You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.

Take me to the main website

पटना में बीपीएससी परीक्षार्थियों पर पुलिस का लाठीचार्ज, कई घायल

बिहार की राजधानी पटना में बुधवार शाम को बिहार लोक सेवा आयोग (बीपीएससी) का घेराव करने की कोशिश में बीपीएससी परीक्षार्थियों पर पुलिस ने लाठीचार्ज किया. इस लाठीचार्ज में कई छात्र घायल हुए हैं.

सारांश

  • पटना में बीपीएससी परीक्षार्थियों पर बिहार पुलिस ने किया लाठीचार्ज, जिसमें कई छात्रों के घायल होने की ख़बर है
  • अरविंद केजरीवाल ने दावा किया है कि दिल्ली के विधानसभा चुनाव में प्रवेश वर्मा बीजेपी की ओर से मुख्यमंत्री पद का चेहरा होंगे
  • अफ़ग़ानिस्तान में पाकिस्तान की ओर से किए गए हवाई हमले में हुई 46 लोगों की मौत
  • अज़रबैजान एयरलाइंस का विमान कज़ाख़स्तान में क्रैश हुआ, विमान में 70 लोग सवार थे जिनमें से कम से कम 30 लोग सुरक्षित बचे हैं
  • भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच ब्रिसबेन में खेले गए टेस्ट मैच के बाद आईसीसी की टेस्ट बॉलिंग रैंकिंग में पहले से नंबर एक बुमराह ने इस पायदान पर अपनी पकड़ और मज़बूत कर ली है
  • यूक्रेन ने कहा है कि रूस ने उसके ऊर्जा संयंत्रों पर व्यापक हमले किए हैं, इससे लाख़ों घरों की बिजली आपूर्ति प्रभावित हुई है

लाइव कवरेज

अश्वनी पासवान, कीर्ति रावत

  1. अरविंद केजरीवाल का दावा- सीएम आतिशी आने वाले दिनों में होंगी गिरफ़्तार

    आम आदमी पार्टी के संयोजक अरविंद केजरीवाल ने कहा है कि आने वाले दिनों में दिल्ली की मुख्यमंत्री और पार्टी की नेता आतिशी को गिरफ़्तार किया जाएगा.

    मुख्यमंत्री आतिशी और अरविंद केजरीवाल ने साझा प्रेस कॉन्फ्रेंस की.

    इस दौरान केजरीवाल ने कहा, "अभी तीन चार दिन पहले हमें अपने सूत्रों से पता चला है कि ईडी, आयकर विभाग और सीबीआई की मीटिंग हुई है. इसमें ऊपर से आदेश आया है कि फ़र्ज़ी केस करके दिल्ली की सीएम आतिशी को गिरफ्तार किया जाए."

    उन्होंने ये भी कहा, "दिल्ली में बीजेपी की हार होने वाली है. दिल्ली के लोगों के लिए बीजेपी ने कुछ काम नहीं किया है. बीजेपी के पास सीएम का चेहरा भी नहीं है. इनके पास कोई उम्मीदवार और एजेंडा नहीं है."

    "दो से तीन दिन पहले हमने दो योजनाओं की घोषणा की. इसमें हमने महिलाओं को 2100 रुपये देने और बुर्जुगों के लिए संजीवनी योजना का एलान किया. इससे बीजेपी बौखला गई है."

    दरअसल, बुधवार को आम आदमी पार्टी की इन दोनों योजनाओं के लिए दिल्ली के स्वास्थ्य और महिला बाल विकास विभाग ने नोटिस जारी किया है और कहा है कि ऐसी कोई योजना अधिसूचित नहीं की गई है.

  2. आम आदमी पार्टी की योजनाओं पर सरकारी विभागों ने जारी किए नोटिस, केजरीवाल क्या बोले?

    आम आदमी पार्टी की ओर से दिल्ली के विधानसभा चुनाव से पहले घोषित की गई दो बड़ी योजनाओं पर सरकारी विभागों ने नोटिस जारी कर दिए हैं. इनमें ये बताया गया है कि ऐसी कोई योजना दिल्ली में लागू नहीं है.

    कुछ दिन पहले ही पूर्व सीएम अरविंद केजरीवाल ने ये एलान किया था कि चुनाव के बाद उनकी सरकार बनने पर महिलाओं को मिलने वाली सहायता राशि 1000 रुपये से बढ़ाकर 2100 रुपये हो जाएगी. इसके अलावा दिल्ली के सभी अस्पतालों में 60 वर्ष से अधिक आयु के लोगों के मुफ़्त इलाज के लिए 'संजीवनी' योजना का भी एलान किया गया था. इनके लिए पंजीकरण शुरू कर दिया गया है.

    हालांकि, अब दिल्ली सरकार के महिला एवं बाल विकास विभाग ने नोटिस जारी कर कहा है कि ऐसी कोई योजना (महिला सम्मान) अधिसूचित नहीं की गई है.

    दिल्ली सरकार के महिला एवं बाल विकास विभाग ने एक सार्वजनिक नोटिस में कहा है कि उसे मीडिया रिपोर्ट्स और सोशल मीडिया पोस्ट के माध्यम से जानकारी मिली है कि एक राजनीतिक दल 'मुख्यमंत्री महिला सम्मान योजना' के तहत दिल्ली की महिलाओं को 2100 रुपये प्रति माह देने का दावा कर रहा है.

    नोटिस में कहा, "यह स्पष्ट किया जाता है कि दिल्ली सरकार द्वारा ऐसी कोई योजना अधिसूचित नहीं की गई है."

    ठीक ऐसा ही नोटिस दिल्ली सरकार के स्वास्थ्य विभाग ने आज के अख़बारों में छपवाया है. इसमें भी कहा गया है कि संजीवनी स्कीम जैसी कोई योजना फिलहाल अधिसूचित नहीं की गई है.

    इसके बाद आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने प्रतिक्रिया दी.

    केजरीवाल ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट में लिखा, "महिला सम्मान योजना और संजीवनी योजना से ये लोग बुरी तरह से बौखला गए हैं."

    "अगले कुछ दिनों में फ़र्ज़ी केस बनाकर आतिशी को गिरफ्तार करने का इन्होंने प्लान बनाया है. उसके पहले “आप” के सीनियर नेताओं पर रेड की जायेंगी आज 12 बजे इस पर प्रेस कॉन्फ़्रेंस करूँगा."

  3. बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफ़ी: भारत के ख़िलाफ़ चौथे टेस्ट मैच के लिए ऑस्ट्रेलिया ने किए दो बदलाव

    बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफ़ी के चौथे टेस्ट मैच में भारत के ख़िलाफ़ ऑस्ट्रेलियाई टीम ने बुधवार को दो बदलाव का एलान किया. क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया ने ये जानकारी दी है.

    ऑस्ट्रेलियाई टीम के कप्तान पैट कमिंस ने बताया कि मेलबर्न में 26 दिसंबर से होने वाले टेस्ट मैच में नाथन मैकस्वीनी की जगह सैम कोंस्टास को टीम में लिया गया है. ये उनका डेब्यू मैच होगा. वहीं, स्कॉट बोलैंड जोश हेज़लवुड की जगह लेंगे.

    ऑस्ट्रेलिया की प्लेइंग इलवेन

    उस्मान ख़्वाजा, सैम कोंस्टास, मार्नस लाबुशेन, स्टीव स्मिथ, ट्रेविस हेड, मिचेल मार्श, एलेक्स कैरी (विकेटकीपर), पैट कमिंस (कप्तान), मिचेल स्टार्क, नाथन लॉयन, स्कॉट बोलैंड.

    भारतीय क्रिकेट टीम ने सिरीज़ के पहले मुक़ाबले में जीत हासिल की थी. वहीं दूसरे मैच में ऑस्ट्रेलिया ने वापसी कर सिरीज़ एक-एक से बराबरी कर दी थी.

    ब्रिसबेन में हुआ तीसरा टेस्ट मैच ड्रॉ रहा था. इसलिए सिरीज़ जीतने के लिहाज़ से चौथा मैच दोनों टीमों के लिए काफ़ी अहम होने वाला है.

  4. अफ़ग़ानिस्तान का दावा- पाकिस्तान के हवाई हमले में कई लोगों की मौत

    अफ़ग़ानिस्तान के रक्षा मंत्रालय ने आरोप लगाया कि पाकिस्तानी सेना ने देश के पकतीका प्रांत के बरमल ज़िले में हवाई हमला किया है, जिसमें कुछ लोगों की मौत हुई है और कई लोग घायल भी हुए हैं.

    हालांकि पाकिस्तानी सेना ने हमले करने की पुष्टि नहीं की है.

    अफ़ग़ानिस्तान के रक्षा मंत्रालय ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर तीन पोस्ट किए है. इसमें दावा किया गया है कि मारे गए और घायल हुए लोगों में अधिकतर लोग वज़ीरिस्तान से आए शरणार्थी हैं.

    रक्षा मंत्रालय ने बयान में कहा, "हम इसकी निंदा करते हैं और हमला अंतरराष्ट्रीय नियमों का उल्लंघन है. पाकिस्तान को ये याद रखना चाहिए है कि ऐसे हमले समस्या का समाधान नहीं है."

    पाकिस्तान कई बार कह चुका है कि अफ़ग़ानिस्तान की धरती का इस्तेमाल 'तहरीक-ए-तालिबान' संगठन पाकिस्तान के ख़िलाफ़ कर रहा है.

  5. ट्रेविस हेड भारत के ख़िलाफ़ चौथे टेस्ट मैच में खेलेंगे या नहीं, ऑस्ट्रेलिया ने बताया

    ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाज़ ट्रेविस हेड भारत के ख़िलाफ़ बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफ़ी के चौथे टेस्ट मैच में खेलने के लिए फिट हैं.

    26 दिसंबर से शुरू हो रहे चौथे टेस्ट मैच के लिए ट्रेविस हेड ने फिटनेस टेस्ट पास कर लिया है. ऑस्ट्रेलिया के क्रिकेट बोर्ड क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया ने ये जानकारी दी है.

    ट्रेविस हेड ने बताया था कि ब्रिसबेन टेस्ट के दौरान उन्हें क्वाड स्ट्रेन (मांसपेशियों में एक तरह का खिंचाव) की समस्या हुई थी. इसके बाद से कयास लगाए जा रहे थे कि ट्रेविस हेड अगले मैच में नहीं खेलेंगे.

    भारतीय क्रिकेट टीम ने सिरीज़ के पहले मुक़ाबले में जीत हासिल की थी, लेकिन दूसरे मैच में ऑस्ट्रेलिया ने वापसी कर सिरीज़ एक-एक से बराबरी कर दी थी.

    ब्रिसबेन में हुआ तीसरा टेस्ट मैच ड्रॉ रहा था.

  6. हैती में प्रेस कॉन्फ़्रेंस के दौरान चली गोलियां, दो पत्रकारों समेत तीन की मौत

    कैरेबियाई देश हैती में एक बड़े सरकारी अस्पताल को फिर से खोलने की घोषणा करने के लिए आयोजित एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान हथियारबंद शख्स ने गोलियां चला दीं.

    हैती की राजधानी पोर्ट-ऑ-प्रिंस में हुई गोलीबारी में तीन लोगों की जान चली गई है और इसके अलावा कई अन्य लोग घायल भी हुए हैं.

    इस सार्वजनिक अस्पताल पर जुलाई से पहले हिंसक समूहों का कब्ज़ा था.

    जब गोलीबारी शुरू हुई तो पत्रकार स्वास्थ्य मंत्री का इंतजार कर रहे थे. रिपोर्ट के मुताबिक दो पत्रकारों और एक पुलिसकर्मी की मौत हुई है. हमला विव अंसनम समूह ने किया है.

    इस गोलीबारी के बाद के कई वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं.

  7. बांग्लादेश ने फिर दोहराया, शेख़ हसीना को भारत से लाना है प्राथमिकता

    बांग्लादेश की अंतरिम सरकार के प्रमुख मोहम्मद यूनुस के प्रेस सचिव शफीकुल आलम ने कहा कि भारत से शेख़ हसीना को वापस लाना सरकार की प्राथमिकता है.

    बीबीसी बांग्ला के मुताबिक शफीकुल आलम ने कहा, ''सरकार शेख़ हसीना को बांग्लादेश के कानून के तहत जल्द से जल्द वापस लाने पर काम कर रही है."

    बांग्लादेश ने भारत से शेख़ हसीना के प्रत्यर्पण की मांग की है.

    बांग्लादेश के विदेश मंत्रालय के सलाहकार मोहम्मद तोहीद हुसैन ने हाल ही में कहा कि उन्होंने भारत को सूचित किया है कि न्यायिक प्रक्रिया में शामिल होने के लिए शेख़ हसीना को वापस भेजा जाए.

    बांग्लादेश की पूर्व प्रधानमंत्री शेख़ हसीना पाँच अगस्त से भारत में हैं.

    भारत के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता ने इसकी पुष्टि करते हुए कहा था, ''हमें बांग्लादेश के उच्चायोग से एक प्रत्यर्पण का अनुरोध मिला है."

  8. मिसाइल प्रोग्राम से जुड़ी कंपनियों पर अमेरिकी प्रतिबंध के बाद पाक पीएम का बयान, परमाणु कार्यक्रम से कोई समझौता नहीं

    पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज़ शरीफ़ ने पाकिस्तान की चार कंपनियों पर हाल ही में लगाए गए अमेरिकी प्रतिबंधों पर कहा कि इसका कोई औचित्य नहीं है.

    शहबाज़ शरीफ़ ने कहा कि पाकिस्तान के परमाणु कार्यक्रम का उद्देश्य पाकिस्तान की रक्षा करना है और इससे हम कोई समझौता नहीं करेंगे.

    बीबीसी उर्दू के मुताबिक शहबाज़ शरीफ़ ने कहा, " नेशनल डेवलपमेंट कॉम्प्लेक्स (एनडीसी) और अन्य पाकिस्तानी संस्थानों पर प्रतिबंध लगाना अनुचित है."

    उन्होंने आगे कहा, "पाकिस्तान का परमाणु कार्यक्रम किसी राजनीतिक पार्टी का नहीं बल्कि 24 करोड़ लोगों का हैं. इससे कोई समझौता नहीं होगा."

    हाल ही में बाइडन प्रशासन ने पाकिस्तान के परमाणु हथियारों से लैस लंबी दूरी तक मार करने वाले बैलिस्टिक मिसाइल प्रोग्राम से कथित तौर पर जुड़े चार संस्थानों पर प्रतिबंध लगा दिया है.

    इनमें इस मिसाइल प्रोग्राम की निगरानी करने वाला सरकारी संस्थान नेशनल डेवलपमेंट कॉम्प्लेक्स (एनडीसी) भी शामिल है.

  9. दिल्ली विधानसभा चुनाव: कांग्रेस ने जारी की दूसरी सूची, मनीष सिसोदिया के ख़िलाफ़ फरहाद सूरी को टिकट

    दिल्ली विधानसभा चुनाव के लिए कांग्रेस ने दूसरी सूची जारी कर दी है. इसमें 26 उम्मीदवारों के नामों का ऐलान किया गया है.

    कांग्रेस ने जंगपुरा से फरहाद सूरी को टिकट दिया है. यहां से आम आदमी पार्टी ने पूर्व उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया को चुनावी मैदान में उतारा है.

    इसके अलावा पार्टी ने आसिम अहमद खान को मटिया महल और देवेंद्र सहरावत को बिजवासन से टिकट दिया है.

    कांग्रेस की केंद्रीय चुनाव समिति ने मंगलवार को ही उम्मीदवारों की दूसरी सूची को मंजूरी दी थी और इसके बाद ये सूची जारी की गई.

    पार्टी ने पहली सूची में 21 उम्मीदवारों को टिकट दिया था.

    अभी तक दिल्ली विधानसभा चुनाव की तारीखों की घोषणा नहीं हुई है, लेकिन इसके फ़रवरी में आयोजित होने की संभावना है.

  10. बीबीसी हिंदी के लाइव पेज में आपका स्वागत है. मैं बीबीसी संवाददाता अश्वनी पासवान अब से दोपहर दो बजे तक आप तक ख़बरें पहुंचाऊंगा.

    कल के लाइव पेज की ख़बरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें.

    इस समय बीबीसी हिंदी के पन्ने पर मौजूद कुछ बड़ी ख़बरें आप पढ़ सकते हैं.

    बांग्लादेश क्या भारत से टकराने के मूड में है? क्या कह रहे हैं विशेषज्ञ. इस ख़बर को विस्तार से पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें.

    मनु भाकर और खेल रत्न अवॉर्ड से जुड़ा विवाद क्या है जिस पर उनके पिता बोले- बच्चों को आईएएस बनाओ. पूरी रिपोर्ट पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें.

    कोलकाता डॉक्टर रेप-मर्डर केस: पीड़िता के पिता ने किया कोलकाता हाईकोर्ट का रुख़, क्या बोले? पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें.

    अफ़ग़ानिस्तान में तालिबान के भीतर दरार के संकेत, क्या हैं मतभेद के कारण? पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें.