You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.

Take me to the main website

पाकिस्तान में बाढ़ का हाल तस्वीरों में, करतारपुर साहिब में फंसे लोगों को बचाया गया

रावी नदी में आई भीषण बाढ़ के कारण पाकिस्तान और भारत की सीमा पर स्थित ऐतिहासिक रूप से महत्वपूर्ण गुरुद्वारा करतारपुर साहिब के परिसर में फंसे लोगों को बचाने का अभियान चलाया गया.

सारांश

लाइव कवरेज

अंशुल सिंह, संदीप राय

  1. महाराष्ट्र के पालघर में इमारत गिरने से दो लोगों की मौत और नौ घायल

    महाराष्ट्र में पालघर ज़िले के वसई में इमारत का एक हिस्सा गिरने से दो लोगों की मौत हो गई और नौ अन्य लोग घायल हो गए.

    समाचार एजेंसी पीटीआई को एक अधिकारी ने बुधवार को यह जानकारी दी. घायलों को मुंबई के बाहरी इलाके विरार और नालासोपारा के अलग-अलग अस्पतालों में भर्ती कराया गया है.

    अधिकारी ने बताया कि वसई के नारंगी रोड पर मौजूद चार मंजिला रमाबाई अपार्टमेंट का पिछला हिस्सा मंगलवार आधी रात 12 बजकर पांच मिनट पर पास की एक चॉल पर गिर गया.

    वसई-विरार नगर निगम (वीवीएमसी) के अधिकारी ने बताया कि बचावकर्मियों ने मलबे से अब तक 11 लोगों को निकाला है और इनमें से दो को मृत घोषित कर दिया गया है.

    पालघर के जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी विवेकानंद कदम ने कहा, "हमने 24 वर्षीय आरोही ओंकार जोविल और एक वर्षीय उत्कर्षा जोविल को दुर्भाग्य से खो दिया है. दोनों मलबे के नीचे बेहोश पाई गई थीं और अस्पताल पहुंचने पर उन्हें मृत घोषित कर दिया गया."

    अधिकारियों के मुताबिक़, अग्निशमन विभाग और एनडीआरएफ़ की दो टीमों को दुर्घटनास्थल पर भेजा गया है.

  2. पॉप स्टार टेलर स्विफ़्ट ने ट्रैविस केल्सी से की सगाई, इंस्टाग्राम पर शेयर की तस्वीरें

    पॉप स्टार टेलर स्विफ़्ट ने अपने पार्टनर ट्रैविस केल्सी के साथ सगाई की घोषणा की है.

    इंस्टाग्राम पर टेलर ने लिखा: "तुम्हारी इंग्लिश टीचर और जिम टीचर शादी कर रहे हैं."

    उन्होंने पोस्ट के साथ तस्वीरें साझा कीं, जिनमें ट्रैविस, टेलर को प्रपोज करते दिख रहे हैं. तस्वीरों में दोनों एक-दूसरे को गले लगाते और हाथ पकड़े नजर आए, जिसमें टेलर की सगाई वाली डायमंड रिंग दिख रही है.

    इस इंस्टाग्राम पोस्ट को अब तक क़रीब 25 लाख लाइक मिल चुके हैं.

    ट्रैविस केल्सी एक अमेरिकी फ़ुटबॉल खिलाड़ी हैं, जो नेशनल फुटबॉल लीग में कैनसस सिटी चीफ़्स के लिए खेलते हैं.

    अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने दोनों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि 'वह (ट्रैविस केल्सी) एक महान खिलाड़ी हैं और मुझे लगता है कि वह एक शानदार इंसान हैं.'

  3. पाकिस्तान के पंजाब में बाढ़ के कारण हालात ख़तरनाक, छह ज़िलों में सेना की मांग

    पाकिस्तान के पंजाब प्रांत के छह ज़िलों में बाढ़ की स्थिति को देखते हुए, राज्य के गृह मंत्रालय ने केंद्रीय गृह मंत्रालय को पत्र लिखकर सेना की तैनाती की मांग की है.

    पंजाब प्रांत के जिन छह ज़िलों में तुरंत सेना की तैनाती की मांग की गई है- उनमें लाहौर, कसूर, सियालकोट, फ़़ैसलाबाद, नारोवाल और ओकारा शामिल हैं.

    पंजाब गृह मंत्रालय के प्रवक्ता की ओर से जारी बयान में कहा गया कि पंजाब की मुख्यमंत्री मरियम नवाज़ के निर्देश पर ज़िला प्रशासन की मदद के लिए सेना को बुलाया गया है.

    बयान में आगे कहा गया कि ज़िला प्रशासन, प्रांतीय आपदा प्रबंधन एजेंसी (पीडीएमए), रेस्क्यू 1122, सिविल डिफ़ेंस और पुलिस पहले से ही मोर्चे पर अपनी ज़िम्मेदारियां निभा रही है.

    बयान में यह भी कहा गया कि पंजाब के इन छह ज़िलों में सेना की संख्या ज़िला प्रशासन से परामर्श करके तय की जाएगी.

    हालांकि, ज़रूरत के अनुसार सेना की ओर से हवाई सहायता और अन्य संसाधन भी बाढ़ प्रभावित इलाकों में दिए जाएंगे.

    बयान के मुताबिक़, पंजाब सरकार की सभी संबंधित एजेंसियां बाढ़ की स्थिति पर नज़र रख रही हैं और लोगों की जान और संपत्ति की सुरक्षा के लिए समय पर सभी संभव कदम उठाए जा रहे हैं.

  4. जम्मू-कश्मीर: बाढ़ में फंसे 22 जवानों और तीन नागरिकों को रेस्क्यू किया गया

    जम्मू-कश्मीर में बारिश और भूस्खलन के कारण कठुआ में बाढ़ में फंसे 22 जवानों और तीन नागरिकों को रेस्क्यू किया गया है.

    समाचार एजेंसी पीटीआई के मुताबिक़, सीआरपीएफ़ कैंप क्षतिग्रस्त होने के कारण ये लोग फंसे हुए थे.

    पीटीआई से बातचीत में सेना के अधिकारी ने बताया, "देर रात हमें पता चला कि पानी का स्तर काफी बढ़ गया है. यहां पुल से जुड़ने वाला हिस्सा भी बह गया और इलाक़ा पानी में डूब गया. हमें जानकारी मिली कि कुछ सीआरपीएफ़ जवान फंसे हुए हैं. इसके बाद एसडीआरएफ़, एनडीआरएफ़ और आर्मी ने मिलकर बचाव अभियान शुरू किया."

    "सुबह होते ही आर्मी ने हेलिकॉप्टर से राहत और बचाव कार्य किया. आर्मी के हेलिकॉप्टर ने 22 सीआरपीएफ़ जवानों, एक डॉग और तीन आम लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला. सभी सुरक्षित हैं और किसी की जान नहीं गई है."

    जम्मू क्षेत्र में बारिश और भूस्खलन के कारण आठ लोगों की मौत हो गई है. वैष्णो देवी यात्रा रोक दी गई है. मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्लाह ने क्षेत्र की स्थिति पर चिंता जताई है.

  5. अमेरिकी टैरिफ़ पर पीएम मोदी और फ़िजी के प्रधानमंत्री के बीच क्या बातचीत हुई?

    अमेरिका की ओर से भारत पर 50 प्रतिशत टैरिफ़ लगाए जाने पर फ़िजी के प्रधानमंत्री सितवेनी लिगामामादा राबुका ने प्रतिक्रिया दी है.

    मंगलवार को पीएम राबुका ने कहा कि उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को बताया कि हो सकता है कोई व्यक्ति 'आपसे बहुत ख़ुश नहीं है लेकिन आपका व्यक्तित्व इतना बड़ा है कि आप उन असहज स्थितियों को झेल सकते हैं.'

    समाचार एजेंसी पीटीआई के मुताबिक़, राबुका ने दिल्ली में सप्रू हाउस में भारतीय वैश्विक परिषद (आईसीडब्ल्यूए) की तरफ़ से आयोजित 'शांति का महासागर' विषय पर भाषण देने के बाद पीएम मोदी के साथ अपनी बातचीत का ब्योरा साझा किया.

    पीएम राबुका ने कहा, "मेरी अमेरिका के राष्ट्रपति से कोई व्यक्तिगत बातचीत नहीं हुई है. मैंने रूस के राष्ट्रपति के साथ द्विपक्षीय बैठक का अनुरोध किया है. मेरी ब्रिटेन के प्रधानमंत्री के साथ द्विपक्षीय बैठक हुई है. कल जब हमने बातचीत की, तो मैंने कहा कि अब जो कुछ हो रहा है, उसका असर अमेरिका के साथ आपके (भारत) रिश्तों पर पड़ रहा है."

    अमेरिका ने भारत पर कुल 50 फ़ीसदी टैरिफ़ लगाया है जो बुधवार यानी आज से लागू हो रहा है.

  6. भारत पर आज से 50 फ़ीसदी अमेरिकी टैरिफ़ लागू, अमेरिका ने जारी किया नोटिस

    अमेरिकी सरकार ने भारत पर लगाए गए 25 फीसदी अतिरिक्त टैरिफ़ को लागू करने के लिए आधिकारिक नॉटिफ़िकेशन जारी कर दिया है.

    यह टैरिफ़ बुधवार यानी 27 अगस्त को भारतीय समयानुसार सुबह 9:30 बजे से लागू होगा.

    पहले टैरिफ़ की दर 25 फ़ीसदी थी और इस तरह भारत पर कुल 50 फ़ीसदी टैरिफ़ लगेगा.

    नोटिस में कहा गया कि 27 अगस्त 2025 को या उसके बाद इस्तेमाल के लिए आने वाला या गोदाम से निकाला गया कोई भी भारतीय सामान इस बढ़े हुए टैरिफ़ के दायरे में आएगा.

    भारत पर 50 फ़ीसदी टैरिफ़ लगाने के पीछे ट्रंप का कहना है कि भारत रूस से कच्चा तेल ख़रीदकर यूक्रेन के ख़िलाफ़ जंग में रूस की मदद कर रहा है. जबकि भारत ने ट्रंप के इस फ़ैसले को 'अनुचित, अकारण और तर्कहीन' बताया था.

    भारत पर अमेरिकी टैरिफ़

    • अप्रैल 2025: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की ओर से भारत पर 26 प्रतिशत टैरिफ़ लगाने की घोषणा की गई थी लेकिन बाद में इस फ़ैसले को 90 दिनों के लिए टाल दिया गया
    • जुलाई 2025: राष्ट्रपति ट्रंप ने घोषणा की कि एक अगस्त से भारतीय वस्तुओं पर 25 प्रतिशत टैरिफ़ लागू होगा
    • अगस्त 2025: 25 फ़ीसदी टैरिफ़ के बाद ट्रंप ने अतिरिक्त 25 प्रतिशत टैरिफ़ लगाने की घोषणा की और टैरिफ़ की कुल दर 50 फ़ीसदी हो गई
    • अब 27 अगस्त से भारतीय सामानों पर 50 प्रतिशत टैरिफ़ लग रहा है
  7. ट्रंप के फ़ैसले के ख़िलाफ़ कोर्ट जाएंगी फ़ेडरल रिजर्व की गवर्नर लिसा कुक, क्या है मामला?, स्टुअर्ट लाउ और पीटर होस्किन्स, बीबीसी न्यूज़

    अमेरिका के फ़ेडरल रिज़र्व की गवर्नर लिसा कुक राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के फ़ैसले को अदालत में चुनौती देंगी.

    ट्रंप ने लिसा कुक को पद से हटाने का आदेश दिया था. अब राष्ट्रपति और अमेरिकी केंद्रीय बैंक के बीच टकराव की स्थिति बन सकती है.

    लिसा कुक के वकील एबी डेविड लोवेल ने बयान में कहा, "राष्ट्रपति ट्रंप को फ़ेडरल रिज़र्व की गवर्नर लिसा कुक को हटाने का अधिकार नहीं है."

    राष्ट्रपति ने कहा है कि यह मानने का के पर्याप्त कारण हैं कि कुक ने मॉर्टगेज से जुड़े दस्तावेजों में ग़लत जानकारी दी थी.

    उन्होंने संवैधानिक अधिकारों का हवाला दिया जिनसे उन्हें उसे हटाने की अनुमति मिलती है.

    यह पहला मौक़ा है जब किसी अमेरिकी राष्ट्रपति ने फ़ेडरल रिजर्व के किसी गवर्नर को हटाने की कोशिश की है.

    लिसा कुक, जेरोम पॉवेल और बोर्ड के ज़्यादातर अन्य सदस्यों ने जुलाई के अंत में हुई फ़ेडरल रिज़र्व की पिछली बैठक में अमेरिकी ब्याज दरों को बरकरार रखने के पक्ष में वोट दिया था.

    ट्रंप केंद्रीय बैंक पर ब्याज दरों में कटौती का लगातार दबाव बना रहे हैं और एक टकराव जैसी स्थिति बनी हुई है.

    लिसा कुक को 2022 में ट्रंप के पूर्ववर्ती डेमोक्रेट राष्ट्रपति जो बाइडेन ने नियुक्त किया था. वह इस पद पर काम करने वाली पहली अफ्रीकी-अमेरिकी महिला हैं.