रूस में ब्रिक्स समिट से अलग पीएम मोदी और शी जिनपिंग के बीच होगी द्विपक्षीय बैठक

भारत के विदेश सचिव विक्रम मिस्री ने मंगलवार को कहा कि रूस के कज़ान में पीएम मोदी और चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग के बीच बुधवार को द्विपक्षीय मुलाक़ात होगी.

सारांश

लाइव कवरेज

चंदन कुमार जजवाड़े और अश्वनी पासवान

  1. नमस्कार!

    अब इस लाइव पेज को विराम देने का समय आ गया है. मुझे यानी बीबीसी संवाददाता अश्वनी पासवान को अब दीजिए इज़ाज़त. कल फिर मिलेंगे कुछ नई और महत्वपूर्ण ख़बरों के साथ.

    लेकिन जाते-जाते आप आज की कुछ महत्वपूर्ण और रोचक ख़बरों को नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक कर पढ़ सकते हैं.

    भारत की घोषणा पर चीन ने लगाई मुहर, फिर भी नहीं छंट रही धुंध. पूरी ख़बर पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें.

    साक्षी मलिक ने विनेश और बजरंग को लेकर किया बड़ा दावा, मिला ये जवाब. ये जानने के लिए यहां क्लिक करें.

    राजस्थान में छात्राओं को मिलनी थी स्कूटियां, पर हो रहीं 'कबाड़': ग्राउंड रिपोर्ट. इस ख़बर को आप विस्तार से यहां पढ़ सकते हैं.

  2. बेंगलुरु में निर्माणाधीन इमारत गिरी, एक व्यक्ति की मौत, सात लापता, इमरान क़ुरैशी, बेंगलुरू से बीबीसी हिंदी के लिए

    बेंगलुरु में निर्माणाधीन इमारत गिरी

    इमेज स्रोत, Bengaluru City police

    इमेज कैप्शन, बेंगलुरु में निर्माणाधीन इमारत गिरी

    उत्तरी बेंगलुरु में एक निर्माणाधीन इमारत के गिरने के कारण एक व्यक्ति की मौत हो गई जबकि सात लोग लापता हैं. पिछले चार दिनों से शहर में भारी बारिश जारी है.

    निर्माणाधीन इमारत में फंसे हुए अन्य आठ लोगों को स्थानीय लोगों की मदद से पुलिस और बचाव कर्मियों ने सुरक्षित निकाला है. प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक इमारत ताश के पत्तों की तरह ढह गई. पांच लोग घायल हुए हैं.

    एडिशनल कमिश्नर ऑफ पुलिस ने पत्रकारों को बताया, “जब इमारत गिरी तो उस समय वहां 15 मज़दूर मौजूद थे.”

    एक अन्य पुलिस अधिकारी ने बताया, “लापता लोगों को तलाशने का काम जारी है.”

    बताया जाता है कि अधिकांश मज़दूर बिहार या कर्नाटक के यादगिर के रहने वाले थे. पिछले कुछ दिनों से बेंगलुरु शहर में भारी बारिश हो रही है.

  3. रूस में ब्रिक्स समिट से अलग पीएम मोदी और शी जिनपिंग के बीच होगी द्विपक्षीय बैठक

    पीएम मोदी और शी जिनपिंग

    इमेज स्रोत, ANI

    इमेज कैप्शन, पीएम मोदी और शी जिनपिंग की मुलाकात होगी (फाइल फोटो)

    भारत के विदेश सचिव विक्रम मिस्री ने मंगलवार को कहा कि रूस के कज़ान में पीएम मोदी और चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग के बीच बुधवार को द्विपक्षीय मुलाक़ात होगी.

    पीएम मोदी और शी जिनपिंग ब्रिक्स समिट के लिए रूस के कज़ान में हैं.

    विक्रम मिस्री ने कहा, ''मैं इस बात की पुष्टि कर सकता हूँ कि बुधवार को ब्रिक्स समिट से अलग पीएम मोदी और राष्ट्रपति शी जिनपिंग के बीच द्विपक्षीय बैठक होगी.''

    पीएम मोदी के कज़ान रवाना होने से पहले ही उम्मीद जताई जा रही थी कि दोनों नेताओं की द्विपक्षीय मुलाक़ात हो सकती है. इससे पहले सोमवार को भारत ने कहा था कि चीन से लगी सरहद पर दोनों देश सैनिकों की गश्त को लेकर एक समझौते पर पहुँच गए हैं.

    इस घोषणा को पीएम मोदी और शी जिनपिंग की मुलाक़ात की पृष्ठभूमि तैयार करने के रूप में देखा जा रहा था.

    साल 2020 के बाद से ही दोनों देशों के बीच सीमा पर तनातनी है. इसके बाद से चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग और पीएम मोदी के बीच द्विपक्षीय बातचीत नहीं हो पाई थी.

  4. इसराइली सेना बोली- अस्पताल पर नहीं, हिज़्बुल्लाह के ठिकानों पर किया हमला

    इसराइल का लेबनान पर हमला

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, इसराइल का लेबनान पर हमला (फाइल फोटो)

    इसराइल डिफेंस फ़ोर्स (आईडीएफ) ने कहा कि उसने लेबनान स्थित रफ़ीक हरीरी यूनिवर्सिटी हॉस्पिटल के पास हिज़्बुल्लाह के ठिकानों पर हवाई हमला किया है.

    आईडीएफ ने कहा, "हिज़्बुल्लाह के ठिकानों को निशाना बनाया है, अस्पताल को नहीं."

    लेबनान के स्वास्थ्य मंत्रालय ने बताया कि दक्षिणी बेरूत में इसराइली हवाई हमले में 13 लोगों की मौत हो गई है. इनमें एक बच्चा भी शामिल है.

    साथ ही स्वास्थ्य मंत्रालय ने बताया कि हमले में घायल होने वालों की संख्या बढ़कर 57 हो गई. इसमें से सात की हालत गंभीर है.

    अस्पताल के सूत्रों ने न्यूज़ एजेंसी रॉयटर्स से कहा कि इसराइल का हवाई हमला रफ़ीक हरीरी यूनिवर्सिटी हॉस्पिटल की कार पार्किंग में हुआ है.

    हवाई हमला सोमवार की शाम को दक्षिण बेरूत में हुए 13 हवाई हमलों में शामिल है. इसराइल लेबनान पर ऐसे वक्त हमला कर रहा जब अमेरिकी विदेश मंत्री एंटनी ब्लिंकन इसराइल दौरे पर हैं.

  5. झारखंड विधानसभा चुनाव: आरजेडी ने की सूची जारी, किसे मिला टिकट

    तेजस्वी यादव

    इमेज स्रोत, ANI

    इमेज कैप्शन, तेजस्वी यादव (फाइल फोटो)

    राष्ट्रीय जनता दल (आरजेडी) ने मंगलवार को झारखंड विधानसभा चुनाव को लेकर छह उम्मीदवारों की सूची जारी कर दी.

    आरजेडी ने देवघर सीट से सुरेश पासवान को चुनावी मैदान में उतारा है. साथ ही कोडरमा से सुभाष यादव, गोड्डा से संजय प्रसाद यादव, चतरा से रश्मी प्रकाश, विश्रामपुर से नरेश प्रसाद सिंह और हुसैनाबाद से संजय कुमार सिंह यादव को टिकट दिया है.

    आरजेडी की सूची

    इमेज स्रोत, @RJDforIndia

    इमेज कैप्शन, आरजेडी की सूची

    आरजेडी 'इंडिया' गठबंधन का हिस्सा है. झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने हाल ही में कहा था, "'इंडिया' गठबंधन सभी 81 सीटों पर मिलकर चुनाव लड़ेगा."

    उन्होंने कहा, ''पिछली बार हम, कांग्रेस और आरजेडी साथ लड़े थे. इस बार लेफ्ट पार्टी भी गठबंधन का हिस्सा हैं. तय किया है कि 70 सीटों पर कांग्रेस और झारखंड मुक्ति मोर्चा (जेएमएम) चुनाव लड़ेंगे. बची हुई 11 सीटों पर अन्य सहयोगी (आरजेडी और वाम दल) लड़ेंगे. कौन कहां से लड़ेगा, उसका फ़ैसला बाद में होगा.''

    झारखंड में दो चरणों में 13 और 20 नवंबर को मतदान होगा. इसका परिणाम 23 नवंबर को आएगा.

  6. अमेरिका के विदेश मंत्री एंटनी ब्लिंकन इसराइल के पीएम बिन्यामिन नेतन्याहू से मिले

    एंटनी ब्लिंकन ने बिन्यामिन नेतन्याहू से की मुलाकात

    इमेज स्रोत, @IsraeliPM

    इमेज कैप्शन, एंटनी ब्लिंकन ने बिन्यामिन नेतन्याहू से की मुलाकात

    अमेरिका के विदेश मंत्री एंटनी ब्लिंकन इसराइल के प्रधानमंत्री बिन्यामिन नेतन्याहू से मिले हैं. दोनों की मुलाकात यरूशलम में हुई है.

    बीबीसी संवाददाता टॉम बेटमैन के अनुसार एंटनी ब्लिंकन नेतन्याहू और अन्य लोगों से युद्ध को खत्म करने को लेकर चर्चा करेंगे.

    दोनों की मुलाकात ऐसे समय में हुई है जब इसराइल लेबनान पर हवाई हमला कर रहा है. इसराइल सोमवार की शाम से लेबनान के दक्षिण बेरूत में कई हवाई हमले कर चुका है.

    इसराइल डिफेंस फ़ोर्स ने कहा कि हम हिज़्बुल्लाह से जुड़े ठिकानों पर हमला कर रहे हैं.

  7. दिनभर: पूरा दिन, पूरी ख़बर लाइव सुनिए

    दिनभर: पूरा दिन, पूरी ख़बर
    इमेज कैप्शन, दिनभर: पूरा दिन, पूरी ख़बर

    बीबीसी हिंदी का पॉडकास्ट ‘दिनभर: पूरा दिन, पूरी ख़बर‘ मोहन लाल शर्मा और मोहम्मद शाहिद से यहां क्लिक करके लाइव सुनिए.

  8. दिल्ली में बढ़ते वायु प्रदूषण को लेकर मंत्री गोपाल राय ने हरियाणा, यूपी और राजस्थान को लिखा पत्र, क्या कहा?

    गोपाल राय

    इमेज स्रोत, ANI

    इमेज कैप्शन, गोपाल राय ने लिखा पत्र (फाइल फोटो)

    दिल्ली में बढ़ते वायु प्रदूषण के बीच पर्यावरण मंत्री गोपाल राय ने मंगलवार को हरियाणा, उत्तर प्रदेश और राजस्थान के परिवहन मंत्रियों को पत्र लिखा है.

    इसमें उन्होंने कहा, "वो ये सुनिश्चित करें कि जीआरपी के दूसरे चरण के प्रतिबंधों को देखते हुए उनके राज्यों से कोई भी डीजल बस दिल्ली में नहीं आए."

    दिल्ली में मंगलवार की सुबह भी अधिकतर जगहों पर हवा की गुणवत्ता ‘बेहद ख़राब’ रही. मंगलवार को दिल्ली का एक्यूआई 318 रहा. ये बेहद ख़राब की श्रेणी में आता है.

    राजधानी दिल्ली के लोधी रोड में मंगलवार की सुबह एक्यूआई 278 रहा. जबकि आनंद विहार में 387, रोहिणी में 356, पंजाबी बाग़ में 352, आईजीआई एयरपोर्ट इलाके में 320 और आईटीओ में हवा की गुणवत्ता 293 दर्ज की गई है.

  9. वक़्फ़ पर बनी जेपीसी मीटिंग में हुआ हंगामा, जगदंबिका पाल बोले- कल्याण बनर्जी ने तोड़ी बोतल

    जगदंबिका पाल

    इमेज स्रोत, ANI

    इमेज कैप्शन, जगदंबिका पाल कल्याण बनर्जी को लेकर बोले (फाइल फोटो)

    वक़्फ़ (संशोधन) विधेयक को लेकर बनी संयुक्त संसदीय समिति (जेपीसी) की बैठक में तृणमूल कांग्रेस के सांसद कल्याण बनर्जी की बीजेपी के सांसद अभिजीत गंगोपाध्याय के साथ बहस हो गई.

    न्यूज़ एजेंसी पीटीआई और एएनआई के अनुसार कल्याण बनर्जी ने इस दौरान पानी वाली बोतल तोड़कर फेंक दी. इसके बाद एक वीडियो सामने आया है जिसमें कल्याण बनर्जी की उंगली में चोट लगी हुई है.

    इसमें कल्याण बनर्जी को ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (एआईएमआईएम) के अध्यक्ष असदुद्दीन ओवैसी के साथ आते हुए देखा जा सकता है.

    पूरे मामले को लेकर जेपीसी के अध्यक्ष और बीजेपी सांसद जगदंबिका पाल ने प्रतिक्रिया दी. उन्होंने एएनआई से कहा, "घटना को लेकर हमने लोकसभा स्पीकर ओम बिरला को अवगत करा दिया है. इतनी बड़ी घटना थी कि हमें पहली बार मीटिंग को स्थगित करना पड़ा. पूरी बोतल टूट गई.."

    जगदंबिका पाल से सवाल किया गया कि कल्याण बनर्जी ने कहा कि आपका रवैया पक्षपात वाला है. इसके जवाब में उन्होंने कहा, "मेरा रवैया पक्षपात वाला है तो क्या उन्होंने मेरे खिलाफ स्पीकर को लिखकर दिया है."

  10. मेघालय और पंजाब में होने वाले उपचुनावों के लिए बीजेपी ने सूची जारी की, किसे मिला टिकट

    जेपी नड्डा और पीएम मोदी

    इमेज स्रोत, ANI

    इमेज कैप्शन, जेपी नड्डा और पीएम मोदी (फाइल फोटो)

    भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) ने मंगलावर को मेघालय और पंजाब में होने वाले विधानसभा उपचुनाव को लेकर उम्मीदवारों को सूची जारी की.

    पार्टी ने मेघालय की गाम्बेग्रे (अनुसूचित जनजाति) सीट से बनार्ड मारक को चुनावी मैदान में उतारा है. इसके अलावा पंजाब की डेरा बाबा नानक सीट से सरदार रविकरण कहलों को टिकट दिया गया है.

    बीजेपी की सूची

    इमेज स्रोत, @BJP4India

    इमेज कैप्शन, बीजेपी की सूची

    वहीं गिद्देरवाड़ा से सरदार मनप्रीत बादल और बरनाला से सरदार केवल सिंह ढिल्लो को चुनावी मैदान में उतारा है. चुनाव आयोग के अनुसार इन सीटों पर उपचुनाव तत्कालीन विधायकों के इस्तीफा देने के कारण हो रहा है.

    महाराष्ट्र और झारखंड के विधानसभा चुनाव के साथ ही कई राज्यों में खाली विधानसभा सीटों के लिए उपचुनाव हो रहे हैं.

    महाराष्ट्र में विधानसभा चुनाव एक ही चरण में 20 नवंबर को होंगे. इसके अलावा झारखंड में दो चरणों में 13 और 20 नवंबर को मतदान होगा. दोनों राज्यों के चुनावी नतीजे 23 नवंबर को आएंगे.

  11. रूस दौरे पर गए पीएम मोदी की राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के साथ हुई द्विपक्षीय वार्ता, ये हुई चर्चा

    पीएम मोदी और राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन मिले

    इमेज स्रोत, ANI

    इमेज कैप्शन, पीएम मोदी और राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन मिले

    ब्रिक्स शिखर सम्मेलन में शामिल होने को लेकर रूस के दौरे पर गए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के साथ द्विपक्षीय वार्ता की. इस दौरान पीएम मोदी ने एक बार फिर से पुतिन से रूस-यूक्रेन जंग को लेकर बात की.

    पीएम मोदी ने कहा, "रूस और यूक्रेन के बीच संघर्ष के विषय पर हम लगातार संपर्क में रहे हैं. हमारा मानना है कि समस्याओं का समाधान शांतिपूर्ण तरीके से होना चाहिए."

    "शांति और स्थिरता की जल्द से जल्द से बहाली का हम पूरी तरह से समर्थन करते हैं. आने वाले समय में भी भारत हर संभव सहयोग देने के लिए तैयार है."

    वहीं पुतिन ने कहा, "मुझे जुलाई में हुई मुलाकात (पीएम मोदी के साथ) याद है. हमारे बीच बहुत अच्छी चर्चा हुई. हमने टेलीफोन पर भी कई बार बात की. कज़ान आने का आमंत्रण स्वीकार के लिए आपका आभारी हूं."

    "हम ब्रिक्स शिखर सम्मेलन के उद्घाटन में भाग लेंगे. इसके बाद डिनर के समय दूसरे नेताओं से भी बात करेंगे."

  12. लेबनान बोला- इसराइली हवाई हमले में एक बच्चे समेत 13 की मौत, 50 से ज़्यादा घायल

    इसराइल

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, इसराइल का लेबनान पर हमला (फाइल फोटो)

    लेबनान के स्वास्थ्य मंत्रालय ने बताया कि दक्षिणी बेरूत में इसराइली हवाई हमले में 13 लोगों की मौत हो गई है. इनमें एक बच्चा भी शामिल है.

    साथ ही स्वास्थ्य मंत्रालय ने बताया कि हमले में घायल होने वालों की संख्या बढ़कर 57 हो गई. इसमें से सात की हालत गंभीर है.

    अस्पताल के सूत्रों ने न्यूज़ एजेंसी रॉयटर्स से कहा कि इसराइल का हवाई हमला रफ़ीक हरीरी यूनिवर्सिटी हॉस्पिटल की कार पार्किंग में हुआ है.

    हवाई हमला सोमवार की शाम को दक्षिण बेरूत में हुए 13 हवाई हमलों में शामिल है. इसराइली सेना ने कहा कि वो हिज़्बुल्लाह से जुड़े ठिकानों पर हमला कर रही है.

    इसराइल का लेबनान में ये हमला ऐसे वक्त हो रहा है जब अमेरिकी विदेश मंत्री एंटनी ब्लिंकन तेल अवीव पहुंचे हैं.

    सात अक्तूबर 2023 के बाद से ये मध्य पूर्वी देश में उनका ग्यारहवां दौरा है. माना जा रहा है कि इस दौरे पर ब्लिंकन इसराइल और संघर्ष में शामिल सभी पक्षों से सीज़फ़ायर पर बात कर सकते हैं.

  13. साक्षी मलिक के दावों पर विनेश फोगाट और बजरंग पुनिया ने क्या जवाब दिया?

    बजरंग पुनिया, विनेश फोगाट और साक्षी मलिक

    इमेज स्रोत, ANI

    इमेज कैप्शन, बजरंग पुनिया और विनेश फोगाट ने साक्षी मलिक को लेकर कहा

    हरियाणा के जुलाना से कांग्रेस की विधायक विनेश फोगाट और पार्टी के नेता बजरंग पुनिया ने पहलवान साक्षी मलिक के बयान पर मंगलवार को प्रतिक्रिया दी.

    साक्षी मलिक ने अपनी किताब में ये ज़िक्र किया है कि विनेश फोगाट और बजरंग पुनिया ने कहीं न कहीं खिलाड़ियों की लड़ाई को कमज़ोर किया.

    इस बारे में जब विनेश फोगाट से पूछा गया तो उन्होंने कहा, "ये साक्षी का निजी विचार है. मैं नहीं मानतीं.जब तक मैं कमज़ोर नहीं हूं तब तक लड़ाई कमज़ोर नहीं हो सकती. मेरा ऐसा मानना है."

    " जब तक साक्षी, विनेश और बजरंग ज़िंदा है तो लड़ाई कमजोर नहीं हो सकती. भावनाओं को कमज़ोर नहीं करना चाहिए. आदमी को हमेशा मैदान में डटकर लड़ने का संघर्ष चुनना चाहिए. इसके लिए आपको मन कठोर करना होगा."

    वहीं जब यही सवाल बजरंग पुनिया से किया गया तो उन्होंने कहा, " साक्षी हमारी साथी हैं. पहले भी थी और आगे भी रहेंगी.साक्षी के बोलने के बारे में उनसे बात करिए. उनके निजी विचार हैं."

    "साक्षी की किताब ना ही आपने पढ़ी और ना ही मैंने पढ़ी है."

    न्यूज़ एजेंसी पीटीआई के अनुसार साक्षी मलिक ने अपनी किताब 'विटनेस' में लिखा है कि बजरंग पुनिया और विनेश फोगाट के दिमाग में उनके करीबी लोगों ने लालच भर दिया.

    भारतीय कुश्ती महासंघ के तत्कालीन अध्यक्ष और बीजेपी नेता बृजभूषण शरण सिंह के ख़िलाफ़ पहलवान साक्षी मलिक, विनेश फोगाट, बजरंग पुनिया प्रदर्शन करने वालों में मुख्य चेहरा थे. हालांकि, इसी साल ओलंपिक में मेडल चूकने के बाद विनेश फोगाट और बजरंग पुनिया ने कांग्रेस पार्टी ज्वाइन की और विनेश हरियाणा की जुलाना सीट से विधायक बनीं.

  14. चीन ने भारत के साथ सीमा पर पेट्रोलिंग से जुड़े विवाद पर समझौते के बारे में ये कहा

    चीन-भारत

    इमेज स्रोत, ANI

    इमेज कैप्शन, भारत और चीन के बीच सीमा पर निगरानी को लेकर हुए समझौते की रिपोर्ट की चीनी विदेश मंत्रालय ने भी पुष्टि कर दी है

    भारत और चीन के बीच सीमा पर निगरानी को लेकर हुए समझौते की रिपोर्ट की चीनी विदेश मंत्रालय ने भी पुष्टि कर दी है.

    चीन के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता लिन जियान ने इस मामले में प्रगति की पुष्टि करते हुए कहा कि सीमा से जुड़े मुद्दों पर चीन और भारत की कूटनीतिक और सैन्य स्तर पर क़रीबी बातचीत जारी है. चीनी विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता के मुताबिक़ दोनों पक्ष ज़रूरी मुद्दों पर समाधान तक पहुंच गए हैं, जिसे चीन सकारात्मक तरीके से देखता है.

    चीन के सरकारी अख़बार ग्लोबल टाइम्स के मुताबिक़ चीनी विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता ने कहा है कि इस समाधान को प्रभावी तौर पर लागू करने के लिए चीन अगले चरण में भारत के साथ मिलकर काम करेगा.

    उनसे यह सवाल भी किया गया कि क्या रूस में चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग और भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बीच मुलाक़ात हो सकती है तो उन्होंने कहा कि अगर ऐसा कुछ हुआ तो इसकी जानकारी साझा की जाएगी.

    इससे पहले सोमवार को भारतीय विदेश मंत्रालय ने कहा गया था कि वास्तविक नियंत्रण रेखा यानी एलएसी पर सैनिकों की पेट्रोलिंग को लेकर भारत और चीन एक समझौते पर पहुंच गए हैं.

    रूस में 22-23 अक्तूबर को हो रहे ब्रिक्स समिट के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की रवानगी से ठीक पहले विदेश मंत्रालय की ओर से ये घोषणा की गई थी.

  15. ग्लासगो कॉमनवेल्थ गेम्स में नहीं होंगे क्रिकेट, हॉकी और कुश्ती समेत ये खेल

    मैराथन

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, कॉमनवेल्थ गेम्स से हटाए गए 9 खेल

    साल 2026 में ब्रिटेन के ग्लासगो में होने जा रहे कॉमनवेल्थ गेम्स से कई खेलों को हटा दिया गया है. ग्लासगो में कुल 10 खेलों के लिए ही खिलाड़ियों के बीच मुक़ाबला होगा.

    बीबीसी के स्पोर्ट्स एडिटर डैन रोआन के मुताबिक़ अगले कॉमनवेल्थ गेम्स में जो खेल शामिल नहीं होंगे वे निम्नलिखित हैं:

    • हॉकी
    • स्क्वैश
    • रग्बी-7 एस
    • क्रिकेट
    • बीच वॉलीबॉल
    • डाइविंग
    • बैडमिंटन
    • टेबल टैनिस
    • कुश्ती
    • ट्राइथलॉन
    • मैराथन, रोड साइक्लिंग और बीएमएक्स (साइक्लिंग रेस)

    इससे पहले साल 2022 में इंग्लैंड के बर्मिंघम में 28 जुलाई से 8 अगस्त तक हुए कॉमनवेल्थ खेलों में कुल 72 देशों ने हिस्सा लिया था.

    उस साल 19 खेलों में 283 मेडल के लिए खिलाड़ियों के बीच मुक़ाबला हुआ था, जिनमें 4500 से ज़्यादा एथलीट्स शामिल थे.

    इनमें ऑस्ट्रेलिया ने सबसे ज़्यादा 178 मेडल जीते थे, जिनमें से 57 गोल्ड मेडल थे. उस साल दूसरे स्थान पर इंग्लैंड, तीसरे पर कनाडा और चौथे स्थान पर भारत रहा था.

    ग्लासगो में जिन खेलों में मेडल हासिल करने के लिए मुक़ाबला होगा उनमें एथलेटिक्स और पैरा एथलेक्टिस, स्विमिंग और पैरा स्विमिंग, आर्टिस्टिक जिम्नास्टिक, ट्रैक साइकिलिंग और पैरा ट्रैक साइकिलिंग, नेटबॉल शामिल हैं.

    इसके अलावा बॉक्सिंग, जूडो बॉल्स और पैरा बॉल्स, वेटलिफ्टिंग और पैरा पावरलिफ्टिंग 3x3, बास्केटबॉल और 3x3 व्हीलचेयर बास्केटबॉल के लिए भी ग्लासगो में मुक़ाबला होगा.

  16. ब्रेकिंग न्यूज़, मध्य प्रदेश के जबलपुर में ऑर्डिनेंस फैक्ट्री खमरिया में विस्फोट, 13 घायलों में से दो की हालत गंभीर, विष्णुकांत तिवारी, बीबीसी संवाददाता

    घायलों को निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है
    इमेज कैप्शन, घायलों को निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है

    मध्य प्रदेश के जबलपुर ज़िले में स्थित ऑर्डिनेंस फैक्ट्री खमरिया में आज सुबह धमाका होने से दर्जन भर से ज़्यादा लोग ज़ख्मी हो गए हैं.

    शुरुआती जानकारी के अनुसार मंगलवार सुबह 10:45 बजे के आस-पास धमाका हुआ. घटनास्थल पर मौजूद दर्जन भर से अधिक कर्मचारी इसमें बुरी तरह से चोटिल हुए हैं जिसमें दो की हालत गंभीर है.

    ऐसी आशंका जताई गई है कि फौज के लिए बनाए जाने वाले बम में बारूद भरते वक्त ये धमाका हुआ है.

    दरअसल जबलपुर में ऑर्डिनेंस फैक्ट्री खमरिया रक्षा मंत्रालय की गोला बारूद बनाने वाली एक बड़ी फैक्ट्री है और यहां सेना के लिए लड़ाकू विमानों और युद्ध टैंकों के लिए भी बम बनाए जाते हैं.

    सभी घायलों को उपचार के लिए एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है जहां दो मरीज़ों की हालत गंभीर बताई जा रही है.

    ऑर्डिनेंस फैक्ट्री में आज सुबह एफ-6 क्षेत्र में यह धमाका हुआ और शुरुआती जानकारी के अनुसार इमारत का ये हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया है.

    यह इलाका फैक्ट्री के अंदर सुरक्षित इलाकों में से है जहां किसी भी बाहरी व्यक्ति का प्रवेश संभव नहीं है. ऐसे में ज्यादा जानकारी फैक्ट्री के तरफ से आधिकारिक बयान जारी होने पर ही मिल पाएगी.

  17. गांदरबल पुलिस ने कहा- बाहरी लोगों को इलाक़ा खाली करने के लिए कहने वाली ख़बरें गलत

    गांदरबल में सुरक्षारकर्मी

    इमेज स्रोत, ANI

    इमेज कैप्शन, गांदरबल में रविवार को चरमपंथी हमले में 7 लोगों की मौत हो गई

    जम्मू-कश्मीर की गांदरबल पुलिस ने वहां काम कर रहे बाहरी मज़दूरों को इलाक़े को खाली करने के लिए कहे जाने से जुड़ी ख़बरों को ग़लत बताया है. पुलिस के मुताबिक़ ऐसी ख़बरे सोशल मीडिया पर चलाई जा रही हैं.

    गांदरबल पुलिस ने सोशल मीडिया एक्स पर पोस्ट के ज़रिए बताया है कि ऐसी ख़बरे आधारहीन हैं और जम्मू कश्मीर पुलिस लोगों को सुरक्षा मुहैया कराने और उनके जीवनयापन के लिए सुरक्षित माहौल उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है.

    बीते रविवार को जम्मू-कश्मीर के गांदरबल ज़िले में एक निर्माणाधीन सुरंग के पास चरमपंथी हमला हुआ था.

    इस हमले में एक डॉक्टर और छह मज़दूरों समेत कुल सात लोगों की मौत हुई.

    अधिकारियों के मुताबिक़ अज्ञात चरमपंथियों ने यह हमला तब किया, जब गांदरबल में सोनमर्ग इलाक़े के गुंड में सुरंग परियोजना पर काम कर रहे मज़दूर और अन्य कर्मचारी देर शाम अपने शिविर में लौट आए थे.

  18. दिल्ली में बढ़ता जा रहा है वायु प्रदूषण, एक्यूआई बेहद ख़राब श्रेणी में पहुंचा

    इंडिया गेट

    इमेज स्रोत, ANI

    इमेज कैप्शन, दिल्ली में हवा की गुणवत्ता लगातार ख़राब हो रही है

    देश की राजधानी दिल्ली में हवा की गुणवत्ता लगातार बिगड़ती जा रही है.

    मंगलवार की सुबह भी दिल्ली की अधिकतर जगहों पर हवा की गुणवत्ता ‘बेहद ख़राब’ स्थिति में ही दर्ज की गई है. मंगलवार को दिल्ली का एक्यूआई 318 है जो कि बेहद ख़राब की श्रेणी में आता है.

    राजधानी दिल्ली की ख़ास जगहों की बात करें तो लोधी रोड में मंगलवार की सुबह एक्यूआई 278 रहा. जबकि आनंद विहार में 387, रोहिणी में 356, पंजाबी बाग़ में 352, आईजीआई एयरपोर्ट इलाके में 320 और आईटीओ में हवा की गुणवत्ता 293 दर्ज की गई है.

    सर्दियों के मौसम में पिछले कुछ साल से दिल्ली में हवा की गुणवत्ता लगातार ख़तरनाक स्तर तक पहुंचती रही है.

    इस बीच दिल्ली के पर्यावरण मंत्री गोपाल राय ने समाचार एजेंसी पीटीआई से बातचीत में कहा है कि हवा की रफ़्तार कम होने के वजह से दिल्ली ही नहीं पूरे देश में प्रदूषण का स्तर बढ़ रहा है.

  19. भारत ने फ़लस्तीनी लोगों के लिए भेजा खाना और दवाएं

    भारत की मदद

    इमेज स्रोत, Randhir Jaiswal/X

    इमेज कैप्शन, भारत के फ़लस्तीन के लोगों के लिए मदद भेजी है.

    भारत ने फ़लस्तीन के लोगों की मदद के लिए यूनआरडब्लूए के तहत मदद भेजी है.

    इस मदद की पहली खेप में भारत के 30 टन भोजन और दवाइयाँ भेजी हैं.

    मंगलवार को रवाना हुए पहले खेप में कई ज़रूरी और आम दवाओं के अलावा सर्जरी में इस्तेमाल होने वाले उपकरण और हाई एनर्जी बिस्किट भी शामिल है.

    विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने सोशल मीडिया पर एक पोक्ट के ज़रिए यह जानकारी दी है.

    यूनआरडब्लूए यानी यूनाइटेड नेशंस रिलीफ़ एंड वर्क्स एजेंसी संयुक्त राष्ट्र की एक संस्था है जो फ़लस्तीनी शरणार्थियों को मदद और सुरक्षा मुहैया कराता है.

    इसराइल और फ़लस्तीन के बीच चल रहे संघर्ष का असर एक बड़ी आबादी पर पड़ा है. इस संघर्ष में बड़ी संख्या में लोगों की मौत भी हुई है.

  20. यूपी: बुलंदशहर में धमाके में ध्वस्त हुआ मकान, छह की मौत, शहबाज़ अनवर, बुलंदशहर से बीबीसी हिंदी के लिए

    बुलंदशहर

    इमेज स्रोत, Saurabh Sharma

    इमेज कैप्शन, बुलंदशहर में धमाके की वजह से गिरा मकान, 6 की मौत

    बुलंदशहर में सोमवार रात तक़रीबन साढ़े आठ बजे एक विस्फोट में छह लोगों की मौत हो गई. मृतकों में एक बच्ची भी शामिल है. विस्फोट की वजहों का अभी पता नहीं चल पाया है.

    इस धमाके के बाद अफरा- तफरी मच गई और पुलिस प्रशासन की टीम कुछ देर में बचाव के लिए घटनास्थल पर पहुंची गई.

    बुलंदशहर के सिटी मजिस्ट्रेट चंद्र प्रकाश प्रियदर्शी ने पत्रकारों से कहा, " मैं यहां जिला अस्पताल पर हूं, अभी तक अस्पताल में छह शव पहुंच चुके हैं जिनमें तीन पुरुष और तीन महिलाएं शामिल हैं. मृतकों में एक बच्ची भी शामिल है. कुछ घायलों को भी यहां भर्ती कराया गया है. मौक़े पर बचाव और राहत कार्य जारी है."

    उन्होंने बताया "सोमवार को बुलंदशहर के सिकंदराबाद की आशापुरी कॉलोनी में रियाजुद्दीन नामक शख्स के मकान में यह हादसा हुआ है. यहां उनके परिवार के 18-19 लोग रहते हैं. रात 8 और 9 बजे के बीच सिलेंडर का ब्लास्ट हुआ है."

    वहीं सिकंदराबाद की डीएसपी पूर्णिमा सिंह ने बीबीसी के सहयोगी संवाददाता से कहा, "ये विस्फोट सिलेंडर से हुआ या इसकी कोई और वजह रही, इसको लेकर जांच की जा रही है. जांच के बाद ही विस्फोट के सही कारणों का सही पता चल पाएगा."