बोंडी बीच हमला: अब किस हाल में हैं हमलावर से बंदूक छीनने वाले अहमद अल अहमद, अब्देलरहमान अबुतलेब, बीबीसी न्यूज़ अरबी
इमेज स्रोत, FACEBOOK/CHRIS MINNS
इमेज कैप्शन, अस्पताल में भर्ती अहमद अल अहमद
ऑस्ट्रेलिया के सिडनी में बोंडी बीच पर हुए हमले के दौरान एक हमलावर से बंदूक छीनने वाले अहमद अल अहमद की हालत स्थिर है.
ये जानकारी उनके परिवार ने दी है. अहमद अल अहमद को हमले दौरान कंधे और हाथ में गोली लगी थी.
इमेज कैप्शन, हमलावर से बंदूक छीनते अहमद अल अहमद
उनके पिता मोहम्मद फ़तेह अल अहमद ने बीबीसी न्यूज़ अरबी को बताया कि अहमद संयोग से घटनास्थल के पास ही थे, वह एक दोस्त के साथ कॉफ़ी पीने गए थे, तभी उन्होंने वह सब देखा.
उन्होंने कहा कि जब उनके बेटे ने लोगों पर हमला होते देखा तो वह जरा भी नहीं झिझके.
"अहमद अपनी भावनाओं, अंतरात्मा और मानवता से प्रेरित होकर आगे बढ़े, बंदूकधारी को रोका और उसका हथियार छीन लिया."
पीएम मोदी ने जॉर्डन के किंग अब्दुल्लाह द्वितीय बिन अल हुसैन के साथ की बैठक
इमेज स्रोत, X/@narendramodi
इमेज कैप्शन, जॉर्डन के किंग अब्दुल्लाह द्वितीय बिन अल हुसैन के साथ बैठक के दौरान पीएम मोदी का संबोधन
सोमवार को जॉर्डन पहुंचे पीएम मोदी ने वहां के किंग अब्दुल्लाह द्वितीय बिन अल हुसैन के साथ बैठक की.
जॉर्डन की राजधानी अम्मान हुई इस बैठक के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा, "आपने भारत और जॉर्डन के संबंधों को नये पायदान पर ले जाने के लिए बहुत ही सकारात्मक विचार रखे. मैं आपकी मित्रता और भारत के प्रति आपकी गहरी प्रतिबद्धता के लिए हृदय से आपका धन्यवाद करता हूं."
इमेज स्रोत, X/@narendramodi
इमेज कैप्शन, भारतीय प्रतिनिधिमंडल की जॉर्डन के प्रतिनिधिमंडल के साथ हुई बैठक
पीएम मोदी ने कहा, "इस साल हम अपने राजनयिक संबंधों की 75वीं सालगिरह मना रहे हैं. यह मील का पत्थर हमें आने वाले कई वर्षों तक नई ऊर्जा के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करता रहेगा."
"हमारे संबंधों में गति और गहराई, एक नया रूप धारण करेगी. हम ट्रेड, फ़र्टिलाइज़र, डिजिटल टेक्नोलॉजी, इन्फ़ा और पीपल टू पीपल टाइज़ जैसे क्षेत्रों में सहयोग करेंगे."
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी तीन देशों की आधिकारिक यात्रा पर सोमवार शाम को जॉर्डन पहुंचे. चार दिन के इस दौरे में दो दिन जॉर्डन में रहने के बाद प्रधानमंत्री इथियोपिया और ओमान भी जाएंगे.
जॉर्डन के इस दौरे का ख़ास महत्व इसलिए है क्योंकि जॉर्डन से भारत के राजनयिक संबंधों को 75 साल हो गए हैं, जिसका ज़िक्र पीएम मोदी ने जॉर्डन के किंग के साथ अपनी बैठक में किया.
देश के इन हिस्सों में कल घने कोहरे के आसार, मौसम विज्ञान विभाग ने जारी की एडवाइज़री
इमेज स्रोत, Vipin Kumar/Hindustan Times via Getty Images
इमेज कैप्शन, आईएमडी ने घने कोहरे के समय गैर-ज़रूरी यात्रा नहीं करने की सलाह दी है
भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने मंगलवार 16 दिसंबर की सुबह देश के कई हिस्सों में घना और बहुत घना कोहरा छाए रहने की संभावना जताई है.
आईएमडी के मुताबिक़ मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश, दिल्ली-एनसीआर, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, हिमाचल प्रदेश में घना और बहुत घना कोहरा छाए रहने का अनुमान जताया है.
वहीं अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिज़ोरम और त्रिपुरा के लिए भी घना और बहुत घना कोहरा छाए रहने की संभावना जताई गई है.
आईएमडी ने लिखा, "बहुत कम विज़िबिलिटी के कारण सड़क, रेल और हवाई यात्रा में रुकावट आ सकती है, जिससे दुर्घटनाओं और देरी का ख़तरा बढ़ जाता है."
इसके मद्देनज़र भारत मौसम विज्ञान विभाग ने लोगों को ये सलाह दी है-
कम स्पीड में गाड़ी चलाएं
फॉग लाइट्स या लो-बीम हेडलाइट्स का इस्तेमाल करें
आगे चल रहे वाहनों से सुरक्षित दूरी बनाए रखें
घने कोहरे के समय गैर-ज़रूरी यात्रा से बचें
मौसम और ट्रैफ़िक से जुड़ी आधिकारिक सलाह की जानकारी लेते रहें
भारत-दक्षिण अफ़्रीका टी20 इंटरनेशनल सिरीज़: बाक़ी के दो मैचों से बाहर हुए अक्षर पटेल
इमेज स्रोत, Getty Images
इमेज कैप्शन, अक्षर पटेल लखनऊ में टीम के साथ हैं (फ़ाइल फ़ोटो)
भारतीय टीम के ऑलराउंडर अक्षर पटेल बीमारी के कारण दक्षिण अफ़्रीका के ख़िलाफ़ बाकी बचे दो टी20 अंतरराष्ट्रीय मैचों से बाहर हो गए हैं.
बीसीसीआई के मुताबिक़ वह लखनऊ में टीम के साथ हैं, जहां आगे उनकी मेडिकल जांच की जाएगी.
मेन्स सेलेक्शन कमिटी ने लखनऊ और अहमदाबाद में होने वाले टी20 अंतरराष्ट्रीय मैचों के लिए शाहबाज़ अहमद को उनकी जगह टीम में शामिल किया है.
अंतिम दो T20 इंटरनेशनल मैच के लिए भारतीय टीम: सूर्यकुमार यादव (कप्तान), शुभमन गिल (उप कप्तान), अभिषेक शर्मा, तिलक वर्मा, हार्दिक पांड्या, शिवम दुबे, जितेश शर्मा (विकेटकीपर), संजू सैमसन (विकेटकीपर), जसप्रीत बुमराह, वरुण चक्रवर्ती, अर्शदीप सिंह, कुलदीप यादव, हर्षित राणा, वाशिंगटन सुंदर, शहबाज़ अहमद
दक्षिण अफ़्रीका के साथ पांच टी20 इंटरनेशनल मैचों की सिरीज़ में भारतीय टीम 2-1 से आगे है.
इस सिरीज़ का चौथा मैच 17 दिसंबर को लखनऊ और पांचवां मैच 19 दिसंबर को अहमदाबाद में खेला जाएगा.
बिहारः मुसलमान फेरीवाले को पीट-पीट कर मारने के मामले में 11 लोग गिरफ़्तार, दिलनवाज़ पाशा, बीबीसी संवाददाता
इमेज कैप्शन, मृतक मोहम्मद अतहर हुसैन के तीन बच्चे हैं और वो अपने परिवार में अकेले कमाने वाले थे
बिहार के नवादा ज़िले के रोह थाना क्षेत्र में एक मुसलमान फेरीवाले की पीट-पीट कर हत्या के मामले में अब तक कुल 11 लोगों को गिरफ़्तार किया गया है.
नवादा के रोह थानाक्षेत्र के प्रभारी रंजन कुमार ने बीबीसी न्यूज़ हिन्दी को बताया, "मोहम्मद अतहर पांच दिसंबर को भीड़ के हमले में घायल हुए थे जिसके बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया था. अतहर की इलाज के दौरान 12 दिसंबर को अस्पताल में मौत हो गई. अब तक इस हमले से जुड़े कुल 11 लोगों को गिरफ़्तार किया गया है."
पुलिस ने हमले के बाद मारपीट का मुक़दमा दर्ज किया था. मोहम्मद अतहर की मौत के बाद इसे हत्या की धाराओं में तब्दील किया जा रहा है.
थाना प्रभारी ने कहा, "पीड़ित की मौत के बाद हमने मुक़दमे में हत्या की धाराएं जोड़ने के लिए अदालत में अर्जी दी है."
मोहम्मद अतहर के परिजनों के मुताबिक़ वो फेरी लगाकर सामान बेचने का काम करते थे.
उनके भाई चांद मियां ने बीबीसी न्यूज़ हिन्दी से बात की.
उन्होंने कहा, "अतहर को बेरहमी से पीटा गया. अतहर ने अस्पताल में इलाज के दौरान हमें बताया कि उसका नाम पूछकर और मज़हब की पहचान कर उसे और अधिक मारा गया."
अतहर ने अपनी मौत से पहले एक बयान भी दिया जिसका वीडियो उनके परिजनों ने बीबीसी न्यूज़ हिन्दी के साथ साझा किया है.
इस वीडियो में घायल अवस्था में अस्पताल के स्ट्रेचर पर लेटे हुए अतहर कह रहे हैं, "हम कपड़ा बेचने के लिए गए थे, लौटते हुए हम लेट हो गए. चार-पांच लोगों ने हमें पकड़ लिया, जेब से 17 हज़ार रुपए और कपड़ा छीन लिया."
अतहर ने वीडियो में कहा कि उनकी पहचान जाहिर होने पर उनके साथ बहुत मारपीट की गई, उन्हें गर्म सरिये से मारा और नाख़ून उखाड़ लिए.
चांद मियां ने बताया कि घटना के बाद राजनीतिक दलों के कई स्थानीय नेता और कार्यकर्ता उनके परिवार से मिलने पहुंचे हैं और मदद का भरोसा दिया है, हालांकि अभी सरकार की तरफ़ से उनके परिवार की कोई मदद नहीं की गई है.
मृतक मोहम्मद अतहर हुसैन के तीन बच्चे हैं और वो अपने परिवार में अकेले कमाने वाले थे.
इस घटना में गिरफ़्तार किए गए अभियुक्तों का पक्ष नहीं मिल सका है.
ऑस्ट्रेलिया: मृतकों को श्रद्धांजलि देने के लिए बोंडी बीच पर जुटे लोग
इमेज स्रोत, George Chan/Getty Images
इमेज कैप्शन, बोंडी बीच पर शोक सभा
ऑस्ट्रेलिया के सिडनी में बोंडी बीच पर सोमवार को हज़ारों लोग एक शोक सभा में शामिल हुए.
रविवार को इस बीच पर यहूदी समुदाय के एक कार्यक्रम के दौरान गोलीबारी हुई थी, जिसमें कम से कम पंद्रह लोगों की मौत हुई है.
इमेज स्रोत, George Chan/Getty Images
इमेज कैप्शन, लोगों ने मृतकों की याद में फूल चढ़ाए
लोगों ने बीच पर बनाए गए एक अस्थायी स्मारक पर यहूदी प्रार्थनाओं में हिस्सा लिया.
दो बंदूकधारियों ने यहूदी त्योहार हनुका के पहले दिन जश्न मना रहे सैकड़ों लोगों पर गोलियां चलाई थीं.
इमेज स्रोत, George Chan/Getty Images
इमेज कैप्शन, बोंडी बीच हमले में 15 आम लोगों की मौत हुई है
न्यू साउथ वेल्स के पुलिस कमिश्नर मैल लैन्यन ने बताया कि ये दो बंदूकधारी बाप (50 वर्षीय)-बेटे (24 वर्षीय) थे.
यह भी पता चला है कि ऑस्ट्रेलियाई खुफ़िया एजेंसी ने 2019 में इनमें से एक हमलावर (बेटा) की इस्लामिक स्टेट सेल से उसके संबंधों को लेकर जांच की थी.
बोंडी बीच हमला: न्यू साउथ वेल्स के प्रीमियर ने यहूदी समुदाय के लोगों के लिए क्या कहा
इमेज स्रोत, EPA/Shutterstock
इमेज कैप्शन, न्यू साउथ वेल्स के प्रीमियर क्रिस मिन्स ने बंदूक रखने पर सख़्ती से जुड़ा कानून लाने की कोशिश करने का ज़िक्र किया
ऑस्ट्रेलिया के न्यू साउथ वेल्स राज्य के प्रीमियर क्रिस मिन्स ने कहा कि बोंडी बीच पर हुए हमले की जांच शुरू कर दी गई है, जिसमें पुलिस की कार्रवाई भी शामिल है.
मिन्स ने पत्रकारों से कहा, "हमें यह सुनिश्चित करने की ज़रूरत है कि हम आज से ही न्यू साउथ वेल्स के समुदायों की रक्षा के लिए बदलाव करें, लेकिन विशेष रूप से सिडनी के यहूदी समुदाय की, जिन्हें पिछले दो वर्षों से यहूदी-विरोधी भावना और बढ़ती हिंसा का सामना करना पड़ा है."
मिन्स का कहना है कि जो कुछ भी हुआ उसकी "व्यापक जांच" और "पूरी तरह से स्वतंत्र पूछताछ" की जाएगी. उन्होंने कहा कि वे न्यू साउथ वेल्स में 'बंदूक रखने पर सख़्ती' से जुड़ा कानून लाने की कोशिश करेंगे.
मिन्स ने कहा, "मैंने देश में सबसे सख़्त बंदूक कानून लाने का दृढ़ संकल्प लिया है."
रविवार को बोंडी बीच पर यहूदी समुदाय के एक कार्यक्रम के दौरान हुई गोलीबारी में 15 लोगों की मौत हुई है.
दिल्ली एनसीआर में प्रदूषण के खतरनाक स्तर पर आज का
कार्टून.
दरभंगा के विधायक संजय सरावगी बने बिहार बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष
इमेज स्रोत, X/@sanjay_saraogi
इमेज कैप्शन, संजय सरावगी की नियुक्ति तत्काल प्रभाव से लागू होने की जानकारी दी गई है
यूपी बीजेपी का प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त करने के एक दिन बाद पार्टी ने सोमवार को बिहार बीजेपी का प्रदेश अध्यक्ष भी नियुक्त कर लिया है.
बीजेपी के राष्ट्रीय महासचिव अरुण सिंह की ओर से जारी पत्र में विधायक संजय सरावगी को बीजेपी बिहार का प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त किए जाने की जानकारी दी गई है.
इस पत्र में बताया गया है, "भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा ने संजय सरावगी, विधायक को बीजेपी बिहार का प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त किया है. यह नियुक्ति तत्काल प्रभाव से लागू होगी."
संजय सरावगी दरभंगा के विधायक हैं. वह दिलीप जायसवाल की जगह लेंगे, जो बिहार सरकार में मंत्री हैं.
रविवार को केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री और सात बार के लोकसभा सांसद पंकज चौधरी को उत्तर प्रदेश बीजेपी का प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त किया गया था.
वहीं रविवार को ही बिहार सरकार में मंत्री नितिन नबीन को बीजेपी का राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष नियुक्त किया गया.
नितिन नबीन ने आज सोमवार को बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा और गृह मंत्री अमित शाह की मौजूदगी में नई दिल्ली स्थित पार्टी मुख्यालय में अपना पदभार ग्रहण किया.
'वोट चोरी' कांग्रेस का मुद्दा, ‘इंडिया’ गठबंधन का इससे कोई लेना-देना नहीं: उमर अब्दुल्लाह
इमेज स्रोत, ANI
इमेज कैप्शन, जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्लाह ने कहा कि हर पार्टी को अपना एजेंडा तय करने की छूट है
जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्लाह ने कांग्रेस की ओर से उठाए गए 'वोट चोरी' के मुद्दे से अपनी पार्टी नेशनल कॉन्फ्रेंस को अलग बताया है. उन्होंने ये भी कहा कि विपक्षी दलों के इंडिया गठबंधन का इससे कोई लेना-देना नहीं है.
सोमवार को उमर अब्दुल्लाह ने कहा, " इंडिया गठबंधन को इससे कोई लेना-देना नहीं है. हर राजनीतिक दल को खुली छूट है कि वो अपने हिसाब से अपने राजनीतिक एजेंडा को सेट करे."
"अब कांग्रेस ने एसआईआर (स्पेशल इंटेंसिव रिवीज़न) या वोट चोरी को अपना मुख्य राजनीतिक मुद्दा बनाया है. ठीक है, हम कौन होते हैं उनसे कहने वाले कि वो ना करें. हम अपने मुद्दे चुनेंगे, वो अपने मुद्दे चुनें."
इससे एक दिन पहले कांग्रेस के शीर्ष नेताओं ने दिल्ली के रामलीला मैदान में मोदी सरकार पर 'वोट चोरी' का आरोप लगाते हुए एक रैली की थी.
इस दौरान राहुल गांधी ने कहा, "उनके (बीजेपी के) पास सत्ता है, वे वोट चोरी करते हैं...चुनाव के समय वे 10 हज़ार रुपये देते हैं."
राहुल गांधी ने मुख्य चुनाव आयुक्त और चुनाव आयुक्तों का नाम लेकर आरोप लगाया, "चुनाव आयोग बीजेपी सरकार के साथ मिलकर काम कर रहा है."
उन्होंने कहा, "प्रधानमंत्री मोदी ने चुनाव आयुक्त के लिए क़ानून बदला, नया क़ानून लेकर आए और कहा कि चुनाव आयुक्त कुछ भी करे, उन पर एक्शन नहीं लिया जा सकता, उन पर कार्रवाई नहीं हो सकती...हम इस क़ानून को बदलेंगे."
वहीं बीजेपी सांसद संबित पात्रा ने कांग्रेस की रैली पर कहा, "रामलीला मैदान में राहुल गांधी, प्रियंका वाड्रा और कांग्रेस पार्टी ने रैली करके चुनाव आयुक्त, चुनाव आयोग के ख़िलाफ़ जहर उगला है... यह पहली बार नहीं है...मगर उनके भाषा का स्तर देखिए, नाम लेकर उन्हें (चुनाव आयुक्तों को) धमकाना कहीं न कहीं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत की चुनाव प्रणाली को अपमानित करने की कोशिश करना है."
केरल अपहरण और गैंगरेप केस में कोर्ट के फ़ैसले पर अभिनेत्री बोलीं- मेरे मौलिक अधिकारों की रक्षा नहीं की, इमरान क़ुरैशी, बीबीसी हिन्दी के लिए
इमेज स्रोत, IMRAN QURESHI
इमेज कैप्शन, पुलिसकर्मी इस मामले के एक दोषी एनएस सुनील को अदालत से जेल ले जाते हुए
साल 2017 में केरल में एक अभिनेत्री के अपहरण और यौन उत्पीड़न मामले पर 12 दिसंबर को सेशन कोर्ट का फ़ैसला आया. कोर्ट के फ़ैसले पर अभिनेत्री ने रविवार को प्रतिक्रिया दी.
उन्होंने कहा कि कोर्ट ने उनके 'मौलिक अधिकारों की रक्षा नहीं की'.
उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म इंस्टाग्राम पर किए गए पोस्ट का शीर्षक दिया- "ये वे कारण हैं जिनकी वजह से इस ट्रायल कोर्ट से मेरा भरोसा उठ गया".
सेशन कोर्ट ने गैंग रेप, आपराधिक साज़िश, अपहरण, अवैध रूप से कैद में रखने, आपराधिक बल के इस्तेमाल, भरोसा तोड़ने और अश्लील तस्वीरें फैलाने के आरोपों में छह लोगों को 20 साल के जेल की सजा सुनाई.
हालांकि, कोर्ट ने अभिनेता दिलीप को यह कहते हुए बरी कर दिया कि अभियोजन पक्ष यह साबित करने में सफल नहीं रहा कि वह अभिनेत्री पर हुए हमले के मास्टरमाइंड थे.
अभिनेत्री ने अपनी पोस्ट में कहा, "मेरे मौलिक अधिकारों की रक्षा नहीं की गई. इस मामले में सबसे महत्वपूर्ण सबूत मेमोरी कार्ड को कोर्ट की कस्टडी में रहने के दौरान भी तीन बार अवैध रूप से एक्सेस किया गया."
उन्होंने कहा, "मैंने बार-बार मेमोरी कार्ड से छेड़छाड़ की उचित जांच की मांग की. लेकिन मुझे जांच रिपोर्ट कभी नहीं दी गई, जबकि मैंने कई बार इसके बारे में पूछा."
अभिनेत्री ने कहा, "यह फ़ैसला कई लोगों को चौंका सकता है, लेकिन मुझे हैरानी नहीं हुई. 2020 से ही मुझे महसूस होने लगा था कि कुछ ठीक नहीं है. अभियोजन पक्ष ने भी इस बात पर ध्यान दिया कि मामले को हैंडल करने के तरीक़े में बदलाव आ रहा था, ख़ासकर एक विशेष अभियुक्त के संदर्भ में."
उन्होंने कहा, "दो सरकारी वकीलों ने ख़ुद को इस मामले से यह कहते हुए अलग कर लिया कि अदालत का माहौल अभियोजन पक्ष के प्रति सही नहीं है. दोनों ने व्यक्तिगत तौर पर मुझसे कहा कि इस कोर्ट से इंसाफ़ की उम्मीद न करूं, क्योंकि उन्हें लगा कि कोर्ट का रवैया पक्षपाती है."
हालांकि, अभिनेत्री ने छह अभियुक्तों को दोषी ठहराए जाने पर "आभार" व्यक्त किया, लेकिन उन्होंने कहा, "जब मैं निष्पक्ष सुनवाई के लिए लड़ रही थी, तब अभियुक्तों ने याचिका दायर कर मांग की कि वही जज इस मामले की सुनवाई जारी रखें."
"इससे मेरे मन में और भी गंभीर संदेह पैदा हुए. मैंने अपनी चिंताएं बताते हुए भारत के राष्ट्रपति और प्रधानमंत्री को पत्र भी लिखा और हस्तक्षेप की मांग की."
उन्होंने कहा, "सालों के दर्द, आंसुओं और भावनात्मक संघर्ष के बाद मुझे एक कड़वी सच्चाई पता चली: 'इस देश में हर नागरिक के साथ क़ानून के सामने एक समान बर्ताव नहीं होता.' अंत में इस फ़ैसले ने मुझे यह अहसास कराया कि ह्यूमन जजमेंट किस तरह से फ़ैसलों को प्रभावित कर सकते हैं. मैं यह भी जानती हूं कि हर अदालत एक तरह से काम नहीं करती."
उन्होंने कहा कि वह इस लंबे सफ़र में उनके साथ खड़े रहने वाले हर व्यक्ति का दिल से धन्यवाद करती हैं.
उधर एक्टर दिलीप की पूर्व पत्नी और अभिनेत्री मंजू वारियर ने अपनी पोस्ट में कहा कि उनके मन में "अदालत के प्रति पूरा सम्मान है. लेकिन इस मामले में सर्वाइवर के लिए न्याय अभी अधूरा है. केवल अपराध को अंजाम देने वालों को सज़ा मिली है. जिसने इस जघन्य कृत्य की योजना बनाई और उसे संभव बनाया, वह चाहे कोई भी हो, अब भी आज़ाद घूम रहा है और यह भयावह है. न्याय तभी पूरा होगा जब इस अपराध के पीछे मौजूद हर व्यक्ति को जवाबदेह ठहराया जाएगा."
पत्रकार महेश लांगा को मनी लॉन्ड्रिंग मामले में सुप्रीम कोर्ट से अंतरिम ज़मानत मिली
इमेज स्रोत, Getty Images
सुप्रीम कोर्ट ने सोमवार को 'द हिंदू' के पत्रकार महेश लांगा को मनी लॉन्ड्रिंग के एक मामले में अंतरिम ज़मानत दे दी है.
यह मामला अहमदाबाद में प्रवर्तन निदेशालय यानी ईडी की ओर से दर्ज कथित वित्तीय धोखाधड़ी से जुड़ा है.
न्यूज़ एजेंसी पीटीआई के मुताबिक़, "मुख्य न्यायाधीश सूर्य कांत और न्यायमूर्ति जॉयमाल्या बागची और विपुल एम पम्चोली की पीठ ने इस मामले में विशेष अदालत को रोज़ाना सुनवाई करने का आदेश दिया है."
सुप्रीम कोर्ट ने महेश लांगा को भी यह निर्देश दिया है कि वह अपने ख़िलाफ़ लंबित मामले पर अख़बार में कोई लेख न लिखें.
बोंडी बीच हमले के बाद ग़मगीन लोग, देखिए तस्वीरें
इमेज स्रोत, Getty Images
ऑस्ट्रेलिया के सिडनी में बोंडी बीच पर हुए हमले में 15 लोगों की मौत हो गई है. हमले के बाद इलाक़े में दहशत और ग़मगीन माहौल है.
इमेज स्रोत, Getty Images
इमेज कैप्शन, रविवार रात हुई इस गोलीबारी में कई लोग घायल भी हुए हैं
इमेज स्रोत, Getty Images
इमेज कैप्शन, यह हमला उस समय हुआ, जब हनुक्का के जश्न के लिए एक हज़ार से ज़्यादा लोग एक कार्यक्रम में मौजूद थे
इमेज स्रोत, Getty Images
इमेज कैप्शन, न्यू साउथ वेल्स के पुलिस कमिश्नर मैल लैन्यन ने बताया कि दोनों बंदूकधारी 50 वर्षीय पिता और उसका 24 वर्षीय बेटा थे. स्थानीय मीडिया में उनके नाम साजिद और नवीद अकरम बताए गए हैं
इमेज स्रोत, Getty Images
इमेज कैप्शन, प्रधानमंत्री एंथनी अल्बनीज़ ने कहा है कि हमले का जवाब देने के लिए हर ज़रूरी संसाधन का इस्तेमाल किया जाएगा
इमेज स्रोत, Getty Images
इमेज कैप्शन, पुलिस ने कहा है कि सिडनी में यहूदी समुदाय को अतिरिक्त सुरक्षा और सहयोग देने के लिए 328 पुलिसकर्मी तैनात किए गए हैं
हॉलीवुड निर्देशक रॉब राइनर और उनकी पत्नी मिशेल घर में मृत पाए गए
इमेज स्रोत, Getty Images
इमेज कैप्शन, हॉलीवुड के दिग्गज फ़िल्म निर्माता रॉब राइनर
बीबीसी के सहयोगी सीबीएस न्यूज़ के मुताबिक़, हॉलीवुड के दिग्गज फ़िल्म निर्माता, निर्देशक और अभिनेता रॉब राइनर और उनकी पत्नी मिशेल अपने लॉस एंजेलिस स्थित घर में मृत पाए गए हैं.
अधिकारियों का कहना है कि इस मामले की जांच संभावित हत्या के तौर पर की जा रही है. रविवार दोपहर लॉस एंजेलिस के पॉश ब्रेंटवुड इलाके़ में स्थित उनके घर पर पुलिस और दमकलकर्मियों को बुलाया गया था.
पुलिस के मुताबिक़, घर के अंदर 78 साल के एक पुरुष और 68 साल की एक महिला का शव मिला. दोनों को मौके़ पर ही मृत घोषित कर दिया गया.
रॉब राइनर 'द प्रिंसेस ब्राइड', 'दिस इज़ स्पाइनल टैप', 'व्हेन हैरी मेट सैली' और 'अ फ्यू गुड मैन' जैसी चर्चित फ़िल्मों के निर्देशन के लिए जाने जाते हैं.
अधिकारियों ने फिलहाल मृतकों की औपचारिक पहचान या उनकी मौत के हालात को लेकर कोई जानकारी नहीं दी है.
ब्रेकिंग न्यूज़, बोंडी बीच पर हुए हमले से जुड़े हमलावरों के नाम आए सामने
इमेज स्रोत, Getty Images
ऑस्ट्रेलिया के सिडनी में बोंडी बीच पर हुए हमले से जुड़े हमलावरों को लेकर नई जानकारी सामने आई है.
स्थानीय मीडिया में उनके नाम साजिद और नवीद अकरम बताए गए हैं.
पुलिस ने इसे यहूदी समुदाय को निशाना बनाकर किया गया 'आतंकवादी हमला' कहा है.
इससे पहले न्यू साउथ वेल्स केपुलिस कमिश्नर माल लैन्यन ने कहा है कि दोनों हमलावर पिता और बेटा थे. पिता की उम्र 50 साल और बेटे की उम्र 24 साल बताई गई है.
बोंडी बीच पर गोलीबारी की घटना में 10 साल की एक बच्ची समेत 15 लोगों की मौत हो गई है.
जेपी नड्डा ने सोनिया गांधी से माफ़ी की मांग की, कांग्रेस की रैली में पीएम मोदी के लिए अपशब्दों के इस्तेमाल का आरोप
इमेज स्रोत, Sansad TV
इमेज कैप्शन, बीजेपी नेता जेपी नड्डा ने कांग्रेस पर निशाना साधा है
लोकसभा और राज्यसभा में सोमवार को हंगामे के बाद कार्यवाही दोपहर 12 बजे तक के लिए स्थगित कर दी गई.
दोनों ही सदनों में बीजेपी नेताओं ने कांग्रेस से मांग की कि वह रविवार को हुई एक रैली के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ख़िलाफ़ की गई टिप्पणियों के लिए माफ़ी मांगे.
इस मांग के बाद सदन में शोर-शराबा शुरू हो गया और कार्यवाही रोकनी पड़ी.
बीजेपी नेता जेपी नड्डा ने राज्यसभा में कांग्रेस सांसद सोनिया गांधी से टिप्पणी के लिए माफ़ी मांगने को कहा.
जेपी नड्डा ने कहा, "इस तरह के नारे कांग्रेस पार्टी की सोच और मानसिकता को दर्शाते हैं. एक प्रधानमंत्री के ख़िलाफ़ इस तरह की बात कहना अपने आप में बहुत निंदनीय है."
उन्होंने कहा, "कांग्रेस पार्टी की नेता आदरणीय सोनिया गांधी जी यहां बैठी हैं. इन्हें देश से माफ़ी मांगनी चाहिए."
प्रेस क्लब ऑफ़ इंडिया की पहली महिला अध्यक्ष चुनी गईं संगीता बरुआ
इमेज स्रोत, Nayanima Basu/X
इमेज कैप्शन, वरिष्ठ पत्रकार संगीता बरुआ
वरिष्ठ पत्रकार संगीता बरुआ पिशारोती रविवार को प्रेस क्लब ऑफ़ इंडिया की अध्यक्ष चुनी गई हैं.
इस पद पर चुनी जाने वाली वो पहली महिला हैं.
शनिवार को हुए चुनाव में पिशारोती की टीम ने सभी पदाधिकारियों और प्रबंध समिति की सीटों पर जीत दर्ज की.
न्यूज़ एजेंसी पीटीआई के मुताबिक़, टीम ने 21-0 के बड़े अंतर से चुनाव जीता.
अफ़ज़ल इमाम को क्लब का महासचिव चुना गया है. वहीं जतिन गांधी उपाध्यक्ष निर्वाचित हुए हैं.
स्क्वैश विश्व कप जीतने वाली भारतीय टीम को पीएम मोदी ने बधाई देते हुए ये कहा
इमेज स्रोत, Getty Images
स्क्वैश वर्ल्ड कप 2025 का ख़िताब जीतने पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भारतीय टीम को बधाई दी है.
भारतीय टीम ने चेन्नई में आयोजित एसडीएटी स्क्वैश वर्ल्ड कप जीत लिया है.
रविवार को फ़ाइनल में हांगकांग को हराकर भारतीय टीम पहली बार चैंपियन बनी. भारत ने फ़ाइनल 3-0 से जीता.
पीएम मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म एक्स पर लिखा, "पहली बार विश्व कप ख़िताब जीतकर इतिहास रचने वाली भारतीय स्क्वैश टीम को हार्दिक बधाई."
उन्होंने जोशना चिनप्पा, अभय सिंह, वेलावन सेंथिल कुमार और अनाहत सिंह के अच्छा प्रदर्शन करने पर उनकी तारीफ़ की.
प्रधानमंत्री ने लिखा, "उनकी इस सफलता ने पूरे देश को गर्व महसूस कराया है. यह जीत युवाओं के बीच स्क्वैश की लोकप्रियता को भी बढ़ावा देगी."
स्क्वैश विश्व कप में भारत का यह दूसरा पदक है. इससे पहले भारत 2023 वर्ल्ड कप में तीसरे स्थान पर रहा था.
इस जीत से भारत में स्क्वैश के विकास के लिए एक अच्छी नींव रखी जाने की उम्मीद की जा रही है.