ग़ज़ा में इसराइली हमले में हमास नेता याह्या सिनवार की मौत के दावों के बीच हमास ने क्या कहा?
हमास से जुड़ी वेबसाइट ने फ़लस्तीनी नागरिकों के लिए एक चेतावनी जारी कर याह्या सिनवार की जानकारी मिलने का इंतज़ार करने के लिए कहा है.
सारांश
क्या हमास नेता याह्या सिनवार मारे गए: इसराइली सेना ने कहा- जाँच कर रहे हैं.
उत्तरी ग़ज़ा में इसराइली हवाई हमले में कम से कम 22 लोगों की मौत की ख़बर.
बहराइच हिंसा के मामले में यूपी पुलिस का दावा- दो अभियुक्त मुठभेड़ में घायल हुए.
बांग्लादेश की पूर्व प्रधानमंत्री शेख़ हसीना के ख़िलाफ़ गिरफ़्तारी वारंट जारी
बिहार: सिवान और सारण में ज़हरीली शराब से अब तक 24 मौतें, नीतीश कुमार ने मामले की समीक्षा की.
नायब सिंह सैनी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मौजूदगी में ली हरियाणा के सीएम पद की शपथ.
सुप्रीम कोर्ट ने नागरिकता अधिनियम की धारा 6ए की संवैधानिक वैधता को बरकरार रखा.
लाइव कवरेज
अभिषेक पोद्दार, कीर्ति रावत और सुमंत सिंह
नायब सिंह सैनी बने हरियाणा के मुख्यमंत्री, शपथग्रहण में मोदी-शाह भी पहुंचे
इमेज स्रोत, ANI Youtube
इमेज कैप्शन, शपथ ग्रहण करते हुए नायब सिंह सैनी
नायब सिंह सैनी ने हरियाणा के मुख्यमंत्री पद की शपथ
ले ली है. हरियाणा के राज्यपाल बंडारू दत्तात्रेय ने उनको पद और गोपनीयता की शपथ
दिलाई.
इस शपथ ग्रहण समारोह के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र
मोदी, गृह मंत्री अमित शाह और यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ भी मौजूद रहे.
साथ ही महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़, आंध्र प्रदेश और मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्रियों ने भी शपथ ग्रहण समारोह में शिरकत की.
बीजेपी अध्यक्ष जेपी नड्डा, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और रोड और ट्रांसपोर्ट मंत्री नितिन गडकरी भी नायब सिंह सैनी के शपथ ग्रहण समारोह में मौजूद रहे.
नायब सिंह सैनी का शपथ ग्रहण समारोह पंचकूला के दशहरा ग्राउंड में हुआ. सैनी को कल ही यानी 16 अक्तूबर
को हरियाणा के विधायक दल का नेता चुना गया था.
इस बात का एलान खुद गृह मंत्री अमित शाह ने किया था.
अमित शाह को पार्टी ने हरियाणा का पर्यवेक्षक बनाया था.
नायब सिंह सैनी को इसी साल मार्च में हरियाणा का
मुख्यमंत्री बनाया गया था. उन्होंने मनोहर लाल खट्टर की जगह सीएम पद की
ज़िम्मेदारी संभाली थी.
ब्रेकिंग न्यूज़, न्यूज़ीलैंड के ख़िलाफ़ टेस्ट मैच में 46 रनों पर सिमटी भारत की पहली पारी
इमेज स्रोत, Getty Images
इमेज कैप्शन, रोहित शर्मा और विराट कोहली
न्यूज़ीलैंड के ख़िलाफ़ पहले टेस्ट मैच में भारतीय टीम महज़ 46 रनों पर सिमट
गई.
बारिश से प्रभावित पहले टेस्ट मैच के पहले ही दिन भारतीय टीम का प्रदर्शन ख़राब रहा.
भारतीय कप्तान रोहित शर्मा ने टॉस जीतकर पहले बैटिंग करने का फ़ैसला किया.
भारत का सबसे पहला विकेट कुल नौ रन पर रोहित शर्मा के रूप में ही गिरा.
कप्तान
रोहित शर्मा को केवल दो रन पर टिम साउदी ने बोल्ड कर दिया. भारत के केवल दो
बल्लेबाज़ यशस्वी जायसवाल और ऋषभ पंत ही दहाई का आंकड़ा छू सके.
वहीं विराट कोहली, सरफ़राज़ ख़ान, केएल राहुल, रविंद्र जडेजा और रविचंद्रन अश्विन अपना खाता भी नहीं खोल सके.
न्यूज़ीलैंड के लिए मैट हेनरी और विलियम ओरूरकी ने सबसे ज़्यादा चार विकेट लिए.
बेंगलुरु के चिन्नास्वामी स्टेडियम में खेले जा रहे टेस्ट मैच के पहले दिन का खेल बारिश की वजह से रद्द करना पड़ा था.
विदेश मंत्री एस जयशंकर ने पाकिस्तान की मेहमाननवाज़ी पर ये कहा
इमेज स्रोत, ANI
इमेज कैप्शन, भारतीय विदेश मंत्री एस जयशंकर
भारतीय विदेश मंत्री एस जयशंकर ने सोशल मीडिया
प्लेटफ़ॉर्म ‘एक्स’ पर पोस्ट करके पाकिस्तान के
मेहमाननवाज़ी की तारीफ़ की है.
विदेश मंत्री एस. जयशंकर एससीओ (शंघाई कोऑपरेशन ऑर्गनाइजेशन)
समिट में हिस्सा लेने के लिए पाकिस्तान गए थे.
पोस्ट में विदेश मंत्री ने लिखा, “पाकिस्तान
के प्रधानमंत्री शहबाज़ शरीफ़, विदेश मंत्री और पाकिस्तान की सरकार का उनकी
मेहमाननवाज़ी के लिए शुक्रिया.”
पाकिस्तान ने शंघाई कोऑपरेशन ऑर्गनाइजेशन के 23वें
सम्मेलन की मेज़बानी की थी. एससीओ के सदस्य देशों में चीन, भारत,
रूस, पाकिस्तान, ईरान,
कज़ाख़स्तान, किर्गिस्तान, ताजिकिस्तान और बेलारूस शामिल हैं. इसके अलावा 16 अन्य देशों को ऑब्ज़र्वर या डायलॉग
पार्टनर का दर्जा मिला हुआ है.
एससीओ सम्मेलन के दौरान अपने संबोधन में भारतीय विदेश
मंत्री एस जयशंकर ने कहा, इस ऑर्गनाइजेशन का पहला लक्ष्य आतंकवाद,अलगाववाद
और उग्रवाद का मुक़ाबला करना है और मौजूदा परिस्थितियों में यह और भी ज़्यादा अहम
हो जाता है.''
उन्होंने यह भी कहा कि एससीओ बदलाव से गुज़र रहे
देशों का प्रतिनिधित्व करता है, जिसपर ज़्यादातर दुनिया का भरोसा
टिका हुआ है. हमें उस ज़िम्मेदारी को निभाना है.
न्यूज़ीलैंड के ख़िलाफ़ पहले टेस्ट में भारतीय पारी लड़खड़ाई, 34 रनों पर छह विकेट गंवाए
इमेज स्रोत, Getty Images
इमेज कैप्शन, आउट होकर पवेलियन की तरफ़ जाते केएल राहुल
भारत बनाम न्यूज़ीलैंड के बीच पहले टेस्ट मैच में लंच
ब्रेक तक भारतीय टीम मुश्किल स्थिति में आ गई है. भारत ने महज़ 34 रन के कुल स्कोर पर
अपने छह विकेट गंवा दिए हैं.
बारिश से बाधित इस टेस्ट मैच में भारतीय कप्तान रोहित
शर्मा ने टॉस जीता और पहले बल्लेबाज़ी करने का फ़ैसला किया.
भारत अभी तक ओपनर यशस्वी जायसवाल, रोहित शर्मा, विराट कोहली, सरफ़राज़ ख़ान, केएल राहुल और रविंद्र जडेजा के
विकेट गंवा चुका है.
इसमें विराट कोहली, सरफ़राज़ ख़ान, केएल राहुल और रविद्र जडेजा बिना
खाता खोले ही आउट हो गए. वहीं रोहित शर्मा ने केवल दो रन बनाए. यशस्वी जायसवाल 13
रन बना कर आउट हुए.
फ़िलहाल ऋषभ पंत 15 रन बना कर क्रीज़ पर मौजूद हैं.
न्यूज़ीलैंड के लिए विलियम ओ रोरकी ने अभी तक सबसे ज़्यादा तीन विकेट लिए हैं.
वहीं मैट हेनरी ने दो और टिम साउदी ने एक विकेट लिए. इस टेस्ट मैच का पहला दिन
बारिश की वजह से रद्द हो गया था.
एमपी हाईकोर्ट ने 'भारत माता की जय' के नारे लगाने और तिरंगे को सलामी की शर्त पर दी अभियुक्त को बेल
इमेज स्रोत, Getty Images
इमेज कैप्शन, सांकेतिक तस्वीर
मध्य प्रदेश उच्च न्यायालय ने पाकिस्तान के समर्थन में नारे लगाने के मामले में एक अभियुक्त को बेल देने के लिए उन्हें राष्ट्रीय ध्वज को 21 बार सलामी देने और महीने में दो बार भारत माता की जय नारे लगाने को कहा.
समाचार एजेंसी पीटीआई की रिपोर्ट के अनुसार, कोर्ट ने अभियुक्त से कहा कि वो मामले की सुनवाई खत्म होने तक भोपाल पुलिस थाने में तिरंगे को सलामी देने और महीने में दो बार भारत माता की जय नारा लगाने आएं.
हाई कोर्ट में सुनवाई कर रहे जज डीके पालीवाल ने मंगलवार को फैसला देते हुए कहा कि याचिकाकर्ता को ज़मानत कुछ शर्तों पर दी गई है, जिससे उसमें उस देश के लिए जिम्मेदारी और गर्व की भावना पैदा हो, जहां वह पैदा हुआ और रह रहा है.
अभियुक्त फैजल उर्फ फैजान को मई में भोपाल के मिसरोड पुलिस स्टेशन में भारतीय दंड संहिता की धारा 153बी (राष्ट्रीय एकता पर प्रतिकूल प्रभाव डालने वाले आरोप) के तहत एफआईआर दर्ज होने के बाद गिरफ्तार किया गया था.
सुप्रीम कोर्ट ने नागरिकता अधिनियम की धारा 6ए की संवैधानिक वैधता को बरकरार रखा
इमेज स्रोत, ANI
सुप्रीम कोर्ट की बेंच ने चार-एक के बहुमत से दिए
फ़ैसले में नागरिकता अधिनियम, 1955 की धारा 6ए की संवैधानिकता को
बरकरार रखा है.
असम अकॉर्ड के तहत ही नागरिकता अधिनियम में ये सेक्शन
जोड़ा गया था. इसके तहत ये प्रावधान है कि 25 मार्च 1971 से पहले असम की सीमा में
प्रवेश करने वाले भारतीय मूल के किसी भी व्यक्ति को भारतीय नागरिक ही माना जाएगा.
भारत के प्रधान न्यायाधीश जस्टिस डीवाई चंद्रचूड़ की
अगुवाई वाली पीठ में शामिल जस्टिस सूर्यकांत, जस्टिस एमएम सुंदरेश और जस्टिस मनोज मिश्रा ने इस धारा की संवैधानिक वैधता को
बरकरार रखा है. वहीं, जस्टिस जेपी पारदीवाला ने इस
सेक्शन को असंवैधानिक माना.
याचिकाकर्ता ने अपनी अर्ज़ी में कहा था कि एक राज्य
में लोगों के लिए नागरिकता पाने की अलग-अलग कट-ऑफ़ तारीख असंवैधानिक है. हालांकि, कोर्ट ने बहुमत से दिए फ़ैसले में इस प्रावधान की संवैधानिकता को बरक़रार रखा.
न्यूज़ीलैंड के ख़िलाफ़ भारतीय टीम को लगे शुरुआती झटके- रोहित, कोहली और सरफ़राज़ हुए आउट
इमेज स्रोत, Getty Images
इमेज कैप्शन, भारतीय खिलाड़ियों के विकेट लेने के बाद खुशी मनाती न्यूज़ीलैंड की टीम
भारत बनाम न्यूज़ीलैंड के बीच बेंगलुरु के
चिन्नास्वामी स्टेडियम में खेले जा रहे पहले टेस्ट मैच को बारिश की वजह से रोकना
पड़ा है.
लेकिन पहले टेस्ट के दूसरे दिन भारत को शुरुआती तीन बड़े झटके लग चुके
हैं. हालांकि मैच दोबारा शुरू हो चुका है.
दरअसल बेंगलुरु टेस्ट का पहला दिन बारिश की वजह से
रद्द हो गया था. वहीं दूसरे दिन भारतीय कप्तान रोहित शर्मा ने टॉस जीता और पहले
बल्लेबाज़ी का फ़ैसला किया.
हालांकि मैच के अभी तक के हालात देखें तो रोहित शर्मा
का यह फ़ैसला फिलहाल ग़लत साबित होता दिखाई दे रहा है. भारत ने शुरुआत में ही 13
रन पर अपने तीन अहम विकेट खो दिए हैं.
भारतीय कप्तान रोहित शर्मा, विराट कोहली और सरफ़राज़ ख़ान तीनों ही आउट हो गए हैं. जहां रोहित शर्मा को दो
रन पर ही टिम साउदी ने बोल्ड कर दिया. तो वहीं विराट कोहली और सरफ़राज़ ख़ान दोनों
ही बिना खाता खोले आउट हो गए. फिलहाल क्रिज पर यशस्वी जायसवाल और ऋषभ पंत मौजूद हैं.
न्यूज़ीलैंड की टीम इन दिनों भारतीय दौरे पर. यहां पर
इस टीम को तीन टेस्ट मैचों की सिरीज़ खेलनी है. इससे पहले कीवी टीम ने श्रीलंका का
दौरा किया था.
जहां कीवी टीम को दो टेस्ट मैचों की सिरीज़ में क्लीन
स्वीम का सामना करना पड़ा था. हालांकि भारत के ख़िलाफ़ पहले टेस्ट में मेहमान टीम
की स्थिति मज़बूत नज़र आ रही है.
कनाडा के सांसद चंद्रा आर्या ने क्यों कहा 'खालिस्तान' कनाडाई समस्या
इमेज स्रोत, @AryaCanada
इमेज कैप्शन, कनाडाई सांसद चंद्रा आर्या
कनाडा में भारतीय मूल
के सांसद चंद्रा आर्या ने कहा है कि एक हिंदू सांसद के तौर पर वे भी कनाडा में रह
रहे हिंदुओं की चिंताओं को महसूस कर पा रहे हैं.
सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म 'एक्स' पर
एक वीडियो जारी करते हुए उन्होंने कहा,“मैंने हाल ही में हुई घटनाओं को लेकर कनाडा के हिंदुओं की
चिंताओं के बारे में सुना है. एक हिंदू सांसद के तौर पर मैंने भी इन चिंताओं को
महसूस किया है.”
उन्होंने कहा,''खालिस्तानी
प्रदर्शनकारियों के एक समूह ने मेरे ख़िलाफ़ भी प्रदर्शन किया था. आरसीएमपी अधिकारियों की सुरक्षा में मैं एडमोंटन में एक हिंदू कार्यक्रम में शामिल
हो सका. हम कनाडा में लंबे समय से खालिस्तानी हिंसक उग्रवाद की समस्या से अवगत
हैं.''
चंद्रा आर्या ने कहा, '' मैं
साफ़ कर दूं कि कनाडा के भीतर किसी भी देश की कोई भी कार्रवाई को हम स्वीकार नहीं
करते हैं. कनाडाई होने के नाते हम नहीं
चाहते कि कोई भी देश हमारे घरेलू मामलों में दख़ल दे. इसमें खालिस्तानी
उग्रवाद से जुड़े मामले भी शामिल हैं.''
भारतीय मूल के सांसद ने कहा,''खालिस्तान
एक कनाडाई समस्या है और इसे सही करना हमारी सरकार और क़ानून की ज़िम्मेदारी है.''
भारत और कनाडा के संबंधों में पिछले साल से ही तनातनी
देखने को मिल रही है. दोनों देशों के बीच रिश्तों में तनाव जून 2023 में कनाडा के
ही भारतीय मूल के सिख नागरिक हरदीप सिंह निज्जर की हत्या के बाद से शुरू हुआ है.
कनाडा सरकार ने हरदीप सिंह निज्जर की हत्या में भारत का
हाथ होने का आरोप लगाया था. हरदीप सिंह निज्जर खालिस्तान समर्थक थे.
वहीं इसी हफ़्ते दोनों ही देशों ने एक दूसरे के
राजनयिकों को भी निष्कासित कर दिया है. हालांकि भारत ने दावा किया था कि उसने अपने
राजनयिकों को वापस बुलाया है.
चेन्नई में बाढ़ जेसे हालात, तस्वीरों में देखें डरावने मंज़र
इमेज स्रोत, Getty Images
इमेज कैप्शन, चेन्नई में आई भीषण बाढ़
तमिलनाडु की राजधानी और भारत के चार सबसे बड़े महानगरों में से एक चेन्नई को
इन दिनों भारी बाढ़ का सामना करना पड़ रहा है.
मौसम विभाग ने चेन्नई में भारी बारिश का 'रेड अलर्ट' भी जारी कर दिया है.
हालांकि 'रेड अलर्ट' जारी करने के बाद शहर में भारी बारिश नहीं देखने को मिली है. कई सारे इलाक़ों
में हल्की बारिश ज़रूर हुई है.
इमेज स्रोत, Getty Images
इमेज कैप्शन, चेन्नई में भारी बाढ़
हालांकि पिछले दिनों हुई भारी बारिश की वजह से शहर
में बाढ़ जैसी स्थिति बनी हुई है. निचले इलाक़ों में भारी जलभराव भी हो गया है.
निचले इलाकों में रहने वाले लोगों को राहत
शिविरों में ठहराया जा रहा है और चेन्नई मेट्रोपॉलिटन कॉरपोरेशन उनके लिए खाना-पानी और दूसरे ज़रूरी सामनों के इंतज़ाम कर रहा है.
आपदा प्रबंधन विभाग के मुताबिक, चेन्नई में 70 राहत शिविरों में 2,789 लोगों को रखा गया
है.
इसके अलावा चेन्नई के अम्मा रेस्टोरेंट में बाढ़
पीड़ितों को मुफ़्त में खाना उपलब्ध कराने का एलान किया गया है.
इमेज स्रोत, Getty Images
इमेज कैप्शन, चेन्नई में आई भीषण बाढ़
साथ ही लगातार हो रही बारिश से चेन्नई एयरपोर्ट
पर यात्रियों की संख्या काफी कम है.
इसके चलते चेन्नई एयरपोर्ट पर अब तक आठ उड़ान सेवाएं रद्द
कर दी गई हैं.
चेन्नई हवाई अड्डे के अधिकारियों ने कहा है कि यात्री
को अपनी उड़ान से पहले एयरलाइनों से संपर्क ज़रूर कर लें.
इमेज स्रोत, Getty Images
इमेज कैप्शन, चेन्नई में आई भीषण बाढ़
लगातार हो रही बारिश से तमिलनाडु में स्थित झीलों
की स्थिति भी ख़तरनाक बनी हुई है.
कांचीपुरम और चेंगलपट्टू ज़िलों में लगातार
बारिश से, पीडब्ल्यूडी की देखरेख में आने वाली 909 झीलों में से 38 झीलें अपनी पूरी क्षमता तक भर चुकी हैं.
पीडब्ल्यूडी विभाग ने जानकारी दी है कि 130 झीलें 75 प्रतिशत से अधिक और 120 झीलें 50 प्रतिशत से अधिक भरी हुई
हैं.
इमेज स्रोत, Get
इमेज कैप्शन, चेन्नई में आई भीषण बाढ़
भारत मौसम विज्ञान विभाग ने कहा है कि दक्षिण-पश्चिम
बंगाल की खाड़ी पर बना दबाव पिछले छह घंटों में 12 कि.मी. की गति से पश्चिम-उत्तर-पश्चिम की ओर बढ़ गया है और उसी क्षेत्र में
बना हुआ है.
मौसम विभाग के मुताबिक़, यह चेन्नई से लगभग 360 किलोमीटर पूर्व-दक्षिणपूर्व, पुडुचेरी से 390 किलोमीटर पूर्व और आंध्र प्रदेश में नल्लूर से लगभग 450 किलोमीटर दक्षिणपूर्व में बना हुआ है.
मौसम विभाग ने कहा है कि कि दबाव के
पश्चिम-उत्तर-पश्चिम की ओर बढ़ने और 17 अक्तूबर की सुबह पुडुचेरी
और नेल्लोर के बीच उत्तरी तमिलनाडु, दक्षिण आंध्र प्रदेश के तट
को पार करने की संभावना है.
भारत बनाम न्यूज़ीलैंड: रोहित शर्मा ने जीता टॉस, पहले बैटिंग का फ़ैसला
इमेज स्रोत, Gett
इमेज कैप्शन, रोहित शर्मा
भारत बनाम न्यूज़ीलैंड
के बीच हो रहे पहले टेस्ट मैच में भारतीय कप्तान रोहित शर्मा ने टॉस जीतकर पहले
बैटिंग करने का फ़ैसला किया है.
भारत और न्यूज़ीलैंड के
बीच पहले टेस्ट का पहला दिन बारिश में धुल गया था. बुधवार को टैस्ट मैच का
पहला दिन था.
यह टेस्ट मैच बेंगलुरु
के चिन्नास्वामी स्टेडियम में खेला जा रहा है. लेकिन कल बेंगलुरु में बारिश की वजह
से टॉस नहीं हो सका था और पहले दिन के खेल को रद्द करना पड़ा था.
न्यूज़ीलैंड की टीम
भारतीय दौरे पर है. यहां उसे तीन टेस्ट मैचों की सिरीज़ खेलनी है.
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मौजूदगी में हरियाणा के सीएम पद की शपथ लेंगे नायब सिंह सैनी
इमेज स्रोत, Getty Images
इमेज कैप्शन, नायब सिंह सैनी (फ़ाइल फ़ोटो)
हरियाणा विधानसभा चुनाव में जीत के बाद अब नायब सिंह सैनी 17 अक्तूबर को राज्य
के सीएम पद की शपथ लेंगे.
इस शपथ ग्रहण समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी
शामिल होंगे.
नायब सिंह सैनी का शपथ ग्रहण समारोह गुरुवार सुबह 11 बजे से पंचकूला के दशहरा
ग्राउंड पर शुरू होगा. सैनी को कल ही यानी 16 अक्तूबर को हरियाणा के विधायक दल का
नेता चुना गया था.
इस बात का एलान खुद गृह मंत्री अमित शाह ने किया था. अमित शाह को पार्टी ने हरियाणा का पर्यवेक्षक बनाया था.
अमित शाह ने सीएम के तौर पर नायब सिंह सैनी के नाम का एलान करते हुए कहा था,"मुझे यह बताते हुए
खुशी हो रही है कि नायब सिंह सैनी को विधायक दल का नेता चुना गया है. अब 10 सालों के बाद एक बार फिर से
डबल इंजन की सरकार यहां पर काम करेगी.''
नायब सिंह सैनी इसी साल मार्च में हरियाणा के
सीएम बनाए गए थे. उनको मनोहर लाल खट्टर की जगह हरियाणा के मुख्यमंत्री पद सौंपा
गया था.
भारत बनाम न्यूज़ीलैंड: बेंगलुरु में बारिश के आसार, क्या आज शुरू हो पाएगा टेस्ट मैच
इमेज स्रोत, Getty Images
इमेज कैप्शन, चिन्नास्वामी स्टेडियम में रोहित शर्मा मैदान का जायजा लेते हुए
भारत और न्यूज़ीलैंड के बीच पहले टेस्ट का पहला ही
दिन बारिश की वजह से बाधित रहा.यहां तक कि पहले दिन टॉस भी नहीं हो सका.
अब बेंगलुरू के चिन्नास्वामी स्टेडियम में आयोजित
टेस्ट मैच के दूसरे दिन भी बारिश का ख़तरा बना हुआ है. बेंगलुरू में बुधवार के बाद
गुरुवार को भी बारिश के आसार बने हुए हैं.
मौसम की जानकारी देने वाली वेबसाइट एक्यू वेदर के
मुताबिक़, गुरुवार की सुबह नौ बजे 14 फ़ीसदी
तो वहीं सुबह 10 बजे बारिश होने के 44 फ़ीसदी आसार हैं.
न्यूज़ीलैंड की टीम भारतीय दौरे पर है. यहां उसे तीन
टेस्ट मैचों सिरीज़ खेलनी है. इसी सिरीज़ का पहला टेस्ट मैच बेंगलुरू में है.
सिरीज़ का दूसरा टेस्ट 24 अक्तूबर से पुणे और तीसरा
टेस्ट मैच एक नवंबर से मुंबई में खेला जाएगा.
न्यूज़ीलैंड से पहले बांग्लादेश की टीम ने भी भारत का
दौरा किया था. भारत और बांग्लादेश के बीच दो टेस्ट मैचों की सिरीज़ हुई थी. जिसमें
भारत ने 2-0 से जीत हासिल की थी.
वहीं न्यूज़ीलैंड की टीम ने भारतीय दौरे से पहले
श्रीलंका का दौरा किया था. लेकिन उसका श्रीलंकाई दौरा बेहद ही ख़राब रहा था.
अपने
इस दौरे में न्यूज़ीलैंड टीम ने दो टेस्ट मैचों की सिरीज़ खेली थी, जिसमें उसे हार का सामना
करना पड़ा था.
जहां पहले टेस्ट मैच में न्यूज़ीलैंड की टीम को 63 रन तो वहीं दूसरे टैस्ट मैच
में इस टीम को पारी और 154 रनों की बुरी हार का सामना करना पड़ा था.
कनाडा के प्रधानमंत्री जस्टिन ट्रूडो के बयान पर भारतीय विदेश मंत्रालय ने क्या जवाब दिया?
इमेज स्रोत, www.mea.gov.in
इमेज कैप्शन, विदेश मंत्रीलय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल
कनाडा के प्रधानमंत्री जस्टिन ट्रूडो के भारत को लेकर दिए गए बयान पर अब
विदेश मंत्रालय के आधिकारिक प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने मीडिया के सवालों का जवाब दिया
है.
रणधीर जायसवाल ने कहा, "आज हमने जो सुना है वह इस बात की पुष्टि करता है जो हम लगातार कहते आ रहे हैं-
कनाडा ने भारत और भारतीय राजनयिकों के ख़िलाफ़ लगाए गए गंभीर आरोपों के समर्थन में
कोई भी सबूत पेश नहीं किया है. इस लापरवाह व्यवहार ने भारत-कनाडा संबंधों को जो
नुकसान पहुंचाया है, उसकी जिम्मेदारी अकेले
प्रधानमंत्री ट्रूडो की है.
समाचार एजेंसी पीटीआई के मुताबिक़ कनाडा के प्रधानमंत्री जस्टिन ट्रूडो ने बुधवार को यह स्वीकार
किया कि जब उन्होंने पिछले साल हरदीप सिंह निज्जर की हत्या में भारतीय सरकारी
एजेंटों की संलिप्तता का आरोप लगाया था, तब उनके पास केवल ख़ुफ़िया जानकारी थी और कोई ठोस सुबूत नहीं था.
पिछले कुछ वक़्त के दौरान भारत और कनाडा के बीच संबंध लगातार ख़राब होते जा
रहे हैं. इसी हफ़्ते सोमवार को भारत ने कहा था कि उसने कनाडा से भारतीय उच्चायुक्त संजय वर्मा समेत कई और राजनयिकों को वापस बुला
लिया है. इसके साथ ही भारत ने कनाडा के छह राजनयिकों को देश से निष्कासित कर दिया
था.
लेकिन कनाडा के प्रधानमंत्री जस्टिन ट्रूडो ने
राजधानी ओटावा में प्रेस कॉन्फ़्रेंस करके दावा किया था कि उनकी सरकार ने छह
भारतीय राजनयिकों को देश से निष्कासित किया है.
इसके साथ ही प्रधानमंत्री ट्रूडो ने हरदीप सिंह
निज्जर की हत्या मामले में भारत सरकार के सहयोग न करने को दोषी ठहराया था. साथ ही
ट्रूडो ने कड़े लहजे में भारत से कहा है कि वो जांच में शामिल होकर भ्रामक
बयानबाज़ियों पर रोक लगाए.
इसके अलावा कनाडा की रॉयल माउंट पुलिस ने भी
बीते सोमवार को एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में यह दावा किया कि भारतीय एजेंट संगठित
अपराध समूह बिश्नोई ग्रुप की मदद से कनाडा में दक्षिण एशियाई मूल के लोगों, ख़ासकर खालिस्तान समर्थकों
को निशाना बना रहे हैं.
पॉप बैंड वन डायरेक्शन से जुड़े रहे मशहूर सिंगर लियाम पेन की मौत, होटल की तीसरी मंज़िल से गिरे थे
इमेज स्रोत, Getty Images
इमेज कैप्शन, लियाम पेन (फ़ाइल फ़ोटो)
पॉप बैंड वन डायरेक्शन से जुड़े रहे मशहूर सिंगर लियाम पेन की
अर्जेंटीना की राजधानी ब्यूनस आयर्स में मौत हो गई.
लियाम पेन 31 साल के थे. उनकी मौत होटल की तीसरी
मंज़िल से गिरने से हुई है.
पुलिस ने एक बयान में कहा कि इमरजेंसी सर्विस को पालेर्मो
के पॉश इलाके से एक कॉल किया गया था, जब हम वहां पहुंचे तो हमें लियाम पेन का शव मिला.
लियाम पेन साल 2010 में एक्स फैक्टर टीवी शो में बनाए गए मशहूर बॉयबैंड का भी
हिस्सा रहे थे. इस ग्रुप में हैरी स्टाइल्स, लुइस टॉमलिंसन, नियाल होरान और ज़ैन
मलिक जैसे कलाकार भी जुड़े थे.
इस महीने की शुरुआत में,
पेन
ने अपने पूर्व वन डायरेक्शन बैंड मेट नियाल होरान के अर्जेंटीना कॉन्सर्ट में भी
हिस्सा लिया था.
ब्यूनस आयर्स की पुलिस के मुताबिक़, घटनास्थल पर
पुलिस अधिकारियों की शुरुआती जांच में कहा गया कि लियाम पेन संभवतः नशीली दवाओं और
शराब के नशे में थे.
आपातकालीन चिकित्सा सेवा निदेशक अल्बर्टो क्रिसेंटी ने स्थानीय मीडिया को
बताया कि पेन को "गंभीर चोटें" आई थी और उनके शव का परीक्षण किया जाएगा.
लियाम पेन के मौत की ख़बर फ़ैलते ही उनके कई सारे फ़ैस होटल के बाहर जमा भी
होने लगे. जिसकी वजह से पुलिस को घटनास्थल की घेराबंदी भी करनी पड़ी.
नमस्कार
बीबीसी हिंदी के लाइव पन्ने पर आपका स्वागत है. मैं अभिषेक पोद्दार आप तक आज की ताज़ा ख़बरें पहुंचाऊंगा. बीबीसी हिंदी की वेबसाइट पर मौजूद ख़बरों को यहां पढ़ सकते हैं.
कल के लाइव पन्ने की ख़बरों को पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें.
हमारी वेबसाइट की कुछ अहम ख़बरों को पढ़ने के लिए नीचे दिए लिंक्स पर क्लिक कर सकते हैं.
पाकिस्तान में जयशंकर के भाषण से वहाँ के एक्सपर्ट क्यों जता रहे हैं संतोष- पूरी ख़बर पढ़ने के लिए लिंक पर क्लिक करें.
छत्तीसगढ़: हेड कॉन्स्टेबल की पत्नी और बेटी की हत्या के बाद भीड़ ने अभियुक्त का घर फूंका, क्या है पूरा मामला?- पूरी ख़बर पढ़ने के लिए लिंक पर क्लिक करें.
इसराइली हमलों के बीच प्रवासी कामगारों को बेसहारा छोड़ भागे कई लेबनानी- पूरी ख़बर के लिए इस लिंक पर क्लिक करें.
भारत को लेकर जस्टिन ट्रूडो के इस रुख़ से क्या उन्हें कनाडा में फ़ायदा मिलेगा?- पूरी ख़बर के लिए लिंक पर क्लिक करें.