चैंपियंस ट्रॉफ़ी: न्यूज़ीलैंड ने बांग्लादेश को हराया, भारत सेमीफ़ाइनल में पहुंचा, पाकिस्तान बाहर

पाकिस्तान के रावलपिंडी में खेले गए चैंपियंस ट्रॉफ़ी के एक मुकाबले में न्यूज़ीलैंड ने बांग्लादेश को हरा दिया है.

सारांश

लाइव कवरेज

चंदन कुमार जजवाड़े और अश्वनी पासवान

  1. पोप फ्रांसिस की हालत अब गंभीर, ताज़ा बयान में वेटिकन ने क्या कहा?

    पोप

    इमेज स्रोत, Vatican Pool /Getty Images

    इमेज कैप्शन, पोप फ्रांसिस को 14 फ़रवरी को सांस लेने में तकलीफ़ के बाद हास्पिटल में भर्ती कराया गया था

    पोप फ्रांसिस की हालत गंभीर बनी हुई है. वेटिकन ने रविवार को एक बयान में बताया है कि पोप को अब भी ऑक्सीजन थेरेपी दी जा रही थी.

    वेटिकन के बयान के मुताबिक़ ख़ून की जांच में पाया गया कि उनमें दिल से संबंधित शुरुआती और हल्की परेशानी भी पाई गई है.

    इसके अलावा इस जांच में किडनी के जुड़ी समस्या का भी पता चला है.

    इस बयान के मुताबिक़ रविवार को पोप फ्रांसिस की थ्रोम्बोकाइटोपेनिया की हालत स्थिर पाई गई, इस बीमारी में ख़ून में प्लेटलेट्स की मात्रा काफ़ी कम हो जाती है.

    इससे पहले रविवार सुबह पोप ने एक बयान जारी कर कैथोलिक ईसाइयों से परंपरागत प्रार्थना करने को कहा, क्योंकि वो ख़ुद ऐसा नहीं कर पा रहे थे.

    कई दिनों से सांस लेने में परेशानी के बाद पोप को 14 फ़रवरी को रोम के जेमेली हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया था, जहां उन्हें पहले ब्रॉन्काइटिस का उपचार दिया गया और बाद में उन्हें निमोनिया से पीड़ित पाया गया.

    अर्जेंटीना के पोप फ्रांसिस रोमन कैथोलिक चर्च के प्रमुख बनने वाले पहले लैटिन अमेरिकी और पहले जेसुइट हैं.

  2. जर्मनी में हुए चुनावों में कंज़र्वेटिव पार्टी की हुई जीत, जानिए क्या कह रहे हैं यूरोपीय देशों के नेता

    फ्रिड्रिक मर्ज़

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, जर्मनी में सीडीयू/सीएसयू पार्टी के नेता फ़्रिड्रिख़ मर्त्ज़ देश के अगले चांसलर हो सकते हैं.

    जर्मनी में हुए आम चुनावों में कंज़र्वेटिव सीडीयू पार्टी देश की संसद में सबसे बड़ी पार्टी बन गई है. इस पार्टी को सबसे ज़्यादा 28.6 फ़ीसदी वोट मिले हैं.

    जर्मनी में सीडीयू/सीएसयू पार्टी के नेता फ़्रिड्रिख़ मर्त्ज़ ने कहा है कि आज हम जश्न मना रहे हैं, लेकिन कल काम करेंगे.

    जर्मनी में चुनावों के बाद वोटों की गिनती समाप्त हो चुकी है. चुनाव के नतीजों में अल्टरनेटिव फ़ॉर जर्मन पार्टी (एएफ़डी) दूसरे और सोशल डेमोक्रेटिक पार्टी तीसरे नंबर पर रही है.

    इन नतीजों पर यूरोप के नेताओं का प्रतिक्रिया भी आने लगी है.

    ब्रिटेन के प्रधानमंत्री कीएर स्टार्मर ने कहा, “मैं जर्मनी की नई सरकार के साथ मिलकर काम करने और दोनों देशों के बीच पहले से मज़बूत रिश्ते को और अच्छा करके के लिए काम करने को तैयार हूं.”

    उन्होंने कहा है कि ब्रिटेन और जर्मनी साथ मिलकर दोनों देशों की सुरक्षा और विकास के लिए काम के करेंगे.

    वहीं फ्रांस के राष्ट्रपति इमानुअल मैक्रों ने कंज़र्वेटिव पार्टी के नेता फ़्रिड्रक मर्त्ज़ को बधाई दी है और कहा है कि दोनों साथ मिलकर एक ताक़तवर यूरोप के लिए काम करेंगे.

  3. क्रिकेट- भारत के ख़िलाफ़ पाकिस्तान की हार पर शोएब अख़्तर किस बात पर हुए नाराज़

    शोएब अख़्तर

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, पाकिस्तान के पूर्व तेज़ गेंदबाज़ शोएब अख़्तर ने टीम मैनेजमैंट पर निशाना साधा है (फाइल फ़ोटो)

    भारत के ख़िलाफ़ दुबई में हुए चैंपियंस ट्रॉफ़ी मुक़ाबले में हार के बाद पाकिस्तान के पूर्व तेज़ गेंदबाज़ शोएब अख़्तर ने पाकिस्तानी टीम मैनेजमैंट के प्रति नाराज़गी जताई है.

    शोएब अख़्तर ने कहा, "मुझे पता था कि आगे क्या होना है. दुनिया 6 गेंदबाज़ों के साथ खेल रही है और आप ऑलराउंडर लेकर चले जाते हैं."

    "यह बुद्धिमानी भरा मैनेजमैंट नहीं है. इसमें बच्चों (खिलाड़ियों) को क्या कहेंगे. उन्हें कुछ पता नहीं है. उनके पास विराट कोहली, रोहित शर्मा या शुभमन गिल की तरह स्कील सेट नहीं हैं. जैसा मैनेजमैंट होगा वैसे खिलाड़ी होंगे. यह बहुत निराशाजनक है."

    भारतीय टीम ने रविवार को दुबई में हुए आईसीसी चैंपियंस ट्रॉफ़ी के मुकाबले में पाकिस्तान को 6 विकेट से हरा दिया है.

    इस मैच में विराट कोहली ने शतक बनाया और भारत ने 242 रनों का लक्ष्य 42.3 ओवर में हासिल कर लिया.

  4. नमस्कार!

    बीबीसी हिंदी के लाइव पेज में आपका स्वागत है. मैं बीबीसी संवाददाता चंदन कुमार जजवाड़े अब से दोपहर दो बजे तक आप तक अहम ख़बरें पहुंचाऊंगा.

    कल के लाइव पेज की ख़बरों को पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें.

    फ़िलहाल, हमारे होम पेज पर मौजूद कुछ अहम ख़बरों को आप नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करके पढ़ सकते हैं.