You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.

Take me to the main website

अमेरिका के 47वें राष्ट्रपति बनने के बाद क्या-क्या बोले डोनाल्ड ट्रंप

अमेरिका के 47वें राष्ट्रपति के तौर पर डोनाल्ड ट्रंप ने अपने उद्घाटन भाषण में कहा, "आज से अमेरिका का स्वर्ण युग शुरू हो रहा है. हमारा देश अब समृद्ध और सम्मानित होगा."

सारांश

  • पश्चिम बंगाल में फिर आपस में भिड़े टीएमसी के नेता, एक की मौत
  • बांग्लादेश में कब तक हो पाएंगे चुनाव? बीएनपी नेता ने दिया ये जवाब
  • इंडिया गठबंधन और दिल्ली विधानसभा चुनाव पर क्या बोले शरद पवार
  • महाराष्ट्र में स्थानीय निकाय चुनाव अकेले लड़ने और इंडिया गठबंधन पर संजय राउत क्या बोले?

लाइव कवरेज

अश्वनी पासवान

  1. अब इस लाइव पेज को विराम देने का वक़्त आ गया है. बीबीसी संवाददाता हिमांशु दुबे को दीजिए इजाज़त.

    कल हम बीबीसी लाइव पेज के ज़रिए दिन भर की बड़ी ख़बरों को लेकर फिर हाज़िर होंगे.

    फ़िलहाल, हमारे पेज पर मौजूद कुछ बड़ी ख़बरें आप नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करके पढ़ सकते हैं.

    - रुपए की गिरती कीमत के बीच कांग्रेस ने क्यों याद दिलाई पीएम मोदी की उम्र - यहां पढ़ें पूरीस्टोरी

    - ग्रीनलैंड में ऐसा क्या खजाना छिपा है, जिस पर डोनाल्ड ट्रंप की है नज़र - यहां पढ़ें पूरीस्टोरी

    - दिल्ली में 'पिंक पास' स्कीम का महिलाओं की ज़िंदगी पर क्या असर रहा? ग्राउंड रिपोर्ट - यहां पढ़ें पूरीस्टोरी

    - राहुल गांधी और अरविंद केजरीवाल ने एक-दूसरे पर सीधे हमले क्यों शुरू कर दिए? - यहां पढ़ें पूरीस्टोरी

    धन्यवाद.

  2. रूस-यूक्रेन जंग में एक भारतीय की मौत,विदेश मंत्रालय ने क्या कहा

    भारतीय विदेश मंत्रालय ने रूस में एक भारतीय नागरिक की मौत के बारे में बयान दिया है.

    विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने मंगलवार को एक बयान में कहा, "हमें एक भारतीय नागरिक की दुर्भाग्यपूर्ण मौत के बारे में पता चला है. वो केरल के रहने वाले थे. उन्हें शायद रूसी सेना में सेवा के लिए भर्ती किया गया था."

    "एक और व्यक्ति जो कि केरल से ही हैं, उन्हें भी इसी तरह भर्ती किया गया था. यह व्यक्ति घायल हैं और उनका मॉस्को के अस्पताल में इलाज चल रहा है."

    रूस की सेना में लड़ रहे भारतीय नागरिकों के संबंध में विदेश मंत्रालय ने कहा, "हमने रूस के अधिकारियों के साथ बैठकें की हैं और कहा है कि रूसी सेना के लिए काम कर रहे भारतीयों को जल्द से जल्द कार्यमुक्त किया जाए."

    विदेश मंत्रालय ने कहा है कि भारतीय नागरिक का शव भारत लाने की कोशिश जारी है.

    मंत्रालय ने कहा, "मॉस्को स्थित हमारा दूतावास उनके परिवारों के संपर्क में है और हर संभव सहायता दी जा रही है. हम पार्थिव शरीर को शीघ्र भारत लाने के लिए रूसी अधिकारियों के साथ काम कर रहे हैं. हमने घायल व्यक्ति को भी भारत वापस भेजने की भी मांग की है."

    विदेश मंत्रालय ने कहा, इस मामले को मॉस्को में रूसी अधिकारियों के सामने मजबूती से रखा गया है और नई दिल्ली स्थित रूसी दूतावास के सामने भी इस बात को रखा गया है.

    रणधीर जायसवाल ने कहा, "हमने बाकी भारतीय नागरिकों को जल्द वापस भारत भेजने की अपनी मांग भी दोहराई है."

  3. हरियाणा बीजेपी के अध्यक्ष मोहन लाल बड़ौली और गायक रॉकी मित्तल पर रेप का आरोप, एफआईआर दर्ज, सौरभ चौहान, बीबीसी हिंदी के लिए

    हरियाणा भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष मोहनलाल बड़ौली और पूर्व भाजपा नेता रॉकी मित्तल के खिलाफ सामूहिक दुष्कर्म का मामला दर्ज हुआ है. हालांकि, मोहनलाल बड़ौली ने इस आरोप को झूठा बताया है.

    हिमाचल में सोलन के एसपी गौरव सिंह ने इस मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस की ओर से धर्मपुर थाने में दर्ज इस मामले की जांच जारी है.

    इस मामले पर मोहनलाल बड़ौली ने बीबीसी हिंदी से कहा, "पूरा मामला झूठा है. इसका सच्चाई से कोई लेना-देना नहीं है." हालांकि, उन्होंने इस विषय पर ज़्यादा बोलने से इनकार कर दिया.

    क्या है मामला?

    एफआईआर में कहा गया है कि यह मामला 13 दिसंबर, 2024 को दोपहर 1:40 बजे दर्ज हुआ था. एफ़आईआर में बताया गया है कि घटना 7 जुलाई, 2023 की है.

    एफआईर के मुताबिक़ पीड़िता ने आरोप लगाया है कि रॉकी मित्तल (जय भगवान) ने उसे अभिनेत्री बनाने का झांसा दिया, जबकि मोहनलाल बड़ौली ने सरकारी नौकरी दिलाने का आश्वासन देकर उसका शोषण किया.

    एफ़आईआर में क्या है?

    एफ़आईआर के मुताबिक, पीड़िता ने बताया कि घटना सोलन के कसौली में हुई. जहां वो एक होटल में रुकी थी. उसने शिकायत में कहा, "करीब 5 बजे शाम होटल पहुंचे. उस शाम 7 बजे के क़रीब घूम रहे थे. वहीं, हमें दो व्यक्ति मिले, जो वहीं रुके हुए थे. बातचीत के दौरान उनमें से एक ने खुद को मोहनलाल बड़ौली बताया और अपने को राजनेता कहा. दूसरे व्यक्ति रॉकी मित्तल उर्फ जय भगवान ने खुद को सिंगर बताया."

    पीड़िता ने आरोप लगाया, "उन्होंने मेरी अश्लील फोटो और वीडियो बना ली. धमकी दी कि अगर मैंने यह बात किसी को बताई या पुलिस को जानकारी दी, तो वे मुझे गायब करवा देंगे. डर और शर्म के कारण हम यह घटना किसी को नहीं बता सके."

    शिकायत में यह भी कहा गया है, "क़रीब दो महीने पहले उन्होंने फिर से डरा-धमकाकर मुझे पंचकूला बुलाया. जहां मेरे ख़िलाफ़ झूठा केस करने की कोशिश की और मुझे फंसाने का प्रयास किया."

  4. फ़लस्तीनी नेता का दावा- हमास समझौते के लिए तैयार, इसराइल की प्रतिक्रिया का इंतज़ार

    वेस्ट बैंक की एक राजनीतिक पार्टी फ़लस्तीनी नेशनल इनिशिएटिव के नेता ने बीबीसी से कहा है कि उनका मानना है कि हमास ने समझौता स्वीकार कर लिया है.

    मुस्तफ़ा बरघोती ने बीबीसी रेडियो फ़ॉर वर्ल्ड के एक कार्यक्रम में कहा, ''समझौता तैयार है. मुझे लगता है कि फ़लस्तीनी पक्ष भी इस पर राज़ी है. वो भी इसे स्वीकार कर चुका है. उनको इसराइल की आख़िरी प्रतिक्रिया का इंतज़ार है.''

    उन्होंने कहा, ''हम समझौता होने के क़रीब पहुंच चुके हैं. यह किसी भी समय हो सकता है. नेतन्याहू अब और ज़्यादा दबाव नहीं झेल सकते हैं, जो उन पर इसराइल के अंदर और बाहर दोनों तरफ से बढ़ रहा है. खास तौर पर ट्रंप की ओर से आने वाला दबाव.”

    हमास के रवैये पर उन्होंने कहा, '' हां, मैं यह कह सकता हूं कि हमास ने भी समझौते की शर्तों को मान लिया है. वैसे यह पहली बार नहीं है. इस समझौते के बारे में पहले भी बात हो चुकी है. इसे जुलाई में प्रस्तावित किया गया था. वो तो नेतन्याहू थे, जो इसे कमज़ोर कर रहे थे.''

    ''हम इस प्रक्रिया में पिछले छह महीने में 10 हज़ार से ज़्यादा ज़िंदगियां खो चुके हैं.''

  5. दिल्ली विधानसभा चुनाव 2025 : कांग्रेस ने जारी की तीसरी लिस्ट, इन्हें मिला टिकट

    कांग्रेस की केंद्रीय चुनाव समिति ने 2025 के लिए पार्टी उम्मीदवारों की तीसरी लिस्ट मंगलवार शाम जारी की.

    कांग्रेस ने एक्स पर इस सूची को पोस्ट किया.

    इसमें 16 उम्मीदवारों के नाम शामिल हैं. ओखला से अरीबा ख़ान को टिकट मिला है, जबकि पूर्व केंद्रीय मंत्री कृष्णा तीरथ को पटेल नगर से उतारा गया है.

    कांग्रेस ने पहली सूची में 21 उम्मीदवारों के नाम घोषित किए थे. जबकि दूसरी सूची में 26 नामों की घोषणा की थी. कांग्रेस अब तक 63 उम्मीदवारों के नाम घोषित कर चुकी है.

    दिल्ली विधानसभा चुनाव 2025 के लिए 5 फ़रवरी को वोट डाले जाएंगे. इसके परिणाम 8 फ़रवरी को घोषित किए जाएंगे.

    विधानसभा चुनाव 2025 को लेकर दिल्ली में नामांकन की प्रक्रिया जारी है. 17 जनवरी तक उम्मीदवार अपना नामांकन दाखिल कर सकते हैं.

  6. दिल्ली के स्कूलों को मिली बम धमाके की धमकियों पर क्यों गरमाई राजनीति

    दिल्ली पुलिस के स्पेशल कमिश्नर (लॉ एंड ऑर्डर) मधुप तिवारी ने मंगलवार को एक प्रेस कॉन्फ़्रेंस की. इसमें उन्होंने दिल्ली के स्कूलों को चंद महीनों पहले बम से उड़ाने की धमकियों पर जानकारी साझा की.

    उन्होंने बताया, “स्कूलों को 12 फरवरी से ईमेल्स के ज़रिए बम से उड़ाने की धमकी मिल रही थी. इस मामले में बड़ी सफलता हाथ लगी है. यह ईमेल्स एक बच्चे ने भेजे थे. उसने 400 से ज़्यादा स्कूलों को यह धमकी भरे ईमेल भेजे थे.”

    “हमने यह पता करने की कोशिश की कि क्या इसके पीछे कोई बड़ी साजिश है. जब हमने जांच की तो यह बात सामने आई कि बच्चे के पैरेन्ट्स में से एक ऐसे संस्थान से ताल्लुक रखते हैं, जो एक एनजीओ से जुड़ा है. और यह एनजीओ एक राजनीतिक पार्टी से जुड़ा है. हम यह जांच कर रहे हैं कि इस मामले में राजनीतिक दल से जुड़े एनजीओ की भूमिका का उद्देश्य राजनीतिक लाभ लेना तो नहीं है.”

    इससे पहले, बीजेपी ने एक प्रेस कॉन्फ़्रेंस कर आम आदमी पार्टी पर निशाना साधा.

    बीजेपी सांसद सुधांशु त्रिवेदी ने कहा, “हम सभी जानते हैं कि आम आदमी पार्टी का संबंध ऐसे एनजीओ से रहा है, जिन्होंने अफ़ज़ल गुरू की फांसी का विरोध किया था. और फ़रवरी 2015 में जो ‘टुकड़े-टुकड़े’ स्लोगन उठाया गया था, वो अफ़ज़ल गुरू की डेथ एनिवर्सरी पर किया गया था. आम आदमी पार्टी ने महीनों तक उस फ़ाइल को बंद करके रखा था.”

    उन्होंने आम आदमी पार्टी पर सवाल उठाते हुए कहा, “इन एनजीओ के वो कौन से लोग हैं और वो किस तरह आम आदमी पार्टी से जुड़े हुए हैं? हम आम आदमी पार्टी से स्पष्ट जवाब चाहते हैं. यदि वो साफ़ जवाब नहीं देते हैं, तो इससे संदेह पैदा होगा.”

    इस पर आम आदमी पार्टी के सांसदसंजय सिंह ने प्रतिक्रिया दी है. उन्होंने कहा, “बीजेपी स्कूल के बच्चों को मिली धमकियों का राजनीतिकरण कर रही है. पहली धमकी मई 2024 में मिली थी. अब क़रीब 9 महीने बाद बीजेपी नेता सुधांशु त्रिवेदी प्रेस कॉन्फ़्रेंस कर रहे हैं. वो अलग-अलग एनजीओ की कहानियां बता रहे हैं. वो सबकुछ जानते हैं. 10 महीने तक कोई जांच नहीं की गई. मगर, चुनाव से 15 दिन पहले वो अब मनगढ़ंत कहानी लेकर आ गए हैं. बीजेपी को न दिल्ली की सुरक्षा से मतलब है और राष्ट्र की सुरक्षा से मतलब है.”

  7. रूस, यूक्रेन, इसराइल और ईरान को लेकर क्या बोले जयशंकर

    भारत के विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने दुनिया के अलग-अलग हिस्सों में चल रहे संघर्षों को समाप्त करने में भारत की भूमिका को रेखांकित किया है.

    समाचार एजेंसी पीटीआई के मुताबिक, उन्होंने कहा कि भारत उन देशों में शुमार है, जो रूस और यूक्रेन, इसराइल और ईरान के साथ बातचीत कर सकते हैं.

    एस. जयशंकर स्पेन की दो दिवसीय यात्रा पर गए हैं. इस दौरान सोमवार को भारतीय समुदाय के साथ हुई बातचीत के दौरान उन्होंने ये बातें कहीं.

    दरअसल, रूस और यूक्रेन के बीच लंबे समय से युद्ध चल रहा है. जबकि इसराइल भी ईरान समर्थित हमास से जंग लड़ रहा है.

    जयशंकर ने कहा कि आज भारत वैश्विक बातचीत में सहयोग प्रदान करता है. उन्होंने कहा, “दुनिया इस समय कई चुनौतियों का सामना कर रही है. अलग-अलग मुद्दे हैं. ऐसे में हम भी कुछ प्रयासों और विचारों के साथ आते हैं.”

  8. दिनभर- पूरा दिन पूरी ख़बर.. मोहनलाल शर्मा और प्रेरणा के साथ

  9. इंडिया गठबंधन और दिल्ली विधानसभा चुनाव पर क्या बोले शरद पवार

    दिल्ली विधानसभा चुनाव 2025 पर एनसीपी (शरद पवार गुट) के प्रमुख शरद पवार का बयान आया है.

    उन्होंने मंगलवार को समाचार एजेंसी एएनआई से कहा, “दिल्ली विधानसभा चुनाव को लेकर मेरी सोच है कि हमें अरविंद केजरीवाल की मदद करनी चाहिए.”

    इंडिया गठबंधन को लेकर शरद पवार ने कहा, “इंडिया गठबंधन में राज्य और स्थानीय चुनाव को लेकर कभी कोई चर्चा नहीं की गई. इंडिया गठबंधन केवल राष्ट्रीय स्तर के चुनावों के लिए है.”

    “महाराष्ट्र में होने वाले आगामी नगर निगम चुनावों को लेकर सभी सहयोगी अगले 8-10 दिनों में एक बैठक करेंगे. इसमें तय किया जाएगा कि यह चुनाव अकेले लड़ना है या साथ में.”

    इससे पहले, संजय राउत ने कहा था, "निश्चित ही 'इंडिया' गठबंधन चलेगा. हम गठबंधन को जिंदा नहीं रखेंगे तो विपक्ष जिंदा नहीं रहेगा."

    वहीं, महाराष्ट्र में स्थानीय निकाय चुनाव शिवसेना (यूबीटी) ने अकेले लड़ने की घोषणा पर संजय राउत ने कहा था, "लोकल बॉडी के चुनाव कार्यकर्ताओं के होते हैं और यहां गठबंधन करना मुश्किल होता है."

  10. कुंभ का आज दूसरा दिन, प्रयागराज में शाही स्नान, देखें तस्वीरें

    प्रयागराज में सोमवार से कुंभ मेले की शुरुआत हो गई. मंगलवार को इसका दूसरा दिन है.

    मंगलवार को ‘शाही स्नान’ हो रहा है. सोमवार को पौष पूर्णिमा का स्नान हुआ था.

    उत्तर प्रदेश सरकार का अनुमान है कि इस बार कुंभ में 40 करोड़ लोग शामिल होंगे.

    कुंभ का समापन महाशिवरात्रि के दिन यानी 26 फ़रवरी को होगा.

  11. पश्चिम बंगाल में फिर आपस में भिड़े टीएमसी के नेता, एक की मौत, सलमान रावी, बीबीसी न्यूज़

    पश्चिम बंगाल के मालदा ज़िले के कलियाचक में तृणमूल कांग्रेस के एक नेता की गोली मारकर हत्या कर दी गई और पार्टी के दो नेता इस गोलीबारी में गंभीर रूप से घायल हो गए हैं.

    ये घटना मंगलवार सुबह की बताई जा रही है. इसी महीने की शुरुआत में मालदा में ही तृणमूल कांग्रेस के पार्षद दुलाल सरकार की हत्या कर दी गई थी.

    इस घटना के संबंध में तृणमूल कांग्रेस के नेताओं को ही गिरफ़्तार किया गया था.

    मंगलवार की घटना के बारे में पुलिस अधिकारियों का कहना है कि तृणमूल कांग्रेस के ही दो गुटों में आपस में ही भिड़ंत हो गई थी. इसमें दोनों गुटों के लोगों को चोटें भी आईं.

    मृतक की पहचान हसन शेख़ के रूप में की गई है, जबकि जो घायल बताए जा रहे हैं, उनकी पहचान बकुल शेख़ और इसारुद्दीन शेख़ के रूप में हुई है.

    मालदा जिला पुलिस मुख्यालय के एक अधिकारी का कहना है कि दोनों घायलों की हालत गंभीर बनी हुई है.

    अधिकारी का ये भी कहना था कि पुलिस इलाक़े में मौजूद सीसीटीवी फुटेज की जांच कर रही है और हमलावरों को जल्द ही पकड़ लिया जाएगा.

    समाचार एजेंसी एएनआई के मुताबिक, इस घटना पर मालदा में टीएमसी नेता मोहम्मद अब्दुल घनी ने कहा, “मैं इस घटना के बारे में जानकर थोड़ा हैरान हूं. चुनाव के बाद, जब से मैं निर्वाचित होकर यहां आया हूं, तब से मेरे निर्वाचन क्षेत्र में ऐसी कोई घटना नहीं हुई है.”

    “यह पहली बार है, जब मेरे निर्वाचन क्षेत्र में ऐसी कोई घटना हुई है. मुझे ऐसी राजनीतिक गतिविधियां पसंद नहीं है. ऐसा लगता है कि सुरक्षा व्यवस्था ठीक नहीं थी.”

  12. बांग्लादेश में कब तक हो पाएंगे चुनाव? बीएनपी नेता ने दिया ये जवाब

    बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी (बीएनपी) के महासचिव मिर्ज़ा फख़रुल इस्लाम आलमगीर ने कहा है कि इस साल के मध्य तक राष्ट्रीय चुनाव हो सकते हैं.

    बीबीसी बांग्ला के मुताबिक, आलमगीर ने यह बात बीएनपी के चेयरमैन ऑफ़िस में मंगलवार को आयोजित एक प्रेस कॉन्फ़्रेंस में कही.

    इससे पहले, प्रोफ़ेसर मोहम्मद यूनुस ने कहा था कि राष्ट्रीय चुनाव अगले साल हो सकते हैं, जो कि साल 2026 के मध्य तक की बात थी. प्रोफ़ेसर मुहम्मद युनुस बांग्लादेश की अंतरिम सरकार के प्रमुख सलाहकार हैं.

    उनके बयान के जवाब में बीएनपी सेक्रेटरी आलमगीर ने कहा, “हमें लगता है कि इसमें (आम चुनावों में) ज़्यादा देरी करने की कोई वजह नहीं है. अब जब चुनाव आयोग बन चुका है. सरकार में पर्याप्त स्थिरता है. निर्वाचन संबंधी सुधार करने के लिए बनाई गई कमेटी की रिपोर्ट भी इस महीने आ जाएगी. इसलिए, अभी नहीं लगता है कि इसमें देरी की जानी चाहिए.”

    उन्होंने कहा, “जुलाई-अगस्त के बीच चुनाव की संभावना है.”

    उन्होंने पार्टी से अपील की कि, “ (पार्टी कार्यकर्ता) सरकार, चुनाव आयोग, राजनीतिक दलों के साथ सहयोग करें, ताकि इस साल के मध्य तक चुनाव करवाए जा सकें.”

    उन्होंने यह भी कहा कि चुनावों में देरी करना राजनीतिक और आर्थिक संकट को बढ़ा सकता है.

  13. महाराष्ट्र में स्थानीय निकाय चुनाव अकेले लड़ने और इंडिया गठबंधन पर संजय राउत क्या बोले?

    शिवसेना (यूबीटी) के नेता संजय राउत ने 'इंडिया' गठबंधन पर उठते सवालों पर मंगलवार को प्रतिक्रिया दी.

    संजय राउत ने कहा, "निश्चित ही 'इंडिया' गठबंधन चलेगा. हम गठबंधन को जिंदा नहीं रखेंगे तो विपक्ष जिंदा नहीं रहेगा."

    महाराष्ट्र में स्थानीय निकाय चुनाव शिवसेना (यूबीटी) ने अकेले लड़ने की घोषणा पर संजय राउत ने कहा, "लोकल बॉडी के चुनाव कार्यकर्ताओं के होते हैं और यहां गठबंधन करना मुश्किल होता है."

    दिल्ली में कांग्रेस और आम आदमी पार्टी के बीच गठबंधन नहीं होने के सवाल पर संजय राउत ने कहा, " ये बात सही है कि 'इंडिया' गठबंधन लोकसभा चुनाव के लिए ही बना था, लेकिन इसे बरकरार रखना देश और लोकतंत्र की ज़रूरत है."

    "दिल्ली में कांग्रेस और आम आदमी पार्टी को लगता है कि उनकी अपनी ताकत है. दोनों लोकसभा चुनाव में मिलकर लड़े थे, लेकिन एक भी सीट नहीं जीत पाए."

    संजय राउत ने कहा, "कांग्रेस गठबंधन में बड़ी और राष्ट्रीय पार्टी है. हम सबको एक साथ लेकर चलने की जिम्मेदारी कांग्रेस की होनी चाहिए."

    'इंडिया' गठबंधन में शामिल कांग्रेस और आम आदमी पार्टी दिल्ली विधानसभा चुनाव साथ नहीं लड़ रही है.

    वहीं हाल ही में बिहार के पूर्व डिप्टी सीएम तेजस्वी यादव ने भी कहा था कि गठबंधन लोकसभा चुनाव के लिए हुआ था.

    अब महाऱाष्ट्र में शिवसेना (यूबीटी) के स्थानीय निकाय चुनाव अकेले लड़ने की घोषणा से 'इंडिया' गठबंधन पर सवाल उठ रहे हैं.

  14. पत्रकार मुकेश चंद्राकर के परिजनों को छत्तीसगढ़ सीएम ने दस लाख रुपये मुआवज़ा देने की घोषणा की, आलोक पुतुल, रायपुर से बीबीसी हिंदी के लिए

    छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने बीजापुर के पत्रकार मुकेश चंद्राकर के परिजनों को दस लाख रुपये का मुआवज़ा देने की घोषणा की है.

    मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने मंगलवार को इसकी घोषणा करते हुए कहा, "उनके परिवार को 10 लाख रुपये की सहायता देंगे और उनके नाम से एक पत्रकार भवन का भी निर्माण कराएंगे."

    माओवाद प्रभावित बीजापुर में स्वतंत्र पत्रकार मुकेश चंद्राकर की एक जनवरी की रात हत्या कर दी गई थी.

    हत्या कर के उनका शव सेप्टिक टैंक में डाल दिया गया था और उसके ऊपर सीमेंट की ढलाई कर दी गई थी.

    उनकी हत्या के आरोप में बीजापुर के ही एक बड़े ठेकेदार सुरेश चंद्रकार, उनके दो भाइयों और सुपरवाइजर को गिरफ़्तार कर जेल भेजा गया है.

    जांच के लिए गठित एसआईटी ने कहा है कि सुरेश चंद्रकार जिस सड़क का निर्माण कर रहे थे, उसमें गड़बड़ी की रिपोर्टिंग के कारण मुकेश चंद्राकर की हत्या की गई थी.

  15. क्या अमेरिका में टिकटॉक को एलन मस्क खरीदेंगे, चीनी कंपनी ने दिया जवाब

    टिकटॉक ने उन रिपोर्ट को खारिज कर दिया है, जिसमें दावा किया गया था कि चीन की सोशल मीडिया कंपनी अमेरिकी ऑपरेशन्स को एलन मस्क को बेचने पर विचार कर रही है.

    टिकटॉक के प्रवक्ता ने बीबीसी न्यूज़ से कहा, "हमसे 'कोरी कल्पना' पर टिप्पणी करने की उम्मीद मत करिए."

    हाल ही में ब्लूमबर्ग की एक रिपोर्ट में दावा किया गया था कि चीनी अधिकारी ऐसे विकल्प पर विचार कर रहे हैं जिसमें अगर अमेरिकी सुप्रीम कोर्ट ऐप पर प्रतिबंध को बरकरार रखता है तो अमेरिका में इसका कारोबार दुनिया के सबसे अमीर व्यक्ति यानी एलन मस्क को बेचा जा सकता है.

    टिकटॉक कई बार कह चुका है कि वो इसे नहीं बेचगा.

  16. रोहित शर्मा और गौतम गंभीर में मतभेद से जुड़ी ख़बरों पर बीसीसीआई उपाध्यक्ष क्या बोले?

    भारतीय क्रिकेट बोर्ड (बीसीसीआई) के वाइस प्रेसिडेंट राजीव शुक्ला ने उन ख़बरों को खारिज कर दिया, जिसमें टीम इंडिया के हेड कोच गौतम गंभीर और कप्तान रोहित शर्मा के बीच मतभेद होने का दावा किया गया था.

    राजीव शुक्ला ने कहा, "गौतम गंभीर और कप्तान रोहित शर्मा के बीच कोई मतभेद नहीं है."

    दरअसल, हाल ही में हुई बॉर्डर-गावसकर सिरीज़ में ऑस्ट्रेलिया ने भारत को 3-1 से हरा दिया था. सिरीज़ के अंतिम मैच में रोहित शर्मा नहीं खेले थे.

    इसके बाद कहा जाने लगा कि कप्तान रोहित शर्मा और गौतम गंभीर के बीच सबकुछ ठीक नहीं चल रहा है.

    हालांकि रोहित शर्मा ने कहा था कि उन्होंने ख़ुद आख़िरी टेस्ट मैच में खराब फॉर्म के चलते नहीं खेलने का फ़ैसला लिया.

    गौतम गंभीर ने भी किसी विवाद से इनकार किया था.

  17. LIVE: मकर संक्रांति पर पतंगबाज़ी

    LIVE: मकर संक्रांति पर पतंगबाज़ी. अहमदाबाद में कैसा है माहौल? ताज़ा हाल आप तक पहुंचा रहे हैं बीबीसी के तेजस वैद्य और पवन जायसवाल.

    फेसबुक पर देखने के लिए यहां क्लिक करें.

  18. अरविंद केजरीवाल ने क्यों कहा- राहुल गांधी पर एक लाइन बोली और जवाब बीजेपी से आ रहा है

    दिल्ली विधानसभा चुनाव से पहले कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने एक रैली को संबोधित करते हुए बीजेपी और अरविंद केजरीवाल को एक जैसा बताया, जिसके बाद से सियासी सरगर्मी अभी भी ज़ोरों पर है.

    इस मामले में बीजेपी ने भी प्रतिक्रिया दी है, जिसके बाद अरविंद केजरीवाल ने ये कहा है कि कांग्रेस और बीजेपी के बीच सालों से पर्दे के पीछे जुगलबंदी रही है.

    राहुल गांधी की टिप्पणी पर पहले अरविंद केजरीवाल ने सोशल मीडिया एक्स पर पोस्ट में लिखा, "राहुल गांधी दिल्ली आए. उन्होंने मुझे बहुत गालियाँ दीं पर मैं उनके बयानों पर कोई टिप्पणी नहीं करूँगा."

    "उनकी लड़ाई कांग्रेस बचाने की है, मेरी लड़ाई देश बचाने की है."

    केजरीवाल के इस बयान पर बीजेपी के नेता अमित मालवीय ने कहा, "देश की चिंता बाद में करना, अभी नई दिल्ली की सीट बचा लो."

    अब अमित मालवीय के बयान पर अरविंद केजरीवाल ने कहा, "क्या बात है… मैंने राहुल गांधी पर एक ही लाइन बोली और जवाब बीजेपी वालों से आ रहा है. बीजेपी को देखिए कितनी तकलीफ़ हो रही है."

    "शायद दिल्ली का ये चुनाव कांग्रेस और बीजेपी के बीच सालों से पर्दे के पीछे चल रही जुगलबंदी पर से पर्दा हटा देगा."

    दरअसल कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने सोमवार को कहा था कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ ही केजरीवाल भी झूठे वादे करने की रणनीति पर अमल करते हैं.

    'इंडिया' गठबंधन में शामिल कांग्रेस और आम आदमी पार्टी दिल्ली विधानसभा चुनाव अकेले लड़ रही हैं. दोनों दलों ने लोकसभा चुनाव दिल्ली में साथ मिलकर लड़ा था.

  19. LIVE: प्रयागराज में चल रहे कुम्भ मेले में देखिए कैसा है माहौल

    प्रयागराज में चल रहे कुम्भ मेले में मकर संक्रांति के मौके पर पहला शाही स्नान हो रहा है. ऐसे में वहां कैसा माहौल है. बता रहे हैं बीबीसी संवाददाता अभिनव गोयल.

    कैमराः देबलिन रॉय.

    इस लाइव को फेसबुक पर देखने के लिए यहां क्लिक करें.

  20. ब्रेकिंग न्यूज़, यूजीसी-नेट की 15 जनवरी को होने वाली परीक्षा स्थगित, ये है कारण

    बुधवार यानी 15 जनवरी को होने वाली यूजीसी-नेट दिसंबर 2024 परीक्षा स्थगित कर दी गई है.

    नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (एनटीए) ने इस बारे में एक नोटिस जारी कर जानकारी दी है. अलग-अलग विषयों की ये परीक्षा तीन से 16 जनवरी के बीच हो रही है.

    एनटीए ने कहा है कि मकर संक्रांति, पोंगल और अन्य त्योहारों की वजह से उन्हें 15 जनवरी की परीक्षा टालने से जुड़ी अर्ज़ियां मिली थीं.

    एनटीए के अनुसार अभ्यर्थियों के हितों को ध्यान में रखते हुए केवल 15 जनवरी को होने वाली परीक्षा को टालने का फ़ैसला लिया गया है.

    वहीं 16 जनवरी को होने वाली परीक्षा में कोई बदलाव नहीं हो रहा है.