ख़िलाफ़ भारत के पांच बल्लेबाज़ विराट कोहली, सरफ़राज़ ख़ान, केएल राहुल, रविंद्र जडेजा और रविचंद्रन अश्विन अपना खाता भी नहीं खोल सके.

    न्यूज़ीलैंड के लिए मैट हेनरी और विलियम ओरूरकी ने सबसे ज़्यादा चार विकेट लिए.

    वहीं न्यूज़ीलैंड की टीम ने अपनी पहली पारी में तीन विकेट के नुक़सान पर 180 रन बना लिए हैं. मेहमान टीम के पास 134 रनों की लीड भी हो गई है.

  8. याह्या सिनवार की मौत पर कमला हैरिस ने कहा, ग़ज़ा में युद्ध ख़त्म करने का अच्छा मौका

    कमला हैरिस (फ़ाइल फ़ोटो)

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, कमला हैरिस (फ़ाइल फ़ोटो)

    हमास के नेता याह्या सिनवार की मौत पर अब डेमोक्रेटिक उम्मीदवार और मौजूदा अमेरिकी उपराष्ट्रपति कमला हैरिस का बयान सामने आया है.

    कमला हैरिस ने याह्या सिनवार की मौत पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा,''हमास के नेता याह्या सिनवार 7 अक्तूबर के पीड़ितों और ग़ज़ा में मारे गए बंधकों सहित हज़ारों निर्दोष लोगों की हत्या के लिए ज़िम्मेदार थे.''

    कमला हैरिस ने कहा,'' उनके हाथों पर अमेरिकी खून था. उनकी मौत की वजह से अमेरिका,इसराइल और पूरी दुनिया बेहतर स्थिति में है. यह ग़ज़ा में हो रहे युद्ध को ख़त्म करने का एक मौका है.''

    याह्या सिनवार की मौत पर अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडन ने भी अपनी प्रतिक्रिया ज़ाहिर करते हुए उन्हें हज़ारों लोगों की मौत का ज़िम्मेदार बताया था.

    याह्या सिनवार ग़ज़ा में हमास की राजनीतिक शाखा के नेता थे. इसाइल ने उनका नाम अपने मोस्ट वांटेड लोगों की लिस्ट में शामिल करके रखा था.

    इसराइल और अमेरिका के मुताबिक़ याह्या सिनवार ही सात अक्तूबर 2023 को इसराइल पर किए गए हमास के हमले के मास्टरमाइंड थे.

    गुरुवार को इसराइली हमले में याह्या सिनवार के मारे जाने की ख़बर सामने आई थी. गुरुवार की रात को इसराइल ने कहा था कि उनके एक हमले में हमास नेता याह्या सिनवार मारे गए हैं.

    जुलाई में हमास के राजनीतिक नेता इस्माइल हनिया के तेहरान में इसराइली कार्रवाई में मारे जाने के बाद सिनवार हमास के नेता बने थे.

  9. हमास नेता याह्या सिनवार की मौत पर अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडन क्या बोले

    जो बाइडन

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, जो बाइडन

    हमास के नेता याह्या सिनवार के इसराइली कार्रवाई में मारे जाने पर अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडन की प्रतिक्रिया सामने आई है.

    जो बाइडन ने कहा है, "इसराइली अधिकारियों ने मेरी राष्ट्रीय सुरक्षा टीम को जानकारी दी है कि ग़ज़ा में उनके एक अभियान के तहत हमास नेता याह्या सिनवार की मौत हुई है. डीएनए परीक्षणों में भी हमास नेता के मारे जाने की पुष्टि हो चुकी है. यह इसराइल, अमेरिका और पूरी दुनिया के लिए एक अच्छा दिन है."

    अमेरिकी राष्ट्रपति ने सिनवार की निंदा करते हुए कहा,''हमास नेता के रूप में याह्या सिनवार हज़ारों इसराइलियों, फ़लस्तीनियों,अमेरिकियों और 30 से भी ज़्यादा देशों के नागरिकों की मौत का ज़िम्मेदार थे.”

    बाइडन ने यह भी कहा कि याह्या सिनवार ही सात अक्टूबर को इसराइल पर किए गए हमास के हमले का मास्टरमाइंड थे.

    गुरुवार की रात इसराइल ने जानकारी दी थी कि उनके एक हमले में हमास नेता याह्या सिनवार की मौत हो गई है.

    इसराइली विदेश मंत्री इसराइल कात्ज़ ने कहा कि गुरुवार को ग़ज़ा में इसराइली सैनिकों के एक अभियान में हमास के नेता की मौत हुई है.

    उन्होंने सिनवार को बीते साल 7 अक्टूबर के हमले का मास्टरमाइंड क़रार दिया.

    जुलाई में हमास नेता इस्माइल हनिया की मौत के बाद याह्या सिनवार हमास के नेता बने थे. इस्माइल हनिया की मौत तेहरान में हुए एक इसराइली कार्रवाई के दौरान हुई थी.

    याह्या सिनवार ग़ज़ा में हमास की सियासी शाखा के नेता थे और वो इसराइल के मोस्ट वॉन्टेड लोगों में से एक थे.

  10. नमस्कार

    बीबीसी हिंदी के लाइव पन्ने पर आपका स्वागत है. मैं अभिषेक पोद्दार आप तक आज की ताज़ा ख़बरें पहुंचाऊंगा. बीबीसी हिंदी की वेबसाइट पर मौजूद ख़बरों को यहां पढ़ सकते हैं.

    कल के लाइव पन्ने की ख़बरों को पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें.

    हमारी वेबसाइट की कुछ अहम ख़बरों को पढ़ने के लिए नीचे दिए लिंक्स पर क्लिक कर सकते हैं.

    इसराइल ने कहा- हमास के नेता याह्या सिनवार मारे गए- पूरी ख़बर के लिए इस इस लिंक पर क्लिक करें.

    पाकिस्तान गए भारतीय पत्रकार विदेश मंत्री जयशंकर और वहाँ के माहौल पर क्या कह रहे हैं?- पूरी ख़बर के लिए इस लिंक पर क्लिक करें.

    कनाडा ने भारत पर प्रतिबंध लगाए तो किसे होगा ज़्यादा नुक़सान-पूरी ख़बर के लिए इस लिंक पर क्लिक करें.

    सुप्रीम कोर्ट का फ़ैसला: मार्च 1971 के पहले असम आने वाले भारतीय नागरिक होंगे- पूरी ख़बर के लिए इस लिंक पर क्लिक करें.