ज़ोहरान ममदानी ने आईसीई एजेंटों के लिए न्यायिक वॉरंट अनिवार्य किया
इमेज स्रोत, Getty Images
इमेज कैप्शन, ज़ोहरान ममदानी ने शुक्रवार को एक कार्यक्रम में इस ऑर्डर की घोषणा की
न्यूयॉर्क सिटी के मेयर ज़ोहरान ममदानी ने एक एग्ज़ेक्यूटिव ऑर्डर पर साइन किया है. उन्होंने बताया इसका मक़सद शहर में रहने वालों को ग़लत इमिग्रेशन कार्रवाई से बचाने के लिए उन्हें मज़बूत सुरक्षा देना है.
ममदानी ने शुक्रवार को एक कार्यक्रम में इस ऑर्डर की घोषणा की.
ममदानी ने कहा, "यह ऑर्डर प्रवासियों और सार्वजनिक सुरक्षा के प्रति हमारी प्रतिबद्धता की एक बड़ी पुष्टि है."
इसमें कहा गया है कि न्यूयॉर्क के पार्किंग गैरेज, पार्किंग लॉट, स्कूल, शेल्टर, अस्पताल और दूसरे सार्वजनिक स्थान पर फ़ेडरल अधिकारी बिना न्यायिक वारंट के प्रवेश नहीं कर सकते.
आईसीई (इमिग्रेशन एंड कस्टम्स एनफ़ोर्समेंट) एजेंटों पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा, "इस पूरे देश में हम ऐसी क्रूरता देख रहे हैं जो हमारी अंतरात्मा को झकझोर देती है. नकाबपोश एजेंट, जिन्हें हमारे ही टैक्स के पैसों से सैलरी मिलती है, संविधान का उल्लंघन करते हैं और हमारे लोगों पर हिंसक कार्रवाई करते हैं."
ग्राउंड रिपोर्ट: दिल्ली के जनकपुरी में गड्ढे में गिरकर गई युवक की जान, क्या बोला परिवार
इमेज स्रोत, ANI
इमेज कैप्शन, दिल्ली के जनकपुरी इलाके की घटना
दिल्ली के जनकपुरी इलाके में एक 25 साल के युवक की गहरे गड्ढे में गिरकर मौत हो गई. मृतक के परिवार ने क्या बताया, देखिए ये ग्राउंड रिपोर्ट.
इस लेख में Google YouTube से मिली सामग्री शामिल है. कुछ भी लोड होने से पहले हम आपकी इजाज़त मांगते हैं क्योंकि उनमें कुकीज़ और दूसरी तकनीकों का इस्तेमाल किया गया हो सकता है. आप स्वीकार करने से पहले Google YouTube cookie policy और को पढ़ना चाहेंगे. इस सामग्री को देखने के लिए 'अनुमति देंऔर जारी रखें' को चुनें.
चेतावनी: बीबीसी दूसरी वेबसाइट्स की सामग्री के लिए ज़िम्मेदार नहीं है. YouTube सामग्री में विज्ञापन हो सकते हैं.
पोस्ट YouTube समाप्त
इस्लामाबाद में हुए धमाके पर दुनिया भर के नेताओं ने क्या कहा
इमेज स्रोत, Aamir QURESHI / AFP via Getty Images
इमेज कैप्शन, इस्लामाबाद के शिया इमामबाड़े में शुक्रवार को 'आत्मघाती धमाका' हुआ
इस्लामाबाद के शिया इमामबाड़े में शुक्रवार को हुए बम धमाके पर संयुक्त राष्ट्र के महासचिव एंटोनियो गुटेरेस सहित दुनिया भर के नेताओं ने प्रतिक्रिया दी है.
इस धमाके में 30 से ज़्यादा लोगों की मौत हुई है और 170 से ज़्यादा लोग घायल हुए हैं.
संयुक्त राष्ट्र के महासचिव एंटोनियोगुटेरेस ने एक्स पर पोस्ट किया, "मैं पाकिस्तान के इस्लामाबाद में एक मस्जिद में नमाज़ियों पर हुए हमले की निंदा करता हूं. नागरिकों और पूजा स्थलों पर हमले बर्दाश्त नहीं किए जा सकते. इसके लिए ज़िम्मेदार लोगों की पहचान करके उन्हें सज़ा मिलनी चाहिए."
कनाडा के प्रधानमंत्री मार्क कार्नी ने कहा, "पाकिस्तान के इस्लामाबाद के पास एक मस्जिद में हुए बम धमाके के बारे में जानकर बहुत दुःख हुआ, जिसमें कम से कम 31 लोगों की मौत हो गई और 150 से ज़्यादा लोग घायल हो गए."
उन्होंने पाकिस्तान के लोगों, पीड़ितों, घायलों और उनके प्रियजनों के प्रति कनाडा का समर्थन व्यक्त किया.
ब्रिटेन की विदेश मंत्री यवेट कूपर ने एक्स पर पोस्ट किया, "मेरी संवेदनाएं पीड़ितों, परिवारों और सभी प्रभावित लोगों के साथ हैं. ब्रिटेन आतंकवाद के ख़िलाफ़ लड़ाई में और ऐसी बेमतलब हिंसा से प्रभावित सभी समुदायों के समर्थन में पाकिस्तान के साथ है."
अज़रबैजान के विदेश मंत्रालय ने कहा, "हम हिंसा और आतंकवाद के इस घिनौने कृत्य की कड़ी निंदा करते हैं...अज़रबैजान पाकिस्तान के साथ खड़ा है और शांति, स्थिरता और आतंकवाद के सभी रूपों के ख़िलाफ़ लड़ाई में अपने पक्के समर्थन की पुष्टि करता है."
जर्मनी के विदेश मंत्री जोहान वाडेफुल ने पोस्ट किया, "इस्लामाबाद की एक मस्जिद में हुए भयानक आत्मघाती बम हमले के बारे में सुनकर मुझे बहुत दुःख हुआ है. मेरी संवेदनाएं पीड़ितों और उनके परिवारों के साथ हैं. इस मुश्किल समय में जर्मनी पाकिस्तान के साथ है."
भारतीय विदेश मंत्रालय ने एक बयान जारी कर कहा है, "इस्लामाबाद की एक मस्जिद में हुआ बम धमाका निंदनीय है और भारत इसमें हुई मौतों पर शोक ज़ाहिर करता है."
ट्रंप ने ओबामा पर अपमानजक क्लिप वाली पोस्ट हटाई, सफ़ाई में ये कहा, बर्न्ड डेबसमैन जूनियर, व्हाइट हाउस रिपोर्टर
इमेज स्रोत, Getty Images
इमेज कैप्शन, ट्रंप ने कहा कि उन्हें नहीं पता था कि वीडियो में ओबामा के बारे में किसी तरह का अपमानजनक चित्रण है
अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने सोशल मीडिया से वो वीडियो हटा दिया है, जिसमें पूर्व राष्ट्रपति बराक ओबामा और मिशेल ओबामा को लेकर एक नस्लवादी क्लिप शामिल थी.
'द लायन स्लीप्स टुनाइट' गाने पर 62-सेकंड के वीडियो के आख़िर में यह क्लिप थी, जिसे ट्रंप ने 2020 के राष्ट्रपति चुनाव में 'वोटर फ़्रॉड' के दावों के साथ शेयर किया था.
शुक्रवार को पत्रकारों से बात करते हुए ट्रंप ने कहा, "मैंने कोई ग़लती नहीं की."
उन्होंने कहा कि पोस्ट करने से पहले उन्होंने वीडियो की सिर्फ़ शुरुआत देखी थी और उन्हें नहीं पता था कि इसमें ओबामा के बारे में किसी तरह का अपमानजनक चित्रण है.
इसके लिए उन्होंने अपने स्टाफ़ के एक सदस्य को दोषी ठहराया.
यह वीडियो ट्रंप के ट्रुथ सोशल पर लगभग बारह घंटे तक रहा. व्हाइट हाउस ने शुरू में इस क्लिप का बचाव करते हुए इसे "इंटरनेट मीम वीडियो" बताया था.
लेकिन कड़े विरोध के बाद पोस्ट को ट्रंप के ट्रुथ सोशल अकाउंट से हटा लिया गया.
मेघालय की अवैध खदान से चार और शव बरामद, मरने वालों की संख्या 25 हुई, दिलीप कुमार शर्मा, गुवाहाटी से बीबीसी हिन्दी के लिए
इमेज स्रोत, ANI
इमेज कैप्शन, अब तक बरामद किए गए शवों में से 17 शवों की पहचान कर ली गई है
मेघालय के ईस्ट जयंतिया हिल्स ज़िले में अवैध कोयला खदान में हुए धमाके में मरने वालों की संख्या 25 हो गई है.
ईस्ट जयंतिया हिल्स ज़िले के पुलिस अधीक्षक विकास कुमार ने बीबीसी न्यूज़ हिन्दी को बताया, "रेस्क्यू टीमों ने ऑपरेशन के दौरान खदान से चार और शव बरामद किए हैं. थांगस्को इलाके के मिनसिनगाट में माइनिंग की घटना के सिलसिले में आज भी सर्च और रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है."
मेघालय के उमप्लेंग पुलिस चौकी के अधिकार क्षेत्र में गुरुवार की सुबह एक अवैध कोयला खदान में संदिग्ध डायनामाइट धमाका हुआ था. जानकारी के अनुसार, उस खदान में कई मजदूर काम कर रहे थे.
पुलिस अधीक्षक विकास कुमार ने बताया कि घटना में गंभीर रूप से घायल तीन मज़दूरों की मौत हो गई है.
उन्होंने बताया, "इस घटना में मरने वालों की कुल संख्या बढ़कर 25 हो गई है. अब तक बरामद किए गए शवों में से 17 शवों की पहचान कर ली गई है और सभी ज़रूरी क़ानूनी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद शव रिश्तेदारों को सौंप दिए गए हैं."
इमेज स्रोत, ANI
इमेज कैप्शन, रेस्क्यू टीमों ने खदान से चार और शव बरामद किए हैं
इस घटना के संबंध में खलीहरियात पुलिस स्टेशन में एफ़आईआर दर्ज की गई है.
ये एफ़आईआर बीएनएस की धारा 105 (गैर-इरादतन हत्या), 118(2) (ख़तरनाक साधनों से गंभीर चोट पहुंचाना), 3(5) (कई व्यक्तियों का साझा इरादे से अपराध करना) के साथ-साथ माइंस एंड मिनरल्स (डेवलपमेंट एंड रेगुलेशन) एक्ट की धारा 21/21(1) (अवैध खनन, परिवहन और भंडारण) और एक्सप्लोसिव सब्सटेंस एक्ट की धारा 3 (जीवन या संपत्ति को ख़तरे में डालने वाला विस्फ़ोट करना) के तहत दर्ज की गई है.
पुलिस ने जिन दो खदान मालिकों को गिरफ़्तार किया उनकी शिनाख़्त फ़ॉर्मे चिरमांग और शमेही वार के तौर पर की गई है. फ़िलहाल इन दोनों अभियुक्तों को तीन दिन की पुलिस हिरासत में भेज दिया गया है.
नेशनल डिज़ास्टर रिस्पॉन्स फ़ोर्स, स्टेट डिज़ास्टर रिस्पॉन्स फ़ोर्स और एक स्पेशल रेस्क्यू यूनिट की टीमें घटनास्थल पर बचाव और तलाशी अभियान चला रही हैं.
एसपी ने बताया, "तलाशी अभियान अभी भी जारी है, और बचे हुए पीड़ितों को ढूंढने और पहचान की प्रक्रिया को जल्द से जल्द पूरा करने के लिए सभी प्रयास किए जा रहे हैं."
इस्लामाबाद के शिया इमामबाड़े में धमाका: भारत ने दी प्रतिक्रिया, ख़्वाजा आसिफ़ ने जताया था संदेह
इमेज स्रोत, ANI
इमेज कैप्शन, भारतीय विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने इस्लामाबाद में हुए धमाके पर भारत का बयान जारी किया है
इस्लामाबाद के तरलाई इलाके के इमामबाड़ा में हुए धमाके पर भारत के विदेश मंत्रालय ने एक बयान जारी करते हुए इसकी निंदा की है.
इस धमाके में कम से कम 31 लोगों की मौत हो गई है और 160 से ज़्यादा लोग घायल हुए हैं.
पाकिस्तान के उप प्रधानमंत्री और विदेश मंत्री मोहम्मद इसहाक़ डार ने कहा कि इस्लामाबाद में एक शिया इमामबाड़े में शुक्रवार की नमाज़ के दौरान बेगुनाह नमाज़ियों पर आत्मघाती हमला हुआ."
भारतीय विदेश मंत्रालय ने कहा है, "इस्लामाबाद की एक मस्जिद में हुआ बम धमाका निंदनीय है और भारत इसमें हुई मौतों पर शोक ज़ाहिर करता है."
"यह दुर्भाग्यपूर्ण है कि पाकिस्तान अपनी सामाजिक समस्याओं को गंभीरता से सुलझाने की बजाए, अपनी घरेलू बुराइयों के लिए दूसरों को दोष देकर ख़ुद को धोखा दे रहा है."
"भारत ऐसे किसी भी आरोप को ख़ारिज करता है, जो कि आधारहीन है."
ख़्वाज़ा आसिफ़ ने एक सोशल मीडिया पोस्ट में कहा कि यह "साबित हो गया है" कि हमलावर अफ़ग़ानिस्तान आया-गया था, और "भारत और अफ़ग़ानिस्तान की मिलीभगत सामने आ रही है."
अफ़ग़ानिस्तान की तालिबान सरकार ने ख़्वाज़ा आसिफ़ की टिप्पणियों को "अफ़सोसजनक" बताया, और कहा कि पाकिस्तानी मंत्री ने "बिना कोई ठोस सबूत पेश किए जल्दबाज़ी में इस घटना का आरोप अफ़ग़ानिस्तान पर लगाने की कोशिश की."
आईसीसी मेन्स टी20 वर्ल्ड कप 2026 से बाहर हुए तेज़ गेंदबाज़ हर्षित राणा
इमेज स्रोत, Alex Davidson-ICC/ICC via Getty Images
इमेज कैप्शन, हर्षित राणा को घुटने में चोट लगी
भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) ने आईसीसी मेन्स टी20 वर्ल्ड कप 2026 से तेज़ गेंदबाज़ हर्षित राणा के बाहर होने की जानकारी दी है.
बीसीसीआई की ओर से शुक्रवार को जारी एक मीडिया एडवाइज़री में बताया गया है कि हर्षित राणा को घुटने की चोट के कारण अनफ़िट घोषित किया गया है.
इसमें बताया गया, "टीम इंडिया के तेज़ गेंदबाज़ हर्षित राणा 4 फ़रवरी 2026 को नवी मुंबई में दक्षिण अफ़्रीका के ख़िलाफ़ वार्म-अप मैच के दौरान घुटने में चोट लगने के कारण आने वाले आईसीसी मेन्स टी20 वर्ल्ड कप 2026 से बाहर हो गए हैं."
"बीसीसीआई मेडिकल टीम ने उन्हें टूर्नामेंट में खेलने के लिए अनफ़िट घोषित कर दिया है. मोहम्मद सिराज हर्षित की जगह टीम में शामिल होंगे."
भारत की अपडेटेड टीम: सूर्य कुमार यादव (कप्तान), अभिषेक शर्मा, संजू सैमसन (विकेट कीपर), ईशान किशन (विकेट कीपर), तिलक वर्मा, हार्दिक पांड्या, शिवम दुबे, अक्षर पटेल (उप कप्तान), रिंकू सिंह, जसप्रीत बुमराह, अर्शदीप सिंह, कुलदीप यादव, वरुण चक्रवर्ती, वाशिंगटन सुंदर, मोहम्मद सिराज.
भारत और श्रीलंका में 7 फ़रवरी से आईसीसी टी-20 वर्ल्ड कप 2026 शुरू होने जा रहा है जो आठ मार्च तक चलेगा. 7 फ़रवरी यानी आज मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में टीम इंडिया और अमेरिका का मैच होना है.
बिहार: पूर्णिया के सांसद पप्पू यादव 1995 के एक मामले में गिरफ़्तार, सीटू तिवारी, पटना से बीबीसी संवाददाता
इमेज स्रोत, ANI
इमेज कैप्शन, निर्दलीय सांसद पप्पू यादव को पटना पुलिस ने गिरफ़्तार किया (फ़ाइल फ़ोटो)
बिहार के पूर्णिया से निर्दलीय सांसद पप्पू यादव को 1995 के एक मामले में पटना पुलिस ने शुक्रवार देर रात उनके घर से गिरफ़्तार किया है.
पप्पू यादव को गिरफ़्तार करने के लिए पटना पुलिस शुक्रवार की रात उनके मंदिरी स्थित आवास पर पहुंची थी.
पटना के एसपी सिटी भानु प्रताप सिंह ने बताया, "1995 का एक मामला है, बीएनएस के स्थान पर जो पहले आईपीसी थी, उसकी धारा 419 (ग़लत पहचान बताकर धोखाधड़ी), 420 (धोखाधड़ी और बेईमानी से संपत्ति सौंपने के लिए प्रेरित करना), 468 (धोखा देने के मक़सद से फ़र्ज़ी दस्तावेज बनाना), 448 (किसी के घर में अवैध रूप से प्रवेश), 506 (आपराधिक धमकी) और 120बी (आपराधिक साजिश), के तहत गिरफ़्तारी सुनिश्चित की जा रही है."
"यह गर्दनीबाग थाने का मामला है. इसमें न्यायालय द्वारा ट्रायल केस चल रहा था, जिसमें सांसद को उपस्थित होना था लेकिन वे तय तारीख़ पर उपस्थित नहीं हुए थे. इस कारण उनकी गिरफ़्तारी की जा रही है."
पहले पप्पू यादव ने रात का हवाला देते हुए पुलिस के साथ जाने से इनकार किया. हालांकि, देर रात उन्हें गिरफ़्तार कर लिया गया और मेडिकल जांच के लिए अस्पताल ले जाया गया.
वहीं पप्पू यादव ने कहा, "...कुछ ठीक नहीं कि मेरे साथ क्या होगा, मेरी तबियत ठीक नहीं है."
पटना की विशेष अदालत ने कुछ दिन पहले करीब 31 साल पुराने एक मामले में पप्पू यादव सहित तीन अभियुक्तों के ख़िलाफ़ कुर्की का आदेश दिया था.
पटना के गर्दनीबाग थाने में शिकायत दर्ज कराई गई थी. शिकायतकर्ता का नाम विनोद बिहारी लाल है, जिन्होंने आरोप लगाया था कि उनके मकान को धोखे से किराए पर लिया गया.
मकान मालिक को बाद में जानकारी हुई थी कि उनके मकान का इस्तेमाल पप्पू यादव का ऑफ़िस चलाने के लिए किया जा रहा है. आरोप है कि मकान को किराए पर लेते वक़्त इस बात को छिपाया गया था.
नमस्कार!
बीबीसी न्यूज़ हिन्दी के लाइव पेज पर आपका स्वागत है.
मैं बीबीसी संवाददाता सुरभि गुप्ता अब से दोपहर दो बजे तक आप तक अहम ख़बरें पहुंचाऊंगी.
कल के लाइव पेज की ख़बरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें.
हमारे पेज पर मौजूद कुछ अहम ख़बरों को पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक्स पर क्लिक करें.