ईरान के हमले में कुवैत के बिजलीघर और डिसैलिनेशन प्लांट को नुकसान
इमेज स्रोत, Getty Images
इमेज कैप्शन, सांकेतिक तस्वीर
कुवैत ने बताया कि ईरान के हमले में उसके एक बिजली उत्पादन केंद्र और समुद्री पानी को मीठा बनाने वाले (डिसैलिनेशन) संयंत्र को नुक़सान पहुंचा है.
कुवैत के बिजली मंत्रालय ने जारी बयान में कहा कि ईरानी हमले के कारण बिजलीघर और जल शोधन संयंत्र में आग लग गई, जिससे कई प्रोडक्शन यूनिट क्षतिग्रस्त हो गईं और उनका संचालन बंद करना पड़ा.
हालांकि, सरकार ने अभी तक नुक़सान की विस्तृत जानकारी साझा नहीं की है.
मंत्रालय ने नागरिकों से अपील की है कि मौजूदा परिस्थितियों को देखते हुए बिजली का सोच-समझकर इस्तेमाल करें और जहां तक संभव हो बिजली की बचत करें, ताकि आपूर्ति व्यवस्था पर अतिरिक्त दबाव न पड़े.
फ़िलहाल यह स्पष्ट नहीं किया गया है कि हमले में किसी के हताहत होने की सूचना है या नहीं. कुवैती अधिकारियों का कहना है कि हालात पर लगातार नजर रखी जा रही है और ज़रूरत के मुताबिक आगे की जानकारी जारी की जाएगी.
अमेरिका-ईरान जंग क्या ख़तरनाक मोड़ पर पहुंच गई है? - दिनभर
इस लेख में Google YouTube से मिली सामग्री शामिल है. कुछ भी लोड होने से पहले हम आपकी इजाज़त मांगते हैं क्योंकि उनमें कुकीज़ और दूसरी तकनीकों का इस्तेमाल किया गया हो सकता है. आप स्वीकार करने से पहले Google YouTube cookie policy और को पढ़ना चाहेंगे. इस सामग्री को देखने के लिए 'अनुमति देंऔर जारी रखें' को चुनें.
चेतावनी: बीबीसी दूसरी वेबसाइट्स की सामग्री के लिए ज़िम्मेदार नहीं है. YouTube सामग्री में विज्ञापन हो सकते हैं.
पोस्ट YouTube समाप्त
कार्टून: एक दिन ऐसे भी चलेगी
इमेज कैप्शन, ट्रेनों के लेट होने पर आज का कार्टून.
बुलेट ट्रेन पर रणधीर जायसवाल बोले, 'जापान से ट्रेन 2030 के दशक की शुरुआत में ही मिलेगी'
इमेज स्रोत, ANI
इमेज कैप्शन, मुंबई-अहमदाबाद हाई-स्पीड रेल प्रोजेक्ट पर विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने जापान के पूर्व क़ानून मंत्री हिदेकी माकिहारा के आरोपों का जवाब दिया
भारत में बुलेट ट्रेन प्रोजेक्ट में हो रही देरी पर जापान के पूर्व क़ानून मंत्री हिदेकी माकिहारा ने भारत को ज़िम्मेदार ठहराया था.
मुंबई-अहमदाबाद हाई-स्पीड रेल प्रोजेक्ट पर विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने कहा, "मुंबई-अहमदाबाद हाई-स्पीड ट्रेन को लेकर भारत और जापान के बीच बातचीत अच्छी तरह से आगे बढ़ रही है. जापान ई-20 ट्रेन सीरीज़ देगा, लेकिन यह 2030 के दशक की शुरुआत में ही मिलेगी."
"जिस ट्रेन की बात हो रही है, वह अभी भी बन रही है. इस बीच, निर्माण कार्य तेज़ी से आगे बढ़ा है. पहला सेक्शन 2027 में ही शुरू हो जाएगा. इसलिए, दोनों पक्ष भारतीय हाई-स्पीड ट्रेन के साथ ऑपरेशन शुरू करने पर सहमत हुए. "
हिदेकी माकिहारा ने जापान को सिग्नल सिस्टम से बाहर रखने पर भी सवाल उठाए. उनका कहना है कि ये सुरक्षा के लिए सबसे ज़रूरी है.
इसके जवाब में रणधीर जायसवाल ने कहा, "इसके लिए सिग्नलिंग उपकरण का ऑर्डर दिया गया है और ये अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुसार हैं. इस मामले में जापान की ओर से कोई प्रस्ताव नहीं मिला था. प्रोजेक्ट को लागू करने का काम हाई-स्पीड ट्रेन प्रोजेक्ट को जल्द से जल्द शुरू करने के साझा लक्ष्य के अनुरूप है."
लेबर पार्टी के नए नेता बने एंडी बर्नम, सोमवार को संभालेंगे ब्रिटेन का पीएम पद
इमेज स्रोत, Getty Images
इमेज कैप्शन, एंडी बर्नम सोमवार को ब्रिटेन के प्रधानमंत्री पद की शपथ लेंगे
ब्रिटेन की लेबर पार्टी ने शुक्रवार को स्पेशल कॉन्फ़्रेंस में एंडी बर्नम को आधिकारिक तौर पर अपना नया नेता चुन लिया है. वह सोमवार को प्रधानमंत्री पद की शपथ लेकर किएर स्टार्मर की जगह लेंगे.
पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए बर्नम ने कहा कि उनके पास देश को बदलने की स्पष्ट योजना है.
उन्होंने वादा किया कि उनकी सरकार आम लोगों, खासकर कामकाजी वर्ग के लोगों में फिर से उम्मीद जगाएगी.
नेता चुने जाने के बाद अपने पहले भाषण में बर्नम ने दावा किया, "मेरी सरकार ब्रिटेन की राजनीति में पिछले 40 वर्षों का सबसे बड़ा बदलाव लेकर आएगी."
उन्होंने कहा, "मैं तैयार हूं और देश को नई दिशा देने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध हूं."
कैबिनेट को लेकर बर्नम ने कहा कि उन्होंने अभी अंतिम फैसला नहीं किया है, लेकिन उनकी टीम में पार्टी के अलग-अलग विचारों और क्षेत्रों का प्रतिनिधित्व होगा.
उधर, डाउनिंग स्ट्रीट में सत्ता हस्तांतरण की तैयारियां भी शुरू हो गई हैं.
प्रधानमंत्री आवास के बाहर सामान ले जाने वाली गाड़ियां देखी गईं, जिससे किएर स्टार्मर से एंडी बर्नहम को सत्ता सौंपने की प्रक्रिया तेज होती नजर आ रही है.
बांकड़ा मस्जिद को हटाने के ख़िलाफ़ कोलकाता में शांतिपूर्ण प्रदर्शन, बीजेपी ने क्या कहा?
इमेज स्रोत, ANI
इमेज कैप्शन, शुक्रवार को कोलकाता में सुरक्षा कारणों से नेताजी सुभाष चंद्र बोस इंटरनेशनल एयरपोर्ट के अंदर मौजूद बांकड़ा मस्जिद मस्जिद में जाने पर रोक लगा दी गई
पश्चिम बंगाल की सरकार ने कुछ दिनों पहले कोलकाता के नेताजी सुभाष चंद्र बोस इंटरनेशनल एयरपोर्ट के अंदर मौजूद 100 साल से ज़्यादा पुरानी बांकड़ा मस्जिद को सुरक्षा कारणों से एयरपोर्ट परिसर के बाहर हटाने का फ़ैसला किया था.
इसके ख़िलाफ़ मुस्लिम समुदाय के लोगों ने शुक्रवार को पश्चिम बंगाल में शांतिपूर्ण प्रदर्शन किए.
पश्चिम बंगाल जमीयत उलेमा-ए-हिंद के अध्यक्ष सिद्दीकुल्लाह चौधरी ने मीडिया से बातचीत में कहा कि आज का दिन राज्य के चार करोड़ मुसलमानों और सेक्युलर लोगों के लिए "काला दिन" है.
उन्होंने कहा कि पूरे विरोध प्रदर्शन के दौरान लोगों ने शांति बनाए रखी.
सिद्दीकुल्लाह चौधरी ने कहा, "आज बंगाल के चार करोड़ मुसलमानों और धर्मनिरपेक्ष लोगों के लिए काला दिन है. हमने शांति बनाए रखी है. पुलिस हथियार लेकर आई थी, उन्हें लग रहा था कि कुछ होगा, लेकिन वे नाकाम रहे. उनकी जानकारी गलत साबित हुई. हमारा कोई नुक़सान नहीं हो सकता, हम सोच-समझकर कदम उठाते हैं."
उन्होंने आगे कहा, "हमारे पास एयरपोर्ट के साथ 2004 से हुए लेन-देन के दस्तावेज़ हैं. मस्जिद कमेटी ने शुक्रवार की नमाज़ की इजाज़त के लिए एयरपोर्ट अथॉरिटी और पुलिस स्टेशन को चिट्ठी दी थी. उन्होंने कोई जवाब नहीं दिया. मुख्यमंत्री और मैं एक-दूसरे को जानते हैं, इसलिए मैंने उन्हें नमाज़ का इंतज़ाम करने के लिए चिट्ठी भेजी, लेकिन कोई मदद नहीं मिली. कल कोलकाता की सड़कों पर रथ यात्रा हुई और पुलिस की मदद से वह सफल रही, लेकिन हमें वंचित रखा गया."
सिद्दीकुल्लाह चौधरी ने कहा कि वो क़ानूनी रास्ता अपनाएंगे.
उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री ने उनसे संपर्क किया था, लेकिन उन्हें यह जानकारी नहीं थी कि केंद्रीय गृह मंत्री के दौरे का कार्यक्रम है.
शुक्रवार को नेताजी सुभाष चंद्र बोस इंटरनेशनल एयरपोर्ट के अंदर मौजूद बांकड़ा मस्जिद में लोगों के जाने पर रोक लगा दी गई.
बीजेपी ने क्या कहा
एयरपोर्ट से मस्जिद को दूसरी जगह ले जाने के प्रस्ताव पर बंगाल बीजेपी प्रमुख शामिक भट्टाचार्य ने कहा, "ये मस्जिद न होकर हनुमान जी का मंदिर भी होता तब भी उसे हटाया जाता."
"बीजेपी इस मंदिर-मस्जिद की राजनीति से बाहर आकर बात करना चाहती है. जो सिद्दीकुल्लाह चौधरी बयानबाज़ी कर रहे हैं मैं उनको यहीं कहूंगा कि ये बाबर की सरकार नहीं है. तो जो भी करना है वह हमारे मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी करेंगे जिनके पास गृह मंत्रालय भी है."
शत्रुघ्न सिन्हा ने अनशन पर बैठे सोनम वांगचुक के लिए की ये अपील
इमेज स्रोत, Getty Images
इमेज कैप्शन, टीएमसी सांसद शत्रुघ्न सिन्हा ने अनशन पर बैठे वांगचुक के लिए एक्स पर पोस्ट किया है (फ़ाइल फ़ोटो)
तृणमूल कांग्रेस(टीएमसी) के सांसद शत्रुघ्न सिन्हा ने एक्स पर पोस्ट कर अनशन पर बैठे सोनम वांगचुक को 'बचाने' की मांग की है.
उन्होंने एक्स पर लिखा, "क्लाइमेट एक्टिविस्ट और शिक्षा सुधारक सोनम वांगचुक नई दिल्ली के जंतर-मंतर पर नीट यूजी परीक्षा पेपर लीक के ख़िलाफ़ और देश की युवा पीढ़ी (जेन ज़ी) के समर्थन में शांतिपूर्ण तरीके से अनशन पर बैठे हैं."
"उनका यह अनशन करीब तीन हफ़्तों से जारी है और लगातार भूखे रहने की वजह से उनकी तबीयत अब काफी नाज़ुक बताई जा रही है."
उन्होंने लिखा, "पिछले कुछ दिनों में कई राजनीतिक दलों के नेताओं, सामाजिक कार्यकर्ताओं, मशहूर हस्तियों, इन्फ्लुएंसर्स और देश-विदेश के कई लोगों ने उनके समर्थन में आवाज़ उठाई है."
"उनकी बिगड़ती सेहत को देखते हुए केंद्र सरकार, संबंधित अधिकारियों, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और प्रधानमंत्री कार्यालय से अपील की करते हैं कि वे तुरंत हस्तक्षेप करें, उनकी मांगों पर ध्यान दें और इस आंदोलन का जल्द समाधान निकालें."
शत्रुघ्न सिन्हा की बेटी और बॉलीवुड एक्टर सोनाक्षी सिन्हा ने गुरुवार को सोशल मीडिया पर पोस्ट कर सोनम वांगचुक का समर्थन किया था.
उन्होंने इसका ज़िक्र करते हुए लिखा, "मेरी बेटी सोनाक्षी सिन्हा ने भी इस मुद्दे पर खुलकर अपनी बात रखी है, जिस पर मुझे गर्व है."
डोपिंग नियम तोड़ने पर पाकिस्तानी क्रिकेटर मोहम्मद नवाज़ पर एक महीने का प्रतिबंध
इमेज स्रोत, Getty Images
इमेज कैप्शन, जांच के दौरान मोहम्मद नवाज़ ने कार्बॉक्सी-टीएचसी नामक पदार्थ के इस्तेमाल की बात स्वीकार की (फ़ाइल फ़ोटो)
इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (आईसीसी) ने पाकिस्तान के बाएं हाथ के स्पिनर मोहम्मद नवाज़ पर एंटी-डोपिंग नियमों के उल्लंघन के मामले में कार्रवाई की है.
आईसीसी के मुताबिक, पहले उन पर तीन महीने का प्रतिबंध लगाया गया था, लेकिन ज़रूरी शैक्षणिक और जागरूकता कार्यक्रम पूरा करने के बाद इसे घटाकर एक महीने कर दिया गया.
आईसीसी ने शुक्रवार को जारी अपने बयान में बताया कि 7 फ़रवरी को टी20 वर्ल्ड कप के दौरान कोलंबो में नीदरलैंड के ख़िलाफ़ मैच के बाद 32 वर्षीय मोहम्मद नवाज़ का डोप टेस्ट किया गया था.
जांच में उनके सैंपल में 'कार्बॉक्सी-टीएचसी' नामक प्रतिबंधित पदार्थ के अंश पाए गए. जांच के दौरान मोहम्मद नवाज़ ने इस पदार्थ के इस्तेमाल की बात स्वीकार की.
हालांकि, उन्होंने कहा कि इसका सेवन किसी क्रिकेट मैच या प्रतियोगिता के दौरान नहीं किया गया था और इसका उद्देश्य खेल में प्रदर्शन बेहतर करना भी नहीं था.
आईसीसी के बताया कि इसी आधार पर नवाज़ पर तीन महीने के निलंबन का फैसला लिया गया, जो 1 मई 2026 से लागू हुआ. बाद में एंटी-डोपिंग शिक्षा कार्यक्रम पूरा करने पर उनकी सजा में राहत दी गई और प्रतिबंध की अवधि घटाकर एक महीना कर दी गई.
आईसीसी के मुताबिक, प्रतिबंध स्वीकार करने और अनिवार्य एंटी-डोपिंग शिक्षा कार्यक्रम पूरा करने के बाद मोहम्मद नवाज़ की अस्थायी निलंबन अवधि अब ख़त्म हो गई है. करीब ढाई महीने बाद वह फिर से क्रिकेट खेलने के लिए योग्य हो गए हैं.
आईसीसी ने यह भी स्पष्ट किया कि एंटी-डोपिंग कोड के तहत 7 फ़रवरी को नीदरलैंड के ख़िलाफ़ खेले गए मैच और उसके बाद 1 मई 2026 तक मोहम्मद नवाज़ के सभी मैचों के रिकॉर्ड और परिणाम अमान्य माने जाएंगे.
इंडियन डॉक्टर्स फॉर पीस एंड डेवलपमेंट ने की इसराइली मेडिकल एसोसिएशन के निलंबन की मांग
इमेज स्रोत, Getty Images
इमेज कैप्शन, सांकेतिक तस्वीर
इंडियन डॉक्टर्स फॉर पीस एंड डेवलपमेंट (आईडीपीडी) ने इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (आईएमए) से अपील की है कि वह वर्ल्ड मेडिकल एसोसिएशन (डब्ल्यूएमए) में इसराइली मेडिकल एसोसिएशन (आईएमए) के निलंबन की मांग का समर्थन करे.
संगठन के प्रेस रिलीज़ के मुताबिक, जब तक इसराइली मेडिकल एसोसिएशन, मेडिकल एथिक्स और मेडिकल न्यूट्रैलिटी से जुड़े अपने दायित्वों का पालन सुनिश्चित नहीं करता, तब तक उसके ख़िलाफ़ कार्रवाई होनी चाहिए.
आईडीपीडी, इंटरनेशनल फिजिशियन्स फॉर द प्रिवेंशन ऑफ न्यूक्लियर वॉर (आईपीपीएनडब्ल्यू) की भारतीय सहयोगी संस्था है.
संगठन ने कहा कि पिछले करीब दो वर्षों में गज़ा की स्वास्थ्य व्यवस्था पर गंभीर असर पड़ा है. अस्पतालों पर हमले, डॉक्टरों और स्वास्थ्यकर्मियों की मौत और गिरफ्तारी, मानवीय सहायता में रुकावट और ज़रूरी स्वास्थ्य सेवाओं तक पहुंच में बाधा जैसी घटनाओं को संयुक्त राष्ट्र एजेंसियों, मानवाधिकार संगठनों ने दर्ज किया है.
संगठन ने हाल में द लैंसेट में प्रकाशित लेख का भी हवाला दिया, जिसमें इसराइली मेडिकल एसोसिएशन को डब्लूएमए से निलंबित करने की बढ़ती अंतरराष्ट्रीय मांग का जिक्र किया गया है.
संगठन ने आईएमए से अनुरोध किया है कि वह अक्टूबर 2026 में होने वाली डब्लूएमए महासभा में इस मुद्दे को मज़बूती से उठाए और मेडिकल एथिक्स और संघर्ष क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं की सुरक्षा के पक्ष में स्पष्ट रुख अपनाए.
BBC News हिन्दी को चुनें और पाइए न्यूज़ अलर्ट, लाइव टीवी, पॉडकास्ट... सब एक जगह.
कृपया नोट करें: नया ऐप ब्रिटेन और अमेरिका में उपलब्ध नहीं है.
बुलेट ट्रेन प्रोजेक्ट में देरी पर जापान के पूर्व मंत्री ने भारत को ठहराया ज़िम्मेदार, कांग्रेस ने क्या कहा?
इमेज स्रोत, Getty Images
इमेज कैप्शन, भारत में मुंबई और अहमदाबाद की बीच पहली बुलेट ट्रेन चलाए जाने का प्लान है (फ़ाइल फोटो)
भारत में बुलेट ट्रेन प्रोजेक्ट में हो रही देरी पर जापान के पूर्व क़ानून मंत्री हिदेकी माकिहारा ने भारत को ज़िम्मेदार ठहराया है.
हिदेकी माकिहारा ने सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म एक्स पर कहा, "भारत में शिंकांसेन प्रोजेक्ट (मुंबई-अहमदाबाद बुलेट ट्रेन प्रोजेक्ट) से मैं खुद भी जुड़ा हुआ था लेकिन इंटरनेशनल मीटिंग्स और बातचीत के दौरान जो बात सबसे ज़्यादा खटकी, वह थी भारतीय पक्ष की ओर से बार-बार दिखाई गई घोर लापरवाही."
उन्होंने कहा, "चाहे कुछ भी हो जाए वे अपना वादा कभी नहीं निभाते. अगर वे कोई वादा करते भी हैं तो तुरंत उससे मुकर जाते हैं. वे आखिर तक बस अपने ही फ़ायदे के बारे में सोचते रहते हैं. प्रोजेक्ट के लिए ज़िम्मेदार मंत्री का व्यवहार तो बहुत ही बुरा था."
"मुझे यह कहना ही होगा कि यकीनन इसके आगे न बढ़ पाने की पूरी वजह भारतीय पक्ष की ओर से है."
हिदेकी माकिहारा ने कहा, "प्रधानमंत्री ताकाइची की यात्रा से भी कोई नतीजा नहीं निकला. जापान को सिग्नल सिस्टम से बाहर रखा गया जो सुरक्षा के लिए सबसे ज़रूरी है."
इस पर कांग्रेस नेता पवन खेड़ा ने कहा, "प्रधानमंत्री मोदी के रेल मंत्री की एक और उपलब्धि. भारत-जापान शिंकांसेन प्रोजेक्ट से व्यक्तिगत रूप से जुड़े जापान के एक पूर्व मंत्री ने दावा किया है कि प्रधानमंत्री ताकाइची के दौरे के बावजूद यह प्रोजेक्ट विफल रहा और जापान को सिग्नलिंग सिस्टम से बाहर रखा गया, जो रेलवे सुरक्षा के लिए एक अहम हिस्सा है."
उन्होंने कहा, "कितनी शर्म की बात है कि भारत की सबसे अहम रणनीतिक इंफ्रास्ट्रक्चर साझेदारियों में से एक को इतने शर्मनाक तरीके से संभाला गया है कि अब सरकार की नाकामी की आलोचना विदेशी अधिकारी भी कर रहे हैं."
अभी तक बीबीसी संवाददाता सौरभ यादव आप तक ख़बरें पहुंचा रहे थे. अब बीबीसी संवाददाता अरशद मिसाल रात दस बजे तक आप तक ताज़ा ख़बरें पहुंचाएंगे.
बीबीसी हिन्दी के पेज पर मौजूद कुछ बड़ी ख़बरों को पढ़ने के लिए नीचे दिए हुए लिंक्स पर क्लिक करें.
रोहित शर्मा के अंतरराष्ट्रीय करियर को लेकर चल रही अटकलों के बीच ये बोले पूर्व क्रिकेटर
इमेज स्रोत, @cricketaakash
इमेज कैप्शन, भारत के पूर्व क्रिकेटर आकाश चोपड़ा ने कहा है कि रोहित शर्मा को और समय देना चाहिए
गुरुवार से ऐसी ख़बरें आ रही हैं कि लॉर्ड्स में इंग्लैंड और भारत के बीच खेले जाने वाला वनडे मुक़बाल रोहित शर्मा का आख़िरी वनडे हो सकता है.
इन ख़बरों के बीच भारत के पूर्व क्रिकेटर आकाश चोपड़ा ने एक्स पर एक वीडियो जारी कर कहा है, "ख़बर यह आई है कि लॉर्ड्स का मुक़ाबला रोहित शर्मा के वनडे करियर का आख़िरी मुक़बाला होने वाला है. सेलेक्टर्स उन्हें बताया दिया है कि आप 2027 वर्ल्ड कप का हिस्सा नहीं होंगे."
"यह ख़बर देवेंद्र पांडे ने दी है जिनकी 10 में से 9 बातें सही होती हैं. अगर ऐसा है तो कितनी भी ख़ूबसूरत कहानी हो उसका अंत होता है. रोहित शर्मा का कमाल का अंतरराष्ट्रीय वनडे करियर रहा है. वो दिन के साथ जवान नहीं होने वाले हैं. वो 39 साल के हो चुके हैं और वनडे विश्व कप अभी भी 18 महीने दूर है तब तक वे 40 के हो जाएंगे. तो हो सकता है यही अंत है."
उन्होंने कहा, "दूसरी बात यह है कि इतनी जल्दी किस बात की है थोड़ा और समय दे दीजिए. इन्होंने (रोहित) अपनी मंशा साफ कर दी है कि मुझे जाना है, मुझे खेलना है, मैं फिट हूं. वे कोशिश तो कर रहे हैं इसमें किसी को शक नहीं होना चाहिए."
समाचार एजेंसी पीटीआई के मुताबिक पूर्व क्रिकेटर पार्थिव पटेल ने कहा है, "मुझे उम्मीद है कि पूर्व कप्तान एक शानदार शतक के साथ फॉर्म में वापसी करेंगे और आलोचकों का मुंह बंद कर देंगे."
अमेरिका ने ईरान में नेवल वॉचटावर और पुलों को बनाया निशान
इमेज स्रोत, Reuters
इमेज कैप्शन, ट्रंप ने दावा किया है कि वे ईरान के ख़िलाफ़ बड़ी जीत हासिल कर रहे हैं
अमेरिका ईरान पर लगातार हमले कर रहा है. गुरुवार शाम से लेकर शुक्रवार सुबह तक ईरान में अमेरिकी हमले जारी रहे. ईरान के कई शहरों में धमाकों की आवाज़ें सुनी गईं.
ख़बरों के मुताबिक़ चाबहार नेवल वॉचटावर "पूरी तरह तबाह" हो गया और होर्मोज़गन के खमीर शहर में छह पुल, बंदर अब्बास में दो पुल, शहर का रेलवे जंक्शन और ईरान शहर के एयरपोर्ट को भी निशाना बनाया गया.
इन हमलों का ज़िक्र करते हुए डोनाल्ड ट्रंप ने कहा, "आप बहुत जल्द इन कार्रवाइयों के नतीजे देखेंगे और दावा किया कि वे ईरान के खिलाफ़ बड़ी जीत हासिल कर रहे हैं."
इससे पहले ट्रंप ने धमकी दी थी कि अगर ईरान बातचीत के लिए वापस नहीं आया, तो वे ईरान के पुलों और बिजली संयंत्रों पर हमला करेंगे.
BBC News हिन्दी को चुनें और पाइए न्यूज़ अलर्ट, लाइव टीवी, पॉडकास्ट... सब एक जगह.
कृपया नोट करें: नया ऐप ब्रिटेन और अमेरिका में उपलब्ध नहीं है.
सोनम वांगचुक पर आमिर ख़ान के बयान को लेकर ये बोले प्रशांत भूषण
इमेज स्रोत, Getty Images
इमेज कैप्शन, आमिर ख़ान ने सोनम वांगचुक के स्वास्थ्य को लेकर चिंता जाहिर की है
लंदन इंडियन फ़िल्म फेस्टिवल में आमिर ख़ान ने कहा है कि फ़िल्म थ्री इडियट्स में उनका किरदार 'रैंचो' सोनम वांगचुक से प्रेरित नहीं था. साथ ही उन्होंने सोनम वांगचुक के स्वास्थ्य को लेकर चिंता भी जताई थी.
एक्टर आमिर ख़ान के बयान पर सुप्रीम कोर्ट के वरिष्ठ वकील प्रशांत भूषण ने प्रतिक्रिया दी है.
प्रशांत भूषण ने कहा, "आखिरकार आमिर खान से सोनम वांगचुक के अनशन के बारे में पूछा गया. उनका जवाब विनम्र तो था, लेकिन उसमें कोई खास उत्साह नहीं था.
उन्होंने कहा, "वे अब उस इंसान की बस एक फीकी परछाईं बनकर रह गए हैं जिन्होंने '3 इडियट्स' और कई अन्य क्रांतिकारी फिल्में बनाई थीं, साथ ही 'सत्यमेव जयते' जैसा प्रोग्राम भी किया था, जिसमें सोनम वांगचुक जैसी कई प्रेरणादायक कहानियों को दिखाया गया था."
इससे पहले आमिर ख़ान ने इस बात को ख़ारिज किया है कि फ़िल्म थ्री इडियट्स में उनका किरदार 'रैंचो' सोनम वांगचुक से प्रेरित था.
आमिर ने सोनम वांगचुक की सेहत को लेकर गहरी चिंता जताई है और कहा कि वह उम्मीद करते हैं कि सोनम जल्द अपनी भूख हड़ताल ख़त्म करेंगे.
BBC News हिन्दी को चुनें और पाइए न्यूज़ अलर्ट, लाइव टीवी, पॉडकास्ट... सब एक जगह.
कृपया नोट करें: नया ऐप ब्रिटेन और अमेरिका में उपलब्ध नहीं है.
'केन-बेतवा लिंक प्रोजेक्ट' के ख़िलाफ़ प्रदर्शन करने पानी पर उतरे लोग, देखें तस्वीरें
ये तस्वीरें बुंदेलखंड की हैं, जहां दर्जनों लोग प्रतीकात्मक रूप से चिता पर लेटे हुए हैं. कुछ लोग प्रतीकात्मक फांसी का फंदा डालकर खड़े हैं. केन बेतवा परियोजना देश की पहली परियोजना है जिसमें दो नदियों को जोड़ने की कोशिश की जा रही है.
इसका उद्देश्य मध्य प्रदेश और उत्तर प्रदेश के 13 जिलों तक सिंचाई और पेयजल पहुँचाना है. केन बेतवा रिवर लिंकिंग परियोजना को लेकर स्थानीय लोगों का विरोध 2024 से ही चल रहा है.
ग्रामीणों ने कई बार प्रशासन पर मुआवजे के बंटवारे में अनियमितताओं और भ्रष्टाचार का आरोप लगाया है.
इमेज कैप्शन, लोग अपनी मांगों को लेकर अलग-अलग तरीके से विरोध प्रदर्शन जता रहे हैं
इमेज कैप्शन, लोग ये विरोध केन-बेतवा लिंक परियोजना सहित अन्य पांच बड़ी परियोजनाओं को लेकर कर रहे हैं
इमेज कैप्शन, प्रदर्शन कर रहे लोगों का दावा है कि इन परियोजनाओं के कारण उनके घर और जमीन चले गए
इमेज स्रोत, bbc
इमेज कैप्शन, लोगों का दावा है कि उन्हें न तो मुआवजा मिला है ना दूसरा स्थायी ठिकाना
पश्चिम बंगाल: पैसेंजर ट्रेन और स्कूल वैन की टक्कर, 3 की मौत
इमेज स्रोत, Getty Images
इमेज कैप्शन, पश्चिम बंगाल में पैसेंज़र ट्रेन और स्कूल वैन में टक्कर (प्रतीकात्मक तस्वीर)
पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद में एक पैसेंजर ट्रेन से स्कूल वैन टकरा गई. शुक्रवार सुबह पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद ज़िले में करनासुबर्णा स्टेशन के पास हुए इस हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई.
मरने वालों में वैन में सवार दो स्कूली बच्चे और साइकिल चला रहा एक बुज़ुर्ग शामिल हैं.
यह घटना सुबह करीब 6.41 बजे कटवा-अजीमगंज सेक्शन में लेवल क्रॉसिंग गेट नंबर 24A/2 पर हुई, जब ट्रेन नंबर 53054 निमटीटा-कटवा पैसेंजर, रॉयल एकेडमी स्कूल जा रहे बच्चों को ले जा रही टाटा सूमो स्कूल वैन और एक साइकिल से टकरा गई.
तीन बच्चों और टाटा सूमो के ड्राइवर को मुर्शिदाबाद मेडिकल कॉलेज और अस्पताल के ICU में भर्ती कराया गया. बाकी घायल बच्चों का भी अस्पताल में इलाज चल रहा है.
सोनम वांगचुक, 'मैं किसी भी तरह 20 जुलाई तक तो ज़िंदा रहूंगा'
इमेज स्रोत, Getty Images
इमेज कैप्शन, सोनम वांगचुक ने कहा है कि हमें 20 जुलाई तक मजबूत रहना है ताकि हम संसद तक मार्च कर सकें
जंतर-मंतर पर अनशन कर रहे पर्यावरण कार्यकर्ता सोनम वांगचुक ने अपने अनशन के 20वें दिन लोगों को संबोधित किया है.
सोनम वांगचुक ने कहा, "मैं बाहर से भले ही कमजोर हूं लेकिन अंदर से बहुत मजबूत हूं. मुझे उम्मीद है आप लोग भी अंदर बाहर दोनों तरफ से बहुत मज़बूत होंगे. हमें यह मजबूती 20 जुलाई तक चाहिए. जब बहुत शांतिपूर्ण तरीक़े से संसद तक मार्च निकालेंगे."
उन्होंने कहा, "मैं किसी भी तरह 20 जुलाई तक ज़िंदा रहूंगा. अगर आप लोग नहीं आए और 20 जुलाई सफल नहीं रही तो मैं भूत बनकर वापस आऊंगा."
कांग्रेस नेता पवन खेड़ा ने भी सोनम वांगचुक से मुलाकात की है. पवन खेड़ा ने कहा, "सोनम वांगचुक जी के स्वास्थ्य को लेकर हम सभी को चिंता है. एक बहुत ही संवेदहीन सरकार ऊपर बैठी है. जो लोकतांत्रिक विरोध की भाषा को नहीं समझती है."
उन्होंने कहा, "ऐसी सरकार के सामने विरोध का तरीक़ा बदलते रहना चाहिए. हमे इनके स्वास्थ्य की चिंता है, जो बच्चे बैठे हैं उनके स्वास्थ्य की भी चिंता है. आप अपने जान को जोख़िम में डालकर इस सरकार से कुछ हासिल नहीं कर पाएंगे."
कॉकरोच जनता पार्टी ने पीएम मोदी से पूछा,'छात्रों की मौत पर संवेदना क्यों नहीं?'
इमेज स्रोत, getty
इमेज कैप्शन, प्रधानमंत्री मोदी ने क़तर के अमीर के पिता के निधन पर संवेदना व्यक्त की है
कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) के प्रवक्ता सौरव दास ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के एक सोशल मीडिया पोस्ट पर कमेंट कर निशाना साधा है.
दरअसल प्रधानमंत्री मोदी ने क़तर के अमीर शेख तमीम बिन हमद अल थानी के पिता के निधन पर संवेदना व्यक्त की थी.
सौरव दास ने पीएम मोदी के उसी पोस्ट का जवाब देते हुए एक्स पर लिखा, “मोदी जी, भ्रष्ट एजुकेशन सिस्टम के हाथों 20 से अधिक नीट स्टूडेंट्स की मौत पर आपकी दिल से संवेदना क्या?
“उनके लिए कोई संवेदना क्यों नहीं? उनके परिवारों को कोई मुआवज़ा क्यों नहीं? अपने ही देशवासियों के साथ यह घमंड और क्रूरता क्यों?”
यूक्रेन में ज़ेलेंस्की के ख़िलाफ़ क्यों हो रहे हैं प्रदर्शन
इमेज स्रोत, Oleksandr Khomenko/NurPhoto via Getty Images
इमेज कैप्शन, यूक्रेन में रक्षा मंत्री को पद से हटाए जाने के बाद प्रदर्शन हुए हैं
यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर ज़ेलेंस्की के रक्षा मंत्री मिखाइलो फेडोरोव को बदलने के अचानक लिए गए फ़ैसले से सिविल सोसाइटी में भारी नाराज़गी है और सांसदों ने भी इसका विरोध किया है.
गुरुवार सुबह राजधानी कीएव और यूक्रेन के अन्य शहरों में ज़्यादातर युवा जमा हुए. उन्होंने "फेडोरोव से दूर रहो" और "जीत में बाधा डालना बंद करो!" लिखे हुए पोस्टर उठाए और "शर्म करो!" के नारे लगाए.
राष्ट्रपति ज़ेलेंस्की ने सिक्योरिटी सर्विस (SBU) के कार्यवाहक प्रमुख मेजर-जनरल येवेनी खमारा का नाम कार्यवाहक रक्षा मंत्री के तौर पर आगे बढ़ाया है.
ज़ेलेंस्की ने कहा, "खमारा ने तकनीकी युद्ध अभियानों में व्यापक और कई मामलों में अभूतपूर्व अनुभव हासिल किया है."
अमेरिका ने कहा, 'चीन ने गैर-कानूनी तरीके से हमारे 22 करोड़ वोटरों की जानकारी हासिल की'
इमेज स्रोत, Getty Images
इमेज कैप्शन, व्हाइट हाउस ने कहा है कि चीन ने ग़ैर क़ानूनी तरीके से 22 करोड़ वोटरों की जानकारी हासिल की है
अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा है कि चीन ने अमेरिका के चुनावी डेटा में सेंध लगाई है.
ट्रंप ने कहा, "सालों तक अमेरिकियों से चुनाव इंफ्रास्ट्रक्चर की सुरक्षा के बारे में खुलेआम झूठ बोला गया. जिसमें इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन और वोटों की गिनती करने वाले सिस्टम शामिल हैं.
“हम पहले से गोपनीय रखी गई यूएस इंटेलिजेंस कम्युनिटी की असेसमेंट रिपोर्ट और दूसरी रिपोर्ट जारी कर रहे हैं, जो यह साबित करती हैं कि हमारी सरकार को लंबे समय से पता था कि ये मशीनें हमलों का सामना करने के लिए बहुत ज़्यादा कमज़ोर हैं.”
उन्होंने रिपोर्ट के हवाले से कहा "हमारा मानना है कि अमेरिका के विरोधी, जिनमें कम से कम रूस, चीन, ईरान और उत्तर कोरिया के साथ-साथ गैर-सरकारी समूह भी शामिल हैं. उनके पास अमेरिका के चुनाव इंफ्रास्ट्रक्चर को नुकसान पहुंचाने की क्षमता है.”
वहीं व्हाइट हाउस ने सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म एक्स पर कहा, "इन दस्तावेज़ों से मालूम चलता है कि साल 2020 के चुनाव से शुरू होकर कई सालों के दौरान चीन ने चुनाव से जुड़े डेटा में अब तक की सबसे बड़ी सेंध लगाई है. जिससे चीन ने गैर-कानूनी तरीके से अमेरिका के 22 करोड़ (220 मिलियन) वोटरों की जानकारी हासिल कर ली."