शशि थरूर विदेश की धरती से कांग्रेस का इतिहास मिटाने का काम कर रहेः उदित राज
कांग्रेस नेता उदित राज ने कांग्रेस के वरिष्ठ नेता शशि थरूर पर विदेश की धरती से कांग्रेस के इतिहास को मिटाने का आरोप लगाया है.
शशि थरूर 'ऑपरेशन सिंदूर' के बाद चरमपंथ को लेकर विदेश में भारत के रुख़ को स्पष्ट करने के लिए बने सर्वदलीय प्रतिनिधिमंडलों में से एक की अगुवाई कर रहे हैं.
उदित राज ने न्यूज़ एजेंसी पीटीआई से कहा, "शशि थरूर कहते हैं कि मोदी जी के पहले कोई भी लाइन ऑफ़ कंट्रोल या पाकिस्तान के साथ लगी अंतरराष्ट्रीय सीमा को पार नहीं किया. कांग्रेस का इतिहास मिटाने के लिए इतना बड़ा झूठ और षड्यंत्र है तो इसलिए जवाब तो देना ही पड़ेगा."
उन्होंने कहा कि 'वहां जाकर कांग्रेस की बुराई कर रहे हैं, वहां जाकर उन्हें (शशि थरूर) अपना काम करना चाहिए.'
कांग्रेस नेता ने दावा किया, "मनमोहन सरकार के समय में छह बार सर्जिकल स्ट्राइक की गई, लेकिन कोई ढिंढोरा नहीं पीटा गया. सेना का शौर्य, सेना का कार्य सेना तक ही सीमित रहा."
इससे पहले शशि थरूर ने गुरुवार को अपने आलोचकों पर उनके विचारों को तोड़-मरोड़कर पेश करने का आरोप लगाया था.