यूक्रेन के राष्ट्रपति ज़ेलेंस्की ने रूस को हराने का ‘विक्ट्री प्लान’ बताया, रूस ने दी ये प्रतिक्रिया

यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर ज़ेलेंस्की ने देश की संसद के सामने रूस-यूक्रेन संघर्ष को ख़त्म करने के लिए ‘विक्ट्री प्लान’ पेश किया.

सारांश

  • यूक्रेन के राष्ट्रपति ज़ेलेंस्की ने रूस को हराने का ‘विक्ट्री प्लान’ बताया, रूस ने दी प्रतिक्रिया.
  • नाइजीरिया में तेल से भरा टैंकर पलटा, पेट्रोल लूटने गए 94 लोगों की आग लगने से मौत.
  • उमर अब्दुल्लाह ने जम्मू और कश्मीर के मुख्यमंत्री पद की शपथ ली, सुरिंदर चौधरी बने डिप्टी सीएम.
  • नायब सिंह सैनी को चुना गया हरियाणा के विधायक दल का नेता.
  • बारिश की वजह से भारत-न्यूज़ीलैंड टेस्ट मैच के पहले दिन का खेल रद्द.

लाइव कवरेज

अभिषेक पोद्दार और सुमंत सिंह

  1. भारतीय समयानुसार रात के दस बज रहे हैं. अब इस लाइव पेज को विराम देने का समय आ गया है. मैं यानी बीबीसी संवाददाता सुमंत सिंह को अब दीजिए इज़ाज़त. कल फिर मिलेंगे कुछ नई और महत्वपूर्ण ख़बरों के साथ.

    लेकिन जाते-जाते आप आज की कुछ महत्वपूर्ण और रोचक खबरों को नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक कर पढ़ सकते हैं.

    पाकिस्तान में जयशंकर के भाषण से वहाँ के एक्सपर्ट क्यों जता रहे हैं संतोष? पूरी ख़बर पढ़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें.

    छत्तीसगढ़: हेड कॉन्स्टेबल की पत्नी और बेटी की हत्या के बाद भीड़ ने अभियुक्त का घर फूंका, क्या है पूरा मामला? पूरी ख़बर पढ़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें.

    भारत को लेकर जस्टिन ट्रूडो के इस रुख़ से क्या उन्हें कनाडा में फ़ायदा मिलेगा? पूरी ख़बर पढ़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें.

    लॉरेंस बिश्नोईः कॉलेज की छात्र राजनीति से अंतरराष्ट्रीय अपराध के नेटवर्क तक. पूरी ख़बर पढ़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें.

    भारत-कनाडा विवाद पर क्या कह रहे हैं अमेरिका, ब्रिटेन और अन्य देश, भारत के लिए कितना अहम? पूरी ख़बर पढ़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें.

  2. यूक्रेन के राष्ट्रपति ज़ेलेंस्की ने रूस को हराने का ‘विक्ट्री प्लान’ बताया, रूस ने दी ये प्रतिक्रिया

    यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर ज़ेलेंस्की

    इमेज स्रोत, Ukrainian Presidential Office

    इमेज कैप्शन, ज़ेलेंस्की ने कहा कि वो गुरुवार को ‘विक्ट्री प्लान’ को यूरोपियन यूनियन की समिट में पेश करेंगे

    यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर ज़ेलेंस्की ने देश की संसद के सामने रूस-यूक्रेन संघर्ष को ख़त्म करने के लिए ‘विक्ट्री प्लान’ पेश किया.

    ज़ेलेंस्की ने संसद को बताया कि यह प्लान युद्ध को ख़त्म कर सकता है.

    इस प्लान के मुख्य बिंदुओं में नेटो में शामिल होने का औपचारिक निमंत्रण, रूस के अंदर लंबी दूरी तक हमला करने को लेकर सहयोगी देशों के प्रतिबंधों को हटाना और रूस के कुर्स्क क्षेत्र में घुसपैठ जारी रखना शामिल हैं.

    रूस ने ज़ेलेंस्की के इस योजना को खारिज कर दिया है. क्रेमलिन के प्रवक्ता ने कहा है कि यूक्रेन को “होश में रहकर” बात करने की ज़रूरत है.

    संसद को संबोधित करते हुए ज़ेलेंस्की ने रूस की मदद करने के लिए चीन, ईरान और उत्तर कोरिया की भी आलोचना की और उन्हें “अपराधियों का गुट” कहा.

    ज़ेलेंस्की ने कहा कि वो गुरुवार को ‘विक्ट्री प्लान’ को यूरोपियन यूनियन की समिट में पेश करेंगे.

    ज़ेलेंस्की के ‘विक्ट्री प्लान’ के पांच मुख्य बिंदु-

    • यूक्रेन को नेटो में शामिल होने का निमंत्रण
    • यूक्रेनी सेना को रूसी सेना के मुकाबले ताकतवर बनाना, साथ ही सहयोगी देशों से रूस के अंदरूनी हिस्सों में हमला करने की अनुमति लेना और यूक्रेन में "बफर जोन" के निर्माण से बचने के लिए रूसी क्षेत्र पर यूक्रेन के सैन्य अभियान जारी रखना
    • यूक्रेन की धरती पर तैनात गैर-परमाणु रणनीतिक निवारक पैकेज के माध्यम से रूस को रोकना
    • यूक्रेन के प्राकृतिक संसाधनों को अमेरिका और यूरोपियन यूनियन से संयुक्त संरक्षण प्राप्त करना और आर्थिक क्षमता के लिए इनका संयुक्त इस्तेमाल करना
    • केवल युद्ध के बाद के लिए: पूरे यूरोप में तैनात कुछ अमेरिकी सैनिकों की जगह यूक्रेनी सैनिकों को तैनात करना
  3. मुख्य निर्वाचन आयुक्त राजीव कुमार के हेलीकाप्टर की उत्तराखंड में इमरजेंसी लैंडिंग, आसिफ़ अली, उत्तराखंड से बीबीसी हिंदी के लिए

    मुख्य चुनाव आयुक्त राजीव कुमार

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, मुख्य चुनाव आयुक्त राजीव कुमार (फ़ाइल फोटो)

    मुख्य निर्वाचन आयुक्त राजीव कुमार के हेलीकॉप्टर की उत्तराखंड में इमरजेंसी लैंडिंग हुई है. राजीव कुमार समेत हेलीकॉप्टर में मौजूद सभी चार लोग सुरक्षित बताए जा रहे हैं.

    हाई अल्टीट्यूड पर चुनाव प्रबंधन की स्टडी करने पिथौरागढ़ पहुँचे देश के मुख्य निर्वाचन आयुक्त राजीव कुमार रालम गांव में फँस गए थे.

    मौसम ख़राब होने पर हेलीकॉप्टर की इमरजेंसी लैंडिंग करनी पड़ी.

    पिथौरागढ़ ज़िला पुलिस अधीक्षक रेखा यादव ने बीबीसी हिंदी को बताया, “मुख्य निर्वाचन आयुक्त का यह दौरा जनपद पिथौरागढ़ की तहसील मुनस्यारी के सीमांत गाँव मिलम में रह रहे लोगों (वोटर्स) से बातचीत करने को लेकर था.”

    “उनके हेलीकॉप्टर ने यहाँ पहुँचने के लिए देहरादून से उड़ान भरी थी, जिसके बाद उन्हें सीमांत गाँव मिलम पहुँचना था.”

    “लेकिन मौसम ख़राब होने के कारण बॉर्डर से लगे “रालम” गाँव में लगभग दिन के 1.30 बजे इमरजेंसी लैंडिंग की गई.”

    पुलिस अधीक्षक ने बताया, “हेलीकॉप्टर में मुख्य निर्वाचन आयुक्त राजीव कुमार के साथ उनके एक पीएसओ, उत्तराखंड के उप मुख्य निर्वाचन अधिकारी विजय कुमार जोगदंडे और पायलट थे.”

    “यह सभी चारों लोग सुरक्षित हैं और एक घर में रूके हुए हैं. आज रात वह उसी गाँव में रहेंगे.”

    एसपी रेखा यादव ने बताया, “पिथौरागढ़ का यह क्षेत्र अधिक ऊँचाई वाला क्षेत्र है जहाँ मौसम की स्थिति कभी भी बदल जाती है. तहसील मुनस्यारी से रालम गाँव की दूरी लगभग 42 किलोमीटर है.”

    “रालम गाँव तक पहुँचने के लिए मोटर मार्ग नहीं है, अधिकतर रास्ता पैदल (ट्रेक) करके ही पूरा किया जा सकता है.”

    “ज़िला प्रशासन, पुलिस और इंडो तिब्बतन बॉर्डर पुलिस (आईटीबीपी) की टीम जल्द से जल्द उन तक पहुँच जायेंगे. उन लोगों से हमारी बातचीत सेटेलाइट फ़ोन द्वारा हो पा रही है.”

    “अगर कल मौसम ठीक रहता है तो उनको हेलीकॉप्टर द्वारा पिथौरागढ़, मुनस्यारी लाया जाएगा, नहीं तो वाया रूट लाया जाएगा.”

  4. भारतीय विमानों में बम विस्फोट की धमकियों पर क्या बोले नागरिक उड्डयन मंत्री?

    केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री राम मोहन नायडू

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री राम मोहन नायडू (फ़ाइल फोटो)

    भारतीय विमानों में बम विस्फोट की धमकियों के बीच केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री राम मोहन नायडू ने बयान जारी कर इसकी निंदा की है.

    उन्होंने कहा, “हाल ही में भारतीय विमानों को निशाना बनाए जाने के मामले चिंताजनक है. मैं ऐसे किसी भी कार्य की निंदा करता हूं जो हमारे विमानन क्षेत्र की सुरक्षा और परिचालन की अखंडता से समझौता करे.”

    उन्होंने बताया, “इन धमकियों के बाद मैंने बीते 14 अक्तूबर को उच्च स्तरीय बैठक की, जिसमें नागरिक विमानन निदेशालय के अधिकारी, ब्यूरो ऑफ़ सिविल एविएशन सोसायटी के अधिकारी, केंद्रीय औद्यौगिक सुरक्षा बल (सीआईएसएफ़) के अधिकारी, गृह मंत्रालय और सिविल एविएशन मंत्रालय के अधिकारियों से बात हुई.”

    केंद्रीय मंत्री ने कहा, “मैं इस स्थिति पर नज़र रख रहा हूं और हमारी एजेंसियां सक्रियता के साथ सभी मामलों की जांच कर रही हैं.”

    उन्होंने बताया, “मुंबई पुलिस ने तीन विमानों को बम से उड़ाने की धमकियां देने के लिए ज़िम्मेदार नाबालिग़ को हिरासत में लिया है. अन्य धमकियों के लिए ज़िम्मेदार बाकी लोगों की जल्द ही पहचान कर ली जाएगी.”

    नायडू ने कहा, “विमानों की सुरक्षा के लिए हर संभव कोशिश की जाएगी. यात्रियों की सुरक्षा हमारी पहली प्राथमिकता है.”

    बीते दो दिनों में कम से कम दस भारतीय विमानों में बम विस्फोट की झूठी धमकियां मिली हैं, जिसकी वजह से विमानों के संचालन में देरी हुई है और कुछ विमानों के रूट को डायवर्ट भी किया गया है.

  5. भारत में होगा खो-खो का पहला विश्व कप, इस दिन से शुरू होगा टूर्नामेंट

    खो-खो

    इमेज स्रोत, ANI

    इमेज कैप्शन, सांकेतिक तस्वीर

    खो-खो फ़ेडरेशन ऑफ़ इंडिया के अध्यक्ष सुधांशु मित्तल ने बुधवार को बताया कि खो-खो के पहले वर्ल्ड कप की मेजबानी भारत करेगा.

    उन्होंने कहा, “मुझे यह घोषणा करते हुए बहुत गर्व हो रहा है कि भारत इतनी बड़ी भागीदारी वाले खो-खो के पहले विश्व कप की मेजबानी करेगा.”

    अगले साल 13 जनवरी से 19 जनवरी के बीच राजधानी दिल्ली में यह टूर्नामेंट खेला जाएगा.

    सुधांशु मित्तल ने बताया, “इस प्रतियोगिता में सभी छह महाद्वीपों के 24 देश हिस्सा लेंगे.”

    “सबसे महत्वपूर्ण बात यह है कि प्रतियोगिता में पाकिस्तान, ईरान और अन्य देश भी शामिल होंगे, जिससे इस प्रतियोगिता में कड़ी प्रतिस्पर्धा और बेहतर परिणाम देखने को मिलेंगे.”

  6. जगन्नाथ पुरी मंदिर के प्रसाद में इस घी का होगा इस्तेमाल, ओडिशा के मंत्री ने और क्या कहा?

    ओडिशा के मंत्री पृथ्वीराज हरिचंदन

    इमेज स्रोत, X/Prithiviraj Harichandan

    इमेज कैप्शन, ओडिशा के मंत्री पृथ्वीराज हरिचंदन

    ओडिशा के जगन्नाथ पुरी मंदिर के कार्यालय ने धार्मिक कार्यों के लिए केवल ओमफेड घी यानी ओडिशा राज्य सहकारी दुग्ध उत्पादक संघ के घी का उपयोग करने का आदेश जारी किया है.

    इस फ़ैसले के बारे में जानकारी देते हुए ओडिशा सरकार के मंत्री पृथ्वीराज हरिचंदन ने कहा, “इससे पहले भी हमने इसके बारे में जानकारी दी थी. जहां तक ​​प्रसाद बनाने के लिए उपयोग की जाने वाली सामग्री, साथ ही दीये आदि की बात है तो उत्पादों की शुद्धता बनाए रखी जाएगी.”

    समाचार एजेंसी पीटीआई से उन्होंने कहा, “इसी को ध्यान में रखते हुए हमने फ़ैसला लिया है और मंदिर प्रशासन ने पहले ही यह प्रक्रिया शुरू कर दी है कि केवल ओमफेड घी का ही इस्तेमाल किया जाएगा.”

    इससे पहले, आंध्र प्रदेश के मशहूर तिरुपति मंदिर के प्रसाद में मिलने वाले लड्डू में जानवरों की चर्बी वाला घी इस्तेमाल किए जाने का दावा किया गया था. उस वक्त यह मामला बहुत गरमाया हुआ था.

    आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू ने कहा था, ''पिछली सरकार के दौरान तिरुमला लड्डू को बनाने में शुद्ध घी की बजाय जानवरों की चर्बी वाला घी इस्तेमाल किया जाता था.''

    जगन मोहन रेड्डी की पार्टी ने नायडू की टिप्पणी पर विरोध जताया था और इन आरोपों को ख़ारिज किया था.

    इस मामले के सामने आने के बाद ओडिशा सरकार ने जगन्नाथ पुरी मंदिर के प्रसाद की गुणवत्ता की जांच करने के आदेश दिए थे.

  7. बहराइच मामले पर डीएम बोलीं- पुलिस ने अब तक 50 से ज़्यादा लोगों को गिरफ्तार किया

    बहराइच की डीएम मोनिका रानी

    इमेज स्रोत, Screen Grab/ANI

    इमेज कैप्शन, बहराइच की डीएम मोनिका रानी

    बहराइच मामले पर जिला मजिस्ट्रेट मोनिका रानी ने बताया कि पुलिस ने 50 से ज़्यादा गिरफ़्तारियां की हैं और आगे भी कार्रवाई की जाएगी.

    उन्होंने कहा, “घटना के बाद पूरा क्षेत्र सेक्टर और ज़ोन में बांटा गया है. पुलिस के अधिकारी और वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी लगातार क्षेत्र का दौरा कर रहे हैं.”

    डीएम ने कहा, “अधिकारियों की डबल शिफ्ट में ड्यूटी लगी हुई है और इलाके की पूरी निगरानी रखी जा रही है कि कौन आ रहा है कौन जा रहा है.”

    उन्होंने कहा, “इस घटना से प्रभावित क्षेत्रों में भी दौरा किया गया है और जो लोग प्रभावित हुए उनके लिए राहत सामग्री उपलब्ध कराई गई है.”

    डीएम ने बताया, “इस मामले में पुलिस ने 50 से ज़्यादा गिरफ़्तारियां की हैं. एफ़आईआर दर्ज हुई है और आगे भी कार्रवाई की जाएगी.”

    वहीं राम गोपाल मिश्रा की मौत की पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बारे में बात करते हुए सीएमओ डॉक्टर संजय कुमार ने समाचार एजेंसी पीटीआई को बताया, "25-30 छर्रों के कारण बहुत ज्यादा रक्तश्राव हुआ, जिसकी वजह से उनकी मौत हुई."

    उन्होंने कहा, "छाती और गले में ये छर्रे लगे हैं. बाईं आंख के ऊपर ललाट में चोट लगी है, जो कि किसी भारी चीज से मारी गई है. और पैर में बर्न इंजरीज़ की रिपोर्ट है."

  8. नाइजीरिया में तेल से भरा टैंकर पलटा, पेट्रोल लूटने गए 94 लोगों की आग लगने से मौत

    आग

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, सांकेतिक तस्वीर

    नाइजीरिया के उत्तरी क्षेत्र में बीती रात तेल से भरा एक टैंकर फटने से 94 लोगों की मौत हो गई है.

    यह घटना उस वक्त हुई जब लोगों की भीड़ एक हादसे के बाद टैंकर से लीक हो रहे तेल को लूटने पहुंचे थे. यह घटना उत्तरी राज्य जिगावा के मजिया शहर की है.

    पुलिस ने बीबीसी को बताया कि तेल से भरा टैंकर पलट गया था और उसमें आग लगने की वजह से कम से कम 94 लोगों की जलकर मौत हो गई है.

    धमाके में 50 अन्य लोग घायल भी हुए हैं, जिन्हें जिगावा राज्य के रिनगिम शहर के नज़दीकी अस्पताल में भर्ती किया गया है. घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है.

    तेल से भरा टैंकर फटा

    इमेज स्रोत, Isyaku Rabiu

    इमेज कैप्शन, बुधवार सुबह हादसे वाली जगह पर लोगों की भीड़ जुट गई

    पुलिस के प्रवक्ता लावल शिज़ु एडम ने बताया, “देर रात मंगलवार को हुई घटना के बाद से पुलिस अधिकारियों ने लोगों को टैंकर के पास नहीं जाने की चेतावनी दी है, लेकिन वह बढ़ती हुई भीड़ को काबू करने में असमर्थ थे.”

    उन्होंने बीबीसी को बताया, “हमने लोगों को वाहन के पास पेट्रोल लेने से रोकने का काफी प्रयास किया. इलाके की घेराबंदी के बावजूद हम लोगों को नहीं रोक पाए और जब लोग पेट्रोल भर रहे थे तभी आग भड़क उठी.”

    उन्होंने बताया कि स्थानीय समय के अनुसार रात 11:30 बजे यह हादसा हुआ.

    एडम ने बताया, “तेल का टैंकर कानो से आ रहा था और योब राज्य के नगुरु की ओर जा रहा था. इसी दौरान ड्राइवर ने वाहन पर से अपना कंट्रोल खो दिया.”

    इस घटना में ड्राइवर घायल नहीं हुआ है. पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर जांच शुरू कर दी है.

  9. उमर अब्दुल्लाह ने सुरिंदर चौधरी को क्यों बनाया जम्मू-कश्मीर का डिप्टी सीएम? ये बताई वजह

    उमर अब्दुल्लाह और सुरेंद्र चौधरी

    इमेज स्रोत, ANI

    इमेज कैप्शन, उमर अब्दुल्लाह और सुरिंदर चौधरी (फ़ाइल फोटो)

    जम्मू और कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्लाह ने सुरिंदर चौधरी को राज्य का उपमुख्यमंत्री नियुक्त किया है.

    सुरिंदर चौधरी को डिप्टी सीएम बनाए जाने पर उमर अब्दुल्लाह ने कहा, “मैंने डिप्टी सीएम बनाया, ताकि जम्मू को लगे कि उतनी ही उनकी हुकूमत है जितनी बाकियों की”

    उन्होंने कहा, “आगे भी यही कोशिश रहेगी, हम मिलकर चलेंगे.”

    सुरिंदर चौधरी जम्मू क्षेत्र से आते हैं. वो नौशेरा से विधायक हैं. उन्होंने विधानसभा चुनाव में बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष रवींद्र रैना को हराया था.

    रवींद्र रैना को 27,250 वोट मिले थे, जबकि सुरिंदर चौधरी को 35,069 वोट मिले थे, जिसकी बदौलत उन्होंने 7819 वोटों से जीत हासिल की थी.

  10. दक्षिण लेबनान में इसराइली सेना के हमले पर लेबनान के प्रधानमंत्री क्या बोले?

    लेबनान के प्रधानमंत्री नजीब मिकाती

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, लेबनान के प्रधानमंत्री नजीब मिकाती (फ़ाइल फोटो)

    दक्षिण लेबनान के नबातिह शहर में इसराइली सेना के हमलों की लेबनान के प्रधानमंत्री ने निंदा की है.

    लेबानान के प्रधानमंत्री कार्यालय ने कहा, “इसराइल ने जान-बूझकर नबातिह के स्थानीय प्रशासन की बैठक को निशाना बनाया.”

    प्रधानमंत्री नजीब मिकाती ने कहा, “इसराइली दुश्मन नागरिकों के ख़िलाफ़ अपराध कर रहे हैं. दुनिया इन अपराधों को लेकर चुप है और ये चुप्पी इसराइल को अपने अपराध जारी रखने के लिए प्रोत्साहित करती है.”

    लेबनान में इसराइली हमला

    इमेज स्रोत, EPA

    इमेज कैप्शन, इसराइल के हमले के बाद रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया जा रहा है

    इससे पहले, इसराइली सेना ने पुष्टि की थी कि उसने दक्षिण लेबनान के नबातिह शहर पर हमला किया है.

    टेलीग्राम पर पोस्ट करते हुए आईडीएफ़ ने लिखा, “नबातिह शहर में हिज़्बुल्लाह के दर्जन भर ठिकानों को निशाना बनाया गया और हिज़्बुल्लाह के भूमिगत ठिकानों को नष्ट किया गया.”

    इसराइल के इस हमले में पांच लोगों की मौत हुई है. मारे गए लोगों में नबातिह के मेयर भी शामिल हैं.

    लेबनान में इसराइली हमला

    इमेज स्रोत, EPA

    इमेज कैप्शन, लेबनान के स्वास्थ्य मंत्रालय ने कहा है कि क़ाना शहर में हुए इसराइली हमले में एक व्यक्ति की मौत हुई है, जबकि 30 लोग घायल हैं
  11. केंद्र सरकार ने कर्मचारियों को दी राहत, जानिए कितना बढ़ा डीए

    केंद्रीय मंत्री अश्वनी वैष्णव

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, केंद्रीय मंत्री अश्वनी वैष्णव (फ़ाइल फोटो)

    बुधवार को केंद्रीय कैबिनेट की बैठक में केंद्र सरकार ने कर्मचारियों औऱ एमएसपी से जुड़े कई अहम फैसले लिए.

    इन फ़ैसलों के बारे में जानकारी देते हुए केन्द्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव ने बताया, “कैबिनेट ने केंद्र सरकार के कर्मचारियों के महंगाई भत्ते और पेंशनधारकों के महंगाई राहत में 3 फ़ीसदी की बढ़ोतरी की है.

    इस फ़ैसले के बाद अब कर्मचारियों का महंगाई भत्ता बढ़कर 53 फ़ीसदी हो गया है. इससे केंद्र सरकार के ख़र्च में सालाना 9,448 करोड़ रुपये की बढ़ोतरी होगी.

    इससे पहले, मार्च में सरकार ने महंगाई भत्ते में 4 फ़ीसद की बढ़ोतरी की थी.

    इसके अलावा केंद्र सरकार ने किसानों को राहत देते हुए रबी फसलों की न्यूनतम समर्थन मूल्य यानी एमएसपी में भी बढ़ोतरी की है.

    सरकार ने प्रति क्विंटल गेहूं के दाम में 150 रुपये, जौ में 130 रुपये, चना के दाम में 210 रुपये, मसूर के दामों में 275 रुपये और सरसों के दाम में 300 रुपये की बढ़ोतरी की है.

  12. भारत बनाम न्यूज़ीलैंड टेस्ट: बारिश की वजह से पहले दिन का खेल रद्द

    विराट कोहली और यशस्वी जायसवाल

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, पहले दिन का खेल शुरू होने से पहले यशस्वी जायसवाल और विराट कोहली फील्ड से बाहर जाते हुए

    भारत-न्यूज़ीलैंड के बीच खेले जा रहे पहले क्रिकेट टेस्ट मैच के पहले दिन का खेल बारिश की वजह से रद्द हो गया है.

    यह मैच बेंगलुरु के एम चिन्नास्वामी स्टेडियम में खेला जा रहा है. बारिश की वजह से इस मैच में टॉस तक नहीं हो सका है.

    अब दूसरे दिन सुबह यानी गुरुवार को 08:45 पर टॉस होगा और खेल की शुरुआत 9:15 बजे होगी.

    भारत और न्यूज़ीलैंड के बीच तीन मैचों की टेस्ट सिरीज़ खेली जा रही है.

    दूसरा मैच पुणे के महाराष्ट्र क्रिकेट एसोशिएसन स्टेडियम में खेला जाएगा, जबकि तीसरा मैच मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में खेला जाना है.

  13. नायब सिंह सैनी को फिर से मुख्यमंत्री चुने जाने के बाद क्या बोले अनिल विज?

    अनिल विज

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, बीजेपी नेता अनिल विज (फ़ाइल फोटो)

    नायब सिंह सैनी को हरियाणा का मुख्यमंत्री चुने जाने के बाद बीजेपी नेता अनिल विज ने कहा, “सभी विधायकों ने एकमत से उन्हें विधायक दल का नेता चुना है. वो कल मुख्यमंत्री के रूप में शपथ लेंगे.”

    पूरे पांच साल के कार्यकाल के लिए चुने जाने के सवाल पर उन्होंने कहा, “मुख्यमंत्री पांच साल के लिए ही चुना जाता है.”

    किसी मंत्रालय के ज़िम्मेदारी दिए जाने के सवाल पर उन्होंने कहा, “पार्टी ने मुझे आज तक जो भी दायित्व सौंपा है मैंने उसे संभाला है.”

    समाचार एजेंसी पीटीआई से अनिल विज ने मुख्यमंत्री पद की दावेदारी को लेकर कहा कि “मैंने कभी दावेदारी पेश नहीं की. मैंने खाली एक स्पष्टीकरण दिया है, वो आज भी है.”

    उन्होंने कहा, “मैंने पार्टी के सामने अपनी प्राथमिकता नहीं रखी. सात बार का विधायक हूं, कभी आज तक कुछ नहीं मांगा. पार्टी जहां ड्यटी लगाती है करता हूं.”

    वहीं बीजेपी विधायक दल की बैठक से पहले मुख्यमंत्री पद की दावेदारी को लेकर अनिल विज ने कहा था कि “मेरी कोई दावेदारी नहीं है.”

    किसी बड़े पद को लेकर उन्होंने कहा था, “मैंने कभी कोई पद नहीं मांगा. जो भी निर्णय हाईकमान का होता है उसे माना जाता है.”

    उन्होंने कहा था, “सारा फैसला हाईकमान को करना है, हाईकमान जो भी फैसला करेगा वो मंजूर है.”

  14. इसराइल ने पांच दिनों बाद फिर लेबनान की राजधानी बेरूत पर हमला किया

    इसराइल ने पांच दिनों बाद फिर किया बेरूत पर हमला (सांकेतिक तस्वीर)

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, इसराइल ने पांच दिनों बाद फिर किया बेरूत पर हमला (सांकेतिक तस्वीर)

    लगभग पांच दिनों के बाद इसराइली सेना ने एक बार फिर से लेबनान की राजधानी बेरूत पर हमले किए हैं.

    वहीं दक्षिण लेबनान के नबातिह शहर में हुए इसराइली हमले में पांच लोगों की मौत हुई है. मारे गए लोगों में नबातिह के मेयर भी शामिल हैं.

    मंगलवार की देर रात को इसराइली सेना ने बेरूत के दक्षिणी इलाक़ों पर हवाई हमला किया. इन हमलों को लेकर इसराइल का कहना है कि उन्होंने हिज़्बुल्लाह के अंडरग्राउंड गोदाम को अपना निशाना बनाया है.

    इससे पहले लेबनान में अधिकारियों ने कहा था कि हाल ही में किए गए हमलो में लेबनान के दक्षिणी इलाक़ों में कई सारे लोगों की मौत हुई थी.

    लेबनान के अलावा इसराइल ने ग़ज़ा पर भी हमले करना जारी रखा हुआ है. वहीं मंगलवार को अमेरिका ने इसराइल को पत्र लिख कर 30 दिनों में ग़ज़ा में मानवीय सहायता की पहुंच बढ़ाने के लिए कहा है.

    अमेरिका का कहना है कि अगर ऐसा नहीं होता है तो फिर वह इसराइल को दी जाने वाली सैन्य सहायता में कटौती भी कर सकता है.

    बेरूत पर इस ताज़ा हमले से पहले मंगलवार को भी इसराइली सेना ने लेबनान के अलग-अलग जगहों पर बमबारी की थी.

    लेबनान के स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक़ इन हमलो में रियाक़ और बेका घाटियों में पांच लोग मारे गए थे.

    वहीं लेबनान के दक्षिणी इलाके में भी पांच लोगों की मौत हुई थी. वहीं क़ाना के इलाक़े में किए गए इसराइली हमले में एक व्यक्ति की मौत हो गई थी जबकि 30 लोग घायल हो गए थे.

    सरकारी मीडिया के मुताबिक़ इस हमले में मारे गए लोगों की संख्या 10 से ज़्यादा थी.

  15. नमस्कार

    अब तक बीबीसी संवाददाता अभिषेक पोद्दार इस लाइव पेज के जरिये आप तक दिन की अहम ख़बरें पहुंचा रहे थे. अब बीबीसी संवाददाता सुमंत सिंह आप तक आगे की ख़बरें पहुंचाएंगे.

    आप इस वक़्त हमारी वेबसाइट पर मौज़ूद कुछ अहम ख़बरों को नीचे दिए गए लिंक्स पर क्लिक कर पढ़ सकते हैं.

    तीन मुख्यमंत्री और कई सियासी भूचाल, महाराष्ट्र में पिछले 5 वर्षों की राजनीति का चुनावों पर क्या पड़ेगा असर?- पूरी ख़बर पढ़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें.

    रूस-यूक्रेन की जंग के बीच ऐसे हुआ दो लोगों को प्यार और फिर जीता पैरालंपिक में मेडल- पूरी ख़बर पढ़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें.

    जम्मू-कश्मीर में उमर अब्दुल्लाह ने ली सीएम पद की शपथ, मुख्यमंत्री और एलजी मनोज सिन्हा के रिश्तों पर सबकी नज़र- पूरी ख़बर पढ़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें.

    कनाडा से तकरार का भारत के अमेरिका और पश्चिमी देशों के साथ रिश्तों पर क्या होगा असर- पूरी ख़बर पढ़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें.

  16. हरियाणा: नायब सिंह सैनी चुने गए बीजेपी विधायक दल के नेता, इस दिन लेंगे सीएम पद की शपथ

    नायब सिंह सैनी (फ़ाइल फ़ोटो)

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, नायब सिंह सैनी (फ़ाइल फ़ोटो)

    हरियाणा के विधानसभा चुनाव नतीज़ों के बाद अब नायब सिंह सैनी को बीजेपी विधायक दल का नेता चुन लिया गया है.

    समाचार एजेंसी एएनआई के मुताबिक़ नायब सिंह सैनी 17 अक्तूबर को मुख्यमंत्री पद की शपथ ग्रहण करेंगे.

    इस बात का एलान गृह मंत्री अमित शाह ने किया. अमित शाह को पार्टी ने हरियाणा का पर्यवेक्षक बनाया था.

    अमित शाह ने कहा, "मुझे यह बताते हुए खुशी हो रही है कि नायब सिंह सैनी को विधायक दल का नेता चुना गया है. अब 10 सालों के बाद एक बार फिर से डबल इंजन की सरकार यहां पर काम करेगी.''

    नायब सिंह सैनी ने इसी साल मार्च में हरियाणा के सीएम के तौर पर शपथ ली थी. वहीं हाल ही में हुए हरियाणा के विधानसभा चुनावी नतीजे भी चौंकाने वाले रहे.

    ऐसा इसलिए है क्योंकि लगभग सभी एग्जिट पोल्स में ऐसा दिखाया जा रहा था कि नतीजों में कांग्रेस को बहुमत मिलने वाला है.

    लेकिन आख़िरी नतीजों में बीजेपी ने एक बार फ़िर से राज्य की सत्ता हासिल की.

    चुनावी परिणामों में जहां बीजेपी को 48 सीटों पर जीत के साथ एक बार फिर से बहुमत हासिल किया.

    वहीं कांग्रेस एक बार फिर से राज्य की सत्ता हासिल करने में फिर नाकाम रही.

  17. एस जयशंकर ने एससीओ समिट में क्या कहा?

    भारत के विदेश मंत्री एस जयशंकर

    इमेज स्रोत, @DrSJaishankar

    इमेज कैप्शन, भारत के विदेश मंत्री एस जयशंकर

    भारत के विदेश मंत्री एस जयशंकर ने पाकिस्तान में हो रहे एससीओ (शंघाई कोऑपरेशन ऑर्गनाइजेशन) को संबोधित किया.

    इस दौरान उन्होंने कहा कि एससीओ को इस वक़्त दुनिया में चल रही तमाम उथल-पुथल के बीच आने वाली चुनौतियों का सामना करने के लिए सक्षम होना चाहिए.

    उन्होंने कहा, ''एससीओ का पहला लक्ष्य आतंकवाद,अलगाववाद और उग्रवाद का मुकाबला करना है और मौजूदा परिस्थितियों में यह और भी ज़्यादा अहम हो जाता है.''

    भारतीय विदेश मंत्री ने कहा, ''हमें ईमानदार बातचीत और एससीओ चार्टर को लेकर प्रतिबद्ध होने की ज़रूरत है. वैश्वीकरण और संतुलन बनाने की भी अपनी समस्याएं हैं लेकिन एससीओ देशों को इससे आगे सोचने की ज़रूरत है.”

    उन्होंने कहा, ''देशों के बीच सहयोग आपसी सम्मान,संप्रभुता और समानता पर आधारित होना चाहिए, ना कि एकतरफ़ा एजेंडे पर.''

    जयशंकर ने कहा, ''एससीओ के उद्देश्यों को हासिल करने के लिए हम आपसी हितों को ध्यान में रखें और चार्टर के नियमों का पालन करें. एससीओ बदलाव से गुज़र रहे देशों का प्रतिनिधित्व करता है, जिसपर ज़्यादातर दुनिया का भरोसा टिका हुआ है. हमें उस ज़िम्मेदारी को निभाना है.''

  18. एलन मस्क ने डोनाल्ड ट्रंप के अभियान को तीन महीनों में दिए 75 मिलियन डॉलर

    डोनाल्ड ट्रंप के साथ एलन मस्क

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, डोनाल्ड ट्रंप के साथ एलन मस्क

    दुनिया के सबसे अमीर व्यक्तियों में से एक एलन मस्क रिपब्लिकन पार्टी के उम्मीदवार और पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के अभियान के लिए 75 मिलियन डॉलर की राशि दे चुके हैं.

    इस बात का पता सरकारी जांच में चला है. सरकारी जांच में सामने आई जानकारी के मुताबिक़, एलन मस्क ने डोनाल्ड ट्रम्प के समर्थक अभियान समूह अमेरिका पीएसी को तीन महीने में लगभग 75 मिलियन डॉलर की रकम दी है.

    एलन मस्क ने जुलाई में ट्रंप पर हुए हमले के बाद उनको औपचारिक रूप से अपना समर्थन दिया था. हालांकि इससे पहले भी मस्क को कई मुद्दों पर ट्रंप का साथ देते हुए देखा जा चुका है.

    हाल ही में पेंसिल्वेनिया के बटलर में ट्रंप की रैली के दौरान, मस्क भी शामिल हुए थे. यह वही जगह है जहां पर ट्रंप पर हमला किया गया था.

    अमेरिकी चुनाव नवंबर में होने हैं, जहां डेमोक्रेटिक पार्टी की तरफ़ से मौजूदा उपराष्ट्रपति कमला हैरिस उम्मीदवार हैं.

    वहीं रिपब्लिकन पार्टी ने पूर्व अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप को अपना उम्मीदवार घोषित किया है.

  19. दिल्ली की कच्ची कॉलोनियों में बिजली के मीटर को लेकर सीएम आतिशी ने क्या एलान किया

    दिल्ली की सीएम आतिशी (फ़ाइल फ़ोटो)

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, दिल्ली की सीएम आतिशी (फ़ाइल फ़ोटो)

    दिल्ली की मुख्यमंत्री अतिशी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में यह एलान किया कि अब दिल्ली की कच्ची कॉलोनियों में रहने वाले लोगों को बिजली के मीटर के लिए एनओसी की जरूरत नहीं है.

    उन्होंने कहा, “मुझे आज ये बताते हुए खुशी है कि दिल्ली सरकार ने ये फैसला लिया है कि 1731 कच्ची कॉलोनियों में रहने वाले लोगों को अब बिजली का मीटर लगवाने के लिए किसी भी प्रकार के एनओसी की जरुरत नहीं होगी.”

    अतिशी ने कहा,'' अगर कोई भी इन 1731 कच्ची कॉलोनियों में रहते हैं वो बिजली के मीटर के लिए अप्लाई कर सकते है और उनको 15 दिन के भीतर बिजली के मीटर मिलेंगे. चाहे भारतीय जनता पार्टी के डीडीए ने दिल्ली के कच्ची कॉलोनियों में रहने वाले को परेशान करने की कितनी कोशिश की लेकिन अरविंद केजरीवाल जी के नेतृत्व में दिल्ली की सरकार किसी भी कच्ची कॉलोनी में रहने वाले को परेशान नहीं होने देगी.”

    इससे पहले दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने बीजेपी पर निशाना साधते हुए कहा था कि अगर उसकी सरकार दिल्ली में आती है तो वे सबसे पहले जनता की फ़्री बिजली ख़त्म करेंगे.

    दिल्ली की आम आदमी पार्टी की सरकार लोगों को बिजली के बिल पर सब्सिडी देती है. इस सब्सिडी के तहत लोगों को हर महीने 200 यूनिट फ़्री बिजली मिलती है.

  20. जम्मू-कश्मीर : उमर अब्दुल्लाह ने सीएम पद की शपथ से पहले पूर्ण राज्य के दर्ज़े पर क्या कहा?

    उमर अब्दुल्लाह

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, उमर अब्दुल्लाह

    जम्मू कश्मीर में विधानसभा चुनावों के बाद अब नई सरकार का गठन होने जा रहा है.

    एनसीपी के नेता उमर अब्दुल्लाह आज ही राज्य के मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे. हालांकि शपथ ग्रहण समारोह से पहले उन्होंने सामाचार एजेंसी पीटीआई के साथ बात-चीत में पूर्ण राज्य के दर्ज़े पर बयान दिया.

    उन्होंने कहा, “जम्मू कश्मीर एक केंद्र शासित प्रदेश है यही बात अपने आप में दुर्भाग्यपूर्ण है. हालांकि मैंने मेरा हमेशा से यह मानना है कि केंद्र शासित प्रदेश एक अस्थाई दर्ज़ा है. हमें भारत सरकार, ख़ासकर प्रधानमंत्री मोदी और गृह मंत्री अमित शाह से यह प्रतिबद्धता मिली है कि राज्य का दर्ज़ा बहाल किया जाएगा और मुझे उम्मीद है कि यह जल्द से जल्द होगा.”

    जम्मू कश्मीर के भावी सीएम अब्दुल्लाह ने कहा कि हमारे पास जनादेश है और काम करने की ज़िम्मेदारी भी है. इस राज्य पर शासन करने की अपनी चुनौतियां हैं लेकिन यह एक बहुत बड़ा मौका भी है.