You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.

Take me to the main website

लाइव, मेक्सिको में 7.3 तीव्रता के भूकंप के बाद सुनामी की चेतावनी

समाचार एजेंसी रॉयटर्स के मुताबिक, भूकंप के झटके ग्वाटेमाला और अल सल्वाडोर में भी महसूस किए गए.

सारांश

लाइव कवरेज

सौरभ यादव, अरशद मिसाल

  1. अब इस लाइव पेज को विराम देने का वक़्त आ गया है. मुझे यानी बीबीसी संवाददाता अरशद मिसाल को दीजिए इजाज़त.

    कल सुबह एक नए लाइव पेज के साथ हम फिर हाज़िर होंगे.

    बीबीसी न्यूज़ हिन्दी की वेबसाइट पर मौजूद कुछ अहम ख़बरों को पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक्स पर क्लिक करें.

  2. मेक्सिको में 7.3 तीव्रता के भूकंप के बाद सुनामी की चेतावनी

    मेक्सिको के दक्षिणी तट के पास शुक्रवार को 7.3 तीव्रता का ताक़तवर भूकंप आने के बाद प्रशांत महासागर के कुछ हिस्सों के लिए सुनामी की चेतावनी जारी की गई है.

    अमेरिकी सुनामी वार्निंग सिस्टम के अनुसार, मेक्सिको और ग्वाटेमाला के तटीय इलाक़ों में सामान्य से 0.3 से 1 मीटर ऊंची खतरनाक सुनामी लहरें उठ सकती हैं.

    दक्षिणी मेक्सिको के ओआक्साका राज्य के गवर्नर सलोमोन जारा क्रूज़ ने बताया कि भूकंप के झटके मध्यम तीव्रता के थे. हालांकि, अब तक किसी बड़े नुक़सान की सूचना नहीं मिली है.

    समाचार एजेंसी रॉयटर्स के मुताबिक, भूकंप के झटके ग्वाटेमाला और अल सल्वाडोर में भी महसूस किए गए. ग्वाटेमाला सिटी में लोग घबराकर अपने घरों से बाहर निकल आए.

    अमेरिकी भूवैज्ञानिक सर्वेक्षण के अनुसार, भूकंप का केंद्र मेक्सिको के शहर प्यूर्टो मादेरो के पास था और इसकी गहराई 15.2 किलोमीटर दर्ज की गई.

    अलर्ट सिस्टम ने जोखिम वाले तटीय क्षेत्रों की सरकारी एजेंसियों से लोगों को सतर्क करने और आवश्यक सुरक्षा उपाय लागू करने को कहा है.

    साथ ही, तटीय इलाकों में रहने वाले लोगों से अपील की गई है कि वे आधिकारिक सूचनाओं पर ध्यान दें और स्थानीय प्रशासन के निर्देशों का पालन करें

  3. बहराइच में मगरमच्छ के हमले से 12 साल के बच्चे की मौत, अरशद अफज़ाल ख़ान, बहराइच से बीबीसी हिन्दी के लिए

    उत्तर प्रदेश के बहराइच ज़िले में घाघरा नदी के किनारे मगरमच्छ के हमले से 12 साल के एक बच्चे की मौत हो गई. घटना के बाद पूरे इलाक़े में डर का माहौल है.

    ख़बरों के मुताबिक गुरुवार को हुई इस घटना का वीडियो शुक्रवार को सामने आया, जिसे देखकर लोग हैरान रह गए.

    यह घटना बौंडी थाना क्षेत्र के मुरौवा गांव की है. 12 वर्षीय सुनील सिंह अपने चाचा के साथ धान की रोपाई करने खेत गया था. शाम को काम खत्म होने के बाद वह नदी किनारे हाथ-मुंह धोने पहुंचा. तभी झाड़ियों में छिपे मगरमच्छ ने उस पर हमला कर दिया.

    मगरमच्छ ने बच्चे को अपने जबड़ों में दबोच लिया और नदी में घसीट ले गया, जिससे उसकी मौत हो गई.

    मौके पर मौजूद गांव वालों ने सुनील को बचाने की कोशिश की, लेकिन मगरमच्छ के हमले की वजह से उसे बचाया नहीं जा सका. रात करीब साढ़े दस बजे गांव वालों ने नदी से बच्चे का शव बरामद किया.

    छठी क्लास में पढ़ने वाले सुनील के माता-पिता की पहले ही मौत हो चुकी थी. वो अपने भाई-बहनों के साथ रहता था.

    गांव वालों के मुताबिक, उनकी मां की सात साल पहले बीमारी से मौत हो गई थी. वहीं पिता पांच साल पहले गुज़र गए थे.

    परिवार में अब 14 वर्षीय बहन सुमन, 10 वर्षीय भाई संजय और 7 वर्षीय बहन सीमा हैं. आर्थिक रूप से कमज़ोर इस परिवार की ज़िम्मेदारी उनके चाचा पर है. वहीं गांव के लोग बच्चों की मदद के लिए आगे आए हैं और चंदा जुटाया जा रहा है.

    इस घटना के बाद टिंकुरी और आसपास के गांवों में डर का माहौल है. नदी किनारे खेतों में जाने से किसान भी डर रहे हैं.

    वन विभाग के रेंज अधिकारी मोहम्मद शाकिब ने कहा, "सरयू नदी के किनारे बसे गांवों में लोगों को नदी से दूर रहने की चेतावनी दी जा रही है."

    उन्होंने कहा कि मगरमच्छ को पकड़ने के लिए जाल बिछाए जा रहे हैं, गश्त बढ़ा दी गई है और नदी किनारे चेतावनी बोर्ड भी लगाए जा रहे हैं.

  4. ब्रेकिंग न्यूज़, वेस्टइंडीज के दिग्गज खिलाड़ी सोबर्स का 89 साल की उम्र में निधन, बीसीसीआई ने जताया शोक

    वेस्टइंडीज के दिग्गज पूर्व ऑलराउंडर सर गारफील्ड सोबर्स का 89 साल की उम्र में निधन हो गया. उन्हें क्रिकेट इतिहास के सबसे महान खिलाड़ियों में गिना जाता है.

    सोबर्स ने 1954 से 1974 के बीच वेस्टइंडीज के लिए 93 टेस्ट मैच खेले.

    इस दौरान उन्होंने 8,032 रन बनाए और 235 विकेट भी लिए. वह अपनी आक्रामक बाएं हाथ की बल्लेबाजी और हर तरह की गेंदबाजी करने की क्षमता के लिए मशहूर थे.

    बाएं हाथ के बेहद आकर्षक बल्लेबाज़ सोबर्स ने 1958 में पाकिस्तान के ख़िलाफ़ नाबाद 365 रन बनाए थे.

    यह पारी 36 वर्षों तक टेस्ट क्रिकेट का सर्वोच्च व्यक्तिगत स्कोर रही. सोबर्स स्पिन और सीम, दोनों तरह की गेंदबाज़ी कर सकते थे.

    1968 में नॉटिंघमशर के लिए खेलते हुए सोबर्स प्रथम श्रेणी क्रिकेट के एक ओवर में छह छक्के लगाने वाले पहले खिलाड़ी बने थे.

    भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) ने गारफील्ड सोबर्स के निधन पर शोक व्यक्त किया है.

    बीसीसीआई ने अपने शोक संदेश में कहा, "सर गारफील्ड सोबर्स क्रिकेट के सच्चे महानायक थे. खेल में उनकी असाधारण उपलब्धियों, कैरेबियाई क्रिकेट पर उनके गहरे प्रभाव और विश्व क्रिकेट में उनके अमूल्य योगदान ने ऐसी विरासत छोड़ी है, जो आने वाली कई पीढ़ियों को प्रेरित करती रहेगी."

    बोर्ड ने कहा कि इस दुख की घड़ी में उसकी संवेदनाएं सर गारफील्ड सोबर्स के परिवार, मित्रों और दुनिया भर के क्रिकेट समुदाय के साथ हैं.

    बीसीसीआई ने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि दी.

  5. जम्मू-कश्मीर: डोडा में गोली लगने से नागरिक की मौत के बाद तनाव, जहांगीर अली, बीबीसी संवाददाता

    जम्मू-कश्मीर के डोडा ज़िले में गुरुवार रात एक आम नागरिक की गोली लगने से मौत होने पर तनाव बढ़ गया है. इस मामले में दो पुलिसकर्मी भी घायल हुए हैं.

    डोडा ज़िला अस्पताल के मेडिकल सुपरिटेंडेंट डॉ. तनवीर अहमद ने बताया कि शुक्रवार सुबह तीन लोगों को अस्पताल लाया गया था.

    उन्होंने कहा, "उनमें से एक के पेट में गोली लगी थी और अस्पताल पहुंचने पर उसे मृत घोषित कर दिया गया."

    डॉ. अहमद ने मृतक की पहचान डोडा ज़िले के भद्रवाह के रहने वाले 35 वर्षीय आरिफ़ हुसैन के रूप में की. दो अन्य घायल जम्मू-कश्मीर पुलिस के जवान हैं, जिन्हें मामूली चोटें आई हैं.

    मौत की ख़बर के बाद शुक्रवार को डोडा में कई जगहों पर बाज़ार बंद कर दिए गए. स्थानीय लोगों का दावा है कि घटना के बाद मोबाइल इंटरनेट सेवा बंद कर दी गई है. हालांकि, प्रशासन की ओर से अभी तक ऐसा कोई आधिकारिक आदेश जारी नहीं किया गया है.

    डोडा के डिप्टी कमिश्नर कृष्ण लाल और डोडा पुलिस के एसएसपी कार्तिक श्रोत्रिय ने आधिकारिक टिप्पणी के लिए बार-बार की गई कॉल और मैसेज का जवाब नहीं दिया.

    प्रशासन और पुलिस की ओर से कोई भी प्रतिक्रिया मिलने पर इस ख़बर को अपडेट किया जाएगा.

  6. ईरान के हमले में कुवैत के बिजलीघर और डिसैलिनेशन प्लांट को नुकसान

    कुवैत ने बताया कि ईरान के हमले में उसके एक बिजली उत्पादन केंद्र और समुद्री पानी को मीठा बनाने वाले (डिसैलिनेशन) संयंत्र को नुक़सान पहुंचा है.

    कुवैत के बिजली मंत्रालय ने जारी बयान में कहा कि ईरानी हमले के कारण बिजलीघर और जल शोधन संयंत्र में आग लग गई, जिससे कई प्रोडक्शन यूनिट क्षतिग्रस्त हो गईं और उनका संचालन बंद करना पड़ा.

    हालांकि, सरकार ने अभी तक नुक़सान की विस्तृत जानकारी साझा नहीं की है.

    मंत्रालय ने नागरिकों से अपील की है कि मौजूदा परिस्थितियों को देखते हुए बिजली का सोच-समझकर इस्तेमाल करें और जहां तक संभव हो बिजली की बचत करें, ताकि आपूर्ति व्यवस्था पर अतिरिक्त दबाव न पड़े.

    फ़िलहाल यह स्पष्ट नहीं किया गया है कि हमले में किसी के हताहत होने की सूचना है या नहीं. कुवैती अधिकारियों का कहना है कि हालात पर लगातार नजर रखी जा रही है और ज़रूरत के मुताबिक आगे की जानकारी जारी की जाएगी.

    BBC World Service के नए ऐप को डाउनलोड करें.

    BBC News हिन्दी को चुनें और पाइए न्यूज़ अलर्ट, लाइव टीवी, पॉडकास्ट... सब एक जगह.

    कृपया नोट करें: नया ऐप ब्रिटेन और अमेरिका में उपलब्ध नहीं है.

  7. अमेरिका-ईरान जंग क्या ख़तरनाक मोड़ पर पहुंच गई है? - दिनभर

  8. कार्टून: एक दिन ऐसे भी चलेगी

  9. बुलेट ट्रेन पर रणधीर जायसवाल बोले, 'जापान से ट्रेन 2030 के दशक की शुरुआत में ही मिलेगी'

    भारत में बुलेट ट्रेन प्रोजेक्ट में हो रही देरी पर जापान के पूर्व क़ानून मंत्री हिदेकी माकिहारा ने भारत को ज़िम्मेदार ठहराया था.

    हिदेकी माकिहारा के इस आरोप पर भारत के विदेश मंत्रालय ने जवाब दिया है.

    मुंबई-अहमदाबाद हाई-स्पीड रेल प्रोजेक्ट पर विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने कहा, "मुंबई-अहमदाबाद हाई-स्पीड ट्रेन को लेकर भारत और जापान के बीच बातचीत अच्छी तरह से आगे बढ़ रही है. जापान ई-20 ट्रेन सीरीज़ देगा, लेकिन यह 2030 के दशक की शुरुआत में ही मिलेगी."

    "जिस ट्रेन की बात हो रही है, वह अभी भी बन रही है. इस बीच, निर्माण कार्य तेज़ी से आगे बढ़ा है. पहला सेक्शन 2027 में ही शुरू हो जाएगा. इसलिए, दोनों पक्ष भारतीय हाई-स्पीड ट्रेन के साथ ऑपरेशन शुरू करने पर सहमत हुए. "

    हिदेकी माकिहारा ने जापान को सिग्नल सिस्टम से बाहर रखने पर भी सवाल उठाए. उनका कहना है कि ये सुरक्षा के लिए सबसे ज़रूरी है.

    इसके जवाब में रणधीर जायसवाल ने कहा, "इसके लिए सिग्नलिंग उपकरण का ऑर्डर दिया गया है और ये अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुसार हैं. इस मामले में जापान की ओर से कोई प्रस्ताव नहीं मिला था. प्रोजेक्ट को लागू करने का काम हाई-स्पीड ट्रेन प्रोजेक्ट को जल्द से जल्द शुरू करने के साझा लक्ष्य के अनुरूप है."

  10. लेबर पार्टी के नए नेता बने एंडी बर्नम, सोमवार को संभालेंगे ब्रिटेन का पीएम पद

    ब्रिटेन की लेबर पार्टी ने शुक्रवार को स्पेशल कॉन्फ़्रेंस में एंडी बर्नम को आधिकारिक तौर पर अपना नया नेता चुन लिया है. वह सोमवार को प्रधानमंत्री पद की शपथ लेकर किएर स्टार्मर की जगह लेंगे.

    पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए बर्नम ने कहा कि उनके पास देश को बदलने की स्पष्ट योजना है.

    उन्होंने वादा किया कि उनकी सरकार आम लोगों, खासकर कामकाजी वर्ग के लोगों में फिर से उम्मीद जगाएगी.

    नेता चुने जाने के बाद अपने पहले भाषण में बर्नम ने दावा किया, "मेरी सरकार ब्रिटेन की राजनीति में पिछले 40 वर्षों का सबसे बड़ा बदलाव लेकर आएगी."

    उन्होंने कहा, "मैं तैयार हूं और देश को नई दिशा देने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध हूं."

    कैबिनेट को लेकर बर्नम ने कहा कि उन्होंने अभी अंतिम फैसला नहीं किया है, लेकिन उनकी टीम में पार्टी के अलग-अलग विचारों और क्षेत्रों का प्रतिनिधित्व होगा.

    उधर, डाउनिंग स्ट्रीट में सत्ता हस्तांतरण की तैयारियां भी शुरू हो गई हैं.

    प्रधानमंत्री आवास के बाहर सामान ले जाने वाली गाड़ियां देखी गईं, जिससे किएर स्टार्मर से एंडी बर्नहम को सत्ता सौंपने की प्रक्रिया तेज होती नजर आ रही है.

  11. बांकड़ा मस्जिद को हटाने के ख़िलाफ़ कोलकाता में शांतिपूर्ण प्रदर्शन, बीजेपी ने क्या कहा?

    पश्चिम बंगाल की सरकार ने कुछ दिनों पहले कोलकाता के नेताजी सुभाष चंद्र बोस इंटरनेशनल एयरपोर्ट के अंदर मौजूद 100 साल से ज़्यादा पुरानी बांकड़ा मस्जिद को सुरक्षा कारणों से एयरपोर्ट परिसर के बाहर हटाने का फ़ैसला किया था.

    इसके ख़िलाफ़ मुस्लिम समुदाय के लोगों ने शुक्रवार को पश्चिम बंगाल में शांतिपूर्ण प्रदर्शन किए.

    पश्चिम बंगाल जमीयत उलेमा-ए-हिंद के अध्यक्ष सिद्दीकुल्लाह चौधरी ने मीडिया से बातचीत में कहा कि आज का दिन राज्य के चार करोड़ मुसलमानों और सेक्युलर लोगों के लिए "काला दिन" है.

    उन्होंने कहा कि पूरे विरोध प्रदर्शन के दौरान लोगों ने शांति बनाए रखी.

    सिद्दीकुल्लाह चौधरी ने कहा, "आज बंगाल के चार करोड़ मुसलमानों और धर्मनिरपेक्ष लोगों के लिए काला दिन है. हमने शांति बनाए रखी है. पुलिस हथियार लेकर आई थी, उन्हें लग रहा था कि कुछ होगा, लेकिन वे नाकाम रहे. उनकी जानकारी गलत साबित हुई. हमारा कोई नुक़सान नहीं हो सकता, हम सोच-समझकर कदम उठाते हैं."

    उन्होंने आगे कहा, "हमारे पास एयरपोर्ट के साथ 2004 से हुए लेन-देन के दस्तावेज़ हैं. मस्जिद कमेटी ने शुक्रवार की नमाज़ की इजाज़त के लिए एयरपोर्ट अथॉरिटी और पुलिस स्टेशन को चिट्ठी दी थी. उन्होंने कोई जवाब नहीं दिया. मुख्यमंत्री और मैं एक-दूसरे को जानते हैं, इसलिए मैंने उन्हें नमाज़ का इंतज़ाम करने के लिए चिट्ठी भेजी, लेकिन कोई मदद नहीं मिली. कल कोलकाता की सड़कों पर रथ यात्रा हुई और पुलिस की मदद से वह सफल रही, लेकिन हमें वंचित रखा गया."

    सिद्दीकुल्लाह चौधरी ने कहा कि वो क़ानूनी रास्ता अपनाएंगे.

    उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री ने उनसे संपर्क किया था, लेकिन उन्हें यह जानकारी नहीं थी कि केंद्रीय गृह मंत्री के दौरे का कार्यक्रम है.

    शुक्रवार को नेताजी सुभाष चंद्र बोस इंटरनेशनल एयरपोर्ट के अंदर मौजूद बांकड़ा मस्जिद में लोगों के जाने पर रोक लगा दी गई.

    बीजेपी ने क्या कहा

    एयरपोर्ट से मस्जिद को दूसरी जगह ले जाने के प्रस्ताव पर बंगाल बीजेपी प्रमुख शामिक भट्टाचार्य ने कहा, "ये मस्जिद न होकर हनुमान जी का मंदिर भी होता तब भी उसे हटाया जाता."

    "बीजेपी इस मंदिर-मस्जिद की राजनीति से बाहर आकर बात करना चाहती है. जो सिद्दीकुल्लाह चौधरी बयानबाज़ी कर रहे हैं मैं उनको यहीं कहूंगा कि ये बाबर की सरकार नहीं है. तो जो भी करना है वह हमारे मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी करेंगे जिनके पास गृह मंत्रालय भी है."

  12. शत्रुघ्न सिन्हा ने अनशन पर बैठे सोनम वांगचुक के लिए की ये अपील

    तृणमूल कांग्रेस(टीएमसी) के सांसद शत्रुघ्न सिन्हा ने एक्स पर पोस्ट कर अनशन पर बैठे सोनम वांगचुक को 'बचाने' की मांग की है.

    उन्होंने एक्स पर लिखा, "क्लाइमेट एक्टिविस्ट और शिक्षा सुधारक सोनम वांगचुक नई दिल्ली के जंतर-मंतर पर नीट यूजी परीक्षा पेपर लीक के ख़िलाफ़ और देश की युवा पीढ़ी (जेन ज़ी) के समर्थन में शांतिपूर्ण तरीके से अनशन पर बैठे हैं."

    "उनका यह अनशन करीब तीन हफ़्तों से जारी है और लगातार भूखे रहने की वजह से उनकी तबीयत अब काफी नाज़ुक बताई जा रही है."

    उन्होंने लिखा, "पिछले कुछ दिनों में कई राजनीतिक दलों के नेताओं, सामाजिक कार्यकर्ताओं, मशहूर हस्तियों, इन्फ्लुएंसर्स और देश-विदेश के कई लोगों ने उनके समर्थन में आवाज़ उठाई है."

    "उनकी बिगड़ती सेहत को देखते हुए केंद्र सरकार, संबंधित अधिकारियों, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और प्रधानमंत्री कार्यालय से अपील की करते हैं कि वे तुरंत हस्तक्षेप करें, उनकी मांगों पर ध्यान दें और इस आंदोलन का जल्द समाधान निकालें."

    शत्रुघ्न सिन्हा की बेटी और बॉलीवुड एक्टर सोनाक्षी सिन्हा ने गुरुवार को सोशल मीडिया पर पोस्ट कर सोनम वांगचुक का समर्थन किया था.

    उन्होंने इसका ज़िक्र करते हुए लिखा, "मेरी बेटी सोनाक्षी सिन्हा ने भी इस मुद्दे पर खुलकर अपनी बात रखी है, जिस पर मुझे गर्व है."

  13. डोपिंग नियम तोड़ने पर पाकिस्तानी क्रिकेटर मोहम्मद नवाज़ पर एक महीने का प्रतिबंध

    इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (आईसीसी) ने पाकिस्तान के बाएं हाथ के स्पिनर मोहम्मद नवाज़ पर एंटी-डोपिंग नियमों के उल्लंघन के मामले में कार्रवाई की है.

    आईसीसी के मुताबिक, पहले उन पर तीन महीने का प्रतिबंध लगाया गया था, लेकिन ज़रूरी शैक्षणिक और जागरूकता कार्यक्रम पूरा करने के बाद इसे घटाकर एक महीने कर दिया गया.

    आईसीसी ने शुक्रवार को जारी अपने बयान में बताया कि 7 फ़रवरी को टी20 वर्ल्ड कप के दौरान कोलंबो में नीदरलैंड के ख़िलाफ़ मैच के बाद 32 वर्षीय मोहम्मद नवाज़ का डोप टेस्ट किया गया था.

    जांच में उनके सैंपल में 'कार्बॉक्सी-टीएचसी' नामक प्रतिबंधित पदार्थ के अंश पाए गए. जांच के दौरान मोहम्मद नवाज़ ने इस पदार्थ के इस्तेमाल की बात स्वीकार की.

    हालांकि, उन्होंने कहा कि इसका सेवन किसी क्रिकेट मैच या प्रतियोगिता के दौरान नहीं किया गया था और इसका उद्देश्य खेल में प्रदर्शन बेहतर करना भी नहीं था.

    आईसीसी के बताया कि इसी आधार पर नवाज़ पर तीन महीने के निलंबन का फैसला लिया गया, जो 1 मई 2026 से लागू हुआ. बाद में एंटी-डोपिंग शिक्षा कार्यक्रम पूरा करने पर उनकी सजा में राहत दी गई और प्रतिबंध की अवधि घटाकर एक महीना कर दी गई.

    आईसीसी के मुताबिक, प्रतिबंध स्वीकार करने और अनिवार्य एंटी-डोपिंग शिक्षा कार्यक्रम पूरा करने के बाद मोहम्मद नवाज़ की अस्थायी निलंबन अवधि अब ख़त्म हो गई है. करीब ढाई महीने बाद वह फिर से क्रिकेट खेलने के लिए योग्य हो गए हैं.

    आईसीसी ने यह भी स्पष्ट किया कि एंटी-डोपिंग कोड के तहत 7 फ़रवरी को नीदरलैंड के ख़िलाफ़ खेले गए मैच और उसके बाद 1 मई 2026 तक मोहम्मद नवाज़ के सभी मैचों के रिकॉर्ड और परिणाम अमान्य माने जाएंगे.

  14. इंडियन डॉक्टर्स फॉर पीस एंड डेवलपमेंट ने की इसराइली मेडिकल एसोसिएशन के निलंबन की मांग

    इंडियन डॉक्टर्स फॉर पीस एंड डेवलपमेंट (आईडीपीडी) ने इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (आईएमए) से अपील की है कि वह वर्ल्ड मेडिकल एसोसिएशन (डब्ल्यूएमए) में इसराइली मेडिकल एसोसिएशन (आईएमए) के निलंबन की मांग का समर्थन करे.

    संगठन के प्रेस रिलीज़ के मुताबिक, जब तक इसराइली मेडिकल एसोसिएशन, मेडिकल एथिक्स और मेडिकल न्यूट्रैलिटी से जुड़े अपने दायित्वों का पालन सुनिश्चित नहीं करता, तब तक उसके ख़िलाफ़ कार्रवाई होनी चाहिए.

    आईडीपीडी, इंटरनेशनल फिजिशियन्स फॉर द प्रिवेंशन ऑफ न्यूक्लियर वॉर (आईपीपीएनडब्ल्यू) की भारतीय सहयोगी संस्था है.

    संगठन ने कहा कि पिछले करीब दो वर्षों में गज़ा की स्वास्थ्य व्यवस्था पर गंभीर असर पड़ा है. अस्पतालों पर हमले, डॉक्टरों और स्वास्थ्यकर्मियों की मौत और गिरफ्तारी, मानवीय सहायता में रुकावट और ज़रूरी स्वास्थ्य सेवाओं तक पहुंच में बाधा जैसी घटनाओं को संयुक्त राष्ट्र एजेंसियों, मानवाधिकार संगठनों ने दर्ज किया है.

    संगठन ने हाल में द लैंसेट में प्रकाशित लेख का भी हवाला दिया, जिसमें इसराइली मेडिकल एसोसिएशन को डब्लूएमए से निलंबित करने की बढ़ती अंतरराष्ट्रीय मांग का जिक्र किया गया है.

    संगठन ने आईएमए से अनुरोध किया है कि वह अक्टूबर 2026 में होने वाली डब्लूएमए महासभा में इस मुद्दे को मज़बूती से उठाए और मेडिकल एथिक्स और संघर्ष क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं की सुरक्षा के पक्ष में स्पष्ट रुख अपनाए.

    BBC World Service के नए ऐप को डाउनलोड करें.

    BBC News हिन्दी को चुनें और पाइए न्यूज़ अलर्ट, लाइव टीवी, पॉडकास्ट... सब एक जगह.

    कृपया नोट करें: नया ऐप ब्रिटेन और अमेरिका में उपलब्ध नहीं है.

  15. बुलेट ट्रेन प्रोजेक्ट में देरी पर जापान के पूर्व मंत्री ने भारत को ठहराया ज़िम्मेदार, कांग्रेस ने क्या कहा?

    भारत में बुलेट ट्रेन प्रोजेक्ट में हो रही देरी पर जापान के पूर्व क़ानून मंत्री हिदेकी माकिहारा ने भारत को ज़िम्मेदार ठहराया है.

    हिदेकी माकिहारा ने सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म एक्स पर कहा, "भारत में शिंकांसेन प्रोजेक्ट (मुंबई-अहमदाबाद बुलेट ट्रेन प्रोजेक्ट) से मैं खुद भी जुड़ा हुआ था लेकिन इंटरनेशनल मीटिंग्स और बातचीत के दौरान जो बात सबसे ज़्यादा खटकी, वह थी भारतीय पक्ष की ओर से बार-बार दिखाई गई घोर लापरवाही."

    उन्होंने कहा, "चाहे कुछ भी हो जाए वे अपना वादा कभी नहीं निभाते. अगर वे कोई वादा करते भी हैं तो तुरंत उससे मुकर जाते हैं. वे आखिर तक बस अपने ही फ़ायदे के बारे में सोचते रहते हैं. प्रोजेक्ट के लिए ज़िम्मेदार मंत्री का व्यवहार तो बहुत ही बुरा था."

    "मुझे यह कहना ही होगा कि यकीनन इसके आगे न बढ़ पाने की पूरी वजह भारतीय पक्ष की ओर से है."

    हिदेकी माकिहारा ने कहा, "प्रधानमंत्री ताकाइची की यात्रा से भी कोई नतीजा नहीं निकला. जापान को सिग्नल सिस्टम से बाहर रखा गया जो सुरक्षा के लिए सबसे ज़रूरी है."

    इस पर कांग्रेस नेता पवन खेड़ा ने कहा, "प्रधानमंत्री मोदी के रेल मंत्री की एक और उपलब्धि. भारत-जापान शिंकांसेन प्रोजेक्ट से व्यक्तिगत रूप से जुड़े जापान के एक पूर्व मंत्री ने दावा किया है कि प्रधानमंत्री ताकाइची के दौरे के बावजूद यह प्रोजेक्ट विफल रहा और जापान को सिग्नलिंग सिस्टम से बाहर रखा गया, जो रेलवे सुरक्षा के लिए एक अहम हिस्सा है."

    उन्होंने कहा, "कितनी शर्म की बात है कि भारत की सबसे अहम रणनीतिक इंफ्रास्ट्रक्चर साझेदारियों में से एक को इतने शर्मनाक तरीके से संभाला गया है कि अब सरकार की नाकामी की आलोचना विदेशी अधिकारी भी कर रहे हैं."

  16. अभी तक बीबीसी संवाददाता सौरभ यादव आप तक ख़बरें पहुंचा रहे थे. अब बीबीसी संवाददाता अरशद मिसाल रात दस बजे तक आप तक ताज़ा ख़बरें पहुंचाएंगे.

    बीबीसी हिन्दी के पेज पर मौजूद कुछ बड़ी ख़बरों को पढ़ने के लिए नीचे दिए हुए लिंक्स पर क्लिक करें.

  17. रोहित शर्मा के अंतरराष्ट्रीय करियर को लेकर चल रही अटकलों के बीच ये बोले पूर्व क्रिकेटर

    गुरुवार से ऐसी ख़बरें आ रही हैं कि लॉर्ड्स में इंग्लैंड और भारत के बीच खेले जाने वाला वनडे मुक़बाल रोहित शर्मा का आख़िरी वनडे हो सकता है.

    इन ख़बरों के बीच भारत के पूर्व क्रिकेटर आकाश चोपड़ा ने एक्स पर एक वीडियो जारी कर कहा है, "ख़बर यह आई है कि लॉर्ड्स का मुक़ाबला रोहित शर्मा के वनडे करियर का आख़िरी मुक़बाला होने वाला है. सेलेक्टर्स उन्हें बताया दिया है कि आप 2027 वर्ल्ड कप का हिस्सा नहीं होंगे."

    "यह ख़बर देवेंद्र पांडे ने दी है जिनकी 10 में से 9 बातें सही होती हैं. अगर ऐसा है तो कितनी भी ख़ूबसूरत कहानी हो उसका अंत होता है. रोहित शर्मा का कमाल का अंतरराष्ट्रीय वनडे करियर रहा है. वो दिन के साथ जवान नहीं होने वाले हैं. वो 39 साल के हो चुके हैं और वनडे विश्व कप अभी भी 18 महीने दूर है तब तक वे 40 के हो जाएंगे. तो हो सकता है यही अंत है."

    उन्होंने कहा, "दूसरी बात यह है कि इतनी जल्दी किस बात की है थोड़ा और समय दे दीजिए. इन्होंने (रोहित) अपनी मंशा साफ कर दी है कि मुझे जाना है, मुझे खेलना है, मैं फिट हूं. वे कोशिश तो कर रहे हैं इसमें किसी को शक नहीं होना चाहिए."

    समाचार एजेंसी पीटीआई के मुताबिक पूर्व क्रिकेटर पार्थिव पटेल ने कहा है, "मुझे उम्मीद है कि पूर्व कप्तान एक शानदार शतक के साथ फॉर्म में वापसी करेंगे और आलोचकों का मुंह बंद कर देंगे."

  18. अमेरिका ने ईरान में नेवल वॉचटावर और पुलों को बनाया निशान

    अमेरिका ईरान पर लगातार हमले कर रहा है. गुरुवार शाम से लेकर शुक्रवार सुबह तक ईरान में अमेरिकी हमले जारी रहे. ईरान के कई शहरों में धमाकों की आवाज़ें सुनी गईं.

    ख़बरों के मुताबिक़ चाबहार नेवल वॉचटावर "पूरी तरह तबाह" हो गया और होर्मोज़गन के खमीर शहर में छह पुल, बंदर अब्बास में दो पुल, शहर का रेलवे जंक्शन और ईरान शहर के एयरपोर्ट को भी निशाना बनाया गया.

    इन हमलों का ज़िक्र करते हुए डोनाल्ड ट्रंप ने कहा, "आप बहुत जल्द इन कार्रवाइयों के नतीजे देखेंगे और दावा किया कि वे ईरान के खिलाफ़ बड़ी जीत हासिल कर रहे हैं."

    इससे पहले ट्रंप ने धमकी दी थी कि अगर ईरान बातचीत के लिए वापस नहीं आया, तो वे ईरान के पुलों और बिजली संयंत्रों पर हमला करेंगे.

    BBC World Service के नए ऐप को डाउनलोड करें.

    BBC News हिन्दी को चुनें और पाइए न्यूज़ अलर्ट, लाइव टीवी, पॉडकास्ट... सब एक जगह.

    कृपया नोट करें: नया ऐप ब्रिटेन और अमेरिका में उपलब्ध नहीं है.

  19. सोनम वांगचुक पर आमिर ख़ान के बयान को लेकर ये बोले प्रशांत भूषण

    लंदन इंडियन फ़िल्म फेस्टिवल में आमिर ख़ान ने कहा है कि फ़िल्म थ्री इडियट्स में उनका किरदार 'रैंचो' सोनम वांगचुक से प्रेरित नहीं था. साथ ही उन्होंने सोनम वांगचुक के स्वास्थ्य को लेकर चिंता भी जताई थी.

    एक्टर आमिर ख़ान के बयान पर सुप्रीम कोर्ट के वरिष्ठ वकील प्रशांत भूषण ने प्रतिक्रिया दी है.

    प्रशांत भूषण ने कहा, "आखिरकार आमिर खान से सोनम वांगचुक के अनशन के बारे में पूछा गया. उनका जवाब विनम्र तो था, लेकिन उसमें कोई खास उत्साह नहीं था.

    उन्होंने कहा, "वे अब उस इंसान की बस एक फीकी परछाईं बनकर रह गए हैं जिन्होंने '3 इडियट्स' और कई अन्य क्रांतिकारी फिल्में बनाई थीं, साथ ही 'सत्यमेव जयते' जैसा प्रोग्राम भी किया था, जिसमें सोनम वांगचुक जैसी कई प्रेरणादायक कहानियों को दिखाया गया था."

    इससे पहले आमिर ख़ान ने इस बात को ख़ारिज किया है कि फ़िल्म थ्री इडियट्स में उनका किरदार 'रैंचो' सोनम वांगचुक से प्रेरित था.

    आमिर ने सोनम वांगचुक की सेहत को लेकर गहरी चिंता जताई है और कहा कि वह उम्मीद करते हैं कि सोनम जल्द अपनी भूख हड़ताल ख़त्म करेंगे.

    BBC World Service के नए ऐप को डाउनलोड करें.

    BBC News हिन्दी को चुनें और पाइए न्यूज़ अलर्ट, लाइव टीवी, पॉडकास्ट... सब एक जगह.

    कृपया नोट करें: नया ऐप ब्रिटेन और अमेरिका में उपलब्ध नहीं है.

  20. 'केन-बेतवा लिंक प्रोजेक्ट' के ख़िलाफ़ प्रदर्शन करने पानी पर उतरे लोग, देखें तस्वीरें

    ये तस्वीरें बुंदेलखंड की हैं, जहां दर्जनों लोग प्रतीकात्मक रूप से चिता पर लेटे हुए हैं. कुछ लोग प्रतीकात्मक फांसी का फंदा डालकर खड़े हैं. केन बेतवा परियोजना देश की पहली परियोजना है जिसमें दो नदियों को जोड़ने की कोशिश की जा रही है.

    इसका उद्देश्य मध्य प्रदेश और उत्तर प्रदेश के 13 जिलों तक सिंचाई और पेयजल पहुँचाना है. केन बेतवा रिवर लिंकिंग परियोजना को लेकर स्थानीय लोगों का विरोध 2024 से ही चल रहा है.

    ग्रामीणों ने कई बार प्रशासन पर मुआवजे के बंटवारे में अनियमितताओं और भ्रष्टाचार का आरोप लगाया है.