फ़िलीपींस में तूफ़ान 'कालमेगी' से तबाही, अब तक 26 की मौत

फिलीपींस में आए इस साल के सबसे ताक़तवर तूफ़ानों में से एक ने भारी तबाही मचाई है. अधिकारियों के मुताबिक़ कम से कम 26 लोगों की मौत हो चुकी है और लाखों लोगों को अपने घर छोड़कर सुरक्षित ठिकानों की ओर जाना पड़ा है.

सारांश

लाइव कवरेज

दीपक मंडल और इफ़्तेख़ार अली

  1. ओवैसी के 'बिहार में घुसपैठ' वाले बयान पर केशव मौर्य ने क्या कहा

    केशव मौर्य

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य (फ़ाइल फोटो)

    एआईएमआईएम प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी के 'घुसपैठ' वाले बयान पर उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने प्रतिक्रिया दी है.

    उन्होंने कहा, ''अगर बिहार में एनडीए की सरकार नहीं होती तो दो-चार करोड़ और घुसपैठिए राज्य में घुस चुके होते. विपक्ष घृणित ध्रुवीकरण की राजनीति कर रहा है और घुसपैठियों को संरक्षण दे रहा है. इसका नकारात्मक असर राज्यों, देश और आम जनता पर पड़ रहा है. सरकारी योजनाओं के लाभ गरीबों तक नहीं पहुंच पाते.''

    उन्होंने कहा, ''चाहे ओवैसी हों, राहुल गांधी, प्रियंका गांधी या तेजस्वी यादव, ये सब मुस्लिम तुष्टिकरण की गंदी राजनीति के जिम्मेदार हैं."

    ओवैसी ने कहा था कि अगर बिहार में घुसपैठ हो रही है तो जिम्मेदार देश के गृह मंत्री हैं या कोई और.

    ओवैसी ने तंज किया था कि अमित शाह बार-बार घुसपैठ की बात करते हैं. जबकि केंद्र में उन्हीं की सरकार है और सीमा सुरक्षा बल गृह मंत्रालय के अधीन है. उन्होंने कहा, “अगर घुसपैठ हो रही है, तो जिम्मेदारी आपकी है.”

  2. बिहार में महिलाओं को 30 हजार रुपये कब मिलेंगे, तेजस्वी ने बताई तारीख़

    तेजस्वी

    इमेज स्रोत, ANI

    इमेज कैप्शन, बिहार विधानसभा चुनावों में 6 नवंबर को पहले चरण की वोटिंग होगी

    राष्ट्रीय जनता दल के नेता तेजस्वी यादव ने कहा है कि महागठबंधन की सरकार बनने के बाद 14 जनवरी को ‘माई बहिन मान योजना’ के तहत महिलाओं के खाते में सालाना 30 हजार रुपये की राशि डाल दी जाएगी.

    उन्होंने कहा, ‘’इस रकम से उन्हें महंगाई से लड़ने में मदद मिलेगी. पांच साल के डेढ़ लाख रुपये होते हैं. 30 हजार रुपये सालाना का मतलब ढाई हजार रुपये हर महीने."

    बिहार में 6 नवंबर को पहले चरण की वोटिंग के लिए 4 नवंबर 2025 की शाम को प्रचार अभियान ख़त्म हो रहा है.

    दूसरे चरण की वोटिंग 11 नवंबर होगी और नतीजे 14 नवंबर को घोषित होंगे.

  3. पाकिस्तान ने कहा- 'अगर अफ़ग़ानिस्तान से हमला हुआ तो संघर्ष विराम ख़त्म माना जाएगा'

    अफ़ग़ानिस्तान -पाकिस्तान

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, अफ़ग़ानिस्तान-पाकिस्तान सीमा पर मोर्चे पर तैनात अफ़ग़ानिस्तान की तालिबान सरकार का सैनिक (फ़ाइल फोटो)

    पाकिस्तानी सेना के प्रवक्ता मेजर जनरल अहमद शरीफ़ ने सोमवार को पत्रकारों से कहा कि अगर अफ़ग़ानिस्तान से पाकिस्तान में घुसपैठ होती है तो संघर्ष विराम समाप्त माना जाएगा और ऐसे किसी भी हमले का पूरी ताक़त से जवाब दिया जाएगा.

    बीबीसी उर्दू के मुताबिक़ पाकिस्तान और अफ़ग़ानिस्तान के बीच संघर्ष में 206 अफ़ग़ान तालिबान लड़ाके और चरमपंथी संगठन तहरीक-ए-तालिबान पाकिस्तान के 110 लड़ाके मारे गए.

    मेजर जनरल अहमद शरीफ़ ने कहा, ''हम हमेशा से आतंकवाद से लड़ते रहे हैं.''

    अलग-अलग सरकारों के कार्यकाल के दौरान अफ़ग़ानिस्तान की आधिकारिक यात्राओं का ब्योरा साझा करते हुए उन्होंने कहा,"हम सरकार से बात करते हैं लेकिन किसी भी चरमपंथी समूह से बातचीत नहीं करेंगे."

    अहमद शरीफ़ ने कहा कि सुरक्षा मांगने या किसी को खुश करने से नहीं मिलती.

    उन्होंने कहा कि पाकिस्तान को अपनी रक्षा करने का अधिकार है और किसी भी हमले का पूरी ताक़त से जवाब दिया जाएगा. सैन्य प्रवक्ता के मुताबिक़ अफ़ग़ान तालिबान ने क़तर और तुर्की से मध्यस्थ की भूमिका निभाने का अनुरोध किया था.

    उन्होंने दावा किया कि इन वार्ताओं के दौरान पाकिस्तान ने अफ़ग़ानिस्तान की धरती से पाकिस्तान पर हमलों और चरमपंथी गतिविधियों के संबंध में अकाट्य सबूत पेश किए हैं.

    उन्होंने कहा, "हमने अफ़ग़ानिस्तान से कहा है कि या तो वह आतंकवादियों के ख़िलाफ़ कार्रवाई करे या उन्हें हमें सौंप दे ताकि हम उन्हें न्याय के कटघरे में ला सकें."

    उन्होंने अफ़ग़ान तालिबान की विचारधारा की भी आलोचना की और कहा कि महिलाओं को शिक्षा प्राप्त करने की अनुमति नहीं दी जा रही है.

  4. यूपी समेत 12 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में आज से एसआईआर प्रक्रिया

    बिहार

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, बिहार में एसआईआर की प्रक्रिया के दौरान पटना के ग्रामीण इलाकों में गणना फॉर्म दिखाती महिलाएं (फ़ाइल फोटो)

    वोटर लिस्ट के विशेष गहन पुनरीक्षण यानी एसआईआर के दूसरे चरण के तहत मंगलवार ( 4 नवंबर 2025) से घर-घर जाकर गणना का काम शुरू हो जाएगा.

    इसके तहत 12 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में एसआईआर का दूसरा राउंड होगा.

    जिन राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में एसआईआर के तहत गणना शुरू होगी उनमें पश्चिम बंगाल, उत्तर प्रदेश, तमिलनाडु, गुजरात, छत्तीसगढ़, गोवा, केरल, मध्य प्रदेश, पुडुचेरी, राजस्थान, अंडमान और निकोबार द्वीप समूह, लक्षद्वीप शामिल हैं.

    पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी इसका विरोध कर रही हैं. वहीं तमिलनाडु सरकार ने इसके ख़िलाफ़ कोर्ट में जाने का फ़ैसला किया है.

    इन राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में लगभग 51 करोड़ वोटर हैं. एसआईआर की ये प्रक्रिया अगले साल 7 फरवरी को अंतिम वोटर लिस्ट प्रकाशित होने के बाद ख़त्म होगी.

    तमिलनाडु, पुडुचेरी, केरल और पश्चिम बंगाल में अगले वर्ष अप्रैल-मई में चुनाव होंगे. लेकिन चुनाव आयोग ने असम को इसमें शामिल नहीं किया है.

  5. क्या पाकिस्तान ग़ज़ा में सेना भेजेगा, सैन्य प्रवक्ता ने क्या बताया

    ग़ज़ा

    इमेज स्रोत, Getty Images

    ग़ज़ा में पाकिस्तान की ओर से सेना भेजने की चर्चा है.

    बीबीसी उर्दू के मुताबिक़ इस बारे में एक सवाल पर पाकिस्तान के सैन्य प्रवक्ता अहमद शरीफ़ ने कहा कि यह सरकार पर निर्भर है कि वह किस ढांचे के तहत सेना भेजेगी.

    मीडिया में इस बात पर बहस चल रही है कि पाकिस्तान शांति समझौते के तहत ग़ज़ा में सेना भेजेगा या नहीं.

    अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की 20 सूत्री शांति योजना में अरब देशों और सहयोगी देशों से ग़ज़ा में स्थिरता और शांति के लिए सुरक्षा बल मुहैया कराने की अपील की गई है.

    ये देश जॉर्डन और मिस्र की सलाह से ग़ज़ा में फ़लस्तीनी पुलिस को ट्रेनिंग देंगे और उनकी सहायता करेंगे.

  6. बिहार चुनाव में आज शाम थम जाएगा प्रचार अभियान, राजनीतिक बयानबाजियां जोरों पर

    बिहार चुनाव

    इमेज स्रोत, GE

    इमेज कैप्शन, बिहार में चुनाव प्रचार के दौरान नेताओं के हेलीकॉप्टर देखती महिलाएं

    बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के पहले चरण के चुनाव के लिए आज ( 4 नवंबर 2025) प्रचार का अंतिम दिन है. चुनाव के पहले चरण में छह नवंबर को वोट डाले जाएंगे.

    लिहाजा आज मंगलवार की शाम चुनाव प्रचार-प्रसार अभियान थम जाएगा.

    इसके बाद से उम्मीदवार और उनके समर्थक बूथ मैनेजमेंट में जुट जाएंगे.

    इस बीच, बिहार में सभी दल जमकर प्रचार कर रहे हैं और राजनीतिक बयानबाजियों दौर गर्म है.

    सोमवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और योगी आदित्यानाथ की चुनावी सभाएं थीं तो दूसरी तरफ़, काफ़ी दिनों से अस्वस्थ चल रहे पूर्व मुख्यमंत्री लालू यादव ने रोड शो किया और तेजस्वी यादव ने कई चुनावी सभाएं कीं.

    कांग्रेस भी ताक़त झोंक रही है और कांग्रेस नेता राहुल गांधी चुनावी मैदान में उतर चुके हैं. प्रियंका गांधी ने भी रोड शो किया.

    प्रशांत किशोर की जनसुराज पार्टी और भाकपा (माले) भी इस चुनाव में जोर-शोर से उतरे हैं.

    बिहार में 243 विधानसभा सीटों के लिए 6 और 11 नवंबर को दो चरणों में वोट डाले जाएंगे. नतीजे 14 नवंबर को घोषित होंगे.

  7. अफ़ग़ानिस्तान में भूकंप प्रभावित इलाकों में भारत इस तरह पहुँचा रहा मदद

    भूकंप

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, उत्तरी अफ़ग़ानिस्तान में आए भूकंप में 20 लोगों की मौत हो गई है.

    अफ़ग़ानिस्तान में आए भूकंप के बाद भारत ने वहां सहायता सामग्री भेजी है.

    भारत के विदेश मंत्री एस जयशंकर ने एक्स पर एक पोस्ट में कहा, "आज दोपहर अफ़ग़ानिस्तान के विदेश मंत्री मौलवी अमीर ख़ान मुत्तक़ी से बात की और बल्ख, समांगन और बगलान प्रांतों में आए भूकंप में मारे गए लोगों के परिजनों के प्रति संवेदना प्रकट की.’’

    उन्होंने कहा कि भूकंप प्रभावित लोगों के लिए भारतीय राहत सामग्री पहले ही सौंपी जा चुकी है और दवाओं की अतिरिक्त खेप भी जल्द ही पहुंचने की उम्मीद है.जल्द ही चिकित्सा सहायता भी पहुंचाई जाएगी.

    भारतीय विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने एक्स पर एक पोस्ट में खाद्य सामग्री से भरे ट्रकों की तस्वीरों के साथ लिखा ,"अफ़ग़ान लोगों के प्रति अपने समर्थन के तौर पर भारत भूकंप प्रभावित परिवारों को खाद्य सहायता भेज रहा है."

    उत्तरी अफ़ग़ानिस्तान में आए 6.3 तीव्रता के शक्तिशाली भूकंप से जानमाल का काफ़ी नुक़सान हुआ है.

    अफ़ग़ानिस्तान के सार्वजनिक स्वास्थ्य मंत्रालय के प्रवक्ता शराफत ज़मान अम्मार ने बताया कि भूकंप के कारण बल्ख और समांगन प्रांतों में 20 लोगों की मौत हो गई है और 534 घायलों को अस्पतालों में भर्ती कराया गया है.

  8. नमस्कार!

    बीबीसी न्यूज़ हिन्दी के लाइव पेज पर आपका स्वागत है. मैं बीबीसी संवाददाता दीपक मंडल अब से दोपहर दो बजे तक आप तक अहम ख़बरें पहुंचाऊंगा.

    कल के लाइव पेज की ख़बरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें.

    हमारे पेज पर मौजूद कुछ अहम ख़बरों को पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक्स पर क्लिक करें.

    बिहार चुनावः लालू यादव के रोड शो पर चिराग के सवाल, पीएम मोदी के बयान पर तेजस्वी की आपत्ति

    ट्रंप का रूस, चीन और पाकिस्तान समेत कई देशों पर परमाणु परीक्षण का आरोप: 'वे अंडरग्राउंड टेस्ट करते हैं, लेकिन बताते नहीं'

    बदायूं: दलित परिवार की बारात के दौरान हिंसा के मामले में जांच शुरू, अब तक क्या पता है?

    अनंत सिंह की गिरफ़्तारी और दुलारचंद यादव की हत्या के बाद मोकामा में क्या बदलता दिख रहा है?- ग्राउंड रिपोर्ट