मणिपुर: सीआरपीएफ जवान ने अपने ही साथियों पर चलाई गोली, 2 की मौत, बाद में खुद की भी ली जान

मणिपुर पुलिस ने बताया कि गुरुवार को मणिपुर के एक कैंप में सीआरपीएफ के एक जवान ने अपने दो सहयोगियों की हत्या कर दी और आठ अन्य को घायल कर दिया और फिर खुद की जान ले ली.

सारांश

लाइव कवरेज

हिमांशु दुबे, इफ़्तेख़ार अली

  1. यूक्रेन के राष्ट्रपति ज़ेलेंस्की से ट्रंप ने की फ़ोन पर बात, मुलाक़ात को लेकर कही ये बात

    व्हाइट हाउस की प्रेस सचिव कैरोलिन लेविट

    इमेज स्रोत, @WhiteHouse

    इमेज कैप्शन, व्हाइट हाउस की प्रेस सचिव कैरोलिन लेविट

    अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर ज़ेलेंस्की से फ़ोन पर बातचीत की.

    इससे पहले, ट्रंप ने रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन से बात की थी. यह जानकारी बुधवार को व्हाइट हाउस की प्रेस सचिव कैरोलिन लेविट ने दी.

    लेविट ने बताया, “ज़ेलेंस्की और ट्रंप के बीच हुई बातचीत ‘बहुत सकारात्मक’ रही. अमेरिकी सरकार ‘शांति समझौते’ और रूस और यूक्रेन के बीच जारी जंग को ख़त्म करवाने के लिए प्रतिबद्ध है.”

    लेविट ने राष्ट्रपति ट्रंप के हवाले से बताया कि अमेरिका और यूक्रेन के नेताओं के बीच शुक्रवार को म्यूनिख़ में होने वाली मुलाक़ात को लेकर बातचीत हुई है.

    वहां अमेरिका के उप-राष्ट्रपति जेडी वेंस और विदेश मंत्री मार्को रूबियो प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व करेंगे.

    इस बीच, यूक्रेन के राष्ट्रपति ज़ेलेंस्की ने एक्स पर लिखा, “राष्ट्रपति ट्रंप के साथ लंबी और विस्तृत बातचीत हुई. मैं इस बात की सराहना करता हूं कि वो इस बात में दिचस्पी ले रहे हैं कि हम किस तरह मिलकर शांति स्थापित कर सकते हैं. उन्होंने (ट्रंप) मुझे बताया कि राष्ट्रपति पुतिन ने उनसे क्या कहा.”

    इससे पहले, अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन से जल्द ही मिलने की बात कही थी.

    हालांकि, राष्ट्रपति ट्रंप ने रूस के राष्ट्रपति पुतिन से मुलाक़ात करने के लिए कोई तारीख़ नहीं तय की है. मगर, व्हाइट हाउस में उन्होंने रिपोर्टर्स से कहा, “हम सऊदी अरब में मिलेंगे”.

  2. अमेरिकी ख़ुफ़िया विभाग की प्रमुख तुलसी गबार्ड से मोदी की मुलाक़ात, क्या हुई बात?

    पीएम मोदी के साथ तुलसी गबार्ड

    इमेज स्रोत, @narendramodi

    इमेज कैप्शन, पीएम मोदी के साथ तुलसी गबार्ड

    भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अमेरिका में तुलसी गबार्ड से मुलाक़ात की.

    बुधवार को तुलसी गबार्ड को अमेरिका की डायरेक्टर ऑफ़ नेशनल इंटेलिजेंस बनाए जाने की पुष्टि की गई.

    पीएम मोदी ने इसके लिए तुलसी गबार्ड को बधाई दी. उन्होंने एक्स पर लिखा, “वॉशिंगटन डीसी में अमेरिका की डायरेक्टर ऑफ़ नेशनल इंटेलिजेंस तुलसी गबार्ड से मुलाक़ात की. उनकी नियुक्ति पर उनको बधाई दी.”

    “इस दौरान उनके साथ भारत-अमेरिका दोस्ती के कई आयामों पर बातचीत हुई. वो हमेशा से इसकी मज़बूत समर्थक रही हैं.”

    तुलसी गबार्ड 18 इंटेलिजेंस एजेसिंयों की निगरानी करेंगी. इनमें सीआईए, एफ़बीआई और नेशनल सिक्योरिटी एजेंसी भी शामिल हैं. इसके अलावा वो 70 अरब डॉलर से ज़्यादा के बजट को भी संभालेंगी.

    प्रधानमंत्री मोदी सोमवार को तीन दिवसीय यात्रा पर रवाना हुए थे. इस दौरान उन्होंने फ़्रांस में आयोजित एआई एक्शन समिट में हिस्सा लिया.

    इस समिट में फ़्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों और अमेरिका के उपराष्ट्रपति जेडी वेंस भी शामिल हुए थे. इसके बाद पीएम मोदी अमेरिका पहुंचे हैं.

  3. फ़ोन कॉल के बाद ट्रंप ने बताया कब होगी पुतिन से मुलाक़ात

    डोनाल्ड ट्रंप

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, डोनाल्ड ट्रंप ने राष्ट्रपति पुतिन से मिलने के संकेत दिए हैं.

    अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने बताया कि उन्होंने रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन से फ़ोन पर बात की है, वह उनसे मिलने वाले हैं.

    वैसे राष्ट्रपति ट्रंप ने रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन से मुलाक़ात करने के लिए कोई तारीख़ नहीं तय की है. मगर, व्हाइट हाउस में उन्होंने रिपोर्टर्स से कहा, “हम सऊदी अरब में मिलेंगे.”

    इससे पहले, राष्ट्रपति ट्रंप ने बताया था कि दोनों के बीच यूक्रेन युद्ध को 'तुरंत' समाप्त करने के लिए बातचीत शुरू करने पर सहमति बन गई है.

    क्रेमलिन के प्रवक्ता दिमित्री पेस्कोव ने कहा कि राष्ट्रपति पुतिन ने ट्रंप के उस सुझाव का समर्थन किया है, जिसमें अमेरिकी राष्ट्रपति ने कहा था कि "साथ मिलकर काम करने का समय आ गया है."

    रूस और यूक्रेन के बीच फ़रवरी 2022 में युद्ध की शुरुआत हुई थी. तबसे ही अमेरिका और पश्चिमी देशों के साथ रूस का तनाव बढ़ गया था.

  4. नमस्कार!

    बीबीसी हिंदी के लाइव पेज में आपका स्वागत है. मैं बीबीसी संवाददाता हिमांशु दुबे अब से दोपहर दो बजे तक आप तक अहम ख़बरें पहुंचाऊंगा.

    कल के लाइव पेज की ख़बरें पढ़ने के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं.

    फ़िलहाल, हमारे होम पेज पर मौजूद कुछ अहम ख़बरों को आप नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करके पढ़ सकते हैं.