अमेरिकी सरकार बढ़े हुए टैरिफ़ दरों को लेकर कई देशों को भेजेगी पत्र

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा है कि उनकी सरकार एक अगस्त से लागू होने वाले बढ़े हुए टैरिफ़ रेट के विवरण के साथ संबंधित देशों को पत्र भेजना शुरू करेगी.

सारांश

लाइव कवरेज

आनंद मणि त्रिपाठी और इफ़्तेख़ार अली

  1. बचावकर्मियों ने कहा, ग़ज़ा में इसराइली गोलीबारी में कम से कम 69 लोगों की मौत

    ग़ज़ा में एक रोती हुए महिला के साथ दो युवतियां

    इमेज स्रोत, Reuters

    इमेज कैप्शन, दक्षिणी ग़ज़ा में एक टेंट पर हुए इसराइली हमले में महिलाओं और बच्चों के मारे जाने की ख़बर है

    बचावकर्मियों का कहना है​ कि गुरुवार को इसराइली गोलीबारी में ग़ज़ा में कम से कम 69 लोगों की मौत हो गई है. इसराइल ने फ़लस्तीनी क्षेत्र पर बमबारी तेज़ कर दी है.

    हमास की नागरिक सुरक्षा एजेंसी के अनुसार, ग़ज़ा में विस्थापित परिवारों के लिए बनाए गए आश्रय स्थल के पास हवाई हमले में 15 लोग मारे गए. इसमें अधिकांश महिलाएं और बच्चे थे.

    इसराइली सेना ने कहा है कि उसने वहां स्थित एक "प्रमुख" हमास कार्यकर्ता को निशाना बनाया था.

    सिविल डिफेंस ने यह भी बताया कि 38 लोग सहायता के लिए क़तार में खड़े होने या फिर सहायता लेने के लिए जाते समय मारे गए.

    इसराइली सेना ने कहा कि बड़े पैमाने पर हताहतों की ऐसी ख़बरें "झूठी" हैं.

    यह घटना ऐसे समय में हुई है, जब इसराइल और हमास दोनों पर नए युद्धविराम और बंधकों की रिहाई से जुड़े समझौते पर सहमत होने के लिए दबाव बढ़ रहा है.

    अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने मंगलवार को घोषणा की थी कि इसराइल ने ग़ज़ा में 60 दिन के युद्धविराम को अंतिम रूप देने के लिए ज़रूरी शर्तों पर अपनी सहमति दे दी है. हालाँकि, अब भी कुछ बाधाएं हैं, जो इस समझौते को रोक सकती हैं.

    हमास ने कहा है कि वह प्रस्तावों का अध्ययन कर रहा है लेकिन वह अब भी युद्ध की समाप्ति और ग़ज़ा से इसराइल की वापसी चाहता है.

    इसराइली सेना (आईडीएफ) ने गुरुवार को कहा कि उसके विमानों ने पिछले 24 घंटों में ग़ज़ा में क़रीब 150 "आतंकवादी ठिकानों" पर हमला किया है, इसमें लड़ाकू विमान, सुरंगें और हथियार शामिल हैं.

    ग़ज़ा में हमास संचालित स्वास्थ्य मंत्रालय ने कहा कि इसी अवधि के दौरान 118 लोग मारे गए हैं.

  2. ट्रंप का बिग ब्यूटीफुल बिल अमेरिकी कांग्रेस में भी पास

    डोनाल्ड ट्रंप

    इमेज स्रोत, AFP via Getty Images

    इमेज कैप्शन, अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने बिल पारित होने के बाद कहा कि इससे देश की प्रगति और तेज़ होगी

    अमेरिकी कांग्रेस ने राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप का टैक्स और खर्च से जुड़ा वन बिग ब्यूटीफुल बिल पास कर दिया है. अमेरिका की राष्ट्रीय राजनीति में इसे ट्रंप की जीत के रूप में देखा जा रहा है.

    हाउस ऑफ रिप्रेजेंटेटिव ने गुरुवार दोपहर को 218 के मुक़ाबले 214 मतों से विधेयक पारित कर दिया. इससे पहले मंगलवार को सीनेट में मंज़ूरी मिल गई थी.

    राष्ट्रपति ट्रंप ने रिपब्लिकन पार्टी के नियंत्रण वाली कांग्रेस को हस्ताक्षर कर क़ानून बनाने के लिए चार जुलाई तक समय सीमा दी थी.

    कांग्रेस के बजट कार्यालय का अनुमान है कि इस विधेयक के कारण अगले 10 सालों में संघीय घाटे में 3.3 ट्रिलियन डॉलर की बढ़ोतरी हो सकती है.

    यह भी अनुमान है कि इससे लाखों लोग स्वास्थ्य बीमा से वंचित हो जाएंगे, हालांकि व्हाइट हाउस ने इस बात को नकार दिया है.

    राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने बिल पास होने के बाद गुरुवार शाम पत्रकारों से कहा, यह विधेयक "इस देश को तेज़ गति देगा".

    उन्होंने कहा, "यह देश के लिए एक बेहतरीन विधेयक होगा."

    उम्मीद जताई जा रही है कि चार जुलाई के दिन राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के हस्ताक्षर के ​साथ ही इस बिल को क़ानून बना दिया जाएगा.

  3. नमस्कार!

    बीबीसी हिंदी के लाइव पेज पर आपका स्वागत है.

    मैं बीबीसी संवाददाता आनंद मणि त्रिपाठी अब से दोपहर दो बजे तक आप तक अहम ख़बरें पहुंचाऊंगा.

    कल के लाइव पेज की ख़बरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें.

    बीबीसी हिंदी की कुछ अहम ख़बरों को पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर भी क्लिक कर सकते हैं.