फ़िलीपींस में तूफ़ान 'कालमेगी' से तबाही, अब तक 26 की मौत

फिलीपींस में आए इस साल के सबसे ताक़तवर तूफ़ानों में से एक ने भारी तबाही मचाई है. अधिकारियों के मुताबिक़ कम से कम 26 लोगों की मौत हो चुकी है और लाखों लोगों को अपने घर छोड़कर सुरक्षित ठिकानों की ओर जाना पड़ा है.

सारांश

लाइव कवरेज

दीपक मंडल और इफ़्तेख़ार अली

  1. अब इस लाइव पेज को विराम देने का वक़्त आ गया है. बीबीसी संवाददाता इफ़्तेख़ार अली को दीजिए इजाज़त.

    कल सुबह एक नए लाइव पेज के साथ हम फिर हाज़िर होंगे.

    बीबीसी न्यूज़ हिन्दी की वेबसाइट पर मौजूद कुछ अहम ख़बरों को पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक्स पर क्लिक करें.

  2. फ़िलीपींस में तूफ़ान 'कालमेगी' से तबाही, अब तक 26 की मौत

    फ़िलीपींस

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, फ़िलीपींस हर साल औसतन 20 तूफ़ान और चक्रवातों की चपेट में आता है

    फिलीपींस में आए इस साल के सबसे ताक़तवर तूफ़ानों में से एक ने भारी तबाही मचाई है. अधिकारियों के मुताबिक़ कम से कम 26 लोगों की मौत हो चुकी है और लाखों लोगों को अपने घर छोड़कर सुरक्षित ठिकानों की ओर जाना पड़ा है.

    तूफ़ान कालमेगी के कारण सबसे ज़्यादा तबाही देश के सबसे अधिक आबादी वाले केंद्रीय द्वीप सेबू पर हुई है, जहां पूरे-पूरे कस्बे पानी में डूब गए. अधिकारियों का कहना है कि मौतों का आंकड़ा बढ़ सकता है.

    इसी बीच राहत और बचाव अभियान में लगी फ़िलीपींस एयर फ़ोर्स का एक हेलीकॉप्टर उत्तरी मिंडानाओ द्वीप में दुर्घटनाग्रस्त हो गया, जिसमें हेलीकॉप्टर में सवार सभी छह क्रू मेंबर्स की मौत हो गई.

    स्थानीय स्तर पर इस तूफ़ान को ‘टिनो’ नाम दिया गया है. मंगलवार सुबह लैंडफॉल के बाद से इसकी ताक़त कुछ कम हुई है, लेकिन अभी भी 130 किलोमीटर प्रति घंटा से ज़्यादा की रफ़्तार से हवाएं चल रही हैं.

    फ़िलीपींस

    इमेज स्रोत, EPA/Shutterstock

    इमेज कैप्शन, सोशल मीडिया पर सामने आए वीडियोज़ में लोग अपने घरों की छतों पर पनाह लेते दिखे, वहीं सड़क पर कारें और शिपिंग कंटेनर बहते नज़र आए
    फ़िलीपींस

    इमेज स्रोत, Reuters

    इमेज कैप्शन, मौसम विभाग के मुताबिक़, तूफ़ान बुधवार तक विसायास द्वीप समूह के इलाक़े से गुज़रते हुए दक्षिण चीन सागर की ओर बढ़ जाएगा.
  3. आईसीसी महिला वर्ल्ड कप का ख़िताब जीतकर भारत पहुंची क्रिकेट टीम, किया डांस

    भारतीय महिला क्रिकेट टीम

    इमेज स्रोत, ANI

    आईसीसी महिला वर्ल्ड कप जीतकर लौटी भारतीय महिला क्रिकेट टीम दिल्ली पहुंच गई है. होटल पहुंचने पर खिलाड़ियों का भव्य स्वागत किया गया.

    टीम इंडिया ने 2 नवंबर को अपना पहला आईसीसी महिला वर्ल्ड कप ख़िताब अपने नाम किया था.

    खिलाड़ियों ने होटल में केक काटकर जश्न मनाया. खिलाड़ी होटल में एंट्री के बाद डांस करती भी नज़र आईं.

    सभी खिलाड़ी आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाक़ात भी कर रही हैं.

  4. छत्तीसगढ़: बिलासपुर रेल हादसे पर सीएम साय की घोषणा, मृतकों के परिजनों को 5 लाख रुपये का मुआवज़ा

    बिलासपुर रेल हादसा

    इमेज स्रोत, ANI

    इमेज कैप्शन, यह दुर्घटना बिलासपुर और गतौरा रेलवे स्टेशन के बीच हुई, जब एक पैसेंजर ट्रेन उसी पटरी पर पहले से खड़ी मालगाड़ी से जाकर टकरा गई

    छत्तीसगढ़ के बिलासपुर ज़िले में मंगलवार को हुए एक ट्रेन हादसे में कम से कम 7 लोगों की मौत हुई है और क़रीब 17 घायल हैं.

    बिलासपुर ज़िले के कलेक्टर संजय अग्रवाल ने यह जानकारी दी है. छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री ने भी इस हादसे पर दुख जताया है.

    कलेक्टर संजय अग्रवाल ने कहा, "अभी तक 7 बॉडी निकाली जा चुकी है. 2 लोग फंसे हैं और 16-17 लोग घायल हैं."

    उन्होंने बताया, "मुख्यमंत्री ने भी घटना की जानकारी ली है. वीडियो कॉल के माध्यम से उन्होंने घटनास्थल भी देखा है."

    हादसे पर सीएम विष्णुदेव साय ने सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म एक्स पर लिखा, "बिलासपुर के पास हुई ट्रेन दुर्घटना अत्यंत दुखद और पीड़ादायक है. इस त्रासदी में जिन्होंने अपने प्रियजनों को खोया है, उनके प्रति मैं गहरी संवेदना प्रकट करता हूं."

    उन्होंने लिखा, "राज्य सरकार ने निर्णय लिया है कि दिवंगतों के परिजनों को 5 लाख रुपये की आर्थिक सहायता और घायलों को 50 हज़ार रुपये की सहायता राशि प्रदान की जाएगी."

  5. पश्चिम बंगाल: ममता बनर्जी के नेतृत्व में एसआईआर के ख़िलाफ़ प्रदर्शन, देखिए तस्वीरें

    एसआईआर के ख़िलाफ़ प्रदर्शन

    इमेज स्रोत, Rubaiyat Biswas/BBC

    पश्चिम बंगाल में मंगलवार को तृणमूल कांग्रेस ने विरोध मार्च निकाला. इस दौरान बड़ी संख्या में लोग इस प्रदर्शन में शामिल हुए.

    स्पेशल इंटेंसिव रिविज़न यानी एसआईआर को लेकर निकाले गए इस मार्च का नेतृत्व पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी कर रही थीं.

    मंगलवार से 12 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में एसआईआर का दूसरा चरण शुरू हो गया है.

    देखिए कोलकाता में प्रदर्शन की कुछ तस्वीरें -

    एसआईआर के ख़िलाफ़ प्रदर्शन

    इमेज स्रोत, Rubaiyat Biswas/BBC

    इमेज कैप्शन, टीएमसी का कहना है कि 'सिर्फ़ बंगाली बोलने से आप बांग्लादेशी नहीं हो जाते'
    एसआईआर के ख़िलाफ़ प्रदर्शन

    इमेज स्रोत, Rubaiyat Biswas/BBC

    इमेज कैप्शन, तृणमूल कांग्रेस की ओर से जारी प्रेस रिलीज़ में कहा गया कि हमें अपनी लड़ाई जारी रखनी है. ये सब चुनाव की वजह से हो रहा है
    एसआईआर के ख़िलाफ़ प्रदर्शन

    इमेज स्रोत, Rubaiyat Biswas/BBC

    इमेज कैप्शन, बयान में टीएमसी ने कहा है कि अल्पसंख्यकों को चिंता करने की ज़रूरत नहीं है
    एसआईआर के ख़िलाफ़ प्रदर्शन

    इमेज स्रोत, Rubaiyat Biswas/BBC

    इमेज कैप्शन, ममता बनर्जी ने बीजेपी पर आरोप लगाया कि वह एसआईआर से बंगाल में मतदाताओं को डराने की कोशिश कर रही है
  6. सूडान में अंतिम संस्कार के दौरान ड्रोन हमला, कम से कम 40 लोगों की मौत

    सूडान में ड्रोन हमला

    इमेज स्रोत, AFP/Getty Images

    इमेज कैप्शन, आरएसएफ़ पर पिछले हफ़्ते बड़े पैमाने पर अत्याचार करने के आरोप लगे हैं

    सूडान में सेना के नियंत्रण वाले शहर अल-ओबेद के पास एक अंतिम संस्कार में शामिल हुए लोगों पर ड्रोन हमले में कम से कम 40 लोगों की मौत हो गई है. यह जानकारी अधिकारियों और एक्टिविस्टों ने दी है.

    यह हमला अल-लुवैब गांव में हुआ, जहां लोग टेंट में शोक सभा के लिए इकट्ठा थे.

    अधिकारियों ने इस हमले के लिए पैरामिलिट्री रैपिड सपोर्ट फोर्स (आरएसएफ़) को ज़िम्मेदार ठहराया है, हालांकि आरएसएफ़ की ओर से अभी कोई टिप्पणी नहीं की गई है.

    कई लोग अल-ओबेद के अस्पताल पहुंचने से पहले ही दम तोड़ चुके थे. यह शहर राजधानी खारतूम को दारफुर क्षेत्र से जोड़ने वाला महत्वपूर्ण इलाक़ा है.

    कोरदोफान इलाक़े में लड़ाई बढ़ गई है, ये वही इलाक़ा है जहां बड़ी मात्रा में तेल पाया जाता है. आरएसएफ़ के बारा शहर पर क़ब्ज़ा करने के बाद, लगभग 20 हज़ार लोग पिछले हफ़्ते भागकर एल-ओबीद चले गए थे.

  7. एसआईआर के ख़िलाफ़ ममता बनर्जी का प्रदर्शन, कहा- 'बंगाल में मतदाताओं को डराने की कोशिश'

    तृणमूल कांग्रेस

    इमेज स्रोत, All India Trinamool Congress/X

    इमेज कैप्शन, ममता बनर्जी ने एसआईआर को लेकर बीजेपी पर कई आरोप लगाए हैं

    12 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में मंगलवार से एसआईआर (स्पेशल इंटेंसिव रिविज़न) का दूसरा चरण शुरू हो गया है.

    इसी बीच पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के नेतृत्व में तृणमूल कांग्रेस नेताओं ने इस प्रक्रिया के ख़िलाफ़ विरोध मार्च किया.

    इस दौरान ममता बनर्जी ने भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) पर आरोप लगाया कि वह एसआईआर से बंगाल में मतदाताओं को डराने की कोशिश कर रही है.

    ममता बनर्जी ने कहा, "बीजेपी सरकार, अगर ये लिस्ट झूठी है, तो आपकी सरकार भी झूठी है. अगर ये न्यूज़ झूठी है तो आप लोगों की कुर्सी भी झूठी है."

    एसआईआर के दूसरे चरण के तहत मंगलवार (4 नवंबर 2025) से घर-घर जाकर गणना का काम शुरू हो गया है.

  8. ब्रेकिंग न्यूज़, छत्तीसगढ़: बिलासपुर में पैसेंजर ट्रेन और मालगाड़ी में टक्कर, कम से कम 6 की मौत, आलोक पुतुल, रायपुर से बीबीसी हिन्दी के लिए

    बिलासपुर ट्रेन हादसा

    इमेज स्रोत, Sanjeev Pandey

    छत्तीसगढ़ के बिलासपुर ज़िले में मंगलवार को एक रेल दुर्घटना में कम से कम 6 लोगों की मौत हो गई है.

    यह दुर्घटना बिलासपुर और गतौरा रेलवे स्टेशन के बीच हुई, जब एक पैसेंजर ट्रेन उसी पटरी पर पहले से खड़ी मालगाड़ी से जाकर टकरा गई.

    इससे पहले ज़िले के कलेक्टर संजय अग्रवाल ने बताया था, "अभी तक 4 लोगों की मौत की ख़बर है. इसके अलावा दो लोग ट्रेन के भीतर फंसे हुए हैं, उन्हें निकाला जा रहा है. जबकि एक घायल की स्थिति गंभीर है."

    रेलवे के अधिकारियों ने बताया कि शाम चार बजे के आसपास यह हादसा हुआ, जब कोरबा पैसेंजर एक मालगाड़ी से टकराई. सूचना मिलते ही रेलवे और ज़िला प्रशासन की टीमें मौके़ पर पहुंच गईं. राहत एवं बचाव कार्य जारी है.

    बताया जा रहा है कि लोको पायलट ट्रेन के मलबे में फंसा था, जिसे सुरक्षित निकाल लिया गया है.

    बचावकर्मी अब तक कई यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल चुके हैं, वहीं गंभीर रूप से घायलों का मौके़ पर ही प्राथमिक उपचार किया जा रहा है.

    वहीं कुछ घायलों को बिलासपुर के अलग-अलग अस्पतालों में भर्ती किया गया है.

    इस घटना के बाद कोलकाता-मुंबई मार्ग की कई एक्सप्रेस और पैसेंजर ट्रेनों को रद्द या डायवर्ट किया गया है.

    हादसे के बाद ओवरहेड वायरिंग और सिग्नलिंग सिस्टम को भी भारी नुक़सान पहुंचा है, जिसकी मरम्मत में समय लग सकता है. तकनीकी टीमें ट्रैक क्लीयरेंस और बहाली का काम कर रही हैं.

  9. ब्रेकिंग न्यूज़, पूर्व अमेरिकी उपराष्ट्रपति डिक चेनी का 84 वर्ष की आयु में निधन

    डिक चेनी

    इमेज स्रोत, Getty Images

    अमेरिका के पूर्व उपराष्ट्रपति डिक चेनी का 84 साल की उम्र में निधन हो गया है.

    उनके परिवार ने बताया कि सोमवार रात निमोनिया और हार्ट व ब्लड वेसल से जुड़े रोगों के कारण उनका निधन हुआ.

    डिक चेनी साल 2001 से 2009 तक रिपब्लिकन राष्ट्रपति जॉर्ज डब्ल्यू बुश के उपराष्ट्रपति रहे.

    चेनी 1970 के दशक में अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति जेराल्ड फ़ोर्ड के व्हाइट हाउस के चीफ़ ऑफ़ स्टाफ़ रहे थे, जिसके बाद उन्होंने एक दशक अमेरिकी सदन (हाउस ऑफ़ रिप्रेज़ेंटेटिव्स) में बिताया.

    बाद के वर्षों में चेनी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की अगुवाई में रिपब्लिकन पार्टी के कड़े आलोचक बन गए.

  10. क्रिकेट की बिग बैश लीग से बाहर हुए अश्विन, क्या वजह बताई?

    अश्विन

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, अश्विन ने पिछले साल दिसंबर में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास लिया था

    भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व गेंदबाज़ आर अश्विन इस साल होने वाली बिग बैश लीग में नहीं खेल पाएंगे. सिडनी थंडर ने इसकी पुष्टि की है.

    अश्विन की तरफ़ से सिडनी थंडर की ओर से जारी बयान के मुताबिक़, घुटने में लगी चोट के कारण वह इस टूर्नामेंट का हिस्सा नहीं बन पाएंगे.

    जारी बयान में अश्विन ने कहा, "चेन्नई में ट्रेनिंग के दौरान मेरे घुटने में चोट लग गई. मुझे एक प्रक्रिया से गुजरना पड़ा और इसके नतीजे के वजह से मैं इस बार बीबीएल15 नहीं खेल पाऊंगा."

    उन्होंने कहा, "यह कहना मेरे लिए बहुत मुश्किल है. मैं सच में इस टीम का हिस्सा बनने और आपके सामने खेलने को लेकर बहुत उत्साहित था."

    बीबीएल का नया सीज़न 14 दिसंबर से शुरू होगा. 39 साल के अश्विन इंटरनेशनल क्रिकेट से पिछले साल दिसंबर में रिटायर हुए थे.

    अश्विन इस साल अगस्त में आईपीएल से भी संन्यास ले चुके हैं. वह पहली बार बीबीएल खेलने जा रहे थे और सिडनी थंडर की ओर से उतरने वाले थे.

  11. बिहार में बाहुबलियों के चुनाव लड़ने पर आज का कार्टून

    बीबीसी
  12. तेजस्वी अभी बच्चा है, चुनाव के बाद उसे झुनझुना पकड़ाएंगे: तेज प्रताप यादव

    तेज प्रताप यादव और तेजस्वी यादव

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, तेज प्रताप यादव इस बार महुआ से चुनाव लड़ रहे हैं

    जनशक्ति जनता दल के राष्ट्रीय अध्यक्ष और महुआ विधानसभा क्षेत्र से उम्मीदवार तेज प्रताप यादव ने अपने छोटे भाई और आरजेडी नेता तेजस्वी यादव को लेकर टिप्पणी की है.

    उन्होंने मंगलवार को पत्रकारों से बात करते हुए तेजस्वी यादव को 'बच्चा' बताया.

    तेज प्रताप यादव ने कहा, "अभी वो (तेजस्वी यादव) बच्चा है. चुनाव के बाद उसे झुनझुना पकड़ाएंगे."

    उन्होंने कहा, "वो हमारे क्षेत्र में गए तो हम भी उनके क्षेत्र में चले गए. फिर जाएंगे राघोपुर."

    दरअसल, रविवार को महुआ में आयोजित जनसभा में तेजस्वी यादव ने कहा था कि पार्टी से बड़ा कोई नहीं होता है, इसलिए पार्टी के चुनाव चिह्न पर मतदान कीजिए.

    इसके जवाब में तेज प्रताप ने सोमवार को राघोपुर में रैली की और अपने उम्मीदवार प्रेम कुमार के लिए वोट मांगा.

    महुआ से तेज प्रताप यादव चुनावी मैदान में हैं. वहीं दूसरी ओर आरजेडी ने मुकेश रौशन को महुआ से अपना उम्मीदवार बनाया है.

  13. पाकिस्तान: सुप्रीम कोर्ट में विस्फोट, कई घायल

    पाकिस्तान के सुप्रीम कोर्ट में विस्फोट

    इमेज स्रोत, Umar Mehtab

    इमेज कैप्शन, सुप्रीम कोर्ट में विस्फोट के कारण कई कांच भी टूट गए हैं

    पाकिस्तान के सुप्रीम कोर्ट में मंगलवार को विस्फोट हुआ है, जिसमें कम से कम 12 लोग घायल हो गए हैं.

    इस्लामाबाद पुलिस के आईजी अली नासिर रिज़वी के मुताबिक़, विस्फोट गैस रिसाव के कारण हुआ.

    उन्होंने कहा, "सुबह 10:55 बजे सुप्रीम कोर्ट के बेसमेंट में स्थित कैंटीन में गैस विस्फोट हुआ. इस घटना में 12 लोग घायल हो गए हैं."

    नासिर रिज़वी के मुताबिक़, घायलों में से दो की हालत गंभीर है.

    आईजी इस्लामाबाद का कहना है कि तीन दिनों से सुप्रीम कोर्ट के बेसमेंट में स्थित कैंटीन और एक चाय की दुकान से गैस रिसाव की शिकायतें आ रही थीं.

    नासिर रिज़वी का कहना है कि विस्फोट के समय कैंटीन में एसी तकनीशियन काम कर रहे थे और वह सबसे ज़्यादा घायल हुए हैं.

  14. बिहार: वायरल वीडियो के बाद ललन सिंह पर मुक़दमा दर्ज, अनंत सिंह के लिए कर रहे थे प्रचार

    ललन सिंह

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, ललन सिंह का वीडियो सोशल मीडिया पर खूब वायरल है (फ़ाइल फ़ोटो)

    बिहार की मोकामा विधानसभा सीट पर जेडीयू उम्मीदवार अनंत सिंह के लिए प्रचार कर रहे केंद्रीय मंत्री राजीव रंजन उर्फ़ ललन सिंह के ख़िलाफ़ मुक़दमा दर्ज किया गया है.

    पटना ज़िला प्रशासन के मुताबिक़, ललन सिंह के ख़िलाफ़ एक वीडियो में आपत्तिजनक कमेंट करने को लेकर एफ़आईआर दर्ज की गई है.

    सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म एक्स पर पटना ज़िला प्रशासन ने अपने आधिकारिक अकाउंट से कहा, "पटना ज़िला प्रशासन की वीडियो निगरानी टीम के वीडियो फुटेज की जांच की गई. जांच के बाद इस मामले में ललन सिंह उर्फ़ राजीव रंजन सिंह के विरुद्ध भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता एवं लोक प्रतिनिधित्व अधिनियम की सुसंगत धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है."

    दरअसल, अनंत सिंह की गिरफ़्तारी के बाद मोकामा में ललन सिंह उनके लिए प्रचार कर रहे हैं.

    दुलारचंद यादव की हत्या मामले में शनिवार देर रात पटना पुलिस ने बाढ़ शहर के बेढना गांव से अनंत सिंह को उन्हीं के करगिल मार्केट से गिरफ़्तार कर लिया था.

    प्रचार के दौरान ललन सिंह का एक वीडियो वायरल हुआ, जिसमें वह कहते दिख रहे हैं कि कुछ नेता ऐसे हैं, जिन्हें चुनाव के दिन घर से बाहर नहीं निकलने देना.

    उन्होंने कहा, "उन्हें घर के भीतर पैक कर देना और अगर वे बहुत हाथ-पैर जोड़ें तो कहिएगा कि चलिए हमारे साथ और अपना वोट डालिए."

  15. इसराइल के विदेश मंत्री ने क्यों कहा- ‘पीएम मोदी की ये बात कभी नहीं भूलेंगे’

    गिदोन सार

    इमेज स्रोत, ANI

    इमेज कैप्शन, इसराइल के विदेश मंत्री गिदोन सार (बीच में) ने चरमपंथ के ख़िलाफ़ भारत के समर्थन का स्वागत किया है.

    भारत दौरे पर आए इसराइली विदेश मंत्री गिदोन सार ने मंगलवार अपने समकक्ष एस जयशंकर से मुलाक़ात की.

    इस दौरान सार ने कहा, ‘’मेरा मानना है कि भारत ही भविष्य है. मैंने आपको यह पहले भी कहा था. भारत दुनिया का सबसे बड़ा लोकतंत्र और सबसे तेज़ी से बढ़ती अर्थव्यवस्था है. भारत एक वैश्विक महाशक्ति है, जबकि इसराइल एक क्षेत्रीय ताकत है.’’

    उन्होंने कहा, "दोनों देशों के बीच पहले से ही गहरी मित्रता है. हमारा लक्ष्य इसराइल और भारत के बीच एक दीर्घकालिक रणनीतिक साझेदारी बनाना है.’’

    सार ने कहा,"हम प्रधानमंत्री मोदी की मज़बूत एकजुटता की सराहना करते हैं. हमें याद है कि 7 अक्टूबर को हमास के जनसंहार के बाद प्रधानमंत्री नेतन्याहू को फ़ोन करने वाले पहले विश्व नेता प्रधानमंत्री मोदी ही थे. हम इसे कभी नहीं भूलेंगे.”

    जबकि जयशंकर ने कहा, ‘’भारत और इसराइल दोनों ही आतंकवाद की चुनौती का सामना कर रहे हैं, इसलिए यह जरूरी है कि पूरी दुनिया आतंकवाद के सभी रूपों के प्रति ‘जीरो टॉलरेंस’ का रवैया अपनाए.’’

  16. अभी तक बीबीसी संवाददाता दीपक मंडल आप तक इस लाइव ब्लॉग के ज़रिये ताज़ा ख़बरें पहुंचा रहे हैं.

    अब बीबीसी संवाददाता इफ़्तेख़ार अली रात दस बजे तक आप तक ख़बरें पहुंचाएंगे.

    तब तक बीबीसी हिन्दी की वेबसाइट की कुछ अहम ख़बरों को उनके साथ दिए गए लिंक पर क्लिक कर विस्तार से पढ़ सकते हैं.

    शाह बानो का परिवार तीन तलाक़ पर बनी फ़िल्म 'हक़' के ख़िलाफ़ क्यों?

    ट्रंप की धमकी के बाद ज़ोहरान ममदानी बोले- डर गए हैं अमेरिकी राष्ट्रपति

    ईरान के सर्वोच्च नेता ख़ामेनेई ने अमेरिका के साथ सहयोग के लिए रखीं ये तीन शर्तें

    'मैं अब भी गहरी तकलीफ़ में हूं', एयर इंडिया विमान हादसे में अकेले ज़िंदा बचे शख़्स की आपबीती

  17. अमित शाह क्यों बोले- ‘लालू, तेजस्वी की तीन पीढ़ियां भी दस हजार रुपये वापस नहीं ले पाएंगीं'

    अमित शाह

    इमेज स्रोत, ANI

    बिहार विधानसभा चुनाव में प्रचार कर रहे केंद्रीय गृह मंत्री और बीजेपी नेता अमित शाह ने नीतीश सरकार की ओर से महिलाओं के खाते में दस हजार रुपये ट्रांसफ़र करने के मामले में बयान दिया है.

    मंगलवार को दरभंगा की एक चुनावी रैली में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा, "हाल ही में मोदी जी और नीतीश कुमार जी ने जीविका दीदियों के बैंक खातों में एक करोड़ रुपये से अधिक (प्रत्येक को 10,000 रुपये) ट्रांसफर किए हैं. आरजेडी (राजद) ने चुनाव आयोग को चिट्ठी लिखकर कहा है कि जीविका दीदियों से ये 10,000 रुपये वापस लिए जाएं.’’

    उन्होंने कहा, ‘’मैं जीविका दीदियों से कहना चाहता हूं कि लालू और तेजस्वी को भूल जाइए. उनकी तीन पीढ़ियां भी आ जाएं, तो भी वे जीविका दीदियों से ये 10,000 रुपये वापस नहीं ले सकते."

    बिहार विधानसभा चुनावों के पहले चरण में 6 नवंबर को वोट डाले जाएंगे. पहले चरण का प्रचार अभियान आज शाम थम जाएगा.

  18. गिरिराज सिंह ने कहा, 'अगर कांग्रेस के युवराज की शादी होती है तो...'

    गिरिराज सिंह

    इमेज स्रोत, ANI

    इमेज कैप्शन, गिरिराज सिंह और मल्लिकार्जुन खड़गे

    बिहार विधानसभा चुनाव में पहले चरण की वोटिंग से पहले राजनीतिक बयानबाजियों का दौर चरम पर पहुंचता दिख रहा है.

    बीजेपी नेता और केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने अब राहुल गांधी को लेकर बयान दिया है.

    उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म एक्स पर लिखा है, ‘’अगर कांग्रेस के युवराज की शादी होती है, तो प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी उसमें भी शामिल होंगे.’’

    दरअसल गिरिराज सिंह ने कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के उस बयान का जवाब दे रहे थे जिसमें उन्होंंने कहा था कि ‘पीएम बिहार में ऐसे घूम रहे हैं जैसे उनके बेटे की शादी हो.’

    गिरिराज ने तंज़ कसते हुए कहा, ‘ये लोग पहले हिट एंड रन की राजनीति करते हैं और फिर माफ़ी मांग लेते हैं. सरकार बनने पर हम इनको गंगाजल से शुद्ध करेंगे.’

    खड़गे ने नीतीश कुमार को सीएम बनाने को लेकर भी बयान दिया था.

    उन्होंने कहा था, ‘’मोदी बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को ‘डुबाने की चाल’ चल रहे हैं और चुनाव के बाद उन्हें किनारे कर अपने किसी ‘चेले’ को मुख्यमंत्री बना देंगे.’’

  19. स्टारबक्स का चीन में अपने कारोबार को लेकर बड़ा फ़ैसला, किस पर कितना असर, ओसमोंड चिया, बिज़नेस रिपोर्टर

    कॉफ़ी चेन स्टारबक्स चीन में बेचेगी अपने कारोबार का 60 फ़ीसदी हिस्सा

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, कॉफ़ी चेन स्टारबक्स चीन में बेचेगी अपने कारोबार का 60 फ़ीसदी हिस्सा

    मशहूर कॉफ़ी चेन स्टारबक्स ने कहा है कि वह इनवेस्टमेंट फ़र्म बोयू कैपिटल के साथ 4 अरब डॉलर के सौदे के तहत चीन में अपने कारोबार का 60 फ़ीसदी हिस्सा बेच रही है.

    समझौते के तहत, दुनिया की सबसे बड़ी कॉफ़ी चेन स्टारबक्स अपने चीनी खुदरा कारोबार में 40 फ़ीसदी हिस्सेदारी रखेगी. साथ ही वो वहां स्टारबक्स ब्रांड का मालिकाना हक अपने पास रखेगी.

    स्टारबक्स ने 1999 में चीन के मार्केट में एंट्री की थी. चीन अब अमेरिका के बाहर इसका दूसरा सबसे बड़ा बाज़ार है.

    हालांकि हाल के वर्षों में कंपनी को लकिन कॉफ़ी जैसे स्थानीय ब्रांडों के उभार के कारण चुनौतियों का सामना करना पड़ा है.

    कंपनी ने सोमवार को कहा कि उसका मुख्यालय शंघाई में ही रहेगा, और वह चीन के बाजार में 8,000 आउटलेट्स का स्वामित्व और संचालन जारी रखेगी.

    साथ ही भविष्य में इसे बढ़ाकर 20,000 स्टोर तक करने की योजना है.

  20. इस ऑनलाइन रिटेलर ने रोकी सेक्स डॉल की बिक्री, बताई वजह

    ऑनलाइन रिटेलर शीन

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, ऑनलाइन रिटेलर शीन के ख़िलाफ़ प्रदर्शन करते लोग

    ऑनलाइन रिटेल दिग्गज शीन ने कहा है कि उसने अपने प्लेटफ़ॉर्म पर पूरी दुनिया में सभी सेक्स डॉल की बिक्री पर प्रतिबंध लगा दिया है.

    ऐसे आरोप लगाए जा रहे थे कि उसके प्लेटफॉर्म पर इसका डिसप्ले बच्चों की गुड़िया जैसा लग रहा था. कंपनी ने इन आरोपों के बाद ही ये कदम उठाया है.

    फ़्रांस के कंज्यूमर वॉचडॉग ने इस सप्ताह के आख़िर में इस मामले पर चिंता जताई थी.

    उसने कहा था कि इन डॉल्स के ब्योरे और कैटेगराइजेशन से यह बात साफ झलकती है कि ये चाइल्ड पोर्नोग्राफी जैसी लग रही थी.

    कंपनी ने सोमवार को कहा कि उसने “गैरकानूनी या नियमों के अनुरूप न होने वाले सेक्स डॉल उत्पादों से जुड़े सभी सेलर अकाउंट पर स्थायी प्रतिबंध” लगा दिया है.

    कंपनी अब अपने ग्लोबल प्लेटफ़ॉर्म पर नियंत्रण को और सख्त करेगी.

    शीन ने यह भी कहा कि उसने एहतियात के तौर पर अपने “एडल्ट प्रोडक्ट्स” कैटेगरी को अस्थायी रूप से हटा दिया है.