You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.

Take me to the main website

ट्रंप-पुतिन की बैठक को लेकर दुनिया भर के नेताओं की ओर से आए ये बयान

अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन की शुक्रवार को अलास्का में बैठक हुई. ट्रंप ने कहा है कि यह बैठक "बहुत अच्छी" रही. वहीं दुनिया भर के नेताओं ने ट्रंप-पुतिन की इस मुलाक़ात पर प्रतिक्रिया दी है.

सारांश

लाइव कवरेज

आनंद मणि त्रिपाठी

  1. अब इस लाइव पेज को विराम देने का वक़्त आ गया है. बीबीसी संवाददाता सुरभि गुप्ता को दीजिए इजाज़त.

    कल हम बीबीसी लाइव पेज के ज़रिए दिन भर की बड़ी ख़बरों को लेकर फिर हाज़िर होंगे.

    फ़िलहाल, हमारे होम पेज पर मौजूद कुछ अहम ख़बरों को पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक्स पर क्लिक करें.

  2. ट्रंप-पुतिन की बैठक को लेकर दुनिया भर के नेताओं की ओर से आए ये बयान

    अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन की शुक्रवार को अलास्का में बैठक हुई.

    ट्रंप ने कहा है कि यह बैठक "बहुत अच्छी" रही. वहीं दुनिया भर के नेताओं ने ट्रंप-पुतिन की इस मुलाक़ात पर प्रतिक्रिया दी है.

    जर्मनी के चांसलर फ़्रेडरिक मर्ज़ ने "स्थायी शांति" के लिए ट्रंप के प्रयासों की तारीफ़ की. उन्होंने यह भी कहा कि यूक्रेन जर्मनी पर भरोसा कर सकता है.

    पोलैंड के प्रधानमंत्री डोनाल्ड टस्क ने कहा कि "यूक्रेन के भविष्य, पोलैंड की सुरक्षा और पूरे यूरोप के लिए मौजूदा हालात निर्णायक दौर में प्रवेश कर चुके हैं" और पुतिन ने "एक बार फिर ख़ुद को चालाक और निर्दयी खिलाड़ी साबित किया है."

    नीदरलैंड्स के प्रधानमंत्री डिक शूफ़ ने कहा कि वह यूक्रेन को "सैन्य, वित्तीय और राजनीतिक समर्थन" देना जारी रखेंगे और रूस पर "कड़े प्रतिबंधों" से दबाव बनाएंगे.

    यूरोपीय संघ की विदेश नीति प्रमुख काया कल्लास ने कहा कि पुतिन का "निकट भविष्य में इस युद्ध को समाप्त करने का कोई इरादा नहीं है" और वह "वार्ताओं को लंबा खींचते जा रहे हैं और उम्मीद कर रहे हैं कि वे इससे बच निकलेंगे."

    भारत ने ट्रंप और पुतिन की अलास्का में हुई बैठक का स्वागत किया है.

    भारत के विदेश मंत्रालय ने कहा, "भारत अलास्का में अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के बीच शिखर बैठक का स्वागत करता है. शांति की दिशा में उनका नेतृत्व अत्यंत सराहनीय है."

  3. पाकिस्तान: बारिश, बाढ़ और भूस्खलन में कम से कम 324 लोगों की मौत

    न्यूज़ एजेंसी एएफ़पी ने अधिकारियों के हवाले से बताया है कि पाकिस्तान के ख़ैबर पख़्तूनख़्वाह में भारी बारिश और बाढ़ के कारण पिछले 48 घंटों में कम से कम 324 लोगों की मौत हुई है.

    बादल फटने के कारण अचानक आई बाढ़ और भूस्खलन के कारण कई लोग मलबे में दब गए और कई लोग बाढ़ के पानी में बह गए.

    इस हादसे के बाद से बचाव अभियान चलाया जा रहा है, हालांकि शनिवार को मलबे से शव निकालने के लिए बचावकर्मियों को काफ़ी मेहनत करनी पड़ी.

    अब तक कम से कम 137 लोग घायल बताए जा रहे हैं.

  4. ट्रंप-पुतिन की बैठक के बाद जे़लेंस्की बोले- यूक्रेन पर हमले बढ़ा सकता है रूस

    यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर ज़ेलेंस्की ने आशंका जताई है कि आने वाले दिनों में रूस यूक्रेन पर "हमले बढ़ा सकता" है.

    ज़ेलेंस्की ने एक्स पर पोस्ट किया, "यूक्रेन की राजनीतिक और कूटनीतिक स्थिति के आधार पर ऐसा अनुमान है कि रूसी सेना यूक्रेनी ठिकानों पर दबाव और हमले बढ़ा सकती है."

    उन्होंने कहा कि यूक्रेन रूसी सैनिकों की मूवमेंट और तैयारियों पर नज़र रख रहा है और ज़रूरत पड़ने पर वे जवाबी कार्रवाई करेंगे.

    इससे पहले ज़ेलेंस्की ने अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप से हुई अपनी बातचीत की जानकारी दी थी.

    उन्होंने एक्स पर पोस्ट किया था, "राष्ट्रपति ट्रंप के साथ बातचीत में, मैंने कहा कि अगर त्रिपक्षीय बैठक नहीं होती है या रूस ईमानदारी से युद्ध ख़त्म करने से बचने की कोशिश करता है तो रूस पर प्रतिबंधों को और कड़ा किया जाना चाहिए."

  5. अलास्का में ट्रंप-पुतिन के बीच यूक्रेन की सुरक्षा पर यह बात हुई, जेम्स वाटरहाउस, ब्रसेल्स से बीबीसी के यूक्रेन संवाददाता

    अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन की अलास्का में हुई बैठक का एक मुद्दा यूक्रेन के लिए सुरक्षा गारंटी था.

    यह मुद्दा नेटो के 'कलेक्टिव डिफ़ेंस और आर्टिकल 5' से प्रेरित बताया गया, जिसके मुताबिक़ नेटो के सदस्य उसके सहयोगी देश पर हमला होने की स्थिति में उसकी रक्षा के लिए आगे आएंगे.

    इटली की प्रधानमंत्री जियोर्जिया मेलोनी का दावा है कि यह मूल रूप से इटली का विचार था, जिसे डोनाल्ड ट्रंप ने पुतिन के सामने उठाया.

    इसको ऐसे देखा जा सकता है कि अगर रूस फिर हमला करता है, तो अमेरिका और दूसरे सहयोगी देश यूक्रेन की मदद करेंगे.

  6. पुतिन से मुलाक़ात के बाद ट्रंप के साथ हुई बातचीत के बारे में ज़ेलेंस्की ने बताया

    यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर ज़ेलेंस्की ने अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप से हुई अपनी बातचीत की जानकारी दी है.

    उन्होंने रूस के साथ स्थायी शांति की मांग करते हुए युद्धविराम, यूक्रेनी युद्धबंदियों की रिहाई और लड़ाई जारी रहने तक रूस पर दबाव बनाए रखने का आह्वान किया है.

    ज़ेलेंस्की ने एक्स पर पोस्ट किया, "राष्ट्रपति ट्रंप के साथ बातचीत में, मैंने कहा कि अगर त्रिपक्षीय बैठक नहीं होती है या रूस ईमानदारी से युद्ध ख़त्म करने से बचने की कोशिश करता है तो रूस पर प्रतिबंधों को और कड़ा किया जाना चाहिए."

    उन्होंने लिखा, "यूक्रेन के लिए अहम सभी मुद्दों पर चर्चा यूक्रेन की मौजूदगी में होनी चाहिए. ख़ासकर क्षेत्रों पर अधिकार से जुड़ा कोई भी फ़ैसला यूक्रेन के बिना नहीं लिया जा सकता."

    शुक्रवार को अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने अलास्का में बैठक की थी. इस बैठक के बाद वापस लौटते समय ट्रंप ने यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर ज़ेलेंस्की से बात की थी. ज़ेलेंस्की सोमवार को अमेरिका जाएंगे.

  7. बिहार में कल से विपक्ष की 'वोटर अधिकार यात्रा' यहां से होगी शुरू

    कांग्रेस कल यानी 17 अगस्त से इंडिया गठबंधन के अपने अन्य दलों के साथ बिहार में 'वोटर अधिकार यात्रा' शुरू करेगी. यह यात्रा 16 दिनों तक चलेगी.

    कांग्रेस नेता पवन खेड़ा ने इस यात्रा की जानकारी देते हुए कहा, "17 तारीख़ को बिहार के सासाराम से हमारी वोटर अधिकार यात्रा शुरू होने जा रही है. आज़ाद भारत में आज़ादी से सांस लेना इसीलिए संभव है क्योंकि वोट देना संभव है."

    उन्होंने बीजेपी पर "फ़र्ज़ी तरीके़ से वोट जोड़ने और वोट काटने" का आरोप लगाया.

    पवन खेड़ा ने कहा, "अगर बिहार में एसआईआर (स्पेशल इंटेंसिव रिवीज़न) नहीं शुरू किया जाता, तो शायद इतना कुछ सामने भी नहीं आता, जितना अब सामान्य नागरिक निकाल कर दे रहे हैं. स्थिति ये हो गई कि सुप्रीम कोर्ट को भी हस्तक्षेप करना पड़ा."

    उन्होंने कहा, "षड्यंत्र सिर्फ़ वोट छीनने का नहीं था. षड्यंत्र था हमारी-आपकी पहचान छीनने का... दलित, वंचित, शोषित पीड़ित, अल्पसंख्यक, दिहाड़ी मज़दूर... इन सबकी पहचान छीनने का...आज आप उनका वोट देने का अधिकार छीनोगे. कल सरकारी योजनाओं में उनकी भागीदारी छीन लोगे."

    वहीं इस यात्रा को लेकर तेजस्वी यादव ने कहा, "कल हम सब महागठबंधन के साथी रहेंगे. साथ में, राहुल गांधी भी रहेंगे. हम लोग कई ज़िलों में जाएंगे. हम लोगों की कोशिश है कि लोगों को जागरूक करें ताकि किसी भी मतदाता का नाम न छूटे."

  8. ट्रंप-पुतिन की मुलाक़ात पर भारत ने कहा- 'बातचीत से ही निकल सकता है रास्ता'

    अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन की अलास्का में हुई बैठक का भारत ने स्वागत किया है.

    ट्रंप-पुतिन की मुलाक़ात को लेकर भारत के विदेश मंत्रालय ने एक बयान जारी किया है.

    इसमें कहा गया है, "भारत अलास्का में अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के बीच शिखर बैठक का स्वागत करता है. शांति की दिशा में उनका नेतृत्व अत्यंत सराहनीय है."

    "भारत शिखर बैठक में हुई प्रगति की सराहना करता है. आगे का रास्ता केवल बातचीत और कूटनीति से ही निकल सकता है. दुनिया यूक्रेन में संघर्ष का जल्द से जल्द अंत देखना चाहती है."

  9. पीएम मोदी ने लाल क़िले से की आरएसएस की तारीफ़, ओवैसी बोले- ‘बहुत बड़ी तौहीन हुई है’

    असदुद्दीन ओवैसी ने स्वतंत्रता दिवस के मौक़े पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के भाषण में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) का ज़िक्र किए जाने की निंदा की है.

    ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (एआईएमआईएम) के अध्यक्ष असदुद्दीन ओवैसी ने कहा कि देश के प्रधानमंत्री का 15 अगस्त के दिन लाल क़िले से आरएसएस की तारीफ़ करना "हमारी आज़ादी की जंग की बहुत बड़ी तौहीन" है.

    ओवैसी ने कहा, "आरएसएस और उसके जितने संगठन हैं, उन्होंने आज़ादी की लड़ाई में हिस्सा नहीं लिया था बल्कि वे आज़ादी की लड़ाई लड़ने वाले बड़े-बड़े नेताओं से नफ़रत करते थे."

    उन्होंने कहा, "मेरा मानना है कि आरएसएस हमेशा से सबको साथ लेकर चलने वाले राष्ट्रवाद का विरोध करता रहा है, जिसकी बुनियाद पर देश को अंग्रेज़ों की ग़ुलामी से आज़ाद कराया गया था."

    ओवैसी ने कहा कि प्रधानमंत्री उस संगठन की तारीफ़ कर रहे हैं, जो "इस मुल्क में नफ़रत फैलाता" है.

    उन्होंने कहा, "अफ़सोस है कि प्रधानमंत्री ने इस तरह की बात की है. ये ग़लत है, देश के लिए ठीक नहीं है."

    पीएम मोदी ने आरएसएस पर क्या कहा था?

    स्वतंत्रता दिवस के मौक़े पर अपने 103 मिनट लंबे भाषण में प्रधानमंत्री मोदी ने आरएसएस का ज़िक्र 82वें मिनट में किया.

    उन्होंने कहा, "आज मैं बहुत गर्व के साथ एक बात का ज़िक्र करना चाहता हूं. आज से सौ साल पहले एक संगठन का जन्म हुआ, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ, सौ साल की राष्ट्र की सेवा का एक बहुत ही गौरवपूर्ण स्वर्णिम पृष्ठ है."

    पीएम मोदी ने कहा, "सेवा, समर्पण, संगठन और अप्रतिम अनुशासन इसकी पहचान रही है, ऐसा राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ दुनिया का सबसे बड़ा एनजीओ है एक प्रकार से, सौ साल का उसका समर्पण का इतिहास है."

  10. पुतिन के साथ मुलाक़ात के बाद पहली बार ट्रुथ सोशल पर डोनाल्ड ट्रंप ने यह लिखा

    अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा है कि अलास्का में रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के साथ उनकी बैठक "बहुत अच्छी" रही.

    ट्रंप ने ट्रुथ सोशल पर पोस्ट किया, "अलास्का में एक शानदार और बेहद सफल दिन! रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के साथ बैठक बहुत अच्छी रही, साथ ही यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर ज़ेलेंस्की और नेटो के महासचिव समेत कई यूरोपीय नेताओं के साथ देर रात हुई फ़ोन कॉल भी बहुत अच्छी रही."

    ट्रंप ने अपनी इस पोस्ट में युद्धविराम समझौते की बजाए शांति समझौते पर ज़ोर दिया है.

    उन्होंने लिखा, "सभी ने यह तय किया कि रूस और यूक्रेन के बीच भीषण युद्ध को समाप्त करने का सबसे अच्छा तरीक़ा सीधे शांति समझौते पर पहुंचना है, जिससे युद्ध पूरी तरह समाप्त होगा. केवल युद्ध विराम समझौते अक्सर लंबे समय तक टिक नहीं पाते."

    ट्रंप ने यूक्रेनी राष्ट्रपति ज़ेलेंस्की के सोमवार को अमेरिका आने की जानकारी देते हुए लिखा, "अगर सब कुछ ठीक रहा, तो हम राष्ट्रपति पुतिन के साथ एक बैठक रखेंगे. उम्मीद है कि लाखों लोगों की जान बचाई जा सकेगी."

  11. पूर्व ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेटर बॉब सिम्पसन का निधन, सिडनी में ली आख़िरी सांस

    ऑस्ट्रेलिया के पूर्व टेस्ट क्रिकेट कप्तान और कोच बॉब सिम्पसन का निधन हो गया है. वह 89 साल के थे. क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया के मुताबिक़, बॉब सिम्पसन ने सिडनी में आख़िरी सांस ली.

    क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया ने एक्स पर पोस्ट किया, "एक सच्चे क्रिकेट दिग्गज को श्रद्धांजलि. एक टेस्ट क्रिकेटर, कप्तान, कोच और नेशनल सेलेक्टर- बॉब सिम्पसन का ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेट में काफ़ी प्रभाव था, जिन्होंने हमारे खेल के लिए अपना सब कुछ समर्पित कर दिया. क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया बॉब के परिवार और दोस्तों के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त करता है."

    सिम्पसन ने 1957 और 1978 के बीच ऑस्ट्रेलिया के लिए 62 टेस्ट मैच खेले. इस दौरान उन्होंने 4869 रन बनाए, जिनमें 10 शतक शामिल हैं. उनका बल्लेबाज़ी औसत 46.81 रहा.

    उन्होंने लेग स्पिन गेंदबाज़ी करते हुए 71 विकेट लिए, इसके अलावा बेहतरीन स्लिप फ़ील्डिंग के लिए भी वह मशहूर थे.

    सिम्पसन ने 1968 में क्रिकेट से संन्यास ले लिया था, लेकिन 1978 में 41 साल की उम्र में उन्होंने दोबारा वापसी की और टेस्ट कप्तान बने.

  12. अभी तक बीबीसी संवाददाता आनंद मणि त्रिपाठी आप तक ख़बरें पहुंचा रहे थे.

    अब से रात 10 बजे तक बीबीसी संवाददाता सुरभि गुप्ता आप तक अहम ख़बरें पहुंचाएंगी.

    बीबीसी हिंदी के पन्ने पर लगी कुछ अहम ख़बरें पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक्स पर क्लिक करें.

  13. डोनाल्ड ट्रंप ने ज़ेलेंस्की से की बात, सोमवार को अमेरिका में होगी मुलाक़ात

    व्हाइट हाउस की प्रेस सचिव कैरोलिन लेविट ने बताया कि राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने अलास्का से वॉशिंगटन डीसी लौटते समय यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर ज़ेलेंस्की से क़रीब एक घंटे तक "लंबी बातचीत" की.

    उन्होंने संवाददाताओं को बताया कि ट्रंप ने नेटो में शामिल देशों के नेताओं के साथ भी फ़ोन पर बातचीत की.

    ब्रितानी प्रधानमंत्री के दफ्तर ने पुष्टि की है कि प्रधानमंत्री कीर स्टार्मर ने अलास्का वार्ता के बाद डोनाल्ड ट्रंप और वोलोदिमीर ज़ेलेंस्की दोनों से बात की है.

    आज सुबह वह नेटो के सहयोगी देशों के अन्य यूरोपीय नेताओं के साथ एक फ़ोनकॉल में भी शामिल हुए थे.

    वहीं यूक्रेन के राष्ट्रपति कार्यालय ने पुष्टि की है कि ज़ेलेंस्की ने आज सुबह ट्रंप और यूरोपीय नेताओं से बात की है.

    कार्यालय ने बताया है, "यह एक लंबी बातचीत थी. इस बातचीत की शुरुआत ज़ेलेंस्की और ट्रंप के बीच हुई, इसके बाद यूरोपीय नेता भी इसमें शामिल हुए."

    यूक्रेन के राष्ट्रपति ज़ेलेंस्की ने कहा है कि वह सोमवार को वॉशिंगटन डीसी में राष्ट्रपति ट्रंप से मुलाक़ात करेंगे. टेलीग्राम पर एक अपडेट में उन्होंने कहा कि वह "इस निमंत्रण के लिए आभारी हैं."

  14. ट्रंप ने पुतिन को दिया मे​लानिया का लेटर, अधिकारियों ने बताया पत्र में क्या है, जोएल गंटर, कीएव से बीबीसी संवाददाता

    डोनाल्ड ट्रंप ने अलास्का में रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन को अपनी पत्नी मेलानिया ट्रंप का एक लेटर सौंपा है.

    ये जानकारी व्हाइट हाउस के अधिकारियों ने समाचार एजेंसी रॉयटर्स को दी है.

    इस लेटर में यूक्रेन और रूस में बच्चों की मुश्किलों का मुद्दा उठाया गया है.

    स्लोवेनिया में जन्मी मेलानिया अलास्का की यात्रा पर राष्ट्रपति ट्रंप के साथ नहीं गई थीं. लेकिन अधिकारियों का कहना है कि अपने लेटर में उन्होंने युद्ध के दौरान बच्चों के अपहरण का उल्लेख किया है.

    यूक्रेन सरकार का अनुमान है कि फ़रवरी 2022 में रूस के यूक्रेन पर हमले के बाद से कम से कम 19,500 यूक्रेनी बच्चों को डिपोर्ट किया गया है. यूक्रेन के अनुसार इन बच्चों को रूस या फिर रूस के कब्ज़े वाले इलाक़ों में ले जाया गया है.

    अंतरराष्ट्रीय आपराधिक न्यायालय ने 2023 में बच्चों को कथित तौर पर गैरक़ानूनी तरीके से डिपोर्ट करने के लिए पुतिन और उनके बाल अधिकार आयुक्त मारिया ल्वोवा-बेलोवा के ख़िलाफ़ गिरफ़्तारी का वारंट जारी किया था.

  15. सीमा मुद्दों पर बातचीत के लिए चीन के विदेश मंत्री आएंगे भारत

    चीनी विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता ने बताया है कि विदेश मंत्री वांग यी तीन दिवसीय दौरे पर भारत आ रहे हैं.

    भारत और चीन के बीच सीमा क्षेत्रों को लेकर विशेष प्रतिनिधियों की 24वें दौर की वार्ता होनी है, वांग यी इसमें शिरकत करेंगे.

    मंत्रालय ने बताया है कि भारत के निमंत्रण पर विदेश मंत्री की यह यात्रा 18 से 20 अगस्त तक होगी.

    वांग यी सीपीसी केंद्रीय समिति के राजनीतिक ब्यूरो के सदस्य हैं. इसके साथ ही चीन-भारत सीमा मामलों के वह चीन के विशेष प्रतिनिधि हैं.

  16. पाकिस्तान: ख़ैबर पख़्तूनख़्वाह में बारिश और बाढ़, 300 से ज़्यादा लोगों की मौत

    पाकिस्तान के ख़ैबर पख़्तूनख़्वाह प्रांत में बारिश और बाढ़ के कारण काफ़ी नुक़सान हुआ है.

    ख़ैबर पख़्तूनख़्वाह आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (पीडीएमए) के अनुसार, पिछले 48 घंटों में प्रांत के विभिन्न ज़िलों में भारी बारिश और बाढ़ से मरने वालों की संख्या 307 से अधिक हो गई है और 23 घायल हैं.

    पीडीएमए के अनुसार मृतकों में 279 पुरुष, 15 महिलाएं और 13 बच्चे शामिल हैं, जबकि घायलों में 17 पुरुष, 4 महिलाएं और दो बच्चे शामिल हैं.

    पीडीएमए की रिपोर्ट के अनुसार, "बारिश और अचानक आई बाढ़ के कारण अब तक कुल 74 घर क्षतिग्रस्त हुए हैं. इसमें से 63 घर आंशिक रूप से नष्ट हो गए हैं और 11 घर पूरी तरह से नष्ट हो गए हैं."

    बाढ़ के कारण स्वात, बुनेर, बाजौर, तोरघर, मनसेहरा, शांगला और बट्टाग्राम काफ़ी प्रभावित हुए हैं.

    सबसे ज़्यादा नुकसान बुनेर में हुआ है. यहां अब तक 184 लोगों की मौत हुई है.

  17. ट्रंप और पुतिन एयरपोर्ट से एक ही कार में बैठक के लिए पहुंचे, तस्वीरों में देखिए

    अलास्का के एंकोरेज में अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन की मुलाक़ात हुई. हालांकि इस बैठक में रूस-यूक्रेन युद्धविराम पर कोई सहमति नहीं बनी.

    इसके बाद ट्रंप अब वापस अमेरिका पहुंच गए हैं.

  18. झारखंड के शिक्षा मंत्री रामदास सोरेन का निधन, सीएम बोले- छोड़ कर नहीं जाना था...

    झारखंड के शिक्षा मंत्री रामदास सोरेन के निधन हो गया है. वह बीते कई दिनों से दिल्ली के एक निजी अस्पताल में भर्ती थे.

    शिक्षा मंत्री के बेटे ने एक्स पर लिखा कि "अत्यंत ही दुख के साथ यह बता रहा हूं कि मेरे पिताजी रामदास सोरेन जी अब हमारे बीच नहीं रहे."

    प्रदेश सरकार ने शिक्षा मंत्री के निधन पर प्रदेश में एक दिन का राजकीय शोक घोषित किया है.

    प्रदेश सरकार की तरफ से जारी अधिकारिक बयान के अनुसार झारखंड में सभी सरकारी इमारतों पर राष्ट्रीय ध्वज आधा झुका रहेगा और कोई भी आधिकारिक समारोह आयोजित नहीं किया जाएगा.

    रामदास सोरेन के निधन पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने दुख जताया है. उन्होंने एक्स पर लिखा है, "ऐसे छोड़ कर नहीं जाना था रामदास दा, अंतिम जोहार दादा."

  19. आरएसएस का विरोध कुछ लोग राजनीतिक फ़ायदे के लिए करते हैं : राम माधव

    राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के पूर्व प्रवक्ता राम माधव ने कहा है कि कुछ लोग आरएसएस का विरोध राजनीतिक फ़ायदे के लिए करते हैं.

    उन्होंने समाचार एजेंसी एएनआई से बातचीत में लाल क़िले की प्राचीर से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संबोधन में आरएसएस की तारीफ़ को लेकर कहा, "स्वतंत्रता दिवस के मौके़ पर प्रधानमंत्री के भाषण में आरएसएस का ज़िक्र सुनकर करोड़ों लोग प्रसन्न हुए हैं."

    उन्होंने कहा, "यह संगठन इस साल अक्तूबर में अपने शताब्दी वर्ष में प्रवेश कर रहा है. यह सौ साल से हर दिन बढ़ता जा रहा है और यह संगठन आज तक टूटा नहीं है."

    उन्होंने दावा किया कि दुनिया में ऐसा कोई संगठन नहीं है.

    उन्होंने यह भी कहा, "मैं जानता हूं कि कुछ लोगों को अच्छा नहीं लग रहा है. कुछ लोग राजनीतिक कारणों से आरएसएस का विरोध करते रहे हैं."

    "इसमें कुछ कांग्रेस के नेता हमेशा अपने राजनीतिक कारणों से संघ का विरोध करते रहे. भले ही वह जानते हैं कि आरएसएस राजनीति से परे देश और हिंदू धर्म की सेवा करता है."

    राम माधव ने कहा, "आरएसएस किसी संप्रदाय, धर्म और दल का विरोध नहीं करता है. हम उनका विरोध करते हैं जो एकता, अखंडता और संप्रभुता के ख़िलाफ़ काम करते हैं."

    भाजपा और आरएसएस के बीच तनाव की अटकलों को लेकर राम माधव ने कहा, "ये अटकलें तो समय-समय पर लगाई जाती रहती हैं. आरएसएस और बीजेपी एक वैचारिक परिवार के दो संगठन हैं. राजनीतिक दृष्टि से भाजपा अपना काम करती है और समाज सेवा की दृष्टि से आरएसएस अपना. हमारे संबंधों में कभी तनाव नहीं होता है."

    इससे पहले पीएम मोदी के अपने भाषण में आरएसएस का ज़िक्र करने को लेकर कांग्रेस ने आपत्ति जताई थी.

    कांग्रेस नेता सुप्रिया श्रीनेत ने कहा, "आरएसएस वही संस्था है जिसने हमारे तिरंगे का 53 साल तक बहिष्कार किया. ये वही संस्था है जिसने संविधान की प्रतियां जलाईं. ये वही संस्था है जिसने आज़ादी के आंदोलन में अंग्रेजों का साथ दिया."

    वहीं कांग्रेस नेता जयराम रमेश ने इसे "सबसे चिंताजनक पहलू" करार देते हुए कहा कि "ये एक संवैधानिक, धर्मनिरपेक्ष गणराज्य की भावना का खुला उल्लंघन है."

  20. अल्जीरिया: बस के नदी में गिरने से 18 लोगों की मौत

    अल्जीरिया की राजधानी के नज़दीक एक बस पुल से नदी में गिर गई. इस कारण 18 लोगों की मौत हो गई है.

    इस दुर्घटना कई लोग घायल हैं, जिन्हें अस्पताल पहुंचाया गया है. इसमें से तीन की हालत गंभीर बताई जा रही है.

    शुक्रवार देर शाम हुई दुर्घटना के बाद देर रात तक पानी में बचाव अभियान चलाया गया.

    अल्जीरिया के राष्ट्रपति अब्देलमजीद तेब्बून ने मृतकों के परिवारों के प्रति संवदेना व्यक्ति की है