'इसराइल से व्यापार बंद करें', यूएन विशेषज्ञ की मल्टीनेशनल कंपनियों से अपील

संयुक्त राष्ट्र के एक विशेषज्ञ ने दर्जनों मल्टीनेशनल कंपनियों से इसराइल के साथ कारोबार बंद करने की अपील की है.

सारांश

लाइव कवरेज

आनंद मणि त्रिपाठी और इफ़्तेख़ार अली

  1. 'इसराइल से व्यापार बंद करें', यूएन विशेषज्ञ की मल्टीनेशनल कंपनियों से अपील

    इसराइल और ग़ज़ा संघर्ष

    इमेज स्रोत, Reuters

    इमेज कैप्शन, हमास संचालित स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक़, ग़ज़ा में 7 अक्तूबर 2023 के बाद से अब तक 56 हज़ार से ज़्यादा लोग मारे गए हैं

    संयुक्त राष्ट्र के एक विशेषज्ञ ने दर्जनों मल्टीनेशनल कंपनियों से इसराइल के साथ कारोबार बंद करने की अपील की है.

    साथ ही उन्होंने चेतावनी दी है कि, "कारोबार जारी रखने की सूरत में ये कंपनियां ग़ज़ा और कब्ज़े वाले वेस्ट बैंक में हो रहे युद्ध अपराधों में भागीदार मानी जा सकती हैं."

    फ्रांसेस्का अल्बानीज़ ने संयुक्त राष्ट्र मानवाधिकार परिषद के सामने अपनी रिपोर्ट पेश करते हुए इसे 'नरसंहार की अर्थव्यवस्था' क़रार दिया.

    उन्होंने कहा कि हमास के साथ चल रहे संघर्ष को एक ऐसे परीक्षण क्षेत्र के रूप में इस्तेमाल किया जा रहा है, जहां किसी तरह की जवाबदेही या निगरानी नहीं है.

    इसराइल ने उनकी रिपोर्ट को 'निराधार' बताते हुए ख़ारिज कर दिया है और कहा है कि यह 'इतिहास के कूड़ेदान में डाल दी जाएगी'.

    संयुक्त राष्ट्र के विशेषज्ञ, संयुक्त राष्ट्र से स्वतंत्र होते हैं, लेकिन उन्हें मानवाधिकार से जुड़े मामलों पर सलाह देने के लिए संयुक्त राष्ट्र की ओर से नियुक्त किया जाता है.

  2. यूक्रेन सीमा के पास हमले में रूसी नौसेना के उप प्रमुख की मौत

    रूस यूक्रेन युद्ध

    इमेज स्रोत, Reuters

    इमेज कैप्शन, रूस यूक्रेन युद्ध को तीन साल से ज़्यादा का समय हो गया है

    रूसी नौसेना के उप प्रमुख की यूक्रेनी सीमा के पास मौत हो गई है. रूसी सेना ने इस बात की पुष्टि की है.

    रूस के रक्षा मंत्रालय ने बताया कि मेजर जनरल मिखाइल गुडकोव की मौत पश्चिमी कुर्स्क क्षेत्र में 'लड़ाई से जुड़े काम' के दौरान हुई, जो यूक्रेन के सूमी क्षेत्र की सीमा से सटा है.

    मंत्रालय ने इस ऑपरेशन के बारे में इससे ज़्यादा जानकारी नहीं दी है.

    पिछली गर्मियों में यूक्रेन ने कुर्स्क में अचानक हमला किया था.

    हालांकि, ज़्यादातर यूक्रेनी सैनिकों को वहां से पीछे हटा दिया गया था, लेकिन जून में यूक्रेन ने कहा था कि वह अब भी इस क्षेत्र के कुछ छोटे इलाक़ों पर क़ब्ज़ा बनाए हुए है.

    गुडकोव की मौत, यूक्रेन पर पूर्ण पैमाने पर आक्रमण की शुरुआत के बाद से रूस के लिए सबसे बड़ी क्षतियों में से एक है.

  3. एजबेस्टन टेस्ट: तिहरे शतक से चूके शुभमन गिल, भारत 587 पर ऑल आउट

    शुभमन गिल

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, शुभमन गिल ने पहली बार टेस्ट करियर में दोहरा शतक लगाया है

    भारत-इंग्लैंड के बीच चल रहे दूसरे टेस्ट मैच में भारतीय कप्तान शुभमन गिल ने 269 रन की शानदार पारी खेली.

    पहली पारी में भारतीय टीम 151 ओवर खेलकर 587 रन पर ऑल आउट हो गई.

    उन्होंने 387 गेंदों पर 30 चौकों और तीन छक्कों की मदद से 269 बनाए.

    जोश टंग की गेंद पर गिल कैच आउट हो गए, जिसके कारण वह तिहरे शतक से केवल 31 रन दूर रह गए.

    इस मैच में गिल ने कई रिकॉर्ड बनाए हैं, जिसमें उनका हाई स्कोर भी शामिल है.

    इससे पहले गिल ने इंग्लैंड के ख़िलाफ़ पहली पारी में बतौर कप्तान अपने डेब्यू मैच में 147 रन की शतकीय पारी खेली थी.

    लेकिन इस मैच में गिल इंग्लैंड में टेस्ट मैच में दोहरा शतक बनाने वाले पहले भारतीय और एशियाई कप्तान बन गए हैं.

  4. भारत-इंग्लैंड टेस्ट: गिल ने दोहरा शतक लगाकर बनाया ये नया रिकॉर्ड

    शुभमन गिल

    इमेज स्रोत, Getty Images

    भारत-इंग्लैंड के बीच चल रहे दूसरे टेस्ट मैच के दौरान भारतीय बल्लेबाज़ और कप्तान शुभमन गिल ने दोहरा शतक लगाते हुए कई रिकॉर्ड बनाए हैं.

    गिल इंग्लैंड में टेस्ट मैच में दोहरा शतक बनाने वाले पहले भारतीय और एशियाई कप्तान बन गए हैं.

    शुभमन गिल ने पहली बार टेस्ट करियर में दोहरा शतक लगाया है.

    फिलहाल गिल क्रीज़ पर मौजूद हैं और उनका स्कोर 250 के पार पहुंच गया है.

    शुभमन गिल ने इंग्लैंड के ख़िलाफ़ पहली पारी में बतौर कप्तान अपने डेब्यू मैच में 147 रन की शतकीय पारी खेली थी.

    गिल ने इस मैच से पहले तक टेस्ट के 34 मैचों में 62 इनिंग खेलकर 61.20 के स्ट्राइक रेट से 2306 रन बनाए हैं.

  5. दिनभर- पूरा दिन, पूरी ख़बर मोहनलाल शर्मा और संदीप राय से

    छोड़िए YouTube पोस्ट
    Google YouTube सामग्री की इजाज़त?

    इस लेख में Google YouTube से मिली सामग्री शामिल है. कुछ भी लोड होने से पहले हम आपकी इजाज़त मांगते हैं क्योंकि उनमें कुकीज़ और दूसरी तकनीकों का इस्तेमाल किया गया हो सकता है. आप स्वीकार करने से पहले Google YouTube cookie policy और को पढ़ना चाहेंगे. इस सामग्री को देखने के लिए 'अनुमति देंऔर जारी रखें' को चुनें.

    चेतावनी: बीबीसी दूसरी वेबसाइट्स की सामग्री के लिए ज़िम्मेदार नहीं है. YouTube सामग्री में विज्ञापन हो सकते हैं.

    पोस्ट YouTube समाप्त

  6. भारत-इंग्लैंड टेस्ट मैच: शुभमन गिल ने जड़ा दोहरा शतक, भारत का स्कोर 500 के पार

    शुभमन गिल

    इमेज स्रोत, Getty Images

    भारत-इंग्लैंड के बीच चल रहे दूसरे टेस्ट मैच में भारतीय कप्तान शुभमन गिल ने दोहरा शतक जड़ दिया है. इसी के साथ भारत का स्कोर 500 रन के पार पहुंच गया है.

    एजबेस्टन टेस्ट के दूसरे दिन शुभमन गिल और रवींद्र जडेजा के बीच शानदार पार्टनरशिप देखी गई.

    शुभमन गिल के करियर में ऐसा पहली बार है जब उन्होंने टेस्ट के एक इनिंग में दोहरा शतक जड़ा है.

    जडेजा 137 गेंद पर 89 रन बनाकर आउट हुए.

    फिलहाल, शुभमन गिल के साथ वॉशिंगटन सुंदर क्रीज़ पर जमे हुए हैं.

    बता दें कि टीम इंडिया ने पहला टेस्ट गंवाने के बाद जसप्रीत बुमराह को आराम दिया है. टीम में तीन बड़े बदलाव किए गए हैं, आकाश दीप, नीतीश कुमार रेड्डी और वॉशिंगटन सुंदर को इस मैच में मौक़ा मिला है.

  7. दिल्ली में पुरानी कारों को लेकर सरकार ने अब क्या फ़ैसला लिया?

    दिल्ली में पुरानी वाहनों को लेकर सरकार का फ़ैसला

    इमेज स्रोत, Getty Images

    दिल्ली के पर्यावरण मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा ने वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग को पत्र लिखकर दिल्ली में एंड-ऑफ-लाइफ (ईओएल) वाहनों को ईंधन न देने के निर्देश पर रोक लगाने को कहा है.

    इस आदेश के तहत 1 जुलाई से दिल्ली में एंड-ऑफ-लाइफ (ईओएल) वाहनों को ईंधन देना बंद किया जाना था.

    सिरसा ने पत्र में तकनीकी कमियों और व्यावहारिक चुनौतियों के बारे में बताते हुए कहा कि इस आदेश को समय से पहले लागू करना उल्टा असर डाल सकता है.

    प्रेस ब्रीफ़िंग में मंत्री सिरसा ने कहा, “हमने उन्हें सूचित किया है कि जो ऑटोमेटिक नंबर प्लेट रिकग्निशन (एएनपीआर) कैमरे लगाए गए हैं, वो कोई मज़बूत प्रणाली नहीं हैं और उनमें अभी भी कई समस्याएं हैं."

    "तकनीकी गड़बड़ियां, काम न करने वाले सेंसर, और ख़राब स्पीकर जैसी समस्याएं मौजूद हैं. यह प्रणाली अभी तक एनसीआर के डेटा से भी जुड़ी नहीं है. यह एचएसआरपी प्लेट्स को पहचानने में सक्षम नहीं है.

    “हमने यह भी कहा कि ऐसा क़ानून अभी तक गुरुग्राम, फ़रीदाबाद, गाज़ियाबाद और बाकी एनसीआर में लागू नहीं किया गया है.”

    इस आदेश के तहत दिल्ली में 10 साल से पुरानी डीजल गाड़ियां और 15 साल से पुरानी पेट्रोल गाड़ियां को ईंधन देने से मना किया गया है.

  8. पश्चिम बंगाल सरकार में मंत्री सिद्दीकुल्ला चौधरी पर तृणमूल कार्यकर्ताओं ने किया हमला, प्रभाकर मणि तिवारी, कोलकाता से बीबीसी हिन्दी के लिए

    मंत्री सिद्दीकुल्ला चौधरी पर हमला

    इमेज स्रोत, Sanjay Das

    इमेज कैप्शन, मंत्री सिद्दीकुल्ला चौधरी जमीयत उलेमा-ए-हिंद के अध्यक्ष भी हैं

    तृणमूल कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पश्चिम बंगाल के सार्वजनिक शिक्षा और पुस्तकालय मंत्री सिद्दीकुल्ला चौधरी को अपने चुनाव क्षेत्र में पार्टी के कार्यकर्ताओं की भारी नाराज़गी का सामना करना पड़ा.

    पुलिस के मुताबिक़, पूर्व बर्दवान ज़िले के मंतेश्वर पहुंचने पर तृणमूल कांग्रेस के स्थानीय कार्यकर्ताओं ने उनको घेर लिया और प्रदर्शन करने लगे.

    इसके बाद उन लोगों ने मंत्री के काफ़िले पर पथराव किया और कार में तोड़-फोड़ की.

    मंत्री सिद्दीकुल्ला चौधरी ने इस हमले के लिए मंतेश्वर पंचायत समिति के अध्यक्ष अहमद हुसैन शेख़ को ज़िम्मेदार ठहराया है.

    स्थानीय लोगों ने बताया कि मंत्री के काफ़िले के मंतेश्वर पहुंचते ही दर्जनों तृणमूल कार्यकर्ताओं ने हाथों में काले झंडे और झाड़ू लेकर उनके ख़िलाफ़ प्रदर्शन किया और 'गो बैक' के नारे लगाए.

    सिद्दीकुल्ला मंतेश्वर से विधायक हैं. प्रदर्शनकारियों का कहना है कि बीते चुनाव में जीतने के बाद से उन्होंने इलाके़ की कोई खोज-ख़बर नहीं ली है.

    प्रदर्शन में शामिल एक व्यक्ति ने कहा, "मंत्री अपना एक भी वादा पूरा नहीं कर सके हैं. वो महज राजनीतिक मक़सद से यहां आए हैं."

    मंत्री ने दावा किया कि प्रदर्शनकारी बाहरी लोग हैं. उनको किराए पर लाया गया था.

    दूसरी तरफ़, अहमद हुसैन शेख़ ने पत्रकारों से कहा, "यह प्रदर्शन स्थानीय लोगों की नाराज़गी की वजह से हुआ, मंत्री ने अब तक इलाके़ के विकास की दिशा में कोई भी काम नहीं किया है. हम उनसे अपनी समस्याओं पर बात करना चाहते थे. लेकिन वो हत्या के प्रयास का आरोप लगा कर अपनी कमियां छिपाने की कोशिश कर रहे हैं."

    पुलिस के एक अधिकारी ने नाम नहीं छापने की शर्त पर बताया, "मौके पर पहुंची पुलिस की टीम ने मंत्री को सुरक्षित बाहर निकाला. इस घटना की जांच की जा रही है और दोषियों को पकड़ने के लिए छापा मारे जा रहे हैं."

  9. बिहार: पशुपति पारस ने 'इंडिया' गठबंधन के साथ चुनाव लड़ने पर क्या कहा?

    पशुपति पारस

    इमेज स्रोत, ANI

    इमेज कैप्शन, पशुपति पारस ने बिहार में होने वाले विधानसभा चुनाव को लेकर प्रतिक्रिया दी है

    राष्ट्रीय लोक जनशक्ति पार्टी के प्रमुख पशुपति कुमार पारस ने कहा है कि वह जल्द महागठबंधन में शामिल होंगे.

    बिहार में इस साल के आख़िर में विधानसभा चुनाव होने वाले हैं, जिसे लेकर पशुपति पारस ने कहा है वह इस चुनाव में 'इंडिया' गठबंधन का हिस्सा होंगे और इसे लेकर उनकी बात हो चुकी है.

    उन्होंने न्यूज़ एजेंसी एएनआई से कहा, "हमारी बात हो चुकी है. हम जल्द से जल्द आरजेडी गठबंधन, महागठबंधन में शामिल होंगे."

    हालांकि, वह गठबंधन में कितनी सीटों पर चुनाव लड़ेंगे, इसे लेकर उन्होंने अपना रुख़ साफ़ नहीं किया है.

    पशुपति पारस ने कहा, "हमने बिहार के 25 जिलों का दौरा किया है, लोग कह रहे हैं कि एक व्यक्ति, एक पार्टी की सरकार 20 साल से है, लेकिन बिहार में क़ानून व्यवस्था की स्थिति बहुत ख़राब है, दलित-विरोधी सरकार है, महिलाओं पर अत्याचार हो रहे हैं."

  10. रायनएयर ने रद्द की 170 से ज़्यादा उड़ानें, हज़ारों यात्री प्रभावित

    फ़्रांस के एयर ट्रैफ़िक कंट्रोल की हड़ताल

    इमेज स्रोत, Reuters

    हज़ारों यात्रियों को फ़्रांस के एयर ट्रैफ़िक कंट्रोल की हड़ताल की वजह से परेशानी का सामना करना पड़ा है.

    इस हड़ताल के कारण गुरुवार और शुक्रवार को फ़्रांस में कई उड़ानें रद्द कर दी गईं, जिसका असर यूरोप के दूसरे हिस्सों पर भी पड़ा है.

    सस्ती उड़ान सेवा देने वाली एयरलाइन रायनएयर ने कहा है कि उसे 170 से ज़्यादा उड़ानें रद्द करनी पड़ी हैं, जिससे 30 हज़ार से ज़्यादा यात्रियों की छुट्टियों की योजनाएं प्रभावित हुई हैं.

    फ़्रांस की दो यूनियन काम करने की स्थिति को लेकर दो दिन की हड़ताल कर रही हैं, जिसकी वजह से पेरिस के मुख्य एयरपोर्ट्स पर एक चौथाई और नीस एयरपोर्ट पर आधी उड़ानें रद्द करनी पड़ी हैं.

    फ़्रांस के परिवहन मंत्री फिलिप टैबरोट ने यूनियनों की मांगों और छुट्टियों के इस महत्वपूर्ण समय में हड़ताल पर जाने के उनके फै़सले को अस्वीकार्य बताया है.

  11. इसराइली हमले में ग़ज़ा के एक अस्पताल के निदेशक की मौत, हमास ने दी जानकारी

    ग़ज़ा और इसराइल संघर्ष

    इमेज स्रोत, Gaza Ministry of Health

    इमेज कैप्शन, डॉक्टर मारवान सुल्तान उत्तरी ग़ज़ा में इंडोनेशियन अस्पताल के निदेशक थे

    ग़ज़ा के इंडोनेशियन अस्पताल के निदेशक की इसराइली हवाई हमले में मौत हो गई है.

    हमास की ओर से चलाए जा रहे स्वास्थ्य मंत्रालय ने कहा है कि वह ग़ज़ा शहर में अपने घर पर हुए एक इसराइली हवाई हमले में मारे गए. साथ ही इस हमले में उनके कई परिवार के सदस्य भी मारे गए हैं.

    मंत्रालय ने कहा कि डॉक्टर मारवान सुल्तान का चिकित्सा के क्षेत्र में लंबा करियर था.

    इसराइली सेना ने कहा है कि उसने ग़ज़ा में हमास के एक 'प्रमुख आतंकवादी' पर हमला किया है और साथ ही यह भी कहा कि हमले में 'बेगुनाह नागरिकों' को हुए नुक़सान के दावों की समीक्षा की जा रही है.

    इसी बीच, अल-मवासी 'सुरक्षित ज़ोन' पर हुए हमले में कम से कम पांच लोगों की मौत हो गई और कई अन्य घायल हो गए, जिनमें बच्चे भी शामिल हैं.

    यह हमला उन कई हमलों में से एक है जिनकी ख़बर समाचार एजेंसियों ने दी है.

  12. पुर्तगाल के फुटबॉलर डिओगो जोटा की कार दुर्घटना में मौत

    पुर्तगाल के फुटबॉलर डिओगो जोटा

    इमेज स्रोत, Andrew Powell/Liverpool FC via Getty Images

    इमेज कैप्शन, जोटा ने पिछले महीने अपनी पार्टनर से शादी की थी, उनके तीन बच्चे हैं

    लिवरपूल से खेलने वाले और पुर्तगाल के फुटबॉलर डिओगो जोटा की स्पेन में कार दुर्घटना में मौत हो गई है.

    स्थानीय पुलिस के मुताबिक़, एक दूसरी कार को ओवरटेक करते समय टायर फट गया, जिससे गाड़ी सड़क से बाहर चली गई.

    इस दुर्घटना में उनके भाई आंद्रे सिल्वा की भी मौत हो गई.

    28 वर्षीय जोटा पुर्तगाली अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी थे और पिछले महीने ही उनकी शादी हुई थी.

    जोटा पिछले सीज़न में प्रीमियर लीग जीतने वाली लिवरपूल टीम का एक प्रमुख हिस्सा थे.

    पुर्तगाली नेशनल टीम का कहना है कि 'जोटा न केवल एक शानदार खिलाड़ी थे बल्कि एक असाधारण व्यक्ति थे जिनका उनके सभी साथी और प्रतिद्वंद्वी सम्मान करते थे.'

  13. दक्षिण कोरिया ने मार्शल लॉ नियमों में किया संशोधन

    यून सुक-योल

    इमेज स्रोत, AFP

    इमेज कैप्शन, दक्षिण कोरिया के पूर्व राष्ट्रपति यून सुक-योल

    दक्षिण कोरियाई सांसदों ने मार्शल लॉ से संबंधित नियमों को संशोधित करने के लिए मतदान किया है. इसके तहत अब सांसदों को नेशनल असेंबली में प्रवेश से कोई रोक नहीं सकता है.

    इसके साथ ही गुरुवार को पारित किए गए इस संशोधन में सेना और पुलिस के नेशनल असेंबली में प्रवेश पर भी रोक लगा दी गई है. इन्हें प्रवेश करने के लिए अब स्पीकर की मंजूरी जरूरी है.

    पिछले साल दिसंबर में पूर्व राष्ट्रपति यून सुक-योल ने देश में कुछ समय के लिए मार्शल लॉ लागू कर दिया था. इसके ख़िलाफ मतदान करने के लिए सांसदों को दीवारें फांदनी पड़ी थीं.

    यून सुक-योल ने तीन दिसंबर 2024 को राजनीति परेशानियों के कारण मॉर्शल लॉ लगा दिया था. इसके बाद उस रात सैन्य बलों ने नेशनल असेंबली को घेर लिया था.

  14. अभी तक बीबीसी संवाददाता आनंद मणि त्रिपाठी आप तक ख़बरें पहुंचा रहे थे.

    अब से रात 10 बजे तक बीबीसी संवाददाता इफ़्तेख़ार अली आप तक अहम ख़बरें पहुंचाएंगे.

    बीबीसी हिंदी के पन्ने पर लगी कुछ अहम ख़बरें पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक्स पर क्लिक करें.

  15. महाराष्ट्र में किसानों की आत्महत्या को लेकर क्या बोले राहुल गांधी?

    राहुल गांधी

    इमेज स्रोत, Getty Images

    महाराष्ट्र में किसानों की आत्महत्या को लेकर लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने केंद्र और राज्य सरकार की आलोचना की है. वहीं, बीजेपी ने इसे घिनौनी राजनीति बताया है.

    राहुल गांधी ने एक्स पर लिखा है, "सोचिए... सिर्फ़ तीन महीनों में महाराष्ट्र में 767 किसानों ने आत्महत्या कर ली. क्या ये सिर्फ़ एक आंकड़ा है? नहीं. ये 767 उजड़े हुए घर हैं. 767 परिवार जो कभी नहीं संभल पाएंगे."

    उन्होंने लिखा, "किसान हर दिन कर्ज़ की गहराई में डूब रहा है. बीज महंगे हैं, खाद महंगी है, डीज़ल महंगा है.. लेकिन एमएसपी की कोई गारंटी नहीं. जब वो कर्ज़ माफ़ी की मांग करते हैं, तो उन्हें नजरअंदाज़ कर दिया जाता है."

    राहुल गांधी ने कहा, " मोदी जी ने कहा था, किसान की आमदनी दोगुनी करेंगे लेकिन आज हाल ये है कि अन्नदाता की ज़िंदगी ही आधी हो रही है.

    उन्होंने तंज़ कसते हुए कहा कि ये सिस्टम किसानों को मार रहा है और मोदी जी अपने ही पीआर का तमाशा देख रहे हैं.

    राहुल गांधी के पोस्ट के जवाब में बीजेपी नेता अमित मालवीय ने एक्स पर लिखा कि मृतकों की गिनती की राजनीति घिनौनी होती है, लेकिन राहुल गांधी जैसे लोगों को आइना दिखाना ज़रूरी होता है.

    अमित मालवीय का दावा है कि कांग्रेस-एनसीपी (शरद पवार) के राज में महाराष्ट्र में 55,928 किसानों ने आत्महत्या की थी.

  16. जापान में दो हफ़्ते के भीतर 900 से अधिक बार आया भूकंप

    टोकारा द्वीप

    इमेज स्रोत, Getty Images

    पिछले दो सप्ताह में दक्षिणी जापान के सुदूर और कम आबादी वाले द्वीप समूह में 900 से अधिक बार भूकंप के झटके महसूस किए गए हैं. इस कारण इलाक़े के लोग चिंतित हैं और रात भर जागते रहते हैं.

    बुधवार को आए 5.5 तीव्रता के भूकंप के बाद अधिकारियों ने बताया कि 21 जून से टोकारा द्वीप के आसपास के समुद्र में भूकंप से संबंधित गतिविधियां 'बहुत सक्रिय' हैं.

    अधिकारियों ने बताया है कि फिलहाल कहीं से किसी नुकसान की कोई ख़बर नहीं और न ही सुनामी की कोई चेतावनी जारी की गई है लेकिन ज़रूरत पड़ने पर लोगों को तैयार रहने के लिए कहा है.

    एक स्थानीय निवासी ने क्षेत्रीय प्रसारक एमबीसी को बताया, "यहां रात में सोना भी बहुत डरावना हो गया है.ऐसा लगता है कि घर हमेशा हिलता रहता है."

    जापान दुनिया भर के सबसे अधिक भूकंपीय रूप से सक्रिय देशों में से एक है. यहां हर साल क़रीब 1,500 भूकंप आते हैं.

  17. हिमाचल प्रदेश में भारी बारिश से 30 लोगों की मौत और 34 लापता, आईएमडी ने जारी किया रेड अलर्ट

    ब्यास नदी

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, हिमाचल प्रदेश में भारी बारिश के बाद ब्यास नदी में बाढ़ आ गई (फ़ाइल फ़ोटो)

    हिमाचल प्रदेश के आपदा प्रबंधन एवं राजस्व विभाग के विशेष सचिव डीसी राणा ने बताया है कि बारिश से अब तक 30 लोगों की मौत हो गई है और 34 लोग लापता हैं.

    डीसी राणा ने बताया,"19 जून को हिमाचल प्रदेश में मानसून आया था. इसके बाद लगातार बारिश हो रही है. बुधवार को मंडी ज़िले में दस लोगों की मौत हो गई है."

    उन्होंने बताया, "29 और 30 जून को पूरे क्षेत्र में भारी बारिश हुई, जिससे काफ़ी नुक़सान हुआ है. कई जगहों से बादल फटने और तबाही की ख़बर आई है."

    हिमाचल प्रदेश के मंडी क्षेत्र में भारी बारिश के कारण ब्यास नदी में बाढ़ आ गई है इसलिए भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने प्रदेश में रेड अलर्ट जारी किया है.

  18. ट्रंप ने वियतनाम के साथ व्यापार समझौते की घोषणा की

    अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, ट्रंप ने टैरिफ़ लगाने के लिए 9 जुलाई को अंतिम तारीख़ घोषित किया है

    अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने बुधवार को वियतनाम के साथ नए व्यापार समझौते की घोषणा की. इस समझौते के तहत वियतनाम से आयात की जा रही वस्तुओं पर अमेरिका 20 फ़ीसदी टैरिफ़ लगाएगा.

    ट्रंप ने एक सोशल मीडिया पोस्ट में कहा कि इस समझौते के मुताबिक वियतनाम अमेरिकी वस्तुओं पर कोई भी शुल्क नहीं लगाएगा.

    इससे पहले, अमेरिका ने वियतनाम से आयात होनी वाली वस्तुओं पर 46 फ़ीसदी टैरिफ़ लगाया था. इसे जुलाई के दूसरे सप्ताह में ही लागू किया जाना था.

    इस समय यूरोपीय संघ और जापान सहित दर्जनों देश अमेरिकी टैरिफ़ लागू होने से पहले अमेरिका के साथ व्यापार समझौता करने का प्रयास कर रहे हैं.

    टैरिफ़ आयात पर लगाया जाने वाला वह शुल्क है जिसका भुगतान वह कंपनी करती है जो वस्तुओं का किसी दूसरे देश से आयात कर रही है.

  19. ट्रंप ने मांगा अमेरिकी केंद्रीय बैंक प्रमुख का इस्तीफ़ा

    जेरोम पॉवेल

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, फ़ेडरल रिजर्व बैंक के अध्यक्ष जेरोम पॉवेल

    अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने फ़ेडरल रिजर्व बैंक के प्रमुख जेरोम पॉवेल को तत्काल प्रभाव से पद छोड़ने के लिए कहा है.

    ट्रंप ने अपने सोशल प्लेटफॉर्म ट्रुथ पर एक पोस्ट में कहा , "'टू लेट' उन्हें तुरंत इस्तीफ़ा दे देना चाहिए!!!"

    ट्रंप ने अपने पहले कार्यकाल के दौरान पॉवेल को फेडरल रिजर्व बैंक के अध्यक्ष के रूप में नामित किया था.

    ट्रंप ब्याज़ दरों में कटौती नहीं करने के लिए पॉवेल की कई बार बार आलोचना कर चुके हैं.

    यह बात स्पष्ट नहीं है कि राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के पास उन्हें पद से हटाने का अधिकार है या नहीं.

    राष्ट्रपति ने पॉवेल की लगातार आलोचना करने के बाद भी इस साल की शुरुआत में कहा था कि उनका " पॉवेल को बर्खास्त करने का कोई इरादा नहीं है."

    ट्रंप चाहते हैं कि आर्थिक विकास को बढ़ावा देने के लिए फ़ेडरल रिज़र्व बैंक ब्याज दरें कम करे. वहीं पॉवेल ने मंगलवार को कहा कि यदि ट्रंप की टैरिफ़ नीतियों का असर अर्थव्यवस्था पर असर न पड़ता तो केंद्रीय बैंक पहले ही ब्याज दरों में कटौती कर चुका होता.

  20. बाली में नौका डूबने से चार लोगों की मौत, दर्जनों लापता

    परिवार के सदस्य

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, इंडोनेशिया के बाली तट पर नौका डूबने के बाद लापता यात्रियों की तलाश जारी है

    इंडोनेशिया की राष्ट्रीय खोज एवं बचाव एजेंसी ने बताया है कि पर्यटक द्वीप बाली के पास एक नौका डूब जाने से कम से कम चार लोगों की मौत हो गई और दर्जनों लोग लापता हैं.

    एजेंसी के सुरबाया कार्यालय ने बताया कि नाव पर 53 यात्री और चालक दल के 12 सदस्य सवार थे. यह नाव बुधवार को स्थानीय समयानुसार रात 11:20 बजे उस समय डूब गई, जब यह जावा द्वीप के पूर्वी तट पर बान्यूवांगी से बाली जा रही थी.

    गुरुवार की सुबह एक लाइफबोट पर चार यात्री मिले, जबकि अन्य जीवित बचे लोगों की तलाश जारी है.

    समाचार एजेंसी अंतरा के अनुसार कई एम्बुलेंस को आपात स्थिति के लिए तैयार रखा गया है.

    अधिकारियों ने नाव के डूबने की जांच शुरू कर दी है. स्थानीय नौका संचालक ने बताया है कि नौका के डूबने से कुछ समय पहले ही इंजन में खराबी की सूचना दी गई थी.