You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.

Take me to the main website

यूपी में सपा की बड़ी जीत पर अखिलेश यादव क्या बोले?

मतगणना वाले दिन सुबह से रात तक क्या कुछ हुआ. कौन से प्रमुख चेहरे कहां से जीते, कौन कहां से हारा और जीत के बाद बीजेपी, कांग्रेस नेताओं ने क्या कुछ कहा. पढ़िए सारे अपडेट्स एक जगह.

सारांश

  • लोकसभा चुनाव 2024: एनडीए ने पार किया बहुमत का आंकड़ा, इंडिया गठबंधन भी 230 सीटों के पार.
  • नरेंद्र मोदी बोले- हमारे विरोधी एकजुट होकर भी उतनी सीटें जीत नहीं पाए, जितनी अकेले बीजेपी ने जीती हैं.
  • राहुल गांधी बोले- चुनाव ने कह दिया है कि नरेंद्र मोदी हम आपको नहीं चाहते हैं, शाह को नहीं चाहते हैं.
  • सपा की जीत पर अखिलेश यादव बोले- यूपी की जागरूक जनता ने देश को एक बार फिर से नई राह दिखायी है
  • राहुल गांधी रायबरेली, वायनाड सीट से जीते. नरेंद्र मोदी वाराणसी और अमित शाह गांधी नगर सीट से जीते.

लाइव कवरेज

प्रवीण, विकास, अभिनव

  1. स्मृति इरानी से एक लाख वोटों से आगे चल रहे किशोरी लाल शर्मा क्या बोले?

    अमेठी सीट पर कांग्रेस के किशोरी लाल शर्मा बीजेपी की स्मृति इरानी से एक लाख 18 हज़ार वोटों से आगे चल रहे हैं.

    इस बारे में किशोरी लाल शर्मा ने समाचार एजेंसी एएनआई से कहा, "अमेठी की जीत गांधी परिवार और यहां की जनता की जीत है. अभी गिनती चल रही है, तो मैं इसे जीत नहीं कहूंगा."

    वो बोले, "मैं चुनाव नहीं लड़ा. यहां की जनता चुनाव लड़ी है. प्रियंका, राहुल जी और खड़गे जी यहां आए. ये सारा उनका किया हुआ है. मैंने यहां की जनता को हमेशा धन्यवाद दिया है. पूरी गिनती हो जाए तो मैं बात करूंगा."

  2. पश्चिम बंगाल में टीएमसी को भारी बढ़त, कार्यकर्ता मना रहे हैं जश्न

  3. कांग्रेस के चरणजीत सिंह चन्नी ने पंजाब के जालंधर से जीत दर्ज की

    पंजाब की जालंधर लोकसभा सीट पर राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी ने जीत दर्ज की है.

    कांग्रेस नेता चरणजीत सिंह चन्नी ने इस सीट पर बीजेपी के सुशील कुमार रिंकू को 1 लाख 75 हजार 993 वोट से हराया है.

    चन्नी को 3 लाख 90 हजार 53 वोट मिले हैं. 1999 से लेकर 2019 तक इस सीट पर कांग्रेस का दबदबा रहा है लेकिन पिछले चुनाव में आम आदमी पार्टी ने यहां से जीत दर्ज की थी.

    पंजाब में कुल 13 लोकसभा सीटें हैं. चन्नी की जीत के बाद बची 12 सीटों में से 6 पर कांग्रेस, 3 पर आम आदमी पार्टी और एक पर शिरोमणि अकाली दल और दो पर निर्दलीय बढ़त बनाए हुए हैं.

  4. अब तक इस सीट पर मतदाताओं ने नोटा बटन सबसे ज़्यादा दबाया

    मध्य प्रदेश की इंदौर सीट पर मतदाताओं के सबसे ज़्यादा नोटा बटन दबाने की ख़बर सामने आ रही है.

    दोपहर ढाई बजे तक सामने आए आंकड़ों के मुताबिक़, दो लाख से ज़्यादा मतदाताओं ने इस सीट पर नोटा बटन दबाया. इस सीट पर नोटा दूसरे नंबर पर है.

    इस सीट पर बीजेपी उम्मीदवार शंकर लालवानी को अब तक 11 लाख 83 हज़ार से ज़्यादा वोट मिले हैं.

    शंकर लाल से पीछे बसपा उम्मीदवार संजय हैं. अब तक संजय को करीब 49 हज़ार वोट मिले हैं.

    संजय बीजेपी उम्मीदवार शंकर से क़रीब 11 लाख वोटों से पीछे चल रहे हैं.

    इंदौर वही सीट है, जहां से कांग्रेस उम्मीदवार अक्षय कांति बम ने अपना नामांकन वापस से लिया था.

    इस फैसले के बाद अक्षय बम बीजेपी नेता कैलाश विजयवर्गीय के साथ दिखे थे. बाद में अक्षय बीजेपी में शामिल हो गए थे.

  5. अमेठी में किशोरी लाल स्मृति इरानी से आगे, प्रियंका गांधी ने दी पहली प्रतिक्रिया

    यूपी की अमेठी सीट पर कांग्रेस उम्मीदवार किशोरी लाल शर्मा 90 हज़ार वोटों से आगे चल रहे हैं. ये आंकड़ा दोपहर 2.20 तक का है.

    बीजेपी उम्मीदवार और मौजूदा सांसद स्मृति इरानी काफी पीछे चल रही हैं.

    किशोरी लाल के जीत के करीब पहुंचने पर प्रियंका गांधी ने ट्वीट किया है.

    प्रियंका गांधी ने लिखा,''किशोरी भैया, मुझे कभी कोई शक नहीं था, मुझे शुरू से यक़ीन था कि आप जीतोगे. आपको और अमेठी के मेरे प्यारे भाइयों और बहनों को हार्दिक बधाई.''

    अमेठी गांधी परिवार की सीट मानी जाती रही है.

    2019 में बीजेपी की स्मृति इरानी ने राहुल गांधी को इस सीट पर हराया था.

    इसके बाद 2024 चुनावों में कांग्रेस ने पार्टी के पुराने कार्यकर्ता और नेता किशोरी लाल शर्मा को इस सीट पर उतारा था.

    हालांकि उम्मीदवार के नाम का एलान होने से पहले ये कहा जा रहा था कि प्रियंका गांधी को इस सीट से उतारा जा सकता है.

    मगर ऐसा नहीं हुआ था.

    2004 से 2019 तक अमेठी सीट से राहुल गांधी जीतते आए थे. 2019 में राहुल अमेठी के अलावा वायनाड से भी चुनावी मैदान में थे.

    राहुल इस बार वायनाड के अलावा रायबरेली से भी चुनावी मैदान में हैं. राहुल दोनों ही सीटों पर काफी आगे चल रहे हैं.

  6. उत्तर प्रदेश: चंद्रशेखर आज़ाद करीब 94 हज़ार वोट से आगे

    उत्तर प्रदेश की नगीना लोकसभा सीट से आजाद समाज पार्टी (कांशी राम) के चंद्रशेखर आगे चल रहे हैं.

    भारतीय निर्वाचन आयोग की वेबसाइट के मुताबिक़ दोपहर 1 बजकर 45 मिनट तक चंद्रशेखर को करीब 94 हजार वोट की बढ़त है.

    भारतीय जनता पार्टी के ओम कुमार दूसरे नंबर पर चल रहे हैं.

    चंद्रशेखर को 3 लाख 60 हजार वोट मिल चुके हैं.

    समाजवादी पार्टी के मनोज कुमार 83 हजार वोट के साथ तीसरे नंबर पर हैं.

    उत्तर प्रदेश की 80 सीटों की बात करें तो समाजवादी पार्टी 37, बीजेपी 32 और कांग्रेस 8 सीटों पर आगे चल रही है.

  7. कर्नाटक में विधानसभा और लोकसभा में अलग-अलग दलों को चुनने की परंपरा कायम रहने के संकेत, इमरान क़ुरैशी, बेंगलुरु से, बीबीसी हिंदी के लिए

    दक्षिण भारत के राज्य कर्नाटक में लोकसभा चुनाव में राज्य की सत्ताधारी पार्टी से अलग दल को चुनने की परंपरा जारी रहने के संकेत मिल रहे हैं.

    हालांकि शुरुआती रुझानों में बीजेपी को हालांकि नुकसान हो रहा है. बीजेपी कर्नाटक की 28 में से 16 सीटों पर आगे है. वहीं कांग्रेस 10 सीटों पर बढ़त बनाए हुए है. बीजेपी की सहयोगी जेडीएस दो सीटों पर आगे चल रही है.

    कर्नाटक के मतदाताओं ने 1984 में केंद्र में राजीव गांधी की सरकार को प्राथमिकता दी थी. लेकिन तीन महीने बाद हुए विधानसभा चुनाव में जनता पार्टी के रामकृष्ण हेगड़े सरकार बनाने में कामयाब रहे.

    लेकिन इस बार प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष डीके शिवकुमार के भाई डीके सुरेश बीजेपी उम्मीदवार मंजूनाथ से पीछे चल रहे हैं.

    मंजूनाथ की बढ़त से कांग्रेस के राज्य में कम से कम 15 लोकसभा सीट जीतने के अनुमान को झटका लगा है.

    कांग्रेस ने पिछले साल विधानसभा चुनाव में पांच गारंटी का वादा करके जीत हासिल की थी. कांग्रेस को उम्मीद थी वो इन वादों को पूरा करने के आसरे लोकसभा चुनाव में भी जीत दर्ज करेगी.

    विधानसभा चुनाव की बात करें तो राज्य की 224 विधानसभा सीटों में से 135 सीटों पर कांग्रेस और बीजेपी को 63 सीटों पर जीत मिली थी.

    2019 के लोकसभा चुनाव में बीजेपी राज्य की 28 में से 25 सीटें जीतने में कामयाब रही थी, वहीं कांग्रेस को महज एक सीट पर ही जीत मिली थी.

    हासन लोकसभा सीट से जेडीएस के प्रज्वल रेवन्ना करीब 50 हजार वोटों से पीछे चल रहे हैं. प्रज्वल रेवन्ना पर महिलाओं के साथ कथित उत्पीड़न के आरोप लगे हैं. हासन सीट पर कांग्रेस के श्रेयस पाटिल 50 हजार वोट से आगे चल रहे हैं.

  8. मणिपुर की दोनों लोकसभा सीटों पर कांग्रेस आगे, बाकी उत्तर-पूर्वी राज्यों में इन दलों को बढ़त

    भारतीय निर्वाचन आयोग की वेबसाइट के मुताबिक़ मणिपुर की दोनों लोकसभा सीटों पर कांग्रेस आगे चल रही है.

    असम की 9 सीटों पर बीजेपी आगे है जबकि 3 पर कांग्रेस आगे है. यहां की डिब्रूगढ़ सीट से बीजेपी के सर्बानंद सोनोवाल एक लाख 40 हज़ार वोटों से आगे चल रहे हैं.

    वहीं धुबरी से कांग्रेस के रकिबुल हसन तीन लाख से अधिक वोटों से एआईयूडीएफ के बदरुद्दीन अजमल से आगे हैं. जोरहाट से कांग्रेस के गौरव गोगोई बीजेपी के तपन कुमार गोगोई से 73 हज़ार मतों से आगे हैं.

    मेघालय की दो सीटों में से एक शिलॉन्ग सीट पर वॉयस ऑफ़ पीपल पार्टी के डॉक्टर रिकी एन्ड्रू सिंगकोन तीन लाख 40 हज़ार वोटों से आगे हैं. वहीं तुरा सीट से कांग्रेस के सालेंग संगमा डेढ़ लाख वोटों से नेशनल पीपल्स पार्टी के अगाथा संगमा से आगे चल रहे हैं.

    अरुणाचल प्रदेश की दोनों सीटों पर बीजेपी आगे है. बीजेपी के किरण रिजिजू कांग्रेस के नाबाम तुकी से 86 हज़ार मतों से आगे हैं.

    त्रिपुरा की दोनों सीटों पर बीजेपी आगे है. यहां की त्रिपुरा ईस्ट पर कीर्ति देवी देव बर्मन और त्रिपुरा वेस्ट से बिप्लब कुमार देब चार लाख 50 हज़ार से अधिक वोटों से आगे चल रहे हैं.

    मिज़ोरम की एकमात्र सीट पर ज़ोरम पीपल्स मूवमेन्ट के रिचर्ड वनलालमनगाहिया 66 हज़ार वोटों की बढ़त लिए हुए हैं.

    वहीं नागालैंड की एक मात्र सीट पर कांग्रेस के सुपोन्गमेरेन जामिर अपने प्रतिद्वंद्वी से 49 हज़ार वोटों से आगे हैं.

  9. फैजाबाद (अयोध्या) में कांटे की टक्कर, सपा के अवधेश प्रसाद आगे

    उत्तर प्रदेश की फैजाबाद लोकसभा सीट के रुझान में समाजवादी पार्टी के उम्मीदवार अवधेश प्रसाद 2224 वोट से आगे चल रहे हैं.

    इस सीट पर भारतीय जनता पार्टी के उम्मीदवार लल्लू सिंह पीछे चल रहे हैं.

    चुनाव आयोग के मुताबिक दोपहर 1 बजकर 15 मिनट तक उत्तर प्रदेश में समाजवादी पार्टी 36 पर, बीजेपी 34 पर, कांग्रेस 7, आरएलडी 2 और एक सीट पर अन्य को बढ़त मिली हुई है.

    2019 लोकसभा चुनाव में बीजेपी ने उत्तर प्रदेश की कुल 80 में से 62 सीटों पर जीत दर्ज की थी.

  10. आप मुख्यालय में पसरा सन्नाटा, दिल्ली की सभी सात सीटों पर बीजेपी आगे, जुगल किशोर, बीबीसी हिंदी के लिए

  11. आजमगढ़ से दिनेश लाल निरहुआ पीछे, बाकी फिल्मी सितारों का ऐसा है हाल

    उत्तर प्रदेश की आजमगढ़ लोकसभा सीट से बीजेपी उम्मीदवार और भोजपुरी फिल्मों के स्टार दिनेश लाल निरहुआ पीछे चल रहे हैं.

    भारतीय निर्वाचन आयोग की वेबसाइट के मुताबिक़ आजमगढ़ लोकसभा सीट से धर्मेंद्र यादव को करीब एक लाख वोट मिल चुके हैं. वहीं निरहुआ को 54,300 वोट मिले हैं और वे करीब 45 हजार वोट से पीछे चल रहे हैं.

    उत्तर प्रदेश की गोरखपुर लोकसभा सीट से बीजेपी उम्मीदवार रवि किशन करीब 28 हजार वोट से आगे चल रहे हैं.

    वहीं हिमाचल प्रदेश की मंडी लोकसभा सीट से फिल्म अभिनेत्री कंगना रनौत करीब 54 हज़ार वोट से आगे चल रही हैं. इस सीट पर कांग्रेस उम्मीदवार विक्रमादित्य दूसरे नंबर पर हैं.

    बिहार की काराकाट लोकसभा सीट से निर्दलीय उम्मीदवार पवन सिंह तीसरे नंबर पर चल रहे हैं. काराकाट से सीपीआई (एमएल) के राजा राम सिंह बढ़त बनाए हुए हैं. आएलपी के उपेंद्र कुशवाहा दूसरे नंबर पर हैं और वो करीब 25 हजार वोट से पीछे चल रहे हैं.

    पश्चिम बंगाल की आसनसोल लोकसभा सीट से टीएमसी उम्मीदवार शत्रुघन सिन्हा करीब 32 हजार वोटों से आगे चल रहे हैं. इस सीट पर सुरेंद्रजीत सिंह दूसरे नंबर पर हैं.

    गुड़गांव लोकसभा सीट से कांग्रेस उम्मीदवार राज बब्बर करीब 35 हजार वोट से आगे चल रहे हैं. इस सीट पर बीजेपी के राव इंद्रजीत सिंह दूसरे नंबर पर हैं.

    ये सभी आंकड़े चुनाव आयोग की वेबसाइट के मुताबिक़ दोपहर 12.30 बजे तक के हैं.

  12. ओडिशा में बीजेपी को भारी बढ़त, सत्तारूढ़ बीजेडी बुरी तरह पिछड़ी

  13. हैदराबाद से आगे चल रहे हैं ओवैसी, बीजेपी की माधवी लता करीब 60 हजार वोट से पीछे

    हैदराबाद लोकसभा सीट से एआईएमआईएम के प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी आगे चल रहे हैं.

    भारतीय निर्वाचन आयोग की वेबसाइट के मुताबिक़ दोपहर 12 बजे तक ओवैसी को 2,35,730 वोट मिले हैं.

    भारतीय जनता पार्टी की माधवी लता को 1,75,910 वोट मिले हैं.

    ओवैसी इस सीट से करीब 60 हजार वोट से आगे चल रहे हैं.

    ओवैसी 2004 सीट से हैदराबाद लोकसभा सीट से सांसद हैं.

    तेलंगाना की 17 सीटों की बात करें तो बीजेपी को 8 सीटों पर बढ़त है. राज्य की सत्ताधारी कांग्रेस 8 सीटों पर आगे चल रही है. एआईएमआईएम को एक सीट पर बढ़त मिली हुई है. बीआरएस को एक भी सीट पर बढ़त नहीं मिली है.

  14. पंजाब: खडूर साहिब सीट से आगे चल रहे हैं अमृतपाल सिंह, करीब 63 हजार वोट की बढ़त

    पंजाब में खडूर साहिब लोकसभा सीट से निर्दलीय उम्मीदवार अमृतपाल सिंह आगे चल रहे हैं.

    भारतीय निर्वाचन आयोग की वेबसाइट्स के मुताबिक़ 11 बजकर 20 मिनट तक अमृतपाल सिंह को 1,53,589 वोट मिले हैं.

    कांग्रेस के कुलबीर सिंह जीरा दूसरे नंबर पर हैं और उन्हें 89,654 वोट मिले हैं.

    चुनाव आयोग के मुताबिक़ अमृतपाल सिंह करीब 63 हज़ार वोट से बढ़त बनाए हुए हैं.

    अमृतपाल सिंह ने जेल से चुनाव लड़ा है.

    पंजाब की 13 सीटों की बात करें तो कांग्रेस को 6 सीटों पर बढ़त है, जबकि आम आदमी पार्टी तीन सीटों पर आगे चल रही है.

    शिरोमणि अकाली दल दो सीटों पर आगे है, जबकि दो सीटों पर निर्दलीय उम्मीदवार आगे हैं.

  15. बेगूसराय सीट से पीछे चल रहे हैं गिरिराज सिंह, सीपीआई के अवधेश कुमार आगे

    बिहार की बेगूसराय लोकसभा सीट से केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह पीछे चल रहे हैं.

    भारतीय निर्वाचन आयोग की वेबसाइट के मुताबिक़ बेगूसराय लोकसभा सीट से सीपीआई के अवधेश कुमार रॉय करीब दो हजार वोट से आगे चल रहे हैं.

    11 बजकर 40 मिनट तक अवधेश कुमार रॉय को 1,42,784 वोट मिले हैं, जबकि गिरिराज सिंह को 1,40,618 वोट मिले हैं.

    तीसरे नंबर पर निर्दलीय उम्मीदवार इंद्रजीत रॉय हैं. उन्हें करीब तीन हज़ार वोट मिले हैं.

    बिहार की 40 लोकसभा सीटों में से जेडीयू 14 सीटों पर आगे चल रही है, जबकि बीजेपी को 11 सीटों पर बढ़त है.

    आरजेडी को पांच सीटों पर बढ़त मिली हुई है. लेफ्ट पार्टियां तीन सीटों पर आगे हैं, जबकि कांग्रेस को भी एक सीट पर बढ़त है.

  16. तस्वीरों में देखिए: 90 से अधिक सीटों पर बढ़त के बाद कांग्रेस मुख्यालय में ख़ुशी की लहर, कीर्ति दुबे, बीबीसी संवाददाता

  17. मनोज तिवारी ने कन्हैया कुमार को पीछे छोड़ा, दिल्ली की सभी सात लोकसभा सीटों के रुझान

    लोकसभा चुनाव 2024 की मतगणना के शुरुआती रुझानों में दिल्ली की सभी सातों सीटों पर बीजेपी आगे चल रही है.

    चुनाव आयोग के मुताबिक़ चांदनी चौक से बीजेपी के प्रवीण खंडेलवाल ने कांग्रेस के जयप्रकाश अग्रवाल को पीछे छोड़ दिया है. वे इस सीट पर 3895 वोट से आगे चल रहे हैं.

    ईस्ट दिल्ली से बीजेपी के हरीश मल्होत्रा 12263 वोट से आगे चल रहे हैं. आम आदमी पार्टी के उम्मीदवार कुलदीप कुमार पीछे चल रहे हैं.

    नई दिल्ली से बीजेपी की बांसुरी स्वराज ने आम आदमी पार्टी के सोमनाथ भारती को पीछे छोड़ दिया है. वे 18480 वोट से आगे चल रही हैं.

    नॉर्थ ईस्ट दिल्ली से बीजेपी के मनोज तिवारी इस सीट पर कांग्रेस उम्मीदवार कन्हैया कुमार से आगे चल रहे हैं. फिलहाल ये अंतर 41579 वोट का है.

    नॉर्थ वेस्ट दिल्ली से बीजेपी के योगेंद्र चंदोलिया 65344 वोट से आगे चल रहे हैं. इस सीट पर कांग्रेस की तरफ से उदित राज उम्मीदवार हैं.

    साउथ दिल्ली से बीजेपी के रामवीर सिंह बिधुड़ी और आम आदमी पार्टी के साही राम चुनाव लड़ रहे हैं. फिलहाल रामवीर सिंह बिधुड़ी 20206 वोट से आगे चल रहे हैं.

    वेस्ट दिल्ली से बीजेपी की कमलजीत सेहरावत ने आम आदमी पार्टी के महाबल मिश्रा को पीछे छोड़ दिया है. वे 38397 वोट से आगे चल रही हैं.

  18. अमेठी से पीछे चल रही हैं केंद्रीय मंत्री स्मृति इरानी, कांग्रेस के किशोरी लाल शर्मा आगे

    उत्तर प्रदेश की अमेठी लोकसभा सीट पर केंद्रीय मंत्री स्मृति इरानी पीछे चल रही हैं.

    भारतीय निर्वाचन आयोग की वेबसाइट के मुताबिक़ सुबह 11 बजकर 10 मिनट तक स्मृति इरानी को 63 हजार 652 वोट मिले हैं.

    वहीं कांग्रेस के किशोरी लाल शर्मा को 90 हजार 747 वोट मिले हैं. किशोरी लाल शर्मा को 27094 वोट से बढ़त मिली हुई है.

    2019 के लोकसभा चुनाव में स्मृति इरानी ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी को हराया था. हालांकि इस बार कांग्रेस ने राहुल गांधी की जगह किशोरी लाल शर्मा को उम्मीदवार बनाया है.

    लोकसभा चुनाव 2024 के रुझान

    एनडीए- 295

    इंडिया गठबंधन- 199

    अन्य- 32

  19. अनंतनाग-राजौरी लोकसभा सीट से महबूबा मुफ्ती पीछे, बारामूला से उमर अब्दुल्लाह पिछड़े

    भारतीय निर्वाचन आयोग की वेबसाइट के मुताबिक़ सुबह 11 बजे तक जम्मू-कश्मीर की अनंतनाग-राजौरी लोकसभा सीट से पीडीपी की नेता महबूबा मुफ्ती करीब एक लाख वोट से पीछे चल रही हैं.

    अनंतनाग-राजौरी लोकसभा सीट से नेशनल कॉन्फ्रेंस के मईन अलताफ अहमद आगे चल रहे हैं.

    बारामूला सीट से नेशनल कॉन्फ्रेंस के नेता उमर अब्दुल्लाह सुबह 11 बजे तक करीब 46 हज़ार वोट से पीछे चल रहे हैं. इस सीट से निर्दलीय अब्दुल रशीद शेख आगे चल रहे हैं.

    जम्मू-कश्मीर की पांच सीटों की बात करें तो दो सीटों पर नेशनल कॉन्फ्रेंस आगे है. दो सीटों पर बीजेपी को बढ़त मिली है, जबकि एक सीट पर निर्दलीय आगे चल रहे हैं. बीजेपी ने कश्मीर की तीनों सीटों पर अपने उम्मीदवार नहीं उतारे हैं.

  20. राजस्थान: बीजेपी को 13 सीटों पर बढ़त, इंडिया गठबंधन 12 सीटों पर आगे

    भारतीय निर्वाचन आयोग की वेबसाइट के मुताबिक़ राजस्थान की सभी 25 लोकसभा सीटों के शुरुआती रुझान सामने आ गए हैं.

    शुरुआती रुझानों में बीजेपी 13 सीटों पर आगे चल रही है. वहीं कांग्रेस को 9 सीटों पर बढ़त मिली है.

    कांग्रेस की सहयोगी सीपीआई (एम) , राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी(आरएलटीपी) और बीएपी एक-एक सीटों पर आगे चल रही है.

    पिछले लोकसभा चुनाव में बीजेपी को 25 में से 24 सीटों पर जीत मिली थी. वहीं आरएलटीपी को सिर्फ एक सीट पर जीत मिली थी.