You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.

Take me to the main website

ट्रंप-ज़ेलेंस्की की मुलाक़ात से पहले स्टीव विटकॉफ ने ये बताया

अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर ज़ेलेंस्की सोमवार को बैठक करने वाले हैं. इस बैठक से पहले ट्रंप के विशेष दूत स्टीव विटकॉफ ने सीएनएन को दिए इंटरव्यू में अलास्का में रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के साथ हुई मुलाकात के बारे में जानकारी दी.

सारांश

लाइव कवरेज

आनंद मणि त्रिपाठी और सुरभि गुप्ता

  1. जम्मू कश्मीर: कठुआ में बादल फटने से चार लोगों की मौत

    केंद्रीय मंत्री डॉक्टर जितेंद्र सिंह ने एक्स पर पोस्ट कर जानकारी दी है कि कठुआ में बादल फटने की घटना में चार लोगों की जान गई है.

    उन्होंने सोशल मीडिया पर लिखा है, "जंगलोट क्षेत्र में बादल फटने के बाद हुए हादसे में चार लोगों की मौत हो गई है. इससे रेलवे ट्रैक और राष्ट्रीय राजमार्ग को भी नुक़सान पहुंचा है."

    उन्होंने लिखा है, "सूचना मिलने के बाद मैंने एसएसपी कठुआ शोभित सक्सेना से बात की है. नागरिक प्रशासन, सेना और अर्धसैनिक बल तुरंत कार्रवाई में जुट गए हैं."

    डॉक्टर जितेंद्र सिंह ने मृतकों के परिवारों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए कहा है कि स्थिति पर लगातार नज़र रखी जा रही है.

    इससे पहले 14 अगस्त को किश्तवाड़ के चाशोटी इलाक़े में बादल फटने के बाद हुए हादसे में 60 लोगों के शव मिले थे.

  2. एनसीईआरटी की किताब में 'बंटवारे पर चैप्टर' को लेकर सियासत तेज़, क्या बोले ओवैसी

    राष्ट्रीय शैक्षिक अनुसंधान और प्रशिक्षण परिषद (एनसीईआरटी) की किताब के एक चैप्टर में देश के बंटवारे को लेकर दी गई जानकारी पर सियासत तेज़ हो गई है.

    चैप्टर में कांग्रेस को बंटवारे का 'एक कारण' बताया गया है जिसका कांग्रेस ने तीखा विरोध किया है.

    वहीं इसके लिए एक और कारण जिन्ना को बताया गया है, जिस पर एआईएमआईएम प्रमुख ने सवाल उठाया है. उन्होंने पूछा है कि बंटवारे के लिए किसी वर्ग विशेष के लोग कैसे ज़िम्मेदार हैं.

    बंटवारे को लेकर जारी इस स्पेशल मॉड्यूल में बंटवारे के तीन मुख्य कारण बताए गए हैं...

    • पहला, जिन्ना जिन्होंने इसकी मांग की
    • दूसरा, कांग्रेस जिसने इसे स्वीकार किया
    • और तीसरा, माउंटबेटन जिन्होंने इसे अमली जामा पहनाया

    कांग्रेस और विपक्ष ने इसे इतिहास को 'तोड़-मरोड़' कर पेश करने और 'पक्षपातपूर्ण चित्रण' करने का आरोप लगाया है.

    कांग्रेस के प्रवक्ता पवन खेड़ा ने प्रतिक्रिया देते हुए कहा, "आग लगा दीजिए इस किताब को. असली हकीकत यह है कि हिंदू महासभा और मुस्लिम लीग की मिलीभगत से ही देश का विभाजन हुआ."

    वहीं बीजेपी का तर्क है कि छात्रों को इतिहास की सच्चाई से अवगत होना चाहिए.

    बीजेपी प्रवक्ता गौरव भाटिया ने कहा,"जिन्ना और राहुल, इनकी सोच एक जैसी है. धर्म के आधार पर अखंड भारत को बांटा गया."

    एआईएमआईएम प्रमुख और हैदराबाद से सांसद असदुद्दीन ओवैसी ने भी इस पर तीखी प्रतिक्रिया दी है.

    उन्होंने कहा, "एनसीईआरटी में शम्सुल इस्लाम की 'मुस्लिम अगेंस्ट पार्टीशन' किताब शामिल की जानी चाहिए, जिससे बार-बार फैलाए जाने वाले झूठ को सुधारा जा सके."

    "उस समय केवल दो से तीन फ़ीसदी मुस्लिमों को वोट देने का अधिकार था. क़रीब 19 फ़ीसदी मुसलमान अपनी ज़रूरत की चीजें तक जुटा नहीं सकते थे."

    ओवैसी ने कहा,"बंटवारे के लिए मुस्लिम कैसे ज़िम्मेदार हैं? जो भाग गए वो भाग गए. जो वफ़ादार थे, वो ठहर गए."

  3. राहुल गांधी आज से बिहार में शुरू करेंगे 'वोटर अधिकार यात्रा'

    कांग्रेस सांसद और लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी 17 अगस्त को बिहार के सासाराम से 'वोटर अधिकार यात्रा' शुरू करेंगे.

    यह यात्रा बिहार में चुनाव आयोग की विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) प्रक्रिया के विरोध में निकाली जा रही है.

    कांग्रेस के मीडिया और पब्लिसिटी विभाग के चेयरमैन पवन खेड़ा ने बताया है कि यात्रा में आरजेडी के वरिष्ठ नेता तेजस्वी यादव सहित इंडिया ब्लॉक के कई और नेता भी शामिल होंगे.

    यात्रा शुरू होने से पहले राहुल गांधी ने एक्स पर लिखा, "चोरी चोरी, चुपके चुपके…अब और नहीं, जनता जाग गई है."

    राहुल गांधी ने एक्स पर लिखा कि अगले 16 दिनों में वह 20 से अधिक ज़िलों में 1300 किलोमीटर से अधिक की यात्रा करेंगे.

    उन्होंने लिखा है, "हम वोटर अधिकार यात्रा लेकर जनता के बीच आ रहे हैं. यह सबसे बुनियादी लोकतांत्रिक अधिकार- ‘एक व्यक्ति, एक वोट’ की रक्षा की लड़ाई है. संविधान को बचाने के लिए बिहार में हमारे साथ जुड़िए."

    वहीं पवन खेड़ा ने एक्स पर लिखा है, " ‘एक व्यक्ति-एक वोट’ के अधिकार की लड़ाई के लिए निकाली जा रही इस यात्रा का समापन एक सितंबर को पटना में एक रैली के साथ होगा."

    पवन खेड़ा ने कहा, "आज़ाद भारत में आज़ादी से सांस लेना इसलिए संभव है, क्योंकि हमारे पास वोट करने की ताकत है."

  4. अमेरिका ने ग़ज़ा के लोगों के लिए विज़िटर वीज़ा स्थगित किया, ये बताई वजह

    अमेरिकी विदेश मंत्रालय ने घोषणा की है कि वह ग़ज़ा से आने वाले लोगों के लिए सभी विज़िटर वीज़ा स्थगित कर रहा है.

    मंत्रालय का कहना है कि "हाल के दिनों में अस्थायी इलाज और मानवीय आधार पर कुछ वीज़ा जारी करने की ज़रूरी प्रक्रिया की गहन समीक्षा" के लिए ये रोक लगाई गई है.

    कुछ फ़लस्तीनी अधिकार समूहों ने अमेरिका के इस निर्णय की निंदा की है.

    फ़लस्तीनी चिल्ड्रन रीलिफ़ फंड ने एक बयान जारी कर कहा है कि इस निर्णय से "घायल और गंभीर रूप से बीमार बच्चों को इलाज के लिए ग़ज़ा से अमेरिका लाने की हमारी क्षमता पर गंभीर प्रभाव पड़ेगा."

    अमेरिकी विदेश मंत्रालय की नीति में यह बदलाव तब आया है जब धुर दक्षिणपंथी एक्टिविस्ट लॉरा लूमर ने एक्स पर कई पोस्ट लिखकर वीज़ा कार्यक्रम की आलोचना की थी. उन्होंने ट्रंप प्रशासन से "इसे बंद करने" का आग्रह किया था.

    फ़लस्तीनी चिल्ड्रन रीलिफ़ फंड का कहना है कि अपने विदेश उपचार कार्यक्रम के तहत उसने 2024 में ग़ज़ा से 169 बच्चों को निकाला है. इन बच्चों को इलाज के लिए मध्य पूर्व, यूरोप, दक्षिण अफ्रीका और अमेरिका ले जाया गया.

    7 अक्तूबर 2023 को इसराइल पर हमास के हमले के बाद क़रीब दो साल से चल रहे युद्ध में ग़ज़ा के अधिकांश अस्पताल नष्ट हो चुके हैं. यहां लोगों को खाने की भारी कमी का सामना करना पड़ रहा है.

  5. नमस्कार!

    बीबीसी हिंदी के लाइव पेज पर आपका स्वागत है.

    मैं बीबीसी संवाददाता आनंद मणि त्रिपाठी अब से दोपहर दो बजे तक आप तक अहम ख़बरें पहुंचाऊंगा.

    कल के लाइव पेज की ख़बरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें.

    हमारे होम पेज पर मौजूद कुछ अहम ख़बरों को पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक्स पर क्लिक करें.