ऑस्ट्रेलिया के बोंडी बीच पर हुए हमले की किंग चार्ल्स ने की निंदा
इमेज स्रोत, Getty Images
इमेज कैप्शन, किंग चार्ल्स तृतीय ने घटना से प्रभावित लोगों के प्रति संवेदना जाहिर की है (फ़ाइल फ़ोटो)
यूके के किंग चार्ल्स तृतीय ने ऑस्ट्रेलिया के बोंडी बीच पर "यहूदी विरोधी आतंकवादी हमले" के बाद ऑस्ट्रेलियाई लोगों के लिए एक संदेश जारी किया है.
किंग चार्ल्स ने इस संदेश में कहा, "मेरी पत्नी (क्वीन कैमिला) और मैं बोंडी बीच पर हानुका समारोह में हिस्सा ले रहे यहूदी लोगों पर हुए आतंकवादी हमले से स्तब्ध हैं और दुखी हैं."
उन्होंने कहा, "हमारी संवेदनाएं उन सभी लोगों के साथ हैं जो इस भयावह घटना से प्रभावित हुए हैं, जिनमें वे पुलिस अधिकारी भी शामिल हैं जो अपने लोगों की रक्षा करते हुए घायल हुए हैं."
"दुख के समय में, ऑस्ट्रेलियाई हमेशा एकजुट होकर दृढ़ संकल्प के साथ खड़े होते हैं. मुझे पता है कि ऑस्ट्रेलिया की सामुदायिक भावना और प्रेम और हनुका त्योहार की रोशनी, हमेशा ऐसी बुराई के अंधकार पर जीत हासिल करेगी."
संयुक्त राष्ट्र के महासचिव एंटोनियो गुटेरेस ने भी इस घटना की निंदा की है.
उन्होंने एक्स पर पोस्ट किया, "मैं सिडनी में हनुका मनाने के लिए जुटे यहूदी परिवारों पर आज हुए इस भयानक जानलेवा हमले से बहुत डरा हुआ हूं और इसकी निंदा करता हूं."
ऑस्ट्रेलिया की पुलिस ने बोंडी बीच की घटना को आधिकारिक तौर पर "आतंकवादी घटना" घोषित किया है.
पुलिस ने इस घटना में कम से कम 12 लोगों की मौत की पुष्टि की है, मृतकों में एक संदिग्ध हमलावर बताया जा रहा है. पुलिस ने 29 लोगों के घायल होने की जानकारी भी दी है, जिन्हें अलग-अलग अस्पतालों में भर्ती कराया गया है.
न्यू साउथ वेल्स राज्य के प्रीमियर क्रिस मिन्स ने कहा, "सिडनी के यहूदी समुदाय को निशाना बनाकर यह हमला किया गया था."
अमेरिका की ब्राउन यूनिवर्सिटी में गोलीबारी के मामले में एक संदिग्ध को हिरासत में लिया गया
इमेज स्रोत, Kyle Mazza/Anadolu via Getty Images
इमेज कैप्शन, ब्राउन यूनिवर्सिटी अमेरिका के रोड आइलैंड राज्य की राजधानी प्रोविडेंस में स्थित है
अमेरिका की ब्राउन यूनिवर्सिटी में शनिवार को हुई गोलीबारी के मामले में एक संदिग्ध व्यक्ति को हिरासत में लिया गया है. ये जानकारी पुलिस ने दी है.
ब्राउन यूनिवर्सिटी अमेरिका के रोड आइलैंड राज्य की राजधानी प्रोविडेंस में स्थित है. शनिवार को ब्राउन यूनिवर्सिटी में लगभग 60 स्टूडेंट्स पर एक बंदूकधारी ने गोलीबारी की थी.
अधिकारियों के मुताबिक़, बंदूकधारी ने यूनिवर्सिटी कैंपस के हॉली इंजीनियरिंग बिल्डिंग में एक क्लासरूम में गोलीबारी की.
इसमें दो लोगों की मौत हुई और कम से कम नौ घायल हो गए. पुलिस ने रविवार को पुष्टि की कि इस मामले में एक व्यक्ति को हिरासत में लिया गया है.
ब्रेकिंग न्यूज़, धर्मशाला टी20 मैच: दक्षिण अफ़्रीका ने भारत को दिया 118 रन का लक्ष्य
इमेज स्रोत, Arun SANKAR / AFP via Getty Images
इमेज कैप्शन, टीम इंडिया ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाज़ी करने का फ़ैसला किया था
हिमाचल प्रदेश के धर्मशाला में खेले जा रहे तीसरे टी20 इंटरनेशनल मैच में दक्षिण अफ़्रीका ने भारत को 118 रन का लक्ष्य दिया है.
भारत और दक्षिण अफ़्रीका के बीच पांच मैचों की टी20 इंटरनेशनल सिरीज़ के तीसरे मैच मेंटीम इंडिया ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाज़ी करने का फ़ैसला किया था.
पहले बल्लेबाज़ी करने उतरी दक्षिण अफ़्रीका की शुरुआत ख़राब रही.
पहले ही ओवर में दक्षिण अफ़ीका का पहला विकेट गिरा, जब रीज़ा हेंड्रिक्स बिना खाता खोले अर्शदीप की गेंद पर एलबीडब्ल्यू आउट हो गए.
इसके बाद दूसरे ओवर में क्विंटन डिकॉक हर्षित की गेंद पर एलबीडब्ल्यू आउट हो गए. वह सिर्फ़ एक रन बना सके. चौथे ओवर में डेवाल्ड ब्रेविस दो रन पर हर्षित की गेंद पर बोल्ड हो गए.
दक्षिण अफ़्रीका की टीम से सबसे अधिक 61 रन कप्तान एडन मारक्रम ने बनाए. टीम 117 रन पर ऑल आउट हो गई.
भारतीय टीम में अर्शदीप सिंह, हर्षित राणा, वरुण चक्रवर्ती और कुलदीप यादव ने दो-दो विकेट लिए.
भारत और दक्षिण अफ़्रीका के बीच पांच मैचों की टी20 इंटरनेशनल सिरीज़ का पहला मुक़ाबलाओडिशा के कटक में खेला गया था.
कटक टी20 में भारत ने दक्षिण अफ़्रीका को 101 रन से हराया था. वहीं न्यू चंडीगढ़ में खेले गए दूसरे टी-20 अंतरराष्ट्रीय मुक़ाबले में दक्षिण अफ़्रीका ने भारत को 51 रन से हराया था.
राम लीला मैदान से राहुल गांधी ने बीजेपी और चुनाव आयोग पर साधा निशाना, क्या बोली बीजेपी?
इमेज स्रोत, ANI
इमेज कैप्शन, लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने राम लीला मैदान में लोगों को संबोधित किया
दिल्ली के राम लीला मैदान में रविवार को हुई कांग्रेस की रैली के दौरान लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने एक बार फ़िर बीजेपी पर 'वोट चोरी' का आरोप लगाया.
राहुल गांधी ने कहा, "उनके (बीजेपी के) पास सत्ता है, वे वोट चोरी करते हैं...चुनाव के समय वे 10 हज़ार रुपये देते हैं."
राहुल गांधी ने मुख्य चुनाव आयुक्त और चुनाव आयुक्तों का नाम लेकर आरोप लगाया, "चुनाव आयोग बीजेपी सरकार के साथ मिलकर काम कर रहा है."
उन्होंने कहा, "प्रधानमंत्री मोदी ने चुनाव आयुक्त के लिए क़ानून बदला, नया क़ानून लेकर आए और कहा कि चुनाव आयुक्त कुछ भी करे, उन पर एक्शन नहीं लिया जा सकता, उन पर कार्रवाई नहीं हो सकती...हम इस क़ानून को बदलेंगे."
वहीं बीजेपी सांसद संबित पात्रा ने कहा, "आज रामलीला मैदान में राहुल गांधी, प्रियंका वाड्रा और कांग्रेस पार्टी ने रैली करके चुनाव आयुक्त, चुनाव आयोग के ख़िलाफ़ जहर उगला है... यह पहली बार नहीं है...मगर उनके भाषा का स्तर देखिए, नाम लेकर उन्हें (चुनाव आयुक्तों को) धमकाना कहीं न कहीं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत की चुनाव प्रणाली को अपमानित करने की कोशिश करना है."
भारत-दक्षिण अफ़्रीका तीसरा टी20 मैच: टीम इंडिया ने टॉस जीता, पहले गेंदबाज़ी का फ़ैसला
इमेज स्रोत, Sajjad HUSSAIN / AFP via Getty Images
इमेज कैप्शन, पांच मैचों की सिरीज़ में फ़िलहाल दोनों टीमें 1-1 की बराबरी पर हैं
भारत और दक्षिण अफ़्रीका के बीच पांच मैचों की टी20 इंटरनेशनल सिरीज़ का तीसरा मैच रविवार को हिमाचल प्रदेश के धर्मशाला में खेला जा रहा है.
टीम इंडिया ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाज़ी करने का फ़ैसला लिया है.
इस सिरीज़ का पहला मुक़ाबला ओडिशा के कटक में खेला गया था. कटक टी20 में भारत ने दक्षिण अफ़्रीका को 101 रन से हराया था.
वहीं न्यू चंडीगढ़ में खेले गए दूसरे टी-20 अंतरराष्ट्रीय मुक़ाबले में दक्षिण अफ़्रीका ने भारत को 51 रन से हराया.
इस तरह पाँच मैचों की सिरीज़ में दक्षिण अफ़्रीका ने 1–1 से बराबर कर ली.
अंडर-19 एशिया कप: भारत ने पाकिस्तान को 90 रन से हराया, कनिष्क चौहान बने प्लेयर ऑफ़ द मैच
इमेज स्रोत, Getty Images
इमेज कैप्शन, (सांकेतिक तस्वीर)
दुबई में खेले जा रहे अंडर-19 एशिया कप 2025 के पांचवें मुक़ाबले में भारत ने पाकिस्तान को 90 रन से शिकस्त दी है.
पाकिस्तान ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाज़ी का फ़ैसला किया था.
बारिश के कारण टॉस देरी से हुआ और इसी वजह से मैच को दोनों टीमों के लिए 49-49 ओवरों तक सीमित कर दिया गया था.
पहले बल्लेबाज़ी करने उतरी टीम इंडिया 46.1 ओवर में 240 रन पर ऑल आउट हो गई. सबसे अधिक 85 रन ऐरन जॉर्ज ने बनाए.
241 रन का पीछा करने उतरी पाकिस्तानी टीम 150 रन ही बना सकी. सबसे अधिक 70 रन हुज़ैफ़ा एहसान ने बनाए. पाकिस्तानी टीम 41.2 ओवर में ऑल आउट हो गई.
भारतीय टीम के कनिष्क चौहान को प्लेयर ऑफ़ द मैच घोषित किया गया, जिन्होंने 46 रन बनाए और 33 रन देकर तीन विकेट लिए.
बीजेपी का राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष बनने पर नितिन नबीन को पीएम मोदी ने दी बधाई
इमेज स्रोत, Getty Images
इमेज कैप्शन, पीएम मोदी ने कहा कि नितिन नबीन एक युवा और परिश्रमी नेता हैं, जिनके पास संगठन का अच्छा-खासा अनुभव है
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बिहार सरकार में मंत्री नितिन नबीन को बीजेपी का राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष बनाए जाने पर बधाई दी है.
पीएम मोदी ने एक्स पर पोस्ट किया, "श्री नितिन नबीन जी ने एक कर्मठ कार्यकर्ता के रूप में अपनी विशिष्ट पहचान बनाई है. वे एक युवा और परिश्रमी नेता हैं, जिनके पास संगठन का अच्छा-खासा अनुभव है. बिहार में विधायक और मंत्री के रूप में उनका कार्य बहुत प्रभावी रहा है, साथ ही जनआकांक्षाओं को पूरा करने के लिए उन्होंने पूरे समर्पण भाव से काम किया है."
"वे अपने विनम्र स्वभाव के साथ जमीन पर काम करने के लिए जाने जाते हैं. मुझे पूरा विश्वास है कि उनकी ऊर्जा और प्रतिबद्धता आने वाले समय में हमारी पार्टी को और अधिक सशक्त बनाएगी. भाजपा का कार्यकारी अध्यक्ष बनने पर उन्हें हार्दिक बधाई."
नितिन नबीन बिहार सरकार में सड़क निर्माण मंत्री और बीजेपी छत्तीसगढ़ के पार्टी प्रभारी हैं.
बीजेपी के राष्ट्रीय महासचिव अरुण सिंह की ओर से जारी पत्र में बताया गया है, "बीजेपी के संसदीय बोर्ड ने बिहार सरकार में मंत्री नितिन नबीन को पार्टी का राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष नियुक्त किया है."
ऑस्ट्रेलिया के बोंडी बीच पर हुई घटना की पीएम मोदी और विदेश मंत्री ने निंदा की
इमेज स्रोत, DAVID GRAY / AFP via Getty Images
इमेज कैप्शन, ऑस्ट्रेलिया की पुलिस ने इस घटना में कम से कम 12 लोगों की मौत की पुष्टि की है
भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और विदेश मंत्री डॉ. एस. जयशंकर ने ऑस्ट्रेलिया के बोंडी बीच पर हुए हमले की निंदा की है.
पीएम मोदी ने एक्स पर पोस्ट किया, "आज ऑस्ट्रेलिया के बोंडी बीच पर यहूदी त्योहार हनुका के पहले दिन जश्न मना रहे लोगों को निशाना बनाकर किए गए भयानक आतंकवादी हमले की हम कड़ी निंदा करते हैं. भारत के लोगों की ओर से, मैं उन परिवारों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करता हूं जिन्होंने अपने प्रियजनों को खो दिया है."
"दुख की इस घड़ी में हम ऑस्ट्रेलिया के लोगों के साथ हैं. भारत आतंकवाद के प्रति ज़ीरो टॉलरेंस रखता है और आतंकवाद के सभी रूपों और अभिव्यक्तियों के ख़िलाफ़ लड़ाई का समर्थन करता है."
डॉ. एस. जयशंकर ने एक्स पर पोस्ट किया, "ऑस्ट्रेलिया के बोंडी बीच पर हनुका समारोह पर हुए आतंकी हमले की हम कड़े शब्दों में निंदा करते हैं. हमारी संवेदनाएं पीड़ितों और उनके परिवारों के साथ हैं."
ऑस्ट्रेलिया की पुलिस ने आधिकारिक तौर पर इसे "आतंकवादी घटना" घोषित किया और बताया कि घटनास्थल पर एक हज़ार से अधिक लोग मौजूद थे.
पुलिस ने इस घटना में कम से कम 12 लोगों की मौत की पुष्टि की है. वहीं 29 लोगों के घायल होने की जानकारी दी है, जिन्हें अलग-अलग अस्पतालों में भर्ती कराया गया है.
न्यू साउथ वेल्स राज्य के प्रीमियर क्रिस मिन्स ने कहा, "यह हमला सिडनी के यहूदी समुदाय को निशाना बनाकर किया गया था."
बिहार सरकार में मंत्री नितिन नबीन बने बीजेपी के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष
इमेज स्रोत, X/@NitinNabin
इमेज कैप्शन, बीजेपी के राष्ट्रीय महासचिव अरुण सिंह ने नितिन नबीन (फ़ाइल फ़ोटो) की नियुक्ति की जानकारी दी है
बिहार सरकार में मंत्री नितिन नबीन को बीजेपी का राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष नियुक्त किया गया है.
बीजेपी के राष्ट्रीय महासचिव अरुण सिंह की ओर से जारी पत्र में बताया गया है, "बीजेपी के संसदीय बोर्ड ने बिहार सरकार में मंत्री नितिन नबीन को पार्टी का राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष नियुक्त किया है."
इसमें बताया गया है कि नितिन नबीन की नियुक्ति तत्काल प्रभाव से लागू होगी.
नितिन नबीन बिहार सरकार में सड़क निर्माण मंत्री और बीजेपी छत्तीसगढ़ के पार्टी प्रभारी हैं.
नितिन नबीन को बीजेपी का राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष बनाए जाने पर, बिहार बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष और बिहार सरकार में मंत्री दिलीप जायसवाल ने कहा, "आज बिहार और बीजेपी के लिए बहुत ऐतिहासिक दिन है कि बिहार के एक नेता को बीजेपी का राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष बनाया गया है."
"मैं नितिन नबीन को बधाई देता हूं और केंद्रीय नेतृत्व को भी बधाई देता हूं कि आज बिहार से कितना बड़ा सौभाग्य बीजेपी को मिला है."
इसराइली राष्ट्रपति ने ऑस्ट्रेलिया के बोंडी बीच पर गोलीबारी को 'यहूदियों पर आतंकवादियों का हमला' बताया
इमेज स्रोत, Getty Images
इमेज कैप्शन, इसराइल के राष्ट्रपति इसहाक हर्ज़ोग ने बोंडी बीच पर हुई घटना पर दुख जताया है (फ़ाइल फ़ोटो)
इसराइल के राष्ट्रपति इसहाक हर्ज़ोग ने ऑस्ट्रेलिया के बोंडी बीच पर हुई घटना पर प्रतिक्रिया दी है. उन्होंने इसे 'यहूदियों पर आतंकवादियों का हमला' बताया है.
दरअसल, बोंडी बीच पर जब गोलीबारी की घटना हुई, उस दौरान वहां यहूदी पर्व हनुका के पहले दिन एक आयोजन हो रहा था.
ऑस्ट्रेलिया की न्यू साउथ वेल्स पुलिस ने कहा है कि अभी यह पता नहीं चल पाया है कि बीच पर आयोजित किए जा रहे 'हनुका' त्योहार से इस घटना का कोई संबंध है या नहीं.
इसराइली राष्ट्रपति हर्ज़ोग ने एक्स पर पोस्ट किया, "सिडनी में हमारे यहूदी बहनों और भाइयों के प्रति हमारी गहरी संवेदनाएं हैं, जिन पर आतंकवादियों ने हमला किया, जब वे हनुका की पहली मोमबत्ती जलाने जा गए थे."
"इस भयानक समय में हमारी संवेदनाएं और प्रार्थनाएं सिडनी के यहूदी समुदाय और पूरे ऑस्ट्रेलियाई यहूदी समुदाय के साथ हैं."
बोंडी बीच पर हुई घटना में ऑस्ट्रेलिया की पुलिस ने कम से कम 12 लोगों की मौत की पुष्टि की है. वहीं 29 लोगों के घायल होने की जानकारी दी है, जिन्हें अलग-अलग अस्पतालों में भर्ती कराया गया है.
ऑस्ट्रेलिया के बोंडी बीच पर हुई गोलीबारी को लेकर पुलिस ने क्या बताया?
इमेज स्रोत, George Chan/Getty Images
इमेज कैप्शन, पुलिस ने लोगों से घटनास्थल से दूर रहने की अपील की है
ऑस्ट्रेलिया के बोंडी बीच पर हुई गोलीबारी की घटना में पुलिस ने 10 लोगों के मारे जाने की पुष्टि की है.
इमेज स्रोत, George Chan/Getty Images
इमेज कैप्शन, घटनास्थल पर पुलिस की गाड़ियां
ऑस्ट्रेलिया की न्यू साउथ वेल्स पुलिस ने एक्स पर पोस्ट किया, "आज बोंडी बीच पर दो लोगों की ओर से एक सार्वजनिक जगह पर हुई गोलीबारी के बाद वहां पुलिस ऑपरेशन जारी है."
इमेज स्रोत, Darrian Traynor/Getty Images
इमेज कैप्शन, घटनास्थल पर तैनात पुलिस बल
पोस्ट में बताया गया, "दस लोगों की मौत की पुष्टि हुई है, जिसमें एक आदमी के बारे में माना जा रहा है कि वह हमलावरों में से एक था. दूसरे संदिग्ध हमलावर की हालत गंभीर है."
इमेज स्रोत, Saeed KHAN / AFP via Getty Images
इमेज कैप्शन, गोलीबारी की घटना के बाद हेल्थ वर्कर एक आदमी को स्ट्रेचर पर एम्बुलेंस में ले जाते हुए
पुलिस ने घायलों के बारे में जानकारी देते हुए लिखा, "इस समय, 11 और लोगों के घायल होने की ख़बर है, जिनमें से दो पुलिस अधिकारी हैं."
अंडर-19 एशिया कप: भारत ने पाकिस्तान को दिया 241 रन का लक्ष्य
इमेज स्रोत, Getty Images
इमेज कैप्शन, बारिश की वजह से मैच 49 ओवरों का किया गया है
दुबई में खेले जा रहेअंडर-19 एशिया कप 2025 के पांचवें मुक़ाबले में भारत ने पाकिस्तान को 240 रन का लक्ष्य दिया है.
पाकिस्तान ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाज़ी का फ़ैसला किया था.
बारिश के कारण टॉस देरी से हुआ और इसी वजह से मैच को दोनों टीमों के लिए 49-49 ओवरों तक सीमित कर दिया गया.
पहले बल्लेबाज़ी करने उतरी टीम इंडिया 46.1 ओवर में ऑल आउट हो गई. सबसे अधिक 85 रन ऐरन जॉर्ज ने बनाए. वहीं कनिष्क चौहान ने 46 रन बनाए.
ब्रेकिंग न्यूज़, ऑस्ट्रेलिया के बोंडी बीच पर गोलीबारी, कई लोगों की मौत की आशंका
इमेज कैप्शन, पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वो बोंडी बीच की तरफ़ न जाएं
ऑस्ट्रेलिया के बोंडी बीच (समुद्र तट) पर गोलीबारी होने की ख़बर है. ऑस्ट्रेलिया की न्यू साउथ वेल्स पुलिस ने पुष्टि की है कि बोंडी बीच पर हुई गोलीबारी में कई लोगों की मौत हुई है.
हालांकि, उन्होंने मृतकों की संख्या के बारे में कोई जानकारी नहीं दी है.
पुलिस ने बताया कि दो लोगों को हिरासत में लिया गया है. ख़बरों के मुताबिक़ घटना में दो पुलिस अधिकारी घायल हुए हैं.
पुलिस ने लोगों से इस क्षेत्र से दूर रहने की अपील की है.
पुलिस ने एक्स पर पोस्ट किया, "बोंडी बीच पर दो लोगों को पुलिस हिरासत में लिया गया है. हालांकि, पुलिस ऑपरेशन अभी भी जारी है और हम लोगों से अपील करते हैं कि वे उस इलाके़ में न जाएं. कृपया पुलिस के सभी निर्देशों का पालन करें. पुलिस लाइन पार न करें."
ऑस्ट्रेलियन ब्रॉडकास्टिंग कॉर्पोरेशन (एबीसी) की रिपोर्ट है कि यहां पुलिस एक्टिव शूटर की ख़बरों पर कार्रवाई कर रही है.
7न्यूज़ की रिपोर्ट के अनुसार, स्थानीय लोगों ने गोलियों की आवाज़ सुनने और सैकड़ों लोगों को बीच से भागते हुए देखने की बात कही है.
असम: सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफ़ी में गेम फ़िक्स करने के आरोप में चार क्रिकेटर सस्पेंड, दिलीप कुमार शर्मा, गुवाहाटी से बीबीसी हिन्दी के लिए
इमेज स्रोत, Getty Images
इमेज कैप्शन, एसोसिएशन के अगले फ़ैसले तक ये निलंबन जारी रहेगा (सांकेतिक तस्वीर)
असम क्रिकेट एसोसिएशन (एसीए) ने इस साल सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफ़ी के दौरान सामने आए भ्रष्टाचार के आरोपों के बाद शुक्रवार को चार क्रिकेटरों को निलंबित कर दिया है.
एसीए ने बीते 12 दिसंबर को इन चारों खिलाड़ियों के ख़िलाफ़ गुवाहाटी के क्राइम ब्रांच में एफ़आईआर भी दर्ज कराई है.
एसीए के सचिव सनातन दास ने एक बयान जारी कर कहा, "इन चारों खिलाड़ियों ने अलग-अलग स्तरों पर असम का प्रतिनिधित्व किया है. उन पर आरोप है कि उन्होंने 26 नवंबर से 8 दिसंबर तक लखनऊ में हुई सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफ़ी 2025 के दौरान असम टीम के कुछ खिलाड़ियों को प्रभावित करने और भड़काने की कोशिश की थी."
एसीए ने जिन चार खिलाड़ियों को निलंबित किया है, उनके नाम अमित सिन्हा, ईशान अहमद, अमन त्रिपाठी और अभिषेक ठाकुरी हैं.
एसीए सचिव ने बताया, "इन आरोपों के सामने आने के बाद बीसीसीआई की एंटी-करप्शन एंड सिक्योरिटी यूनिट ने मामले की जांच की. एसीए ने भी आपराधिक कार्रवाई शुरू की है."
उन्होंने कहा, "पहली नज़र में ऐसा लगता है कि ये चारों खिलाड़ी ग़लत गतिविधियों में शामिल हैं, जिससे खेल की ईमानदारी पर असर पड़ रहा है."
एसीए के लिखित बयान के अनुसार, इन खिलाड़ियों का निलंबन इसलिए किया गया है ताकि हालात के और बिगड़ने की गुंजाइश को कम किया जा सके.
निलंबन के दौरान ये खिलाड़ी एसीए, ज़िला स्तर और उससे जुड़े क्लबों के तहत होने वाले किसी भी राज्य-स्तरीय टूर्नामेंट या मैच में हिस्सा नहीं ले सकेंगे.
इसके अलावा क्रिकेट से जुड़ी किसी भी गतिविधि में हिस्सा लेने, जिसमें मैच रेफ़री, कोच, अंपायर वगैरह के तौर पर काम करना भी शामिल है, पर रोक रहेगी. एसोसिएशन के अनुसार यह निलंबन जांच के नतीजों और एसोसिएशन के अगले फ़ैसले तक जारी रहेगा.
अब तक बीबीसी संवाददाता इफ़्तेख़ार अली आप तक ख़बरें पहुंचा रहे थे.
अब से रात 10 बजे तक बीबीसी संवाददाता सुरभि गुप्ता आप तक अहम ख़बरें पहुंचाएंगी.
बीबीसी न्यूज़ हिन्दी के पन्ने पर लगी कुछ अहम ख़बरें पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक्स पर क्लिक करें.
असम में भारतीय वायु सेना के रिटायर्ड अधिकारी गिरफ़्तार, पाकिस्तानी एजेंटों के साथ संबंधों के आरोप, दिलीप कुमार शर्मा, गुवाहाटी से बीबीसी हिन्दी के लिए
इमेज स्रोत, Avik
इमेज कैप्शन, अभियुक्त कुलेंद्र शर्मा (चश्मे में)
असम के तेजपुर में भारतीय वायु सेना के एक रिटायर्ड अधिकारी को गिरफ़्तार किया गया है. इस पूर्व अधिकारी पर कथित तौर पर पाकिस्तानी इंटेलिजेंस ऑपरेटिव्स के साथ संपर्क में होने और उनके साथ डिफ़ेंस से जुड़े दस्तावेज शेयर करने के आरोप हैं.
पुलिस ने गिरफ़्तार इस व्यक्ति की शिनाख्त कुलेंद्र शर्मा के तौर पर की है. शोणितपुर ज़िले के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बरुण पुरकायस्थ ने इस गिरफ़्तारी की पुष्टि की है.
उन्होंने बीबीसी न्यूज़ हिन्दी से कहा, "कुलेंद्र शर्मा नामक एक व्यक्ति को शुक्रवार को गिरफ़्तार किया गया है. पुलिस को इंटेलिजेंस इनपुट मिले थे कि यह व्यक्ति पाकिस्तानी गुर्गों के संपर्क में हैं."
"भारतीय वायु सेना से साल 2002 में रिटायर हुए यह व्यक्ति लगभग दो हफ़्ते से हमारी निगरानी में थे. इस संदर्भ में उनके पास से और सोशल मीडिया अकाउंट से कई दस्तावेज ज़ब्त किए गए है."
पुलिस अधिकारी ने बताया, "फिलहाल कुलेंद्र शर्मा को पांच दिनों की पुलिस रिमांड पर लिया गया है. उन्हें भारत की संप्रभुता, एकता और अखंडता को ख़तरे में डालने वाले कामों, भारत सरकार के ख़िलाफ़ युद्ध छेड़ने, आपराधिक साज़िश और सबूत मिटाने के आरोपों में गिरफ़्तार किया गया है."
पुलिस की एक जानकारी के अनुसार, भारतीय वायु सेना से 2002 में ऑफ़िसर के पद से रिटायर होने के बाद अभियुक्त तीन साल पहले तेजपुर यूनिवर्सिटी में इलेक्ट्रॉनिक्स और कम्युनिकेशन इंजीनियरिंग डिपार्टमेंट में टेक्निकल असिस्टेंट के तौर पर काम कर रहे थे.
पुलिस के एक अधिकारी का कहना है कि शुरुआती जांच में पता चला है कि अभियुक्त ने राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़ी कुछ अहम जानकारी अनजान लोगों के साथ शेयर की थी.
एसआईआर के मुद्दे पर कांग्रेस की रैली के बारे में आम आदमी पार्टी ने क्या कहा?
इमेज स्रोत, ANI
इमेज कैप्शन, आम आदमी पार्टी (आप) दिल्ली अध्यक्ष सौरभ भारद्वाज ने कांग्रेस पर तंज़ कसा है
आम आदमी पार्टी (आप) के दिल्ली अध्यक्ष सौरभ भारद्वाज ने स्पेशल इंटेंसिव रिवीज़न (एसआईआर) के ख़िलाफ़ कांग्रेस की ओर से आज दिल्ली के रामलीला मैदान में आयोजित रैली पर प्रतिक्रिया दी है.
उन्होंने कहा, "हमारी तरफ़ से उन्हें शुभकामनाएं कि वे कोई भी जन जागृति का कार्य देश के अंदर करना चाहते हैं."
"लेकिन जिस दिल्ली के अंदर कांग्रेस वोट चोरी (रैली) की शुरुआत कर रही है, इतनी बड़ी रैली कर रही है उसी दिल्ली में आज से एक साल पहले जब वोट चोरी हो रही थी तब कांग्रेस उस पर चुप थी."
सौरभ भारद्वाज ने कहा कि 'वोट चोरी' को लेकर आप के नेता लगातार सबूत भी दिखा रहे थे.
सौरभ भारद्वाज ने कहा, "आज एक साल बाद तक भी कांग्रेस उस पर चुप है. क्या राहुल गांधी दिल्ली की वोट चोरी के विषय में बात करेंगे या उससे बचेंगे? अगर बचते हैं तो उनका पूरा का पूरा नैरेटिव उनकी अपनी पार्टी के लिए है ये देश के लिए नहीं."
ओडिशा: मलकानगिरी हिंसा मामले में 6 गिरफ़्तार, इंटरनेट पर पाबंदी बढ़ी, सुब्रत कुमार पति, भुवनेश्वर से बीबीसी हिन्दी के लिए
इमेज स्रोत, Subrat Kumar Pati
इमेज कैप्शन, इस घटना के विरोध में कई जगह स्थानीय लोगों ने पारंपरिक हथियारों के साथ विरोध प्रदर्शन किया
ओडिशा के मलकानगिरी में हुई हिंसा के बाद प्रभावित इलाक़ों से कर्फ़्यू हटा लिया गया है. हालांकि, बड़ी संख्या में केंद्रीय और राज्य पुलिस बल घटनास्थल पर तैनात हैं.
प्रशासन से मिली जानकारी के अनुसार, मलकानगिरी में सोमवार दोपहर तक इंटरनेट सेवा बंद रहेगी.
मलकानगिरी के जिलापाल सोमेश कुमार उपाध्याय ने मीडिया को बताया कि एमवी-26 गांव में हुआ नुक़सान लगभग 3.35 करोड़ रुपये का है. प्रशासन लोगों से लगातार बातचीत कर रहा है और शांति बहाल करने की हर संभव कोशिश की जा रही है.
हिंसा से प्रभावित इलाक़ों में सहायता पहुंचाई जा रही है. प्रभावित लोगों को अस्थायी घर बनाने के लिए सामान और पहनने के लिए कपड़े दिए गए हैं.
इस महीने की चार तारीख़ को एक महिला का शव बरामद हुआ था. इसे लेकर एमवी-26 और राखेलगुडा गांवों के बीच तनाव पैदा हो गया.
कई जगह स्थानीय लोगों ने पारंपरिक हथियारों के साथ प्रदर्शन किया.
प्रदर्शनकारियों ने कुछ लोगों के घर तोड़ दिए और कुछ घरों को आग के हवाले कर दिया.
महिला की हत्या के अभियुक्त को पुलिस ने पकड़ लिया है और उसे जेल भेज दिया गया है. हिंसा फैलाने के आरोप में अब तक छह लोगों को गिरफ़्तार किया गया है.
नवीन पटनायक ओडिशा में नेता प्रतिपक्ष के लिए बढ़ाई गई सैलरी और भत्ते क्यों नहीं लेगें?
इमेज स्रोत, Getty Images
इमेज कैप्शन, ओडिशा विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष का पद बीजू जनता दल के नेता नवीन पटनायक के पास है
ओडिशा के पूर्व मुख्यमंत्री नवीन पटनायक ने शनिवार को एलान किया है कि वह नेता प्रतिपक्ष के लिए हाल ही में बढ़ाई गई सैलरी और भत्ते नहीं लेंगे. यह बढ़ोतरी ओडिशा विधानसभा से पारित हुई थी.
नवीन पटनायक ने कहा, "पहले हमारे परिवार ने कटक में अपनी पैतृक संपत्ति 'आनंद भवन' को दान करने का फै़सला किया था. उसी भावना को जारी रखते हुए मैं विपक्ष के नेता के लिए बढ़ी हुई सैलरी और भत्तों को छोड़ना चाहता हूं, जिसे ओडिशा विधानसभा ने हाल ही में पास किया है."
ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी को लिखे एक पत्र में नवीन पटनायक ने पिछले 25 सालों में मिले लोगों के प्यार और समर्थन के लिए आभार जताया.
नवीन पटनायक ने लिखा कि पिछले 25 वर्षों से उन्हें ओडिशा के लोगों का प्यार, स्नेह और समर्थन मिला है.
उन्होंने मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी से अपील की है कि इस राशि का इस्तेमाल राज्य के गरीबों के कल्याण के लिए किया जाए.
नवीन पटनायक ने 2024 के विधानसभा चुनावों के बाद 19 जून 2024 को 17वीं विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष का पद संभाला था.