हिज़्बुल्लाह ने नसरल्लाह के उत्तराधिकारी हाशिम सैफ़िद्दीन की मौत की पुष्टि की

हिज़्बुल्लाह ने इस बात की पुष्टि कर दी है कि तीन हफ़्ते पहले हुए इसराइली हमले में उसके अगले नेता और हसन नसरल्लाह के उत्तराधिकारी हाशिम सैफ़िद्दीन मारे गए हैं.

सारांश

  • प्रधानमंत्री मोदी ने ब्रिक्स सम्मेलन में कहा- 'भारत बातचीत और कूटनीति का समर्थन करता है न कि युद्ध का.'
  • रूस में ब्रिक्स सम्मेलन के बाद पीएम मोदी और चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग के बीच हुई द्विपक्षीय मुलाक़ात
  • तुर्की की एयरोस्पेस इंडस्ट्रीज़ पर हमला, कम से कम चार की मौत
  • हिज़्बुल्लाह ने नसरल्लाह के उत्तराधिकारी हाशिम सैफ़िद्दीन की मौत की पुष्टि की
  • महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव: शिवसेना उद्धव गुट ने जारी की 65 उम्मीदवारों की सूची
  • वायनाड लोकसभा उपचुनाव के लिए प्रियंका गांधी ने भरा नामांकन
  • महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव: एनसीपी ने उम्मीदवारों की पहली सूची जारी की, अजित पवार बारामती से उतरे

लाइव कवरेज

चंदन कुमार जजवाड़े और सुमंत सिंह

  1. बॉम्बे हाई कोर्ट से छोटा राजन को मिली ज़मानत

    छोटा राजन (फ़ाइल फ़ोटो)

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, हत्या के 23 साल पुराने एक मामले में छोटा राजन को ज़मानत मिली है

    बॉम्बे हाई कोर्ट ने हत्या के 23 साल पुराने एक मामले में छोटा राजन को ज़मानत दे दी है.

    समाचार एजेंसी पीटीआई के मुताबिक़ साल 2001 में होटल व्यवसायी की हत्या के आरोप में छोटा राजन को उम्र क़ैद की सज़ा मिली थी.

    वहीं लाइव लॉ के मुताबिक़ अंडरवर्ल्ड गैंगस्टर छोटा राजन को साल 2001 में हुई जया शेट्टी की हत्या के मामले में ज़मानत मिल गई है. इस मामले में पहले राजन को सज़ा हो चुकी है.

    छोटा राजन पहले से ही पत्रकार जे डे हत्या मामले में सज़ा काट रहे हैं इसलिए उनका जेल से बाहर निकलना मुश्किल है.

    मुंबई की एक विशेष अदालत ने साल 2018 में पत्रकार जे डे की हत्या के मामले में मुख्य अभियुक्त छोटा राजन समेत सभी नौ दोषियों को आजीवन कारावास की सज़ा सुनाई थी.

    मुंबई के रहने वाले ज्योतिर्मय 'मिड डे' अख़बार में बतौर वरिष्ठ क्राइम रिपोर्टर काम करते थे. पेपर के लिए 'जे डे' नाम से लिखने वाले ज्योतिर्मय की मुंबई के उपनगर पवई में 11 जून 2011 को गोली मारकर हत्या कर दी गई थी.

  2. बबीता फोगाट ने साक्षी मलिक के दावों पर दिया ये जवाब

    बबीता फोगाट

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, बबीता फोगाट ने साक्षी मलिक पर किया पलटवार

    बीजेपी नेता और पूर्व पहलवान बबीता फोगाट ने बिना नाम लिए साक्षी मलिक के दावों का जवाब दिया है. बबीता फोगाट ने ओलंपिक पदक विजेता साक्षी मलिक पर अपनी किताब के लिए पब्लिसिटी स्टंट अपनाने का आरोप लगाया है.

    बबीता फोगाट ने सोशल मीडिया एक्स पर लिखा है, "खुद के किरदार से जगमगाओ, उधार की रोशनी कब तक चलेगी. किसी को विधानसभा मिला, किसी को मिला पद. दीदी तुमको कुछ न मिला, हम समझ सकते है तुम्हारा दर्द. किताब बेचने के चक्कर में अपना ईमान बेच गई."

    समाचार एजेंसी पीटीआई के मुताबिक़ पूर्व महिला पहलवान साक्षी ने दावा किया कि बीजेपी नेता और महिला पहलवान बबीता फोगाट ने बीजेपी के पूर्व सांसद बृजभूषण शरण के ख़िलाफ़ साज़िश रची थी और वह कुश्ती फेडरेशन की चेयरपर्सन बनना चाहती थी.

    बृजभूषण शरण के ख़िलाफ़ विरोध प्रदर्शन करने वाले तीन बड़े चेहरों में साक्षी भी शामिल थीं. अब उन्होंने अपनी किताब ‘विटनेस’ के ज़रिये अपने करियर के संघर्ष के बारे में बहुत कुछ लिखा है.

    बीजेपी नेता और पूर्व पहलवान बबीता फोगाट के बारे में साक्षी मलिक ने बड़ा दावा किया है और लिखा कि वह ख़ुद को पहलवानों को शुभचिंतक बताती थीं. लेकिन इसमें उनका स्वार्थ था.

  3. ग़ज़ा के मुद्दे पर अमेरिका के शीर्ष राजनयिक ने इसराइल को दी ये चेतावनी

    एंटनी ब्लिंकन और बिन्यामिन नेतन्याहू

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, अमेरिकी विदेश मंत्री एंटनी ब्लिंकन और इसराइली प्रधानमंत्री बिन्यामिन नेतन्याहू के बीच मुलाक़ात हुई है

    अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडन के प्रशासन के एक वरिष्ठ अधिकारी के मुताबिक़ अमेरिकी प्रशासन ने इसराइली नेताओं से कहा है कि उत्तरी ग़ज़ा में घिरे नागरिकों को मानवीय सहायता दिलाने के लिए "बहुत कुछ करने की जरूरत है".

    उनके मुताबिक़ अमेरिकी विदेश मंत्री एंटनी ब्लिंकन ने चेतावनी दी है कि अगर इसराइल ने इसपर कार्रवाई नहीं की तो इसके ख़िलाफ़ अमेरिकी क़ानून का दायरा बढ़ सकता है.

    मंगलवार को अमेरिकी विदेश मंत्री ने यरूशलम और तेल अवीव में सिलसिलेवार बैठकों में इसराइली प्रधान मंत्री बिन्यामिन नेतन्याहू, रक्षा मंत्री योआव गैलंट, रणनीतिक मामलों के मंत्री रॉन डर्मर और वरिष्ठ सैन्य अधिकारियों से मुलाक़ात की है.

    ये बैठक एक क्षेत्रीय दौरे का हिस्सा हैं, जिसे अमेरिका पिछले हफ़्ते ग़ज़ा में इसराइल हमले में हमास नेता याह्या सिनवार की हत्या के बाद कूटनीति को फिर से शुरू करने के अवसर के तौर पर देखता है.

    इसराइल को ब्लिंकन का स्पष्ट संदेश इस बढ़ती आलोचना के बावजूद आया है कि अमेरिका ग़ज़ा में आम नागरिकों के मारे जाने की गति को रोकने में विफल रहा है.

  4. करतारपुर साहिब कॉरिडोर पर समझौता अगले पांच साल के लिए फिर से बहाल

    गुरुद्वारा दरबार साहिब

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, भारत और पाकिस्तान ने 'श्री करतारपुर साहिब कॉरिडोर' पर समझौते को अगले पांच साल के लिए फिर से बहाल करने का फ़ैसला किया है

    भारत और पाकिस्तान ने 'श्री करतारपुर साहिब कॉरिडोर' पर समझौते को अगले पांच साल के लिए फिर से बहाल करने का फ़ैसला किया है.

    भारत के विदेश मंत्री एस जयशंकर ने सोशल मीडिया एक्स पर इसकी जानकारी दी है.

    उन्होंने लिखा है, "प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सरकार हमारे सिख समुदाय को उनके पवित्र स्थलों की यात्रा की सुविधा हमेशा प्रदान करती रहेगी."

    करतारपुर कॉरिडोर का उद्घाटन साल 2019 में हुआ था.

    करतारपुर साहिब गुरुद्वारा पाकिस्तान के नारोवाल ज़िले में है जो अंतरराष्ट्रीय सीमा से 4.5 किलोमीटर दूर है.

    पाकिस्तान में मौजूद यह गुरुद्वारा सिखों और दूसरे पंजाबियों के लिए बहुत महत्व रखता है क्योंकि सिख धर्म के संस्थापक गुरु नानक देव ने अपनी ज़िंदगी के अंतिम 18 साल यहीं बिताए थे.

    भारत के गुरुदासपुर में मौजूद डेरा बाबा नानक गुरुद्वारा भारत-पाकिस्तान सीमा से एक किलोमीटर की दूरी पर और रावी नदी के पूर्वी किनारे पर है. नदी के पश्चिम की ओर पाकिस्तान में करतारपुर शहर है.

    भारत और पाकिस्तान के बीच करतारपुर कॉरिडोर को लेकर समझौते के मुताबिक़ भारतीय तीर्थयात्रियों को गुरुद्वारा आने के लिए पाकिस्तान वीज़ा फ़्री एंट्री देता है.

  5. डोनाल्ड ट्रंप ने ब्रिटेन की लेबर पार्टी पर अमेरिकी चुनाव में दखलअंदाज़ी का आरोप लगाया

    डोनाल्ड ट्रंप

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, ट्रंप ने लेबर पार्टी पर चुनावों में कमला हैरिस का समर्थन करने का आरोप लगया है

    अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति और रिपब्लिकन पार्टी के उम्मीदवार डोनाल्ड ट्रंप के चुनाव प्रचार अभियान ने ब्रिटेन की लेबर पार्टी के ख़िलाफ़ संघीय चुनाव आयोग (एफईसी) में शिकायत दर्ज कराई है.

    इस शिकायत में समाचार पत्रों की रिपोर्ट का हवाला दिया गया है कि लेबर पार्टी से जुड़े लोग हैरिस के लिए प्रचार करने अमेरिका गए हैं.

    इसमें लेबर पार्टी पर हैरिस-वाल्ज़ के चुनाव अभियान की सहायता के लिए अमेरिकी चुनाव में "स्पष्ट विदेशी हस्तक्षेप" का आरोप लगाया गया है.

    शिकायत में लेबर और कमला हैरिस के प्रचार अभियान के बीच संपर्क के बारे में मीडिया रिपोर्टों का हवाला देते हुए तर्क दिया गया है कि यह अवैध "योगदान" जैसा है.

    कमला हैरिस अमेरिका की मौजूदा उपराष्ट्रपति हैं और वो डेमोक्रेटिक पार्टी की तरफ से राष्ट्रपति पद की उम्मीदवार हैं.

    बीबीसी को पता चला है कि अमेरिकी राष्ट्रपति चुनाव में प्रचार कर रहे लेबर पार्टी के कार्यकर्ता व्यक्तिगत हैसियत से ऐसा कर रहे हैं.

    हालांकि इन आरोपों पर लेबर पार्टी ने कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया जारी नहीं की है.

  6. पन्नू मामले में भारत से बातचीत के बारे में अमेरिका ने अब क्या बताया?

    वेदांत पटेल

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, अमेरिका ने पन्नू मामले पर सार्थक जवाबदेही तय करने की मांग की है

    अमेरिका में सिख अलगाववादी गुरपतवंत सिंह पन्नू की हत्या की कथित नाकाम साजिश से जुड़े मुद्दे पर एक सवाल के जवाब में अमेरिकी विदेश मंत्रालय के प्रिंसिपल डिप्टी प्रवक्ता वेदांत पटेल ने प्रतिक्रिया दी है.

    उन्होंने एक प्रेस कॉन्फ़्रेंस में पत्रकारों से कहा है, "संबंधित जांच को आगे बढ़ाने के लिए अमेरिका और भारत दोनों सरकारों के बीच पिछले सप्ताह सूचनाओं का आदान-प्रदान किया गया. हम समझते हैं कि भारत की आंतरिक जांच समिति अपनी जांच जारी रखेगी और उम्मीद करते हैं कि पिछले सप्ताह की बातचीत के आधार पर आगे कदम उठाए जाएंगे.

    वेदांत पटेल का कहना है, "निश्चित तौर पर अमेरिका तब तक पूरी तरह से संतुष्ट नहीं होगा, जब तक कि उस जांच के नतीजों के आधार पर सार्थक जवाबदेही न तय की जाए. यह एक ऐसा मुद्दा है जो जारी है और दोनों देशों में इसकी जांच चल रही है."

    सिख अलगाववादी नेता गुरपतवंत सिंह पन्नू की अमेरिकी धरती पर हत्या कराने की कथित साजिश रचने के अभियुक्त निखिल गुप्ता को चेक रिपब्लिक से अमेरिका लाया जा चुका है.

    अमेरिकी अधिकारियों के मुताबिक निखिल गुप्ता पर सिख अलगाववादी गुरपतवंत सिंह पन्नू की हत्या करने के लिए सुपारी देने का आरोप है.

    अमेरिकी अभियोजकों का आरोप है कि गुप्ता को किसी भारतीय अधिकारी से गुरपतवंत सिंह की हत्या कराने का निर्देश मिला था.

  7. कनाडाई पीएम जस्टिन ट्रूडो ने चीन से आने वाले सामान पर 25 फ़ीसदी टैरिफ़ लगाने का किया एलान

    जस्टिन ट्रूडो

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, कनाडा ने चीनी इस्पात और अल्युमिनियम के आयात पर लगाया 25 फ़ीसदी टैक्स

    कनाडा ने चीन से आयात होने वाले इस्पात और अल्युमिनियम पर 25 फ़ीसदी टैक्स लगा दिया है.

    कनाडा के प्रधानमंत्री जस्टिन ट्रूडो ने चीन पर कारोबार में अनुचित तरीके अपनाने का आरोप लगाया है.

    ट्रूडो ने सोशल मीडिया एक्स पर एक पोस्ट में लिखा है कि सस्ते इस्पात और अल्युमिनियम के साथ अंतरराष्ट्रीय बाज़ार में चीन का अत्यधिक प्रभाव है.

    ट्रूडो ने लिखा है, “उनका (चीन) के अनुचित कारोबारी तरीके ने कनाडा के कामगारों को बड़ा नुक़सान पहुँचाया है. हम इसके ख़िलाफ़ कदम उठा रहे हैं.”

    इससे पहले अमेरिका की ट्रेजरी सेक्रेटरी जैनेट येलेन ने भी अप्रैल की शुरुआत में अपनी चीन यात्रा के दौरान चीनी अधिकारियों के साथ बातचीत में वैश्विक बाज़ारों में 'सस्ते चीनी उत्पादों की भरमार' को लेकर चिंता जताई थी.

    मई में जब राष्ट्रपति शी जिनपिंग फ्रांस की यात्रा पर थे तो यूरोपीयन कमीशन की प्रेसीडेंट उर्सूला वॉन डेर लेयेन ने भी उनके सामने यह बात उठाई थी.

  8. बीबीसी हिंदी के लाइव पन्ने पर आपका स्वागत है. मैं चंदन कुमार जजवाड़े आप तक आज की ताज़ा ख़बरें पहुंचाऊंगा. बीबीसी हिंदी की वेबसाइट पर मौजूद ख़बरों को यहां पढ़ सकते हैं.

    कल के लाइव पन्ने की ख़बरों को पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें.

    हमारी वेबसाइट की कुछ अहम ख़बरों को पढ़ने के लिए नीचे दिए लिंक्स पर क्लिक कर सकते हैं.

    भारत ने चीन के साथ सीमा की निगरानी पर चल रहे विवाद के समाधान तक पहुँचने की घोषणा की है. इसपर चीन ने भी अपनी मुहर लगा दी है, लेकिन फिर भी दोनों देशों के बीच धुंध नहीं छंट रही रही है. इस ख़बर को विस्तार से पढ़ने के लिए यहाँ क्लिक करें.

    हरियाणा में बीजेपी की सरकार ने अनुसूचित जाति के आरक्षण में उप-वर्गीकरण वाले फ़ैसले को लागू करने का निर्णय लिया है. ऐसा करने वाला हरियाणा देश का पहला राज्य बन गया है. हरियाणा में बीजेपी सरकार के इस फ़ैसले पर बहस भी जारी है. पूरी ख़बर पढ़ने के लिए यहाँ क्लिक करें.

    राजस्थान सरकार की योजना के तहत छात्राओं को स्कूटी मिलती है. लेकिन बांसवाड़ा में स्कूटियों का छात्राओं के नाम पर रजिस्ट्रेशन होने के बावजूद क़रीब दो साल से ये स्कूटियां बांटी नहीं गईं और ये कबाड़ की तरह पड़ी हुई हैं. पढ़िए बीबीसी की ग्राउंड रिपोर्ट.