ईरान के राष्ट्रपति ने आयतुल्लाह ख़ामेनेई की मौत के बाद वीडियो जारी कर क्या कहा?

ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेज़ेश्कियान ने स्टेट टीवी पर एक रिकॉर्ड किया हुआ वीडियो संदेश जारी किया है.

सारांश

लाइव कवरेज

इफ़्तेख़ार अली, रौनक भैड़ा

  1. दुबई एयरपोर्ट पर फंसी पीवी सिंधु अब कहां हैं?

    पीवी सिंधु

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, फ़ाइल फ़ोटो

    दो बार की ओलंपिक पदक विजेता और बैडमिंटन स्टार पीवी सिंधु शनिवार को दुबई एयरपोर्ट पर फंस गईं, जिसके बाद अब वह सुरक्षित जगह पर पहुंच गई हैं.

    वह प्रतिष्ठित ऑल इंग्लैंड ओपन बैडमिंटन टूर्नामेंट में हिस्सा लेने जा रही थीं, लेकिन मध्य पूर्व में बढ़ते तनाव के कारण उड़ानें रोक दी गईं. यह टूर्नामेंट अगले मंगलवार से शुरू होने वाला है.

    पीवी सिंधु ने सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म एक्स पर लिखा, "यह कठिन समय अभी ख़त्म नहीं हुआ है, और हर बीतते घंटे के साथ स्थिति और भी डरावनी होती जा रही है."

    उन्होंने लिखा, "कुछ घंटे पहले एयरपोर्ट पर जहां हम ठहरे हुए थे, उसके पास ही एक धमाका हुआ. मेरे कोच को वहाँ से तुरंत भागना पड़ा क्योंकि वह धुएं और मलबे के सबसे क़रीब थे. यह हम सभी के लिए बहुत ही तनावपूर्ण और डरावना पल था."

    बैडमिंटन स्टार ने कहा, "अब हम सब सुरक्षित हैं और हमें एक सुरक्षित जगह पर पहुँचा दिया गया है. इसके लिए दुबई एयरपोर्ट के स्टाफ और दुबई के अधिकारियों की कड़ी मेहनत का बहुत-बहुत शुक्रिया. दुबई में भारतीय उच्चायोग को भी उनके ज़बरदस्त सहयोग और हमें सुरक्षित रखने के लिए लगातार की जा रही मदद के लिए ख़ास धन्यवाद."

  2. ईरान ने 27 अमेरिकी ठिकानों और इसराइली सेना के मुख्यालय को निशाना बनाने का किया दावा

    इसराइल में ईरान हमला

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, ईरान ने इसराइल के ख़िलाफ़ जवाबी मिसाइल हमले किए हैं

    इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कोर (आईआरजीसी) की ओर से एक ताज़ा बयान जारी किया गया है.

    बीबीसी फ़ारसी के मुताबिक़, बयान में आईआरजीसी ने कहा कि उसने 'इलाक़े में 27 अमेरिकी ठिकानों के साथ-साथ तेल अवीव बेस, इसराइली सेना के जनरल कमांड मुख्यालय और तेल अवीव में लार्ज डिफेंस इंडस्ट्रियल कॉम्प्लेक्स' को निशाना बनाया है.

    ईरान की ओर से यह क़दम ऐसे समय में उठाया गया है जब रविवार सुबह अमेरिका और इसराइल के हमले में ईरान के सुप्रीम लीडर आयतुल्लाह अली ख़ामेनेई के मारे जाने की ख़बर आई.

    बयान में यह भी दावा किया गया कि ईरान की सेना कब्जे़ वाले इलाक़ों और अमेरिकी ठिकानों पर बजने वाले ख़तरे के सायरन को शांत नहीं होने देगी.

  3. ईरान में अमेरिका और इसराइल के हमलों में दो सीनियर अधिकारियों के मारे जाने की पुष्टि

    ईरान की सड़कों पर रोते लोग

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, आयतुल्लाह अली ख़ामेनेई के मारे जाने के बाद ईरान की सड़कों पर रोते दिखे लोग

    ईरान की इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कोर (आईआरजीसी) के कमांडर-इन-चीफ़ मोहम्मद पाकपुर और ईरान की रक्षा परिषद के सचिव अली शमखानी की अमेरिका और इसराइल के हमलों में मौत हुई है. यह जानकारी ईरान की सरकारी न्यूज़ एजेंसी आईआरएनए ने दी है.

    इससे पहले इसराइली सेना ने ईरान की सुरक्षा नेतृत्व टीम के सात सदस्यों के नामों की घोषणा की थी, जिनमें पाकपुर और शमखानी भी शामिल थे, और उन्होंने दावा किया था कि ये दोनों मारे गए हैं.

    मोहम्मद पाकपुर को तब आईआरजीसी का कमांडर-इन-चीफ़ नियुक्त किया गया था, जब उनके पूर्ववर्ती की जून 2025 में हुए 12 दिन के ईरान-इसराइल युद्ध के दौरान मौत हुई थी.

    इससे पहले वह आईआरजीसी की ग्राउंड फोर्सेज़ के कमांडर थे.

    वहीं अली शमखानी 12 दिन के युद्ध के दौरान घायल हुए थे. वह ईरान के सुप्रीम लीडर के वरिष्ठ सलाहकार भी थे.

  4. अमेरिका और इसराइल के हमले में 130 से ज़्यादा ईरानी नागरिकों की मौत: ह्यूमन राइट्स ग्रुप

    ईरान

    इमेज स्रोत, Getty Images

    वॉशिंगटन स्थित ईरानी मानवाधिकार समूह ह्यूमन राइट्स एक्टिविस्ट्स न्यूज़ एजेंसी के अनुसार, अमेरिका और इसराइल के हमलों में कम से कम 133 ईरानी नागरिकों की मौत हुई है और 200 लोग घायल हुए हैं.

    समूह ने बताया कि यह जानकारी प्रारंभिक रिपोर्ट पर आधारित है, जिसमें कहा गया है कि 18 प्रांतों में कम से कम 58 हमले दर्ज किए गए और तेहरान में सबसे ज़्यादा घटनाएँ हुईं.

    तेहरान में पिछले कई घंटों से विस्फोटों की आवाज़ लगातार सुनी जा रही है.

    वहीं ईरान की इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कोर का एक बयान सामने आया है, जिसमें उसने चेतावनी दी है कि वो अमेरिकी अड्डों और इसराइल पर हमला करेगा.

  5. ख़ामेनेई के मारे जाने के बाद भारत में इस जगह पर विरोध प्रदर्शन

    श्रीनगर के लाल चौक पर प्रदर्शन

    इमेज स्रोत, ANI

    इमेज कैप्शन, श्रीनगर के लाल चौक पर लोगों ने ख़ामेनेई की मौत की ख़बर के बाद विरोध प्रदर्शन किया

    ईरान के सर्वोच्च नेता आयतुल्लाह अली ख़ामेनेई की मौत के बाद श्रीनगर के सैदा कदल इलाक़े में लोग प्रदर्शन कर रहे हैं.

    न्यूज़ एजेंसी एएनआई के मुताबिक़, श्रीनगर के लाल चौक पर भी कश्मीरी शिया मुसलमानों ने विरोध प्रदर्शन किया.

    ईरान के सरकारी मीडिया चैनल ने रविवार को कहा है कि सर्वोच्च नेता आयतुल्लाह अली ख़ामेनेई अमेरिका और इसराइल के हमले में मारे गए हैं.

    ईरान के सरकारी टीवी के प्रेज़ेंटर ने रोते हुए ख़ामेनेई की मौत की घोषणा की और बताया देश में 40 दिनों का शोक रहेगा.

  6. ईरान की चेतावनी- 'इतिहास का सबसे ख़तरनाक हमला कुछ ही पलों में'

    ईरान का मिसाइल

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, ईरान ने इसराइल के ख़िलाफ़ जवाबी मिसाइल हमले किए हैं

    ईरान की इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कोर का एक बयान सामने आया है, जिसमें उसने चेतावनी दी है कि वो अमेरिकी अड्डों और इसराइल पर हमला करेगा.

    इस बयान में कहा गया है, "इस्लामिक रिपब्लिक ऑफ़ ईरान की आर्म्ड फ़ोर्स के इतिहास का सबसे ख़तरनाक हमला कुछ ही पलों में कब्ज़े वाले इलाक़ों और अमेरिकी आतंकवादी अड्डों की ओर शुरू होगा."

    यह बयान ऐसे समय में आया है जब ईरान के सरकारी मीडिया चैनल ने कहा है कि ईरान के सर्वोच्च नेता आयतुल्लाह अली ख़ामेनेई की मौत हो चुकी है.

    ईरान के सरकारी टीवी के प्रेज़ेंटर ने रोते हुए ख़ामेनेई की मौत की घोषणा की और बताया देश में 40 दिनों का शोक रहेगा.

    ये भी पढ़ें:

  7. ख़ामेनेई की मौत की ख़बर के बाद अमेरिकी राजधानी में ईरानी लोगों का जश्न, सैम फ़रज़ानेह, बीबीसी फ़ारसी, वॉशिंगटन

    अमेरिका में जश्न मनाते ईरानी लोग
    इमेज कैप्शन, अमेरिका में जश्न मनाते ईरानी लोग

    वॉशिंगटन स्थित नेशनल सोलिडिटरी ग्रुप ऑफ़ ईरान लंबे समय से मृतकों की याद में वॉशिंगटन में रैली आयोजित करने की योजना बना रहा था. लेकिन ईरान के सर्वोच्च नेता आयतुल्लाह अली ख़ामेनेई की मौत की ख़बर आने के बाद रैली का माहौल उत्सव में बदल गया.

    रैली में मौजूद कई लोग ख़ुशी से नाच रहे थे. कुछ लोग मिठाई बांट रहे थे, कुछ लोगों को फूल दे रहे थे और कई लोग एक-दूसरे को गले लगा रहे थे.

    रैली में शामिल लोगों ने "अमेरिका" के नारे लगाकर सरकार को धन्यवाद दिया.

    संगीतकार और मशहूर ईरानी गायक मोहम्मद रज़ा शाजेरियन की बेटी मोज़गन शाजेरियन ने समारोह में भाषण दिया और दिवंगत लोगों को याद करते हुए कहा कि आज के दिन उनकी जगह ख़ाली है.

  8. ईरान पर अमेरिकी और इसराइली हमलों को लेकर चीन ने क्या कहा?

    चीन के दूत फू कोंग

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद में चीन के दूत फू कोंग

    चीन के दूत फू कोंग ने संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद की इमरजेंसी बैठक में कहा कि अमेरिका और इसराइल की ओर से ईरान पर हमलों से उनका देश गहरी चिंता में है.

    उन्होंने नागरिकों की मौत की रिपोर्टों पर चिंता ज़ाहिर की है.

    उन्होंने क्षेत्र में शांति और बढ़ती हिंसा को रोकने के लिए तत्काल सैन्य कार्रवाई बंद करने का आह्वान किया.

    फू कोंग ने कहा, "सशस्त्र संघर्ष में नागरिकों की सुरक्षा के लिए हमेशा सीमा रेखा का उल्लंघन नहीं होना चाहिए और अंधाधुंध बल का प्रयोग अस्वीकार्य है."

    उन्होंने सभी पक्षों से अंतरराष्ट्रीय क़ानून और मानवीय क़ानून के तहत अपने दायित्व निभाने को कहा.

    उन्होंने यह भी कहा कि चीन अंतरराष्ट्रीय समुदाय के साथ मिलकर जल्द से जल्द मध्य पूर्व में शांति और स्थिरता स्थापित करने के प्रयासों में काम करने के लिए तैयार है.

  9. ईरान की सरकारी मीडिया ने बताया- ख़ामेनेई की बेटी, दामाद और नाती हमलों में मारे गए, ग़ोंचेह हबीबियाज़ाद, बीबीसी फ़ारसी

    ईरान

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, अमेरिका और इसराइल ने शनिवार को ईरान पर हमले किए हैं

    इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कोर से जुड़ी फ़ार्स न्यूज़ एजेंसी ने अपनी रिपोर्ट में कहा है कि ईरान के सुप्रीम लीडर आयतुल्लाह अली ख़ामेनेई की बेटी, दामाद और नाती इन हमलों में मारे गए हैं.

    फ़ार्स ने यह भी बताया है, "कहा जा रहा है कि इन हमलों में ख़ामेनेई की एक बहू की भी मौत हो गई है."

    पहले कुछ ख़बरें आई थीं कि उनकी बहू और दामाद की मौत हो गई है, लेकिन बाद में इसे ख़ारिज कर दिया गया था.

    ईरानी अधिकारियों ने अभी तक आयतुल्लाह अली ख़ामेनेई की मौत से जुड़े दावे की पुष्टि नहीं की है.

  10. ख़ामेनेई की मौत से जुड़े दावे पर बोले रज़ा पहलवी- 'इस्लामिक रिपब्लिक का प्रभाव ख़त्म हो गया'

    आयतुल्लाह अली ख़ामेनेई

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, आयतुल्लाह अली ख़ामेनेई की मौत की ख़बर के दावे पर रज़ा पहलवी ने ख़ुशी ज़ाहिर की है

    ईरान के आख़िरी शाह (राजा) के निर्वासित बेटे रज़ा पहलवी ने सर्वोच्च नेता आयतुल्लाह अली ख़ामेनेई की मौत के दावे का स्वागत किया है.

    उन्होंने सोशल मीडिया पर लिखा, "खामेनेई, जिन्होंने हज़ारों ईरानियों को मारा, अब इतिहास का हिस्सा बन गए हैं."

    पहलवी ने कहा कि "उनकी मौत के साथ इस्लामिक रिपब्लिक का प्रभाव ख़त्म हो गया है."

    उन्होंने ईरानी अधिकारियों से किसी नए नेता को न चुनने की अपील की और कहा कि सेना और पुलिस के पास अब जनता के साथ जुड़ने का 'आखिरी मौक़ा' है.

    उन्होंने लिखा, "यह हमारे बड़े राष्ट्रीय जश्न की शुरुआत है, लेकिन यह अंत नहीं है."

    रज़ा पहलवी 1979 की क्रांति के बाद अपने परिवार के साथ देश छोड़कर अमेरिका में बस गए थे और तब से वह वहीं रह रहे हैं.

    रज़ा पहलवी
  11. नमस्कार!

    बीबीसी न्यूज़ हिन्दी के लाइव पेज पर आपका स्वागत है. मैं बीबीसी संवाददाता इफ़्तेख़ार अली अब से दोपहर दो बजे तक आप तक अहम ख़बरें पहुंचाऊंगा.

    कल के लाइव पेज की ख़बरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें.

    हमारे पेज पर मौजूद कुछ अहम ख़बरों को पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक्स पर क्लिक करें.