वेनेज़ुएला के राष्ट्रपति मादुरो ने कहा- ‘अमेरिका युद्ध थोपने की तैयारी कर रहा है'

मादुरो का ये बयान अमेरिका की ओर से दुनिया के सबसे बड़े युद्धपोत को कैरिबियाई इलाके़ में तैनात करने का आदेश देने के बाद आया है.

सारांश

लाइव कवरेज

इफ़्तेख़ार अली और दीपक मंडल

  1. इस लाइव ब्लॉग को अब विराम देने का वक़्त आ गया है. कल एक नए लाइव ब्लॉग के साथ फिर हाज़िर होंगे.

    बीबीसी संवाददाता दीपक मंडल को दीजिए इजाज़त. तब तक आप बीबीसी हिन्दी की वेबसाइट पर मौजूद कुछ अहम ख़बरों को उनके साथ दिए गए लिंक पर क्लिक कर विस्तार से पढ़ सकते हैं.

    वॉशिंगटन पोस्ट ने अदानी ग्रुप के ख़िलाफ़ अपनी रिपोर्ट में क्या दावा किया? एलआईसी को जारी करना पड़ा बयान

    कुरनूल हादसा: बस से टकराने वाली बाइक पर सवार रहे शख़्स ने उस रात क्या देखा, पुलिस ने बताया

    विटामिन बी-12 की कमी आपके शरीर के लिए घातक, खाने में इन चीज़ों को करें शामिल

    रोहित शर्मा का शतकों का अर्धशतक, विराट कोहली भी ऑस्ट्रेलिया के ख़िलाफ़ जीत के बने हीरो

  2. वेनेज़ुएला के राष्ट्रपति मादुरो ने कहा- ‘अमेरिका युद्ध थोपने की तैयारी कर रहा है'

    वेनेजुएला के राष्ट्रपति निकोलस मादुरो

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, वेनेज़ुएला के राष्ट्रपति निकोलस मादुरो पर ट्रंप ने एक ड्रग तस्करी संगठन का मुखिया होने का आरोप लगाया है

    वेनेज़ुएला के राष्ट्रपति निकोलस मादुरो ने अमेरिका पर 'एक नया युद्ध थोपने की तैयारी' का आरोप लगाया है.

    मादुरो का ये बयान अमेरिका की ओर से दुनिया के सबसे बड़े युद्धपोत को कैरिबियाई इलाके़ में तैनात करने का आदेश देने के बाद आया है.

    अमेरिका का यूएसएस जेराल्ड आर. फोर्ड 90 विमान तक ले जा सकता है. इसकी तैनाती इस क्षेत्र में अमेरिकी सैन्य शक्ति में एक इज़ाफे़ का संकेत है.

    अमेरिका ने हाल ही में इस क्षेत्र में 10 हवाई हमले किए हैं, जिनके बारे में उसका कहना है कि ये ड्रग तस्करों के ख़िलाफ़ युद्ध का हिस्सा हैं.

    अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने मादुरो पर एक ड्रग तस्करी संगठन का मुखिया होने का आरोप लगाया है. इसे मादुरो ने ख़ारिज कर दिया है.

    हालांकि, वेनेज़ुएला में इस बात की आशंका बढ़ रही है कि अमेरिकी सेना का यह बढ़ता दबाव ट्रंप के लंबे समय से चले आ रहे मादुरो विरोधी अभियान का हिस्सा है. वो मादुरो को सत्ता से हटाना चाहते हैं.

  3. ट्रंप ने रूस-यूक्रेन युद्ध ख़त्म कराने में चीन से मांगी मदद

    डोनाल्ड ट्रंप

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, डोनाल्ड ट्रंप रूस-यूक्रेन युद्ध ख़त्म कराने में चीन की मदद चाहते हैं

    अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा है कि वो रूस से सौदा करने में चीन की मदद लेना चाहेंगे ताकि यूक्रेन युद्ध ख़त्म हो.

    ट्रंप ने कहा, "मैं चाहता हूं कि चीन हमें यूक्रेन शांति प्रक्रिया के मामले में मदद करे."

    एशिया के दौरे पर निकले ट्रंप ने एयर फ़ोर्स वन विमान में ये बात कही. इस यात्रा के दौरान वो दक्षिण कोरिया में चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग से मुलाक़ात करेंगे.

    चीन रूस का सबसे बड़ा सहयोगी है और यूक्रेन युद्ध को लेकर पश्चिमी देशों की ओर से लगाए गए प्रतिबंधों के बाद से वह रूस का अहम सहारा बना हुआ है.

    ट्रंप की यह टिप्पणी ऐसे समय आई है जब यूक्रेन की राजधानी कीएव के लिए बीता हफ़्ता मुश्किल भरा रहा था.

    अमेरिका ने उसे टॉमहॉक क्रूज़ मिसाइल देने से इनकार कर दिया था. जबकि यूरोपीय यूनियन के नेताओं ने रूस की फ्रीज़ संपत्तियों से यूक्रेन की रक्षा के लिए फंड जारी नहीं किया था.

    इस बीच यूक्रेन पर रूस की ओर से घातक हमले भी हुए थे.

  4. पीएम मोदी ने एक्टर सतीश शाह के निधन पर कहा- हमेशा याद किए जाएंगे

    प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने एक्टर सतीश शाह को श्रद्धांजलि दी है

    प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जाने-माने फ़िल्म और टीवी अभिनेता सतीश शाह के निधन पर दुख जताया है.

    उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट लिखा है, "सतीश शाह जी के निधन से गहरा दुख हुआ है. वो भारतीय मनोरंजन जगत के एक सच्चे दिग्गज के रूप में हमेशा याद किए जाएंगे. उनकी सहज हास्य प्रतिभा और यादगार अदाकारी ने असंख्य लोगों के जीवन में मुस्कानें बिखेरीं. उनके परिवार और प्रशंसकों के प्रति संवेदनाएं.’’

    फ़िल्मों और टीवी के जाने-माने अभिनेता सतीश शाह ने 25 अक्तूबर को दोपहर ढाई बजे अंतिम सांस ली. वह 74 साल के थे.

    कुछ महीने पहले सतीश शाह का किडनी ट्रांसप्लांट हुआ था, जिसके बाद से उनकी तबीयत ठीक नहीं रहती थी. आज उन्हें मुंबई के हिंदुजा अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया.

  5. आयरलैंड के राष्ट्रपति चुनाव में कैथरीन कोनोली जीत की ओर, बनेंगी दसवीं राष्ट्रपति

    कैथरीन कोनोली

    इमेज स्रोत, PA Media

    इमेज कैप्शन, कैथरीन कोनोली आयरलैंड की अगली राष्ट्रपति बनने की ओर हैं

    कैथरीन कोनोली आयरलैंड की राष्ट्रपति बन सकती हैं. उनकी प्रतिद्वंद्वी हीथर हम्फ़्रीज़ ने उन्हें जीत के लिए बधाई दी है. हालांकि वोटों की गिनती अभी भी जारी है और आज शाम तक अंतिम घोषणा की उम्मीद नहीं है.

    फ़िलहाल दिन की पहली आधिकारिक गिनती सामने आ गई है.

    कॉर्क साउथ-सेंट्रल में कैथरीन कोनोली को पहली वरीयता के 64.7 फ़ीसदी वोट हासिल हुए.

    हीथर हम्फ़्रीज़ को 28.2 और जिम गेविन को 7.1 फ़ीसदी वोट हासिल हुए.

    सोशल डेमोक्रेटिक एंड लेबर पार्टी (एसडीएलपी) की नेता क्लेयर हैना ने कैथरीन कोनोली को अपनी पार्टी की ओर से "हार्दिक बधाई" दी.

    कैथरीन कोनोली आयरलैंड की दसवीं राष्ट्रपति बनेंगी, जो माइकल डी हिगिंस का स्थान लेंगी. उन्होंने अधिकतम दो कार्यकाल पूरे किए हैं.

  6. कमला हैरिस फिर लड़ सकती हैं अमेरिकी राष्ट्रपति पद का चुनाव, लॉरा कुएन्सबर्ग, प्रेज़ेंटर- संडे विद लॉरा कुएन्सबर्ग

    कमला हैरिस
    इमेज कैप्शन, अमेरिका की पूर्व उप राष्ट्रपति कमला हैरिस ने कहा है कि वो 2028 में राष्ट्रपति पद का चुनाव लड़ सकती हैं

    पूर्व अमेरिकी उप राष्ट्रपति कमला हैरिस ने कहा है कि वो 2028 का राष्ट्रपति चुनाव लड़ सकती हैं.

    उन्होंने बीबीसी से कहा कि वो संभवत: एक दिन अमेरिका की राष्ट्रपति हो सकती हैं, वो पूरे विश्वास से कह सकती हैं कि एक दिन व्हाइट हाउस में ज़रूर किसी महिला राष्ट्रपति का प्रवेश होगा.

    उन्होंने कहा, "मेरी पारी अभी ख़त्म नहीं हुई हैं. मैं फिर राष्ट्रपति पद की उम्मीदवार बन सकती हूं.’’

    पिछले साल डोनाल्ड ट्रंप से हारने के बाद हैरिस ने 2028 में राष्ट्रपति पद के लिए दावेदारी पेश करने के बारे में मुखर होकर बात की है.

    उन्होंने उन सर्वेक्षणों को ख़ारिज कर दिया, जिनमें उन्हें अगले चुनाव के लिए एक बाहरी डेमोक्रेट्स उम्मीदवार बताया गया था.

    उन्होंने ‘संडे विद लॉरा कुएन्सबर्ग’ को दिए इंटरव्यू में अपने पूर्व प्रतिद्वंद्वी ट्रंप पर निशाना साधते हुए उन्हें "अत्याचारी" करार दिया.

    उन्होंने कहा कि चुनाव प्रचार के दौरान उन्होंने ट्रंप के बारे में जो चेतावनियां दी थीं, वे सही साबित हुई हैं.

    2024 में कमला हैरिस डेमोक्रेटिक पार्टी की उम्मीदवार थीं, लेकिन रिपब्लिकन पार्टी के उम्मीदवार डोनाल्ड ट्रंप ने उन्हें हरा दिया था.

    उस समय राष्ट्रपति जो बाइडन को पहले डेमोक्रेटिक पार्टी का उम्मीदवार बनाया गया था. लेकिन उम्र संबंधी दिक्कतों के बाद कमला हैरिस को नया पार्टी उम्मीदवार बनाया गया.

  7. बिहार चुनाव: अमित शाह ने बख़्तियार खिलजी का ज़िक्र करते हुए लगाया ये आरोप

    अमित शाह

    इमेज स्रोत, ANI

    इमेज कैप्शन, अमित शाह बिहार में चुनाव प्रचार कर रहे हैं (फ़ाइल फ़ोटो)

    बिहार में चुनाव प्रचार के दौरान केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने नालंदा में एक रैली के दौरान कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नालंदा विश्वविद्यालय का गौरव फिर बहाल कर दिया है.

    अमित शाह ने कहा, "नालंदा विश्वविद्यालय को यहीं पर कुमार गुप्त ने बनवाया था. लेकिन 1200 ईस्वी में बख़्तियार खिलजी ने इसे तोड़ कर जला दिया. बख़्तियार खिलजी ने जब विश्वविद्यालय को जलाया तो इसकी लाइब्रेरी से छह महीने तक धुआं उठता रहा था. ये विनाश का काम बख़्तियार खिलजी ने किया था. लेकिन मोदी जी ने फिर से नालंदा विश्वविद्यालय बनाकर हमारे नालंदा की विरासत को गौरव देने का काम किया.''

    उन्होंने कहा, ''बिहार वालों, नालंदा वालों ये एनडीए का शासन अब अगर सौ बख़्तियार खिलजी भी आ जाएं तो नालंदा विश्वविद्यालय को कोई हाथ नहीं लगा सकता.’’

    बिहार में बीजेपी और सहयोगी दल जनता दल (यूनाइटेड) 101-101 सीटों पर चुनाव लड़ रहे हैं.

    बिहार में पहले चरण का मतदान 6 नवंबर को और दूसरे चरण का मतदान 11 नवंबर को होगा. वहीं नतीजे 14 नवंबर को नतीजे घोषित होंगे.

  8. प्रशांत किशोर ने क्यों कहा- "अगर आप मुस्लिम हैं तो सिर्फ़ अल्लाह से डरें"

    प्रशांत किशोर

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, प्रशांत किशोर की पार्टी जन सुराज बिहार में पहली बार विधानसभा चुनाव लड़ रही है.

    बिहार विधानसभा चुनाव में प्रचार के लिए पूर्वी चंपारण की ढाका सीट पहुंचे जन सुराज पार्टी के संस्थापक प्रशांत किशोर ने वोटरों से एनडीए और महागठबंधन को हराने की अपील की.

    उन्होंने कहा, "बिहार में अब विकल्प है. अब लालू यादव के डर से आपको मोदी-नीतीश को वोट देने की ज़रूरत नहीं है. आपको मोदी के डर से लालू के लिए भी ‘केरोसिन तेल’ बनने की ज़रूरत नहीं है."

    "पार्टियां वोट जुटाने के लिए बीजेपी का डर दिखाती हैं. लेकिन मैं आपको ये बताना चाहता हूं कि बीजेपी से न डरें. अगर आप मुस्लिम हैं तो सिर्फ़ अल्लाह से डरें और अपने सामने सबसे अच्छा विकल्प चुनें.’’

    प्रशांत किशोर की पार्टी जन सुराज पहली बार बिहार में चुनाव लड़ रही है. बिहार में 6 और 11 नवंबर को दो चरणों में मतदान होगा. नतीजे 14 नवंबर को घोषित होंगे.

    ये भी पढ़ें :

  9. मशहूर एक्टर सतीश शाह का हार्ट अटैक से मुंबई में निधन, रवि जैन, मुंबई से बीबीसी हिन्दी के लिए

    सतीश शाह

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, सतीश शाह फ़िल्मों और टीवी का जाना-माना नाम थे

    फ़िल्मों और टीवी के जाने-माने अभिनेता सतीश शाह का निधन हो गया है. 25 अक्तूबर को दोपहर ढाई बजे उन्होंने अंतिम सांस ली. वह 74 साल के थे.

    सतीश शाह के मैनेजर रमेश ने बीबीसी हिन्दी से उनके निधन की पुष्टि की.

    कुछ महीने पहले सतीश शाह का किडनी ट्रांसप्लांट हुआ था, जिसके बाद से उनकी तबीयत ठीक नहीं रहती थी. आज उन्हें मुंबई के हिंदुजा अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया.

    सतीश शाह को आज भी कुंदन शाह निर्देशित मशहूर फ़िल्म ‘जाने भी दो यारों’ (1983) में निभाए गए डी’मेलो, (एक म्युनिसिपल कमिश्नर) के किरदार के लिए याद किया जाता है.

    उन्होंने अपने फ़िल्मी करियर की शुरुआत 1978 में फ़िल्म ‘अरविंद देसाई की अजीब दास्तां’ से की थी.

    फ़िल्मों के साथ-साथ उन्होंने टीवी की दुनिया में भी कई लोकप्रिय धारावाहिकों में अहम भूमिकाएं निभाईं. इनमें दूरदर्शन का मशहूर शो ‘ये जो है ज़िंदगी’ ख़ास तौर पर उल्लेखनीय है.

    इस सीरियल के 55 एपिसोड्स में सतीश शाह ने 55 अलग-अलग किरदार निभाए थे. यह शो कुंदन शाह और मंजुला सिन्हा ने निर्देशित किया था.

    इसके अलावा स्टार प्लस पर प्रसारित हुआ उनका शो ‘साराभाई वर्सेस साराभाई’ भी बेहद लोकप्रिय हुआ, जिसमें वे रत्ना पाठक शाह के हंसोड़ पति की भूमिका में दिखे.

    उन्होंने ‘फ़िल्मी चक्कर’, ‘घर जमाई’ और ‘ऑल द बेस्ट’ जैसे सफल टीवी शो में भी काम किया.

    फ़िल्मों में सतीश शाह के अभिनय की रेंज बहुत व्यापक रही. ‘जाने भी दो यारों’ के अलावा उन्होंने ‘गमन’, ‘उमराव जान’, ‘अल्बर्ट पिंटो को गुस्सा क्यों आता है’, ‘शक्ति’, ‘घरवाली बाहरवाली’, ‘पुराना मंदिर’, ‘दिलवाले दुल्हनिया ले जाएंगे’, ‘अकेले हम अकेले तुम’, ‘मैं हूं ना’, ‘कल हो ना हो’, ‘फ़ना’, ‘हमशकल्स’ और ‘ओम शांति ओम’ जैसी सैकड़ों फ़िल्मों में अभिनय कर अपनी अलग पहचान बनाई.

  10. इंदौर में ऑस्ट्रेलियाई महिला क्रिकेटरों के साथ यौन हिंसा के मामले में बीसीसीआई ने क्या कहा

    बीसीसीआई

    इमेज स्रोत, ANI

    इमेज कैप्शन, बीसीसीआई के वाइस प्रेसिडेंट राजीव शुक्ला ने बताया है कि इस मामले में बीसीसीआई और मध्य प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन भी अपनी तरफ़ से क़दम उठा रहा है.

    मध्य प्रदेश के इंदौर में आईसीसी महिला क्रिकेट वर्ल्ड कप में हिस्सा ले रहीं दो ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ियों के साथ एक व्यक्ति द्वारा यौन हिंसा किए जाने के मामले में बीसीसीआई के वाइस प्रेसिडेंट राजीव शुक्ला ने प्रतिक्रिया दी है.

    राजीव शुक्ला ने इस मामले में समाचार एजेंसी एएनआई से बात करते हुए कहा, "हम इस मामले की कड़ी निंदा करते हैं. लोगों को ये ध्यान रखना चाहिए कि वे (महिला खिलाड़ी) विदेशी मेहमान हैं उनका ख़याल रखना होगा. इंदौर पुलिस ने इस मामले में कुछ लोगों को गिरफ़्तार किया है. उस पर एक्शन लिया है. बीसीसीआई और मध्य प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन भी अपनी तरफ़ से क़दम उठा रहा है. ‘’

    राजीव शुक्ला ने कहा, "बीसीसीआई चाहता है कि इस तरह की घटना दोबारा न हो.’’

    पुलिस ने इस मामले में ऑस्ट्रेलियाई टीम के सुरक्षा अधिकारी डैनी सिमंस द्वारा की गई शिकायत पर केस दर्ज किया है.

    पुलिस ने इस मामले में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 74 (जो किसी महिला की लज्जा भंग करने के इरादे से उस पर हमला या आपराधिक बल प्रयोग से संबंधित है) और धारा 78 (महिलाओं का पीछा करना या स्टॉकिंग) से संबंधित है, उनके तहत मामला दर्ज किया है.

    आईसीसी महिला क्रिकेट वर्ल्ड कप 30 सितंबर से भारत और श्रीलंका में खेला जा रहा है जिसका फ़ाइनल 2 नवंबर को खेला जाएगा.

  11. रोहित शर्मा ने वनडे क्रिकेट में जड़ा 33वां शतक

    रोहत शर्मा

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, रोहित शर्मा ने ऑस्ट्रेलिया के ख़िलाफ़ तीसरे वनडे में शतक लगाया है.

    भारत-ऑस्ट्रेलिया वनडे सिरीज के तीसरे मैच में ऑस्ट्रेलिया के ख़िलाफ़ लक्ष्य का पीछा करते हुए सलामी बल्लेबाज़ रोहित शर्मा ने अपना शतक पूरा कर लिया है. यह रोहित शर्मा का वनडे क्रिकेट में 33वां शतक है.

    रोहित ने 63 गेंदों पर अपने वनडे करियर की 60वीं हाफ सेंचुरी पूरी की थी. विराट कोहली ने भी फ़िफ्टी बनाई है.

    भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच जारी तीन मैचों की वनडे सिरीज़ का आखिरी मुकाबला सिडनी में खेला जा रहा है.

    मौजूदा सिरीज़ के शुरुआती दो मुक़ाबले जीतकर मेज़बान ऑस्ट्रेलिया ने 2-0 की अजेय बढ़त बना ली है.

  12. विराट कोहली और रोहित शर्मा की हाफ़ सेंचुरी, ऑस्ट्रेलिया के ख़िलाफ़ भारत जीत के क़रीब

    विराट कोहली ने 56 गेंदों में 50 रन बनाए

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, विराट कोहली ने 56 गेंदों में 50 रन बनाए

    भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच जारी तीन मैचों की वनडे सिरीज़ का आख़िरी मुक़ाबला शनिवार को सिडनी में खेला जा रहा है.

    ऑस्ट्रेलिया के ख़िलाफ़ लक्ष्य का पीछा करते हुए भारत का स्कोर एक विकेट के नुक़सान पर 180 के पार पहुंच गया है. भारत को जीत के लिए 237 रन बनाने हैं.

    भारतीय सलामी बल्लेबाज़ रोहित शर्मा और विराट कोहली ने ऑस्ट्रेलिया के ख़िलाफ़ हाफ़ सेंचुरी बनाई है.

    रोहित ने 63 गेंदों पर हाफ़ सेंचुरी पूरी की. विराट कोहली ने 56 गेंदों में हाफ़ सेंचुरी बनाई है.

    रोहित शर्मा और विराट कोहली के बीच दूसरे विकेट के लिए 50 से अधिक रनों की साझेदारी हो गई है.

    मौजूदा सिरीज़ के शुरुआती दो मुक़ाबले जीतकर ऑस्ट्रेलिया ने 2-0 की अजेय बढ़त बना ली है.

  13. छठ पर ट्रेनों में भीड़ पर राहुल गांधी ने उठाया सवाल, पूछा- कहां हैं 12 हज़ार स्पेशल ट्रेनें

    राहुल गांधी

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, राहुल गांधी ने छठ पर रेल मंत्रालय की ओर से किए गए ख़ास इंतज़ाम पर सवाल उठाए हैं

    कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने दिवाली, भाईदूज और छठ पर अपने घर जाने वाले लोगों के लिए रेलवे की ओर से किए गए ख़ास इंतज़ामों पर सवाल उठाए हैं.

    रेलवे ने इन त्योहारों के लिए स्पेशल ट्रेनें चलाई हैं, लेकिन राहुल गांधी का दावा है कि ये ट्रेनें ठसाठस भरी हैं, लोग ट्रेन के दरवाज़ों और छत तक पर लटक कर यात्रा कर रहे हैं.

    राहुल गांधी ने सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म एक्स पर एक वीडियो पोस्ट करते हुए लिखा कि त्योहार पर घर जाने की लालसा अब एक संघर्ष बन चुकी है.

    उन्होंने लिखा, ’’यह लालसा अब एक संघर्ष बन चुकी है. बिहार जाने वाली ट्रेनें ठसाठस भरी हैं. टिकट मिलना असंभव है, और सफ़र अमानवीय हो गया है. कई ट्रेनों में क्षमता से 200 फ़ीसदी तक यात्री सवार हैं. लोग दरवाज़ों और छतों तक लटके हैं.''

    राहुल गांधी ने लिखा है, "फ़ेल डबल इंजन सरकार के दावे खोखले हैं. कहां हैं 12,000 स्पेशल ट्रेनें? क्यों हालात हर साल और बदतर ही होते जाते हैं. क्यों बिहार के लोग हर साल ऐसे अपमानजनक हालात में घर लौटने को मजबूर हैं?"

    "अगर राज्य में रोज़गार और सम्मानजनक जीवन मिलता, तो उन्हें हज़ारों किलोमीटर दूर भटकना नहीं पड़ता. वो सिर्फ़ मजबूर यात्री नहीं, एनडीए की धोखेबाज़ नीतियों और नीयत का जीता-जागता सबूत हैं. यात्रा सुरक्षित और सम्मानजनक हो यह अधिकार है, कोई एहसान नहीं.’’

    रेल मंत्रालय के मुताबिक़ अक्तूबर और नवंबर महीने में बिहार के लिए 2200 विशेष ट्रेनें चलाई जा रही हैं.

  14. नमस्कार!

    अभी तक बीबीसी संवाददाता इफ़्तेख़ार अली आप तक ख़बरें पहुंचा रहे थे.

    अब से रात 10 बजे तक बीबीसी संवाददाता दीपक मंडल आप तक अहम ख़बरें पहुंचाएंगे.

    बीबीसी हिन्दी के पन्ने पर लगी कुछ अहम ख़बरें पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक्स पर क्लिक करें.

  15. मुरादाबाद: एडमिशन के समय मदरसे में मांगा गया मेडिकल सर्टिफिकेट, पुलिस ने क्या बताया, शहबाज़ अनवर, बीबीसी हिन्दी के लिए

    मुरादाबाद एसपी सिटी कुमार रणविजय सिंह

    इमेज स्रोत, MORADABAD POLICE/X

    इमेज कैप्शन, मुरादाबाद एसपी सिटी कुमार रणविजय सिंह

    मुरादाबाद के लोधीपुर में मौजूद एक मदरसे में छात्रा से एडमिशन के समय मेडिकल सर्टिफिकेट मांगने का आरोप लगा है. इस मामले में नामज़द एक व्यक्ति को न्यायिक हिरासत में भेजा गया है.

    छात्रा के पिता का आरोप है कि मेडिकल सर्टिफिकेट देने से मना करने पर छात्रा का एडमिशन नहीं किया गया और अभद्र टिप्पणियां की गईं.

    मदरसा की तरफ़ से आरोपों को ख़ारिज करते हुए कहा है कि ये आरोप बेबुनियाद हैं.

    मुरादाबाद पुलिस अधीक्षक सिटी कुमार रणविजय सिंह ने बताया, "चंडीगढ़ के एक व्यक्ति ने लोधीपुर स्थित जामिया मदरसा में अपनी बेटी का एडमिशन पिछले साल कराया था. छुट्टियों के बाद जब वह दोबारा एडमिशन कराने के लिए यहां आए, तो उस समय मदरसा के एडमिशन इंचार्ज शाहजहां और प्रिंसिपल रहनुमा ने उनके साथ दुर्व्यवहार किया."

    पुलिस के मुताबिक़, "उनसे अभद्र टिप्पणियां की गईं और उनकी बेटी के चरित्र पर सवाल उठाए गए. शाहजहां को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है, जबकि नामज़द प्रिंसिपल रहनुमा की गिरफ़्तारी के लिए पुलिस टीम लगी हुई है. उन्हें भी जल्द गिरफ़्तार कर लिया जाएगा."

    पुलिस का कहना है कि यह भी जांच की जाएगी कि किन परिस्थितियों में मेडिकल सर्टिफिकेट की मांग की गई थी.

    मदरसा का बयान

    मदरसा के टीचर मोहम्मद सलमान ने इन आरोपों को पूरी तरह निराधार बताया है.

    उन्होंने कहा, "यहां सैकड़ों बच्चियां शिक्षा ले रही हैं. आज तक किसी भी छात्रा से ऐसा कोई सर्टिफिकेट नहीं मांगा गया. ये बेहद शर्मनाक है कि ऐसी बातें कही जा रही हैं. ऐसा तो सोचा भी नहीं जा सकता. यह इल्ज़ाम सुनकर भी शर्म आती है. एक छोटी बच्ची के साथ ऐसा कैसे किया जा सकता है?"

  16. भारत के सामने ऑल आउट हुई ऑस्ट्रेलिया की टीम, 237 रनों का लक्ष्य

    विराट कोहली

    इमेज स्रोत, Getty Images

    भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच सिडनी में खेले जा रहे तीसरे वनडे में मेज़बान टीम 236 रनों पर सिमट गई. भारत की ओर से हर्षित राणा ने सबसे ज़्यादा चार विकेट लिए.

    ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाज़ 50 ओवर पूरे नहीं खेल पाए और टीम 46.4 ओवर में ही ऑल आउट हो गई.

    तीन मैचों की इस सीरीज़ में भारतीय टीम पहले दो मुकाबले हार चुकी है.

    गेंदबाज़ी में हर्षित राणा के अलावा भारत की ओर से वॉशिंगटन सुंदर ने दो विकेट लिए.

    वहीं ऑस्ट्रेलिया की ओर से बल्लेबाज़ी में सबसे ज़्यादा मैट रेनशॉ ने 58 गेंदों पर 56 रन और कप्तान मिशेल मार्श ने 50 गेंदों पर 41 रन बनाए.

  17. लियोनेल मेसी की टीम अर्जेंटीना नहीं आएगी भारत, कोच्चि में होना था मैच

    लियोनेल मेसी

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, अर्जेंटीना की टीम को 17 नवंबर को कोच्चि के जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में खेलना था

    अर्जेंटीना फुटबॉल टीम और स्टार खिलाड़ी लियोनेल मेसी अगले महीने केरल का दौरा नहीं करेंगे. लियोनेल मेसी की अर्जेंटीना टीम अब अगले महीने भारत में नहीं खेलेगी.

    यह मैच 17 नवंबर को कोच्चि के जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में होना था, लेकिन अब इसे फ़ीफ़ा की अगली अंतरराष्ट्रीय मैच विंडो में आयोजित किया जाएगा.

    ये जानकारी इस दोस्ताना मैच की प्रायोजक रिपोर्टर ब्रॉडकास्टिंग कंपनी के मैनेजिंग डायरेक्टर एंटो ऑगस्टिन ने सोशल मीडिया पर दी है.

    एंटो ऑगस्टिन ने फ़ेसबुक पर लिखा कि मैच के लिए फ़ीफ़ा से अनुमति मिलने में देरी हुई, जिसके चलते अर्जेंटीना फुटबॉल एसोसिएशन (एएफ़ए) के साथ बैठक के बाद यह फै़सला लिया गया.

    अर्जेंटीना के इस मैच की घोषणा केरल के खेल मंत्री ने की थी. हालांकि, एक समय मंत्री ने खुद कहा था कि यह मैच रद्द कर दिया गया है, लेकिन अगस्त में एएफ़ए ने पुष्टि की थी कि टीम कोच्चि में खेलेगी. अब ये मैच रद्द कर दिया गया है.

  18. स्पेशल ट्रेनों को लेकर लालू यादव ने सरकार पर साधा निशाना

    लालू यादव

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, लालू यादव का कहना है कि 'बिहारियों के लिए छठ पर भी ये लोग रेलगाड़ियां ढंग से नहीं चला सकते'

    राष्ट्रीय जनता दल (आरजेडी) प्रमुख लालू प्रसाद यादव ने कहा है कि "मेरे बिहारवासियों को अमानवीय तरीके़ से ट्रेनों में सफ़र करना पड़ रहा है."

    दरअसल, केंद्र सरकार ने कहा था कि वह दिवाली-छठ पर लोगों की सुविधा के लिए इस बार 12 हज़ार स्पेशल ट्रेनें चला रही है.

    इसके बावजूद ट्रेनों में भीड़ काफ़ी देखी जा रही है. इसी को लेकर लालू यादव ने सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म एक्स पर एक पोस्ट कर सरकार पर निशाना साधा.

    उन्होंने लिखा, "झूठ के बेताज बादशाह और जुमलों के सरदार ने शेखी बघारते हुए कहा था कि देश की कुल 13,198 ट्रेनों में से 12 हज़ार रेलगाड़ियां छठ पर्व के अवसर पर बिहार के लिए चलाई जाएंगी. यह भी सफ़ेद झूठ निकला."

    आरजेडी प्रमुख ने कहा, "20 सालों की एनडीए सरकार में पलायन का दंश झेल रहे बिहारियों के लिए लोक आस्था के महापर्व छठ पर भी ये लोग रेलगाड़ियां ढंग से नहीं चला सकते. मेरे बिहारवासियों को अमानवीय तरीके़ से ट्रेनों में सफ़र करना पड़ रहा है. कितना शर्मनाक है?"

    उन्होंने कहा, "डबल इंजन सरकार की ग़लत नीतियों के कारण हर वर्ष बिहार के चार करोड़ से अधिक लोग काम के लिए अन्य राज्यों में पलायन करते हैं. यूपीए सरकार के बाद से एनडीए सरकार ने बिहार में कोई बड़ा उद्योग नहीं लगाया. ये लोग बिहार विरोधी हैं."

  19. ज़ोहरान ममदानी ने अपनी मुस्लिम पहचान को लेकर दिया भावुक भाषण

    ज़ोहरान ममदानी

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, ज़ोहरान ममदानी शुक्रवार को ब्रॉन्क्स के एक मस्जिद के बाहर भाषण देते हुए

    न्यूयॉर्क सिटी के मेयर पद के डेमोक्रेटिक उम्मीदवार ज़ोहरान ममदानी ने शुक्रवार को कहा कि वह अपनी मुस्लिम पहचान को और खुले तौर पर अपनाएंगे.

    न्यूज़ एजेंसी एसोसिएटेड प्रेस के मुताबिक़, उन्होंने पूर्व गवर्नर एंड्रयू क्यूमो और उनके समर्थकों की ओर से होने वाले हमले का जवाब दिया है.

    ब्रॉन्क्स की एक मस्जिद के बाहर रोते हुए ममदानी ने बताया कि 11 सितंबर के हमलों के बाद उनकी चाची ने सबवे का इस्तेमाल नहीं किया क्योंकि वह हिजाब पहनकर दिखाई देने में सुरक्षित महसूस नहीं करती थीं.

    न्यूज़ एजेंसी एपी के अनुसार, ममदानी ने बताया कि जब उन्होंने राजनीति में क़दम रखा, तो एक चाचा ने उन्हें सुझाव दिया कि अपने धर्म को दूसरों के सामने न लाएं.

    वहीं शुक्रवार को एक प्रेस कॉन्फ़्रेंस में एंड्रयू क्यूमो ने ममदानी पर राजनीतिक लाभ के लिए 'विक्टिम कार्ड' खेलने का आरोप लगाया.

    अपने भाषण में ममदानी ने कहा कि उनके शब्द राजनीतिक विरोधियों के लिए नहीं, बल्कि अपने साथी मुस्लिम न्यूयॉर्कवासियों के लिए थे.

    उन्होंने कहा, "हर मुस्लिम का सपना बस यही है कि उसे किसी अन्य न्यूयॉर्कर की तरह समान व्यवहार मिले, लेकिन लंबे समय तक हमें कम मांगने और जो कुछ भी मिलता है, उसी से संतुष्ट रहने के लिए कहा गया है."

    ममदानी ने कहा, "मैं अपनी पहचान, खाने के तरीके़, या उस धर्म को नहीं बदलूंगा जिस पर मुझे गर्व है."

    ज़ोहरान ममदानी 2018 में अमेरिका के नागरिक बने और 2020 में न्यूयॉर्क स्टेट एसेंबली के सदस्य बन गए. 2025 में ज़ोहरान ने न्यूयॉर्क सिटी के मेयर के लिए डेमोक्रेटिक पार्टी की प्राइमरी जीती.

    लेकिन इससे ज़्यादा महत्वपूर्ण यह है कि 33 साल के ममदानी ने अमेरिका की राजनीति में नई बहस छेड़ दी है.

    अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप तक ममदानी को निशाने पर ले रहे हैं. ट्रंप ने कहा है कि अगर ज़ोहरान ममदानी न्यूयॉर्क के मेयर बनते हैं तो वह फंड रोक देंगे.

    ज़ोहरान ममदानी ने जब से न्यूयॉर्क सिटी के मेयर के लिए डेमोक्रेटिक पार्टी की प्राइमरी जीती है, तब से उन पर इस्लामोफ़ोबिक हमले और बढ़ गए हैं.

    रिपब्लिकन सांसद एंडी ओगल्स ने तो जस्टिस डिपार्टमेंट को पत्र लिखकर ज़ोहरान ममदानी की नागरिकता रद्द कर वापस भेजने की मांग की थी. ज़ोहरान का जन्म युगांडा में हुआ था और 2018 में अमेरिका के नागरिक बने थे.

    ये भी पढ़ें:

  20. एनएचआरसी ने खाना पकाने के तेल के दोबारा इस्तेमाल की शिकायत पर जारी किया नोटिस

    खाना पकाने वाला तेल (सांकेतिक तस्वीर)

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, खाना पकाने वाले तेल को ज़्यादा गर्म करने से उसकी गुणवत्ता पर असर पड़ता है

    राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग (एनएचआरसी) ने भारत में 'खाना पकाने के तेल के बड़े पैमाने पर दोबारा इस्तेमाल' को लेकर सामने आई शिकायत पर नोटिस जारी किया है.

    यह नोटिस केंद्र सरकार के स्वास्थ्य मंत्रालय और भारतीय खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण (एफ़एसएसएआई) को जारी किया गया है.

    आयोग ने इस मामले में जांच के आदेश दिए हैं और विस्तृत रिपोर्ट पेश करने को कहा है. साथ ही दो हफ्ते के भीतर एक्शन रिपोर्ट सौंपने का निर्देश दिया गया है.

    22 अक्तूबर को जारी नोटिस में कहा गया है कि शिकायत में लगाए गए आरोप पहली नज़र में मानवाधिकारों के 'उल्लंघन' जैसे प्रतीत होते हैं.

    नोटिस के मुताबिक़, मध्य प्रदेश के भोपाल स्थित 'सार्थक सामुदायिक विकास एवं जन कल्याण संस्था' के संस्थापक ने शिकायत दर्ज कराकर 'भारत में खाना पकाने के तेल के व्यापक दोबारा इस्तेमाल पर गंभीर चिंता जताई है'.

    शिकायतकर्ता का कहना है कि एफ़एसएसएआई के 'रूको' (रिपरपज यूज्ड कुकिंग ऑयल) अभियान के बावजूद, छोटे होटल, सड़क किनारे के ढाबे और फूड वेंडर अक्सर इस्तेमाल किए हुए तेल का दोबारा इस्तेमाल या बिक्री करते हैं.

    उनका कहना है कि इसका सीधा असर हमारे स्वास्थ्य पर पड़ता है और यह कैंसर, हृदय रोग और लिवर संबंधी बीमारियों जैसे गंभीर खतरे पैदा करता है.