You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.

Take me to the main website

शेख़ हसीना का प्रत्यर्पण करने की बांग्लादेश की मांग का भारत ने दिया ये जवाब

भारत ने बुधवार को बांग्लादेश की पूर्व प्रधानमंत्री शेख़ हसीना को प्रत्यर्पित किए जाने के अनुरोध पर प्रतिक्रिया दी है.

सारांश

लाइव कवरेज

संदीप राय और अश्वनी पासवान

  1. अब इस लाइव पेज को विराम देने का वक़्त आ गया है. बीबीसी संवाददाता अश्वनी पासवान को दीजिए इजाज़त.

    कल सुबह एक नए लाइव पेज के साथ हम फिर हाज़िर होंगे.

    बीबीसी न्यूज़ हिन्दी की वेबसाइट पर मौजूद कुछ अहम ख़बरों को पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक्स पर क्लिक करें.

  2. शेख़ हसीना का प्रत्यर्पण करने की बांग्लादेश की मांग का भारत ने दिया ये जवाब

    भारत ने बुधवार को बांग्लादेश की पूर्व प्रधानमंत्री शेख़ हसीना को प्रत्यर्पित किए जाने के अनुरोध पर प्रतिक्रिया दी है.

    भारतीय विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने साप्ताहिक प्रेस ब्रीफ़िंग में कहा, "हां, हमें अनुरोध मिला है. इसे देखा जा रहा है."

    उन्होंने बताया है कि चल रही न्यायिक और आंतरिक क़ानूनी प्रक्रिया को देखते हुए हम बांग्लादेश के लोगों के सर्वोत्तम हितों को सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध हैं.

    बांग्लादेश में इंटरनेशनल क्राइम्स ट्राइब्यूनल ने शेख़ हसीना को मानवता के विरुद्ध अपराध के मामले में मौत की सज़ा सुनाई थी.

    इससे संबंधित मामले की सुनवाई शेख़ हसीना की ग़ैर मौजूदगी में हुई थी क्योंकि वो बांग्लादेश छोड़ने के बाद से भारत में हैं.

    दरअसल, बांग्लादेश की अंतरिम सरकार ने भारत से शेख़ हसीना को प्रत्यर्पित करने का अनुरोध किया है.

  3. दिल्ली में ग्रैप-3 हटाया गया, क्या बेहतर हुई शहर की हवा?

    वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग (सीएक्यूएम) ने दिल्ली-एनसीआर में ग्रेडेड रेस्पांस एक्शन प्लान (ग्रैप)-3 के तहत लागू सभी प्रतिबंध हटा दिए हैं.

    इसकी जानकारी दिल्ली सरकार में पर्यावरण मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा ने दी.

    उन्होंने कहा, "सीएक्यूएम की तरफ से ग्रैप-3 को हटा दिया गया है. ग्रैप-2 के प्रतिबंध दिल्ली में लगे रहेंगे."

    न्यूज़ एजेंसी पीटीआई के अनुसार, दिल्ली का 24 घंटे का औसत वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) बुधवार को 327 रहा.

    भारत मौसम विभाग (आईएमडी) ने हवा की गुणवत्ता ‘बहुत खराब’ श्रेणी में बनी रहने की आशंका जताई है.

    पिछले तीन दिनों से दिल्ली में वायु गुणवत्ता में मामूली सुधार हुआ है.

    एक्यूआई 201-300 को ख़राब श्रेणी माना जाता है और इस दौर में जीआरएपी का स्टेज-1 लागू किया जाता है.

    एक्यूआई 301 से 400 की स्थिति में स्टेज-2, एक्यूआई 401-500 में स्टेज-3 और एक्यूआई 450 पार होने पर स्टेज-4 लागू किया जाता है.

    यह भी पढ़ें-

  4. बिहार: 18वीं विधानसभा का पहला सत्र एक दिसंबर को होगा शुरू

    बिहार विधानसभा का सत्र एक दिसंबर से शुरू होकर पांच दिसंबर तक चलेगा.

    बिहार विधानसभा सचिवालय ने बताया है कि सत्र की शुरुआत एक दिसंबर को नवनिर्वाचित विधायकों के शपथ ग्रहण से होगी.

    अगले दिन यानी दो दिसंबर को विधानसभा अध्यक्ष यानी स्पीकर का चुनाव होगा.

    वहीं, तीन दिसंबर को विधानसभा के सेंट्रल हॉल में बिहार विधानमंडल का संयुक्त सत्र होगा, जिसमें राज्यपाल अभिभाषण देंगे.

    चार दिसंबर को राज्यपाल के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव पर चर्चा होगी और सरकार जवाब देगी.

    पांच दिसंबर को अनुदान व्यय विवरणी पर वाद-विवाद और मतदान के बाद संबंधित विनियोग विधेयक सदन में प्रस्तुत किए जाएंगे.

    हाल ही में हुए बिहार विधानसभा चुनाव में एनडीए ने जीत हासिल की थी.

    एनडीए में शामिल मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की जेडीयू ने 85 सीटों पर जीत हासिल की थी. वहीं बीजेपी के खाते में 89 सीटें गई थीं.

    चुनाव में अहम मुकाबला एनडीए और महागठबंधन के बीच था.

    एनडीए में बीजेपी, जेडीयू, लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास), राष्ट्रीय लोक मोर्चा, हिंदुस्तानी अवाम मोर्चा (सेक्युलर) जैसे दल हैं.

    वहीं, महागठबंधन में राष्ट्रीय जनता दल (आरजेडी). कांग्रेस, विकासशील इंसान पार्टी और तीन वामपंथी दल-सीपीआई, सीपीएम और सीपीआई(एम-एल) हैं.

  5. राम मंदिर में पीएम मोदी के ध्वजारोहण करने पर पाकिस्तान के बयान पर भारत का जवाब

    अयोध्या में मंगलवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के राम मंदिर में ध्वजारोहण करने पर पाकिस्तान की प्रतिक्रिया को लेकर भारत ने जवाब दिया है.

    पाकिस्तान ने बयान जारी कर इसे अल्पसंख्यकों और मुस्लिम सांस्कृतिक विरासत के लिए खतरा बताया था.

    भारतीय विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने साप्ताहिक प्रेस ब्रीफ़िंग में कहा, "हमने रिपोर्ट किए गए बयानों को देखा है. हम इसे उसी अवमानना के साथ खारिज करते हैं, जिसके वो हकदार हैं."

    उन्होंने कहा, "एक ऐसे देश के तौर पर जिसका अपने अल्पसंख्यकों के दमन, कट्टरता और व्यवस्थित बुरे बर्ताव का गहरा दागदार रिकॉर्ड है. पाकिस्तान के पास दूसरे को लेक्चर देने का कोई नैतिक अधिकार नहीं है."

    यह भी पढ़ें-

  6. भारत करेगा कॉमनवेल्थ गेम्स 2030 की मेज़बानी, इस शहर में होंगे गेम्स

    भारत को कॉमनवेल्थ गेम्स 2030 की मेज़बानी मिल गई है.

    स्कॉटलैंड के ग्लासगो में हुए कॉमनवेल्थ स्पोर्ट्स जनरल असेम्बली में भारत की बोली को औपचारिक मंज़ूरी मिल गई है.

    बयान जारी कर बताया गया है कि अहमदाबाद में गेम्स होंगे.

    भारत में इससे पहले कॉमनवेल्थ गेम्स 2010 में हुए थे. 2010 में नई दिल्ली में इन गेम्स का आयोजन किया गया था.

  7. कनाडा में कैफ़े पर हुई कई बार फ़ायरिंग पर कॉमेडियन कपिल शर्मा ने क्या कहा?

    कनाडा में अपने कैफ़े पर कई बार हुई फ़ायरिंग पर कॉमेडियन कपिल शर्मा ने प्रतिक्रिया दी है.

    एक कार्यक्रम में कॉमेडियन कपिल शर्मा ने कहा, "वहां पर तीन बार फ़ायरिंग हुई. मुझे लगता है कि पुलिस के पास शायद इतनी शक्ति नहीं है कि इसे कंट्रोल कर पाए."

    उन्होंने बताया, "मामले में केस होने के बाद संसद में इसको लेकर चर्चा हुई. मुझे कई लोगों ने फ़ोन कर कहा कि यहां बहुत कुछ चल रहा था, लेकिन आपके कैफ़े पर फ़ायरिंग हुई तो न्यूज़ बनी. क़ानून व्यवस्था को सुधारने पर उनके काफी कदम बढ़ रहे हैं."

    कई मीडिया रिपोर्टों के मुताबिक़, कपिल शर्मा के कनाडा के सरे में स्थित कैफ़े पर कई बार फ़ायरिंग हो चुकी है.

  8. तस्वीरें: हांगकांग की कई इमारतों से उठती लपटें और दिखता धुआं, अब तक क्या पता है?

    हांगकांग में कई इमारतों में आग लगने के कारण कम से कम चार लोगों की मौत हो गई है.

    आग लगने के बाद इमारतों से उठती लपटें और धुआं दिखाई दे रहा है.

  9. केंद्रीय मंत्रिमंडल की बैठक में क्या फ़ैसले हुए, केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव ने बताया

    प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में बुधवार को हुई केंद्रीय मंत्रिमंडल की बैठक में कई फ़ैसले लिए गए हैं.

    कैबिनेट की बैठक के बाद सूचना एवं प्रसारण मंत्री अश्विनी वैष्णव ने प्रेस कॉन्फ़्रेंस में कहा है कि 'रेयर अर्थ परमानेंट मैग्नेट्स' स्कीम को कैबिनेट में मंज़ूरी मिली है.

    अश्विनी वैष्णव ने बताया है कि स्थायी चुम्बकों का इस्तेमाल एयरोस्पेस, इलेक्ट्रॉनिक्स और रक्षा सहित कई सेक्टरों में किया जाता है.

    अश्विनी वैष्णव ने साथ ही बताया है कि सरकार ने 9,858 करोड़ रुपये की लागत से पुणे मेट्रो रेल नेटवर्क के विस्तार को मंज़ूरी दे दी है.

    वैष्णव ने बताया कि केंद्रीय मंत्रिमंडल की बैठक में पुणे मेट्रो रेल परियोजना के दूसरे चरण के तहत लाइन 4 (खराड़ी-हडपसर-स्वारगेट-खड़कवासला) और लाइन 4ए (नल स्टॉप-वारजे-माणिक बाग) को मंज़ूरी दी गई.

  10. हांगकांग में कई इमारतों में लगी आग, चार लोगों की मौत और कई फंसे

    हांगकांग में कई इमारतों में आग लगने के कारण कम से कम चार लोगों की मौत हो गई है.

    ये जानकारी हांगकांग सरकार ने दी है.

    इसको लेकर कई फ़ुटेज सामने आए हैं. इन वीडियो में इमारतों से उठती लपटें और धुआं दिखाई दे रहा है. कई लोगों के अंदर फंसे होने की ख़बर है.

    इमरजेंसी सर्विस मौक़े पर मौजूद हैं

  11. दक्षिण अफ्रीका के ख़िलाफ़ हार पर हेड कोच गौतम गंभीर बोले, 'मेरा फ़ैसला बीसीसीआई को करना है'

    दक्षिण अफ्रीका के ख़िलाफ़ टेस्ट सिरीज़ हारने पर हो रही आलोचनाओं पर भारतीय क्रिकेट टीम के हेड कोच गौतम गंभीर ने बुधवार को प्रतिक्रिया दी है.

    गौतम गंभीर ने प्रेस कॉन्फ़्रेंस में कहा, "मेरे भविष्य पर फ़ैसला भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) को करना है. भारतीय क्रिकेट टीम महत्वपूर्ण है, मैं नहीं."

    दरअसल, भारतीय क्रिकेट टीम दक्षिण अफ़्रीका से टेस्ट सिरीज़ 2-0 से हार गई है.

    गंभीर ने साथ ही याद दिलाया कि उनके कोच रहते हुए टीम इंडिया को कितनी सफलता मिली.

    उन्होंने कहा, "मैं वो ही व्यक्ति हूं, जिसने इंग्लैंड में यंग टीम के साथ आपको अनुकूल परिणाम दिलाए."

    गौतम गंभीर ने कहा है कि उनके रहते हुए टीम इंडिया चैंपियंस ट्रॉफ़ी और एशिया कप जीती.

    इस साल हुई चैंपियंस ट्रॉफ़ी और एशिया कप भारतीय टीम ने अपने नाम की थी.

    साथ ही इंग्लैंड के ख़िलाफ़ भारत ने टेस्ट सिरीज़ 2-2 से बराबर की थी.

  12. कर्नाटक में सीएम बदलने की अटकलों पर डीके शिवकुमार ने क्या कहा?

    कर्नाटक में मुख्यमंत्री बदलने की अटकलों पर डिप्टी सीएम डीके शिवकुमार ने बुधवार को प्रतिक्रिया दी है.

    डीके शिवकुमार ने कहा, "कोई भ्रम नहीं है. किसी को किसी चीज़ की मांग नहीं करनी चाहिए. कोई ग्रुप नहीं है. सिर्फ एक ग्रुप है कांग्रेस. हमारे ग्रुप में 140 विधायक हैं."

    न्यूज़ एजेंसी पीटीआई के अनुसार, कई विधायकों ने डीके शिवकुमार को मुख्यमंत्री बनाने के लिए पार्टी नेतृत्व से मुलाक़ात की थी .

    इन अटकलों को तब और हवा मिली जब बीजेपी ने तंज़ करते हुए एक एआई वीडियो शेयर किया था.

    कर्नाटक बीजेपी ने अपने एक्स हैंडल पर एक एआई जेनरेटेड वीडियो शेयर किया जिसमें डीके शिवकुमार ऑनलाइन शॉपिंग में सीएम की कुर्सी खोज रहे हैं और उसमें ‘आउट ऑफ़ स्टॉक’ लिख कर आ रहा है.

    मंगलवार को डीके शिवकुमार ने एक्स पर लिखा, “हमें अपनी अंतरात्मा के अनुसार काम करना चाहिए.”

    दो दिन पहले एनडीए गठबंधन में शामिल जेडीएस के नेता एचडी कुमारस्वामी ने कर्नाटक में कुछ ‘विस्फोटक राजनीतिक घटनाक्रम’ की बात कही थी और संकेत दिया था कि डीके शिवकुमार बीजेपी के शीर्ष नेतृत्व से संपर्क में हैं.

  13. इटली में लैंगिक आधार पर 'महिलाओं की हत्या' मामले में अब होगी उम्र क़ैद की सज़ा

    इटली की संसद ने जेंडर के आधार पर किसी महिला की हत्या (फ़ेमिसाइड) को जघन्य अपराध बनाने से जुड़ा एक बिल पास किया है.

    इस बिल में फ़ेमिसाइड के मामले में उम्र क़ैद की सज़ा का प्रावधान शामिल किया गया है.

    यह बिल 25 नवंबर को पास किया गया, जिसे 'इंटरनेशनल डे फॉर दी एलिमिनेशन ऑफ़ वायलेंस अगेंस्ट वीमेन' यानी महिलाओं के खिलाफ़ हिंसा ख़त्म करने के 'अंतरराष्ट्रीय दिवस' के रूप में मनाया जाता है.

    यही कारण है कि इसे एक प्रतीकात्मक क़दम के तौर पर भी देखा जा रहा है.

    इटली में फ़ेमिसाइड के ख़िलाफ़ क़ानून बनाने के ऊपर पहले भी चर्चाएं होती रही हैं लेकिन दो साल पहले हुई एक हत्या ने इस दिशा में जल्द फ़ैसला लेने के लिए सरकार को मजबूर किया.

    दरअसल, नवंबर 2023 के आख़िर में, 22 साल की जूलिया की फ़िलिपो टुरेट्टा नाम के उनके एक्स-बॉयफ्रेंड ने चाकू मारकर हत्या कर दी थी और फिर उनके शव को बैग में डालकर एक झील के किनारे फेंक दिया था.

    इस घटना ने पूरे देश को झकझोर कर रख दिया.

    वर्तमान में इस नए बिल के पास होने के बाद इटली उन चुनिंदा देशों में शामिल हो गया है जहां फ़ेमिसाइड को एक अलग अपराध की कैटेगरी में रखा गया है.

  14. अभी तक बीबीसी संवाददाता संदीप राय आप तक इस लाइव पेज के ज़रिए ख़बरें पहुंचा रहे थे.

    अब बीबीसी संवाददाता अश्वनी पासवान रात दस बजे तक आप तक ख़बरें पहुचाएंगे.

    आप बीबीसी हिन्दी की वेबसाइट पर छपी अहम ख़बरों को उनके साथ दिए लिंक्स पर क्लिक कर विस्तार से पढ़ सकते हैं.

  15. राबड़ी देवी को 10 सर्कुलर आवास के बदले दूसरा आवास आवंटित होने से आरजेडी ख़फ़ा

    बिहार की पूर्व मुख्यमंत्री और बिहार विधान परिषद की नेता प्रतिपक्ष राबड़ी देवी को मौजूदा सरकारी आवास खाली करने करने का आदेश दिया गया है. उन्हें नया आवास आवंटित किया गया है.

    राष्ट्रीय जनता दल (आरजेडी) ने इसे राजनीतिक रूप से दुर्भावनापूर्ण बताया है.

    आरजेडी प्रवक्ता सुबोध कुमार मेहता ने कहा, “राबाड़ी देवी पात्रता के आधार पर रह रही थीं. बिहार सरकार ने जिस तरह चुनाव के तुरंत बाद नियमावली में बदलाव किया है, उसके पीछे की मंशा दुर्भावनापूर्ण लगती है. एक ऐसी मंशा दिखती है जो प्रजातांत्रिक व्यवस्था के अनुरूप नहीं है.”

    आरजेडी नेता मृत्युंजय तिवारी ने कहा, “यह ओछी राजनीति है. आप मकान या बंगला खाली करा देंगे लेकिन जनता के दिल से कैसे उतारेंगे. लालू यादव और राबड़ी यादव को यह आवास पिछले 20 सालों से आवंटित है... जनता सब देख रही है...इन सब चीज़ों का जवाब दिया जाएगा.”

    बिहार के उप मुख्यमंत्री विजय सिन्हा ने इस मामले पर कहा, “जब भी नई सरकार आती है तो नियम के अनुसार काम करती है. यह मामला भवन निर्माण विभाग से संबंधित है. आवास बदलने और आवास आवंटित करने की प्रक्रिया होती है, जिसके तहत ये हो रहा है.”

    साल 2006 से राबड़ी देवी 10 सर्कुलर रोड पर रह रही हैं, ये आवास आरजेडी की गतिविधियों का मुख्य केंद्र रहा है.

    हालांकि, अब बिहार भवन निर्माण विभाग ने उन्हें आवास संख्या- 39, हार्डिंग रोड, पटना आवंटित किया है.

  16. भारतीय क्रिकेट टीम दक्षिण अफ़्रीका से दूसरा टेस्ट भी हारी, सिरीज़ 2-0 से गंवाई

    गुवाहाटी क्रिकेट टेस्ट की दूसरी पारी में भारतीय टीम महज 140 रन पर ऑल आउट हो गई. इसके साथ ही दक्षिण अफ्रीका ने भारत को 408 रन से हरा दिया.

    दक्षिण अफ़्रीका की टीम ने भारत के सामने जीत के लिए 549 रन का लक्ष्य रखा था.

    इसके जवाब में खेलने उतरी भारतीय टीम का प्रदर्शन बहुत कमज़ोर रहा और कोई भी खिलाड़ी क्रीज पर डटकर नहीं खेल सका.

    रवींद्र जडेजा ही एकमात्र बल्लेबाज़ रहे जो टिक सके, उन्होंने अर्द्ध शतक (54 रन) बनाया.

    यशस्वी जायसवाल (12 रन), केएल राहुल (6 रन), साई सुदर्शन (14) कुलदीप यादव (5), ध्रुव जुरेल (2), ऋषभ पंत (13) और वॉशिंगटन सुंदर (16), रवींद्र जडेजा (54 रन), नीतीश कुमार रेड्डी (0), और मोहम्मद सिराज (0) और जसप्रीत बुमराह (नाबाद 01 रन).

    इससे पहले दक्षिण अफ़्रीका ने पहली पारी में पहली पारी में 489 रन और दूसरी पारी में 260 रन बनाए थे.

    भारत ने पहली पारी में 201 रन बनाए थे और दूसरी पारी में उसे 549 रनों का टार्गेट मिला था.

  17. थाईलैंड में 300 सालों में सबसे भीषण बारिश, बाढ़ से डूबे शहर- तस्वीरों में

    थाईलैंड में भारी बारिश की वजह से कई शहर और कस्बे भीषण बाढ़ की चपेट में हैं.

    अब तक 18 लोगों की मौत हो गई है और सरकार ने राहत एवं बचाव कार्य के लिए सेना को नावों और हेलीकॉप्टर का इस्तेमाल करने को कहा है.

    पिछले हफ़्ते देश के दक्षिण के दस प्रांतों में बाढ़ आई है, जिसमें मलेशिया की सीमा से लगे बिज़नेस हब हाट याई शहर में 300 सालों में सबसे ज़्यादा, एक ही दिन में 335 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई.

    बाढ़ वाले इलाक़ों से जो तस्वीरें आ रही हैं उसमें शहर में गाड़ियां और घर डूबे नज़र आ रहे हैं. परेशान लोग अपनी छतों पर राहत और बचाव का इंतज़ार कर रहे हैं.

    लगातार बारिश ने पड़ोसी देशों में भी तबाही मचाई है. वियतनाम में, एक हफ़्ते में मरने वालों की संख्या बढ़कर 98 हो गई है, जबकि मलेशिया में, 19,000 से ज़्यादा लोगों को अपने घर छोड़ने पड़े हैं.

    थाईलैंड में 20 लाख से ज़्यादा लोग बाढ़ से प्रभावित हुए हैं.

    रॉयटर्स न्यूज़ एजेंसी के अनुसार, ज़्यादातर लोग अलग-थलग हैं और उन्हें मदद मिलने में मुश्किलें आ रही हैं.

  18. ब्राज़ील के पूर्व राष्ट्रपति बोल्सोनारो को 27 साल की सज़ा जेल में काटने का आदेश, कैथरीन आर्मस्ट्रांग

    ब्राज़ील के सुप्रीम कोर्ट ने पूर्व राष्ट्रपति जायर बोल्सोनारो को 27 साल और तीन महीने की जेल की सज़ा शुरू करने का आदेश दिया है.

    उनके ऊपर तख़्तापलट की साज़िश रचने और अपने वामपंथी विरोधी लूला डी सिल्वा की हत्या करने की साज़िश रचने का दोषी पाया गया.

    जस्टिस एलेक्जेंड्रे डी मोरेस ने कहा कि 'केस का आख़िरी फ़ैसला आ गया है और अब आगे कोई अपील नहीं हो सकती.'

    70 साल के बोल्सोनारो राजधानी ब्रासीलिया की जेल में अपनी सज़ा काटना शुरू करेंगे, जहाँ उन्हें शनिवार से हिरासत में रखा गया है.

    उन्हें तब हिरासत में लिया गया जब घर पर नज़रबंदी के दौरान उन्होंने निगरानी मॉनिटर को हटा दिया था. बाद में उन्होंने माना कि उन्होंने मॉनिटर को खोलने की कोशिश की थी. हालांकि कहा कि उनका भागने का कोई इरादा नहीं था.

    जस्टिस मोरेस ने अपने आदेश में बोल्सोनारो को फ़ुल-टाइम मेडिकल केयर देने को कहा है, क्योंकि बोल्सोनारो की मेडिकल टीम ने सेहत को लेकर चिंता जताई थी.

  19. संविधान दिवस पर ममता बनर्जी ने कहा- लोकतंत्र, धर्मनिरपेक्षता ख़तरे में

    पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने संविधान दिवस पर भारतीय संविधान के प्रति सम्मान व्यक्त किया है.

    ममता बनर्जी ने एक्स पर एक लंबी पोस्ट में भारतीय संविधान को ‘भारत को आपस में जोड़ने वाला’ बताया.

    उन्होंने लिखा, "अब, जब डेमोक्रेसी ख़तरे में है, जब सेक्युलरिज़्म ख़तरे में है, जब फ़ेडरलिज़्म को बुलडोज़र से दबाया जा रहा है, इस मुश्किल समय में हमें अपने संविधान से मिलने वाले बहुमूल्य दिशा निर्देशों की रक्षा करनी चाहिए.”

    आज देश भर में संविधान दिवस मनाया जा रहा है.

    पीएम नरेंद्र मोदी ने भी इस मौके पर चिट्ठी लिखी है.

    इस मौके पर नई दिल्ली में संविधान सदन के सेंट्रल हॉल में एक समारोह आयोजित होना है जिसमें राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु, उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, लोकसभा स्पीकर ओम बिरला, केंद्रीय मंत्री और संसद सदस्य हिस्सा लेंगे.

    पश्चिम बंगाल में मतदाता विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) चल रहा है और ममता बनर्जी इसे लेकर केंद्र सरकार और बीजेपी के साथ-साथ चुनाव आयोग पर निशाना साध रही हैं.

    मंगलवार को उन्होंने कोलकाता में एक रैली में कहा था, "बिहार में महागठबंधन एसआईआर के खेल को नहीं समझ सका. लेकिन यह बंगाल है, बिहार नहीं. हम पर हमला हुआ तो देश हिला देंगे. चुनाव के बाद मैं पूरे देश का दौरा करूंगी."

  20. संविधान दिवस पर प्रधानमंत्री मोदी ने लिखी चिट्ठी, ये बातें कहीं

    प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 26 नवंबर को संविधान दिवस के मौके पर एक सार्वजनिक चिट्ठी लिखी है.

    इसमें उन्होंने लिखा कि साल 2015 में एनडीए सरकार ने 26 नवंबर को संविधान दिवस के रूप में मनाने का निर्णय लिया था.

    पीएम मोदी ने इसमें जम्मू-कश्मीर में अनुच्छेद 370 को हटाने जाने का ज़िक्र करते हुए लिखा, “सरदार पटेल जी की ही प्रेरणा है जिसने हमारी सरकार को जम्मू-कश्मीर में आर्टिकल 370 की दीवार गिराने के लिए प्रेरित किया…इसके बाद वहां भारत का संविधान पूरी तरह लागू हो गया है और लोगों को संविधान प्रदत्त सभी अधिकार मिले हैं.”

    उन्होंने 26 नवंबर को स्कूलों, कॉलेजों में फ़र्स्ट-टाइम वोटर्स के लिए विशेष सम्मान समारोह आयोजित करने का सुझाव दिया.