आईपीएल 2026 में सबसे महंगे अनकैप्ड खिलाड़ी बनने पर क्या बोले प्रशांत वीर के पिता और कार्तिक के कोच

आईपीएल ऑक्शन 2026 में उत्तर प्रदेश के प्रशांत वीर और राजस्थान के कार्तिक शर्मा दोनों खिलाड़ियों को चेन्नई सुपर किंग्स ने 14.20 करोड़ रुपये में खरीदा है.

सारांश

लाइव कवरेज

सुमंत सिंह और सुरभि गुप्ता

  1. यमुना एक्सप्रेसवे हादसा: मरने वालों की संख्या बढ़कर 13 हुई, पुलिस ने और क्या बताया, सैयद मोज़िज़ इमाम, बीबीसी संवाददाता

    एसएसपी श्लोक कुमार

    इमेज स्रोत, Suresh Saini

    इमेज कैप्शन, एसएसपी श्लोक कुमार ने कहा कि तीन शवों की पहचान की जा चुकी है

    दिल्ली-आगरा यमुना एक्सप्रेसवे पर घने कोहरे की वजह से हुए हादसे में मरने वालों की संख्या बढ़कर 13 हो गई है. मथुरा के एसएसपी श्लोक कुमार ने इसकी जानकारी दी.

    यह हादसा मथुरा के बलदेव इलाक़े में मंगलवार सुबह तक़रीबन 4.30 बजे हुआ. इसमें आठ बसें और तीन छोटे वाहन आपस में टकराए थे. इससे पहले इसमें चार लोगों की मौत की बात कही गई थी.

    एसएसपी श्लोक कुमार ने बताया, "यमुना एक्सप्रेसवे पर हुई दुर्भाग्यपूर्ण घटना में आठ बसों और तीन छोटे वाहनों के टकराने से आग लग गई थी, उसमें जो शव मिले थे उन्हें पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया था. कुछ लोगों को रेस्क्यू किया गया था, कुछ को इलाज के लिए भर्ती किया गया था."

    उन्होंने कहा, "जो मलबा और अन्य अवशेष वहां से मिले, उन्हें मॉर्चुरी में भेजा गया था. डॉक्टरों ने इसका परीक्षण किया. परीक्षण के बाद 13 मौतों की पुष्टि हुई है."

    पुलिस अधिकारी ने बताया कि तीन शवों की पहचान हो गई है, बाकी के जले हुए या अधजले शवों की पहचान डीएनए के ज़रिए होगी.

  2. नीतीश के महिला का हिजाब खींचने पर महबूबा मुफ़्ती बोलीं- 'अब पद छोड़ने का समय आ गया'

    नीतीश कुमार और महबूबा मुफ़्ती

    इमेज स्रोत, ANI

    इमेज कैप्शन, महबूबा मुफ़्ती ने कहा कि नीतीश कुमार को एक मुस्लिम महिला का नक़ाब खींचते हुए देखना उनके लिए हैरान करने वाला था (फ़ाइल फ़ोटो)

    बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार का एक महिला डॉक्टर का हिजाब खींचने के मामले में जम्मू-कश्मीर की पूर्व मुख्यमंत्री महबूबा मुफ़्ती ने निशाना साधा है.

    महबूबा मुफ़्ती ने कहा कि 'शायद अब नीतीश कुमार के पद (मुख्यमंत्री) छोड़ने का समय आ गया है'.

    उन्होंने एक्स पर लिखा, "नीतीश जी को मैं व्यक्तिगत तौर पर जानती हूं और उनका सम्मान करती हूं, इसलिए एक युवा मुस्लिम महिला का नक़ाब खींचते हुए उन्हें देखना मेरे लिए हैरान करने वाला था."

    महबूबा मुफ़्ती ने कहा, "इसे उम्र का असर माना जाए या मुसलमानों को सार्वजनिक रूप से अपमानित करने को नॉर्मलाइज़ करना कहा जाए. उनके आसपास मौजूद लोगों का इस भयावह घटना को मनोरंजन की तरह देखते रहना और भी ज़्यादा परेशान करने वाला है."

    उन्होंने कहा, "नीतीश साहब, शायद अब आपके पद छोड़ने का समय आ गया है."

    सोशल मीडिया पर एक वायरल वीडियो में नीतीश कुमार नियुक्ति पत्र देते हुए एक मुस्लिम महिला आयुष डॉक्टर के चेहरे से हिजाब खींचते दिख रहे हैं.

    इस वीडियो के सामने आने के बाद आरजेडी, कांग्रेस समेत कई राजनीतिक दल सत्ता पक्ष पर हमलावर हैं.

  3. विजय दिवस पर राष्ट्रपति मुर्मु, पीएम मोदी और राहुल गांधी ने भारतीय सेना पर क्या कहा

    भारतीय सेना

    इमेज स्रोत, Firdous Nazir/NurPhoto via Getty

    इमेज कैप्शन, साल 1971 में पाकिस्तान के साथ हुए युद्ध में भारत की जीत के मौक़े पर विजय दिवस मनाया जाता है (फ़ाइल फ़ोटो)

    विजय दिवस के मौक़े पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी समेत कई नेताओं ने भारतीय सैनिकों को श्रद्धांजलि दी है.

    राष्ट्रपति मुर्मु ने भारतीय सैनिकों को श्रद्धांजलि देते हुए कहा, "भारतीय सैनिकों के साहस, पराक्रम और मातृभूमि के लिए अनन्य निष्ठा ने राष्ट्र को हमेशा गौरवान्वित किया है. उनकी वीरता और राष्ट्रप्रेम देशवासियों को प्रेरित करते रहेंगे."

    वहीं पीएम मोदी ने एक्स पर लिखा, "विजय दिवस पर हम उन बहादुर सैनिकों को याद करते हैं, जिनके साहस और क़ुर्बानियों ने 1971 में भारत को एक ऐतिहासिक जीत दिलाई."

    उन्होंने कहा, "सैनिकों के अटल संकल्प और निस्वार्थ सेवा ने हमारे देश की रक्षा की. यह दिन उनके शौर्य को सलाम करने और उनके बेमिसाल जज़्बे की याद दिलाने का प्रतीक है. उनकी वीरता आज भी भारतीयों को प्रेरित करती है."

    कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने कहा, "1971 के युद्ध में भारत की सीमाओं की रक्षा करते हुए अपने शौर्य, समर्पण और अटूट संकल्प से पूरे विश्व में इतिहास रचने वाले हमारे सशस्त्र बलों के वीरों को विजय दिवस पर नमन करता हूं. उनका अदम्य साहस, संघर्ष और सर्वोच्च बलिदान हर एक भारतवासी के लिए सदैव प्रेरणास्रोत रहेगा."

    रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा, "विजय दिवस पर देश 1971 की निर्णायक जीत दिलाने वाली भारतीय सशस्त्र सेनाओं के प्रति गर्व और कृतज्ञता के साथ नतमस्तक है... उनका शौर्य, अनुशासन और लड़ने की भावना आज भी प्रेरित करती है."

    भारत में आज विजय दिवस मनाया जा रहा है. यह साल 1971 में पाकिस्तान के साथ हुए युद्ध में भारत की जीत के मौक़े पर मनाया जाता है.

  4. नीतीश का महिला डॉक्टर का हिजाब खींचने का मामला: आरजेडी सांसद ने बीजेपी पर साधा निशाना

    मनोज झा

    इमेज स्रोत, ANI

    इमेज कैप्शन, मनोज झा ने कहा कि यह मामला चिंता का विषय होना चाहिए

    बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार का एक महिला आयुष डॉक्टर का हिजाब खींचना एक विवाद का मुद्दा बन गया है. बिहार की मुख्य विपक्षी पार्टी राष्ट्रीय जनता दल (आरजेडी) के सांसद मनोज झा ने इस मामले में बीजेपी पर निशाना साधा है.

    मनोज झा ने कहा, "मैंने वो विजुअल्स देखे, वहां जितने भी लोग थे वो क्षण भर के लिए असहज हो गए. एक डिप्टी सीएम साहब ने हाथ पकड़ने तक की कोशिश की."

    आरजेडी सांसद ने बीजेपी को निशाने पर लिया. उन्होंने कहा, "यह चिंता का विषय होना चाहिए क्योंकि हमने इसी देश में देखा कि तकरीबन साल-डेढ़ साल पहले पोडियम पर हाथ रखने का नवीन बाबू का एक विजुअल, इसी भारतीय जनता पार्टी ने 24 घंटे सातों दिन चलवाया था."

    साल 2024 में ओडिशा के तत्कालीन मुख्यमंत्री नवीन पटनायक का भाषण देते हुए एक वीडियो सामने आया था. इस वीडियो में उनके सहयोगी वीके पांडियन उनका हाथ पकड़कर पोडियम पर रखते हुए दिखते हैं. उस वक्त बीजेपी ने इस वीडियो को लेकर पटनायक पर निशाना साधा था.

    मनोज झा ने आगे कहा, "मेरी चिंता है कि इस तरह की छवि अच्छा संदेश नहीं देती है और कई तरह की आशंकाओं और चिंताओं को जन्म देती हैं."

    सोशल मीडिया पर एक वायरल वीडियो में सीएम नीतीश कुमार नियुक्ति पत्र देते हुए एक मुस्लिम महिला आयुष डॉक्टर के चेहरे से हिजाब खींचते दिख रहे हैं. इस वीडियो के सामने आने के बाद कांग्रेस समेत कई राजनीतिक दल सत्ता पक्ष पर हमलावर हैं.

  5. बोंडी बीच हमला: हमलावरों के बारे में ये नई जानकारी आई सामने

    ऑस्ट्रेलिया पुलिस

    इमेज स्रोत, DAVID GRAY / AFP via Getty

    ऑस्ट्रेलिया के सिडनी में बोंडी बीच पर हमला करने वाले बंदूकधारियों के बारे पुलिस ने नई जानकारी साझा की है.

    पुलिस कमिश्नर मैल लैन्यन ने बताया कि हमला करने वाले दोनों बंदूकधारी हाल ही में फ़िलीपींस गए थे.

    उन्होंने कहा, "वे वहां क्यों गए, जाने का मक़सद क्या था और वहां रहते हुए वे कहां-कहां गए? इसकी जांच इस समय चल रही है."

    इससे पहले एबीसी न्यूज़ ने सुरक्षा सूत्रों के हवाले से दावा किया था कि दोनों बंदूकधारी हमले से एक महीने पहले "मिलिट्री जैसी ट्रेनिंग" लेने के लिए फ़िलीपींस गए थे.

    स्थानीय मीडिया में हमलावरों की पहचान साजिद और नवीद अकरम के तौर पर की जा रही है.

  6. कोहरे की वजह से दिल्ली-आगरा यमुना एक्सप्रेसवे पर कई गाड़ियां टकराईं, 4 की मौत, सैयद मोज़िज़ इमाम, बीबीसी संवाददाता

    एसएसपी श्लोक कुमार

    इमेज स्रोत, Suresh Saini

    इमेज कैप्शन, मथुरा के एसएसपी श्लोक कुमार

    दिल्ली-आगरा यमुना एक्सप्रेसवे पर मंगलवार सुबह तक़रीबन 4.30 बजे घने कोहरे की वजह से कई बस और छोटी गाड़ियों के बीच आपस में भिड़ंत हो गई. इस हादसे में चार लोगों की मौत हुई है.

    यह हादसा मथुरा के बलदेव इलाक़े में हुआ. मथुरा के एसएसपी श्लोक कुमार ने बताया कि ये दुर्घटना कोहरे की वजह से हुई है.

    आगरा से नोएडा की तरफ़ 127 किलोमीटर दूर ये हादसा हुआ है. इसमें 7 बसें और 3 गाड़ियां टकराई हैं. इस हादसे के बाद कई गाड़ियों में आग भी लग गई थी.

    मथुरा के एसएसपी श्लोक कुमार ने कहा, "इस हादसे में चार लोगों की मौत हुई है और 25 लोग घायल हैं. घायलों का इलाज अस्पताल में चल रहा है."

    पुलिस के मुताबिक़, घायलों में कोई भी व्यक्ति गंभीर हालत में नहीं है. अन्य यात्रियों को सरकारी वाहन से उनके डेस्टिनेशन की ओर भेजा जा रहा है.

    हादसे के घायल

    इमेज स्रोत, Suresh Saini

    इमेज कैप्शन, घायलों का इलाज चल रहा है
  7. दिल्ली की एयर क्वालिटी आज भी 'गंभीर' स्तर पर, इतना रहा एक्यूआई

    दिल्ली में प्रदूषण

    इमेज स्रोत, ANI

    इमेज कैप्शन, दिल्ली में बीते कुछ दिनों से प्रदूषण काफ़ी ज़्यादा है

    राजधानी दिल्ली में हवा की क्वालिटी 'गंभीर' स्तर पर बनी हुई है. मंगलवार को भी दिल्ली के कई इलाकों का एक्यूआई (एयर क्वालिटी इंडेक्स) 400 पार रहा.

    केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के मुताबिक़, दिल्ली के अलग-अलग इलाक़ों में मंगलवार सुबह आठ बजे इतना रहा एक्यूआई:

    • आनंद विहार - 406
    • अशोक विहार - 410
    • बवाना - 403
    • बुराड़ी - 376
    • चांदनी चौक - 380
    • आईटीओ - 402
    • मुंडका - 426
    • नजफ़गढ़ - 348
    • नरेला - 388
    • रोहिणी - 356
    • शादीपुर - 355
    • वज़ीरपुर - 426

    401 से 500 के बीच के एक्यूआई को 'गंभीर' और 301 से 400 के बीच के एक्यूआई को 'बहुत ख़राब' श्रेणी का माना जाता है.

    बीते हफ़्ते शनिवार को दिल्ली-एनसीआर में एयर क्वालिटी सीवियर (गंभीर) होने के बाद यहां ग्रैप-4 (ग्रेडेड रेस्पॉन्स एक्शन प्लान) लागू कर दिया गया था.

  8. पूर्व श्रीलंकाई क्रिकेट कप्तान अर्जुन रणतुंगा की होगी गिरफ़्तारी, बीबीसी सिंहला

    अर्जुन रणतुंगा

    इमेज स्रोत, AFP

    इमेज कैप्शन, अर्जुन रणतुंगा श्रीलंका के पेट्रोलियम मंत्री भी रह चुके हैं (फ़ाइल फ़ोटो)

    साल 1996 में श्रीलंका को क्रिकेट वर्ल्ड कप जिताने वाली टीम के कप्तान अर्जुन रणतुंगा को भ्रष्टाचार और रिश्वतखोरी से जुड़े एक मामले में गिरफ़्तार कर अदालत में पेश किया जाएगा.

    बीबीसी न्यूज़ सिंहला के मुताबिक़, कोलंबो मजिस्ट्रेट कोर्ट ने सोमवार को सिलोन पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन के पूर्व अध्यक्ष और अर्जुन रणतुंगा के भाई धम्मिका रणतुंगा को रिश्वतखोरी और भ्रष्टाचार के मामले में जमानत पर रिहा करने का आदेश दिया.

    धम्मिका रणतुंगा को रिश्वतखोरी और भ्रष्टाचार के आरोपों की जांच के लिए गठित आयोग ने गिरफ़्तार किया था.

    इस आयोग ने कोलंबो मजिस्ट्रेट कोर्ट को बताया कि इस मामले में संदिग्ध के तौर पर पूर्व पेट्रोलियम मंत्री अर्जुन रणतुंगा को गिरफ़्तार कर अदालत में पेश किया जाएगा.

    धम्मिका रणतुंगा पर आरोप है कि उन्होंने 2017-2018 के दौरान फ़्यूल खरीदने के लिए तीन लॉन्ग-टर्म टेंडरों को रद्द कर ज़्यादा कीमतों पर लोकल टेंडरों को लागू किया.

    इस वजह से सिलोन पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन को लगभग 80 करोड़ श्रीलंकाई रुपये का नुक़सान हुआ.

  9. ब्रेकिंग न्यूज़, ट्रंप ने पैनोरमा एडिट को लेकर बीबीसी पर दायर किया मानहानि का मुक़दमा

    डोनाल्ड ट्रंप

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, ट्रंप ने पिछले महीने कहा था कि वह बीबीसी पर मुक़दमा दायर करने की योजना बना रहे हैं

    अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने पैनोरमा डॉक्यूमेंट्री में 6 जनवरी 2021 के उनके भाषण के एक एडिट को लेकर बीबीसी के ख़िलाफ़ मानहानि का मुक़दमा दायर किया है.

    फ़्लोरिडा की अदालत के दस्तावेज़ों के मुताबिक़, ट्रंप ने अरबों डॉलर के हर्जाने की मांग की है.

    बीबीसी ने नवंबर में ट्रंप से माफ़ी मांगी थी, लेकिन मुआवज़े की उनकी मांगों को ख़ारिज कर दिया था. बीबीसी का कहना है कि "मानहानि के दावे का कोई आधार" नहीं है.

    ट्रंप की क़ानूनी टीम ने आरोप लगाया कि बीबीसी ने उनके भाषण के साथ "जानबूझकर, दुर्भावनापूर्ण और भ्रामक तरीक़े से छेड़छाड़" कर उनकी छवि को नुक़सान पहुंचाया. मुक़दमा दायर होने पर बीबीसी ने अब तक कोई प्रतिक्रिया नहीं दी है.

    दायर दस्तावेजों के मुताबिक़, ट्रंप ने बीबीसी पर मानहानि के आरोप और फ़्लोरिडा के ट्रेड प्रैक्टिसेस क़ानून के उल्लंघन के एक अन्य आरोप में मुक़दमा किया है.

    ट्रंप ने पिछले महीने कहा था कि पैनोरमा डॉक्यूमेंट्री के हिस्से के रूप में 6 जनवरी के उनके भाषण को जिस तरह एडिट किया गया, उसे लेकर वह बीबीसी पर मुक़दमा करने की योजना बना रहे हैं. यह डॉक्यूमेंट्री ब्रिटेन में 2024 के अमेरिकी चुनाव से पहले प्रसारित हुई थी.

    पैनोरमा एडिट विवाद क्या है?

    6 जनवरी 2021 के अपने भाषण में ट्रंप ने वॉशिंगटन में समर्थकों से कहा था, "हम कैपिटल तक चलकर जाएंगे और हम अपने बहादुर सीनेटरों और कांग्रेसमेन और वीमेन का समर्थन करेंगे."

    भाषण में 50 मिनट से ज़्यादा समय के बाद उन्होंने कहा था, "और हम लड़ेंगे. हम पूरी ताक़त से लड़ेंगे."

    बीबीसी के पैनोरामा कार्यक्रम में एक क्लिप में ट्रंप को यह कहते दिखाया गया, "हम कैपिटल तक चलकर जाएंगे... और मैं आपके साथ वहां रहूंगा. और हम लड़ेंगे. हम पूरी ताक़त से लड़ेंगे."

    बीबीसी ने माना कि इस एडिट से यह "ग़लत धारणा" बनी कि उन्होंने "हिंसक कार्रवाई के लिए लोगों से सीधी अपील" की थी.

    इस मामले में बीबीसी के डायरेक्टर जनरल टिम डेवी और हेड ऑफ़ न्यूज़ डेबोरा टर्नेस ने पिछले महीने इस्तीफ़ा दे दिया था.

  10. पीएम मोदी की जॉर्डन यात्रा, भारत के साथ हुए ये समझौते

    नरेंद्र मोदी और जॉर्डन के किंग

    इमेज स्रोत, X/@narendramodi

    इमेज कैप्शन, प्रधानमंत्री मोदी दो दिन जॉर्डन में बिताएंगे

    प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अपने दो दिवसीय जॉर्डन दौरे पर हैं. सोमवार को उन्होंने जॉर्डन के किंग अब्दुल्लाह द्वितीय बिन अल हुसैन के साथ बैठक की.

    इस बैठक में भारत और जॉर्डन के बीच कई अहम समझौते हुए. भारतीय विदेश मंत्रालय ने इसकी जानकारी दी है.

    विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल के मुताबिक़, भारत और जॉर्डन के बीच रिन्यूएबल एनर्जी के क्षेत्र में तकनीकी सहयोग और जल संसाधन के प्रबंधन और विकास में सहयोग को लेकर मेमोरेंडम ऑफ़ अंडरस्टैंडिंग (एमओयू) साइन हुए हैं.

    इसके अलावा दोनों देशों के बीच साल 2025 से 2029 के लिए कल्चरल एक्सचेंज प्रोग्राम समझौता भी हुआ है.

    भारतीय विदेश मंत्रालय के मुताबिक़, भारत और जॉर्डन के बीच डिजिटल ट्रांसफ़ॉर्मेशन के लिए सफल डिजिटल समाधानों को साझा करने और सहयोग करने पर सहमति बनी है.

    प्रधानमंत्री मोदी तीन देशों की आधिकारिक यात्रा पर सोमवार शाम को जॉर्डन पहुंचे. चार दिन के इस दौरे में दो दिन जॉर्डन में रहने के बाद पीएम मोदी इथियोपिया और ओमान भी जाएंगे.

  11. नमस्कार!

    बीबीसी न्यूज़ हिन्दी के लाइव पेज पर आपका स्वागत है. मैं बीबीसी संवाददाता सुमंत सिंह अब से दोपहर दो बजे तक आप तक अहम ख़बरें पहुंचाऊंगा.

    कल के लाइव पेज की ख़बरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें.

    हमारे पेज पर मौजूद कुछ अहम ख़बरों को पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक्स पर क्लिक करें.