ईरान के 50 शहरों में पहुंचा विरोध प्रदर्शन, अमेरिका ने जारी की ट्रैवल एडवाइज़री

ईरान में विरोध प्रदर्शन के दौरान सुरक्षाकर्मियों और प्रदर्शनकारियों के बीच हिंसक झड़प की ख़बरें हैं.

सारांश

लाइव कवरेज

इफ़्तेख़ार अली, संदीप राय

  1. वरिष्ठ पर्यावरणविद् माधव गाडगिल का 83 साल की उम्र में निधन

    माधव गाडगिल

    वरिष्ठ पर्यावरणविद् माधव गाडगिल का बुधवार, 7 जनवरी को पुणे के एक अस्पताल में निधन हो गया. वह 83 वर्ष के थे.

    उनका अंतिम संस्कार गुरुवार (8 जनवरी) को शाम 4 बजे किया जाएगा. यह जानकारी माधव गाडगिल के पुत्र सिद्धार्थ गाडगिल ने बीबीसी मराठी को दी है.

    दिसंबर 2024 में संयुक्त राष्ट्र की पर्यावरण एजेंसी यूएनईपी ने माधव गाडगिल को 'चैंपियन ऑफ अर्थ' लाइफ़टाइम अचीवमेंट अवार्ड की घोषणा की थी.

    उन्होंने राज्य और केंद्र सरकारों की विभिन्न नीतियों और योजनाओं के पर्यावरण पर पड़ने वाले प्रभाव की जांच करने के लिए कई शोध किए थे.

    उन्होंने इससे संबंधित सात किताबें और 225 से ज़्यादा रिसर्च पेपर लिखे, जिनमें पर्यावरणीय संकटों के समाधान पर ज़ोर दिया गया.

    संयुक्त राष्ट्र की वेबसाइट पर दी गई जानकारी के मुताबिक़, डॉक्टर माधव गाडगिल ने कम उम्र से ही समाज के निचले तबके में रहने वाले लोगों के अधिकारों के महत्व को समझा था.

    भारत के पश्चिमी घाटों पर उद्योग और जलवायु परिवर्तन के प्रभाव का अध्ययन करने के लिए तैयार की गई गाडगिल रिपोर्ट को पर्यावरण के क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण रिपोर्ट मानी जाती है.

    गाडगिल समिति की रिपोर्ट ने 2011 में पूरे देश में, विशेषकर उन राज्यों में जहां से पश्चिमी घाट गुजरते हैं, तीखी बहस छेड़ दी थी. यह बहस आज भी जारी है.

    गाडगिल समिति ने अपनी रिपोर्ट में सबसे पहले 'पारिस्थितिक रूप से संवेदनशील क्षेत्र' (ईएसजेड) बनाने का विचार प्रस्तावित किया था.

    इसमें सुझाव दिया गया था कि इन ईएसजेड का निर्माण पश्चिमी घाट के विभिन्न भागों, उनकी जैव विविधता और मानव बस्तियों के आधार पर किया जाना चाहिए.

    गाडगिल समिति ने कहा था कि पश्चिमी घाट के कुल क्षेत्रफल का 60 प्रतिशत से अधिक भाग 'पारिस्थितिक रूप से संवेदनशील' होना चाहिए.

  2. एशेज़ सिरीज़ में ऑस्ट्रेलिया की जीत, इंग्लैंड को 4-1 से हराया

    ऑस्ट्रेलिया की टीम

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, जीत के बाद जश्न मनाती ऑस्ट्रेलियाई टीम

    ऑस्ट्रेलिया ने इंग्लैंड के ख़िलाफ़ सिडनी क्रिकेट ग्राउंड पर आख़िरी दिन जीत हासिल करते हुए एशेज़ सिरीज़ 4-1 से अपने नाम कर ली है. इसके साथ ही ऑस्ट्रेलिया को वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप के 12 अहम अंक भी मिले हैं.

    पांचवें दिन की शुरुआत में ऑस्ट्रेलिया ने इंग्लैंड को दूसरी पारी में 342 रन पर आउट कर दिया. इसके बाद 160 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए मेज़बान टीम ने पांच विकेट से मैच जीत लिया.

    इंग्लैंड ने उस्मान ख़्वाजा के लिए यह मैच यादगार बनने नहीं दिया. उन्हें जोश टंग ने सिर्फ़ छह रन पर आउट कर दिया. कुछ दिन पहले ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाज़ उस्मान ख़्वाजा ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास का एलान कर दिया था.

    मैच के आख़िर में एलेक्स कैरी (नाबाद 16 रन) और कैमरन ग्रीन (नाबाद 22 रन) ने टीम को जीत दिलाई.

    इस जीत के साथ ऑस्ट्रेलिया वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप 2025-27 की अंक तालिका में शीर्ष स्थान पर और मज़बूत हो गया है.

    इससे पहले, मिचेल स्टार्क ने दूसरे नए गेंद से जैकब बेथेल को आउट कर इंग्लैंड की दूसरी पारी का अंत किया. हालांकि, आउट होने से पहले बेथेल ने 154 रन पूरे किए और अच्छा प्रदर्शन किया.

    22 साल के बेथेल ने बल्लेबाज़ी करते हुए अच्छी फ़ॉर्म दिखाई.

  3. दिल्ली दंगा: गुलफ़िशा फ़ातिमा समेत चार लोग रिहा

    गुलफ़िशा फ़ातिमा

    इमेज स्रोत, ANI

    इमेज कैप्शन, रिहा होने के बाद परिजनों से मिलती गुलफ़िशा फ़ातिमा

    दिल्ली दंगों में कथित साज़िश मामले में चार लोग बुधवार को जेल से बाहर आए हैं. इन्हें सुप्रीम कोर्ट से ज़मानत मिली है.

    सुप्रीम कोर्ट से ज़मानत मिलने के बाद कड़कड़डूमा एडिशनल सेशन्स जज समीर बाजपेयी ने गुलफ़िशा फ़ातिमा, मीरान हैदर, शिफ़ा उर रहमान और मोहम्मद सलीम ख़ान की ओर से दाख़िल किए गए दो-दो लाख रुपये के ज़मानती बॉन्ड और उतनी ही राशि के दो स्थानीय ज़मानतदारों को स्वीकार करते हुए उनकी रिहाई के आदेश दिए.

    न्यूज़ एजेंसी पीटीआई के मुताबिक़, पांचवें अभियुक्त शादाब अहमद अदालत में ज़मानती बॉन्ड जमा कराने के लिए पेश नहीं हुए. इसलिए उनकी रिहाई नहीं हो सकी. शादाब अहमद भी उन लोगों में शामिल हैं, जिन्हें सुप्रीम कोर्ट ने सोमवार को ज़मानत दी थी.

    हालांकि सुप्रीम कोर्ट ने इस मामले में उमर ख़ालिद और शरजील इमाम की ज़मानत याचिका ख़ारिज कर दी. कोर्ट ने कहा कि अन्य अभियुक्तों की तुलना में उमर ख़ालिद और शरजील इमाम की भूमिका अलग है.

    जेल अधिकारियों के मुताबिक़, गुलफ़िशा फ़ातिमा, शिफ़ा उर रहमान और मीरान हैदर को बुधवार रात तिहाड़ जेल से रिहा किया गया, जबकि मोहम्मद सलीम ख़ान मंडोली जेल से बाहर आए.

    शिफ़ा उर रहमान (माला पहने हुए)

    इमेज स्रोत, ANI

    इमेज कैप्शन, शिफ़ा उर रहमान (माला पहने हुए)

    जेल से बाहर आते समय गुलफ़िशा का उनके रिश्तेदारों ने स्वागत फूलों की मालाओं और मिठाइयों से किया.

    रिहा होने के बाद शिफ़ा उर रहमान ने न्यूज़ एजेंसी एएनआई से बातचीत में कहा, "मैं कोर्ट का शुक्रगुज़ार हूं. मुझे भारत के संविधान और क़ानून पर पूरा भरोसा था और रहेगा. इसी के तहत हम बाहर आए हैं."

    मीरान हैदर (बीच में)

    इमेज स्रोत, ANI

    इमेज कैप्शन, मीरान हैदर (बीच में)

    उमर ख़ालिद और शरजील इमाम समेत सभी सात अभियुक्तों पर साल 2019 में सीएए (नागरिकता संशोधन क़ानून) विरोध प्रदर्शनों की आड़ में फ़रवरी 2020 में दिल्ली में सांप्रदायिक हिंसा भड़काने की साज़िश रचने का आरोप है.

    अभियुक्तों की दलील थी कि वे पांच साल से ज़्यादा समय से जेल में हैं, फिर भी ट्रायल शुरू नहीं हुआ है.

    ये भी पढ़ें:

  4. भारत में खेलने से इनकार के बीच बांग्लादेश ने पाकिस्तान का ज़िक्र क्यों किया?

    बांग्लादेश के खेल सलाहकार डॉक्टर आसिफ़ नज़रुल

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, बांग्लादेश के खेल सलाहकार डॉक्टर आसिफ़ नज़रुल

    बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (बीसीबी) के साथ बैठक के बाद खेल सलाहकार डॉक्टर आसिफ़ नज़रुल ने बुधवार को कहा कि बांग्लादेश विश्व कप में खेलना चाहता है, लेकिन देश की प्रतिष्ठा को दांव पर लगाकर नहीं खेलना चाहता.

    बीबीसी बांग्ला के मुताबिक़, उन्होंने यह भी चेतावनी दी कि क्रिकेटरों की सुरक्षा और बांग्लादेश की गरिमा पर कोई समझौता नहीं किया जाएगा.

    पत्रकारों से बातचीत में आसिफ़ नज़रुल ने कहा, "आईसीसी के पत्र को पढ़कर ऐसा लगता है कि वे भारत में सुरक्षा जोखिमों को समझ नहीं पाए हैं. भारत में खेलने का कोई सुरक्षित माहौल नहीं है."

    उन्होंने कहा कि बांग्लादेश दूसरे मेजबान देश श्रीलंका में खेलना चाहता है.

    बीसीबी अध्यक्ष अमीनुल इस्लाम

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, बीसीबी अध्यक्ष अमीनुल इस्लाम

    बाद में, बीसीबी अध्यक्ष अमीनुल इस्लाम ने पत्रकारों से कहा, "हम एक वैध कारण के बारे में बात कर रहे हैं या उसे उठा रहे हैं. हमने इतने सारे विश्व कप खेले हैं और कभी ऐसी बात नहीं कही."

    जब उनसे पूछा गया कि क्या आईसीसी की ओर से भारत में खेलने के लिए कहे जाने पर बांग्लादेश अपना फै़सला बदल देगा, तो अमीनुल इस्लाम ने कहा कि 'आईसीसी मान जाएगा.'

    उन्होंने कहा, "हाइब्रिड विश्व कप आयोजित करने का मुख्य कारण सुरक्षा है. इसलिए हमें उम्मीद है कि हम अपने कारणों को साबित कर पाएंगे. मुस्तफ़िज़ुर रहमान को देखें तो उन्हें सुरक्षा व्यवस्था में कठिनाई के कारण टीम से बाहर रखा गया है. फिर बांग्लादेश से एक टीम, लोगों का एक समूह जो मैच देखने जाएगा, यह एक बड़ी बात है. हम हर चीज़ की तैयारी कर रहे हैं."

    अमीनुल इस्लाम ने कहा, "जब चैंपियंस ट्रॉफ़ी हुई थी तब भारत पाकिस्तान नहीं गया था. पिछले कुछ विश्व कपों में भी पाकिस्तान भारत में खेलने नहीं आया था. इसलिए हम भी सही जवाब मिलने की उम्मीद कर रहे हैं."

    इससे पहले बुधवार को बीसीबी ने एक बयान जारी किया जिसमें उसने कहा है कि इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल ने उसे इस साल होने वाले टी-20 वर्ल्ड कप में बांग्लादेश की टीम की बिना अड़चन के पूरी भागीदारी सुनिश्चित करने का भरोसा दिलाया है.

    बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड ने उन मीडिया रिपोर्टों का भी खंडन किया जिनमें ये कहा गया है कि बोर्ड को इस संबंध में अल्टीमेटम दिया गया था.

    ये भी पढ़ें:

  5. रूसी तेल ख़रीदने को लेकर अमेरिका का बिल, भारत निशाने पर

    अमेरिकी सीनेटर लिंडसे ग्राहम और राष्ट्रपति ट्रंप

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, अमेरिकी सीनेटर लिंडसे ग्राहम एयर फ़ोर्स वन विमान में राष्ट्रपति ट्रंप के साथ

    अमेरिकी सीनेटर लिंडसे ग्राहम ने गुरुवार को कहा कि राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने रूस पर प्रतिबंध लगाने वाले एक विधेयक को मंज़ूरी दे दी है.

    उनका कहना है कि यह विधेयक भारत, चीन और ब्राज़ील जैसे देशों पर दबाव बनाने में मदद करेगा ताकि वे रूसी तेल ख़रीदना बंद करें.

    सीनेटर ग्राहम ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा कि यह क़दम यूक्रेन में जारी शांति वार्ता के बीच उठाया गया है और उम्मीद है कि इस पर अगले हफ़्ते संसद में द्विदलीय (दोनों दलों का) मतदान होगा.

    उन्होंने कहा, "आज राष्ट्रपति ट्रंप के साथ कई मुद्दों पर एक बहुत उपयोगी बैठक हुई. उन्होंने उस द्विदलीय रूस प्रतिबंध विधेयक को मंज़ूरी दी, जिस पर मैं कई महीनों से सीनेटर ब्लूमेंथल और अन्य सांसदों के साथ काम कर रहा हूं. यह सही समय पर लाया गया विधेयक है, क्योंकि यूक्रेन शांति के लिए रियायतें दे रहा है, जबकि पुतिन सिर्फ़ बातें कर रहे हैं और निर्दोष लोगों की हत्या जारी है."

    ग्राहम ने कहा कि यह विधेयक राष्ट्रपति ट्रंप को उन देशों के ख़िलाफ़ कार्रवाई करने का अधिकार देगा, जो सस्ता रूसी तेल ख़रीदकर रूस के युद्ध प्रयासों को आर्थिक मदद दे रहे हैं. उनके मुताबिक़, इससे भारत, चीन और ब्राज़ील जैसे देशों पर दबाव बनाया जा सकेगा ताकि वे रूसी तेल खरीदना बंद करें.

    अमेरिकी संसद की आधिकारिक वेबसाइट के मुताबिक़, इस विधेयक का नाम 'सैंक्शनिंग ऑफ़ रशिया एक्ट 2025' है.

    इसके तहत रूस से अमेरिका में आयात होने वाले सभी सामान और सेवाओं पर कम से कम 500 प्रतिशत तक शुल्क लगाने का प्रावधान है. साथ ही, इसमें रूस से जुड़े व्यक्तियों और संस्थाओं पर भी सख़्त प्रतिबंध लगाए जाने की बात कही गई है.

    इससे पहले बुधवार को यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर ज़ेलेंस्की ने अमेरिकी प्रतिनिधिमंडल के सदस्यों स्टीव विटकॉफ़ और जारेड कुश्नर से मुलाक़ात की, जिसमें रूस-यूक्रेन युद्ध को ख़त्म करने के लिए कूटनीतिक रास्तों पर चर्चा हुई.

    इससे पहले राष्ट्रपति ट्रंप ने दावा किया था कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी रूसी तेल ख़रीदने को लेकर भारत पर लगाए गए ऊंचे टैरिफ़ से खुश नहीं हैं.

    अमेरिका ने भारत पर कुल 50 फ़ीसदी टैरिफ़ लगाए हैं, जिनमें से 25 प्रतिशत रूसी तेल खरीदने को लेकर हैं.

    ट्रंप ने यह भी चेतावनी दी कि अगर भारत रूसी तेल आयात को लेकर अमेरिका की चिंताओं को दूर नहीं करता है, तो भारतीय सामानों पर टैरिफ़ और बढ़ाए जा सकते हैं.

  6. अमेरिका: आईसीई एजेंट ने एक महिला को मारी गोली

    होमलैंड सिक्योरिटी सेक्रेटरी क्रिस्टी नोएम

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, होमलैंड सिक्योरिटी सेक्रेटरी क्रिस्टी नोएम ने इस घटना से जुड़ी ज़्यादा जानकारी दी है

    अमेरिकी अधिकारियों के मुताबिक़, मिनियापोलिस शहर में इमिग्रेशन अधिकारी ने एक महिला को गोली मार दी, जिससे उनकी मौत हो गई.

    डिपार्टमेंट ऑफ़ होमलैंड सिक्योरिटी (डीएसएस) का कहना है कि यह घटना उस समय हुई जब एक 'हिंसक प्रदर्शनकारी' कथित तौर पर इमिग्रेशन अधिकारी को गाड़ी से कुचलने की कोशिश कर रही थी.

    होमलैंड सिक्योरिटी सेक्रेटरी क्रिस्टी नोएम ने कहा कि अधिकारी ने 'खुद की रक्षा के लिए गोली चलाई'.

    हालांकि, मिनियापोलिस के मेयर जैकब फ़्रे ने संघीय अधिकारियों के इस बयान पर सवाल उठाए हैं और शहर से आईसीई एजेंटों को हटाने की मांग की है.

    गोली लगने से मरने वाली महिला की पहचान 37 साल की रेनी निकोल गुड के रूप में हुई है. वह अमेरिकी नागरिक थीं.

    यह घटना मिनियापोलिस में चलाए जा रहे एक बड़े इमिग्रेशन एनफोर्समेंट ऑपरेशन के दौरान हुई है. मिनियापोलिस और पास के सेंट पॉल इलाके़ में दो हज़ार से ज़्यादा एजेंट तैनात किए गए हैं.

  7. नमस्कार!

    बीबीसी न्यूज़ हिन्दी के लाइव पेज पर आपका स्वागत है. मैं बीबीसी संवाददाता इफ़्तेख़ार अली अब से दोपहर दो बजे तक आप तक अहम ख़बरें पहुंचाऊंगा.

    कल के लाइव पेज की ख़बरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें.

    हमारे पेज पर मौजूद कुछ अहम ख़बरों को पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक्स पर क्लिक करें.

    -वेनेज़ुएला से जुड़े दो टैंकरों को अमेरिका ने पकड़ा, एक पर था रूस का झंडा

    -ट्रंप ने जो मादुरो के ख़िलाफ़ किया, क्या चीन ताइवान के साथ कर सकता है?

    -सुप्रीम कोर्ट में ज़मानत के दो मामलों पर दो दिन में अलग-अलग फ़ैसले कैसे?

    -भारत और बांग्लादेश के बीच गहराते राजनीतिक तनाव की छाया अब क्रिकेट पर भी