इसराइल ने ग़ज़ा सिटी पर ज़मीनी हमले से पहले 60 हज़ार आरक्षित सैनिकों को बुलाया

ऐसा अनुमान है कि ग़ज़ा सिटी में रहने वाले लाखों फ़लस्तीनियों को निकालकर दक्षिण ग़ज़ा में बने शरण स्थलों पर जाने का आदेश दिया जाएगा.

सारांश

लाइव कवरेज

आनंद मणि त्रिपाठी और अभय कुमार सिंह

  1. बिहार में राहुल गांधी की ‘वोट अधिकार यात्रा’ से ध्यान भटकाने के लिए भाजपा ला रही विधेयक: गौरव गोगोई

    गौरव गोगोई

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, लोकसभा में कांग्रेस के उप नेता गौरव गोगोई (फ़ाइल फ़ोटो )

    लोकसभा में कांग्रेस के उप नेता गौरव गोगोई ने कहा है कि बुधवार को लोकसभा में तीनों विधेयकों का उद्देश्य बिहार में राहुल गांधी की ‘वोट अधिकार यात्रा’ से लोगों का ध्यान भटकाना है.

    गोगोई ने एक्स पर लिखा है, "गृह मंत्री अमित शाह के ये विधेयक राहुल गांधी की धमाकेदार वोट अधिकार यात्रा से जनता का ध्यान भटकाने की एक हताश कोशिश के अलावा और कुछ नहीं हैं."

    उन्होंने लिखा है, "सीएसडीएस-बीजेपी आईटी सेल का नाटक और अब ये विधेयक. साफ़ है कि बिहार में बदलाव की हवा बह रही है."

    वहीं कांग्रेस के वरिष्ठ प्रवक्ता अभिषेक सिंघवी ने ‘एक्स’ पर लिखा, "यह कैसा दुष्चक्र है! गिरफ़्तारी के लिए किसी दिशानिर्देश के पालन की आवश्यकता नहीं! विपक्षी नेताओं की अनियंत्रित और अनुचित गिरफ़्तारियां."

    सिंघवी ने कहा, "प्रस्तावित कानून गिरफ़्तारी के तुरंत बाद मौजूदा मुख्यमंत्री को हटाने का प्रावधान करता है. केंद्रीय एजेंसियों के माध्यम से मुख्यमंत्रियों की गिरफ़्तारी कराकर विपक्ष को अस्थिर करने का यह सबसे आसान तरीका है."

    पीटीआई के मुताबिक, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह बुधवार को लोकसभा में इन तीनों विधेयकों को संसद की एक संयुक्त समिति को भेजने का प्रस्ताव भी पेश करेंगे.

    इसमें गंभीर आपराधिक आरोपों में गिरफ़्तार या हिरासत में लिए गए प्रधानमंत्री, केंद्रीय मंत्री, मुख्यमंत्री और राज्य के मंत्री को हटाने का प्रावधान किया गया है.

  2. दिल्ली की सीएम का 'हाथ पकड़कर खींचने की कोशिश' करने वाला शख़्स हिरासत में, जन सुनवाई के दौरान हुई घटना

    रेखा गुप्ता

    इमेज स्रोत, Rekha Gupta/Facebook

    दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता पर आज सुबह उनके आवास पर जनसुनवाई के दौरान एक शख़्स ने हमला करने की कोशिश की.

    दिल्ली बीजेपी अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने पत्रकारों को बताया, "जनसुनवाई के दौरान एक शख़्स उनके पास आया, कुछ कागज़ उनके आगे रखे और फिर उनका हाथ पकड़कर खींचने की कोशिश की. उस दौरान थोड़ी धक्का-मुक्की हुई, जिसके बाद उसे पकड़ लिया गया."

    सचदेवा ने कहा कि फिलहाल हमला करने वाले के बारे में अधिक जानकारी नहीं है और पुलिस उससे पूछताछ कर रही है.

    सीएम रेखा गुप्ता को चोट लगने के बारे में सचदेवा ने कहा, "जो लोग पत्थर या थप्पड़ की बात कर रहे हैं वह मनगढ़ंत है. लेकिन संभव है कि किसी टेबल का कोना उनके सिर पर लगा हो. उस शख़्स ने हाथ पकड़कर सीएम को खींचने की कोशिश की थी."

    सुरक्षा कर्मियों ने तुरंत हमलावर को काबू में किया और उससे पूछताछ की जा रही है. मुख्यमंत्री को तुरंत अस्पताल ले जाया गया.

    कांग्रेस ने भी घटना पर प्रतिक्रिया दी है. पार्टी सांसद एम. टैगोर ने एएनआई से कहा, "सीएम की सुरक्षा दिल्ली पुलिस की ज़िम्मेदारी है. हमें उम्मीद है कि दिल्ली पुलिस अपने फ़र्ज़ को निभाएगी."

    शिव सेना (यूबीटी) की सांसद प्रियंका चतुर्वेदी ने कहा कि ये घटना बेहद शर्मनाक और दुखद है.

    दिल्ली कांग्रेस अध्यक्ष देवेंद्र यादव ने कहा कि 'आज की घटना इस बात की पोल खोलती है कि दिल्ली में कोई भी सुरक्षित नहीं है.'

  3. अफ़ग़ानिस्तान में बस दुर्घटना में 73 लोगों की मौत, मरने वालों में 17 बच्चे

    अफ़ग़ानी

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, संयुक्त राष्ट्र शरणार्थी एजेंसी के अनुसार जनवरी 2025 से अब तक 15 लाख से ज़्यादा अफ़ग़ानी ईरान छोड़ चुके हैं.

    अफ़ग़ानिस्तान में एक सड़क दुर्घटना में 73 लोगों की मौत हो गई. मरने वालों में 17 बच्चे भी शामिल हैं.

    तालिबान के एक अधिकारी ने बीबीसी पश्तो को बताया कि इसमें से ज़्यादातर लोग ईरान से निकाले गए अफ़ग़ानी प्रवासियों को ले जा रही बस में सवार थे.

    तालिबान के सूचना और संस्कृति निदेशक अहमदुल्ला मुत्तक़ी ने बताया कि काबुल जा रही बस में आग लग गई थी.

    बस में सवार सभी लोगों की मौत हो गई और इसके साथ ही इससे टकराने वाले दो वाहनों में सवार दो लोग भी मारे गए.

    हाल के महीनों में ईरान ने अपने देश में संघर्ष के कारण भागकर आए अफ़ग़ानियों को देश से बाहर निकालने की प्रक्रिया बढ़ा दी है.

    1970 के दशक से लाखों अफ़ग़ानी ईरान और पाकिस्तान भाग गए हैं.

    इसमें 1979 में अफ़ग़ानिस्तान पर सोवियत आक्रमण के दौरान और 2021 में तालिबान की सत्ता में वापसी के बाद बड़ी संख्या में लोग शामिल हैं.

  4. 'आतंकी ढांचा ख़त्म करने में पाकिस्तान को दिखानी होगी गंभीरता': शशि थरूर

    शशि थरूर

    इमेज स्रोत, @ShashiTharoor

    भारत-पाकिस्तान के बीच चल रहे तनाव को लेकर कांग्रेस के वरिष्ठ नेता शशि थरूर ने बड़ा बयान दिया है.

    उन्होंने कहा कि पाकिस्तान से बार-बार विश्वासघात झेलने के बाद भारत अब संबंध बनाने के लिए पहल करने का इच्छुक नहीं है.

    उन्होंने कहा, "पाकिस्तान के रिकॉर्ड को देखते हुए जिम्मेदारी उन्हीं की और उन्हें ही अपनी धरती पर 'आतंकवाद' के ढांचे को ध्वस्त करने के लिए गंभीरता दिखाने का पहला कदम उठाना होगा."

    उन्होंने कहा कि पाकिस्तान को अपने देश से 'आतंकी नेटवर्क' को ख़त्म करने में ईमानदारी दिखानी होगी. पाकिस्तान 'आतंकी कैंप' बंद करे तभी भारत रिश्ते सुधारने के लिए आगे की बात करेगा.''

    उन्होंने कहा, "1950 में लियाकत अली खान के साथ जवाहरलाल नेहरू के समझौते से लेकर 1999 में अटल बिहारी वाजपेयी की लाहौर बस यात्रा और 2015 में नरेन्द्र मोदी की लाहौर यात्रा तक भारत के हर प्रयास को 'धोखा' मिला है."

    वह मंगलवार को नई दिल्ली में एक पुस्तक विमोचन कार्यक्रम में बोल रहे थे.

  5. अमेरिका के वित्त मंत्री ने भारत पर रूसी तेल से 'मुनाफ़ाखोरी' का लगाया आरोप

    स्कॉट बेसेंट

    इमेज स्रोत, Michael Nagle/Bloomberg via Getty Images

    अमेरिकी वित्त मंत्री स्कॉट बेसेंट ने मंगलवार को भारत पर आरोप लगाया कि वह रूस से सस्ता तेल खरीदकर उसे रिफ़ाइन करने के बाद ऊंचे दाम पर बेचकर "मुनाफ़ाखोरी" कर रहा है.

    बेसेंट की यह टिप्पणी ऐसे समय में आई है जब ट्रंप प्रशासन ने भारत पर कुल 50 प्रतिशत टैरिफ़ लगा दिया है. इसमें रूसी तेल की खरीद पर 25 प्रतिशत अतिरिक्त टैरिफ़ भी शामिल है, जो 27 अगस्त से लागू होगा.

    समाचार एजेंसी पीटीआई के अनुसार न्यूज़ चैनल सीएनबीसी पर चीन और भारत के साथ अमेरिका के दोहरे रवैये पर पूछे गए एक सवाल के जवाब में बेसेंट ने कहा कि रूस-यूक्रेन युद्ध के बाद रूस से चीन का तेल आयात केवल 3 प्रतिशत बढ़ा है, जबकि भारत का आयात 40 प्रतिशत से अधिक बढ़ गया है.

    उन्होंने कहा, "भारत केवल मुनाफ़ाखोरी कर रहा है. इससे उसने 16 अरब डॉलर का अतिरिक्त मुनाफ़ा कमाया है. भारत के कुछ सबसे अमीर परिवारों ने इसमें लाभ कमाया है."

    बेसेंट ने आगे कहा, "भारत का यह कारोबार युद्ध शुरू होने के बाद से ही चल रहा है. यह बिल्कुल अस्वीकार्य है."

    उन्होंने ब्लूमबर्ग को दिए इंटरव्यू में यह भी संकेत दिया कि अगर ट्रंप और पुतिन के बीच वार्ता में सहमति नहीं बनी, तो भारत पर रूसी तेल खरीद को लेकर अतिरिक्त प्रतिबंध लगाए जा सकते हैं.

    भारत ने अमेरिका के टैरिफ़ लगाने के कदम को अनुचित ठहराते हुए कहा है कि वह अपने राष्ट्रीय हितों और आर्थिक सुरक्षा के लिए सभी आवश्यक कदम उठाएगा.

    वाणिज्य और उद्योग राज्य मंत्री जितिन प्रसाद ने संसद में बताया कि भारत और अमेरिका के बीच व्यापार समझौते पर बातचीत जारी है.

    दोनों देश गैर-संवेदनशील कृषि उत्पादों सहित वस्तुओं के व्यापार के उदारीकरण पर चर्चा कर रहे हैं.

    पीटीआई के अनुसार दोनों देशों के बीच अब तक पांच दौर की वार्ता हो चुकी है, लेकिन अमेरिकी टीम ने 25 अगस्त से प्रस्तावित छठे दौर की वार्ता को रोक दिया है.

  6. महाराष्ट्र के वोटर संख्या पर विवाद, सीएसडीएस को कारण बताओ नोटिस भेजेगा आईसीएसएसआर

    सीएसडीएस

    इमेज स्रोत, Getty Images

    भारतीय सामाजिक विज्ञान अनुसंधान परिषद (आईसीएसएसआर) सामाजिक विज्ञान संस्थान लोकनीति-सीएसडीएस को कारण बताओ नोटिस जारी करने जा रही है.

    लोकनीति-सीएसडीएस के प्रोफ़ेसर संजय कुमार ने 17 अगस्त को एक्स पर एक पोस्ट में दावा किया था कि महाराष्ट्र की विधानसभा सीटों पर वोटों की संख्या में कमी आई है.

    इसके बाद में उन्होंने यह पोस्ट हटा दिया और स्वीकार किया कि उनकी टीम ने आंकड़ों का गलत विश्लेषण किया था. इस पर उन्होंने माफी भी मांगी.

    इस मामले पर संज्ञान लेते हुए आईसीएसएसआर ने कहा है, "आईसीएसएसआर से वित्त पोषित शोध संस्थान सीएसडीएस में जिम्मेदार पद पर बैठे व्यक्ति ने मीडिया में बयान दिए, जिन्हें बाद में डेटा विश्लेषण में गड़बड़ी का हवाला देकर वापस लेना पड़ा. संस्थान ने चुनाव आयोग के एसआईआर अभियान की पक्षपातपूर्ण व्याख्या के आधार पर मीडिया में खबरें भी प्रकाशित कीं."

    आईसीएसएसआर ने आगे कहा, "सीएसडीएस के इस प्रयास को डेटा में हेराफेरी और चुनाव आयोग की साख को कम करने की कोशिश माना जाएगा.यह परिषद के अनुदान नियमों का गंभीर उल्लंघन है, इसलिए सीएसडीएस को कारण बताओ नोटिस जारी किया जाएगा."

  7. नमस्कार!

    बीबीसी हिंदी के लाइव पेज पर आपका स्वागत है.

    मैं बीबीसी संवाददाता आनंद मणि त्रिपाठी अब से दोपहर दो बजे तक आप तक अहम ख़बरें पहुंचाऊंगा.

    कल के लाइव पेज की ख़बरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें.

    हमारे होम पेज पर मौजूद कुछ अहम ख़बरों को पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक्स पर क्लिक करें.