दादासाहेब फाल्के पुरस्कार की घोषणा पर अभिनेता मोहनलाल ने क्या कहा

इमेज स्रोत, SUJIT JAISWAL/AFP via Getty
मशहूर अभिनेता मोहनलाल को प्रतिष्ठित दादासाहेब फाल्के पुरस्कार से सम्मानित किया जाएगा. अवॉर्ड की घोषणा के बाद मोहनलाल ने इस पर प्रतिक्रिया दी है.
मोहनलाल ने एक्स पर लिखा, "दादासाहेब फाल्के अवॉर्ड पाकर मैं बहुत विनम्र महसूस कर रहा हूं. यह सम्मान केवल मेरा नहीं है, यह हर उस व्यक्ति का है जिसने इस यात्रा में मेरा साथ दिया."
उन्होंने अपने परिवार, दोस्तों और शुभचिंतकों का आभार जताते हुए कहा, "मैं इस सम्मान को गहरी कृतज्ञता और पूरे दिल से स्वीकार करता हूं."
मोहनलाल ने एक अन्य पोस्ट में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को भी धन्यवाद दिया. शनिवार को पीएम मोदी ने उन्हें बधाई दी थी.
मोहनलाल को साल 2023 के लिए दादासाहेब फाल्के पुरस्कार मिलेगा. उन्हें यह अवॉर्ड 23 सितंबर 2025 को 71वें राष्ट्रीय फ़िल्म पुरस्कार समारोह में दिया जाएगा.
मोहनलाल को पद्म श्री (2001) और पद्म भूषण (2019) से भी सम्मानित किया जा चुका है.
मोहनलाल मलयालम फ़िल्म इंडस्ट्री के जाने-माने चेहरे हैं. उन्होंने हिन्दी, तमिल, कन्नड़ और तेलुगु फ़िल्मों में भी काम किया है.


