ट्रंप ने ईरान पर जल्द बड़ी कार्रवाई की बात कही, साथ ही बताया कब तक चलेगी जंग?

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि ईरान पर जल्द ही बड़ी कार्रवाई जल्द होने वाली है. साथ ही दावा किया कि ईरान के साथ लगभग एक महीने तक युद्ध चलेगा.

सारांश

लाइव कवरेज

इफ़्तेख़ार अली, रौनक भैड़ा

  1. कुवैत में अमेरिकी दूतावास के नज़दीक धुआं उठने के बाद दी गई ये सलाह

    कुवैत में अमेरिकी दूतावास के पास धुंआ

    इमेज स्रोत, AFP via Getty Images

    कुवैत में मौजूद अमेरिकी दूतावास ने लोगों से कहा है कि वे दूतावास न आएं और अपने घर में सुरक्षित रहें.

    यह बयान ऐसे समय में आया है जब कुछ देर पहले न्यूज़ एजेंसी एएफ़पी और रॉयटर्स की रिपोर्ट के मुताबिक़, कुवैत में अमेरिकी दूतावास से या उसके पास से धुआं उठता देखा गया है.

    दूतावास की वेबसाइट पर जारी बयान में कहा गया, "दूतावास न आएं. अपने घर में सबसे निचली मंज़िल पर रहें, खिड़कियों से दूर रहें और बाहर न निकलें."

    इसके अलावा अमेरिकी नागरिकों से कहा गया है कि वे संभावित हमलों के लिए तैयार रहें और सतर्क रहें और सुरक्षा के उपायों की योजना बनाएं.

    इसमें आगे कहा गया है कि अमेरिकी दूतावास के कर्मचारी 'अपनी-अपनी जगहों पर सुरक्षित हैं'.

  2. कराची में हिंसक प्रदर्शन के बाद अमेरिकी दूतावास ने जारी किया ये बयान

    लाहौर में अमेरिकी कॉन्सुलेट के बाहर प्रदर्शन करते लोग
    इमेज कैप्शन, लाहौर में अमेरिकी कॉन्सुलेट के बाहर प्रदर्शन करते लोग

    पाकिस्तान की राजधानी इस्लामाबाद स्थित अमेरिका के दूतावास ने अपनी सेवाओं को लेकर एक बयान जारी किया है.

    रविवार को ईरान के सुप्रीम लीडर आयतुल्लाह अली ख़ामेनेई की मौत के बाद पाकिस्तान के कराची में हिंसक प्रदर्शन हुआ.

    बीबीसी उर्दू के मुताबिक़, शहर के अमेरिकी कॉन्सुलेट के बाहर हुए इस हिंसक प्रदर्शन में 10 लोगों की मौत हुई.

    इसी को लेकर इस्लामाबाद स्थित अमेरिकी दूतावास ने सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म एक्स पर लिखा, "आज, 2 मार्च को इस्लामाबाद स्थित अमेरिकी दूतावास और कराची और लाहौर स्थित अमेरिकी कॉन्सुलेट में अमेरिकी वीजा और अमेरिकी नागरिकता सेवाओं से संबंधित सभी अपॉइंटमेंट रद्द कर दिए गए हैं."

  3. इसराइल के हमलों में लेबनान में कम से कम 31 लोगों की मौत, कई घायल

    इसराइल का लेबनान में हमला

    इमेज स्रोत, AFP via Getty Images

    इमेज कैप्शन, इसराइल के हवाई हमलों के बाद बेरूत में एक इमारत में लगी आग

    लेबनान के स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक़, बेरूत और दक्षिणी लेबनान पर इसराइल ने हमला किया है.

    मंत्रालय का कहना है हमलों में 31 लोग मारे गए और 149 घायल हुए हैं.

    साथ ही एक बयान में कहा गया है कि मरने वालों की संख्या प्रारंभिक है.

    इससे पहले इसराइल ने लेबनान के 50 से ज़्यादा शहरों और गाँवों के निवासियों को चेतावनी दी है कि वे हमलों से बचने के लिए फौरन अपने घर खाली करें.

    वहीं इसराइली सेना ने एक बयान जारी किया कि वह हिज़्बुल्लाह से हुए प्रोजेक्टाइल फ़ायर के जवाब में लेबनान में लक्ष्यों पर हमला कर रही है.

    हिज़्बुल्लाह ने भी पुष्टि की है कि उसने लेबनान से इसराइल की ओर मिसाइल और ड्रोन दागे हैं.

    समूह का कहना है कि यह कार्रवाई ईरान के सुप्रीम लीडर आयतुल्लाह अली ख़ामेनेई की हत्या के बदले में की गई है.

  4. कनाडा के प्रधानमंत्री मार्क कार्नी और पीएम नरेंद्र मोदी की मुलाक़ात

    पीएम मोदी और मार्क कार्नी

    इमेज स्रोत, ANI

    कनाडा के प्रधानमंत्री मार्क कार्नी भारत के दौरे पर हैं और वह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से हैदराबाद हाउस में मुलाक़ात कर रहे हैं. इस दौरे को 'ऐतिहासिक' बताया जा रहा है.

    दोनों देशों के संबध 2023 में तनावपूर्ण हो गए थे. तब उस समय के पीएम जस्टिन ट्रूडो ने भारतीय अधिकारियों पर एक सिख अलगाववादी नेता की हत्या से जुड़े होने का आरोप लगाया था.

    माना जा रहा है कि कार्नी की ये यात्रा दोनों देशों के संबंध सुधारने की दिशा में की गई पहल है.

    मुलाक़ात में दोनों नेता भारत-कनाडा रणनीतिक साझेदारी, व्यापार और निवेश में सहयोग, ऊर्जा, महत्वपूर्ण खनिज, इनोवेशन और लोगों के बीच संबंधों पर चर्चा करेंगे.

  5. ईरान ने कहा, 'हम अमेरिका से बातचीत नहीं करेंगे'

    अली लारीजानी

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, ईरानी सर्वोच्च नेता आयातुल्लाह अली ख़ामेनेई के सलाहकार रह चुके अली लारीजानी

    ईरान के सुरक्षा प्रमुख अली लारीजानी ने सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म एक्स पर कहा है कि उनका देश 'अमेरिका के साथ बातचीत नहीं करेगा.'

    लारीजानी से जब पूछा गया कि क्या ईरानी अधिकारी अमेरिका के साथ बातचीत को फिर से शुरू करने की योजना बना रहे हैं तब उन्होंने इसके जवाब में ये बात कही.

    लारीजानी ईरान की सर्वोच्च राष्ट्रीय सुरक्षा परिषद के सचिव हैं और वे ईरानी सर्वोच्च नेता आयातुल्लाह अली ख़ामेनेई के सलाहकार भी रह चुके हैं.

    ईरान के सर्वोच्च नेता आयतुल्लाह अली ख़ामेनेई रविवार को इसराइल और अमेरिका के हमले में मारे गए.

  6. इसराइल ने लेबनान के कई गांव खाली करने को कहा, हिज़्बुल्लाह के साथ संघर्ष हुआ तेज़

    लेबनान में जाम की स्थिति

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इसराइल ने लेबनान के 50 से ज़्यादा शहरों और गाँवों के निवासियों को चेतावनी दी है कि वे हमलों से बचने के लिए फौरन अपने घर खाली करें.

    तस्वीरों में देखा जा रहा है कि चेतावनी के बाद बेरूत और सिडोन शहर से लोग जा रहे हैं, जिसके कारण जाम की स्थिति पैदा हो हई है.

    चेतावनी में कहा गया है कि लोग कम से कम एक हज़ार मीटर दूर खुले इलाके़ में चले जाएं.

    इसमें कहा गया है, "आपकी सुरक्षा के लिए आपको तुरंत अपने घर छोड़ना होगा और गाँवों से कम से कम एक हज़ार मीटर दूर खुले इलाके़ में जाना होगा."

    इसके अलावा चेतावनी में कहा गया है, "जो भी हिज़्बुल्लाह के सदस्यों, उसके ठिकानों या सैन्य साधनों के पास होगा, वह अपने जीवन को जोखिम में डाल रहा है."

  7. ईरान और इसराइल हमलों के बीच भारत में कैबिनेट सुरक्षा समिति की बैठक, इन बातों पर हुई चर्चा

    सीसीएस की बैठक

    इमेज स्रोत, ANI

    इमेज कैप्शन, पीएम मोदी ने दिल्ली में सीसीएस की बैठक की अध्यक्षता की

    ईरान में अमेरिका और इसराइल के हमलों के बाद भारत ने रविवार देर शाम कैबिनेट सुरक्षा समिति (सीसीएस) की बैठक की. इस बैठक की अध्यक्षता प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने की.

    बैठक में पश्चिम एशिया की बदलती स्थिति की समीक्षा की गई. साथ ही समिति ने क्षेत्र में बड़ी भारतीय प्रवासी आबादी की सुरक्षा को लेकर चिंता जताई.

    सीसीएस ने भारतीय यात्रियों और छात्रों को होने वाली दिक्कतों की समीक्षा की.

    सीसीएस ने सभी संबंधित विभागों को निर्देश दिया कि वे प्रभावित भारतीय नागरिकों की मदद के लिए ज़रूरी और संभव कदम उठाएं.

    बैठक में संघर्ष को जल्द से जल्द रोकने और संवाद और कूटनीति को फिर से शुरू करने की ज़रूरतों पर भी ज़ोर दिया गया.

  8. ईरान: तेहरान में गांधी और खतम अल-अनबिया अस्पतालों को नुक़सान

    ईरान और इसराइल संघर्ष

    इमेज स्रोत, UGC

    ईरान पर इसराइल और अमेरिका के हमलों के दूसरे दिन ईरानी मीडिया ने बताया कि गांधी और खतम अल-अनबिया अस्पतालों और ईरानी रेड क्रिसेंट पीस बिल्डिंग को निशाना बनाया गया है.

    फिलहाल इस दावे पर इसराइली सेना और अमेरिकी रक्षा विभाग ने कोई टिप्पणी नहीं की है.

    बीबीसी फ़ारसी के मुताबिक़, सोशल मीडिया पर ऐसे वीडियो भी पोस्ट किए गए हैं, जिनमें दोनों अस्पतालों की खिड़कियों और बाहरी हिस्सों को हुए नुक़सान को दिखाया गया है, लेकिन सीधे मिसाइल हमले का कोई सबूत नहीं है.

    हालांकि आधिकारिक रिपोर्टों के साथ-साथ ईरानी सरकार के क़रीबी मीडिया आउटलेट्स का कहना है कि इन चिकित्सा केंद्रों को 'निशाना बनाया गया' है.

    ईरान के स्वास्थ्य मंत्रालय का कहना है कि इन दो अस्पतालों के अलावा तेहरान में मोताहारी अस्पताल, अहवाज़ में अबुज़र अस्पताल और सरब, चाबहार और हमदान में स्थित तीन आपातकालीन केंद्र इसराइली और अमेरिकी हमलों में क्षतिग्रस्त हो गए.

  9. 'ख़ामेनेई की हत्या का बदला' लेने के लिए हिज़्बुल्लाह ने इसराइल की ओर मिसाइल और ड्रोन दागे

    ईरान और इसराइल संघर्ष

    इमेज स्रोत, HAZEM BADER / AFP via Getty Images

    इमेज कैप्शन, यरूशलम की एक सड़क पर मिसाइल गिरने के बाद टूटी हुई कार की जांच करते हुए सुरक्षा बल

    इसराइली सेना ने बयान जारी किया कि वह हिज़्बुल्लाह से हुए प्रोजेक्टाइल फ़ायर के जवाब में लेबनान में लक्ष्यों पर हमला कर रही है.

    इस बीच हिज़्बुल्लाह ने भी पुष्टि की है कि उसने लेबनान से इसराइल की ओर मिसाइल और ड्रोन दागे हैं.

    समूह का कहना है कि यह कार्रवाई ईरान के सुप्रीम लीडर आयतुल्लाह अली ख़ामेनेई की हत्या के बदले में की गई है.

    इसराइली सेना के मुताबिक़, दागे गए प्रोजेक्टाइल इसराइल के खुले इलाक़ों में गिरे.

    हिज़्बुल्लाह एक शिया मुस्लिम राजनीतिक और सैन्य संगठन है, जिसे ईरान का मज़बूत समर्थन हासिल है और जो इसराइल के अस्तित्व के अधिकार का विरोध करता है.

  10. ईरान के लिए इन मुस्लिम देशों ने जारी की चेतावनी

    सऊदी अरब के क्राउन प्रिंस

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, ईरान को चेतावनी देने वाले देशों में सऊदी अरब भी शामिल है

    गल्फ़ कोऑपरेशन काउंसिल (जीसीसी) के सदस्य देशों की रविवार को एक बैठक हुई. इस बैठक में ईरानी हमलों से हुए नुक़सान पर चर्चा की गई.

    जीसीसी का कहना है कि नागरिक ठिकानों और रिहायशी इलाक़ों को निशाना बनाया गया.

    जीसीसी में यूनाइटेड अरब अमीरात (यूएई), बहरीन, सऊदी अरब, ओमान, क़तर और कुवैत शामिल हैं.

    इन सभी देशों ने ईरान के हमलों की निंदा की और ईरान पर उनकी संप्रभुता और अंतरराष्ट्रीय क़ानून के उल्लंघन का आरोप लगाया.

    जीसीसी की और से जारी बयान में ईरान से हमले रोकने की अपील की गई.

    हालांकि ग्रुप ने यह भी चेतावनी दी कि वह अपनी सुरक्षा के लिए 'सभी ज़रूरी क़दम' उठाएगा.

  11. ईरान-इसराइल संघर्ष के बीच दुनियाभर में तेल की क़ीमतों में तेज़ उछाल

    तेल का टैंकर

    इमेज स्रोत, Getty Images

    अमेरिका और इसराइल के ईरान पर हमलों के बाद दुनियाभर में तेल की क़ीमतों में तेज़ बढ़ोतरी देखी गई है.

    एशिया में सोमवार सुबह जब बाज़ार खुले, तो ब्रेंट क्रूड और नायमेक्स लाइट स्वीट ऑयल दोनों में 10 फ़ीसदी से ज़्यादा की बढ़त दर्ज हुई, हालांकि बाद में इसमें कुछ कमी आई.

    सुबह 5 बजे तक ब्रेंट क्रूड की क़ीमत लगभग 9 फ़ीसदी बढ़कर 79.30 डॉलर प्रति बैरल के आसपास थी, जबकि नायमेक्स क़रीब 8.5 फ़ीसदी की बढ़त के साथ 72.70 डॉलर प्रति बैरल के आसपास रहा.

    ईरान और इसराइल के बीच संघर्ष जारी है. दोनों देश एक दूसरे पर हमले कर रहे हैं. सबसे पहले इसराइल और अमेरिका ने शनिवार सुबह ईरान पर हमला किया था.

    अमेरिका और इसराइल के हमलों में ईरान के सर्वोच्च नेता आयतुल्लाह अली ख़ामेनेई की मौत हो गई है. इसके साथ ही ईरानी सेना के चीफ़ ऑफ स्टाफ़ अब्दुल रहीम मौसवी और रक्षा मंत्री मेजर जनरल अज़ीज नासिरज़ादेह भी मारे गए हैं.

  12. ईरान की राजधानी तेहरान में धमाकों की आवाज़, इंटरनेट पर भी पाबंदी, ग़ोंचेह हबीबियाज़ाद, बीबीसी फ़ारसी

    ईरान और इसराइल संघर्ष

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, तेहरान में धमाकों के बाद आसमान में उठता धुएँ का गुबार

    ईरान की राजधानी तेहरान के एक निवासी ने बीबीसी को बताया कि उन्हें विस्फोटों की आवाज़ें सुनाई दे रही थीं.

    उन्होंने कहा कि उनका 'सबसे बड़ा डर' यह है कि कहीं अमेरिका मौजूदा ईरानी नेतृत्व के साथ कोई समझौता ना कर ले.

    उनका कहना था, "ख़ामेनेई की मौत काफ़ी नहीं है, उन्हें (अधिकारियों को) सभी को जाना होगा."

    उन्होंने यह भी बताया कि तेहरान की सड़कों पर सुरक्षा बलों की मौजूदगी देखी जा रही है, लेकिन ज़्यादातर जगहों पर सड़कें खाली हैं.

    इंटरनेट पर पाबंदियों की वजह से फिलहाल देश के अंदर क्या हो रहा है, इसकी साफ़ तस्वीर मिल पाना बहुत मुश्किल है.

  13. ईरान-इसराइल संघर्ष के बीच पीएम मोदी ने बिन्यामिन नेतन्याहू से क्या बात की?

    पीएम मोदी और नेतन्याहू

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, पीएम मोदी पिछले ही हफ़्ते इसराइल दौरे पर गए थे

    भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार देर रात इसराइल के प्रधानमंत्री बिन्यामिन नेतन्याहू से फ़ोन पर बात की. दोनों नेताओं ने मौजूदा स्थिति पर चर्चा की.

    प्रधानमंत्री मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म एक्स पर लिखा कि उन्होंने हाल के घटनाक्रम पर भारत की चिंता ज़ाहिर की और कहा कि नागरिकों की सुरक्षा सबसे बड़ी प्राथमिकता होनी चाहिए.

    पीएम मोदी ने भी दोहराया कि जल्द से जल्द संघर्ष रोकना ज़रूरी है.

    इससे पहले प्रधानमंत्री ने रविवार रात संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) के राष्ट्रपति शेख मोहम्मद बिन ज़ायेद अल नाहयान से भी बात की.

    पीएम मोदी ने यूएई पर हुए हमलों की निंदा की है और यूएई में रह रहे भारतीय समुदाय का ख्याल रखने के लिए शेख मोहम्मद बिन ज़ायेद अल नाहयान का धन्यवाद किया है.

    अमेरिका और इसराइल ने शनिवार को ईरान पर बड़े हमले किए थे, जिसमें ईरान के सुप्रीम लीडर आयतुल्लाह अली ख़ामेनेई की मौत हो गई.

    पीएम मोदी का बयान
  14. नमस्कार!

    बीबीसी न्यूज़ हिन्दी के लाइव पेज पर आपका स्वागत है. मैं बीबीसी संवाददाता इफ़्तेख़ार अली अब से दोपहर दो बजे तक आप तक अहम ख़बरें पहुंचाऊंगा.

    कल के लाइव पेज की ख़बरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें.

    हमारे पेज पर मौजूद कुछ अहम ख़बरों को पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक्स पर क्लिक करें.